Blog

  • 24 घंटे में दूसरी बार चली ताबड़तोड़ गोलियां, एक की मौत

    24 घंटे में दूसरी बार चली ताबड़तोड़ गोलियां, एक की मौत

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद के पास अंधाधुंध फायरिंग का मामला सामने आया है। बीते 24 घंटे में गोलियां चलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 16 मई को थाना चांदनी महल के चितली कब्र इलाके में गोलियां चली थी। महज 24 के भीतर यह दूसरा गोली कांड सामने आ गया। देर रात में ताबड़तोड़ फायरिंग से जामा मस्जिद का इलाका दहल उठा। यहां गेट नंबर एक के सामने अंधाधुंध फायरिंग में 26 साल के समीर की मौत हो गई है। शाका गेस्ट हाउस के नीचे रब चला दे होटल में काम करने वाला समीर अपने रिश्ते के भाई और गेस्ट हाउस के मालिक राजू शाका के साथ मौजूद था। अचानक कुछ लड़के आए और राजू को मारने लगे। समीर बीच बचाव में आया तो तभी हथियारों से लैस बदमाशों ने गोलियां चला दीं।

    इस दौरान समीर के गोली सर में जा लगी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। एलएनजेपी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने समीर को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार समेत पूरे इलाके में गमगीन माहौल बन हुआ है। समीर के दो बच्चे हैं। घटना के बाद से बदमाश फरार बताए जा रहे हैं। जानकारी के लिए बता दें कि पुलिस को रात करीब 1:40 मिनट पर फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और घायल समीर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय समीर के रूप में हुई है। समीर की मौत सिर में गोली लगने से हुई है। शुरुआती जांच के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि कुछ लड़के यहां आए और उन्होंने फायरिंग कर दी। जिसके बाद समीर के सिर में गोली लग गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

  • पंजाबः अपनी सरकार पर AAP विधायक का बड़ा आरोप, कहा- शिकायत के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई

    पंजाबः अपनी सरकार पर AAP विधायक का बड़ा आरोप, कहा- शिकायत के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई

    अमृतसरः पंजाब में भले ही आप सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर अभी भी भ्रष्टाचार चरम पर है। इसी के चलते जिले के नॉर्थ विधानसभा से आप पार्टी के विधायक व पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भ्रष्टाचार को लेकर अपनी ही का घेराव किया है। अपनी सरकार पर आप विधायक ने भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। विधायक का कहना है कि स्थानीय निकाय विभाग में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। 

    शिकायत करने व सबूत देने के बावजूद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। यहां तक कि खुलेआम नगर निगम के कानूनों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने ये बातें अमृतसर में पत्रकारों से कहीं। शहर के अंदरूनी क्षेत्र में अदालत की ओर से निर्माण कार्यों पर रोक लगी हुई है लेकिन वहां बड़े-बड़े होटल गैर-कानूनी ढंग से बन गए हैं। शहर के पॉश इलाके ग्रीन एवेन्यू में एक स्कूल की बहुमंजिला इमारत बनकर तैयार हो गई है, जबकि वहां इतनी बढ़ी इमारत नियमों के अनुसार बनाई ही नहीं जा सकती।

    विभाग ने कैसे इस इमारत को बनाने के लिए एनओसी दे दी। इस पर कोई भी अधिकारी जवाब नहीं दे रहा है। अवैध निर्माण को लेकर लगातार स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर को शिकायतें दी गईं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आम आदमी पार्टी जो संघर्ष से निकली है और आम लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य देने के लिए वचनबद्ध है फिर भी अधिकारी खुलेआम मनमानी कर रहे हैं।

  • पंजाबः खाना बनाते वक्त फटा सिलेंडर, इलाके में दहशत का माहौल, देखें वीडियो 

    पंजाबः खाना बनाते वक्त फटा सिलेंडर, इलाके में दहशत का माहौल, देखें वीडियो 

    लुधियानाः कैलाश नगर की गगनदीप कॉलोनी से बड़ी खबर सामने आई है। जहां घर में  गैस लीकेज के बाद आग लगने से सिलेंडर फट गया। आग दूसरी मंजिल पर लगी थी, जहां एक व्यक्ति ट्यूशन पढ़ा रहा था। उस मंजिल का सारा फर्नीचर जल कर राख हो गया। आग बुझाने की कोशिश कर रहे बिहार निवासी रिगजुल अंसारी चपेट में आ गए। अंसारी का चेहरा और बाजू झुलस गए हैं। आग बढ़ती देख लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। गनीमत रही कि छोटा एलपीजी सिलेंडर था। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने बिल्डिंग में किराए पर रह रहे लोगों को सुरक्षित घर से बाहर निकाला।

    हादसे वाले घर में पहली और दूसरी मंजिल पर लकड़ी का पार्टीशन किया हुआ था। इस बीच फायर कर्मचारियों ने करीब 6 सिलेंडर बिल्डिंग से निकाले। बताया जा रहा है कि कुछ मजदूर कमरे में खाना बना रहे थे कि अचानक से आग छोटे एलपीजी सिलेंडर को लग गई। देखते ही देखते आग कमरे में पड़े कपड़ों और अन्य सामान तक पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घायल रिगजुल अंसारी को सिविल अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक यह घटना अचानक छोटे एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट के कारण हुई, जो कि अवैध है। अधिकारियों ने बताया कि घर में ऐसे तीन छोटे और तीन घरेलू सिलेंडर भी पड़े हुए थे। जिसे समय रहते बाहर निकाला गया। 

  • जालंधर वासियों के लिए अहम खबरः सरकारी दफ्तरों में आज से नहीं होगा काम, जानें मामला

    जालंधर वासियों के लिए अहम खबरः सरकारी दफ्तरों में आज से नहीं होगा काम, जानें मामला

    जालंधर,वरुण/हर्ष: सरकारी दफ्तरों में आज कलम छोड़ हड़ताल का ऐलान किया गया है। इस मामले को लेकर यूनियन के नेताओं ने कहा कि पूरे राज्य में डीसी दफ्तरों से लेकर अन्य दफ्तरों में तैनात मिनिस्ट्रियल स्टाफ हड़ताल पर रहेगा। इस हड़ताल में सीपीएफ कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे। मिनिस्ट्रियल स्टाफ यूनियन के नेताओं का कहना है कि उन्हें चुनाव के दौरान खुद मुख्यमंत्री ने मीटिंग के लिए समय दिया था। लेकिन अब वह मुकर गए हैं। उनकी मीटिंग को कैंसिल कर दिया गया। कर्मियों ने 23 मई तक हड़ताल का ऐलान किया है।

    कर्मचारियों ने सरकार से पुरानी पेंशन बहाली, पेंडिंग डीए देने, कच्चे कर्मचारियों को वादे के अनुसार पक्के करने, 90-4-14 सेवाकाल का अतिरिक्त लाभ देने, विभागों में खाली सुपरिटेंडेंट के खाली पदों को भरना, तहसीलों में 1995 की शर्तों के अनुसार पदों को सृजित करना, डीडीसी दफ्तरों में सेक्शन अफसरों की तैनाती करना, कर्मचारियों को प्रोमोशन देना, डीसी दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारियों को प्रशासकीय भत्ता देना वगैरह की मांग रखी है।

  • जालंधरः सरकारी अस्पताल में दवाई लेने जा रही महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत, देखें वीडियो

    जालंधरः सरकारी अस्पताल में दवाई लेने जा रही महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत, देखें वीडियो

    जालंधर, वरुण/हर्षः शहर में दिन चढ़ते ही डॉ. बीआर अंबेडकर चौक के पास दर्दनाक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौक़े पर मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक चालक डॉ. बीआर अंबेडकर चौक की तरफ़ से फ़ुटबाल चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रही औरत को ट्रक चालक ने अपनी चपेट में ले लिया। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    घटना की सूचना पाकर मौक़े पर पहुंचे थाना 4 के जांच अधिकारी सतविंदर सिंह ने बताया कि मृतक बिहार की रहने वाली है। वह अपनी दवाई लेने के लिए इएसआई अस्पताल की ओर जा रही थी। उसी दौरान सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आ गई, जिसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक उन्होंने हिरासत में ले लिया है। मृतक महिला के शव को क़ब्ज़े में लेकर सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया गया है। घटना के संबंधी परिवारिक सदस्यों को सूचित कर दिया है।

  • जालंधरः पॉश इलाके में जूस विक्रेता को एक्टिवा सवार लुटेरों ने बनाया निशाना, देखें वीडियो

    जालंधरः पॉश इलाके में जूस विक्रेता को एक्टिवा सवार लुटेरों ने बनाया निशाना, देखें वीडियो

    जालंधर, वरुण/हर्षः शहर में लूटपाट की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही। आए दिन लूटपाट के मामलों में बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। वहीं शहर के पॉश इलाके शहीद उधम सिंह नगर की बात करें तो इस इलाके में लगातार लूट की वारदातें बढ़ती जा रही है। वहीं देर शाम जहां पर सिक्का चौक पर मौजूद एक जूस की रेडी चलाने वाले पीड़ित प्रवासी की रेडी पर पहुंचे दो एक्टिवा सवार लोगों ने जूस मांगा। जिसके बाद अचानक ही झपट्टा मारकर उक्त जूस वाले का मोबाइल लूट एक्टिवा सवार मौके से फरार हो गए।

    पीड़ित ने बताया कि दोनों लुटेरे एक्टिवा पर सवार होकर शक्तिनगर से सिक्का चौक पहुंचे थे और मोबाइल लूटकर वह ज्योति चौक की तरफ फरार होते हो गए। पीड़ित ने घटना संबंधी जानकारी पुलिस को दे दी है। जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की तलाश कर काबू कर लिया जाएगा। 

  • पंजाबः गोल्डी बराड़ के नाम से ज्वैलर्स के बेटे को मिली धमकी, मांगी इतने लाख की फिरौती

    पंजाबः गोल्डी बराड़ के नाम से ज्वैलर्स के बेटे को मिली धमकी, मांगी इतने लाख की फिरौती

    लुधियानाः पंजाब में वीआईपी लोगों और नेताओं से गैंगस्टरों द्वारा धमकी मिलने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। कोटमंगल इलाके में ज्वैलर को गोल्डी बराड़ के नाम से देव भसीन को फोन कर फिरौती की मांग की है। कॉल करने वाले ने ज्वैलर्स के बेटे से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। इस दौरान आरोपी ने कॉल करके युवक से कहा कि वह उसे पैसे देने के लिए जालंधर बाइपास के पास आ जाए। जहां उसके लोग मौजूद हैं, जो पैसे ले लेंगे। उसने यहां तक कहा कि वह चाहे तो खाता नंबर पर पैसे भेज दे।

    यदि वह पैसे नहीं देगा तो उसे जान से मार देंगे। उसके साथी दुकान के आसपास ही घूम रहे हैं। इस घटना संबंधी ज्वैलर्स के बेटे ने थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस को शिकायत दर्ज करवा दी है। कोटमंगल इलाके के 17 वर्षीय देव भसीन को ये कॉल अज्ञात इंटरनेशनल नंबर से आई है। देव भसीन ने बताया कि जिस समय कॉल आई वह मार्केट में कोई सामान खरीदने गया था। उसने इस घटना के बारे तुरंत पिता रिंकू भसीन को जानकारी दी।

    पुलिस को दी शिकायत में देव ने बताया कि उसके पास एक यूएस नंबर से सात कॉल आई थी। उन्होंने चार कॉल अटेंड की, जिसमें आरोपी ने उनसे 5 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने कहा कि फोन करने वाले ने उन्हें बताया कि वह गोल्डी बराड़ है, जो पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मास्टरमाइंड है।इसके बाद जब उसके पिता ने फोन करने वाले से कहा कि वह कॉल रिकॉर्ड करके पुलिस को रिपोर्ट करेगा तो उसने फोन काट दिया और फिर दोबारा फोन नहीं किया। शिकायतकर्ता ने कहा कि वह लगातार डर के साए में जी रहा है। थाना डिवीजन नंबर 6 के अधिकारी सतवंत सिंह ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली है। फोन करने वाले की पहचान का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

  • पंजाबः प्रदर्शन कर रही महिला पर पुलिसकर्मी ने जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल 

    पंजाबः प्रदर्शन कर रही महिला पर पुलिसकर्मी ने जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल 

    गुरदासपुरः पंजाब के गुरदासपुर जिले के गांव भामड़ी में एक पुलिसकर्मी द्वारा महिला किसान को थप्पड़ मारने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बुधवार को दिल्ली-कटरा नेशनल हाईवे पर किसानों ने जमीन अधिग्रहण को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस द्वारा गुरदासपुर जिले के श्री हरगोबिंदपुर प्रखंड के भमरी गांव में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक पुलिसकर्मी ने महिला किसान को थप्पड़ मार दिया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद पंजाब पुलिस की निंदा की जा रही है और सवाल उठाए जा रहे है।

    पंजाब पुलिस की हो रही निंदा

    आपको बता दें कि दिल्ली-कटरा नेशनल हाईवे पर किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। जिसको लेकर किसानों ने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया। इस दौरान पंजाब पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया। पुलिस ने किसानों के साथ धक्का-मुक्की की, इस दौरान एक किसान की पगड़ी भी उतर गई। पुलिस द्वारा महिलाओं को गालियां भी दी गई। कई किसानों को हिरासत में भी लिया गया। वहीं महिला को थप्पड़ मारते हुए पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल होने के बाद किसानों द्वारा आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

    किसानों ने पटरियों पर भी दिया था धरना

    आपको बता दें कि बीते अप्रैल महीने में ही किसानों ने भारत माला प्रोजेक्ट के तहत निकलने वाले हाईवे के लिए अधिग्रहण की जाने वाले जमीन को लेकर भी गुरदासपुर में प्रदर्शन किया था। किसानों ने रेल रोको आंदोलन चलाया था। आंदोलन को जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद वापस लिया गया था। रेल रोको आंदोलन के दौरान किसानों ने रेलवे पटरी पर अपने ट्रैक्टर खड़े कर केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। रेल रोको विरोध प्रदर्शन के कारण छह ट्रेनें भी रद्द कर दी गईं थी। इससे पहले भी किसानों द्वारा किसान मजदूर संघर्ष समिति के बैनर तले गुरदासपुर में रेल रोको आंदोलन चलाया था। जिसे सरकार के आश्वासन के बाद खत्म कर दिया गया था।

    पुलिस कर्मी को किया गया लाइन हाजिर

    इसके अलावा पुलिस कर्मियों पर किसान नेताओं को घसीटने और दस्तार उतारने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। इस वजह से प्रदेश के कई इलाकों में माहौल तनावपूर्ण है। जिसके बाद अब लोग धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दे रहे हैं। वहीं पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के हाथ वायरल वीडियो लगा, जिस पर संज्ञान लेते हुए और हालातों को देखते हुए आरोपी को लाइन हाजिर कर दिया गया। उसके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही हैं।

  • मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, अब यह होंगे नए कानून मंत्री

    मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, अब यह होंगे नए कानून मंत्री

    नई दिल्ली : मोदी कैबिनेट में बड़ा बदलाव हुआ है। किरेन रिजिजू को कानून मंत्री पद से हटा दिया गया है। रिजिजू की जगह अब अर्जुन राम मेघवाल लॉ मिनिस्टर होंगे। पीएम नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंत्रिमंडल में बदलाव को मंजूरी दी है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी नोटिफिकेशन में बताया गया है कि मेघवाल को स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। रिजिजू को पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। रिजिजू को 2021 में कानून मंत्री बनाया गया था।

    रिजिजू मौजूदा और रिटायर्ड जजों पर टिप्पणियों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने कॉलेजियम को लेकर भी कहा था कि देश में कोई किसी को चेतावनी नहीं दे सकता है। देश में सभी लोग संविधान के हिसाब से काम करते हैं। उन्होंने रिटायर्ड जजों पर भी बयान दिया था। कहा था- कुछ रिटायर्ड जज एंटी इंडिया ग्रुप का हिस्सा बन गए हैं।

    रिजिजू अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट से सांसद बीजेपी सांसद हैं। किरन रिजिजू का जन्म 19 नवंबर, 1971 को अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले में हुआ था। उनके पास दिल्ली यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री है। उन्होंने 2004 में पहली बार लोकसभा चुनाव (अरुणाचल पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र) लड़ा और जीत हासिल की। लेकिन वह 2009 के लोकसभा चुनाव में हार गए।

    2014 के चुनाव में रिजिजू ने फिर से जीत हासिल की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में गृह राज्य मंत्री बनाए गए। इसके बाद वे मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल यानी 2019 में खेल मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए थे। जुलाई 2021 में जब कैबिनेट विस्तार के दौरान उन्हें कानून मंत्री बनाया गया था। उन्होंने रविशंकर प्रसाद की जगह यह जिम्मेदारी दी गई।

  • आज का राशिफल,18 मई 2023

    आज का राशिफल,18 मई 2023

    आज का राशिफल,18 मई 2023

    मेष: स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। वाहन, मशीनरी व अग्नि आदि के प्रयोग में विशेषकर स्त्रियां सावधानी रखें। कार्यों की गति धीमी रहेगी। बु‍द्धि का प्रयोग करें। प्रयास अधिक करना पड़ेंगे। निराशा हावी रहेगी। आय में निश्चितता रहेगी। व्यापार ठीक चलेगा। लाभ होगा।

    वृष: आशंका-कुशंका के चलते कार्य की गति धीमी रह सकती है। घर-परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्‍य की चिंता रहेगी। वैवाहिक प्रस्ताव प्राप्त हो सकता है। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। सभी ओर से सफलता प्राप्त होगी। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। लाभ होगा।

    मिथुन: जीवनसाथी से कहासुनी हो सकती है। संपत्ति के बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। बेरोजगारी दूर होगी। करियर बनाने के अवसर प्राप्त होंगे। नौकरी में प्रशंसा प्राप्त होगी। पारिवारिक सहयोग से कार्य में आसानी होगी। दूसरों के कार्य में दखल न दें। प्रमाद से बचें।

    कर्क: बौद्धिक कार्य सफल रहेंगे। लाभ के असवर हाथ आएंगे। यात्रा में सावधानी रखें। किसी पारिवारिक आनंदोत्सव में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद प्राप्त होगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शत्रु पस्त होंगे। विवाद न करें। बेचैनी रहेगी।

    सिंह: कोई बुरी खबर प्राप्त हो सकती है। पारिवारिक चिंताएं रहेंगी। मेहनत अधिक तथा लाभ कम होगा। दूसरों से अपेक्षा न करें। व्यवसाय ठीक चलेगा। मातहतों का सहयोग नहीं मिलेगा। कुसंगति से बचें, हानि होगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। आय में निश्चितता रहेगी। प्रमाद न करें।

    कन्या: मित्रों की सहायता कर पाएंगे। मेहनत का फल मिलेगा। मान-सम्मान मिलेगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। नौकरी में उच्चाधिकारी की प्रसन्नता रहेगी। नया उपक्रम प्रारंभ करने की योजना बनेगी। व्यापार मनोनुकूल लाभ देगा। समय अनुकूल है। प्रसन्नता रहेगी।

    तुला: दुर से अच्‍छी खबर प्राप्त हो सकती है। आत्मविश्वास बढ़ेगा। कोई बड़ा काम करने की योजना बनेगी। पराक्रम व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। घर में अतिथियों पर व्यय होगा। किसी मांगलिक कार्य का आयोजन हो सकता है। व्यवसाय ठीक चलेगा। शत्रु शांत रहेंगे। प्रसन्नता रहेगी।

    वृश्चिक: प्रेम-प्रसंग में जल्दबाजी न करें। शारीरिक कष्ट से कार्य में रुकावट होगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। यात्रा मनोरंजक रहेगी। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। लाभ में वृद्धि होगी। निवेश में जल्दबाजी न करें। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। जरूरी वस्तु गुम हो सकती है।

    धनु: अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। यात्रा में जल्दबाजी न करें। चिंता तथा तनाव बने रहेंगे। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। स्वास्थ्‍य पर बड़ा खर्च हो सकता है। विवाद को बढ़ावा न दें। आय में कमी रहेगी। व्यवसाय की गति धीमी रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। बेचैनी रहेगी।

    मकर: विवेक का प्रयोग लाभ में वृद्धि करेगा। कोई बड़ी बाधा से सामना हो सकता है। राजभय रहेगा। जल्दबाजी व विवाद करने से बचें। रुका हुआ धन मिल सकता है। व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल रहेगी। किसी अपने के व्यवहार से दु:ख होगा। नौकरी में उच्चाधिकारी का ध्यान खुद की तरफ खींच पाएंगे।

    कुंभ: समाजसेवा में रुझान रहेगा। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। नई आर्थिक नीति बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। पुरानी व्याधि से परेशानी हो सकती है। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। व्यापार वृद्धि होगी। ऐश्वर्य पर व्यय होगा। भाइयों का सहयोग मिलेगा। समय अनुकूल है। लाभ लें। प्रमाद न करें।

    मीन: राजकीय अवरोध दूर होंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। धर्म-कर्म में मन लगेगा। व्यापार मनोनुकूल चलेगा। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे। निवेश शुभ रहेगा। प्रभावशाली व्यक्तियों से परिचय होगा। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें।