Blog

  •  ऊना विकास खंड में 12,045 घरों को दिया गया फ्री पानी का कनेक्शन

     ऊना विकास खंड में 12,045 घरों को दिया गया फ्री पानी का कनेक्शन

    ऊना/सुशील पंडित: हर परिवार को क्रियाशील नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में शुरू किए गए जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत ऊना विकास खंड में अभूतपूर्व कार्य किया गया है। ऊना ब्लॉक में 12,045 घरों को फ्री पानी के कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जिस पर लगभग 2.90 करोड़ रुपए की धनराशि व्यय की गई है। 

    जेजेएम के तहत फ्री पानी का कनेक्शन प्राप्त करने वाली रामपुर निवासी ज्योति, कुठार खुर्द निवासी संधिला तथा संतोष कुमारी सरकार की इस योजना से बेहद खुश हैं। उनके घर में निशुल्क नल लगने के बाद उन्हें काफी सुविधा मिली है। सभी लाभार्थियों का कहना है कि पहले घर के लिए पानी का इंतजाम करना एक चुनौती थी और पानी के लिए काफी दूर तक जाना पड़ता था, लेकिन अब घर पर ही पानी मिलने से काम आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार है। 

    अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग ऊना विनोद धीमान ने बताया कि जल जीवन मिशन केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजना है, जिसे वर्ष 2019 में आरंभ किया गया था, जिसका उद्देश्य है कि वर्ष 2024 तक कोई भी घर बिना पानी के कनेक्शन के न रहे। उन्होंने कहा कि जेजेएम के तहत मौजूदा जल आपूर्ति प्रणालियों और पानी के कनेक्शन की कार्यक्षमता को सुनिश्चित किया जाता है। इसके साथ ही पानी की गुणवत्ता की निगरानी एवं परीक्षण के साथ-साथ सतत् कृषि को भी बढ़ावा देता है।

    वहीं छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अगुवाई में प्रदेश सरकार ने बेहतर काम किया है, जिसका लाभ ऊना जिला को भी मिला है। ऊना प्रत्येक परिवार को शत-प्रतिशत पानी के कनेक्शन प्रदान करने में अग्रणी जिला बन कर उभरा है। राज्य में पिछले अढ़ाई वर्षों के दौरान 8.44 लाख घरों को पानी के कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जबकि पिछले 70 वर्षों के दौरान केवल 7.63 लाख घरों में ही नल कनेक्शन प्रदान किए गए थे। यह आम जन को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की वर्तमान सरकार की प्रतिबद्धता को प्रमाण है।

  • जे.ई.ई. मेन्स की परीक्षा में वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

    जे.ई.ई. मेन्स की परीक्षा में वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

    ऊना/सुशील पंडित: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित (फेस 2)-2022 में ली गई जे.ई.ई. मेन्स की परीक्षा में वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना के विद्यार्थियों का पर्सेंटाइल स्कोर शानदार रहा। इस परीक्षा में कनिष्क दत्ता ने 98.1 पर्सेंटाइल हासिल कर स्कूल को गौरवान्वित किया वहीं अंशुमन सिंह कपूर ने 96 पर्सेंटाइल और विशाल पुरी ने 90.9 पर्सेंटाइल स्कोर किए। 

    यह  बच्चे आईआईटी की परीक्षा में प्रवेश के लिए उत्तीर्ण हुए हैं। ऐसा शानदार परिणाम सुनकर अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। बच्चों ने इसका श्रेय स्कूल स्टाफ, मैनेजमेंट तथा स्कूल के सौहार्दपूर्ण वातावरण को दिया। स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने कहा कि यह बच्चों की मेहनत और लगन का परिणाम है और कहा कि वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऐसे परिणाम देने के लिए हमेशा अग्रसर रहेगा। स्कूल के निदेशक अनुज वशिष्ट ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
  • लम्पी रोग की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर होगा टीकाकरण: वीरेन्द्र कंवर

    लम्पी रोग की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर होगा टीकाकरण: वीरेन्द्र कंवर

    ऊना/सुशील पंडित: ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मस्त्य एवं पशुपालन मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने पशुओं में फैल रहे लम्पी चरम रोग के रोकथाम के लिए बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान के निर्देश दिए हैं। डी.आर.डी.ए. सभागार में पालमपुर जोन के अधिकारियों के साथ आज हुई बैठक में वीरेन्द्र कंवर ने लम्पी वायरस की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग पशुपालकों को इस वायरस की रोकथाम के लिए जागरूक करें और इससे बचने के तौर-तरीके भी पशुपालकों के साथ सांझा करें। 

    वीरेन्द्र कंवर ने बैठक में निर्माणाधीन गौ अभ्यारण्यों के निर्माण कार्य पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की और उन्हें उनके निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सडक़ों को बेसहारा गौवंश से मुक्त करने के लिए पिछले साढ़े 4 वर्षों में व्यापक प्रयास किए गए हैं तथा अब तक 22 हजार से अधिक गौ वंश को आश्रय प्रदान किया गया है। 

    पशुपालन मंत्री ने पशुपालकों को सेक्स सोरटेड सीमन के टीके रियायती दरों पर उपलब्ध करवाने के निर्देश देते हुए कहा कि 1200 रुपए का यह टीका केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश सरकार को 250 रुपए के दाम पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार इस टीके पर 125 रुपए की अतिरिक्त सबसिडी प्रदान करने जा रही है ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। बैठक में उन्होंने कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर जिलों में पशुपालन विभाग के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा भी की। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के सचिव अजय शर्मा, निदेशक डा. प्रदीप शर्मा, उपनिदेशक ऊना डा. जयसिंह सेन तथा अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

  • किसानों ने लुधियाना-जालंधर हाईवे किया जाम, जाने मामला

    किसानों ने लुधियाना-जालंधर हाईवे किया जाम, जाने मामला

    जालंधर/वरुणः अगर आप लुधियाना-जालंधर हाईवे की ओर जा रहे हैं तो रूट बदल लें। दरअसल, जालंधर जिले के फगवाड़ा में चीनी मिल के सामने हाईवे पर किसानों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी है। इससे जालंधर आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया पड़ा हुआ है और किसान अब भुगतान की मांग पर अड़े हैं। किसान नेताओं का कहना है कि अगर सरकार ने मांगें नहीं मानी तो हाईवे की सेकेंड लेन ही नहीं बल्कि पूरे पंजाब की सड़कें जाम कर दी जाएंगी।

    किसानों का दूसरे दिन प्रदर्शन जारी

    गौरतलब है कि संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान चीनी मिलों द्वारा गन्ना बकाया का भुगतान नहीं करने का विरोध दूसरे दिन भी कर रहे हैं। किसानों की हड़ताल को देखते हुए एसएसपी कपूरथला, एसपी व फगवाड़ा प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्ट रूट प्लान जारी किया है, जिसके तहत जालंधर से दिल्ली जाने वाले ट्रैफिक को मेहटन बाइपास से भुल्लाराई रोड पर डायवर्ट किया जा रहा है।

    किसानों के धरने को लेकर पुलिस प्रशासन ने बनाया ये रूट प्लान

    हल्के वाहन को मेहली बाईपास से जीटी रोड स्थित हरगोबिंद नगर की ओर मोड़ दिया गया है। बंगा से भारी वाहनों को डायवर्ट किया गया है। भारी वाहन लुधियाना से जालंधर होते हुए फिल्लौर-जालंधर होते हुए नूरमहल जंडियाला होते हुए जालंधर पहुंच रहे हैं, हल्के वाहन फगवाड़ा के मौली गांव से हादिया माडी गांड और मेहटन एलपीयू होते हुए जालंधर पहुंच रहे हैं।

    हाईवे के सिर्फ लुधियाना-जालंधर लेन को ही बंद कर दिया गया है। किसानों ने कहा कि अगर सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो किसान हाईवे की सेकेंड लेन ब्लॉक करने के साथ-साथ पंजाब की सभी सड़कों और हाईवे को जाम करने को मजबूर होंगे।

  • आप पार्टी ने चिराग योजना को लेकर मटका चौक में किया प्रदर्शन

    आप पार्टी ने चिराग योजना को लेकर मटका चौक में किया प्रदर्शन

    चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी ने चिराग योजना को लेकर हरियाणा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दरअसल हरियाणा आम आदमी पार्टी यूथ इकाई आज हरियाणा विधानसभा का घेराव करने जा रही थी, लेकिन पुलिस ने आप कार्यकर्ताओं को बीच में ही रोक दिया। पुलिस ने इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। हालांकि इसके थोड़ी ही देर बाद जब कार्यकर्ताओं का एक और ग्रुप मटका चौक पर पहुंचा तो पुलिस और आप कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई। इस दौरान कई आप कार्यकर्ता चोटिल भी हुए हैं।

    पुलिस ने कई आप कार्यकत्ताओं को लिया हिरारसत में

    हरियाणा आम आदमी पार्टी यूथ इकाई की ओर से आज चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा के घेराव कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने मटका चौक पर ही उनको रोकने के लिए पूरे इंतजाम किए हुए थे। कार्यक्रम के मद्देनजर यहां भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। आज सुबह मटका चौक पर जैसे ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता धीरे-धीरे आने शुरू हुए तो पुलिस ने उन्हें ने हिरासत में लेना शुरु कर दिया।

    पुलिस और आप के कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की 

    इस बीच जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का एक और दल मटका चौक पर पहुंचा तो पुलिस और आप के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस धक्का-मुक्की के दौरान आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने इन सभी को फोर्सफुली हिरासत में ले लिया।

    चिराग योजना, भ्रष्टाचार महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आप का प्रदर्शन

    विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की संख्या 100 से भी कम थी लेकिन जिस तरीके से उन्होंने अपना विरोध प्रदर्शन किया उसको रोकने में पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बता दें कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही चिराग योजना, भ्रष्टाचार महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रही थी।

  • पंजाबः गैंगस्टर हैरी चट्ठा के 2 करीबी गिरफ्तार, आरोपियों से 2 पिस्टल और आधा किलो हेरोइन बरामद

    पंजाबः गैंगस्टर हैरी चट्ठा के 2 करीबी गिरफ्तार, आरोपियों से 2 पिस्टल और आधा किलो हेरोइन बरामद

    चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस सीएम मान के आदेश पर राज्य में क्राइम पर नकेल कसने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए हथियार और नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले 2 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, “तरनतारन पुलिस ने एक ऑपरेशन में गुरविंदर सिंह और संदीप सिंह को गिरफ्तार किया है जो कि गैंगस्टर सुख भिखारीवाल और हैरी चट्ठा के करीबी सहयोगी है, आरोपी विस्फोटक, ड्रग्स और हथियारों की सीमा पार तस्करी में लगे हुए थे।

    फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है।” पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गोला बारूद, दो पिस्टल और आधा किलो हेरोइन बरामद की गई है। यह दोनों आतंकी 15 अगस्त पर बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इनमें से गुरविंदर सिंह उर्फ बाबा एनआइए के एक अधिकारी की हत्या मामले में भी आरोपित है। साथ ही गुरविंदर सिंह शौर्य चक्र विजेता कामरेड बलविंदर सिंह की हत्या मामले में भगौड़ा बताया जा रहा है।

    बता देंकि गैंगस्टर हैरी चट्ठा पर पहले भी कई मामले दर्ज है। कुछ महीने पहले भी कुख्यात गैंगस्टर हैरी चट्ठा और जग्गू भगवानपुरिया का गुर्गा मलकीत सिंह उर्फ नवाब मेहता इलाके में पुलिस पर गोलियां चलाकर फरार हो गए थे। हालांकि इस वारदात के बाद पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया का गुर्गा मलकीत सिंह उर्फ नवाब को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन गैंगस्टर हैरी चट्ठा अभी भी फरार चल रहा है। 

    गौरतलब है कि इससे पहले डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट कर बताया था कि गुरविंदर सिंह उर्फ बाबा, राजा कॉमरेड बलविंदर सिंह संधू और एनआईए के एक पीओ की हत्या के मुख्य आरोपियों में से एक है। पुलिस ने इससे पहले भी 635 ग्राम हेरोइन, 2 लोडेड पिस्टल, 2 मैगजीन, 13 जिंदा कारतूस, 100 ग्राम अफीम, 1 लांसर कार और 3.95 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की थी।

  • पंजाबः गैंगस्टर Goldy Brar के नाम पर आप विधायक गोगी को मिली जान से मारने की धमकी, मांगी फिरौती

    पंजाबः गैंगस्टर Goldy Brar के नाम पर आप विधायक गोगी को मिली जान से मारने की धमकी, मांगी फिरौती

    लुधियानाः पंजाब में गैंगस्टरों के नाम पर वीआईपी लोगों को धमकी मिलने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। वहीं अब आम आदमी पार्टी से विधायक गुरप्रीत सिंह गोगी को फिरौती के लिए धमकी मिली है। विधायक गोगी से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है।

    विधायक की तरफ से इस संबंधी कमिश्नर आफ पुलिस डा. कौस्तुभ शर्मा को अवगत करवाया है। उन्हें फोन काल के लिए इस्तेमाल किया गया नंबर, मैसेज भी मुहैया करवाए गए हैं। विधायक गुरप्रीत सिंह गाेगी का कहना है कि यह काल पिछले 10 दिन से आ रही हैं और फोन करने वाला व्यक्ति पंजाबी में बात करता है। यही नहीं वह खुद को कनाडा में बैठे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का साथी बताता है। पुलिस ने विधायक द्वारा दी गई शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस का साइबर सेल इस पर काम कर रहा है। 

    गुरप्रीत सिंह गोगी कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष और पंजाब समाल इंडस्ट्रिस एवं एक्सपोर्ट कार्पोरेशन के पूर्व चेयरमैन हैं। 2022 के चुनाव से पहले वह कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। वह विधान सभा क्षेत्र वेस्ट से चुनाव लड़े और पूर्व कैबनिट मंत्री भारत भूषण आशू को हराकर विधायक बने हैं। वह आम आदमी पार्टी के विधायकों में से नगर निगम में सबसे ज्यादा सक्रिय भी हैं और लग्जरी गाडियों पर समारोह में शामिल होते हुए दिखाई भी देते हैं। 

  • कनाडा में गैंगवार, 2 पंजाबी गैंगस्टर Harbir Khosa और Jordan Krishna सहित 3 की मौत

    कनाडा में गैंगवार, 2 पंजाबी गैंगस्टर Harbir Khosa और Jordan Krishna सहित 3 की मौत

    कनाडाः साउथ सरे में एक बार फिर गैंगवार का मामले सामने आया है। जानकारी के मुताबिक एथलेटिक पार्क में तीन युवकों की मौत हो गई, जिनमें से दो हरबीर खोसा और जॉर्डन कृष्णा पंजाबी मूल के हैं और रॉबिन सोरोनी अफ्रीकी मूल का हैं। हालांकि यह घटना 30 जुलाई को दोपहर 2:45 बजे सरे में 20वें एवेन्यू के 14600-ब्लॉक में हुई थी लेकिन पुलिस ने आरोपियों की अब पहचान जारी की है।

    जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि गोलीबारी लोअर मेनलैंड में एक गिरोह को निशाना बनाकर की गई थी। इस मामले में इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस का कहना है कि यह घटना भी ब्रिटिश कोलंबिया में चल रहे गैंगवार का नतीजा है। पंजाबी मूल के झोसा और जॉर्डन का पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड है। पुलिस ने एक एसयूवी का विवरण भी जारी किया है जो मौके से फरार हो गई और आम जनता से हत्यारों की पहचान करने में मदद करने की अपील की है।

    पुलिस अधिकारियों ने गोलीबारी या संदिग्ध के बारे में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति को IHIT टिप लाइन को 1-877-551-IHIT (4448) पर कॉल करने के लिए या ihitinfo@rcmp-grc.gc.ca पर ईमेल करने के लिए कहा जाता है। पुलिस ने मिसिसॉगा निवासी 26 वर्षीय जपदीप रंधावा को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है।

  • पंजाब पुलिस का ‘फिल्मी स्टाइल’ एक्शन, नशा तस्करों को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंजाब पुलिस का ‘फिल्मी स्टाइल’ एक्शन, नशा तस्करों को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः पंजाब पुलिस ने जिलें में फिल्मी स्टाइल में 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पहले तस्करों की गाड़ी को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद भी तस्कर भागते रहे तो इंस्पेक्टर पिस्टल लेकर पीछे दौड़ पड़े। करीब 10 किलोमीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। कार में 2 नशा तस्कर सवार थे, जिनसे 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। यह पूरा सीन बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

    फिरोजपुर की मेन मार्केट के बंसी गेट इलाके में सिटी पुलिस थाने की टीम ने एक स्विफ्ट डिजाइर कार (PB04AD8020) को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देख कार सवारों ने स्पीड बढ़ा ली और बीच बाजार से ही भागने लगे। थाना सिटी के एसएचओ मोहित धवन ने भी सरकारी गाड़ी पीछे लगा ली। उन्होंने तस्करों की कार को पीछे से टक्कर मारी। इसके बावजूद तस्कर भागते रहे। वह अपने आगे आने वाली हर चीज को रौंदते रहे। जिसे देख पुलिस ने बाईं तरफ कार पर फायरिंग की। इसके बावजूद वह भागते रहे।

    पुलिस टीम ने तस्करों का पीछा नहीं छोड़ा। करीब 10 किमी पीछा करने के बाद पुलिस ने आरिफ के के नजदीक कार सवारों को काबू कर लिया। इसमें गली निहंगा बगदादी गेट का रहने वाला मान सिंह और बस्ती किंदेवाली का राजबीर सिंह सवार था। तलाशी लेने पर उनसे 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एसएचओ मोहित धवन ने बताया कि दोनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 353, 186, 279 और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।