Blog

  • पंजाबः दुकान पर सामान लेने गए युवक का तेजधार हथियारों से किया कत्ल

    पंजाबः दुकान पर सामान लेने गए युवक का तेजधार हथियारों से किया कत्ल

    अमृतसरः जिलें में क्राइम की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं ताजा मामला खालसा नगर से सामने आया है। जहां सुबह दुकान पर सामान खरीदने गए युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर कत्ल करने पर गया। जानकारी के अनुसार दिन-दिहाड़े 6 नौजवानों द्वारा शिव कुमार नाम के एक युवक को तेजधार हथियारों से कत्ल कर दिया। कत्ल की वारदात से इलाके के दहशत का माहौल बना हुआ है।

    मामले की जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि पिछले 6 सालों से उसका कुछ लोगों से लड़ाई-झगड़ा चल रहा था। उसी रंजिश के चलते युवकों ने उसके बेटे की हत्या कर दी। परिवार का कहना है कि दूसरे पक्ष के युवक ने उनकी लड़की को बहला-फुसलाकर उससे शादी कर ली और शादी के बाद भी उनकी लड़की उनके घर नहीं गई।

    इस मामले को लेकर आरोपी उसे और उसके बेटे को धमकियां देने लगा। परिवार वालों ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस घटना के बावजूद भी पुलिस अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और न ही इस जगह पर आई है। 

  • पंजाबः दिन-दिहाड़े मामूली विवाद के चलते पड़ोसी ने चलाई गोलियां, दहशत में आए इलाका निवासी

    पंजाबः दिन-दिहाड़े मामूली विवाद के चलते पड़ोसी ने चलाई गोलियां, दहशत में आए इलाका निवासी

    लुधियानाः पंजाब में गोलियां चलने का मामला आम हो गया है। आए दिन राज्य में गोली चलने के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज दो पक्षों में मामूली विवाद को लेकर एक पक्ष द्वारा गोलियां चलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार के सदस्य ने बताया कि उनके पिता सोमनाथ वीरवार देर रात को घर के बाहर खड़े थे। इतने में 5 से 6 घर दूर रहते पड़ोसी विजय गंभीर अपना पालतु कुत्ता लेकर गली में घुमाने आ गए। विजय अक्सर अपने कुत्ते को सोमनाथ के घर के आस-पास शौच करवा देते थे। इसका सोमनाथ ने विरोध किया।

    विरोध करते हुए सोमनाथ ने उन्हें कहा कि आप यहां से अपना कुत्ता ले जाएं। कुत्ते को उनके घर के बाहर या आसपास शौच न करवाएं। सुबह होते ही विजय का बेटा अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर के बाहर आया। आरोपी हंगामा करने लगे। जैसे ही परिवार के सदस्य बाहर हंगामा होता देखने गए तो आरोपी ने आज सुबह उन पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग में दो गोलियां चलीं। आरोपी जब तीसरी गोली चलाने लगा तो पिस्टल जाम हो गया। इस वजह से परिवार के लोगों का बचाव हो गया। वहीं आरोपी ने एक गोली तो हवा में चलाई। दूसरी गोली परिवार के सदस्य के कान को छू कर निकल गई।

    फायर करने वाले आरोपी की पहचान सिदार्थ गंभीर के रूप में हुई है। आरोपी ने एक फायर हवाई किया और दूसरे फायर परिवार के सदस्य पर किया, जो उसके कान को छूता हुआ निकल गया। आरोपी जब तीसरा फायर करने लगा को उसका पिस्टल जाम हो गया। मोहल्ले में फायरिंग होने से जहां लोगों में भगदड़ मच गई, वहीं लोग घरों में घुस गए। घटना स्थल पर थाना डिविजन नंबर 7 की पुलिस पहुंची। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि पता चल सके कि सही में वारदात हुई क्या। वहीं आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का भी पुलिस दावा कर रही है। पुलिस को मौके से दो गोलियों के खोल भी बरामद हुए हैं।

  • पंजाबः एक्साइज डिपार्टमेंट का बड़ी कार्रवाई, करोड़ों रुपए की ENA की बरामद

    पंजाबः एक्साइज डिपार्टमेंट का बड़ी कार्रवाई, करोड़ों रुपए की ENA की बरामद

    पटियालाः जिलें में अवैध शराब पर नकेल कसते हुए एक्साइज डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की है। एक्साइज डिपार्टमेंट ने 35000 लीटर ENA बरामद किया है। इसकी कीमत 3 से 4 करोड़ रुपए बताई जा रही है। गौरतलब है कि मंगलवार को ही वित मंत्री हरपाल चीमा ने एक्साइज विभाग के अधिकारियों की फटकार लगाई थी। जिसके बाद आज एक्साइज डिपार्टमेंट ने अवैध शराब पर नकेल कसते हुए करोड़ो रुपए की ENA बरामद की है।

    2021 में अमृतसर के इलाके में कई लोगों की हुई थी मौत 

    ENA की गैर कानूनी बिक्री से 2021 में अमृतसर के इलाके में कई लोगों की मौत हुई थी। कांग्रेस और अकाली दल की सरकार के समय ENA की गैर कानूनी बिक्री होती रही है। इस ENA की गैर कानूनी बिक्री के मामले में दो पूर्व विधायकों के नाम सामने आ चुके हैं।

  • बड़ा घपला: पंजाब पुलिस की तैनाती के बावजूद सील लगे गोदामों से DAP खाद के हजारों बैग गायब

    बड़ा घपला: पंजाब पुलिस की तैनाती के बावजूद सील लगे गोदामों से DAP खाद के हजारों बैग गायब

    जलालाबादः पंजाब में एक के बाद एक घोटाले सामने आ रहे हैं। अब जलालाबाद में सील लगे गोदामों से पुलिस की तैनाती के बावजूद डीएपी खाद के हजारों बैग गायब हो गए हैं। इसका खुलासा होते ही हड़कंप मच गया है। खेतीबाड़ी विभाग व पुलिस अधिकारियों ने गोदामों में दबिश दी तो वहां से सब कुछ गायब मिला। अब इसकी जांच शुरू हो गई है। पिछले साल नवंबर में डीएपी खाद की कालाबाजारी होने पर खेतीबाड़ी विभाग व पुलिस ने 12 गोदामों में दबिश देकर डीएपी खाद के बैग जब्त किए थे। इन बैगों व ट्रैक्टर-ट्रॉली को सात गोदामों में रखकर सील कर दिया था। उधर, नगर काउंसिल अध्यक्ष विकास दीप चौधरी का आरोप है कि आरोपी चुघ पेस्टिसाइड विक्रेता पर मामला दर्ज हुए नौ माह बीत चुके हैं लेकिन पुलिस ने उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया है।

    कांग्रेस अध्यक्ष को मिली गोदामों से डीएपी खाद के बैग व ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब की सूचना

    नगर काउंसिल के कांग्रेस अध्यक्ष विकास दीप चौधरी का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि सील गोदामों से डीएपी खाद के बैग व ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब हैं। इस संबंधी खेतीबाड़ी विभाग के अधिकारियों को शिकायत की गई। वीरवार को एसडीएम जलालाबाद रविंद्र सिंह अरोड़ा व ब्लॉक कृषि अधिकारी हरप्रीत पाल कौर ने सील गोदामों को खुलवाया तो देखा कि वहां से डीएपी खाद के बैग व ट्रैक्टर ट्रॉली गायब हैं।  चौधरी ने आरोप लगाया कि आरोपी को आप के विधायक का समर्थन है। जगह-जगह आरोपी के संग विधायक के पोस्टर लगे हैं। उधर, ब्लॉक खेतीबाड़ी अधिकारी हरप्रीत पाल कौर का कहना है कि पिछले साल डीएपी खाद की किल्लत चल रही थी। उन्हें 11 नवंबर 2021 को कुछ किसान नेताओं व विकास दीप चौधरी ने शिकायत दी थी कि चुघ पेस्टिसाइड विक्रेता डीएपी खाद की कालाबाजारी कर रहा है, इसके 12 गोदाम हैं और उनमें डीएपी खाद भरी पड़ी है। 

    अफसरों ने शुरू की जांच

    सभी गोदामों में दबिश दी गई थी, वहां से भारी संख्या में डीएपी खाद के बैग व अन्य सामग्री मिली थी। सारी सामग्री को सील कर गोदामों को सील कर दिया गया था। इसके बाद वहां पुलिस तैनात कर दी गई थी। वीरवार को उन्हें शिकायत मिली कि सील गोदामों से सामग्री गायब है। कौर ने बताया कि गोदाम नंबर-चार में सील तो लगी थी जब खोलकर देखा तो अंदर डीएपी खाद के बैग व ट्रैक्टर-ट्राली गायब थे। गोदाम नंबर-तीन, एक व सात से भी डीएपी खाद के हजारों बैग गायब थे। इस संबंध में अपने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करवा दिया है और पुलिस से मामले की जांच करने को कहा है।

  • पाकिस्तानी सिम, करंसी और पर्ची समेत आरोपी गिरफ्तार 

    पाकिस्तानी सिम, करंसी और पर्ची समेत आरोपी गिरफ्तार 

    जलालाबादः थाना सदर पुलिस ने एक पाकिस्तानी युवक को 520 रुपये पाकिस्तानी करंसी, दो पाकिस्तानी सिम कार्ड और एक पर्ची समेत काबू किया है। जांच अधिकारी हरदेव सिंह ने बताया कि उनको बलबीर सिंह कमांडर बीओपी संतोख सिंह वाला से पत्र मिला था। 52 बटालियन के सिपाही जीडी गौरंगा पंडित ने भारतीय क्षेत्र में बीएसएफ बाड़ के आगे बीपी नंबर 229/एम की अलाइनमेंट में आईबी पार करने के बाद पाकिस्तान वाली तरफ से एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि देखी। 

    सिपाही जीडी गौरंगा पंडित ने उसे रुकने की चुनौती दी लेकिन वह बीएसएफ बाड़ की ओर बढ़ता रहा। इसके बाद सिपाही ने 30 मीटर की दूरी से अलग-अलग अंतराल पर तीन राउंड फायर किए और पाकिस्तानी घुसपैठिए को पकड़ लिया। उसे बाजू में गोली लगी थी। उसकी पहचान मोहम्मद रफीक पुत्र मोहम्मद हानिफ वासी नंबर 95-डी तहसील नूरपुर जिला पाकिपटन पाकिस्तान के तौर पर हुई है। उससे 520 रुपये पाकिस्तानी करंसी, दो पाकिस्तानी सिम कार्ड और एक पर्ची बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी पर धारा 3/34 इंडियन पासपोर्ट एक्ट 1920, 14 फार्नर एक्ट 1946 के अधीन पर्चा दर्ज कर लिया है।

  • चंद घंटों में रेहड़ी मार्केट में 100 से ज्यादा दुकानों हुई जलकर राख, देखें तस्वीरें

    चंद घंटों में रेहड़ी मार्केट में 100 से ज्यादा दुकानों हुई जलकर राख, देखें तस्वीरें

    पंचकूलाः सेक्टर-9 की रेहड़ी मार्केट में बीती रात लगी भीषण आग ने कई परिवारों की रोजी रोटी छीन ली। चंद घंटों में रेहड़ी मार्केट में 100 से ज्यादा दुकानों राख के ढेर में बदल गई। शहर में रेहड़ी मार्केट्स में दुकानदार दो वक्त की रोटी के जुगाड़ के लिए रोजाना अपनी जान जोखिम में डालते है। रेहड़ी बाजारों में आगजनी की घटनाएं कई बार हो चुकी है, लेकिन हर बार यह दुकानदार प्रशासनिक मदद का आश्वासन लेकर घूमते रहते हैं, लेकिन मिलता कुछ नहीं है।


    पंचकूला के सेक्टर-7, सेक्टर-9, सेक्टर-11 और सेक्टर -17 में रेहड़ी मार्केट लगती हैं। यहां पर बिजली की अव्यवस्थित तार गुजर रही हैं। छोटे-छोटे रास्तों में लगी दुकानें हर समय हादसों को न्यौता देती हैं। यहां रास्ते संकरे और टीन के शेड एक दूसरे की दुकानों से लगते हैं। इन मार्केट्स में आग लगने की सूरत में दमकल विभाग की गाड़ियां मुश्किल से पहुंचती हैं। शहर में लाखों लोग आग के ढेर पर काम करने और रहने को मजबूर हैं। यदि छोटी सी भी घटना हो जाए, तो लाखों का नुकसान तो होगा ही, साथ ही जानें भी खतरे में पड़ सकती हैं। विकसित हो रहे पंचकूला शहर में बने शोरूमों को मालिकों ने छोटे-छोटे कैबिनों में बदल दिया है। कैबिन में रोजाना हजारों लोग काम करने एवं छात्र पढ़ाई करने के लिए आते हैं। इसके अलावा शहर में बहुमंजिला इमारतें भी खड़ी हो गई हैं। शहर तो विकसित हो रहा है, लेकिन फायर सेफ्टी सिस्टम आज तक विकसित नहीं हो पाया।

    रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-16 के महासचिव सुभाष पपनेजा ने बताया कि पिछले कई सालों से म्यूनिसिपल कारपोरेशन और फायर ऑफिस से हम मांग करते रहे हैं कि पंचकूला शहर में और खास तौर पर सभी शोरूमों में जहां ट्यूशन सेंटर चल रहे हैं या दुकानें बनी हुई हैं, वहां पूरे फायर फाइटिंग सिस्टम की चेकिंग कर नोटिस भेजकर लगवाए जाएं और बिजली के लोड को और प्रापर वायरिंग को चेक किया जाए।

  • पंजाबः कांग्रेस के पूर्व मंत्री मनप्रीत बादल की बढ़ी मुश्किलें, इस घोटाले के आरोप में विजिलेंस ने शुरू की कार्रवाई

    पंजाबः कांग्रेस के पूर्व मंत्री मनप्रीत बादल की बढ़ी मुश्किलें, इस घोटाले के आरोप में विजिलेंस ने शुरू की कार्रवाई

    चंडीगढ़ः विजिलेंस ब्यूरो ने वित्त मंत्री मनप्रीत बादल के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला ने विजिलेंस ब्यूरो में शिकायत की थी। सिंगला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि मनप्रीत सिंह बादल ने वर्ष 2017 से 2022 तक गेहूं और धान के परिवहन के लिए अपने ड्राइवर और गनमैन के नाम पर फर्जी कंपनियां बनाकर सरकारी खजाने को लूटा है।

    बता दें कि सरूप चंद सिंगला ने विजिलेंस को दी गई शिकायत में कहा था कि 2017 से 2022 के दौरान मनप्रीत बादल के ड्राइवर और गनमैन के नाम से फर्जी कंपनियां बनाई गईं। जिससे मनप्रीत बादल ने सरकारी खजाना लूटा है। इस शिकायत के बाद पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है और किसी को भी बख्शा नहीं जा रहा है, चाहे वह राजनेता हो या उच्च अधिकारी। गौरतलब है कि इससे पहले विजिलेंस की टीम ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के खिलाफ कार्रवाई करके उन्हें गिरफ्तार किया था।

    उधर, पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ विजिलेंस में शिकायत करने वाले पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला को धमकियां मिली हैं। सरूप चंद सिंगला ने कहा कि वह न्याय की लड़ाई के लिए मरते दम तक लड़ेंगे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

  • जालंधरः गुरुद्वारा साहिब की सीमा को लेकर सोढल मंदिर में हुआ विवाद, स्थिति तनावपूर्ण

    जालंधरः गुरुद्वारा साहिब की सीमा को लेकर सोढल मंदिर में हुआ विवाद, स्थिति तनावपूर्ण

    जालंधर/वरुणः श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में गुरुद्वारा साहिब की सीमा को लेकर शुक्रवार को विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गई कि मौके पर भारी पुलिस फोर्स बुलाई गई। इसके साथ ही हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि और संत समाज के सदस्य भी पहुंच गए। संत समाज और हिंदू संगठनों ने मंदिर के बाहर पक्का मोर्चा लगा दिया है। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

    बता दें कि, अनंत चौदस के दिन 9 सितंबर को श्री सिद्ध बाबा सोडल मेले का आयोजन होने जा रहा है। इसे लेकर चड्डा बिरादरी की तरफ से सफाई करवाई जा रही थी। इस बीच मंदिर में स्थित गुरद्वारा साहिब के संचालकों द्वारा लगाए गए पौधे हटाने से सेवादारों को रोक दिया गया। प्रबंधक कमेटी के सदस्यों से बातचीत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं निकला। इसी के चलते चड्डा बिरादरी और श्री बाबा सोडल मंदिर तलाब कारसेवा कमेटी के साथ हिंदू संगठन और संत समाज के लोग भी पहुंचे।

    शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष इशांत शर्मा, क्रांति दल के अध्यक्ष मनोज नन्हा, चड्ढा बिरादरी से प्रवक्ता श्याम लाल चड्डा, तथा हिंदू नेता मनीष बाहरी का आरोप है कि मामला प्रशासन के ध्यान में पहले से ही ला दिया गया था। लेकिन 4 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई है। जिसके चलते तथा संत समाज को साथ लेकर श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर के बाहर पक्का मोर्चा लगाया गया है।

  • जालंधरः पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में दो आरोपियों को किया काबू

    जालंधरः पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में दो आरोपियों को किया काबू

    जालंधर/वरुणः महानगर में पुलिस ने संघा चौक के निकट चलाए गए आप्रेशन दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों का काफी देर तक पीछा किया, फिर पुलिस ने बाइक सवार आरोपियों में टक्कर मारकर एक आरोपी को काबू कर लिया है। जबकि इस आप्रेशन दौरान दूसरा आरोपी भागने में पहले तो कामयाब रहा। लेकिन कुछ दूरी तक पुलिस ने आरोपी का पीछा कर उसे भी काबू कर लिया है। 

    पुलिस द्वारा चलाए गए इस आप्रेशन में उनकी गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल इस मामले में पुलिस अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। अभी तक आरोपियों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि अपराधी कौन थे। या उनसे क्या बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक संभवतः पकड़े गए अपराधियों से वैपन बरामद हुए हैं।

  • चौथे राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए 15 सितंबर तक करें आवेदन: डीसी

    चौथे राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए 15 सितंबर तक करें आवेदन: डीसी

    ऊना/सुशील पंडित: जल शक्ति मंत्रालय के तहत जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग ने राष्ट्रीय जल पुरस्कार शुरू किया है। पुरस्कार देने का मुख्य उद्देश्य लोगों और संगठनों द्वारा जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए कार्यों व प्रयासों को मान्यता देना है। इसके अलावा लोगों को बड़ी संख्या में ऐसे कार्य करने के लिए प्रेरित करना भी है। 

    यह जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि इस चौथे राष्ट्रीय जल पुरस्कार के तहत ग्यारह श्रेणियों को शामिल किया गया है जिनमें श्रेष्ठ राज्य, जिला, ग्राम पंचायत, शहरी स्थानीय निकाय, मीडिया, स्कूल, संस्थान, उद्योग, एनजीओ, जल उपयोगकर्ता संघ और उद्योग के लिए सीएसआर गतिविधियां सम्मिलित है। इसके लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर तक किया जा सकता है।

    पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र
    राघव शर्मा ने बताया कि श्रेष्ठ राज्य और जिला में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए ट्राफी व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत, शहरी स्थानीय निकाय, मीडिया, स्कूल, संस्थान, उद्योग, एनजीओ, जल उपयोगकर्ता संघ और उद्योग के लिए सीएसआर गतिविधियों में अच्छा कार्य करने के लिए प्रथम पुरस्कार 2 लाख रूपये, द्वितीय पुरस्कार 1.5 लाख व तृतीय पुरस्कार 1 लाख रूपये के साथ-साथ ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।

    पुरस्कारों के लिए आवेदन अग्रेषित करने की प्रक्रिया
    उन्होंने बताया कि संबंधित राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश सरकार के जल संसाधन, सिंचाई व कृषि विभाग के सचिव द्वारा जांच किए गए आवेदन के साथ एक विस्तृत नोट संग्लित कर अग्रेषित करेंगे। नोट में जल संसाधन संरक्षण और प्रबंधन क्षेत्र में किए गए कार्यों के साथ-साथ मूल्यांकन मानदंड के तहत उल्लेखित बिंदुओं का विवरण शामिल होना चाहिए। इसके अलावा जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत, शहरी स्थानीय निकायों के आवेदन जिला कलेक्टर/जिला मैजिस्ट्रेट द्वारा विधिवत पुनरीक्षण के उपरांत अग्रेषित करेंगे। मीडिया, एनजीओ व इंडस्ट्री के संगठन के प्रमुख पुनरीक्षण के बाद ही आवेदन अग्रेषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि किए गए उत्कृष्ट कार्यों की एक पीपीटी स्लाईड तैयार करनी होगी जिन्हें छह स्लाइड में कवर किया हो। उन्होंने बताया कि कार्यों की सॉफ्ट कॉपी ऑनलाइन आवेदन के साथ भी भेज सकते हैं। यदि कोई आवेदक अपने कार्यों का वीडियो भेजना चाहता है. तो उसका लिंक पीपीटी में शामिल कर सकते हैं। इसके अलावा न्यूज़ कवरेज़ और फोटोग्राफ भी आवदेन के साथ जमा करवा सकते हैं।