Home Punjab>Amritsar Punjab News: व्यापारी से 30 लाख की फिरौती मामले में कांग्रेस नेता गिरफ्तार, देखें वीडियो

Punjab News: व्यापारी से 30 लाख की फिरौती मामले में कांग्रेस नेता गिरफ्तार, देखें वीडियो

0
Punjab News: व्यापारी से 30 लाख की फिरौती मामले में कांग्रेस नेता गिरफ्तार, देखें वीडियो

अमृतसरः जंडियाला गुरु इलाके में व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पंजाब यूथ कांग्रेस के हलका बाबा बकाला का नेता है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी देहाती सोहिल मीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डीजीपी पंजाब के निर्देशों पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि कुछ बाहर बैठे गैंगस्टरों की ओर से स्थानीय व्यापारियों को काफी समय से एक्सटॉर्शन कॉलें आ रही थीं।

धमकी देने वाले लोग विभिन्न नंबरों से कॉल करते और अपना नाम बार-बार बदलकर बताते थे। पुलिस ने बताया कि 14 जनवरी को जंडियाला गुरु निवासी दीपक जुल्का को विदेशी मोबाइल नंबरों से लगातार कॉल और मैसेज आने शुरू हुए। कॉल करने वालों ने अपनी पहचान केशव शिवाला, सत्ता नौशहरा और करण बाठ के रूप में बताई और 30 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो पीड़ित और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा।

इस संबंध में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी ने बताया कि DSP और SHO की अगुवाई में टीमें बनाई गईं। तकनीकी जांच और मानव खुफिया के आधार पर एक आरोपी आजाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के संपर्क गैंगस्टरों से जुड़े हैं। आरोपी गैंगस्टरों को बोलता था कि, चुनाव में मेरी मदद की जाए ताकि मैं जीत सकूं। बताया जा रहा है कि आजाद सिंह के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज है।

आरोपी को पुलिस रिमांड पर लाया गया है, जिसके दौरान उसके गैंगस्टरों के साथ संबंध और अन्य साथियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियाँ सामने आई हैं। एसएसपी ने कहा कि इस केस से जुड़े अन्य लोगों की भी भूमिका की जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को गैंगस्टर या रंगदारी से संबंधित कोई धमकी कॉल मिले तो AGTF की हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन से तुरंत संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here