Blog

  • Jalandhar News: Police DAV School की Principal का फोन हैक, संदेश भेजकर मांगे 65 हजार

    Jalandhar News: Police DAV School की Principal का फोन हैक, संदेश भेजकर मांगे 65 हजार

    जालंधर, ENS: शहर के पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. रश्मि विज का हैकर द्वारा फोन हैक कर लिया गया। हैकर द्वारा प्रिंसीपल के संपर्क के लोगों को मैसेज भेजकर पैसें मांगे जा रहे है। मिली जानकारी के अनुसार संदेश में हैकर मदद का हवाला देते हुए 65 हजार रुपये भेजने की अपील कर रहे है। मैसेज का स्क्रीन शार्ट भी सामने आया है, जिसमें लिखा गया है कि रकम 2 घंटे के भीतर लौटा दी जाएगी।

    संदेश में आगे लिखा है कि भुगतान करने में दिक्कत आ रही है और यूपीआई ठीक से काम नहीं कर रहा, जिससे सामने वाला व्यक्ति तुरंत सहायता भेज दे। हैकर ने चालाकी से ऐसा संदेश तैयार किया, जिससे लोगों को यह विश्वास हो सके कि यह संदेश वास्तव में प्रिंसिपल द्वारा ही भेजा गया है। घटना सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल की ओर से अपने परिचितों और अभिभावकों को सतर्क किया गया है कि ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा न करें और कोई भी राशि न भेजें।

    बताया जा रहा है कि जैसे ही मोबाइल हैक होने की जानकारी मिली, तुरंत आवश्यक कदम उठाए गए और संबंधित विभाग को सूचित किया गया। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी प्रकार का संदिग्ध संदेश मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करना चाहिए। बिना पुष्टि किए किसी को भी पैसे भेजना जोखिम भरा हो सकता है। इसके अलावा मोबाइल और अन्य डिजिटल माध्यमों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है। यह मामला लोगों के लिए चेतावनी है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति वाले संदेश पर तुरंत भरोसा करने के बजाय पहले उसकी पुष्टि करें।

  • Punjab News: कांग्रेस के पूर्व मंत्री व 5 बार MLA रह चुके नेता का निधन, राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर

    Punjab News: कांग्रेस के पूर्व मंत्री व 5 बार MLA रह चुके नेता का निधन, राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर

    मोहालीः पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेता और कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार में वित्त मंत्री रहे लाल सिंह का आज (शनिवार) मोहाली के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर सुनकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

    लाल सिंह पंजाब की राजनीति में सादगी और ईमानदारी के प्रतीक माने जाते थे। लाल सिंह पहली बार 1977 में डकाला से कांग्रेस की टिकट पर पंजाब विधानसभा के सदस्य बने थे। तब से उन्होंने 2012 तक 5 बार डकाला का प्रतिनिधित्व किया, जब डकाला ने सीमा परिसीमन किया गया तो 1985 और 1997 के चुनावों में वह शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार प्रेम सिंह चंदूमाजरा और हरमेल सिंह से हार गए थे।

    2012 के चुनावों में लास सिंह ने सनौर से चुनाव लड़ा और जीतकर मंत्री बने। लाल सिंह पंजाब राजनीति के अनुभवी चेहरे थे। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह करीब एक दर्जन डिपार्टमेंट में मिनिस्टर रहे। वह कैप्टन सरकार में फाइनेंस मिनिस्टर भी थे। इसके साथ ही मंडी बोर्ड के चेयरमैन और पंजाब कांग्रेस के वर्किंग प्रेसिडेंट भी थे। उनका पैतृक गांव पटियाला के पास जोगीपुर है।

  • Jalandhar News: मेन रोड पर डिवाइडर से टकराया नमक की बोरियों से लदा ट्रक, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मेन रोड पर डिवाइडर से टकराया नमक की बोरियों से लदा ट्रक, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: लाडोवाली रोड पर नमक की बोरियों से लदा ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक के सामने अचानक जानवर आ गया और ट्रक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक सड़क के बिल्कुल बीचों-बीच फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को खाली करवाकर जेसीबी की मदद से हटवाने का काम शुरू किया गया।

    चश्मदीदों के अनुसार, ट्रक काफी तेजी गति से जा रहा था। इस दौरान अचानक आवारा जानवर सड़क के बीच आ गया। ड्राइवर ने जानवर को बचाने के लिए जैसे ही ब्रेक लगाने की कोशिश की और वाहन सीधे डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में ट्रक के अगले हिस्से (कैबिन) के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

    प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में लदे नमक के स्टॉक को खाली करवाया जा रहा है। मजदूरों द्वारा बोरियां दूसरे वाहन में शिफ्ट की जा रही हैं। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि ट्रक खाली करने के बाद ही जेसीबी मशीन की सहायता से उसे सड़क से किनारे किया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं। यदि ट्रक किसी अन्य वाहन से टकराता, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • Jalandhar News: Ghai Baker Kitchen में Pepsi में निकला कीड़ा! हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Ghai Baker Kitchen में Pepsi में निकला कीड़ा! हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: माडल हाऊस में Ghai Baker Kitchen में परिवार द्वारा हंगामा किया गया। दरअसल, परिवार Ghai Baker Kitchen में खाना खाने पहुंचा था। इस दौरान पेप्सी की बोतल में कीड़ा निकलने को लेकर हंगामा हो गया। मामले की जानकारी देते हुए कमल बिहार बस्ती पीरदाद के रहने वाले ग्राहक रॉकी ने बताया कि वह माता, पत्नी और 2 बच्चों के साथ डिनर करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पेप्सी की बोतल में कीड़े जैसी कोई चीज निकल गई। ग्राहक का कहना हैकि खाना खाने के बाद पेप्सी का ऑर्डर किया गया। इस दौरान बच्चा पेप्सी पी रहा था तो पत्नी ने पेप्सी में कुछ काली चीज चलती देखी। जिसके बाद परिवार ने Ghai Baker Kitchen के कर्मी से बात की तो उनका कहना है कि काई है।

    परिवार का कहना है कि उन्हें नहीं पता की वह कीड़ा था या क्या था। इस मामले को लेकर ग्राहक ने कहा कि Ghai Baker Kitchen के संचालक का कहना है कि उनका मामले को लेकर कोई कसूर नहीं है। उन्होंने बताया कि पेप्सी के डिस्ट्रीब्यूटर पवन टीनू से मामले को लेकर वह बात करेंगे। घटना को लेकर संचालक द्वारा कोई जिम्मेदारी नहीं ली जा रही। ग्राहक ने कहा कि हैरानी वाली बात यह है कि पेप्सी की मैन्युफैक्चरिंग डेट अभी पड़ी हुई है। रॉकी ने कहा कि अगर पेप्सी पीने से बच्चे को कोई जानी नुकसान हो जाता तो उसका कौन जिम्मेदार है।

    ग्राहक ने कहा कि उनका पेप्सी के डिस्ट्रीब्यूटर से कोई बात नहीं हुई है। पीड़ित परिवार द्वारा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी की जो अब तेजी से फैल रही है। परिवार ने अपील की है कि इस मामले में सेहत विभाग के जिला सेहत अधिकारियों को भी संज्ञान लेने की जरूरत है, ताकि दोबारा ऐसी घटनाएं घटित न हो सके। दूसरी ओर मामले को लेकर Ghai Baker Kitchen के संचालक विनीत घई का कहना है कि पेप्सी के कर्मियों का गलती है। उनका आरोप है कि 2 साल पहले भी पेप्सी बोतल में कोई चीज निकली थी। उस दौरान कंपनी तक शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। विनीत घई ने कहा कि वह आगे से पेप्सी को चैक करने के बाद ही लेंगे।

  • 47,000 मीट्रिक टन LPG लेकर भारत पहुंचा Jag Vasant, Crew Members के खिले चेहरे, देखें वीडियो

    47,000 मीट्रिक टन LPG लेकर भारत पहुंचा Jag Vasant, Crew Members के खिले चेहरे, देखें वीडियो

    जामनगरः ईरान और इजराइल के युद्ध को लेकर देश के कई जगह में एलपीजी की कमी के बीच एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल ‘जग वसंत’ नाम का वेसल (टैंकर) 47,000 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर वडीनार टर्मिनल (जामनगर, गुजरात) पहुंच गया है। जहां, बंदरगाह पर जहाज से जहाज (एसटीएस) द्वारा एलपीजी का हस्तांतरण किया जाएगा। बंदरगाह पर पहुंचते ही क्रू मेंबर्स में खुशी की लहर देखी गई। वहीं इस तरह जहाज के भारत पहुंचने को लेकर लोगों में भी भारी खुशी है और इसे राहत का प्रतीक माना जा रहा है।

    बता दें, ईरान-अमेरिका तनाव से होर्मुज रास्ता बाधित होने के बावजूद भारत के 4 महत्वपूर्ण तेल टैंकर सुरक्षित पहुंच चुके हैं। ईरान द्वारा विशेष अनुमति मिलने से ये जहाज पार हो सके। MT शिवालिक (LPG) 16 मार्च को मुंद्रा बंदरगाह पहुंचा, जबकि MT नंदा देवी (LPG) 17 मार्च को कांडला में उतरा। जग लाडकी (81,000 टन कच्चा तेल) 18 मार्च मुंद्रा आया। लाइबेरिया फ्लैग Shenlong सऊदी क्रूड लेकर 11 मार्च के आसपास मुंबई पहुंचा था। वहीं युद्ध का 29वां दिन है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह फिलहाल अगले दस दिनों तक ईरान के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला नहीं करेंगे। अब देखना ये होगा कि आगे के हालातों में लोगों को किस तरह राहत मिलेगी।

  • जुलूस के दौरान High Voltage तारों की चपेट में आए कई युवक, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    जुलूस के दौरान High Voltage तारों की चपेट में आए कई युवक, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    बोकारोः जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको पंचायत में रामनवमी जुलूस के दौरान बड़े हादसे का मामला सामने आया है। दरअसल, जुलूस में शामिल कई युवक अचानक 1.33 लाख वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गए, जिससे वे झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को जारंगडीह स्थित जनता अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में घायलों के परिजन और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही, जिससे वहां का माहौल कुछ देर के लिए गहमागहमी भरा हो गया। वहीं डॉक्टरों ने बताया कि घायलों की हालत अब स्थिर है।

    घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए। बेरमो एसडीएम मुकेश कुमार मछुआ, एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह और पेटरवार प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से इलाज की पूरी जानकारी ली। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि घायलों को बेहतर इलाज मिल सके।

    घायलों में अनिल रविदास, मिथुन ठाकुर, सुरेंद्र सिंह, शुभम कुमार रविदास, गुलाब रविदास और मदन नायक शामिल हैं। एसडीएम मुकेश कुमार मछुआ ने बताया कि सभी घायलों का समुचित इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने कहा कि फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन पूरे मामले की जांच की जाएगी।

  • Punjab News: SGPC के Budget को लेकर बलविंदर बैंस ने लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: SGPC के Budget को लेकर बलविंदर बैंस ने लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    अमृतसरः आज शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के बजट सत्र के दौरान काफी हंगामा हुआ, जब SGPC सदस्य सिंह बैंस ने बजट के कड़े विरोध में सत्र का बहिष्कार किया। बैंस ने आरोप लगाया कि यह बजट बिना किसी चर्चा के ही पास कर दिया गया।आमतौर पर बजट सत्र काफी लंबा चलता है, लेकिन इस बार बजट आधे घंटे में ही पेश कर दिया गया और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पास भी हो गया, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं।

    बजट को “कमियों से भरा” बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें बड़े पैमाने पर पैसों की हेराफेरी या नुकसान हो रहा है। बैंस ने दावा किया कि कई संस्थानों और कॉलेजों को 99 साल की लीज पर देने के बावजूद हर साल करोड़ों रुपए भेजे जा रहे हैं, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने सारागढ़ी से जुड़ी कैंटीन के मामले में भी गंभीर सवाल उठाए। बैंस ने कहा कि सुबह नोटिस जारी किया गया और कुछ ही घंटों के भीतर बोली लगा दी गई, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी इशारा किया कि जिस व्यक्ति ने बोली जीती है, वह SGPC के किसी सदस्य का करीबी हो सकता है।

    इसके अलावा, उन्होंने हरियाणा को भेजे जा रहे फंड और GN कॉलेज के कर्मचारियों का मुद्दा भी उठाया। बैंस ने कहा कि एक तरफ तो कर्मचारी लंबे समय से अपने वेतन और बकाया राशि के लिए धरने पर बैठे हैं, वहीं दूसरी तरफ SGPC बाहरी संस्थानों को फंड जारी कर रही है। बैंस ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले सत्र के दौरान उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया था। इस तरह का “अपमान” बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, और इसी वजह से उन्होंने इस बार सत्र से वॉकआउट कर दिया।

  • बिजली के खंभे से Bike की जोरदार टक्कर, Carpenter की मौत, देखें वीडियो

    बिजली के खंभे से Bike की जोरदार टक्कर, Carpenter की मौत, देखें वीडियो

    शेखपुराः सिरारी-चेवाड़ा सड़क मार्ग पर बिजली के खंभे से बाइक की टक्कर में 25 वर्षीय कारपेंटर की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अरविंद मिस्त्री निवासी सदर प्रखंड के गांव गुनहेसा के रूप में हुई है।

    जानकारी देते पुलिस अधिकारी ने बताया कि अरविंद मिस्त्री लखीसराय में कारपेंटर का काम करता था और मजदूरी करने के लिए अपने घर से लखीसराय जा रहा था। सिरारी मुसहरी के पास एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में उसने बाइक से नियंत्रण खो दिया, जिससे वह बिजली के खंभे से जा टकराई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सिरारी थाना अध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। पूर्व जिला परिषद सदस्य बुद्धन भाई ने बताया कि ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अरविंद मिस्त्री को मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन छोटे बच्चों का पिता था। इस घटना से परिवार में गहरा शोक है।

  • Punjab News: Online Order को लेकर Blinkit Boy का युवक से विवाद, चली गोलियां, देखें वीडियो

    Punjab News: Online Order को लेकर Blinkit Boy का युवक से विवाद, चली गोलियां, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के ताजपुर रोड स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में ऑनलाइन ऑर्डर को लेकर मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप धारण कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार कॉलोनी में रहने वाले युवक ने देर रात डिलीवरी ऐप ब्लिंकिट से सामान मंगवाया था। डिलीवरी ब्वॉय के पहुंचने पर ऑर्डर करने वाले युवक और डिलीवरी स्टाफ के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक डिलीवरी ब्वॉय से भिड़ने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसी दौरान घर की छत पर खड़ा एक पड़ोसी पूरा मामला देख रहा था। जब ऑडर लेने वाले की नज़र उस पर पड़ी तो उसने छत पर खड़े युवक को गालियां देनी शुरू कर दीं। इससे मौके पर मौजूद लोग और भड़क गए।

    बताया जा रहा है कि गाली-गलौज सुनकर छत पर मौजूद युवक का भाई नीचे आया और नौजवान से धक्का-मुक्की हुई। स्थानीय लोगों के दखल देने पर ऑडर लेने वाला शख्स वहां से चला गया और मामला शांत हो गया। हालांकि कुछ देर बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। आरोप है कि ऑडर लेने वाला युवक थोड़ी देर बाद दोबारा उसी कॉलोनी में लौटा और पीड़ित के घर के बाहर गोलियां चला दीं। स्थानीय निवासियों के अनुसार करीब 4–5 गोलियों की आवाज़ें सुनाई दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी की आवाज सुनते ही लोग घरों में घुस गए कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज करा दी। परिवार का कहना है कि देर रात हुई इस गोलीबारी से वे बेहद डरे हुए हैं और मामले की गंभीर जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिस तरह से मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने घर के बाहर गोलियां चलाईं इससे लगता है कि वह पहले से ही हमलावर मानसिकता का था। वहीं पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना की जांच हो सके।

    पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में गोली चलने की पुष्टि हुई है और आरोपी की पहचान करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। कॉलोनी में रहने वालों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि देर रात हुई इस गोलीबारी ने लोगों में खौफ बढ़ा दिया है। उनका कहना है कि कॉलोनी में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कमजोर रहती है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

  • Punjab News: Civil Hospital में 3 लोगों के मोबाइल चोरी, मचा हड़कंप, एक काबू, देखें वीडियो

    Punjab News: Civil Hospital में 3 लोगों के मोबाइल चोरी, मचा हड़कंप, एक काबू, देखें वीडियो

    लुधियाना: सिविल अस्पताल के जच्चा-बच्चा विभाग में चोरी की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार देर रात बेखौफ चोर मरीजों के रिश्तेदारों को फोन चोरी करके फरार हो गया। जिसके बाद घटना को लेकर अस्पताल में मौजूद मरीजों में हड़कंप मच गया। इस दौरान जब सभी मरीजों ने अपने फोन चैक किए तो पता चला कि 3 मरीजों के रिश्तेदारों के मोबाइल चोरी हो गए है। पीड़ितों ने पुलिस चौकी सिविल अस्पताल को घटना की सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक युवक मोबाइल चोरी करते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    मामले की जानकारी देते हुए नानक नगर, सलीम टाबरी निवासी मुनीश मौर्या ने बताया कि उनकी एक रिश्तेदार महिला सिविल अस्पताल के जच्चा-बच्चा विभाग में भर्ती है। वह वीरवार रात को अस्पताल में उसके पास रुका हुआ था। देर रात करीब 1 बजे वह सो गया। कुछ देर बाद जब उसकी नींद खुली तो उसकी पैंट की जेब से उसका ओप्पो A-77S मोबाइल चोरी हो चुका था। इसी तरह गुरमेल पार्क, टिब्बा रोड निवासी भजन सिंह ने बताया कि उनकी बेटी अस्पताल के जच्चा-बच्चा विभाग में भर्ती है। उनका बेटा निशान सिंह वीरवार रात को अस्पताल में रुका हुआ था। शुक्रवार सुबह जब वह उठा तो उसकी पैंट की जेब से वीवो V-40 मॉडल का मोबाइल गायब था।

    वहीं शिमला पुरी निवासी गणेश पासवान ने बताया कि उनकी भाभी अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती है और वह उसकी देखभाल के लिए अस्पताल में रुका हुआ था। रात के समय जब वह सो गया तो उसकी पैंट की जेब से उसका मोबाइल चोरी हो गया। गांव मेहरबान निवासी संजय ने बताया कि उसने अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाया हुआ था, जहां से उसका मोबाइल चार्जर चोरी हो गया।