Blog

  • ब्यास दरिया में दिखा मगरमच्छ, देखें वीडियो

    ब्यास दरिया में दिखा मगरमच्छ, देखें वीडियो

    हिमाचल : पौंग डैम से ब्यास नदी में पानी छोड़ने के लिए शाहनहर बैराज के नीचे 52 गेट बनाए गए हैं। इन गेटों के माध्यम से ब्यास नदी में पौंग डैम का पानी छोड़ा जाता है। अब पानी को कुछ हद तक ब्यास नदी में छोड़ना बंद कर दिया गया है। पानी कम होने से पौंग डैम से ब्यास नदी में बह कर आई बड़ी-बड़ी मछलियां दिखाई देने लगी हैं तो वहीं इन मछलियों को पकड़ना भी अब खतरे से खाली नहीं रहा है।

    पानी कम होते ही वीरवार को 52 गेट के नीचे ब्यास नदी में एक मगरमच्छ देखा गया। इसके बाद ब्यास नदी के किनारे खतरा बढ़ गया है। ज्ञात रहे कि 3-4 वर्ष पहले भी मिलवां के पास ब्यास नदी में एक मगरमच्छ देखा गया था, जिसे प्रशासन ने ड्रोन के सहारे काबू करने का प्रयत्न किया था लेकिन उसके बाद मगरमच्छ फिर से दिखाई नहीं दिया था। अब दोबारा मगरमच्छ दिखाई देने से लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में उचित कदम उठाने की मांग की है।

  • पंजाब: रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार 

    पंजाब: रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार 

    चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (वीबी) ने तरनतारन जिले के पुलिस स्टेशन सराय अमानत खां में तैनात सब इंस्पेक्टर (एसआई) दिलबाग सिंह को गांव कसेल निवासी निर्मल सिंह से 7000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। वीबी के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यहां यह खुलासा करते हुए कहा कि निर्मल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके भाई दलजीत सिंह और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 (सी) के तहत एफआईआर संख्या 46/2023 दर्ज की गई थी। मामले की जांच एसआई कर रहे थे।

    शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एसआई दिलबाग सिंह ने सरकारी वकील से चालान की जांच कराने और उसे अदालत में पेश करने के लिए 7000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद, वीबी की एक टीम ने जाल बिछाया और आरोपी एसआई को आधिकारिक गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से 7000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में, एसआई दिलबाग सिंह के खिलाफ पुलिस स्टेशन वीबी, अमृतसर रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर संख्या 29 दिनांक 24-08-2023 दर्ज की गई है।

  • पंजाब: देह व्यापार मामले में 4 पुरुषों सहित 6 महिलाए गिरफ्तार

    पंजाब: देह व्यापार मामले में 4 पुरुषों सहित 6 महिलाए गिरफ्तार

    लुधियाना : पुलिस कमिश्नर लुधियाना मनदीप सिंह सिद्धू ने “सब पकड़े जाएंगे” अभियान के तहत आज डिवीजन नंबर 8 पुलिस ने एसीपी सिविल लाइन्स मैडम जगरूप कॉर्प्स आईपीएस के नेतृत्व में कॉलेज रोड पर रेमंड शोरूम के पास बनी कोठी में दबिश दी। छापामारी के दौरान पुलिस को 5 महिलाएं और 2 व्यक्ति आपत्तिजनक हालत में मिले। मिली जानकारी के अनुसार, रेड के दौरान पुलिस ने 2 दलालों को गिरफ्तार किया, जो कोठी में लड़कियों से देह व्यापार करवाते थे। बताया जा रहा है कि इस मकान में काफी समय से नशे का कारोबार चल रहा था, जिसका आज पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है।

    इस थाने की संचालिका अनिता वोल्टर और उनका बेटा अमन वोल्टर हैं, जिन पर डिवीजन 7 के अलावा अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी मां-बेटा हैं। ग्राहकों को ऑनलाइन लड़कियों की फोटो भेज कर उन्हें बुक किया जाता था। करीब 600 रुपए से 4 हजार तक लड़कियों की बोली लगाई जाती है।

    एसीपी जगरूप कौर बाठ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी। सिविल लाइन स्थित कोठी में गलत काम हो रहा है। आरोपियों ने यह कोठी किराए पर ली हुई थी। पुलिस ने पुख्ता जानकारी के बाद मौके पर रेड करके दलालों को गिरफ्तार किया है, जिनका नाम अनीता वोलटर निवासी इंद्रापुरी और उसका बेटा अमन वोलटर है। आरोपियों से पुलिस को 500 रुपए कैश और 92 कंडोम मिले हैं।

  • पंजाब : IG के नाम पर लाखों रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार 

    पंजाब : IG के नाम पर लाखों रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार 

    फिरोजपुर : आईजी के नाम पर 50 लाख रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में बड़ी खबर सामने आई है। साढ़े तीन साल पुराने बाबा दयाल दास हत्याकांड में शिकायतकर्ता को डरा धमका कर तत्कालीन आईजी फरीदकोट प्रदीप कुमार यादव के नाम पर 50 लाख रुपये रिश्वत मांगने व 20 लाख की वसूली करने के मामले में नामजद आरोपियों में सब इंस्पेक्टर खेमचंद पराशर ने वीरवार को फिरोजपुर स्थित थाना विजीलेंस ब्यूरो में आत्मसमर्पण कर दिया। इसी केस में एक अन्य आरोपी महंत मलकीत सिंह ने एक दिन पहले बुधवार को फरीदकोट अदालत में आत्मसमर्पण किया था जिसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश सुनाया गया था।

    विजीलेंस ब्यूरो इस मामले में तत्कालीन डीएसपी फरीदकोट सुशील कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और अब दो आरोपियों के आत्मसमर्पण के बाद केस में नामजद 5 आरोपियों में से 2 आरोपियों तत्कालीन एसपी फरीदकोट गगनेश कुमार व जसविंदर सिंह जस्सी ठेकेदार की तलाश जारी है। जानना जरूरी है कि बाबा दयाल दास हत्याकांड में घटना के समय ही मोगा के गांव कपूरे के रहने वाले संत जरनैल दास को बतौर मुख्य आरोपी नामजद किया गया था जिसे पुलिस ने जांच के आधार क्लीन चिट दे दी थी। शिकायतकर्ता बाबा गगन दास के पैरवी करने पर आईजी फरीदकोट रहे प्रदीप कुमार यादव ने एसपी गगनेश कुमार की अध्यक्षता में एसआईटी बनाई, जिसमें डीएसपी सुशील कुमार व एसआई खेमचंद पराशर को भी शामिल किया गया।

    तीनों अधिकारियों ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी जनरैल दास को दोबारा केस में नामजद करवाने के लिए शिकायतकर्ता गगन दास से आईजी के नाम 50 लाख की रिश्वत मांगनी शुरू कर दी और डरा धमकाकर 20 लाख की वसूली भी कर गए। रिश्वत के लेनदेन में गौशाला सिखांवाला के प्रमुख महंत मलकीत दास व फरीदकोट के जसविंदर सिंह जस्सी ठेकेदार ने भी भूमिका निभाई। रिश्वत लेकर जब जनरैल दास पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो गगन दास ने डीजीपी पंजाब से शिकायत कर दी जिन्होंने डीआईजी फिरोजपुर की निगरानी में एसआईटी से जांच करवाई और आरोपों की पुष्टि होने पर तीनों पुलिस अधिकारियों व उनके दोनों सहयोगियों के खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में केस दर्ज हुआ जिसकी जांच अब विजीलेंस ब्यूरो कर रहा है। इस मामले में एसपी गणेश अभी भी गिरफ्त से बाहर है।

  • सुबह-सुबह भूकंप के झटकों से कांपी धरती, सहम उठे लोग

    सुबह-सुबह भूकंप के झटकों से कांपी धरती, सहम उठे लोग

    नई दिल्ली: भारत के दक्षिणी राज्य में आज सुबह-सुबह धरती कांपी है। तेलंगाना के वारंगल में शुक्रवार सुबह 4.43 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया, जिससे लोग सहम उठे। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गई है। इसकी जानकारी नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने दी है। फिलहाल, इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

    समाचार एजेंसी एएआई ने शुक्रवार तड़के तेलंगाना के वारंगल इलाके में भूकंप की सूचना दी है। हालांकि, अब तक इसके केंद्र की जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया गया कि भूकंप के झटके से लोगों की नींद खुल गई और लोग सहमे हुए घरों से बाहर भागने लगे। बता दें कि इससे पहले बीते सप्ताह जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

  • आज से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू

    आज से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू

    चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा के शुक्रवार से शुरू होने जा रहे मानसून सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं क्योंकि विपक्षी दल हाल में हुई सांप्रदायिक हिंसा और बाढ़ से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने समेत विभिन्न मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी  के नेतृत्व वाली सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे। सत्र 29 अगस्त तक चलेगा।

     भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार शाम यहां कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सदन में नूंह हिंसा, बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए मुआवजा, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दे उठाएगी। बैठक में पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी दीपक बाबरिया भी शामिल हुए।

  • फिर गहराया पेट्रोल-डीजल का संकट

    फिर गहराया पेट्रोल-डीजल का संकट

    कुल्लू: जिला कुल्लू में पेट्रोल व डीजल की किल्लत से एक बार फिर वाहन चालकों सहित किसान व बागवानों को चितिंत कर दिया है। 2 दिन पहले हुई भारी बारिश के कारण हिमाचल के कई हिस्सों में लगातार तबाही का मंजर देखने को मिला है। भारी बारिश के कारण पंडोह के पास नेशनल हाईवे का एक बहुत बड़ा हिस्सा नदी में जा गिरा और बारिश के कारण कुल्लू से मंडी जाने वाला रास्ता जगह जगह भूस्खलन होने के कारण बंद हो चुका है। एक सप्ताह में दो बार बादल फटने के कारण जिला मंडी के पंड़ोह व कटौला में सड़क अवरूद्ध होने के चलते कुल्लू व लाहुल स्पीति का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। हालांकि गत रविवार को पंडोह में बादल फटने के कारण पंडोह कैंची मोड़ के पास सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन जिला प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही के लिए वाया कटौला में वैकल्पिक मार्ग का निर्माण किया गया था।

    लेकिन 2 दिन पहले फिर से मंडी में बादल फटने से कारण कटौला के पास सड़क का लगभग 100 फीट से ज्यादा सड़क नदी में धंस गई है। इस कारण वाया कटौला मार्ग भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। सड़क अवरूद्ध होने के कारण पेट्रोल और डीजल के टैंकर कुल्लू नहीं आ पा रहे है। इसकी वजह से कुल्लू के अधिकतर पेट्रोल पंपों, भुंतर, मौहल, पनारसा, नगवाई, शास्त्रीनगर, अखाडा, भुंतर, रामशिला, पतलीकूहल, नग्गर, कटराई, दुआडा सहित अन्य 33 पेट्रोल पंप बंद पड़ गए है। इस कारण कुल्लू-मनाली में वाहनों के पहिए थम गए है। ऐसे में वाहन चालकों सहित किसान-बागवानों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का अपने खेतों को पावर टिलर के माध्यम से जोतने का काम भी ठप्प पड़ गया है।

  • आज का राशिफल 25, अगस्त 2023

    आज का राशिफल 25, अगस्त 2023

    मेष:आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। घर में मेहमानों का आगमन होगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। व्यापार में लाभ होगा। निवेश शुभ रहेगा। संतान पक्ष से आरोग्य व अध्ययन संबंधी चिंता रहेगी। दुष्टजनों से दूरी बनाए रखें। हानि संभव है। भाइयों का साथ मिलेगा।
    वृष:परिवार व मित्रों के साथ समय प्रसन्नतापूर्वक व्यतीत होगा। शारीरिक कष्ट संभव है, सावधान रहें। निवेश शुभ रहेगा। तीर्थयात्रा की योजना बन सकती है। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। मनपसंद भोजन का आनंद मिलेगा। व्यापार में वृद्धि के योग हैं।
    मिथुन:भागदौड़ रहेगी। बोलचाल में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। पुराना रोग उभर सकता है। व्यापार में अधिक ध्यान देना पड़ेगा। जोखिम न उठाएं। व्ययवृद्धि से तनाव रहेगा। बजट बिगड़ेगा। दूर से शोक समाचार मिल सकता है, धैर्य रखें। किसी महत्वपूर्ण निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें।
    कर्क:जीवनसाथी पर अधिक मेहरबान होंगे। कोर्ट व कचहरी के कार्यों में अनुकूलता रहेगी। लाभ में वृद्धि होगी। पारिवारिक प्रसन्नता तथा संतुष्टि रहेगी। निवेश शुभ रहेगा। व्यय होगा। मित्रों से मेलजोल बढ़ेगा। नए संपर्क बन सकते हैं। धनार्जन होगा। कष्ट, भय, चिंता व तनाव का वातावरण बन सकता है।
    सिंह:आय में वृद्धि होगी। मित्रों के साथ बाहर जाने की योजना बनेगी। रोजगार प्राप्ति के योग हैं। परिवार व स्नेहीजनों के साथ विवाद हो सकता है। शत्रुता में वृद्धि होगी। अज्ञात भय रहेगा। थकान महसूस होगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। तरक्की के अवसर प्राप्त होंगे। भूमि व भवन संबंधी बाधा दूर होगी।
    कन्या:नई योजना बनेगी। लोगों की सहायता करने का अवसर प्राप्त होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। काफी समय से अटके काम पूरे होने के योग हैं। भरपूर प्रयास करें। आय में मनोनुकूल वृद्धि होगी। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। निवेश शुभ रहेगा। यात्रा सफल रहेगी। शारीरिक कष्ट हो सकता है। बेचैनी रहेगी।
    तुला: प्रेम-प्रसंग में जल्दबाजी न करें। प्रतिद्वंद्विता में वृद्धि होगी। व्ययसाय लाभप्रद रहेगा। कार्य पर ध्यान दें। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेने की स्थिति बन सकती है। पुराना रोग बाधा का कारण बन सकता है। अपेक्षित कार्यों में विलंब हो सकता है। चिंता तथा तनाव रहेंगे।
    वृश्चिक: या‍त्रा लाभदायक रहेगी। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। वस्तुएं संभालकर रखें। कोई राजकीय बाधा हो सकती है। जल्दबाजी में कोई भी गलत कार्य न करें। विवाद से बचें। काफी समय से अटका हुआ पैसा मिलने का योग है, प्रयास करें।
    धनु: नवीन वस्त्राभूषण पर व्यय होगा। अचानक लाभ के योग हैं। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। व्यापार में वृद्धि से संतुष्टि रहेगी। नौकरी में जवाबदारी बढ़ सकती है। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। उत्साह से काम कर पाएंगे। किसी की बातों में न आएं। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे।
    मकर:निवेश करने का समय नहीं है। नौकरी में मातहतों से अनबन हो सकती है, धैर्य रखें। परिवार की आवश्यकताओं के लिए भागदौड़ तथा व्यय की अधिकता रहेगी। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में विशेष सावधानी की आवश्यकता है। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें। कार्य की गति धीमी रहेगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे।
    कुंभ:सुख के साधनों पर व्यय सोच-समझकर करें। निवेश करने से बचें। व्यापार ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। शारीरिक कष्ट संभव है। व्यवसाय धीमा चलेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी की नाराजी झेलनी पड़ सकती है। परिवार में मनमुटाव हो सकता है।
    मीन:थोड़े प्रयास से ही काम सफल रहेंगे। मित्रों की सहायता करने का अवसर प्राप्त होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे। किसी अपरिचित की बातों में न आएं। धनहानि हो सकती है।
  • पंजाब: टोल प्लाजा पर लोगों ने किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

    पंजाब: टोल प्लाजा पर लोगों ने किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

    कीरतपुर साहिबः कीरतपुर- मनाली फोरलेन के प्रथम टोल प्लाजा गरामौडा में पंजाब हिमाचल के लोगों द्वारा प्रदर्शन किया गया। लोगों का कहना था कि उनके घर तथा कारोबार टोल बैरियर के आर पार हैं तथा उनका कई बार यहां से आना जाना है। इसलिए टोल बैरियर के साथ लगते लोगों को यह टोल फ्री होना चाहिए। इन लोगों का कहना है कि फोरलेन जमीन अधिग्रहण राशि में भी उन लोगों के साथ हेर फेर किया गया है। कुछ लोगों को 30 हजार रु मरला रेट तो कुछ को 1 लाख 18 हजार रु मरला रेट दिए गए हैं जबकि सभी लोगों को एकसमान पैसे मिलने चाहिए थे। यदि इसके लिए उन्हें कुर्बानीयां भी देनी पड़ी तो वह इसके लिए भी तैयार हैं।

    इस प्रदर्शन में पंजाब के लोगों ने इंकलाब जिंदाबाद तथा एन. एच. मुर्दाबाद के नारे भी लगाए तथा मांग की यदि उनकी गाडियां लोड होती है तो उनकी पर्ची काटी जाए अन्यथा खाली गाड़ी की कोई पर्ची वह नहीं देंगे। इस मौके पर प्रशासन ने लोगों को कहा कि वह उनकी मांगों को लेकर एन. एच. आई. से बात करेंगे।

  • चांद के बाद अब सूर्य की बारी

    चांद के बाद अब सूर्य की बारी

    सूर्य मिशन आदित्य-L1 इस दिन होगा लॉन्च

    नई दिल्ली: Chandrayaan-3 की सफलता के बाद ISRO अब 2 सितंबर 2023 को आदित्य-एल1 मिशन को लॉन्च करने जा रहा है। लॉन्चिंग श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से होगी। अहमदाबाद में मौजूद इसरो के स्पेस एप्लीकेशन सेंटर के डायरेक्टर नीलेश एम. देसाई ने कहा कि ये स्पेसक्राफ्ट तैयार है। अहमदाबाद में मौजूद इसरो के स्पेस एप्लीकेशन सेंटर के डायरेक्टर नीलेश एम. देसाई ने कहा कि ये स्पेसक्राफ्ट तैयार है। नीलेश ने बताया कि यह 15 लाख किलोमीटर की यात्रा 127 दिन में पूरी करेगा। यह हैलो ऑर्बिट (Halo Orbit) में तैनात किया जाएगा। जहां पर L1 प्वाइंट होता है। यह प्वाइंट सूरज और धरती के बीच में स्थित होता है, लेकिन सूरज से धरती की दूरी की तुलना में मात्र 1 फीसदी है। इस मिशन को PSLV रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा।

    आदित्य-एल1 मिशन सतीश धवन स्पेस सेंटर में रखा गया है। यहां पर अब इसे रॉकेट में लगाया जाएगा. लोग आदित्य-एल1 को सूर्ययान भी बुला रहे हैं। आदित्य-एल1 भारत का पहला सोलर मिशन है।इस मिशन से संबंधित सबसे महत्वपूर्ण पेलोड विजिबल लाइन एमिसन कोरोनाग्राफ (VELC) है। इस पेलोड को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स ने बनाया है। सूर्ययान में सात पेलोड्स हैं। जिनमें से छह पेलोड्स इसरो और अन्य संस्थानों ने बनाया है। आदित्य-एल1 स्पेसक्राफ्ट को धरती और सूरज के बीच एल1 ऑर्बिट में रखा जाएगा। यानी सूरज और धरती के सिस्टम के बीच मौजूद पहला लैरेंजियन प्वाइंट। यहीं पर आदित्य-एल1 को तैनात होगा। लैरेंजियन प्वाइंट असल में अंतरिक्ष का पार्किंग स्पेस है। जहां पर कई उपग्रह तैनात किए गए हैं। भारत का सूर्ययान धरती से करीब 15 लाख km दूर स्थित इस प्वाइंट पर तैनात होगा। इस जगह से वह सूरज का अध्ययन करेगा। वह सूरज के करीब नहीं जाएगा। सूर्ययान में लगा VELC सूरज की HD फोटो लेगा। इस स्पेसक्राफ्ट को PSLV रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा। वीईएलसी पेलोड के प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर राघवेंद्र प्रसाद ने कहा कि इस पेलोड में लगा वैज्ञानिक कैमरा सूरज के हाई रेजोल्यूशन तस्वीरे लेगा। साथ ही स्पेक्ट्रोस्कोपी और पोलैरीमेट्री भी करेगा।