Blog

  • जालंधरः नशीले पदार्थ सहित आरोपी गिरफ्तार

    जालंधरः नशीले पदार्थ सहित आरोपी गिरफ्तार

    जालंधर (वरुण/हर्ष): थाना भार्गव कैंप पुलिस ने नशीले पदार्थ सहित आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी वैस्ट सरफराज आलम ने बताया कि थाना प्रभारी गगनदीप सिंह सेखों ने पुलिस पार्टी के साथ वडाला चौक पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान शक के अधार पर हरपाल सिंह उर्फ पाला पुत्र दीवान सिंह निवासी बुजेवाल कपूरथला हाल निवासी रस्ता मोहल्ला को चैकिंग के लिए रोका।

    तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 260 ग्राम नशीला पाउडर, 15 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। पूछताछ दौरान आरोपी ने माना कि वह नशीला पदार्थ बब्बू से लेकर आता था। पुलिस ने बताया कि बब्बू को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

  • जालंधरः फिर सक्रिय हुए सट्टेबाज, एक गिरफ्तार

    जालंधरः फिर सक्रिय हुए सट्टेबाज, एक गिरफ्तार

    जालंधर/वरुण। महानगर में दड़े सट्टे का धंधा करने वालों ने छूट भैया नेताओं से सेटिंग कर फिर से दुकानें खोलनी शुरु कर दी है।हालांकि लाटरी की आड़ में दड़े सट्टे का धंधा करने वालों का विरोध कर छूट भैया नेता सरेआम चांदी कूट रहें हैं। कुछ समय पहले कमिश्नरेट पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए महानगर में जितनी भी दड़े सट्टे की दुकानें चल रही थी, बंद करवा दी थी। अब सट्टा माफिया की दुकानें खुलने की चर्चा फैली हुई है।

    पहले सट्टा माफिया सट्टे का कारोबार चोरी छुपे किया करते थे, लेकिन अब लॉटरी की आड़ में सट्टेबाजी का धंधा करने वाले फिर सक्रिय हो गए है। वहीं थाना-3 की पुलिस ने खिंगरा गेट के निकट शेर सिंह पुत्र सरबन सिंह निवासी ढन्न मोहल्ला को 2980 रुपए की नकदी और दड़े सट्टे की पर्चियां सहित काबू करके उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

  • जालंधरः 2 तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो अफीम बरामद 

    जालंधरः 2 तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो अफीम बरामद 

    जालंधर (वरुण/हर्ष) थाना रामामंडी की पुलिस ने नशीले पदार्थ सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रघुनंदन महतो पुत्र महेश्वर महतो वासी बालोगाड़ी थाना तरहसी झारखंड और जमुना महतो पुत्र महेश्वर महतो वासी जुनगून लातेहार के रूप में हुई है। डीसीपी जगमोहन सिंह, एडीसीपी कंवरप्रीत सिंह चाहल ने बताया थाना प्रभारी नवदीप सिंह की देखरेख में एएसआई रघुवीर कुमार पुलिस पार्टी सहित देर रात गश्त के दौरान सूर्य एनक्लेव में मौजूद थे।

    तभी उक्त आरोपी बैग पहने हुए आते दिखाई दिए। शक के आधार पर पुलिस ने आरोपियों काबू कर जब तालाशी ली तो आरोपियों के बैग में से 5-5 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को जांच दौरान पता चला, रघुनंदन महतो के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अदालत ने इस मामले में उसे 10 साल की सजा और 10 हजार रुपए जुर्माना के आदेश जारी किए थे। वहीं दूसरे आरोपी जमुना महतो के खिलाफ जिला होशियारपुर के थाना बुलोवाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। 

  • कांग्रेस सचिव देसराज मोदगिल के नेतृत्व में निकली कुटलैहड़ बदलाव रैली

    कांग्रेस सचिव देसराज मोदगिल के नेतृत्व में निकली कुटलैहड़ बदलाव रैली

    ऊना/सुशील पंडित : आज उपमंडल बंगाना से लेकर जिला मुख्यालय के एमसी पार्क तक कुटलैहड़ बदलाव रैली का आयोजन कांग्रेस सचिव व किसान नेता देसराज मोदगिल की अगुवाई में हुऐ। इस बदलाव रैली में कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ विजय डोगरा, पूर्व महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी प्रवीन शर्मा, पूर्व यूकां लोकसभा अध्यक्ष रणवीर राणा, महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी दीपक शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष दौलत राम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष रतन चंद शर्मा एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुटलैहड़ पंडित ज्ञान चंद शर्मा और असंख्य कार्यकर्ताओं सहित यह रैली बंगाना से शुरू होकर जिला मुख्यालय के एमसी पार्क पर समाप्त हुई। 
    इस विशाल रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस कमेटी डॉ विजय डोगरा ने कहा कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ जिस तरह से युवा और हर वर्ग के व्यक्ति इस रोष रैली में शामिल हुए इससे जाहिर होता है की महंगाई चरम सीमा पर है और कानून व्यवस्था चरमरा गई है डबल इंजन की सरकार पूर्ण रूप से फेल हो गई है।
    उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा सामरिक दृष्टि से ऐतिहासिक होने वाली है क्योंकि इस यात्रा में जिस तरह से जनसैलाब उमड़ कर सड़कों पर उमड़ रहा है उससे प्रतीत होता है कि देश में सबकुछ कुछ ठीक नहीं है। विजय डोगरा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है जिसमें हर वर्ग के लोगों का बहुत बड़ा योगदान रहने वाला है और सरकार बनते ही घोषणा पत्र में कही गई 10 बातें प्रदेशवासियों को राहत ही नहीं पहुंचाएंगी बल्कि संजीवनी  का काम करेंगी। 
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव देसराज मोदगिल ने अपने संबोधन में कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र से विधायक और मंत्री ऐशो आराम की जिंदगी बसर कर रहे हैं जबकि कुटलैहड़ की जनता पानी के लिए व स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रही है।
    मौजूदा विधायक पर कड़े प्रहार करते हुए देसराज मोदगिल ने कहा कि उन्होंने अपने 5 वर्ष के कार्यकाल में न कोई उद्योग ला सके और न ही पानी की व्यवस्था को सुचारू कर सके। जबकि उन्होंने इस बार चुनाव लड़ने से पहले यह कहा था कि सरकार बनते ही 100 दिन के भीतर ही हर गांव में पानी की व्यवस्था सुचारू की जाएगी परंतु धरातल पर हालात इतने बदतर हैं कि आठ 8 दिन के बाद भी पानी नलों में नहीं आ रहा है और यह कहते हैं कि हमने हर घर में नल पहुंचा दिया है पानी आए या न आए। 
    देशराज मोदगिल ने कहा कि सरकार द्वारा दिया गया नारा हर घर नल, हर घर जल पूर्ण रूप से फेल हो चुका है जबकि हर घर में नल तो है पर जल नहीं है। उन्होंने कहा कि मंत्री जी सिर्फ लोकलुभावन बातें और लॉलीपॉप देने जैसे कार्य करते रहे लेकिन जिस तरह से यह जनसैलाब आज उमड़ा है ऐसा लगता है कि हर वर्ग हताशा के कारण आज सड़कों पर है यह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है। 
    मोदगिल ने कहा कि कुटलैहड़ बदलाव रैली इस बात का सूचक है कि बेरोजगार युवा और कुटलैहड़ के भोले-भाले लोग हर झांसे से त्रस्त हो चुके हैं और उन्होंने मन बना लिया है कि इस बार कुटलैहड़ में 32 साल का सूखा हरियाली में बदला जाएगा।
    वहीं रैली के आयोजन के लिए अनुमति न लेने के चलते रैली को बंगाणा में थाना प्रभारी द्वारा रोक दिया गया।  उसके बाद काफी मशक्कत के उपरांत पुलिस उपअधीक्षक ऊना की अनुमति मिलने के बाद ही रैली को सुचारू करने के आदेश मिले। तब कहीं जाकर रैली ऊना की तरफ रवाना हुई। कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं द्वारा बड़ी संख्या में बाइकों पर सवार होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
  • डीजीपी का खुलासाः 200 करोड़ की ड्रग्स के कपूरथला और अमृतसर की जेल से जुड़े तार

    डीजीपी का खुलासाः 200 करोड़ की ड्रग्स के कपूरथला और अमृतसर की जेल से जुड़े तार

    अहमदाबादः ड्रग तस्‍करी के खिलाफ अभियान चला रहे सुरक्षाबलों को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। इंडियन कोस्‍ट गार्ड और गुजरात ATS के सतर्क जवानों ने नशीले पदार्थ की बड़ी खेप को पकड़ने में सफलता पाई है। मामला कितना बड़ा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बरामद नशीले पदार्थ की कीमत भारतीय बाजार में तकरीबन 200 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इसके तार पंजाब की कपूरथला जेल से जुड़ रहे हैं। गुजरात ATS अब पंजाब की जेल में बंद कैदी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रहा है।

    ड्रग तस्‍करी के मामले में गुजरात ATS ने बड़ा खुलासा किया है। एटीएस का कहना है कि पंजाब की जेलों से पाकिस्‍तान से नशीले पदार्थों की खेप मंगवाने का रैकेट चल रहा है। एटीएस के अधिकारियों का कहना है कि गुजरात के जाखू तट पर पकड़ा गया ड्रग कंसाइनमेंट पंजाब की कपूरथला जेल से मंगवाया गया था। जेल में बंद नाइजीरियाई मूल के कैदी ने ड्रग्‍स की खेप मंगवाई थी। गुजरात ATS अब इस कैदी को रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि इस पूरे रैकेट में शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।

    गुजरात ATS का कहना है कि कपूरथला जेल में बंद नाइजीरियाई मूल के कैदी का संपर्क करांची में स्थित अब्‍दुल्‍ला नाम के एक शख्‍स से था। आरोप है कि नाइजीरियाई कैदी ने अब्‍दुल्‍ला से संपर्क साधकर नशे की खेप भारत मंगवाई थी। इसे गुजरात तट के जरिये देश में लाया जा रहा था. अब्‍दुल्‍ला ने इसके लिए पहले मछुआरों को तैयार किया उसके बाद ड्रग कंसाइनमेंट को भारत भेजा। हालांकि, भारत के सतर्क जवानों ने इसे पहले ही पकड़ लिया, साथ ही पाकिस्‍तानी बोट को भी कब्‍जे में ले लिया।

    नशीले पदार्थ को गुजरात से लगती समुद्री सीमा के जरिये देश में लाने की साजिश रचने के बाद तस्‍करों ने 2 शख्‍स को ड्रग का कंसाइनमेंट लेने गुजरात भेजा था। इन दोनों की पहचान जग्‍गी और सरताज के तौर पर की गई है। बताया जाता है कि ड्रग्‍स की डिलीवरी गुजरात सीमा के पास बीच समुद्र में होने वाली थी, लेकिन समय रहते ही गुजरात एटीएस ने दोनों को पकड़ लिया। अब कपूरथला जेल में बंद नाइजीरियाई कैदी को हिरासत में लेने की तैयारी चल रही है।

  • जालंधर: निगम ने विरासत हवेली को किया सील, देखें वीडियो

    जालंधर: निगम ने विरासत हवेली को किया सील, देखें वीडियो

    जालंधर/वरुणः नगर निगम एक्शन के मूड में दिखाई दे रहा है। दरअसल, निगम ने कार्रवाई करते हुए विरासत हवेली को सील कर दिया है। अब जिसका नाम बदल कर empire heritage कर दिया गया था। विरासत हवेली पर निगम की ओर से पहले भी 2018 में कार्रवाई की गई थी। विवादों में रहने वाली विरासत हवेली में कुछ समय पहले अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने शिरकत की थी। विरासत हवेली को अकाली दल के नेता इकबाल सिंह ढींढसा ने शुरू किया था। जिसे बाद में पूर्व विधायक राजिंदर बेरी की शिकायत पर सील कर दिया गया था।

    गौरतलब है कि लोकपाल के निर्देश पर 2 फरवरी 2018 को विरासत हवेली को सील करने के कुछ घंटो बाद ही निगम प्रशासन की ओर से इसकी सील हटा दी गई थी। जिसके बाद हवेली को दोबारा सील कर दिया गया। उस दौरान निगम अधिकारियो का कहना था कि हवेली के संचालक की ओर से 5 फरवरी तक एडवांस बुकिंग होने का तर्क देकर सील हटाने की अपील की गई थी।

    इसी के मद्देनजर लोगो को परेशानी न हो इसलिए निगम प्रशासन ने सील हटाई थी। हवेली विरासत के संचालक की ओर से निगम प्रशासन को लिखित दिया था कि पांच फरवरी के बाद वो कोई बुकिंग नहीं करेगा। इसके चलते बुकिंग खत्म होने के बाद निगम प्रशासन की ओर से विरासत हवेली को फिर से सील कर दिया था। 

  • माैसम विभाग की ओर से चेतावनी,  दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी

    माैसम विभाग की ओर से चेतावनी, दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी

    जयपुर : राजस्थान में बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम का असर दिखने लगा है। पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में 3 इंच तक बरसात हुई है। प्रदेश में 13 सितंबर तक 34 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं, अगले दो दिन के लिए भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

    बीते 24 घंटे में डूंगरपुर-बांसवाड़ा समेत कई जगहों पर औसतन 76MM से ज्यादा तक बरसात हुई। वहीं, बारां, कोटा, दौसा जिले में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग की ओर से आज और कल के लिए 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।

    इनमें आज बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 15 सितंबर को भरतपुर, धौलपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना है। जयपुर में भी अगले 12 घंटे में गर्मी से राहत मिलेगी। यहां हल्की बारिश हो सकती है।

    डूंगरपुर में तेज बारिश से सड़क पर भरा पानी। यहां जिले के अलग-अलग हिस्सों में हुई तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर पानी भर गया।
    डूंगरपुर में तेज बारिश से सड़क पर भरा पानी। यहां जिले के अलग-अलग हिस्सों में हुई तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर पानी भर गया।
    पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बरसात बांसवाड़ा के माही बांध के पास 90MM (3.6 इंच) हुई। इसी तरह डूंगरपुर के फलोज में 64MM बरसात रिकॉर्ड हुई। इसी तरह बारां, दौसा, कोटा, प्रतापगढ़, उदयपुर समेत कई जिलों में करीब 1 इंच तक बारिश हुई।

    तेज बारिश के बाद राज्य के बांसवाड़ा, डूंगरपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, धौलपुर, उदयपुर, कोटा, सीकर, जयपुर समेत कई शहरों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। धौलपुर, सवाई माधोपुर में कल दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा।

    अगले 12 घंटे में कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग के अजमेर, जयपुर, अलवर, धौलपुर ,करौली, सवाईमाधोपुर, दौसा, भरतपुर, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, चित्तौड़गढ़ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

    वहीं, कोटा संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। 15 सितम्बर को भरतपुर, धौलपुर और करौली जिलों में कहीं भारी बारिश, जबकि दौसा, सवाई माधोपुर, अलवर जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

    राज्य में अब तक 34 फीसदी ज्यादा बरसात

    मौसम केन्द्र से जारी रिपोर्ट देखें तो राज्य में अब तक सामान्य से 34 फीसदी ज्यादा बरसात हो चुकी है। राज्य में 13 सितंबर तक औसतन 554.5MM बरसात हो चुकी है, जबकि इस समय तक सामान्य तौर पर 414.5MM बरसात होती है। जिलेवार स्थिति देखें तो अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली में औसत से कम बारिश हुई है। वहीं, जैसलमेर, गंगानगर में औसत से 100 फीसदी से ज्यादा बरसात हुई है।

  • कपूरथलाः विजिलेंस ने रेड कर रिश्वत लेते ASI किया गिरफ्तार

    कपूरथलाः विजिलेंस ने रेड कर रिश्वत लेते ASI किया गिरफ्तार

    दूसरी ओर एसएएस नगर में तैनात एएसआई सोमनाथ के खिलाफ मामला दर्ज

    जालंधर/वरुणः राज्य में से भ्रष्टाचार के ख़ात्मे के लिए चलाई जा रही मुहिम के दौरान पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने आज थाना सिटी कपूरथला में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर (एएसआई) लखविन्दर सिंह को 2000 रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू किया है। इसके इलावा थाना सिटी खरड़, एसएएस नगर में तैनात एएसआई सोमनाथ के खि़लाफ़ 60,000 रुपए रिश्वत मांगने के दोष के तहत भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुये स्टेट विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त दोषी एएसआई को शिकायतकर्ता गौरव निवासी अमन नगर, कपूरथला की शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो के पास पहुँच करके दोष लगाया है कि उसका दुकान पर अपने हिस्सेदार के साथ मामूली झगड़ा हो गया और सम्बन्धी एएसआई द्वारा इस संबंधी पुलिस के पास दाखि़ल शिकायत के मामले में उसकी मदद करने के बदले उससे पैसों की माँग की गई थी।

    विजीलैंस ने दो सरकारी गवाहों की हाज़िरी में एएसआई को किया गिरफ्तार

    शिकायत के तथ्यों और सबूतों की पड़ताल के उपरांत जालंधर रेंज से विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछा कर उक्त एएसआई को दो सरकारी गवाहों की हाज़िरी में शिकायतकर्ता से 2000 रुपए रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू कर लिया। इस सम्बन्धी दोषी पुलिस अधिकारी के खि़लाफ़ विजीलैंस ब्यूरो के थाना जालंधर में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत मामला दर्ज करके आगे कार्यवाही शुरू कर दी है। प्रवक्ता ने आगे बताया कि एक अन्य मामले में विजीलैंस ब्यूरो ने एएसआई सोम नाथ के विरुद्ध 60,000 रुपए रिश्वत मांगने के दोष में भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्धी विजीलैंस ब्यूरो ने बलबीर सिंह निवासी ग्रीन कंफरट होमज़, खरड़, ज़िला एसएएस नगर की शिकायत पर एएसआई सोमनाथ के खि़लाफ़ विजीलैंस पुलिस स्टेशन फ्लायंग सकुऐड-1 एस. एएसनगर, पंजाब में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की धारा 7 के अधीन एफआईआर नं. 14 तारीख़ 13.09.22 दर्ज की गई है।

    बाइक छोड़ने के बदले एएसआई सोमनाथ ने मांगे 60 हजार

    इस सम्बन्धी और जानकारी देते हुये उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता बलबीर सिंह ने भ्रष्टाचार रोकथाम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई और बताया कि उक्त पुलिस मुलाज़ीम के साथ उसकी मामूली तकरार हुई थी। इसके उपरांत उस मुलाजिम ने उसका मोटरसाईकल ज़ब्त कर लिया और उस मोटर साइकिल को छोड़ने के बदले रिश्वत के तौर पर 60,000 रुपए की माँग की। बातचीत के दौरान शिकायतकर्ता ने सबूत के तौर पर कॉल रिकार्ड भी की। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान शिकायत के तथ्य सही पाये गए और विजीलैंस ब्यूरो ने उक्त दोषी एएसआई के खि़लाफ़ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज कर लिया।

  • पंजाबः इस मामले में हाईकोर्ट ने आप विधायक हरमीत सहित सरकार को जारी किया नोटिस 

    पंजाबः इस मामले में हाईकोर्ट ने आप विधायक हरमीत सहित सरकार को जारी किया नोटिस 

    चंडीगढ़: सनौर से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही है। विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा की दूसरी पत्नी की याचिका पर आज बुधवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने विधायक पठानमाजरा सहित सरकार को नोटिस जारी किया है।

    दरअसल, एमएलए ने पत्नी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसे रद्द करने के खिलाफ पत्नी ने हाईकोर्ट का रुख किया था। इससे पहले एमएलए की पत्नी ने अपनी सुरक्षा के लिए भी हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की हुई है। अब इन दोनो याचिकाओं पर 21 सितंबर को सुनवाई होगी।

  • पंजाब सरकार को हाईकोर्ट से बड़ा झटकाः इस नई पॉलिसी पर लगाई रोक

    पंजाब सरकार को हाईकोर्ट से बड़ा झटकाः इस नई पॉलिसी पर लगाई रोक

    चंडीगढ़ : पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से पंजाब सरकार को एक और झटका लगा है। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार नई माइनिंग नीति पर रोक लगा दी है। एनवायरमेंट क्लीयरेंस ना मिलने पर पंजाब सरकार की तरफ से नई माइनिंग नीति जारी की गई थी जिसके तहत नया शब्द Excavation इस्तेमाल किया गया था, जिसके तहत पंजाब सरकार मिनरल्स की माइनिंग कर सकती थी।

    याचिकाकर्ता ने आरोप लगाए हैं कि सरकार के पास एनवायरमेंट क्लेरेंस न होने पर नया शब्द इस्तेमाल करके अवैध माइनिंग को वैध माइनिंग बनाने का प्रयास किया जा रहा था। पंजाब सरकार के वकील ने हाईकोर्ट में आश्वासन दिया कि अगली तारीख तक इस माइनिंग नीति पर कुछ नहीं किया जाएगा, जिसके बाद हाईकोर्ट ने अगली तारीख पर इस पर रोक लगा दी। बता दें कि इससे पहले भी पंजाब सरकार को हाईकोर्ट से झटका लग चूका है। हाईकोर्ट ने मान सरकार की घर-घर राशन पहुंचाने की योजना पर रोक लगा दी थी।