Blog

  • क्रिकेटर ऋषभ पंत से एडीजीपी के नाम से 1.63 करोड़ की ठगी, गिरफ्तार

    क्रिकेटर ऋषभ पंत से एडीजीपी के नाम से 1.63 करोड़ की ठगी, गिरफ्तार

    जालंधर के ट्रेवल एजेंट से भी कर चुका 5.76 लाख रुपये ठगी

    चंडीगढ़ः एडीजीपी चंडीगढ़ अलोक कुमार का नाम इस्तेमाल कर जालंधर के ट्रैवल एजेंट से 5.76 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोपी मृणांक सिंह पहले इंडियन ​क्रिकेट टीम के विकेटकीपर ऋषभ पंत से 1.63 करोड़ रुपए की ठगी कर चुका है। यह खुलासा शातिर ठग और उसके साथी की गिरफ्तारी के बाद हुआ। मोहाली पुलिस ने दोनों को पंचकूला के एक क्लब से दबोचा है। शातिर ठग की पहचान फरीदाबाद (हरियाणा) निवासी मृणांक के रूप में हुई है जबकि उसके साथी की पहचान राघव के तौर पर हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस ने दो दिन का रिमांड हासिल किया है।

    मोहाली पुलिस की जांच में पता चला है कि मुंबई पुलिस ने क्रिकेटर ऋषभ पंत से 1.63 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी मृणांक के खिलाफ केस दर्ज कर रखा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी क्लब जाने और एशोआराम भरी जिंदगी जीने के लिए ठगी करता था। रिमांड के दौरान पुलिस इस बात पता लगाएगी कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को ठगा है।

     
    मोहाली के एसएसपी डॉ. संदीप कुमार गर्ग ने बताया कि पुलिस को जालंधर के ट्रेवल एजेंट विजय सिंह ने 5.76 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दी थी। पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे दबोच लिया। आरोपी मृणांक ने खुद को चंडीगढ़ का एडीजीपी अलोक कुमार बताकर ट्रेवल एजेंट विजय से कई एयर टिकट और देश के विभिन्न शहरों में होटल की बुकिंग करवा ली थी। 
     
    पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृणांक बेहद ही शातिर है। वह ठगी करने से पहले अपने शिकार और उसके बिजनेस के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर लेता था। फिर उस व्यक्ति से संपर्क कर खुद को हाई प्रोफाइल व्यक्ति बताकर भरोसा जीतता था फिर ठगी को अंजाम देता था।

  • पंजाबः भगवानपुरिया के गुर्गों ने गन पॉइंट गैंगस्टर राणा कंडोवालिया का भाई को किया किडनैप

    पंजाबः भगवानपुरिया के गुर्गों ने गन पॉइंट गैंगस्टर राणा कंडोवालिया का भाई को किया किडनैप

    अमृतसरः जिले में गैंगस्टर राणा कंडोवालिया के भाई जसकीरत सिंह लाला को कुछ लोगों ने गन पॉइंट पर मुरादपुरा से किडनैप कर लिया। लाला ने गाड़ी में बैठते समय अपने भाई शेरा को कॉल लगा कर फोन होल्ड पर रख दिया। शेरा फोन पर पूरी बातचीत सुनता हुआ बदमाशों का पीछा करता हुआ लोकेशन पर पहुंच गया। बदमाशों ने शेरा को कार की खिड़की से पिस्टल दिखाई और लाला को सड़क पर छोड़ कर फरार हो गए। गुस्साए शेरा ने किडनैपरों की गाड़ी भी तोड़ी। इस घटनाक्रम की वीडियो भी सामने आई है।

    जानकारी देते हुए जसकीरत सिंह लाला ने बताया कि वह बल खुर्द गांव के रहने वाले हैं। जग्गू भगवानपुरिया ने पुरानी रंजिश के कारण अपने गुर्गें मुझे मारने के लिए भेजे हैं। लाला के मुताबिक, पहले उसके भाई राणा कंडोवालिया को भी जग्गू ने मरवाया है। अब वह उसे भी मारना चाहता है। करेटा गाड़ी में आए लोगों ने उसे इशारा करके अपने पास बुलाया। वह उनकी बात सुनने के लिए गया था कि उन लोगों ने उसकी कमर के साथ पिस्टल लगा दी। उसे कहने लगे कि गाड़ी में बैठ जाओ।

    लाला ने तुरंत अपने भाई शमशेर सिंह शेरा को फोन लगाया। लाला के साथ बदमाशों की कहासुनी सुनने के बाद उसे लोकेशन का पता चला। कुछ लोगों की मदद से उसने गाड़ी को ट्रेस किया और संगतपुरा छावनी तक पहुंचा। शेरा के मुताबिक, वह बाइक पर था। बदमाशों ने उसे देख कर गाड़ी रोक ली और खिड़की से हथियार दिखाने लगे। बदमाशों का जब पीछा किया तो वह एक गली में घुस कर फरार हो गए। लाला को बचाने के लिए उन्होंने इन बदमाशों की गाड़ी भी तोड़ी। प्रशासन से वह मांग करते हैं कि उन्हें इन गैंगस्टरों से बचाए।

  • सवारी लेकर निकले टैक्सी ड्राइवर की हत्या

    सवारी लेकर निकले टैक्सी ड्राइवर की हत्या

    चंडीगढ़ः मुल्लांपुर में एक ट्रैक्सी ड्राइवर में हत्या हुई है। उसका शव मुल्लांपुर में मेडिसिटी के पास पड़ा मिला। पुलिस अभी तक इसे सवारी द्वारा किया हुआ कत्ल मान रही है। आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर PGI चंडीगढ़ की मोर्चरी में रखवा दिया है। अज्ञात हमलावर के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान धर्मपाल निवासी जीरकपुर के रूप में हुई है।

    मृतक ड्राइवर पिछले 15 साल से चंडीगढ़ में टैक्सी चला रहा था। वह मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनू का रहने वाला है। वह जीरकपुर में अपनी बहन के पास रहता था। पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह मामला लूट का नहीं लग रहा है, क्योंकि अगर लूट का होता तो लुटेरे ड्राइवर की गाड़ी भी छीन कर ले जाते, लेकिन गाड़ी शव के पास से ही बरामद हो गई है। मुल्लांपुर थाना प्रभारी सतिंदर सिंह ने बताया कि यह मामला ड्राइवर और सवारी के आपसी लड़ाई झगड़े का हो सकता है। जल्द ही मामले का खुलासा कर देंगे

  • जालंधरः पूर्व सरपंच सहित एक अन्य के घर NIA की रेड, देखें वीडियो

    जालंधरः पूर्व सरपंच सहित एक अन्य के घर NIA की रेड, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पंजाब के जालंधर से बड़ी ख़बर सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार किशनगढ़ के पास स्थित गांव दौलतपुर में पूर्व सरपंच के घर NIA ने रेड की है। बताया जा रहा है कि एनआईए द्वारा सुबह 3 बजे अकाली दल के एक पूर्व सरपंच के घर दबिश दी गई है। पता चला है कि यह घर मलकीत सिंह दौलतपुर का है जो अकाली दल का नेता है। इस दौरान इलाक़े को सील कर दिया गया है। किसी को ना घर से बाहर आने दिया जा रहा है ना अंदर जाने दिया जा रहा है।

    वहीं दूसरी ओर जानकारी मिली है कि गांव डल्लेवाल के लवशिंद्र सिंह के घर पर एनआईए द्वारा दबिश दी गई है। लवशिंद्र सिंह सिख स्टूडेंट फेडरेशन से सम्बंधित है। इससे पहले एनआईए ने मोगा के थाना निहाल सिंह वाला के गाँव दूर कोर्ट में जसविंदर सिंह नामक व्यक्ति के घर यह रेड की गई है।

  • बड़ा हादसा, क्रेन और स्लैब के गिरने से 15 की मौत, कई घायल, देखें वीडियो

    बड़ा हादसा, क्रेन और स्लैब के गिरने से 15 की मौत, कई घायल, देखें वीडियो

    मुंबई: महाराष्ट्र के ठाणे से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां पर पुल निर्माण के दौरान क्रेन और स्लैब के गिर जाने से कम से कम 15 लोगों की जान गई है और लोग घायल भी हुए है। घटनास्थल पर मलवे में अभी भी कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना तब घटी है जब ठाणे में समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे के तीसरे चरण के निर्माण के लिए मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। हालांकि बचाव कार्य अभी भी जारी है और एनडीआरएफ की लगी हुई है। यह दुर्घटना ठाणे के शाहपुर के पास हुई है जिसमें एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन के गिर जाने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटनास्थल पर सुरक्षा के कुछ खास इंतजाम नहीं थे। 

    मामले में बोलते हुए एनडीआरएफ ने कहा कि एनडीआरएफ की दो टीम बचाव कार्य में लगी है और मलवे हटाकर लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रही है। हादसे में मारे गए मृतकों को शाहपुर उपजिला अस्पताल में ले जाया गया है साथ ही तीन से चार घायल लोगों का अस्पताल में इलाज भी चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, अभी भी छह अन्य लोगों के वहां फंसे होने की बात भी सामने आई है। 

    बता दें कि मशीन का उपयोग राजमार्ग और हाई-स्पीड रेल पुल निर्माण परियोजनाओं में प्रीकास्ट बॉक्स गर्डर्स स्थापित करने के लिए किया जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स की अगर माने तो यह क्रेन और स्लैब 100 फीट की ऊंचाई से गिरा था जिससे यह हादसा हुआ है। हालांकि पुलिस कर्मी और अग्निशमन अधिकारी बचाव कार्य में लगे हुए हैं। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि हादसे में मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है।

  • इस जिले में हिंसा के बाद स्कूल- कॉलेज के साथ इंटरनेट बंद, धारा 144 लागू

    इस जिले में हिंसा के बाद स्कूल- कॉलेज के साथ इंटरनेट बंद, धारा 144 लागू

    फरीदाबाद: हरियाणा के नूंह में भड़की सांप्रदायिक हिंसा की आग प्रदेश के दूसरे हिस्सों में फैल रही है। नूंह के बाद फरीदाबाद में भी 2 अगस्त तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है। इसके अलावा नूंह, गुरुग्राम फरीदाबाद और पलवल में मंगलवार यानी 1 अगस्त को सभी स्कूल कॉलेज भी बंद रहेंगे। नूंह और गुरुग्राम में धारा 144 लागू की गई है। हिंसा में दो होमगार्ड की मौत हो गई जबकि डीएसपी समेत 10 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

    दरअसल, सोमवार को नूंह में हुए सांप्रदायिक दंगों हुए थे। जिसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरीदाबाद में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं तुरंत प्रभाव से बंद करने के आदेश दिया गया है। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, 31 जुलाई को रात साढ़े आठ बजे से 2 अगस्त रात 11:30 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

    नूंह में भड़की हिंसा को देखते हुए गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में एहतियातन कदम उठाए गए हैं। तीनों जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके तहत चार से अधिक लोगों के एक जगह इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा फरीदाबाद में मंगलवार को सभी स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे। नूंह में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। इसके तहत 2 अगस्त तक यहां इंटरनेट बंद रहेगा। साथ ही सभी स्कूल-कॉलेज मंगलवार को बंद रहेंगे। मेवात हिंसा को देखते हुए जिला उपायुक्त नेहा सिंह ने मंगलवार को सभी स्कूलों, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों की छुट्टी रखने के आदेश दिए। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से शांति बनाने की अपील की।

    गुरुग्राम जिला में मंगलवार पहली अगस्त को सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। जिलाधीश और डीसी निशांत कुमार यादव ने आदेश जारी किए। गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ने अपील की कि इस घटना से संबंधित कोई भी हिंसा और उन्माद फैलाने वाला कोई भी पोस्ट सोशल मीडिया पर ना डालें, जिससे धार्मिक भावनाओं, आपसी भाईचारे को ठेस पहुंचे और अशांति फैले। अगर कोई भी इस तरह के पोस्ट सोशल मीडिया या इंटरनेट पर डालता है तो गुरुग्राम पुलिस की ओर से उसने खिलाफ तत्परता से कार्यवाही की जाएगी। इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान ना दे और शांति व सौहार्द बनाए रखें।

  • पंजाबः सुबह-सुबह NIA ने दी दबिश

    पंजाबः सुबह-सुबह NIA ने दी दबिश

    मोगा: जिले के गांव धूरकोट से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां NIA द्वारा सुबह-सुबह थाना निहाल सिंह वाला के अधीन पड़ते गांव धूरकोट में दबिश दी गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार NIA की तरफ से उक्त जसविंदर सिंह के घर दबिश दी गई है। जिसका परिवार काफी लंबे समय से इस गांव में रह रहा था। खबर लिखे जाने तक NIA की तरफ से छापेमारी जारी है। बता दें कि इससे पहले कस्बा निहाल सिंह वाला के पास गांव मानूके गिल में एनआईए ने दबिश दी थी।

    जहां हरप्रीत शर्मा उर्फ किंग के घर पर टीम ने सर्च की थी। हालांकि इस दौरान हरप्रीत शर्मा के घर से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। जिसके बाद एनआईए टीम के सदस्य आतंकी अर्श डल्ला के घर भी गए। डल्ला के अलावा उसके साथियों के घरों में भी एनआईए की टीम जांच के लिए पहुंची थी, लेकिन वहां से भी टीम को कुछ नहीं मिला इसके बाद टीम मोगा के गांधी रोड में एक घर पर जांच के लिए पहुंची थी। यहां से भी टीम को कुछ हाथ नहीं लगा।

  • एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी कटौती, 100 रुपये तक घट गए दाम, जानें डिटेल

    एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी कटौती, 100 रुपये तक घट गए दाम, जानें डिटेल

    नई दिल्ली: कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी कमी की गई है। नए आदेश के मुताबिक, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 99.75 रुपये की कटौती की गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार नई कीमतें आज से प्रभावी होंगी।

    नई कीमत लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में आज से 19 किलो वाले एक कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,680 रुपये होगी। हालांकि, घरेलू एलपीजी के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दरअसल, सरकारी तेल कंपनियां अक्सर हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करती हैं। इससे पहले चार जुलाई 2023 को कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में मामूली चार रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

    बहरहाल, नई कीमतें लागू होने के बाद कोलकाता में कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर के दाम 1895.50 से घटकर 1802.50 रुपये हो गए हैं। मुंबई में 1733.50 रुपये से कम होकर 1633.40 रुपये हो गए हैं। चेन्नई में 19 किलो वाले कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1945.00 रुपये से घटकर अब 1852.50 रुपये होगी। बताते चलें कि कमर्शियल LPG सिलेंडर के उलट 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें लंबे समय से स्थिर हैं। इसमें आखिरी बार पहली मार्च 2023 को 50 रुपये की बढ़ोत्तरी देखने को मिली थी। इसके बाद से इसके दाम स्थिर बने हुए हैं।

  • आज का राशिफल, 1 अगस्त 2023

    आज का राशिफल, 1 अगस्त 2023

    आज का राशिफल, 1 अगस्त 2023

    मेष: वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। कुसंगति व जल्दबाजी से बचें। विवेक से कार्य करें, लाभ होगा। कार्यक्षेत्र का विस्तार होगा। जीवनसाथी से आर्थिक मतभेद हो सकते हैं। खर्च की अधिकता से मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
    वृष: कोर्ट व कचहरी के कार्यों में अनुकूलता रहेगी। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। लाभ होगा। आर्थिक साधनों में बढ़ोतरी होगी। सामाजिक कार्यों में सीमित रहना चाहिए। समय का सदुपयोग होगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी।
    मिथुन: संपत्ति के कार्य लाभ देंगे। बेरोजगारी दूर होगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें। प्रवास में सावधानी रखें। विरोधियों एवं शत्रुओं के कारण अशांति होगी। नवीन कार्ययोजना की बातचीत में सफलता मिलने के संयोग बनेंगे।
    कर्क: स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। रचनात्मक कार्य सफल होंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। विवाद न करें। व्यापार में स्वयं के निर्णय से काम कर पाएँगे। स्थायी संपत्ति क्रय करने में जल्दबाजी न करें। साहस, पराक्रम में वृद्धि होगी। अपनी वस्तुओं को संभालकर रखें।
    कन्या: मेहनत का फल मिलेगा। कार्यसिद्धि होगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। व्यापार-व्यवसाय में गति आएगी। आर्थिक समस्याओं का निराकरण संभव है। व्यापार, कारोबार में नई जवाबदारी बढ़ेगी। धर्म में रुचि रहेगी।
    तुला: पुराने मित्र व संबंधी मिलेंगे। अच्‍छे समाचार मिलेंगे। विवाद से बचें। मान बढ़ेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। परिवार में शांति का अनुभव होगा। व्यापार-व्यवसाय में अनुकूल अवसर प्राप्त होंगे। कानूनी कार्रवाई, कोर्ट-कचहरी के मामलों से दूर रहना चाहिए।
    वृश्चिक: व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। भेंट व उपहार की प्राप्ति होगी। धनार्जन होगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। प्रसिद्ध व्यक्ति से मेलजोल बढ़ेगा। मकान, वाहन के क्रय-विक्रय की चर्चा संभव है। संतान की प्रगति से मन प्रसन्न रहेगा। रुका पैसा प्राप्त होगा।
    मकर: यात्रा, नौकरी व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। बकाया वसूली होगी। आय में वृद्धि होगी। प्रसन्नता रहेगी। व्यापार-व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। भौतिक सुख-साधनों की प्राप्ति होगी। व्यापार में नई योजनाओं का श्रीगणेश संभव है। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
    कुंभ: कार्यस्थल पर सुधार होगा। नए अनुबंध हो सकते हैं। योजना फलीभूत होगी। धनार्जन होगा। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति के अवसर प्राप्त होंगे। समाज, परिवार में आपकी सलाह को महत्व मिलेगा। अध्ययन में रुचि बढ़ेगी। पारिवारिक जीवन में मतभेद खत्म होंगे।
    मीन: पूजा-पाठ में मन लगेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। राजकीय सहयोग मिलेगा। धनार्जन होगा। प्रमाद न करें। अपनी भावनाओं को संयमित रखकर कार्य करें। भागीदारी के कार्यों में आपके द्वारा लिए गए निर्णयों से लाभ होगा। नवीन मुलाकातों से लाभ होगा।
  • जालंधरः हेरोइन सहित 2 गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: देहात सीआईए स्टाफ की पुलिस ने 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलबीर चंद निवासी गन्ना पिंड और दविंदर उर्फ तेजू निवासी आलोबाल थाना फिल्लौर के रूप में हुई है। देहात सीआईए स्टाफ के प्रभारी बिक्रम सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गन्ना पिंड में नाकेबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार 2 व्यक्तियों को रोक कर तलाशी के दौरान उनके पास से 20 ग्राम हेरोइन और 18,000 रुपए बरामद कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज जांच शरू कर दी है।