Home Punjab>Amritsar Punjab News: बिक्रम मजीठिया की बढ़ी मुश्किलें, लगे गुमशुदगी के पोस्टर

Punjab News: बिक्रम मजीठिया की बढ़ी मुश्किलें, लगे गुमशुदगी के पोस्टर

0
Punjab News: बिक्रम मजीठिया की बढ़ी मुश्किलें, लगे गुमशुदगी के पोस्टर

अमृतसरः वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, मजीठा थाने में हुए विवाद का मामला लगातार गरमा रहा है। वहीं गुमशुदगी के पोस्टर लगे हैं। थाना मजीठा से अकाली कार्यकर्ता को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने मजीठिया समेत 50 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में सोमवार को भारी पुलिस बल मजीठिया के ग्रीन एवेन्यू स्थित आवास पर पहुंचा और चारों तरफ से घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं मिला।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अकाली कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। बाद में पुलिस टीम खाली हाथ लौट गई। इसके अलावा पुलिस ने मजीठा, चंडीगढ़ और अन्य स्थानों पर भी दबिश दी। इसके बाद मजीठिया के खिलाफ पंजाब पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कराया है। इसके बाद मजीठिया संबंधित एजेंसियों की अनुमति के बिना विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। जानकारी के अनुसार एलओसी जारी होने के बाद देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और इमिग्रेशन चेक पोस्टों पर मजीठिया को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।

यदि वह विदेश जाने का प्रयास करते हैं तो संबंधित एजेंसियों को तत्काल सूचना दी जाएगी और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, चुनाव के दिन हुई मारपीट और चेन स्नेचिंग के एक मामले में थाना मजीठा पुलिस ने जोबनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि रविवार को बिक्रम सिंह मजीठिया अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और बिना अनुमति परिसर में दाखिल होकर जांच में हस्तक्षेप किया।

पुलिस के अनुसार जहां जोबनप्रीत सिंह को पूछताछ के लिए रखा गया था वहां पहुंचकर उसे जबरन पुलिस हिरासत से छुड़ाकर ले जाया गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में ले लिया। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान सरकारी दस्तावेज के साथ छेड़छाड़ की गई और थाना प्रभारी का मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया गया। मामले में एफआईआर नंबर 91 दर्ज कर मजीठिया समेत 50 से अधिक लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से पांच-छह आरोपियों की पहचान हो चुकी है। जांच के लिए एसपी की निगरानी में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here