Blog

  • पंजाबः मिलट्री स्टेशन में हुए हमले की पन्नू ने ली जिम्मेेदारी, रक्षामंत्री को दी चेतावनी

    पंजाबः मिलट्री स्टेशन में हुए हमले की पन्नू ने ली जिम्मेेदारी, रक्षामंत्री को दी चेतावनी

    बठिंडाः पंजाब के बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग कर 4 जवानों की हत्या के मामले में अभी तक हमलावरों को कोई सुराग नहीं लगा है। सेना और पुलिस ने 2 संदिग्ध हमलावर बताए थे, लेकिन अभी तक उन्हें गिरफ्तार करने की कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है। इस मामले की जांच के लिए अब दिल्ली से सेना के अधिकारियों की एक टीम बठिंडा कैंट पहुंची है। वहीं इस मामले में अब आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) की भी एंट्री हुई है। SFJ के मुखी गुरपतवंत पन्नू ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। आतंकी पन्नू ने एक वीडियो जारी कर कहा कि पंजाब को अलग देश खालिस्तान बनाया जाए, वर्ना ऐसे हमले आगे भी होते रहेंगे। उसने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को भी चेतावनी जारी की है।

    वहीं इस मामले को लेकर दिल्ली से पहुंची सेना के अधिकारियों की टीम मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। क्राइम सीन को बार-बार रिक्रिएट किया जा रहा है, ताकि पता चलाया जा सके कि फायरिंग करने के बाद हमलावर किस दिशा में भागे हो सकते हैं। पुलिस और सेना की जांच में अभी तक यह बात कही जा रही है कि फायरिंग करने वाले कैंट के अंदर के ही हैं। जिसके बाद सैन्य अधिकारी और पुलिस बल कैंट में तैनात विभिन्न रेजिमेंट और बटालियों के फौजियों और उनके परिवारों के सदस्यों की लगातार गिनती कर रहे हैं, ताकि पता चल सके कि वारदात के बाद कोई जवान या उसके परिवार वाले गायब तो नहीं है।

  • राज्यपाल का ऊना पहुंचने पर स्वागत 

    राज्यपाल का ऊना पहुंचने पर स्वागत 

    ऊना/ सुशील पंडित : राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला का ऊना पहुंचने पर आज प्रातः राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोह ग्राउंड में उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन तथा पूर्व मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने स्वागत किया। राज्यपाल का यह पहला ऊना जिले का दौरा है। हिमाचल की प्रथम महिला नागरिक लेडी गवर्नर श्रीमती जानकी शुक्ला भी उनके साथ थीं।

  • पंजाबः ड्रोन से गिराई 3 किलो से अधिक हेरोइन बरामद

    पंजाबः ड्रोन से गिराई 3 किलो से अधिक हेरोइन बरामद

    अमृतसरः सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने अमृतसर के सीमावर्ती गांव बछिविंड के खेतों में पाकिस्तान ड्रोन द्वारा गिराई तीन किलो दो सौ ग्राम हेरोइन बरामद की है। बीएसएफ के जनसंपर्क अधिकारी ने शनिवार को बताया कि तड़के 0321 बजे सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने मुल्लाकोट, जिला-अमृतसर के पास के क्षेत्र में पाकिस्तान से भारतीय क्षेत्र में एक संदिग्ध उड़ने वाली वस्तु (ड्रोन) के प्रवेश की आवाज सुनी। उन्होंने बताया कि निर्धारित अभ्यास के अनुसार, सैनिकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घुसपैठ करने वाले ड्रोन पर गोलीबारी की।

    अधिकारी ने बताया कि बाद में सीमा के नजदीकी क्षेत्र में तैनात सैनिकों ने गांव बछिविंड, जिला-अमृतसर के गेहूं के खेतों में ड्रोन और कुछ गिरने की आवाज भी सुनी। क्षेत्र की प्रारंभिक तलाशी के दौरान, बीएसएफ के जवानों ने गेहूँ के खेतों से एक बड़ा बैग बरामद किया जिसमें नशीले पदार्थों हेरोइन के तीन पैकेट (वजन 3.2 किलोग्राम) बरामद हुआ। खेप के साथ एक लोहे की अंगूठी और एक चमकदार पट्टी भी जुड़ी हुई पाई गई। इलाके की तलाश अभी जारी है।

  • पंजाबः अमृतपाल सिंह मामले में जालंधर के व्यक्ति सहित 3 गिरफ्तार

    पंजाबः अमृतपाल सिंह मामले में जालंधर के व्यक्ति सहित 3 गिरफ्तार

    जालंधर/वरुणः पंजाब में होशियापुर जिला पुलिस ने ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह को शरण देने के आरोप में एक वकील सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अमृतपाल 18 मार्च से फरार है और तभी से पंजाब पुलिस ने उसके और उसके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव बाबक (होशियारपुर) के वकील राजदीप सिंह और जालंधर के सरबजीत सिंह सहित एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो व्यक्ति कथित तौर पर जालंधर जिले के हैं और एक होशियापुर के बाबक गांव का है। वारिस पंजाब डे का प्रमुख अमृतपाल सिंह 18 मार्च से ही फरार चल रहा है और अन्य-अन्य स्थानों पर अपना ठिकाना बदल रहा है। गौरतलब है कि इस मामले में अभी तक किसी शीर्ष अधिकारी ने कोई बयान नहीं दिया है।

    दोनों आरोपियों को कल देर रात ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस बाद में उनके पास से बरामदगी के बारे में और खुलासा करेगी। इससे पहले पुलिस ने दो भाईयों राजपुर भइयां निवासी गुरदीप सिंह और कुलदीप सिंह को अमृतपाल को 28 मार्च की रात शरण देने और उसकी मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

  • कांस्टेबल ने महिला ASI की कर दी पिटाई, थाने में मचा हड़कंप

    कांस्टेबल ने महिला ASI की कर दी पिटाई, थाने में मचा हड़कंप

    गुरुग्रामः हरियाणा के गुरुग्राम में एक कांस्टेबल द्वारा वरिष्ठ महिला पुलिसकर्मी की पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी रैंक का एक अधिकारी थाने पहुंचा और दोनों महिला पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बलात्कार के मामले की शिकायतकर्ता से बात करते समय किसी भी तरह की टोकाटाकी से मना करने पर कांस्टेबल ने कथित तौर पर एक वरिष्ठ महिला पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी। मामला देर रात का है। सेक्टर 37 थाने में सहायक उप-निरीक्षक (ASI) पूनम और कांस्टेबल प्रवेश के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद थाने में हड़कंप मच गया।

    दोनों महिला पुलिसकर्मियों से हुई पूछताछ

    पुलिस के मुताबिक, एएसआई ने कांस्टेबल से बलात्कार के मामले की शिकायतकर्ता से बात करने के दौरान दखल न देने को कहा। उन्होंने बताया कि बात बढ़ गई और उनके बीच मारपीट होने लगी। कांस्टेबल ने एएसआई को जान से मारने की धमकी भी दी लेकिन मौके पर मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग कर दिया। घटना के बारे में जब वरिष्ठ अधिकारियों को पता चला तो एसीपी रैंक का एक अधिकारी थाने पहुंचा और उनसे पूछताछ की। दोनों महिला पुलिसकर्मियों से पूछताछ के बाद अधिकारी द्वारा मामले पर सख्त कार्रवाई की बात कहीं गई।

    SHO पुलिस लाइन में स्थानांतरित

    पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सेक्टर 37 की थाना प्रभारी निरीक्षक (SHO) सुनीता को पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया गया है और निरीक्षक अमन बेनीवाल को एसएचओ नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि एएसआई पूनम ने प्रवेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत सेक्टर 10-ए पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच चल रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

  • रीजेंटा होटल में बड़ा हादसाः तीसरे फ्लोर से गिरी लिफ्ट, कई घायल

    रीजेंटा होटल में बड़ा हादसाः तीसरे फ्लोर से गिरी लिफ्ट, कई घायल

    नई दिल्ली : नोएडा के रीजेंटा होटल में शुक्रवार शाम को ओवर लोडिंग होने से लिफ्ट के टूटने की घटना सामने आई है, हादसे में कुल नौ लोग घायल हो गए। छह लोगों को मामूली चोट आई है, जबकि तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इनको नजदीक के प्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य मामूली घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।

    ओवरलोड होने के कारण गिरी लिफ्ट

    एडिशनल डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के मुताबिक लिफ्ट में पांच लोगों के भार को वहन करने की क्षमता थी। लेकिन इसमें नौ लोग सवार हो गए। यही कारण रहा कि लिफ्ट टूट गई। पूरे घटनाक्रम के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि लिफ्ट तीसरे और चौथे फ्लोर के बीच से ग्राउंड फ्लोर पर गिरी। लिफ्ट नीचे से ऊपर जा रही थी। जिसमें ग्राउंड फ्लोर से पांच लोग चढ़े। इसके बाद पहले और दूसरे फ्लोर से लोग चढ़े, तीसरे फ्लोर पर ओवर लोड होते ही लिफ्ट चौथे फ्लोर तक नहीं गई। वही से वो सीधे नीचे आ गिरी।

    सभी घायल खतरे से बाहर

    लिफ्ट गिरते ही अफरातफरी का मौहाल हो गया। होटल के बाहर भी लोग जमा हो गए। संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को सिर में भी चोट लगी है। फिलहाल सभी खतरे से बाहर है। जांच की जा रही है कि जब लिफ्ट ओवर लोड हो गई थी तो उसने साइन क्यो नहीं दिया।लिफ्ट में कोई आपरेटर क्यों नहीं था। बहरहाल मामले की जांच की जा रही है।

  • पंजाबः ACP के ड्राइवर ने कुचला डेढ़ साल का बच्चा, पुलिस ने साधी चुपी, देखें वीडियो

    पंजाबः ACP के ड्राइवर ने कुचला डेढ़ साल का बच्चा, पुलिस ने साधी चुपी, देखें वीडियो

    लुधियानाः थाना दुगरी के इलाके पखोवाल रोड पर विकास नगर में पुलिस एसीपी के ड्राइवर द्वारा डेढ़ साल के बच्चे को कुचलने का मामला सामने आया है। बच्चे के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि ड्राइवर की लापरवाही से बच्चा मर गया। मृतक बच्चे की पहचान अनुराज के रूप मे हुई है। हादसा होने के बाद ड्राइवर खुद घरवालों को बताए बिना बच्चे को लेकर निजी अस्पताल में पहुंच गया। घरवालों का कहना पुलिस मामले को दबाने में जुटी हुई है। उनका आरोप जो गाड़ी कब्जे में ली गई है उससे बच्चे का एक्सीडेंट नहीं हुआ है।

    गौरतलब है कि यह हादसा एसीपी के घर से गाड़ी निकालते समय हुआ है। इस मामले में लुधियाना पुलिस ने चुपी सादी हुई है। इस घटना के बाद लोगों ने घटना स्थल पर हंगामा किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ी एक एसीपी रैंक के अधिकारी की है, जिसका ड्राइवर आज कार बैक कर रहा था, पीछे की तरफ बच्चा है, उसे पता नही लगा और बच्चे के ऊपर गाडी चढ़ा दी, जिसके बाद गंभीर अवस्था मे उपचार के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गया जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले मे फिलहाल धारा 174 की कारवाई की है।

  • पुलिस ने की अवैध शराब बरामद, भाजपा नेता सहित दो गिरफ्तार

    पुलिस ने की अवैध शराब बरामद, भाजपा नेता सहित दो गिरफ्तार

    पीलीभीत: जिले के बरखेड़ा थाना इलाके में पुलिस और आबकारी विभाग के संयुक्त अभियान में 10 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब बरामद करने के साथ भाजपा के स्थानीय नेता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष ने कहा कि जांच-पड़ताल के बाद तथ्यों के आधार पर संबंधित नेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के बयान के अनुसार आबकारी विभाग और थाना बरखेड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने गाजीपुर कुंडा के पास दबिश देकर एक वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।

    आरोपियों में एक की पहचान भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी श्याम बिहारी भोजवाल और उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी बाबू के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के पास से 248 पेटी अवैध देशी शराब और 48 पेटी अंग्रेजी शराब (कुल 576 बोतल), प्लास्टिक की एक केन में करीब 10 लीटर स्प्रिट तथा एक अन्‍य केन में करीब आठ लीटर मिलावटी शराब बरामद की गई है।

    बरखेड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब की कीमत 10 लाख रुपये आंकी गयी है। पुलिस ने यह भी कहा कि दो अन्य आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। कार्रवाई के संबंध में पूछे जाने पर पार्टी के जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने कहा कि भोजवाल के मामले में जांच की जाएगी, उसके बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट पार्टी को भेजी जाएगी।

  • पंजाबः गर्ग राइस मिल के पुराने गोदाम में लगी भीषण आग

    पंजाबः गर्ग राइस मिल के पुराने गोदाम में लगी भीषण आग

    मोहाली: खरड़ में छज्जूमाजरा रोड से बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक छज्जूमाजरा रोड पर बंद पड़ी गर्ग राइस मिल के पुराने गोदाम में आज भीषण आग लग गई। आग लगने की जानकारी तुरंत नगर परिषद कार्यालय के कर्मचारी धनवंत सिंह शिंदा ने फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर दमकल की 2 गाड़ियां पहुंचीं। बताया जा रहा है कि गोदाम में पुराना बरदाना व कुछ लकड़ी पड़ा हुई थी, जिसे गोदाम के नजदीक लगे ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। फिलहाल खबर लिखे जाने तक दमकल की गाड़ियां आग बुझा रही थीं।

  • कपूरथलाः अमृतपाल के मामले में NIA ने वकील को किया डिटेन, विरोध में आज बार एसोसिएशन का नो वर्क डे का ऐलान

    कपूरथलाः अमृतपाल के मामले में NIA ने वकील को किया डिटेन, विरोध में आज बार एसोसिएशन का नो वर्क डे का ऐलान

    कपूरथलाः पंजाब पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA ने जॉइंट ऑपरेशन के तहत जिला न्यायालय कपूरथला में प्रैक्टिस करने वाले एक वकील को उठाया है। पता चला है कि वकील राजदीप सिंह ने फरार चल रहे वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल को लेकर कुछ कंटेंट अपनी फेसबुक वाल पर शेयर किया था। इसके बाद पंजाब पुलिस और NIA ने हरकत आकर वकील को डिटेन किया है। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि वकील राजदीप सिंह को डिटेन करने के बाद उससे अमृतपाल को लेकर उनके संबंधों और अमृतपाल कहां पर है इसे लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं पर दूसरी तरफ जिला कपूरथला बार एसोसिएशन ने अपने वकील को बिना किसी नोटिस के हिरासत में लेने का कड़ा संज्ञान लिया है। इसे गैर कानूनी करार दिया है।

    कपूरथला कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले राजदीप सिंह जो कि मूल रूप से जिला होशियारपुर एवं उपमंडल दसूहा के गांव बाबक (गोडेवाला) के रहने वाले हैं की गिरफ्तारी को कपूरथला बार एसोसिएशन ने गैर कानूनी करार देते हुए हड़ताल कर दी है। बार एसोसिशन ने कोर्ट कहा है कि आज कोर्ट में कोई वकील नहीं जाएगा और नो वर्क डे रखा जाएगा। बार एसोसिएशन ने अपने नो वर्क डे डिक्लेयर करने वाले पत्र में लिखा है कि राजदीप सिंह पांवचा साहिब गए हुए वह वहां से वापस लौट रहे थे कि रास्ते में ही बिना किसी पूर्व नोटिस पंजाब पुलिस और NIA की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी सिर्फ इसलिए की गई है कि उन्होंने अमृतपाल को लेकर अपने फेसबुक वाल पर कुछ कंटेंट डाला थे।