Blog

  • नशे के खिलाफ अभियान तेज, खेलों से जुड़ेगा युवा वर्ग

    नशे के खिलाफ अभियान तेज, खेलों से जुड़ेगा युवा वर्ग

    शिमला: युवा समावेशी विकास और देश की प्रगति के संवाहक हैं। युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य तथा नशा मुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा अनेक कदम उठाए गए हैं। युवाओं को नशे और मादक पदाथों के सेवन से बचाने के लिए राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्ष 2026-27 में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ आयोजित करने की वृहद योजना तैयार की गई है।

    इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की प्रवृति से दूर रखना और खेलों के माध्यम से अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक जीवन शैली की ओर अग्रसर करना है। इसके तहत 12 करोड़ रुपये के अनुमानित व्यय से ब्लॉक, ज़िला और राज्य स्तर पर खेलों हिमाचल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी जिनमें वॉलीबाल, कबड्डी और क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेलों को शामिल किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष के आयु वर्ग के लगभग 50 हज़ार युवा भाग लेंगे। ग्रामीण विकास, युवा सेवाएं एवं खेल, पुलिस तथा ज़िला प्रशासन द्वारा इन प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए एक स्पोर्ट्स कैलेंडर भी तैयार किया जा रहा है।

    प्रदेश सरकार नशे के दलदल में फंसे युवाओं के लिए संवेदनशील नीति अपना रही है। उन्हें समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए राज्य में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। सिरमौर ज़िला के कोटला बड़ोग में 20 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र निर्मित किया जा रहा है। इसमें पुस्तकालय, व्यायामशाला, खेल गतिविधियों के साथ-साथ कौशल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण की भी सुविधा होगी। नशे की तस्करी में संलिप्त बच्चों के ट्रायल के दौरान उन्हें ऑब्ज़र्वेशन होम में रखने का प्रावधान है। वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में कोटला बड़ोग में निर्मित हो रहे नशा मुक्ति केंद्र के समीप 2 करोड़ रुपये की लागत से एक ऑब्ज़र्वेशन होम व स्पेशल होम स्थापित करने का प्रावधान रखा गया है।

    मुख्यमंत्री द्वारा चिट्टे के विरूद्ध शुरू की गई मुहिम ने अब जन आन्दोलन का रूप ले लिया है। प्रदेश भर में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित की गई एंटी चिट्टा वॉकथॉन में प्रदेश के लोगों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इसके अलावा नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी उपाय किए जा रहे है। एंटी चिट्टा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में 1000 अतिरिक्त कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी। इससे चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान को और अधिक बल मिलेगा। प्रदेश सरकार ने चिट्टा माफिया के खिलाफ अभियान को निरंतर और दक्ष बना रही है। नशा तस्करी से अर्जित अवैध सम्पतियों पर भी कठोर नीति अपनाई गई है।

    प्रदेश में एक हज़ार 214 ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई है जिनके पास अवैध रूप से अतिक्रमित भूमि पर निर्मित सम्पतियां पाई गई हैं। इनमें से 950 सम्पतियों का सीमांकन पूरा कर 12 को ध्वस्त तथा 2 को सील कर दिया गया है अन्य सम्पतियों पर कार्रवाई जारी है। वर्ष 2025 के दौरान 23 करोड़ 93 लाख रुपये की अवैध रूप से अर्जित की गई संपतियों को ज़ब्त किया गया है।

    चिट्टे की तस्करी में सलिप्त पुलिस विभाग के 17 कर्मियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई कर उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया हैै। इसके अतिरिक्त राज्य में नशे संबंधी मामलों में संलिप्त 105 सरकारी व अन्य कर्मचारियों के विरूद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर उनके विरूद्ध विभागीय व बर्खास्तगी कार्रवाई जारी है।

    मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू द्वारा मादक पदार्थ चिट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे जन अभियान को भारी जन समर्थन मिल रहा है। सभी के सामूहिक प्रयासों से देवभूमि से नशे के उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए किये जा रहे सशक्त प्रयास निश्चित तौर पर नशा उन्मूलन में दूरगामी भूमिका निभाएंगे।

     

     

  • बेबी शो में बच्चों की मासूम अदाओं ने बढ़ाई हरोली उत्सव की रौनक

    बेबी शो में बच्चों की मासूम अदाओं ने बढ़ाई हरोली उत्सव की रौनक

    ऊना/सुशील पंडित: राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों के बीच बेबी शो में बच्चों की मासूम अदाओं ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। चार दिवसीय इस भव्य उत्सव में बच्चों से जुड़ी इस प्रतियोगिता को लेकर अभिभावकों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस शो में नौनिहालों ने अपनी मासूमियत, आकर्षक परिधानों और मुस्कान से सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में बच्चों का मूल्यांकन उनकी प्रस्तुति, स्वास्थ्य, सक्रियता और आत्मविश्वास के आधार पर किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ भाग लिया और उत्सव स्थल को उत्साहपूर्ण माहौल से भर दिया।   आयोजकों द्वारा विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। चार दिन तक चलने वाले इस उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा, बेबी शो, डॉग शो, काफ़ शो के अलावा हरोली क्षेत्र से जुड़ी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे यह उत्सव क्षेत्र की संस्कृति और प्रतिभा का एक बड़ा मंच बन गया है। यह बेबी शो न केवल बच्चों के प्रतिभा प्रदर्शन का माध्यम बना, बल्कि परिवारों के लिए मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता का भी एक शानदार अवसर साबित हुआ। ये हैं बेबी शो के विजेता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बेबी शो के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस शो में कुल 38 प्रतिभागी रहे। आयु वर्ग 1-2 साल में रीवा, अवंतिका व रुद्रांश राणा क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान,  2 से 3 साल के आयु समूह में युविता प्रथम, अनुप्रिया द्वितीय व दिव्या तृतीय, आयु समूह 3 से 4 साल में विहान संदल पहले, विवान और शिवेक दूसरे व वैष्णवी ने तीसरे, जबकि 4 से 5 साल आयुवर्ग में परीक्षिका कंवर प्रथम, जानवी संदल द्वितीय तथा आदिती परमार तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ सिंगारा सिंह, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण, डॉ. पूजा, डॉ. हिमानी सहित अन्य चिकित्सा विभाग से सम्बन्धित स्टाफ मौजूद रहे।
     
  • नगर-निगम चुनाव की तारीखों का कल हो सकता है ऐलान, आयोग करेगा Press Conference

    नगर-निगम चुनाव की तारीखों का कल हो सकता है ऐलान, आयोग करेगा Press Conference

    पंचकूला: हरियाणा से नगर निगम चुनाव को लेकर एक अहम खबर सामने आई है। राज्य चुनाव आयोग जल्द ही चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। माना जा रहा है कि आयोग इसको लेकर पूरी तैयारी में जुटा हुआ है और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इसकी घोषणा करेगा। कल हो सकता है तारीखों का ऐलान जानकारी के मुताबिक, चुनाव आयोग सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। हालांकि, अगर किसी कारणवश सोमवार को घोषणा नहीं हो पाती है, तो बुधवार को यह प्रेस कॉन्फ्रेंस होने की संभावना है। कांग्रेस की कोर्ट जाने की तैयारी इधर, कांग्रेस पार्टी भी चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर एक बार फिर अदालत का रुख करने की तैयारी कर रही है। पार्टी कुछ फैसलों को लेकर आपत्ति जता सकती है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद खत्म हुआ विवाद नगर निगम चुनाव की वार्डबंदी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। अब यह गतिरोध पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद खत्म हो गया है। कोर्ट ने इस मामले में स्पष्ट निर्देश दिए थे। 2011 जनगणना के आधार पर आरक्षण लागू हाईकोर्ट के आदेश के बाद शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने 10 अप्रैल को नई अधिसूचना जारी की। इस अधिसूचना में 2011 की जनगणना के आधार पर अनुसूचित जाति (SC) सीटों का आरक्षण तय किया गया है। चुनाव आयोग ने तेज की तैयारियां नई अधिसूचना जारी होने के बाद अब चुनाव आयोग ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उम्मीद है कि जल्द ही चुनाव की पूरी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और तारीखों का ऐलान भी कर दिया जाएगा।        
  • प्रदेश के हक की लड़ाई में भाजपा क्यों नहीं आई साथ?’: CM सुक्खू

    प्रदेश के हक की लड़ाई में भाजपा क्यों नहीं आई साथ?’: CM सुक्खू

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को ऊना में आयोजित प्रेस-वार्ता में प्रदेश भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए भाजपा को हिमाचल विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश की जनता को यह बताना चाहिए कि राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) और आपदा राहत जैसे मुद्दों पर वह राज्य सरकार के साथ केंद्र के समक्ष खड़ी क्यों नहीं हुई।

    मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रदेश अपने हक की लड़ाई लड़ रहा था, तब भाजपा नेता प्रधानमंत्री से मिलने सरकार के साथ क्यों नहीं गए। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में प्रदेश पर 76,633 करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ा और चुनावी समय में लगभग 5 हजार करोड़ रुपये की रेवड़ियां बांटकर वित्तीय अनुशासन को कमजोर कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से अधिक संसाधन मिलने के बावजूद उनका समुचित उपयोग नहीं हुआ और प्रदेश की संपदा को कौड़ियों के दाम पर लुटाया गया, जिससे हिमाचल कर्ज के दलदल में फंसता गया।

    उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय 5 वर्षों में केंद्र से भाजपा को हमारी सरकार की तुलना में साठ हजार करोड़ रुपये अधिक प्राप्त हुए, लेकिन उस धनराशि का सदुपयोग करने के बजाय उन्होंने उसे लूट और दुरुपयोग में गंवा दिया। अगर उस धनराशि का सही इस्तेमाल हुआ होता तो आज हिमाचल कर्ज मुक्त होता।
    उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां प्रदेश विरोधी रही हैं और उनके शासनकाल में जनहित को प्राथमिकता नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछले 40 महीनों में व्यवस्था परिवर्तन के तहत काम करते हुए जनसेवा को केंद्र में रखा है। नीतिगत बदलाव किए गए, नए कानून बनाए गए और भ्रष्टाचार के रास्तों को बंद किया गया। उन्होंने भाजपा पर सोशल मीडिया के माध्यम से सत्ता हथियाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब सच्चाई जान चुकी है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एक लाख गरीब परिवारों की महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और 59 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पेंशन प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए गेहूं, मक्की और हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की गई है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के समय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में हिमाचल 21वें स्थान पर था, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब देशभर में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न लागू कर बच्चों के लिए नए अवसरों के द्वार खोले गए हैं। औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क परियोजना ऊना और प्रदेश की तकदीर और तस्वीर बदलने वाली परियोजना है। इससे केवल ऊना जिले में ही 10 हजार से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास का एक नया अध्याय शुरू होगा। ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए ठोस प्रयास किए गए हैं। पेखूबेला में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है और अन्य स्थानों पर भी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं।

    उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में आधुनिक मशीनरी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि गरीब और जरूरतमंद वर्ग को सशक्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 और 2025 में आई आपदाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अपने स्तर पर ऐतिहासिक राहत पैकेज जारी किए, लेकिन भाजपा का कोई भी नेता केंद्र से सहायता दिलाने के लिए आगे नहीं आया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की राहत राशि का प्रदेश आज भी इंतजार कर रहा है, लेकिन भाजपा में किसी नेता में यह साहस नहीं है कि वे प्रधानमंत्री से इस पर जवाब मांग सकें। उन्होंने कहा कि आरडीजी बंद होने से प्रदेश को लगभग 50 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जो प्रदेश का अधिकार है, न कि कोई खैरात।

    मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आंतरिक गुटबाजी का आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में 5 गुटों में बंटी है। जय राम ठाकुर अपनी कुर्सी बचाने के तनाव में हैं, इसी वजह से हर रोज मीडिया में कुछ न कुछ बयान देते रहते हैं। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक राकेश कालिया एवं विवेक शर्मा, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देश राज गौतम, हिमकोफेड के अध्यक्ष विक्रम शर्मा, एससी आयोग के सदस्य विजय डोगरा, कांग्रेस नेता अशोक ठाकुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

     

  • Punjab News : गौशाला में लापरवाही का मामला फिर गरमाया, एक गाय की मौत, दूसरी गंभीर घायल

    Punjab News : गौशाला में लापरवाही का मामला फिर गरमाया, एक गाय की मौत, दूसरी गंभीर घायल

    चंडीगढ़ः मक्खन माजरा स्थित गौशाला में एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक गाय मृत अवस्था में पाई गई, जबकि दूसरी गाय गंभीर रूप से घायल मिली है। इस घटना के बाद गौशाला प्रबंधन पर सवाल खड़े होने लगे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने गौशाला के अंदर गायों की खराब हालत देखकर प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि एक गाय की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी गाय गंभीर रूप से घायल थी और उसे उपचार की सख्त जरूरत थी।

    यह पहली बार नहीं है जब इस गौशाला में ऐसी घटना सामने आई हो। इससे पहले भी यहां कई गायों के मृत मिलने के मामले सामने आ चुके हैं, जिनके बाद काफी हंगामा हुआ था और गौशाला कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगे थे। बावजूद इसके, हालात में कोई खास सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।

     

     

  • राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026 के दूसरे दिन काफ़ रैली बनी आकर्षण का केंद्र

    राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026 के दूसरे दिन काफ़ रैली बनी आकर्षण का केंद्र

    ऊना/सुशील पंडित:  राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026 के दूसरे दिन हरोली मैदान रोड़ा में आयोजित काफ़ रैली मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इस प्रकार की काफ़ रैली पशुपालकों को तो प्रोत्साहित करती ही है, युवाओं को भी पशुपालन से जुड़ने के लिए प्रेरित करने में मददगार है। उन्होंने रैली के सफल आयोजन के लिए प्रबंधकों को बधाई दी। काफ़ रैली में क्षेत्रभर से आए पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसमें लगभग 50 दुधारू पशुओं को प्रदर्शित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान पशुपालन क्षेत्र से जुड़े लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रैली के अंतर्गत 0 से 6 माह आयु वर्ग के पशुओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त 5 से 6 दिन आयु वर्ग के बछड़ों की उपस्थिति ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में पशुओं की आयु के आधार पर उनकी वृद्धि (ग्रोथ), शारीरिक बनावट, सुडौलता, दांत तथा साफ-सफाई जैसे मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। इसमें पशुओं की तीन प्रमुख श्रेणियों – देशी नस्ल, विदेशी नस्ल तथा कटड़ियों के बीच मुकाबले आयोजित किए गए। देशी नस्ल वर्ग में गिर, साहीवाल तथा लाल सिंधी गायों ने अपनी विशेष पहचान बनाई। वहीं, विदेशी नस्ल वर्ग में होल्स्टीन फ्रिजियन (एचएफ) तथा जर्सी नस्ल के पशु आकर्षण का केंद्र रहे। कटड़ियों के वर्ग में मुर्राह नस्ल ने दर्शकों और विशेषज्ञों का विशेष ध्यान खींचा। इस आयोजन ने न केवल पशुपालकों को अपनी श्रेष्ठ नस्लों के प्रदर्शन का मंच प्रदान किया, बल्कि आधुनिक पशुपालन, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। काफ़ रैली ने उत्सव में ग्रामीण समृद्धि, पशुधन विकास और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की झलक प्रस्तुत की।
    *ये रहे काफ़ रैली के परिणाम*
    देशी गाय प्रतियोगिता में कांगड़ के देसराज की साहीवाल नस्ल की गाय ने प्रथम स्थान हासिल किया। घालूवाल की स्वामी यमुना की साहीवाल नस्ल ने दूसरा तथा हरोली के सुदर्शन की गिर नस्ल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार मुर्राह भैंस श्रेणी में सैंसोवाल के रजनीश कुमार की कटड़ी ने प्रथम, बीटन के प्रदीप कुमार की कटड़ी ने दूसरा तथा मलूकपुर के अमनदीप की कटड़ी ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा विदेशी नस्ल श्रेणी में चुरुड़ु के अभिनव मिन्हास की बछड़ी ने प्रथम, पूबोवाल के हेमराज की बछड़ी ने दूसरा तथा पालकवाह के ध्रुव की बछड़ी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
    उपमुख्यमंत्री ने विजेता बछड़ों/कटड़ियों और बछियों के मालिकों को गिफ्ट हैम्पर और पशुओं के लिए फीड की बोरी  देकर सम्मानित किया । वहीं, काफ़ रैली में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर एसडीएम विशाल शर्मा, उपनिदेशक पशुपालन डॉ. वीरेंद्र सिंह पटियाल सहित पशुपालन विभाग के वरिष्ठ पशु चिकित्सक (वेटेरिनरी डॉक्टर), फार्मासिस्ट तथा बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।
     
  • दिल दहला देने वाली वारदात: सो रहे दो मासूमों को मां ने कुल्हाड़ी से काटा… फिर खुद का भी रेता गला

    दिल दहला देने वाली वारदात: सो रहे दो मासूमों को मां ने कुल्हाड़ी से काटा… फिर खुद का भी रेता गला

    Crime News : ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के टंगरपाली गांव से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक मां ने अपने ही दो छोटे बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी जान देने की कोशिश की। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान रंजिता ओराम के रूप में हुई है। वह अपने पति और दो बच्चों के साथ गांव में रहती थी।

    घटना कैसे हुई?
    शनिवार रात को परिवार ने रोज की तरह खाना खाया और सोने चला गया। आधी रात के करीब रंजिता ने अपने पति को जगाया और किसी बहाने से घर के बाहर भेज दिया। जैसे ही पति बाहर गया, उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

    इसके बाद रंजिता ने अपने दोनों बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्चों में एक 10 साल की बेटी जिज्ञाशा और 5 साल का बेटा विभांशु शामिल हैं।

    खुदकुशी की भी कोशिश
    इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद रंजिता ने खुद भी अपनी जान लेने की कोशिश की। उसने किसी धारदार हथियार से अपना गला काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

    पति और पड़ोसियों ने देखा खौफनाक मंजर
    बाहर खड़े पति को जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं दिखी, तो उसे शक हुआ। उसने पड़ोसियों की मदद से खिड़की तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग दंग रह गए। दोनों बच्चे खून से लथपथ पड़े थे, जबकि रंजिता गंभीर हालत में जमीन पर पड़ी थी।

    अस्पताल में चल रहा इलाज
    घटना के तुरंत बाद रंजिता को झारसुगुड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बुर्ला स्थित वीएसएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (VIMSAR) रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।

    पुलिस जांच में क्या सामने आया?
    पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को इस घटना की वजह माना जा रहा है, लेकिन अभी तक असली कारण साफ नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर वैज्ञानिक टीम की भी मदद ली जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

    इलाके में दहशत का माहौल
    इस घटना के बाद पूरे गांव में डर और शोक का माहौल है। लोग इस बात से हैरान हैं कि एक मां अपने ही बच्चों के साथ ऐसा कैसे कर सकती है।

     

     

     

     

  • मुख्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 का शुभारंभ

    मुख्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 का शुभारंभ

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 का शुभारंभ किया। यह उत्सव सोमभद्रा नदी के तट पर हरोली मैदान रोड़ा में 11 से 14 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सोमभद्रा नदी तट स्थित हरोली मैदान, रोड़ा में माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर की पावन ज्योति की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पारंपरिक पगड़ी पहने मुख्यमंत्री शोभायात्रा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप, बैंड-बाजों की गूंज और लोक संस्कृति से सजे सांस्कृतिक दलों ने माहौल को जीवंत कर दिया। इस अवसर पर उमड़ा जनसैलाब उत्सव के प्रति लोगों के उत्साह का साक्षी बना।

    मुख्यमंत्री ने उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्सव की स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्होंने सभी को हरोली उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृति विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे उत्सव समाज को जोड़ते हैं और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाते हैं।

    मुख्यमंत्री ने इस भव्य आयोजन के लिए उपमुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली उत्सव जन-जन का उत्सव है। बैसाखी की खुशियों से भरा यह आयोजन हरोली के लोगों के जीवन में खुशी, ऊर्जा और एकता का संचार करने का माध्यम है। सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास और सांस्कृतिक समृद्धि को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल ने लोकप्रिय गीतों से समां बांधा। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और पूरे मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा। इससे पहले अभिज्ञा बैंड की प्रस्तुति ने लोगों का दिल जीता।

     

    इस अवसर पर विधायक राकेश कालिया, सुदर्शन बबलू और विवेक शर्मा, पूर्व मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, पूर्व विधायक ऊना सतपाल सिंह रायजादा, एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, हिमोकोफेड के अध्यक्ष विक्रम शर्मा, हिमाचल पूर्व सैनिक निगम के अध्यक्ष कर्नल मनीष कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देशराज गौतम, हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, उपायुक्त ऊना जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थेे।

  • देवभूमि सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन

    देवभूमि सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन

     शिविर में 112 यूनिट रक्त किया एकत्रित 
    बद्दी/सचिन बैंसल: देवभूमि सोशल वेलफेयर सोसाइटी हिमाचल द्वारा समाज सेवा की भावना को साकार करते हुए अमरावती कॉलोनी स्थित क्लब हाउस में एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 112 यूनिट रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम का शुभारम्भ बद्दी के डीएसपी ने दीप प्रज्जवलित करके किया! शिविर में पीजीआई चंडीगढ़ की विशेषज्ञ टीम ने पहुंचकर रक्त संग्रहण की प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न किया। टीम ने सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद ही रक्तदान करवाया! इस अवसर पर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं अल्पाहार सहित दिन भर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया! सोसाइटी के प्रधान राजेश पटियाल ने इस सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर देवभूमि संस्था के प्रमुख सदस्य व् अन्य अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। तथा अमरावती  अपार्टमेंट सोसाइटी फेस-4, *”नर नारायण सेवा समिति” एवं ‘शिव मणिमहेश सेवा दल’ की टीम के प्रधान एवं सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। ASASसफल आयोजन के लिए संस्था ने सभीरक्तदाताओं का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया!
     
  • Punjab News : मनीष सिसोदिया ने बोला हमला, कहा- BJP डरा-धमकाकर कर रही राजनीति , देखें वीडियो

    Punjab News : मनीष सिसोदिया ने बोला हमला, कहा- BJP डरा-धमकाकर कर रही राजनीति , देखें वीडियो

    धार्मिक प्रोग्राम में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा,  लाल चंद कटारूचक व मनीष सिसोदिया हुए शामिल

    पठानकोटः जिले में आज हिंदू नव वर्ष के मौके पर एक बड़ा धार्मिक और कल्चरल प्रोग्राम रखा गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा,  कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक और आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता मनीष सिसोदिया खास तौर पर मौजूद रहे।

    मंच से संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि क्या बीजेपी खुद को सनातन धर्म का ठेकेदार मानती है, जबकि सनातन धर्म पूरे भारत का है और सबका है। धर्म के नाम पर राजनीति करना गलत है और इससे समाज में फूट पड़ती है।

    उन्होंने आगे कहा कि BJP डरा-धमकाकर राजनीति कर रही है और जो भी सच बोलता है, उसके खिलाफ झूठे केस दर्ज कर दिए जाते हैं। मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि वह खुद भी इसका शिकार हुए हैं और उन्हें 18 महीने जेल में बिताने पड़े। इस मौके पर दूसरे नेताओं ने भी लोगों को हिंदू नववर्ष की बधाई दी और समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। ​​प्रोग्राम के दौरान धार्मिक गानों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।