Blog

  • इस मामले में भारत ने कनाडा सरकार को दी हिदायत, जाने मामला

    इस मामले में भारत ने कनाडा सरकार को दी हिदायत, जाने मामला

    नई दिल्लीः ‘खालिस्तान जनमत संग्रह’ 6 नवंबर को होने की खबरें हैं। जस्टिन ट्रूडो सरकार को सख्त संदेश देते हुए, भारतीय उच्चायोग ने कहा है कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस, सिख छात्रों को आतंक और हिंसा को बढ़ावा देने के अलावा वोट देने की अनुमति देकर धार्मिक आधार पर छात्र समुदाय का ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में कनाडा को 6 नवंबर को ओंटारियो में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन “सिख फॉर जस्टिस” द्वारा तथाकथित “खालिस्तान जनमत संग्रह” की निंदा करनी चाहिए।

    भारत ने कनाडा से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के खिलाफ आतंक और हिंसा को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। कनाडा की जस्टिन ट्रूडो सरकार से भारत ने तथाकथित जनमत संग्रह को रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि किसी भी कनाडाई सरकारी संपत्ति का इस्तेमाल भारतीय लोगों के खिलाफ नफरत फैलाने या हिंसा का आह्वान करने के लिए न किया जाए। कनाडा में खालिस्तानी जनमत संग्रह के संबंध में न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को, ओटावा में भारतीय उच्चायोग ने ओंटारियो में ग्लोबल अफेयर्स कनाडा के कार्यकारी निदेशक को डिमार्शे दिया। इसमें कहा गया कि मिसिसॉगा में पॉल कॉफ़ी एरिना में 6 नवंबर तथाकथित जनमत संग्रह दूसरा गैरकानूनी अभ्यास होगा। भारत ने कहा, प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने एक और रेफरेंडम आयोजित कर रहा है। इस तरह का अभ्यास विगत 18 सितंबर को ब्रैम्पटन, ओंटारियो में भी हुआ था। भारत ने कनाडा को सूचित किया है कि भारत विरोधी गतिविधियों को हिंसक आतंकवादी संगठनों द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे लोग निर्दोष नागरिकों की हत्या की वकालत करते हैं।

    नई दिल्ली स्थित भारतीय उच्चायोग ने जस्टिन ट्रूडो सरकार को याद दिलाया है कि दोनों देश एक-दूसरे की सुरक्षा और राष्ट्रीय हित के लिए हानिकारक गतिविधियों के लिए अपने क्षेत्रों के उपयोग की अनुमति नहीं देने के लिए उच्चतम स्तर पर सहमत हुए थे। कनाडा सरकार ने पहले भारत को लिखित रूप में बताया था कि वह इस तरह के तथाकथित “जनमत संग्रह” को 16 सितंबर, 2022 को एक नोट वर्बल के माध्यम से मान्यता नहीं देती है। भारत ने कनाडा और अमेरिका से एसएफजे के आतंकवादी नेता जी एस पन्नू के खिलाफ कई बार सुरक्षा और राजनयिक चैनलों के माध्यम से कार्रवाई करने को भी कहा है। हालांकि, दोनों देशों ने बिना कोई स्पष्टीकरण दिए अभी तक कार्रवाई का रास्ता नहीं चुना है।

  • पंजाबः 2 महिला पुलिस कर्मियों ने युवती को जड़े थप्पड़, डीजीपी ने लिया एक्शन

    पंजाबः 2 महिला पुलिस कर्मियों ने युवती को जड़े थप्पड़, डीजीपी ने लिया एक्शन

    बटालाः पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला कस्बे में एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में 2 महिला पुलिस कर्मियों द्वारा युवती को थप्पड़ मारे जा रहे है। वायरल वीडियो डीजीपी गौरव यादव तक पहुंच गया। जिसके बाद डीजीपी ने संज्ञान लेते हुए दोनों महिला कर्मियों को ट्रांसफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि युवती आइलेट्स की परीक्षा देने के बाद दोस्त संग पार्क में जन्मदिन मना रही थी। इस बीच महिला पुलिस कर्मी आईं और उन्हें डांटने लगीं। यह देखकर लड़का भाग गया, लेकिन दोनों पुलिस कर्मियों ने युवती को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।

    वे दोनों पुलिसकर्मी बार-बार युवती को अपने परिवार से बातचीत करवाने की बात कर रही थीं और युवती को गंदगी फैलाने जैसे ताने मार रही थीं। दोनों ने युवती के मुंह पर कई थप्पड़ मारे। इसका वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला कर्मियों ने युवती को छोड़ दिया था और मामला भी शांत हो गया, लेकिन यह वीडियो डीजीपी पंजाब गौरव यादव के पास पहुंच गया।

    गौरव यादव ने तुरंत एक्शन लेते हुए दोनों महिला पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर कर दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू करवा रिपोर्ट मांग ली है। डीजीपी ने दोनों महिला कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन लेने के साथ-साथ पुलिस को अनुशासन बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस में ऐसी बेरहमी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पुलिस फोर्स में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

  • जालंधरः निगम की कार्रवाई, परागपुर और रामामंडी इलाके में 5 कमर्शियल प्रॉपर्टी की सील

    जालंधरः निगम की कार्रवाई, परागपुर और रामामंडी इलाके में 5 कमर्शियल प्रॉपर्टी की सील

    जालंधर/वरुण: नगर निगम प्रॉपर्टी टैक्स की बकाया राशि को लेकर एक्शन के मोड में दिखाई दे रहा है। वहीं निगम की प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच ने प्रॉपर्टी टैक्स के डिफाल्टरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सुपरिंटैंडैंट महीप सरीन की अगुवाई वाली टीम ने जीटी रोड पर परागपुर और रामामंडी इलाके में बकाया टैक्स को लेकर 5 कमर्शियल प्रॉपर्टी को सील कर दिया।

    सील करके निगम कमिश्नर के आदेश का नोटिस चिपका दिया गया है। कहा गया है कि बगैर बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराए सीलिंग से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महीप सरीन ने कहा कि सीलिंग की कार्रवाई से बचने के लिए लोग अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराएं। कार्रवाई करने वाली टीम में सुपरिंटैंडैंट राजीव रिशी, भूपिंदर सिंह और भूपिंदर सिंह बंडिंग शामिल थे।

  • दिन-दिहाड़े चली अंधाधुंध गोलियां, 4 जख्मी, इलाके में दहशत

    दिन-दिहाड़े चली अंधाधुंध गोलियां, 4 जख्मी, इलाके में दहशत

    बेतियाः बिहार में एक बार फिर अंधाधुंध फायरिंग का मामला सामने आया है। पश्चिम चंपारण जिले के मुख्यालय बेतिया से 20 किलोमीटर दूर योगापट्टी थाना इलाके के गोलाघाट डुमरी अहिरौली गांव में वीरवार सुबह अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। फायरिंग में वार्ड सदस्य सहित चार लोग जख्मी हो गए हैं। गोली चलने के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। घायलों को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने एक अपराधी को पिस्टल सहित पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है।
    अस्पताल में राजा बाबू पटेल ने बताया कि वे अपने भाइयों के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक से एक अपराधी आया। उसने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। अपराधी ने उनको निशाना बना फायरिंग कर दी। गोली उनके गले में लग गई। इसे देख लोग उसे पकड़ने दौड़े तो अपराधी ने ग्रामीणों पर भी तीन फायरिंग की। जिससे अन्य लोगों को भी गोली लग गई। 

    ग्रामीणों ने बताया कि अपराधी के भागने के बाद लोगों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। तब वह सरेह में चला गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना देकर उसे चारों तरफ से घेर लिया। लेकिन डर के मारे उसके करीब कोई नहीं जा रहा था। बाद में काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। योगापट्टी पुलिस गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर रही है। घायलों में डुमरी पंचायत के वार्ड सदस्य राजा बाबू पटेल, उनके भाई विजय कुमार पटेल, ग्रामीण सुधन मांझी व रुस्तम मियां जख्मी हुए हैं। राजा बाबू पटेल को गले मे गोली लगी है।

  • पीएम मोदी ने चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस को दी हरी झंडी

    पीएम मोदी ने चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस को दी हरी झंडी

    शिमलाः प्रधानमंत्री ने आज देश को चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात दी। पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश के ऊना रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। नई वंदे भारत ट्रेन हिमाचल प्रदेश के अंब-अंदौरा से नई दिल्ली के बीच चलेगी। 19 अक्टूबर से इस ट्रेन की शुरुआत आम लोगों के लिए हो जाएगीष पीएम मोदी आज हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं।

    बता दें, हिमाचल प्रदेश में इस साल चुनाव भी होने हैं। देश की सबसे तेज रफ्तार से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली-ऊना के बीच की दूरी करीब साढ़े पांच घंटे में तय करेगी। इस दौरान यह ट्रेन अंबाला, चंडीगढ़ और आनंदपुर साहिब स्टेशन पर दो-दो  मिनट ठहरेगी। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने 30 सितंबर को अहमदाबाद में वंदे भारत और मेट्रो परियोजना के फेस-1 का उद्घाटन किया था। इस दौरान पीएम मोदी ने गांधीनगर से अहमदाबाद के बीच ट्रेन यात्रा भी की थी।

    आधुनिक सुविधा से लैस इस ट्रेन के चलते अहमदाबाद और मुंबई के बीच की दूरी 8 घंटे से घटकर साढ़े पांच घंटे में तय की जा सकती है। बता दें, वंदे भारत ट्रेन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इनमें जीपीएस आधारित सूचना सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, वैक्यूम आधारित बायो टॉयलेट, ऑटोमैटिक स्लाइडिंग डोर समेत तमाम सुविधाएं हैं। नई खूब‍ियों से लैस नेक्‍स्‍ट जनरेशन वाली वंदे भारत 2.0 ट्रेन में कवच (ट्रेन कोलिजन अवॉइडेंस सिस्टम) की सुविधा है। इसके तहत हर कोच में चार इमरजेंसी विंडो जोड़े जाने से अधिक सुरक्षा मिलेगी।

  • पंजाबः इंटेलिजेंस हैडक्वार्टर पर हुए RPG अटैक मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, DGP ने दी जानकारी

    पंजाबः इंटेलिजेंस हैडक्वार्टर पर हुए RPG अटैक मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, DGP ने दी जानकारी

    मोहालीः पंजाब पुलिस के मोहाली स्थित इंटेलिजेंस हैडक्वार्टर की बिल्डिंग पर हुए आरपीजी अटैक मामले में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पंजाब पुलिस ने सेंट्रल एजेंसी और एटीएस महाराष्ट्र के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन चला इस हमले में मुख्य आरोपी चरत सिंह को पकड़ा है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने यह जानकारी खुद सोशल मीडिया पर सांझी की है।

    अब उसे जल्द पुलिस पंजाब लाकर रिमांड लेगी। इससे पहले हाल ही में पुलिस ने 9 मई की रात हुए इस हमले में कोर्ट में चार्जशीट दायर की थी। कुल 13 आरोपियों में से 7 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई थी। अब आरोपी चरत सिंह के पकड़े जाने के बाद उसके खिलाफ सप्लीमेंट्री चालान पेश किया जाएगा। मामले में एक नाबालिग भी पकड़ा जा चुका है।

    आरोपियों पर आईपीसी की धारा 307, 212, 216,120 बी, एक्सप्लोसिव और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। जानकारी के मुताबिक पुलिस की चार्जशीट में घटना को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और गैंगस्टर ने रचा था। आईएसआई की पनाह पाए आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा ने हमले की जिम्मेदारी पिछले दिनों पकड़े गए नाबालिग और हरियाणा के गैंगस्टर दीपक सुरखपुर को सौंपी थी। इस हमले में पंजाब के गैंगस्टर लखविंदर सिंह लंडा ने भी सहयोग किया था। लंडा फिलहाल कनाडा में है, जबकि रिंदा पाकिस्तान में छिपा हुआ है।

  • पंजाबः घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को झटका, जानें कितने रुपए बढ़े रेट 

    पंजाबः घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को झटका, जानें कितने रुपए बढ़े रेट 

    चंडीगढ़ः पावरकॉम द्वारा खर्च रिकवर करने के लिए सरकार को भेजी गई सिफारिश के तहत सरकार ने बिजली बिल में बढ़ोतरी कर जनता की परेशानी बढ़ा दी है। पंजाब में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 300 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली की सुविधा देने के साथ ही बिजली की दरों में बढ़ौतरी को मंजूरी दे दी गई। पावरकॉम द्वारा खर्च रिकवर करने के लिए बिजली की दरों में 12-13 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से दरें बढ़ाने की फाइल सरकार को भिजवाई गई थी जिस पर सरकार ने मोहर लगा दी है।  बिजली दरों में बढ़ौतरी लागू करने का सर्कुलर जल्द ही जारी किया जा रहा है।

     घरेलू व इंडस्ट्री पर अलग-अलग दरें लागू की जा रही हैं। इसमें घरेलू उपभोक्ताओं का के.डब्ल्यू.एच. (किलो वाट ऑवर) के हिसाब से 12 पैसे जबकि इंडस्ट्री का केवीएएच (किलो वाट एंपियर ऑवर) के अनुसार 13 पैसे शुल्क बढ़ाया जा रहा है। गर्मी के सीजन में निर्विघ्न सप्लाई मुहैया करवाने के लिए पावरकॉम ने महंगी बिजली व कोयले की खरीद की थी जिसके चलते विभाग को तय दरों से महंगी बिजली मिली। 

    नियमों के अनुसार 2 तिमाही तक दरें बढ़ाने के लिए सरकार से मंजूरी लेनी पड़ती है जबकि अंतिम दो तिमाही में बिजली का शुल्क बढ़ाना हो तो रैगुलेटरी कमीशन से इजाजत मिलना जरूरी है। सरकार द्वारा 12-13 पैसे की बढ़ौतरी करने का घरेलू उपभोक्ताओं पर कोई अधिक प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा क्योंकि 300 यूनिट प्रति माह मुफ्त मिलने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को शून्य बिल प्राप्त हुए हैं। दरें बढऩे के बाद इंडस्ट्री की प्रोडक्शन महंगी होगी व आने वाले समय में इसका विरोध देखने को मिल सकता है। 

  • पंजाबः सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में रिश्तेदार काबू, विदेश भागने की था फिराक में

    पंजाबः सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में रिश्तेदार काबू, विदेश भागने की था फिराक में

    चंडीगढ़ः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में शामिल कातिल विदेश भागने की फिराक में था। पुलिस ने गांव मूसा के रहने वाले जगतार सिंह को आज अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। जगतार सिंह के खिलाफ एलओसी(लुक आउट सर्कुल) नोटिस जारी था और जब वह इमीग्रेशन के लिए काउंटर पर पहुंचा तो उसे कस्टम विभाग ने काबू कर लिया।

    जगतार को मानसा पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। जगतार सिंह अमृतसर से दुबई जाने वाली फ्लाइट sg55 पकड़ने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट आया था। फिलहाल जगतार सिंह को कस्टम विभाग के अधिकारियों द्वारा थाना एयरपोर्ट की पुलिस के हवाले कर दिया गया है। बहुत जल्द मानसा पुलिस उसे अमृतसर से प्रोडक्शन वारंट पर लेने पहुंच रही है।

    प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किया गया जगतार सिंह कोई और नहीं बल्कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का रिश्तेदार है। सिद्दू मूसेवाला मर्डर केस से पहले जगतार सिंह ने उसकी बहुत सी जानकारियां कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई तक पहुंचाई थी।

  • हिजाब मामले पर इस मंत्री का बड़ा बयान कहा-  महिलाओं को देख जिनका मन मचलता था…

    हिजाब मामले पर इस मंत्री का बड़ा बयान कहा- महिलाओं को देख जिनका मन मचलता था…

    नई  दिल्ली:  मामले पर सुप्रीम कोर्ट के दोनों जजों की राय अलग-अलग है।  आपको बता दें कि जस्टिस धूलिया और जस्टिस हेमंत गुप्ता दोनों की राय इस मामले पर बटी हुई है।  कई दौर की सुनवाई के बाद आज जब फैसले की घड़ी आई तब जस्टिस धूलिया ने कर्नाटक हाईकोर्ट का फैसला खारिज कर दिया।  जबकि जस्टिस गुप्ता उस फैसले से इत्तेफाक रखते थे।  इसलिए अब हिजाब मामले को सीजेआई (CJI) को रेफर कर दिया है। कर्नाटक से शुरू हुआ ये विवाद कई मोड़ लेते हुए पहले हाईकोर्ट और आखिर में देश की सबसे बड़ी अदालत पहुंचा।  देशभर के नेताओं की हिजाब मामले पर प्रतिक्रिया आ रही है।  ऐसे में हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर (CM Manohar Lal Khattar) की कैबिनेट के मंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने हिजाब को लेकर बड़ा बयान दिया है। 

     महिलाओ को हिजाब से मुक्ति दें: विज

    सुप्रीम कोर्ट का अपडेट आने से पहले हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने एक ट्वीट करते हुए हिजाब मामले पर लिखा, ‘जिन पुरुषों का महिलाओ को देखकर मन मचलता था उन्होंने ही महिलाओं को हिजाब डालने के लिए मजबूर किया।  आवश्यकता तो अपने मन को मजबूत करने की थी परंतु सजा महिलाओं को दी गई।  उनको सिर से लेकर पांव तक ढ़ाक दिया।  यह सरासर नाइंसाफी है. पुरुष अपना मन मजबूत करे और महिलाओ को हिजाब से मुक्ति दें.’ इससे पहले जस्टिस हेमंत गुप्ता और जस्टिस सुधांशु धूलिया की बेंच में 10 दिनों तक हिजाब विवाद पर जोरदार बहस चली।  जिरह के दौरान मुस्लिम पक्ष ने जहां एक ओर हिजाब की तुलना पगड़ी और क्रॉस से की, तो जस्टिस हेमंत गुप्ता ने इस पर तीखी टिप्पणी की थी।  आपको बता दें कि दस दिन तक चली सुनवाई के बाद 22 सितंबर को पीठ ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।  आज जजों की राय अलग-अलग होने पर मामले को सीजेआई के पास भेज दिया गया है। 

  • करवा चौथ पर  ‘पत्नी’ और ‘गर्लफ्रेंड’ में हुई लड़ाई, जानिए पूरा माजरा

    करवा चौथ पर  ‘पत्नी’ और ‘गर्लफ्रेंड’ में हुई लड़ाई, जानिए पूरा माजरा

    मुंबई: कॉमेडियन कपिल शर्मा का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है जो कि काफी तेजी से वायरल हो रहा है। करवा चौथ के मौके पर कपिल शर्मा का ये वीडियो उनके फैंस को खूब हंसा रहा है। दरअसल, कपिल शर्मा के लिए ऑनस्क्रीन पत्नी बिंदू शर्मा (Sumona Chakravarti) और पड़ोसन गजल (Srishty Rode) ने करवाचौथ का व्रत रखा है. ऐसे में दोनों ने दूसरे से भिड़ती भी दिखाई दे रही हैं।

    शो को प्रोमो हो रहा है वायरल

    ये प्रोमो वीडियो कपिल शर्मा ने खुद अपने फैंस के साथ सोशल मीडिया के जरिए शेयर किया है। बता दें कि जहां एक ओर देश भर में करवा चौथ की धूम है तो वहीं कपलि शर्मा भी अपने शो में करवाचौथ स्पेशल एपिसोड लेकर आ रहे हैं।

    सुमोना और सृष्टि में हुई लड़ाई

    प्रोमो में सुमोना चक्रवर्ती और सृष्टि रोड़े शादीशुदा लुक में देखने को मिल रही हैं। वीडियो  में आप देख सकते हैं कि दोनों सिर से पांव तक सोलह ऋृंगार में डूबी हैं. उनके मन में जो चल रहा है, वह प्रोमो में दिखाया गया है. सुमोना यानी बिंदू शर्मा मन में बोलती हैं, ‘तुमने किसके लिए करवा चौथ का व्रत रखा है.’ उधर सृष्टि रोड़े मन में जवाब देती हैं, ‘मैंने अपने कप्पू के लिए व्रत रखा है। तब सुमोना और सृष्टि के बीच झगड़ा हो जाता है. एक कहती है कि कप्पू मेरा पति है तो दूसरी कहती है कि कप्पू मेरा प्यार है. तब सुमोना यानी बिंदू आगे कहती हैं-इतना है तो कोशिश करके देख लो, मैं तुम्हें कप्पू का ‘पू’ भी नहीं लेने दूंगी. सृष्टि यानी गजल जवाब देती हूं- मुझे तो कप्पू पूरा चाहिए।

    इसी बीच कपिल शर्मा एंट्री करते हैं और दोनों से कहते हैं-कोई मुझसे भी तो पूछ लो. बस फिर, सभी की हंसी छूट जाती है। इस वीडियो पर कमाल के रिएक्शन आ रहे हैं. खुद सुमोना ने भी वीडियो पर कमेंट किया. उन्होंने कपिल शर्मा को सलाह दी कि उन्हें उनके और सृष्टि और पत्नी गिन्नी चतरथ तीनों के लिए करवा चौथ का व्रत रखना चाहिए. सुमोना के इस कमेंट पर फैंस हंसी नहीं रोक पाए।