Home Punjab>Firozpur Punjab News: आज बारिश होने पर किसानों के खिले चेहरे, 16 जिलों में अलर्ट जारी

Punjab News: आज बारिश होने पर किसानों के खिले चेहरे, 16 जिलों में अलर्ट जारी

0
Punjab News: आज बारिश होने पर किसानों के खिले चेहरे, 16 जिलों में अलर्ट जारी

फिरोजपुरः जिले के ब्लॉक ममदोट क्षेत्र में आज सुबह करीब 4 बजे रिमझिम बारिश हुई। जिससे किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई। पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी और बिजली कटौती के कारण कई स्थानों पर धान की फसल को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था, जिससे फसल सूखने लगी थी। सुबह हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और धान की फसल को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि यह बारिश समय पर हुई है, जिससे सिंचाई का खर्च भी कम होगा और फसल की बढ़वार बेहतर होगी।

वहीं मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के 16 जिलों में बारिश होने की संभावना है। पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गुरदासपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, तरनतारन, मोगा, बर्णाला और संगरूर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएँ भी चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 2 से 3 घंटों में चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला (ट्राइसिटी) में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज झोंकों वाली हवाएँ भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 17 जुलाई तक किसी भी जिले के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। हालांकि विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। 13 जुलाई से मानसून की रफ्तार कम होने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी फिर बढ़ सकती है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 से 11 जुलाई के दौरान पंजाब में 52.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 49.6 मिलीमीटर की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है। यह दर्शाता है कि इस सीजन में मानसून सामान्य से बेहतर रहा है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here