Blog

  • Punjab News: भारत से श्री ननकाना साहिब के लिए भेजी पालकी साहिब, देखें वीडियो

    Punjab News: भारत से श्री ननकाना साहिब के लिए भेजी पालकी साहिब, देखें वीडियो

    अटारी बॉर्डरः पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी के जन्मस्थान गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पाकिस्तान की सुंदरता बढ़ाने के लिए सुंदर फाइबर से बनी सुनहरी पालकी साहिब को पाकिस्तान के लिए भेजा है। भारतीय कस्टम्स ने अटारी बॉर्डर के रास्ते से पाकिस्तान कस्टम्स को पालकी साहिब को सौंपा है।
    संत महापुरुष बाबा दर्शन सिंह कुल्ली वाले के सेवक बाबा गुरदेव सिंह कुल्ली वाले द्वारा तैयार की सुंदर पालकी साहिब को भाई महेश सिंह सिंध ने खास तौर पर ऑर्डर किया है। पालकी साहिब को ICP अटारी बॉर्डर भारतीय कस्टम कमिश्नर एपी चौधरी, सुपरिंटेंडेंट कस्टम अशोक कुमार और BSF के सहयोग से भारत से पाकिस्तान भेजा गया है। सिख जत्थे को लीड कर रहे हैं। शिरोमणि कमेटी जत्थे के लीडर भाई भूपिंदर सिंह भलवान ने बताया कि वह पालकी साहिब लेकर शिरोमणि कमेटी जत्थे के साथ पाकिस्तान जा रहे हैं। पालकी साहिब को भारत और पाकिस्तान के बीच जॉइंट अटारी-वाघा बॉर्डर के ज़ीरो पॉइंट पर पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रेसिडेंट रमेश सिंह अरोड़ा और भाई महेश सिंह के साथियों को सौंपा जाएगा।  
  • Punjab News: बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज बारिश और आंधी की चेतावनी

    Punjab News: बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज बारिश और आंधी की चेतावनी

    मोहालीः पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अपना रुख बदल दिया है। मौसम विभाग ने 14 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज गरज और आंधी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के लिए अगले कुछ घंटों के दौरान भी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है, जबकि मोहाली में पहले ही बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, बुधवार को पंजाब में अधिकतम तापमान में थोड़ा परिवर्तन दर्ज किया गया है, लेकिन यह सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बठिंडा में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, पंजाबभर में बारिश और तेज हवाओं के चलने का अनुमान है, जबकि पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, हुस्सियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), कपूरथला, जालंधर और फतेहगढ़ साहिब समेत कुछ जिलों में आंधी भी हो सकती है।

    मौसम विभाग के अनुसार 12 जून को पंजाब के सभी 22 जिलों में बारिश और तेज गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है, कुछ स्थानों पर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 13 जून को पठानकोट, हुस्सियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, रूपनगर, पटियाला, मोहाली, श्री मुख्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में गरज, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसी के साथ 14 जून को इन जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को इस खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जाती है।

    इस दौरान, मंगलवार शाम को आए एक तेज तूफान ने एक परिवार के लिए दुखद साबित हुआ। मानसा के लल्लुआणा रोड पर तेज हवाओं के दौरान एक लोहा का गेट गिरने से नौ वर्षीय दिलशान की मौत हो गई। वह अपने दादा-दादी के साथ दूध खरीदने जा रहा था कि तेज तूफान के दौरान गेट, दीवार आदि इसके ऊपर गिर पड़ा। दिलशान पाँचवीं कक्षा का छात्र था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसका अंतिम संस्कार बुधवार को किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और अगले तीन से चार दिनों में देश के कई और राज्यों में प्रवेश कर सकता है। हालांकि, मानसून अभी आधिकारिक तौर पर पंजाब में नहीं पहुंचा है। इसके बावजूद, पंजाब से बिहार तक फैली मौसम प्रणाली और एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आगामी कुछ दिनों तक राज्य में मौसम अस्थिर रहेगा।

     

  • Jalandhar News: इस इलाके में बाइक सवारों ने किया घर और दुकान पर हमला, एक काबू, देखें वीडियो

    Jalandhar News: इस इलाके में बाइक सवारों ने किया घर और दुकान पर हमला, एक काबू, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: सिल्वर प्लाजा के पास न्यू गोबिंद नगर में देर रात भारी हंगामा देखने को मिला। मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार होकर आए 3 हमलावरों द्वारा घर और बुटीक के दुकान पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। घटना को अंजाम देकर भाग रहे नौजवानों में से एक को लोगों ने काबू कर लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। काबू किए गए नौजवान की पहचान निखिल के रूप में हुई है। लोगों ने घटना की सूचना थाना 8 की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस निखिल नामक युवक को काबू करके उसका मेडिकल करवाने सिविल अस्पताल ले गई।

    पुलिस को दी शिकायत में रविंदर जीत कौर पत्नी नरिंदर सिंह निवासी न्यू गोबिंद नगर ने कहा कि वह घर के साथ ही बुटीक चलाती है। उन्होंने कहा कि देर रात बाइक सवार 3 युवकों ने उनके घर के गेट और बुटीक के शटर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। उसके बेटे को ललकारा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि जैसे वह सब लोग बाहर निकले तो हमलावरों ने भागने की कोशिश की जबकि कुछ दूरी पर सड़क पर पड़ी ईंटों से टकरा कर वह गिर गए।

    इस दौरान लोगों ने निखिल को काबू कर लिया और उसकी जमकर छित्तर परेड की गई। बताया जा रहा है कि लोगों ने निखिल के कब्जे से एक तेजधार हथियार भी बरामद किया गया। वहीं पुलिस ने बताया कि निखिल का झगड़ा हुआ था। इसी मामले को लेकर समझौता भी हुआ था। जिसके बाद निखिल और नौजवानों द्वारा बाइक तोड़ी गई और दातर से शटर पर हमला किया गया। इस मामले में निखिल को काबू कर लिया गया। पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी, शेयर बाजार में आई गिरावट

    कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी, शेयर बाजार में आई गिरावट

    नई दिल्लीः अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव व कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते शेयर बाजार फिर गिरावट के साथ खुले हैं। दरअसल, पश्चिम एशिया में घमासान बढ़ने से कच्चे तेल की कीमत में करीब 2% तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड 2 प्रतिशत से ज़्यादा बढ़कर लगभग $95.40 प्रति बैरल हो गया, जबकि WTI क्रूड लगभग 3 प्रतिशत बढ़कर $92.63 प्रति बैरल हो गया। इस कदम से ग्लोबल एनर्जी सप्लाई और महंगाई को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ गई हैं, खासकर भारत जैसी तेल आयात करने वाली अर्थव्यवस्थाओं के लिए यह ज्यादा चिंता की बात है।

    इसका असर आज शेयर बाजार पर दिख रहा है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 400 अंक से अधिक की गिरावट आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 23,100 अंक से से नीचे आ गया। सेंसेक्स पिछले सत्र में 73,983.18 अंक पर बंद हुआ था और आज यह 73,615.99 अंक पर खुला। 9.21 बजे यह 289.38 अंक यानी 0.39% गिरावट के साथ 73,693.80 अंक पर ट्रेड कर रहा था।

    निफ्टी 75.30 अंक यानी 0.32% टूटकर 23,139.65 अंक पर आ गया। इस बीच रुपया डॉलर के मुकाबले 35 पैसे की गिरावट के साथ 95.60 पर खुला। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर गिरावट के साथ खुले। आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। एचसीएल टेक का शेयर 2.96 फीसदी गिरावट के साथ खुला। इसके साथ ही इन्फोसिस, इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, टाइटन, टीसीएस, एशियन पेंट्स और टाटा स्टील में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर पावरग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा और भारती एयरटेल में तेजी रही।

     

  • आज का राशिफल, 11 जून 2026

    आज का राशिफल, 11 जून 2026

    आज का दिन दो हिस्सों में बंटा है। सुबह रेवती नक्षत्र की दिव्य कृपा है, जो मन को शांत और गहरा रखती है। शाम के बाद गंडांत की ऊर्जा पुरानी उलझनों को सतह पर लाएगी। इस वक्त बड़े फैसलों को लेने से बचें और मन को शांत रखें। बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ हर राशि को संभाले हुए है। मिथुन और कुंभ राशि के जातकों की रचनात्मकता में आएगा निखार। मीन और धनु राशि वालों को मानसिक शांति मिलेगी। आइए जानते हैं आज का भविष्यफल।

    मेष राशि : सुबह मन शांत रहेगा, शाम को धैर्य रखें। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन दो हिस्सों में बंटा है। सुबह घर में सुकून और परिवार के सदस्यों के साथ रिश्तों में गर्माहट रहेगी। मां के साथ बात करें तो कुछ अच्छा हो सकता है। जमीन-जायदाद से जुड़े किसी काम में आज बन सकते हैं। बातचीत में आज एक खास गहराई है, जो कहेंगे वो असर करेगा। मंगलदेव की ताकत से आत्मविश्वास बना रहेगा। मगर, शाम के बाद एक बात का खास ख्याल रखें। मन में कोई पुराना दर्द या कोई पुरानी बात उठ सकती है। उसे दबाएं नहीं लेकिन उस वक्त कोई बड़ा फैसला भी मत लें। बस उस एहसास को गुजरने दें, यह एक पुराने बोझ का जाना है। रात तक एक नई ताजगी और हल्कापन महसूस होगा।

    वृषभ राशि : कमाई के मौके को हाथ से न जाने दें। वृष राशि वालों के लिए आज सुबह से दोपहर तक का वक्त पैसों और नेटवर्किंग के मामले में अनुकूल है। किसी पुराने किए गए काम से मिलने वाला लाभ जो अटका हुआ था, वो आज मिल सकता है। जो काम लंबे समय से चल रहा था, उसका एक हिस्सा आज पूरा होगा और मन को सुकून मिलेगा। बातचीत और संचार में आज जो भी बोलेंगे उसमें एक स्नेह और समझदारी होगी जो दूसरों को अच्छी लगेगी। पैसों के मामले में बुधदेव की गहरी सोच काम आएगी। शाम के बाद थोड़ा संभलकर चलें। किसी बात पर मन उदास हो सकता है या कोई पुरानी उलझन उठ सकती है। उस वक्त कोई बड़ा वित्तीय फैसला लेने से बचें। थकान भी हो सकती है, आराम करें।

    मिथुन राशि : करियर में एक पुराना अध्याय बंद होगा। मिथुन राशि वालों के लिए आज करियर के मोर्चे पर एक ऐसा दिन है, जो लंबे समय तक याद रहेगा। सुबह काम की जगह पर एक गंभीरता और जिम्मेदारी का एहसास रहेगा। जो काम अधूरा पड़ा हो, उसे आज पूरा करें। यह पेंडिंग कामों को खत्म करने का वक्त है। लग्नेश बुधदेव आज आपकी सोच को बेहद तेज कर रहे हैं। कोई उलझा हुआ मामला आज सुलझ जाएगा। धन और परिवार के मामले में बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव का साथ है, इस मोर्चे पर कोई चिंता नहीं। हालांकि, शाम के बाद करियर से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेने से बचें। मन में थोड़ी उथल-पुथल हो सकती है, लेकिन यह पुरानी बात जाने की तैयारी है। रात तक एक नई उम्मीद और हल्कापन आएगा।

    कर्क राशि : आप जहां जाएंगे, वहां अपनी छाप छोड़ेंगे। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व के लिहाज से बेहद खास है। लग्न पर बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ है, जिससे चेहरे पर एक नूर और बातों में गर्माहट रहेगी। जहां भी जाएंगे लोग आप पर ध्यान देंगे और आप जो कहेंगे, वो सुना जाएगा। भाग्य के घर में लग्नेश चंद्रदेव हैं और आज किस्मत उन्हीं का साथ देगी, जो सच्चाई की राह पर चलते हैं। योगकारक मंगलदेव करियर में दमदार कदम उठाने की ताकत दे रहे हैं। मगर, शाम के बाद थोड़ा संभलकर चलें। कोई पुरानी बात मन में आ सकती है। उसे आने दें, रोकने की कोशिश न करें। यह एक पुराने बोझ का जाना है। रात तक मन हल्का हो जाएगा।

    सिंह राशि : पर्दे के पीछे से मिलेगा किस्मत का साथ, सब्र रखें। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन धैर्य रखने का संदेश दे रहा है। बारहवें घर में बृहस्पतिदेव और शुक्रदेव हैं, जिसका मतलब है कि जो अच्छा होने वाला है, वो दिखेगा नहीं लेकिन होगा जरूर। यानी ईश्वरीय कृपा से किस्मत का साथ मिलेगा। एकांत में बैठकर प्रार्थना या ध्यान करें तो मन को एक अलग सा सुकून मिलेगा। लग्नेश सूर्यदेव करियर में एक खोजी और जोशीला रवैया दे रहे हैं। आज के काम में एक जिद और मेहनत रहेगी। शाम के बाद मन में कोई पुरानी बात उठ सकती है। उस वक्त कोई बड़ा फैसला लेने से बचें। कोई छुपी हुई बात सामने आए तो घबराएं नहीं, यह बुरे के लिए नहीं बल्कि कर्मों की सफाई के लिए है। रात तक एक हल्कापन महसूस होगा।

    कन्या राशि : रिश्तों में पुराने मामले सुलझेंगे। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन रिश्तों के मोर्चे पर एक गहरा और यादगार दिन है। सातवें घर में चंद्रदेव और दिग्बली शनिदेव मीन राशि में हैं। पार्टनर के साथ आज कोई ऐसी बात होगी, जो लंबे समय से मन में अटकी थी। उसे टालें नहीं, खुले दिल से सुनें और अपनी बात ईमानदारी से बोलें भी। ग्यारहवें घर में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ पैसों के मामले में एक राहत और खुशखबरी लेकर आ सकता है। लग्नेश बुधदेव करियर में किसी भी जटिल काम को आज आसानी से सुलझाने की ताकत दे रहे हैं। शाम के बाद रिश्तों में कोई पुरानी बात उठे, तो उस वक्त जोश में आकर बड़ा फैसला मत लें। उस एहसास को गुजरने दें, यह पुराने मामलों की सफाई का समय है।

    तुला राशि : करियर में आज आपका दिन है। तुला राशि वालों के लिए आज करियर के मोर्चे पर एक यादगार दिन है। दसवें घर में बृहस्पति और लग्नेश शुक्रदेव का साथ है। सुबह ऑफिस पहुंचते ही लगेगा कि आज का दिन आपका है। जो भी काम करेंगे उसमें एक खास असर होगा, जो लोगों को दिखेगा। आज कोई बड़ा मौका हाथ आए तो देर मत करें। शनिदेव और चंद्रदेव के असर से प्रतिस्पर्धियों पर आज भारी पड़ेंगे। यात्रा या पढ़ाई से जुड़े मामले में भी कोई अच्छी बात सामने आ सकती है। शाम के बाद मन में कुछ उथल-पुथल हो सकती है। उस वक्त रिश्तों में कोई बड़ा कदम मत उठाएं। सातवें घर में मंगलदेव की गर्माहट है, लेकिन जोश में अपनी वाणी को काबू में रखें।

    वृश्चिक राशि : आज भाग्य और क्रिएटिविटी दोनों साथ हैं। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन किस्मत और कला दोनों के मामले में शानदार है। नौवें घर में बृहस्पति और शुक्रदेव हैं, जिससे आज जो भी काम करेंगे उसमें किस्मत का पूरा साथ रहेगा। सुबह से दोपहर तक कोई बड़ा काम निपटाएं, नतीजा जरूर निकलेगा। रचनात्मक काम में आज मन खूब लगेगा। लिखना, बनाना या कुछ नया सोचना हो तो आज का दिन उसके लिए बेहतरीन है। लग्नेश मंगलदेव की ताकत से दुश्मन आज खुद ही कमजोर पड़ेंगे। हालांकि, शाम के बाद मन में कोई पुराना दर्द उठ सकता है। उसे दबाएं नहीं, गुजरने दें। करियर में कोई अचानक बदलाव आए तो घबराएं नहीं, यह आगे का रास्ता खोल रहा है।

    धनु राशि : किस्मत का साथ मिलेगा और रिश्तों में नई ताजगी आएगी। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन उन तोहफों का है, जो अचानक मिलते हैं। आठवें घर में लग्नेश बृहस्पति और शुक्रदेव हैं, जो बता रहे हैं कि कहीं न कहीं कुछ शुभ हो रहा है। आज कोई ऐसी खबर मिल सकती है, जिसकी उम्मीद नहीं थी। सातवें घर में बुधदेव पार्टनर के साथ बातचीत में गहराई लेकर आए हैं। जो बात समझ नहीं आ रही थी, वो आज खुल सकती है। क्रिएटिविटी के मामले में आज जोश भरपूर है। जो काम हाथ में उठाएंगे, उसका अच्छा नतीजा निकलेगा। चौथे घर में चंद्रदेव और शनिदेव का असर है, जिससे मां के साथ कोई पुराना मामला सुलझाने का यह सही मौका है। लेकिन शाम के बाद घर के माहौल में थोड़ी भावनात्मक उथल-पुथल हो सकती है, शांत रहें।

    मकर राशि : आपकी बातों में अलग ही वजन होगा। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन बातचीत और साझेदारी के मोर्चे पर बेहद खास है। सातवें घर में बृहस्पति और योगकारक शुक्रदेव हैं, जो पार्टनरशिप और विवाह के लिए शुभ समय दे रहे हैं। कोई रिश्ता आगे बढ़ाना हो या कोई कारोबारी गठजोड़ बनाना हो, आज उसके लिए कदम उठाएं। तीसरे घर में चंद्रदेव और लग्नेश शनिदेव मीन राशि में हैं। आज आप जो भी बात करेंगे, उसमें एक गहराई और जिम्मेदारी होगी। आपकी बातें सामने वाले पर सीधा असर करेंगी। बुधदेव की गहरी सोच प्रतिस्पर्धियों पर दिमाग से भारी पड़ने की ताकत देगी। हालांकि, शाम के बाद बातचीत में कोई पुरानी बात उठे, तो उस वक्त बड़ा फैसला लेने से बचें। आज रात पैसों का कोई बड़ा फैसला सुबह तक के लिए टाल दें।

    कुंभ राशि : आपकी क्रिएटिविटी दूसरों को कर देगी हैरान। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन रचनात्मक और बौद्धिक काम में बेहद शानदार है। पांचवें घर में बैठकर बुधदेव गहरी और तीखी सोच दे रहे हैं। आज दिमाग में जो भी नया आइडिया आए, उसे कहीं नोट कर लें। छठे घर में योगकारक शुक्रदेव और बृहस्पति, सेहत और प्रतिस्पर्धा के मामले में खास सुरक्षा देते हैं। दूसरे घर में चंद्रदेव और लग्नेश शनिदेव मीन राशि में हैं। परिवार में कोई गहरी बात उठ सकती है, उससे मुंह मत फेरें। तीसरे घर में मंगलदेव की बेबाक एनर्जी से बोलने में खास दम आएगा। लेकिन शाम के बाद परिवार के पैसों से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेने से बचें। उस वक्त मन थोड़ा उलझा हो सकता है, रात तक हल्का होगा।

    मीन राशि : सुबह का समय रहेगा बेहद खास। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन दो बिल्कुल अलग हिस्सों में बंटा है। सुबह चंद्रदेव रेवती नक्षत्र में हैं, जो राशि चक्र का सबसे अंतिम और सबसे करुणामय नक्षत्र है। आज सुबह मन में एक ऐसी शांति और गहराई होगी जो रोज नहीं होती। यह वक्त ध्यान, प्रार्थना या किसी प्रिय से बात करने के लिए बेमिसाल है। पांचवें घर में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ है, जिससे प्रेम और रचनात्मकता के मामले में आज का दिन सुनहरा साबित होगा। शाम के बाद मन में कोई पुरानी बात या दर्द उठ सकता है। उसे बाहर आने दें, यह एक पुराने बोझ का जाना है। उस वक्त कोई बड़ा फैसला मत लें।

  • Punjab News: ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत हवाला ऑपरेटरों के खिलाफ तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू, 73 गिरफ्तार

    Punjab News: ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत हवाला ऑपरेटरों के खिलाफ तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू, 73 गिरफ्तार

    चंडीगढ़, 10 जून: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत नशों के खिलाफ जारी ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान को और तेज करते हुए पंजाब पुलिस ने अवैध हवाला कारोबारियों और ऑपरेटरों के खिलाफ राज्यव्यापी तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। ये हवाला नेटवर्क नशे के पैसों के लेन-देन में मदद करते हैं और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों को आर्थिक सहयोग प्रदान करते हैं। बुधवार को यह जानकारी देते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान, जांच, फ्रीजिंग और जब्ती के लिए एक मजबूत वित्तीय रणनीति अपनाई है।

    नशा तस्करी के आर्थिक ढांचे को तोड़ने पर फोकस

    डीजीपी ने कहा कि अभियान शुरू होने के बाद से पंजाब पुलिस लगातार नशा तस्करों, हवाला ऑपरेटरों, ड्रग मनी और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर संगठित नशा तस्करी नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ को कमजोर कर रही है। यह विशेष अभियान उन आर्थिक नेटवर्कों को खत्म करने पर केंद्रित है, जो नशा तस्करी को बढ़ावा देते हैं और उसे संचालित रखने में मदद करते हैं।

    73 हवाला ऑपरेटर गिरफ्तार, ₹10 करोड़ बरामद

    डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गुप्त वित्तीय चैनलों पर की गई सख्त कार्रवाई से नार्को-हवाला सिंडिकेट्स को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत अब तक 73 हवाला ऑपरेटरों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके कब्जे से करीब ₹10 करोड़ की हवाला राशि बरामद की गई है।

    ₹830 करोड़ से अधिक की संपत्ति फ्रीज

    नशा तस्करों को उनकी अवैध कमाई से वंचित करने और कड़ा संदेश देने के लिए पंजाब पुलिस ने बड़े पैमाने पर संपत्तियां फ्रीज की हैं। डीजीपी ने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक NDPS एक्ट की धारा 68F के तहत ₹830 करोड़ से अधिक की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। इसके अलावा 1,727 से अधिक संपत्ति फ्रीज करने के प्रस्तावों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा मंजूरी दी जा चुकी है।

    मार्च 2025 से अब तक ₹20 करोड़ से अधिक की ड्रग मनी बरामद

    हवाला नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ-साथ पंजाब पुलिस ने 1 मार्च 2025 से अब तक ₹20 करोड़ से अधिक की ड्रग मनी भी आरोपियों से बरामद की है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि यह सफलता खुफिया जानकारी आधारित पुलिसिंग और गहन जांच का परिणाम है। उन्होंने कहा, “नशे के खिलाफ लड़ाई केवल गिरफ्तारियों और बरामदगी से नहीं जीती जा सकती। जब हम हवाला नेटवर्क, अपराध से अर्जित धन और अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई करते हैं, तो हम तस्करों की आर्थिक ताकत को खत्म करते हैं और उन्हें दोबारा गैरकानूनी गतिविधियों में निवेश करने से रोकते हैं।” पंजाब पुलिस ने दोहराया कि वह नशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और राज्य में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
  • Punjab News: माई भागो AFPI की कैडेट दीक्षा शर्मा का भारतीय नौसेना अकादमी के लिए चयन, एजुकेशन ब्रांच में करेंगी प्रशिक्षण

    Punjab News: माई भागो AFPI की कैडेट दीक्षा शर्मा का भारतीय नौसेना अकादमी के लिए चयन, एजुकेशन ब्रांच में करेंगी प्रशिक्षण

    चंडीगढ़, 10 जून: पंजाब की बेटियों को सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए तैयार करने वाले माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (AFPI) के लिए गर्व का क्षण है। संस्थान की लेडी कैडेट दीक्षा शर्मा का चयन प्रतिष्ठित भारतीय नौसेना अकादमी (Indian Naval Academy-INA), एझिमाला, केरल में प्री-कमीशन प्रशिक्षण के लिए हुआ है। दीक्षा शर्मा, मोहाली के बस मालिक एवं ऑपरेटर दया कृष्ण शर्मा की पुत्री हैं। उनका चयन भारतीय नौसेना की एजुकेशन ब्रांच के लिए हुआ है और वह इसी महीने भारतीय नौसेना अकादमी में प्रशिक्षण के लिए शामिल होंगी।

    दीक्षा शर्मा की सफलता से बेटियों को मिलेगी प्रेरणा

    इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि माई भागो AFPI लगातार युवतियों के सपनों को साकार करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा, “लेडी कैडेट दीक्षा शर्मा की सफलता पंजाब के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि राज्य की अन्य बेटियों को भी रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।”

    AFPI की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम

    माई भागो AFPI के निदेशक मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू, AVSM (सेवानिवृत्त) ने दीक्षा के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की कठोर प्रशिक्षण प्रणाली और प्रभावी मार्गदर्शन का प्रमाण है। उन्होंने कहा, “दीक्षा शर्मा की सफलता हमारे प्रशिक्षण मॉडल और समर्पित मार्गदर्शन की बड़ी उपलब्धि है। इससे पंजाब की अधिक से अधिक बेटियों को रक्षा सेवाओं में भेजने के हमारे प्रयासों को और बल मिलेगा। मैं दीक्षा और उनके परिवार को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।” माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट लंबे समय से पंजाब की युवतियों को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रशिक्षित कर रहा है और उन्हें अनुशासन, नेतृत्व तथा पेशेवर कौशल के माध्यम से सशक्त बना रहा है।
  • Punjab News: वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कर्मचारी और मजदूर संगठनों से की बैठक, मांगों के समाधान का दिया भरोसा

    Punjab News: वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कर्मचारी और मजदूर संगठनों से की बैठक, मांगों के समाधान का दिया भरोसा

    चंडीगढ़, 10 जून: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को विभिन्न कर्मचारी और मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में ग्राम पंचायत जल सप्लाई पंप ऑपरेटर एसोसिएशन, मनरेगा कर्मचारी यूनियन (MGNREGA Karamchari Union) और जमीन प्राप्ति संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

    बैठक के दौरान वित्त मंत्री ने संगठनों द्वारा प्रस्तुत मांग-पत्रों और शिकायतों की समीक्षा की तथा उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।

    वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कर्मचारियों, मजदूरों और समाज के कमजोर वर्गों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

    उन्होंने कहा, “सरकार किसी भी जायज मांग या समस्या को नजरअंदाज नहीं करेगी। कर्मचारियों और श्रमिकों की भलाई हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।”

    बैठक के बाद वित्त मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वैध मांगों की जल्द समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

    बैठक में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि इन मामलों से संबंधित फाइलों की प्रक्रिया और विभागीय समीक्षा तत्काल शुरू की जाएगी ताकि मांगों के समाधान में अनावश्यक देरी न हो।

    बैठक में ग्राम पंचायत जल सप्लाई पंप ऑपरेटर एसोसिएशन की ओर से बेअंत सिंह, अवतार सिंह और बोहर सिंह, मनरेगा कर्मचारी यूनियन की ओर से गुरसेवक सिंह, हरमिंदर सिंह और अमनदीप मानसा तथा जमीन प्राप्ति संघर्ष समिति की ओर से मुकेश मलोद और धर्मवीर हरिगढ़ ने अपनी मांगें और समस्याएं वित्त मंत्री के समक्ष रखीं।

  • Punjab News: ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान के 141वें दिन 303 गिरफ्तार, नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी

    Punjab News: ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान के 141वें दिन 303 गिरफ्तार, नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी

    चंडीगढ़, 10 जून: पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने बुधवार को राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े चिन्हित ठिकानों पर 557 छापेमारी अभियान चलाए। पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी 2026 को शुरू किया गया यह अभियान बुधवार को अपने 141वें दिन में प्रवेश कर गया। इस अभियान के तहत जिला पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की टीमें संयुक्त रूप से लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

    303 गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारी का आंकड़ा 35,662 पहुंचा

    पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 141वें दिन की कार्रवाई के दौरान 303 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से दो हथियार बरामद किए गए। अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 35,662 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा पुलिस ने 123 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की, जबकि 12 लोगों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। अभियान के दौरान 7 घोषित अपराधियों (Proclaimed Offenders) को भी गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे वांछित अपराधियों, गैंगस्टरों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से साझा कर सकते हैं।

    ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत 90 नशा तस्कर गिरफ्तार

    गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान के साथ-साथ पंजाब पुलिस का ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान भी लगातार जारी है। यह अभियान बुधवार को अपने 466वें दिन में पहुंच गया। पुलिस ने आज 90 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 5.2 किलोग्राम हेरोइन, 35 किलोग्राम पोस्त, 360 नशीली गोलियां और 2,600 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। पुलिस के अनुसार पिछले 466 दिनों में अब तक 67,662 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को 12 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित भी किया। पंजाब पुलिस ने कहा कि संगठित अपराध और नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा, ताकि राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
  • Punjab News: पंजाब पुलिस ने लॉन्च किया नया SAANJH Citizen Portal, DGP गौरव यादव ने महिला पुलिसकर्मियों के लिए 93 ई-स्कूटर किए रवाना

    Punjab News: पंजाब पुलिस ने लॉन्च किया नया SAANJH Citizen Portal, DGP गौरव यादव ने महिला पुलिसकर्मियों के लिए 93 ई-स्कूटर किए रवाना

    चंडीगढ़/जालंधर, 10 जून: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के विजन के अनुरूप नागरिक-केंद्रित और तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बुधवार को फिल्लौर स्थित महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी में नए SAANJH Citizen Portal का शुभारंभ किया। इस अवसर पर DGP ने पंजाब पुलिस महिला मित्र और महिला हेल्प डेस्क में तैनात महिला पुलिसकर्मियों के लिए 93 ई-स्कूटरों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे उनकी कार्यक्षमता और लोगों तक पहुंच बेहतर होगी।
    महिला पुलिसकर्मियों के लिए 93 ई-स्कूटरों को भी हरी झंडी
    महिला पुलिसकर्मियों के लिए 93 ई-स्कूटरों को भी हरी झंडी

    SAANJH पोर्टल में जोड़े गए 14 नए फीचर

    अपग्रेड किए गए SAANJH Citizen Portal (saanjh.punjabpolice.gov.in) में 14 नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिनका उद्देश्य पुलिस सेवाओं को अधिक पारदर्शी, तेज और आसान बनाना है। इन सुविधाओं में आधार आधारित e-KYC के जरिए पुलिस वेरिफिकेशन, QR कोड युक्त प्रमाणपत्र, डिजिटल भुगतान रसीद, गुम हुए मोबाइल फोन की ऑनलाइन रिपोर्टिंग, पूरी तरह पेपरलेस किरायेदार सत्यापन प्रणाली, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सेवाएं और पासपोर्ट वेरिफिकेशन अधिकारियों के लिए नागरिक फीडबैक सिस्टम शामिल हैं। पंजाब पुलिस के अनुसार फरवरी 2025 से अब तक इस फीडबैक प्रणाली के माध्यम से 90,000 से अधिक प्रतिक्रियाएं प्राप्त हो चुकी हैं।

    नागरिकों को घर बैठे मिलेंगी कई पुलिस सेवाएं

    DGP गौरव यादव ने कहा कि नया SAANJH पोर्टल तकनीक, सुशासन और नागरिक हितों का बेहतर समन्वय है। इससे लोगों को पुलिस कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और दलालों की भूमिका भी समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि पोर्टल को वाहन NOC और गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित सेवाओं के लिए नेशनल डिजिटल पुलिस रिपॉजिटरी से भी जोड़ा गया है। इसके साथ ही विभिन्न सेवाओं के लिए एक नया यूनिफाइड पुलिस वेरिफिकेशन ऐप भी शुरू किया गया है।

    ‘हक तुहाडा, फर्ज साडा’ के सिद्धांत पर काम कर रही पंजाब पुलिस

    DGP ने कहा कि पंजाब पुलिस सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने युवा सांझ, स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना, जागृति, महिला हेल्प डेस्क और सांझ राहत केंद्रों जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस अपने मूल मंत्र “हक तुहाडा, फर्ज साडा” (आपका अधिकार, हमारा कर्तव्य) के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

    लॉन्च किए गए नए शुभंकर ‘शेरा’ और ‘शक्ति’

    कार्यक्रम के दौरान पंजाब पुलिस ने ‘शेरा’ और ‘शक्ति’ नामक दो नए SAANJH शुभंकर (Mascots) भी लॉन्च किए। इनका उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को और अधिक मित्रवत एवं प्रभावी बनाना है। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर जालंधर धनप्रीत कौर, पुलिस कमिश्नर लुधियाना स्वपन शर्मा, डीआईजी जालंधर रेंज नवीन सिंगला, डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरजीत वालिया, एसएसपी जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क, एसएसपी एसबीएस नगर तुषार गुप्ता और एसएसपी लुधियाना ग्रामीण अंकुर गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।