जालंधरः बस्तियात की चोपड़ा कालोनी में रविवार देर रात करीब 11 बजे बाइक सवार तीन लुटेरों ने युवक से मोबाइल लूटने की कोशिश की। इस दौरान युवक उनसे भिड़ गया। जिसके बाद लोगों ने लुटेरों को काबू कर लिया और उनकी खूब पिटाई की। बाद में उन्होंने लुटेरों को थाना पांच की पुलिस को सौंप दिया। चोपड़ा कालोनी के विकास ने बताया कि वह गली में सैर कर रहा था। बाइक सवार तीन युवक उसके पास आकर रुके। वह उसके हाथ में पकड़े मोबाइल को छीनने लग पड़े तो वह लुटेरों से भिड़ गया। एक लुटेरे ने दातर निकाल ली तो उसने शोर मचा दिया। शोर सुनने के बाद उसका भाई और आसपास के लोग वहां आ गए। जिसके बाद लुटेरों को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने बताया कि नागरा के शिव नगर के रहने वाले है।