Blog

  • पंजाब में कांग्रेस को तगड़ा झटका, कई दिग्गजों ने थामा भाजपा का दामन

    पंजाब में कांग्रेस को तगड़ा झटका, कई दिग्गजों ने थामा भाजपा का दामन

    चंडीगढ़। गृह मंत्री अमित शाह चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं ने अमित शाह का शानदार स्वागत किया। शाह ने पार्टी के नेताओं को टिप्स दे रहे हैं। 

    इससे पूर्व आज पंजाब में कांग्रेस व शिअद के कई दिग्गज नेता आज भाजपा में शामिल हो गए। पंजाब के इन नेताओं को चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने पार्टी में शामिल कराया। गृह मंत्री अमित शाह भी चंडीगढ़ भाजपा मुख्यालय पहुंच गए हैं।

    गजेंद्र शेखावत ने अकाली दल के पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला, पूर्व विधायक महिंद्र कौर जोश, पूर्व कांग्रेसी मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ,पूर्व विधायक केवल ढिल्लों, पूर्व मंत्री गुरप्रीत कांगड़, पूर्व मंत्री डाक्टर राजकुमार वेरका, पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू को पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर सुनील जाखड़ भी मौजूद रहे। सुनील जाखड़ पहले ही भाजपा का दामन थाम चुके हैं।

  • जालंधरः पुलिस ने तीन दिन में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस…

    जालंधरः पुलिस ने तीन दिन में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस…

    जालंधर (वरुण)। थाना जीआरपी ने शहर में बीते दिनों हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस उस समय दंग रह गई जब पता चला कि रेलवे लाइन के समीप जिस कर्ण का शव मिला था, उसकी हत्या उसके ही दोस्त ने केवल मोटरसाइकिल के लिए कर दी थी। 

    डीएसपी जीआरपी अश्विनी कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले जीआरपी प्रभारी बलबीर सिंह को चहेड़ू फगवाड़ा रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का शव मिला था। शव पर कई जख्मों के निशान थे, जिससे मामला हत्या का सामने आया था। कुछ दिन बाद मरने वाले की पहचान चौगिट्टी बाईपास, नजदीक मोहल्ला गुरु नानक पुरा के कर्ण के रूप में हुई। डीएसपी अश्वनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने कर्ण के फोन की काल डिटेल निकलवाई। इसके बाद जांच में सामने आया उसकी आखिरी काल उसके दोस्त पलाही गेट, फगवाड़ा निवासी राजवीर के साथ हुई थी।

    उसके मोबाइल से दो और नंबर निकले और उनकी भी पहचान करवाई गई तो वह भी उसके दो साथी निकले, लेकिन दोनों ही नाबालिग थे। पुलिस ने सभी को पकड़ा और सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि राजवीर और उसके दोस्तों ने कर्ण की नई मोटरसाइकिल चुराने की योजना बनाई थी। कर्ण एक फैक्ट्री में काम करता था। कुछ दिन पहले ही उसने नई मोटरसाइकिल ली थी। 

    इसके बाद, राजवीर और उसके साथियों ने उसकी बाइक चुरा ली। इसके बारे में कर्ण को पता लग गया। इसी बात पर उनमें झगड़ा हो गया। राजवीर और उसके साथियों ने करण की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी और शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया। पुलिस ने राजवीर और उसके दोनों नाबालिग साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के ऊपर मामला दर्ज कर लिया है। 

  • महेश्वर सिंह चौहान को प्रभारी नियुक्त किए जाने पर मिलेगी नई ऊर्जा: राणा रणजीत सिंह

    महेश्वर सिंह चौहान को प्रभारी नियुक्त किए जाने पर मिलेगी नई ऊर्जा: राणा रणजीत सिंह

    ऊना/सुशील पंडित: जिला प्रधान ऊना कांग्रेस राणा रणजीत सिंह व ज़िला कांग्रेस कमेटी ऊना की तरफ से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान को जिला ऊना कांग्रेस प्रभारी नियुक्त किये जाने पर हार्दिक बधाई दी है हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा व लोकसभा सदस्या प्रतिभा सिंह व नेता प्रतिपक्ष हिमाचल प्रदेश मुकेश अग्निहोत्री का महेश्वर सिंह चौहान को जिला ऊना का प्रभारी नियुक्त करने पर धन्यवाद किया। महेश्वर सिंह चौहान की कुशल राजनीतिक सूझ-बूझ एवं सटीक चुनाबी रणनीतियों से कांग्रेस पार्टी को ऊना की पांचो विधानसभा क्षेत्रों में नई ऊर्जा मिलेगी। राणा रणजीत सिंह ने कहा कि जिला ऊना कांग्रेस प्रभारी महेश्वर सिंह चौहान व जिला कांग्रेस कमेटी ऊना एवम कार्यकर्ताओं की मेहनत से आगामी चुनावों में जिला ऊना की पांचो विधानसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी विजय होगी।
  • युवा सेवा एवं खेल निदेशक राजेश शर्मा ने इंदिरा स्टेडियम ऊना का किया निरीक्षण

    युवा सेवा एवं खेल निदेशक राजेश शर्मा ने इंदिरा स्टेडियम ऊना का किया निरीक्षण

    ऊना/सुशील पंडित: युवा सेवा एवं खेल विभाग के निदेशक राजेश शर्मा ने आज इंदिरा स्टेडियम ऊना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 27 मई को खेल छात्रवास ऊना में आगजनी की घटना से हुए नुक्सान का जायजा लिया तथा खेल छात्रावास को नए सिरे से तैयार करने के निर्देश दिए ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पडे़।

    इसके अलावा राजेश शर्मा ने फुटबाल मैदान को समतल करवाने तथा इंडोर व आऊटडोर स्टेड़ियम में जो भी आवश्यकताएं हैं उनका अनुमानित लागत तैयार कर निदेशालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान छात्रावास में रह रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना और जल्द से जल्द दूर करने का आश्वासन भी दिया।

    इस अवसर पर जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कुलदीप शर्मा, युवा संयोजन सुमन लता, फुटबाल प्रशिक्षक चंद्र मोहन, हाॅकी प्रशिक्षक आशीष सेन, एथलैटिक्स प्रशिक्षक राकेश कुमार, टेबल टेनिस प्रशिक्षक पूजा ठाकुर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • युवावस्था में मोबाईल व वीडियो गेम्स से दूर रहकर युवा चित्रकार है फन का माहिर

    युवावस्था में मोबाईल व वीडियो गेम्स से दूर रहकर युवा चित्रकार है फन का माहिर

    खाली समय का सदुपयोग कर चंद मिनटों में बना देता है एक से एक कलाकृति

    बिना किसी गुरु के सहारे बनी अथर्व की पेटिंग मोह लेती है मन

    बददी/सचिन बैंसल: आजकल हर युवा हो या बच्चा सोशल मीडिया एवं मोबाइल वीडियो गेम्स की गिरफ़्त में आ चुका है। उसके पास अलग से सृजन करने के लिए जो मन होता है उसका प्रयोग अब वह ज्यादा से ज्यादा सोशल मीडीया के माध्यम से कर रहा है। या तो बच्चे अपनी पढ़ाई तक सीमित है या फिर मोबाईल तक। लेकिन नाहन के एक युवा ने बिना किसी गुरु के ही अपनी परिकल्पनाओं से एक से बढक़र एक पेटिंग बनाकर सभी को हतप्रभ कर दिया है। उसकी पेंसिल से पेंटिग ऐसे बनती है मानो वो अभी बोल पडेगी।

    अथर्व महाजन ने इस कला को ज्यादा ईजाद किया कोविड के दो साल के दौरान। जब समस्त पढ़ाई आनलाईन हो गई तो अथर्व महाजन (16 वर्षीय) ने तन्मयता से तो की ही साथ में कला को बढ़ावा देते हुए चित्रकला को अपना साथी बनाया। बिना द्रोणाचार्य यानि बिना गुरु से अथर्व ने चित्रकला को हॉबी (शौक) बनाकर आमजन को प्रभावित किया है वहीं उसकी कलाकृतियां इतनी उच्च स्तर की होती है कि उसको सोशल मीडिया पर असंख्य शेयर मिलते हैं। अथर्व ने रॉयल एनफिल्ड, भगवान शिव, शेर, बाज, कार्टून, तितली व पंछी की फोटो मात्र बिना रंग के पेंसिल व जैल पैन से ही चंद मिनटों में स्कैच तैयार कर देता है। अथर्व की माता शैलजा ठाकुर ने बताया कि आज तक अथर्व ने किसी भी प्रकार की चित्रकला की ट्रेनिंग नहीं ली न ही इस विषय में किसी से प्रशिक्षण लिया। उन्होने कहा कि वर्तमान में वह एलेन इंस्टीटयूट चंडीगढ़ में प्रोफेशनल कोचिंग ले रहा है और भविष्य में उसका सपना  इंजीनियरिंग कर के कोई ऐसा कार्य करना है जिस से खुद के साथ साथ वो  औरों को  भी  रोजगार  दे सके।

    सिद्वू मुस्सेवाला का तुरंत बनाया स्केच-

    पंजाबी गायक सिद्वू मुस्सेवाल की मौत से आहत युवा चित्रकार अथर्व ने तुरंत चंद मिन्टो में उसका स्केच तैयार कर दिया यानि इस छोटी सी आयु के युवा के अंदर जहां कला का असीम भंडार है वहीं संवदेनशीलता भी कूट कूट कर भरी है। शतरंज एवं क्रिकेट का खिलाड़ी होने के साथ एक उम्दा कलाकार होना अपने आप मे ही गर्व का विषय है।

  • सोमभद्रा ब्रांड के कारण हो रही है स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय में बढ़ोत्तरी: डीसी

    सोमभद्रा ब्रांड के कारण हो रही है स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय में बढ़ोत्तरी: डीसी

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिला में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार खाद्य उत्पादों को अगस्त 2021 से सोमभद्रा नामक ब्रांड के नाम से बेचा जा रहा है। इस कार्य में जिला के 30 महिला स्वयं सहायता समूह मिलकर काम कर रहे हैं। इनके द्वारा तैयार उत्पाद शुद्ध एवं उच्च गुणवत्ता स्तर के हैं जिन्हें गगरेट में स्थापित एक स्थाई शॉप के अलावा विभिन्न आयोजनों सहित जिला मुख्यालय ऊना में प्रदर्शनी स्टाल लगाकर भी भेजा जा रहा है। पिछले 10 महीनों के दौरान सोम भद्रा ब्रांड के 8 लाख के उत्पाद बेचे गए हैं। यह जानकारी उपायुक्त उना राघव शर्मा ने ऊना में सोमभद्रा की प्रदर्शनी एवं बिक्री स्टॉल के निरीक्षण अवसर पर पर दी। उन्होंने बताया कि इन महिलाओं के लिए एक 7 हजार रुपए की कैनोपी लांच की गई है जिसे जिला की सभी खंडों में दिया जाएगा इस कैनोपी की सहायता से महिलाएं किसी भी स्थान पर जाकर अपने उत्पादों की अस्थाई बिक्री आसानी से कर सकते है जिससे आने वाले समय में जिला की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा त्यार खाद्य उत्पादों की बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि ऊना में आरंभ किया गया स्टॉल 3 से 9 जून तक चलेगा। सोनभद्र ब्रांड में सटीवीया नामक नया उत्पाद जोड़ा गया है जो कि शून्य कैलोरी के साथ हमें प्राकृतिक मिठास प्रदान करता है तथा शुगर के मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी है।

    सोमभद्रा ब्रांड से जुड़ी रीमा शर्मा नामक महिला ने बताया कि जिला प्रशासन के प्रयासों से सोम भद्रा ब्रांड की सहायता से उनके उत्पादों को एक विशेष पहचान मिली है तथा उत्पादों को एक बार खरीद कर इस्तेमाल करने वाले लोग बार-बार इसकी मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोभद्रा ब्रांड से जुड़े स्वयं सहायता समूह भिन्न-भिन्न उत्पादों का उत्पादन कर रहे हैं तथा पहले की तुलना में उनकी आय में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। रीमा शर्मा ने बताया कि ऊना में आरंभ किए गए बिक्री स्टॉल के पहले दिन 3 जून को 10 हजार के खाद्य उत्पाद की बिक्री हुई है। रीमा शर्मा ने उपायुक्त ऊना राघव शर्मा तथा डीआरडीए का स्वयं सहायता समूह के लिए किए गए प्रयास व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। 

    सोमभद्रा प्रदर्शनी एवं विक्री स्थल पर उपस्थित खरीदारों ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि सोमभद्रा द्वारा तैयार उत्पाद स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शुद्ध एवं अत्यंत पौष्टिक भी हैं तथा वे निरंतर इनका सेवन कर रहे हैं।

    उपायुक्त ऊना ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की ज्यादा से ज्यादा खरीदारी करें ताकि इससे जुड़ी महिलाओं की आर्थिकी को सशक्त बनाया जा सके।

    इस अवसर पर डीआरडीए के परियोजना अधिकारी संजीव ठाकुर, विभिन्न  स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के अलावा प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक्स मीडिया के संवाददाता गण भी उपस्थित थे।

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता

    चंडीगढ़ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज चंडीगढ़ दौरे पर हैं। बीते दिनों मारे गए गायक सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता अमित शाह से मुलाकात करने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे हैं। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ टेक्रिकल एयरपोर्ट पर अमित शाह की मुलकात सिद्धू के माता-पिता से हुई। इस दौरान उन्होंने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। 

    आपको बता दें कि बीते दिनों सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने अमित शाह को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने अपने पुत्र के कत्ल के मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से करवाने की मांग की थी। इसके इलावा कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सिद्धू मूसेवाला के घर उन के माता-पिता के साथ दुख सांझा करने के लिए गए थे। इस दौरान भाजपा के पंजाब नेताओं ने दावा किया था कि उक्त परिवार की अमित शाह के साथ मुलाकात करवाई जाएगी। 

  • 2 भाइयों को विदेश भेजने के नाम पर 5.49 लाख रुपए की ठगी

    2 भाइयों को विदेश भेजने के नाम पर 5.49 लाख रुपए की ठगी

    कपूरथला/चंद्रशेखर कालिया: थाना बेगोवाल पुलिस ने 2 भाइयों को इंग्लेंड और पुर्तगाल भेजने के नाम पर 5 लाख 49 हजार रुपए की ठगी मारने वाले ट्रैवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420, 406 आईपीसी व 13 पंजाब ट्रेवल प्रोफेशनल्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी ट्रेवल एजेंट की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जैमल सिंह निवासी गांव मियाणी बहादुर ने बताया कि उसके दोनों लड़के पलविंदर सिंह और गुरविंदर सिंह विदेश जाना चाहते थे।

    इस दौरान उसकी शेरे पंजाब सिंह उर्फ शेरा निवासी गांव जलालपुर से मुलाकात हुई। उसे कहा कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। पहले भी उसने कई लोगों को विदेश भेजा है। इस दौरान ट्रेवल एजेंट शेरे पंजाब सिंह उर्फ शेरा ने उसके बेटे पलविंदर सिंह को इंग्लैंड और गुरविंदर सिंह को पुर्तगाल भेजने के नाम पर अलग-अलग समय व तरीख में 5 लाख 49 हजार रुपए ले लिए। ट्रेवल एजेंट ने उसके दोनों लड़कों को विदेश नहीं भेजा।

  • भविष्य ग्रीन एनर्जी का है, यह समाज के लिए भी जरूरी: डा. मिश्रा

    भविष्य ग्रीन एनर्जी का है, यह समाज के लिए भी जरूरी: डा. मिश्रा

    कपूरथला/चंद्रशेखर कालिया: भविष्य हरित ऊर्जा का है। यह सिर्फ बिजली या यंत्र धन के लिए ही नहीं बल्कि समाज के लिए भी आवश्यक है। जिस तरीके से ऊर्जा का इस्तेमाल हुआ है, उससे प्राकृतिक विनाश हुआ है। ऐसे में जरूरी है कि सब्सिच्युएट (बदल) ऊर्जा को बढ़ावा मिले ताकि बैलेंस फिर से बन पाए। हरित ऊर्जा यानि ग्रीन एनर्जी के संदर्भ में यह विचार डा. एसके मिश्रा रजिस्ट्रार आइके गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने व्यकत किए।वह यूनिवर्सिटी के मुख्य कैम्पस में आयोजित हरित ऊर्जा एवं बिजली प्रणाली विषय पर फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के शुभारंभ सत्र को बतौर विशेष अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। आयोजन मंडल के चेयरमैन डीन पीएंडईपी प्रो (डा.) यादविदर सिंह बराड़ ने कहा कि विषय की गंभीरता एवं भविष्य तय करने में अध्यापकों का विशेष योगदान रहेगा।

    यूनिवर्सिटी के कुलपति राहुल भंडारी की तरफ से आयोजन मंडल के नाम भेजे गए शुभकामना संदेश को भी पढ़ा गया। इस फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम में संत लोंगोवाल इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिग एंड टेक्नोलॉजी (स्लाइट) लोंगोवाल के प्रोफेसर डा.जे.एस ढिल्लों विशेष अतिथि रहे।एक सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम को यूनिवर्सिटी के साथ-साथ आल इंडिया काउंसिल फार टेक्निकल एजुजकेशन (एआइसीटीई) ने भी स्पांसर किया है! यह कार्यक्रम यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिग विभाग की तरफ से करवाया जा रहा है!

    इस कार्यक्रम में हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, बिहार एवं पंजाब के 60 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है।प्रतिभागियों में आइआइटी, एनआइटी, तकनीकी विश्वविद्यालयों एवं इंजीनियरिग कालेजों से विभिन्न रिसर्च स्कालर, फैकल्टी एवं रिसर्च मेंटर्स शामिल हैं। इसमें हरित ऊर्जा में अनुसंधान करने के लिए नए क्षेत्रों की खोज पर भी बात होगी।

    डा. मिश्रा ने हरित ऊर्जा की आवश्यकता एवं समाज में इसके लाभों पर जोर दिया। उन्होंने बिजली की राष्ट्रीय नीति के साथ अंतर्निहित विषय को भी जोड़ा। डा. जेएस ढिल्लों, प्रोफेसर, स्लाइट ने अपने बिजली प्रणालियों एवं विभिन्न अनुकूलन तकनीकों का उपयोग करने में अपनी विशेषज्ञता को साझा किया। उन्होंने विद्युत शक्ति प्रणालियों के लिए अनुकूलन तकनीक के महत्व एवं भूमिका पर प्रकाश डाला।

    एक सप्ताह के इस कार्यक्रम के दौरान, विशेषज्ञ ऊर्जा एवं बिजली प्रणालियों, भविष्य के अनुकूलन तकनीकों, नवीकरणीय ऊर्जा स्त्रोतों, ग्रिड एकीकरण के लिए संबंधित चुनौतियों, स्मार्ट ग्रिड, डीरेगुलेटेड पावर सिस्टम, फसल अवशेषों के दायरे से संबंधित विषयों पर बात की जाएगी।प्रोग्राम के सफल संचालन के लिए इलेक्ट्रिकल विभाग के हेड एवं डीन प्रो़फेसर यादविदर सिंह बराड़ ने विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. नवीन कुमार शर्मा, डा गगनदीप कौर, डा दीपिका भल्ला, डा. अखिल गुप्ता को बधाई दी।

  • कपूरथला जेल बनी अपराधियों की आरामगाह, जेल से चल रहे ड्रग-किडनैपिंग गैंग, 13 जैमर के बावजूद फुल नेटवर्क

    कपूरथला जेल बनी अपराधियों की आरामगाह, जेल से चल रहे ड्रग-किडनैपिंग गैंग, 13 जैमर के बावजूद फुल नेटवर्क

    कपूरथला/चंद्रशेखर कालिया: कहने को तो पंजाब की सबसे बड़ी जेल कपूरथला पूरी तरह से मॉडर्न है। भारी भरकम सुरक्षा दस्ता 24 घंटे कैदियों पर पैनी निगाह रखता है, लेकिन इस जेल में कैदी सारी सुख सुविधाओं का आनंद ले रहे हैं। ड्रग्स से लेकर हथियार तक सब कुछ जेल के भीतर आसानी से उपलब्ध हो जाता है। बाहर किसी को धमकाने के लिए या फिर नशे का नेटवर्क चलाने के लिए जेल में मोबाइल फोन तक उपलब्ध हैं।कहने को तो जेल में 13 जैमर भी लगे हुए हैं, लेकिन फिर भी जेल में तलाशी के दौरान कैदियों से मोबाइल फोन मिल रहे हैं। पिछले एक महीने के दौरान कैदियों से जेल में 27 मोबाइल फोन बरामद हो चुके हैं। हैरानीजनक है कि जेल में जैमर लगे होने के बाद भी कैदी मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में अब तो जैमरों पर भी सवाल उठने लगे हैं कि यह चलते भी हैं या फिर कैदियों की सुविधा के लिए बंद रखे हुए हैं। गैंगस्टर दलबीर सिंह उर्फ दलबीरा पुत्र जोगिदर सिंह वासी बस्ती बावा खेल जालंधर से मोबाइल फोन, एक सिम, एक अडाप्टर बरामद ,माडर्न जेल में तलाशी के दौरान अलग अलग बैरकों में रह रहे गैंगस्टर सहित चार कैदियों से चार मोबाइल फोन व सिम बरामद किया गया है। सहायक सुपरिटेंडेंट जसप्रीत सिंह की ओर से जेल की बैरकों की तलाशी के दौरान कैदी मनबीर सिंह पुत्र जगजीत सिंह उर्फ अजीत सिंह वासी राजोके पलो पत्ती से एक मोबाइल फोन, कैदी लवप्रीत सिंह उर्फ लव ढिल्लों पुत्र गुरनाम सिंह वासी कमालपुर पत्ती चौंकी मोठांवाल सुल्तानपुर लोधी से एक मोबाइल फोन, कैदी सुखविदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र सेवा सिंह सुल्तानपुर लोधी से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

    अराजक तत्वों की सुरक्षित आरामगाह

    गैंगस्टरों के लिए तो जेल पूरी तरह से सुरक्षित आरामगाह है। यह लोग जेल के भीतर से ही फिरौती गिरोह चलाते हैं। किसी की हत्या के लिए सुपारी ले रहे हैं। जेल में बैठे-बैठे ही नशे का नेटवर्क चला रहे हैं। अभी हाल ही में जेल में खतरनाक गैंगस्टर निक्का व उसके दो साथियों से तीन मोबाइल फोन और 4 सिम कार्ड मिले हैं। जेल में आइस किंग राजा कंदोला से लेकर कई बड़े गैंगस्टर बंद हैं।

    जेल स्टाफ में ही हैं काली भेड़ें

    जेल में नशा, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी या अन्य सामग्री कैदियों के पास आम मिल जाते हैं। बड़ा सवाल यह है कि इतना सारा सामान कैदियों के पास पहुंच कहां से रहा है। जेल स्टाफ के अलावा कैदियों के सेल तक औऱ कोई व्यक्ति पहुंच नहीं सकता, इसलिए जाहिर सी बात है कि काली भेड़ें इनमें ही शामिल हैं। जेल स्टाफ के लोग ही कैदियों तक यह सारी सुविधाएं पहुंचाकर फीस वसूल कर रहे हैं। आज तक जेल में मोबाइल फोन मिलने या फिर नशीले पदार्थ मिलने पर जितनी भी कार्रवाई हुई हैं, वह सारी की सारी कैदियों के खिलाफ ही हुई हैं कि उनसे जेल में नशा बरामद हुआ है या फिर मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, लेकिन उन लोगों के खिलाफ आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जो लोग यह सुविधाएं मोटी रकम वसूल कर कैदियों को उपलब्ध करवा रहे हैं। किसी ने कैदियों से यह नहीं पूछा कि उनके पास मोबाइल कहां से आए।

    गैंगस्टर और उसके साथी से मिले फोन और सिम कार्ड

    इसी प्रकार सहायक सुपरिटेंडेंट जसप्रीत सिंह की ओर से जेल की तलाशी के दौरान गैंगस्टर दलबीर सिंह उर्फ दलबीरा पुत्र जोगिदर सिंह वासी बस्ती बावा खेल जालंधर से मोबाइल फोन, एक सिम, एक अडाप्टर बरामद किया गया है। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।बहरहाल जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट अमरजीत सिंह ने बताया कि वह सीआरपीएफ टीम के साथ जेल में बंद कैदियों व हवालातियों की बैरकों की तलाशी ले रहे थे। इस दौरान जेल प्रबंधन को कैदी अमनदीप सिंह उर्फ अमना निवासी गांव सैचां से 2 मोबाइल, 3 सिम, 1 ईयरफोन बरामद हुआ। थाना कोतवाली पुलिस ने जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर कैदी के खिलाफ धारा 52ए प्रीजन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट जसप्रीत सिंह सीआरपीएफ टीम के साथ जेल में तलाशी अभियान चला रहे थे। इस दौरान जेल में बंद गैंगस्टर कैदी निक्का से 1 मोबाइल और एक सिम बरामद हुआ। जेल प्रबंधन ने मोबाइल कब्जे में लेकर इसकी सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दे दी।