Blog

  • सोने-चांदी के खरीदारों को बड़ा झटका, आज इतने रुपये बढ़ गए रेट…

    सोने-चांदी के खरीदारों को बड़ा झटका, आज इतने रुपये बढ़ गए रेट…

    नई दिल्ली। अगर आप सोना या चांदी खरीदने का प्‍लान कर रहे हैं तो यह खबर आपके ल‍िए है. कई द‍िन की उठा-पटक के बाद शुक्रवार को सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के भाव में तेजी देखी गई. दूसरी तरफ मल्‍टी कमोड‍िटी एक्‍सचेंज पर शुक्रवार को म‍िला-जुला रुख रहा. यहां सोने के भाव में मामूली ग‍िरावट और चांदी में तेजी देखी गई.

    शुक्रवार शाम के समय मल्‍टी कमोड‍िटी एक्‍सचेंज पर सोने का भाव मामूली ग‍िरावट के साथ 50,865 रुपये पर पहुंच गया. वहीं एमसीएक्‍स पर चांदी का रेट हल्‍की तेजी के साथ शाम के समय 62448 रुपये प्रत‍ि क‍िलो ग्राम पर देखा गया.

    इंड‍िया बुल‍ियन एंड ज्‍वैलर्स एसोस‍िएशन की वेबसाइट के अनुसार शुक्रवार शाम के समय 24 कैरेट वाला सोना करीब 270 रुपये की तेजी के साथ 51204 रुपये प्रत‍ि 10 ग्राम पर पहुंच गया. चांदी का भाव 62538 रुपये प्रत‍ि क‍िलो ग्राम पर बंद हुआ. शुक्रवार को दाम में भले ही तेजी आई हो लेक‍िन यह र‍िकॉर्ड लेवल से 5 हजार रुपये कम पर चल रहा है. एक्‍सपर्ट सोने की खरीदारी के ल‍िए सही समय होने की बात कह रहे हैं.

    IBJA के अनुसार शुक्रवार को 23 कैरेट वाला सोना 50999 रुपये प्रत‍ि 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना 46903 रुपये प्रत‍ि 10 ग्राम के स्‍तर पर चल रहा है. इसी तरह 20 कैरेट वाले सोने का भाव 38403 रुपये और 14 कैरेट 29954 रुपये प्रत‍ि 10 ग्राम पर पहुंच गया. आपको बता दें IBJA के रेट से अलग 3 प्रत‍िशत जीएसटी देना होता है.

  • माता चिंतपूर्णी जाते-जाते वाओ मार्ट में जरूर रुकें, खाएं स्वादिष्ट खाना

    माता चिंतपूर्णी जाते-जाते वाओ मार्ट में जरूर रुकें, खाएं स्वादिष्ट खाना

    ऊना (सुशील पंडित)। माता चिंतपूर्णी जाते-जाते मुबारिकपुर के पास वाओ मार्ट में जरूर रुकें क्योंकि यहां पर स्वादिष्ट खाना मिल रहा है। 40 लाख रुपए की लागत से बना वाओ (विंग्स ऑफ विमन) मार्ट महिलाओं को सशक्त एवं स्वाबलंबी बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार की पहल है। 

    इस बारे जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि वाओ मार्ट ग्रामीण विकास विभाग ने नाबार्ड के साथ मिलकर तैयार किया है। खाना बनाने वाली स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को नाबार्ड के माध्यम से प्रशिक्षित भी किया गया है। रेस्त्रां के अंदर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ-साथ खुशनुमा माहौल तैयार किया गया है। डीसी ने कहा कि वाओ मार्ट एक उपयुक्त स्थान पर खोला गया है, क्योंकि इस रास्ते से हजारों श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी के दर्शनार्थ जाते हैं। वाओ मार्ट में खाने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों के तैयार किए उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे गए हैं। उचित स्थान पर होने की वजह से स्वयं सहायता समूहों के तैयार उत्पादों को बेचने में काफी आसानी रहेगी और उन्हें आर्थिक लाभ होगा। 

    उन्होंने कहा कि इससे पहले भी ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से बौल में शक्ति केंद्र खोला गया है, जहां पर स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बिक्री के लिए रखा गया है। राघव शर्मा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध करवाने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।

  • अनुसूचित जाति से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज करने में न हो अनावश्यक विलंबः वीरेंद्र कश्यप 

    अनुसूचित जाति से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज करने में न हो अनावश्यक विलंबः वीरेंद्र कश्यप 

    राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष ने ऊना में एससीडीपी में पैसे के समुचित उपयोग पर जताया संतोष

    देवभूमि हिमाचल में लोगों में आपसी भाईचारा मजबूत, यहां अन्य राज्यों के मुकाबले अनुसूचित जाति वर्गों की स्थिति बेहतर

    ऊना (सुशील पंडित)। हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप ने जिला ऊना में अनुसूचित जाति विकास योजना (एससीडीपी) के क्रियान्वयन तथा जिला में अनुसूचित जाति की स्थिति पर एक बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में चिंतपूर्णी से विधायक बलबीर सिंह, आयोग के सदस्य जगजीत बग्गा तथा अनीता धीमान के साथ-साथ अधिकारियों, अनुसूचित जाति वर्ग के चुने हुए जनप्रतिनिधियों और अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़ी विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।  

    वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि जन प्रतिनिधियों तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को बुलाने का उदेश्य है कि आयोग को उनके विचारों और सुझावों से सही फीडबैक मिल सके। वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि हिमाचल देवभूमि है तथा यहां पर आपसी भाईचारा मजबूत है। अन्य राज्यों की तुलना में लोग एक दूसरे के साथ मिलजुल कर रहते हैं तथा अनुसूचित जाति वर्ग की स्थिति बेहतर है। बैठक में उन्होंने कहा कि शिक्षा ही आगे बढ़ने का आधार है। संविधान निर्माता डॉ. भीम राव अंबेडकर ने भी अनुसूचित जाति वर्ग की शिक्षा पर विशेष जोर दिया है।

    बैठक में आयोग के अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप कहा कि जिला ऊना में अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत वर्ष 2015-2022 तक 108 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 47 अदालत में विचाराधीन हैं, 36 केस में सीआर दाखिल की गई तथा 8 मामलों में पुलिस जांच जारी है। इसके अतिरिक्त एक मामले में दोषी को सज़ा हुई है जबकि 15 मामले में आरोपी बरी हुए हैं। उन्होंने अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पुलिस थानों में आने वाली शिकायतों तथा एफआईआर दर्ज होने के समय का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि एफआईआर दर्ज होने में कितना समय लगा। अगर एफआईआर दर्ज करने में अनावश्यक देरी होती है तो संबंधित पुलिस अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत झूठी शिकायत करने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे पूरा अनुसूचित जाति वर्ग प्रभावित होता है। उन्होंने उपस्थित जन प्रतिनिधियों से झूठी शिकायत करने वालों का बहिष्कार करने की अपील की। 

    आयोग के अध्यक्ष ने जिला ऊना में एससीडीपी के तहत पैसे के समुचित उपयोग पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिले में एससीडीपी में दिए लगभग शत प्रतिशत फंड्स काम में लगाए गए हैं, जो सराहनीय है।

    प्राइवेट बैंक एससी वर्ग के बच्चों की शिक्षा को दें ऋण 
    राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष ने बैंकों को अनुसूचित जाति वर्ग के बच्चों को प्राथमिकता पर शिक्षा के लिए ऋण देना सुनिश्चित बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि प्राइवेट बैंक अनुसूचित जाति वर्ग के बच्चों को शिक्षा ऋण देने में बहुत पीछे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और लीड बैंक मैनेजर को यह सुनिश्चित बनाने को कहा कि जिले में सभी प्राइवेट बैंक अनुसूचित जाति वर्ग के बच्चों को शिक्षा ऋण प्रदान करने का सालाना कम से कम एक-एक मामला अवश्य स्वीकृत करें। इसमें बैंकों की आनाकानी पर आयोग कड़ा संज्ञान लेगा। 

    कल्याण योजनाओं का लिया जायजा
    वीरेंद्र कश्यप ने बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित लोगों के कल्याण के लिए चलाई योजनाओं के कार्यान्वयन और प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक और सामाजिक कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण जयंति आश्रय योजना के तहत वर्ष 2015-2022 तक 943 परिवारों को 10.92 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 118 परिवारों को 1.22 करोड़ तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 380 परिवारों को 3.83 करोड़ रुपए की मदद दी गई है। वहीं अनुवर्ती कार्यक्रम के तहत 2311 व्यक्तियों को 41.59 लाख रुपए के लाभ दिए गए हैं। अंतर्जातीय विवाह पुरस्कार योजना के तहत 321 मामलों में 1.57 करोड़ रूपए प्रदान किए गए हैं। 

    इन्होंने भी दिए सुझाव
    बैठक में विधायक बलबीर सिंह ने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे और कल्याण एवं विकास योजनाओं को लेकर सुझाव दिए। इसके अलावा पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने भी अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण को लेकर अपने सुझाव दिए।
    उपायुक्त राघव शर्मा ने आयोग अध्यक्ष को बैठक में दिए उनके सभी निर्देशों का पूरा पालन तय बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के हित और कल्याण के लिए चलाई जा रही सरकार की सभी योजनाओं का लाभ जिला ऊना में सही तरीके से जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरे समर्पण से काम किया जा रहा है।

    ये रहे उपस्थित
    बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सूरम सिंह, एपीएमसी अध्यक्ष बलबीर बग्गा, नगर परिषद ऊना की अध्यक्ष पुष्पा देवी, मैहतपुर नगर परिषद की अध्यक्ष अंजू बाला, अंब नगर पंचायत की अध्यक्ष इंदू बाला, उपायुक्त राघव शर्मा, एडीसी डॉ. अमित शर्मा, अतिरिक्त निदेशक नीरज गुप्ता, एसपी अर्जित सेन, एसडीएम डॉ. निधि पटेल, जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल सहित सभी विभागों के जिला प्रमुख, पंचायती राज संस्थाओं व शहरी निकायों के अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े निर्वाचित जनप्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

  • गीत संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी सरकारी योजनाओं की जानकारी

    गीत संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी सरकारी योजनाओं की जानकारी

    ऊना (सुशील पंडित)। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में विशेष प्रचार अभियान के तहत आज विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसके तहत पूर्वी कला मंच जलग्रां ने विकास खंड अंब की ग्राम पंचायत सूरी व दियाड़ा तथा आरके कला मंच ने विकास खंड ऊना की ग्राम पंचायत बडसाला और चताड़ा में गीत संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में लोगों को अवगत करवाया।

    कलाकारों ने लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि बेटियों के प्रति नकारात्मक सोच बदलने तथा लड़कियों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बेटी है अनमोल योजना के तहत बीपीएल परिवारों की दो बेटियों के नाम 21 हज़ार रूपये बैंक में जमा किए जाते हैं, जो 18 वर्ष की आयु होने पर निकाले जा सकते हैं। 

    उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शगुन योजना के अन्तर्गत बीपीएल परिवारों में जन्मी कन्याओं के विवाह के लिए 31000 रुपए की राशि प्रदान की जा रही है। कलाकारों ने लोगों को मदर टेरेसा असहाय मातृ संबल योजना बारे जानकारी देते हुए बताया कि गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहीं प्रदेश की निःसहाय महिलाओं या अनाथ बच्चों के अभिभावकों को उनके दो नाबालिग बच्चों की 18 वर्ष की आयु पूरी करने तक पालन-पोषण हेतु 6 हज़ार रूपये प्रति बच्चा प्रतिवर्ष की आर्थिक सहायता का प्रावधान है।

    इसके अलावा कलाकारों द्वारा समूह गान के माध्यम से लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत करवाया और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रमों के दौरान प्रधान बीना देवी, नीलम ठाकुर, अर्जुन सिंह, उप प्रधान अमित कुमार, ज्ञानदास, सचिव अंजना कुमारी, वार्ड सदस्य सुभाष चंद, महिंदर सिंह, रीता देवी, सुनीता, मंजू, वीना कुमारी, नरेश कुमारी, हर्ष, रीणा कुमारी, सहित पंचायत प्रतिनिधि व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

  • बड़ी खबरः लद्दाख में 26 जवानों को ले जा रहा वाहन नदी में गिरा, 7 सैनिक शहीद..

    बड़ी खबरः लद्दाख में 26 जवानों को ले जा रहा वाहन नदी में गिरा, 7 सैनिक शहीद..

    नई दिल्ली. लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में एक वाहन दुर्घटना में अब तक भारतीय सेना के 7 जवानों की जान चली गई है, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आईं हैं. समाचार एजेंसी एएनआई ने शुक्रवार को सेना के सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घायलों के सही इलाज और देखभाल के लिए प्रयास जारी हैं, इसके अंतर्गत अधिक गंभीर लोगों को भारतीय वायुसेना के जरिए पश्चिमी कमान में स्थानांतरित करने की कोशिश की जा रही है. भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि तुरतुक दुर्घटना में घायल सभी 19 सैनिकों को चंडीमंदिर कमांड अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया है.

    सेना के एक प्रवक्ता ने कहा, “26 सैनिकों का एक दल परतापुर में ट्रांजिट कैंप से हनीफ सब-सेक्टर में एक अग्रिम स्थान की ओर बढ़ रहा था. सुबह लगभग 9 बजे, थोइस से लगभग 25 किमी दूर, वाहन सड़क से फिसला और लगभग 50-60 फीट नीचे श्योक नदी में जाकर गिर गया. नतीजतन उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए.”

    उन्होंने कहा, “सात जवानों को अब तक मृत घोषित किया जा चुका है. अन्य लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं. इस बात की कोशिश जारी है कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा देखभाल मिले और इसी वजह से अधिक गंभीर जवानों को वायु सेना के माध्म से पश्चिमी कमान भेजने के प्रयास किये जा रहे हैं.”

  • लो जी अब आदमपुर मे निजी ढाबों पर शुरू हो गया देह व्यापार का धंधा…

    लो जी अब आदमपुर मे निजी ढाबों पर शुरू हो गया देह व्यापार का धंधा…

    1500 में ले लो कमरा किराए पर…

    आदमपुर (गणेश शर्मा)। आदमपुर मे लूटपाट चोरी और नशा कारोबार के काम काफी लंबे समय से चल रहे थे और आदमपुर पुलिस की तरफ से लोगों को दिलासा देने के लिए बड़े-बड़े दावे किए गए। लेकिन ना तो चोरी की वारदातें कम हुई और ना ही नशे का कारोबार। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अब आदमपुर में निजी ढाबों पर देह व्यापार का काम शुरू हो गया। मिली जानकारी अनुसार ढाबे वाले 15 सो रुपए में 2 घंटे के लिए कमरा किराए पर देते हैं और पुलिस प्रशासन है कि आंखें मूंद कर बैठा हुआ है

  • पंजाब में गौ हत्या से सनसनी, नहर में फेंके अंग….

    पंजाब में गौ हत्या से सनसनी, नहर में फेंके अंग….

    श्री माछीवाड़ा साहिब: माछीवाड़ा में उस समय सनसनी फैल गई जब सरहिंद नहर में शरारती अनसर गायों की हत्याकर अंग नहर में फेंककर फरार हो गए। पवात पुल पर आज किसी व्यक्ति ने देखा कि काफी मात्रा में थैले और कुछ गायों के अंग पानी में तैर रहे थे। इस संबंधित तुरंत माछीवाड़ा पुलिस थाना में सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शिव सेना नेता रमन वढेरा और समाजसेवी नीरज सिहाला मौके पर पहुंच गए और डीएसपी समराला हरविंदर सिंह खहिरा के अलावा थाना मुखी विजय कुमार भी स्थिति का जायजा लेने आए।

    पानी में तैरते अंगों से यह अनुमान लगाया जा रहा था कि शरारती अनसरों की तरफ से उनका मास काटकर पूंछ, चमड़ी व अन्य अंगों को थैलों में बंद कर खुले पानी में फेंक दिया गया। पवात पुल की एक दीवार पर खून के निशान भी दिखाई दिए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि इस स्थान से गायों के अंगों को नहर में फेंका गया। नहर में पानी कम होने के कारण गायों के अंग और भरे थैले बह न सके, जिस कारण यह सारी घटना बारे जानकारी मिल सकी।

    इस मौके थाना मुखी विजय कुमार ने बताया कि शिव सेनानेता रमन वढेरा और नीरज सिहाला के बयानों के आधार पर गायों की हत्या करने के कथित आरोप में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गोताखोरों को बुलाया गया है और गायों के सभी अंगों को बाहर निकाल वैटनरी डाक्टरों के एक बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। थाना मुखी ने कहा कि सरहिंद नहर में से गायों के सभी अंग बाहर निकालने के बाद ही पता लग सकेगा कि जिनकी हत्या की गई उनकी कितनी संख्या है। प्राथमिक जानकारी अनुसार गायों की संख्या 5 से अधिक लग रही थी।

    इस मौके शिव सेना नेता रमन वढेरा ने कहा कि कुछ शरारती अनसर पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं और ऐसीं घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का पुलिस प्रशासन ऐसे अनसरों खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे। रमन वढेरा ने कहा कि गाय हत्या के कारण हिंदु भाईचारे में भारी रोष डाला जा रहा है और वह पुलिस प्रशासन आगे मांग करते हैं कि जल्द घटना को अंजाम देने वाले साजिशकर्ता को बेनकाब कर सख्त से सख्त सजा दी जाएं।

  • एसपी आवास से महज 200 मीटर दूर बड़ी बैंक डकैती, दिनदहाड़े सवा करोड़ की लूट…

    एसपी आवास से महज 200 मीटर दूर बड़ी बैंक डकैती, दिनदहाड़े सवा करोड़ की लूट…

    अररिया. बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दिया है.अपराधियों ने बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से करीब सवा करोड़ रुपये की संपत्ति की डकैती की है. बैंक ऑफ इंडिया शाखा प्रबंधक अखिलेश कुमार के अनुसार, 37 लाख 50 हजार रूपये और 22 पैकेट गोल्ड समेत करीब सवा करोड़ की संपत्ति लूटी गई है. घटना शुक्रवार सुबह 10 बजे अररिया नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के समीप की है. भीषण बैंक लूट की घटना से एक तरफ जहां लोगों में हडकंप है, वहीं पुलिस महकमे में काफी हलचल देखी जा रही है. नगर थाना क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक ने बताया कि 37 लाख रुपये कैश, 22 पैकेट गोल्ड के पैकेट समेत करीब सवा करोड़ रुपये की लूट हुई है. अपराधियों ने बैंककर्मियों को बंधक बनाकर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया है.

    बताया जा रहा है कि बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में सुबह 9 बजे सफाईकर्मियों के साथ ही अपराधी बैंक में घुस गए थे. जब बैंककर्मी 10 बजे आए तो अपराधियों ने फॉर्म मांगने का बहाना बनाया और तुरंत बंदूक की नोंक पर सभी कर्मियों को बंधक बना लिया. इस दौरान अपराधियों ने बैंक में आए ग्राहकों, मैनेजर सहित सभी स्टाफ को कब्जे में लेते हुए सबको बाथरूम में ले जाकर बंद कर दिया. बदमाशों ने बैंक के गार्ड के बंदूक को तोड़ दिया और इसके बाद डकैती की इस घटना को अंजाम दिया. बदमाशों ने कैशियर से चाबी लेकर चेस्ट खोलते हुए उसमें रखे 37 लाख रुपए निकाल लिए.

    अररिया के एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अपराधी सीसीटीवी का डीवीआर अपने साथ ले गए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के आधार पर अनुसंधान में जुटी है. अपराधियों के हौसले का इस बात से अंदाज लगाया जा सकता है कि जिस बैंक में लूट हुई है वह अररिया का पॉश इलाके में है. अररिया एसपी आवास से महज 200 मीटर की दूरी है.

  • हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को अदालत ने सुनाया 4 साल की सजा

    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को अदालत ने सुनाया 4 साल की सजा

    नई दिल्ली: आय से अधिक संपत्ति मामले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की सजा पर फैसला हो गया है. दिल्ली की स्पेशल सीबीआई अदालत ने आय से अधिक संपत्ति मामले में दोषी करार दिए गए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को शुक्रवार को 4 साल की सजा सुनाई और पचास लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया. इतना ही नहीं, कोर्ट ने चौटाला की चार संपत्तियों को भी जब्त करने का आदेश दिया है.

    अदालत ने कोर्ट रूम से ही ओम प्रकाश चौटाला को हिरासत में लेने का आदेश दिया है. इस तरह चौटाला कोर्ट से सीधे जेल जाएंगे. चौटाला की तरफ से इस मामले में अपील फाइल करने के लिए 10 दिन का समय मांगा गया था, इस पर जज ने कहा कि आप हाई कोर्ट जाइए. बता दें कि गुरुवार को सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था.

    दरअसल, विशेष न्यायाधीश विकास ढुल ने वर्ष 1993 से 2006 के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के दोषी करार दिए गए ओपी चौटाला और सीबीआई के वकीलों की गुरुवार को सजा पर बहस सुनी थी. ओपी चौटाला ने बहस के दौरान बुढ़ापे और चिकित्सा आधार पर कम से कम सजा देने का अनुरोध किया था.

    वहीं, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अधिकतम सजा देने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे समाज में संदेश जाएगा. एजेंसी ने कहा कि चौटाला का बेदाग इतिहास नहीं है और यह दूसरा मामला है जिसमें उन्हें दोषी करार दिया गया है. अदालत ने पिछले सप्ताह चौटाला को दोषी करार देते हुए कहा कि आरोपी उक्त अवधि में ज्ञात आय के स्रोत से इतर हासिल अतिरिक्त संपत्ति का संतोषजनक हिसाब देने में असफल रहा.

    सीबीआई ने चौटाला के खिलाफ वर्ष 2005 में मामला दर्ज किया था. एजेंसी ने 26 मार्च 2010 में दाखिल आरोपपत्र में आरोप लगाया था कि चौटाला ने वर्ष 1993 से 2006 के बीच वैध आय से अधिक संपत्ति बनाई. सीबीआई द्वारा दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक चौटाला ने 24 जुलाई 1999 से पांच मई 2005 तक हरियाणा का मुख्यमंत्री रहते हुए परिवार और अन्य के साथ साठगांठ कर आय के ज्ञात स्रोत से अधिक चल व अचल संपत्ति अर्जित की. यह संपत्ति चौटाला और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर अर्जित की गई. सीबीआई के मुताबिक चौटाला ने आय से 6.09 करोड़ रू से अधिक संपत्ति अर्जित की जो उनके ज्ञात आय के स्रोत से 189.11 प्रतिशत अधिक थी.

  • ED ने पूर्व CM को भेजा समन, 31 मई को पेश होने को कहा

    ED ने पूर्व CM को भेजा समन, 31 मई को पेश होने को कहा

    श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को प्रवर्तन निदेशालय ने नोटिस जारी किया है. एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि ईडी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला को 31 मई को दिल्ली में अपने मुख्यालय में पेश होने के लिए समन जारी किया है. बता दें कि 2020 में ईडी ने फारूक अब्दुल्ला की 11.86 करोड़ रुपये की संपत्ति मनी लॉन्ड्रिंग केस में जब्त कर ली थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये कार्रवाई तब हुई जब जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के आर्थिक मामलों में गड़बड़ी पाई गई. इस मामले में फारूक अब्दुल्ला से ईडी ने कई बार पूछताछ की थी.

    हाल ही में लगातार कश्मीर में आम लोगों पर हो रहे हमले को लेकर फारूक अब्दुल्ला ने बयान दिया था. नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बीते शनिवार को कहा कि कश्मीरी पंडितों पर होने वाला हर हमला ‘कश्मीर की आत्मा’ पर सीधा हमला है. उन्होंने कहा था कि हत्या की घटनाओं में बढ़ोतरी घाटी में सामान्य स्थिति होने संबंधी सरकार के दावों के विपरीत है. पार्टी के एक प्रवक्ता के अनुसार श्रीनगर से सांसद अब्दुल्ला ने पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष अमित कौल के नेतृत्व में कश्मीरी पंडितों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत के दौरान उक्त बातें कहीं.

    अब्दुल्ला ने कहा, ‘हमारे पंडित भाइयों पर हर हमला कश्मीर की आत्मा पर सीधा हमला है. मैं ऐसा समय देखना चाहता हूं, जब कश्मीरी मुसलमान और कश्मीरी पंडित दोनों साथ-साथ रहें. हालांकि, मौजूदा सरकार केवल दिखावे तक ही सीमित है. उनकी सुरक्षित और स्थायी वापसी के लिए एक सक्षम वातावरण बनाने के वास्ते जमीनी स्तर पर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे.’

    वहीं इस वर्ष फरवरी माह में जम्मू-कश्मीरके चार पूर्व मुख्यमंत्रियों को मिली सुरक्षा एक बार फिर घटा दी गई थी. अधिकारियों ने बताया था कि केंद्रशासित प्रदेश के प्रशासन ने श्रीनगर जिले के भीतर आवाजाही के दौरान अब पूर्व मुख्यमंत्रियों को मिली जैमर और एंबुलेंस की सुविधा को हटाने का निर्णय लिया है. इसके पहले फारूक अब्दुल्ला, गुलाम नबी आजाद, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती को मिले विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) के सुरक्षा कवच को वापस ले लिया गया था.