Blog

  • स्वच्छता अभियान सोसाइटी रजिस्टर्ड फगवाड़ा के सदस्यों का शिष्टमंडल कमिश्नर कम एडीसी नयन जस्सल से मिला

    स्वच्छता अभियान सोसाइटी रजिस्टर्ड फगवाड़ा के सदस्यों का शिष्टमंडल कमिश्नर कम एडीसी नयन जस्सल से मिला

    फगवाड़ा (राजेश कुमार)। स्वच्छता अभियान सोसाइटी रजिस्टर्ड फगवाड़ा के सदस्यों का शिष्टमंडल अध्यक्ष मदन मोहन खट्टर के नेतृत्व में नवनियुक्त कमिश्नर कम एडीसी नयन जस्सल से उनके कार्यालय में मिला। महासचिव जसविंदर सिंह चग्गर कार्यकारणी सदस्य रविंद्र सिंह पनेसर दविंदर सिंह  भंवरा दीप्ति नरेश शर्मा इत्यादि ने कमिश्नर महोदय को शहर की समस्याओं बाबत बताया। नाजायज कब्जों के कारण आवागमन की समस्या डोर टू डोर गार्बेज कलेक्शन को सही ढंग से करवा कर डंप पर ना ले जाकर उसे सीधे शहर से बाहर ले जाने का निर्णय कंप्लेंट सेंटर के सही ढंग से काम ना करने। जर्जर हालत में आए भवनों बाबत निर्णय लेने को कहा गया। इस मौके उद्योगपति के के सरदाना भी उपस्थित थे।

  • ड्रग्स केस: सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन को NCB ने दी क्लीन चिट

    ड्रग्स केस: सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन को NCB ने दी क्लीन चिट

    मुंबई: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने हाई-प्रोफाइल मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ‘क्लीन चिट’ दे दी है. आर्यन खान को पिछले साल मुंबई में एक क्रूज पर छापेमारी के दौरान एनसीबी ने कई अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया था और ड्रग्स बरामद करने का दावा किया था. कई सप्ताह तक जेल में बंद रहने के बाद आर्यन खान को कोर्ट से जमानत मिली थी.

    ड्रग-ऑन-क्रूज मामले में एनसीबी ने शुक्रवार को स्पेशल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की,जिसमें अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को आरोपी नहीं बनाया गया है. एनसीबी के डीडीजी (ऑपरेशंस) संजय कुमार सिंह के एक बयान में कहा गया है कि आर्यन और मोहक को छोड़कर सभी आरोपियों के पास से नशीले पदार्थ पाए गए. एनसीबी अधिकारी के बयान में कहा गया है कि 14 लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है. बाकी6 लोगों के खिलाफ सबूतों के अभाव में शिकायत दर्ज नहीं की जा रही है.

  • शूटिंग के बहाने बाहर बुलाकर टीवी कलाकार को गोलियां से भूना

    शूटिंग के बहाने बाहर बुलाकर टीवी कलाकार को गोलियां से भूना

    नई दिल्ली। कश्मीरी टीवी कलाकार अमरीन भट को आतंकियों ने शूटिंग के नाम पर घर से बाहर बुलाकर गोलियां मारीं। अमरीन भट सोशल मीडिया पर सक्रिय थी। प्रतिबंध से पहले टिकटॉक पर उसके वीडियो काफी मशहूर थे। आतंकी तंजीमों को यह बात हमेशा चुभती थी। सूत्रों के अनुसार, अमरीन बतौर एक कलाकार सेना के साथ भी कार्यक्रमों में भाग लेती थी। इसी के चलते संभवत: आतंकियों ने उसे निशाना बनाया।  बडगाम जिले के चाडूरा इलाके के हुशरू गांव में वीरवार को भी मातम छाया रहा। अमरीन के घर लोगों का तांता लगा हुआ था। परिवार वाले रोते बिलखते सिर्फ एक ही बात पूछ रहे हैं कि आखिर उनकी बेटी का क्या कसूर था। उसे क्यों मारा गया। उन्हें इस बात का भी मलाल था कि उनकी बेटी की हत्या के बाद कोई भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उनके घर हालचाल जानने तक नहीं पहुंचा। पिता खजर मोहम्मद भट ने कहा कि करीब 8 बजे का समय था।

    दो लोग उनके घर के अहाते में आए और कहा कि अमरीन को बुलाइये, उसे शूटिंग के लिए जाना है। एक शख्स अंदर दाखिल हुआ और उसे बाहर लेकर आया।

    भट ने कहा कि अमरीन ने जैसे ही कहा कि मैं अनजान लोगों के साथ शूट पर कैसे जा सकती हूं तो एक ने पिस्तौल निकाली और उस पर गोलियां बरसा दीं। इस दौरान उसके भतीजे पर भी गोली चलाई गईं। दोनों घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

    भट के अनुसार अमरीन को पहले चाडूरा फिर वहां से श्रीनगर के अस्पताल रेफर किया गया लेकिन उसने दम तोड़ दिया। आपको बता दें कि मध्य कश्मरी के बडगाम जिले के चाडूरा में बुधवार देर रात आतंकवादियों ने एक कश्मीरी टीवी महिला कलाकार अमरीन भट की घर के बाहर गोलीमार कर हत्या कर दी। 

    गोलीबारी में उसका भतीजा भी घायल हो गया। भतीजे को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर है। एक अधिकारी ने बताया कि रात लगभग आठ बजे अमरीन भट (29) चाडूरा इलाके में अपने घर के बाहर भतीजे फुरहान जुबैर के साथ आई।

    वहां मौजूद आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोलियां लगते ही अमरीन और उसका भतीजा जमीन पर खून से लथपथ होकर गिर पड़े। इसके बाद आतंकी वहां से भाग निकले।
      
    एक पड़ोसी गुलाम नबी ने कहा कि शाम को जब यह घटना हुई तो नमाज का समय था। उन्होंने बताया कि शोर सुनकर हम यहां पहुंचे। खून से लथपथ अमरीन को अस्पताल लाया गया, लेकिन उसे मृत लाया घोषित कर दिया। नबी ने कहा कि लोग सहमे और डरे हुए थे।

    कोई भी घटनास्थल पर नहीं आया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कारण क्या बता सकते हैं, यह तो एक छोटी सी टीवी कलाकार थी। बेहद मिलनसार लड़की थी।

  • दंगल- नगर निगम में चल रही आप और कांग्रेस में वर्चस्व की लड़ाई में पिस रहे अधिकारी, एक शिकायती दूसरी सिफारिशी!

    दंगल- नगर निगम में चल रही आप और कांग्रेस में वर्चस्व की लड़ाई में पिस रहे अधिकारी, एक शिकायती दूसरी सिफारिशी!

    जालंधर/अनिल वर्मा। नगर निगम जालन्धर प्रशासन में अब आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस में वर्चस्व की लड़ाई शुरु हो चुकी है। इस लड़ाई में दोनो तरफ अधिकारी तथा मुलाजिम बुरी तरह से पिस रहे हैं। यह लड़ाई हर रोज सुबह 9 बजे शुरु हो जाती है जिसमें एक पाला शहर के कारोबारियों को राजस्व चोरी करने (अवैध बिल्डिंग बनवाने, प्राप्टी टैक्स चोरी करने, अवैध विज्ञापन लगवाने, सरकारी जमीनों पर कब्जे करने, टैंडरों की शर्तों अनुसार काम न करने) के लिए अधिकारियों को कारवाई न करने का दबाव बना रहा है दूसरा सरकारी खजाने को भरने के लिए अधिकारियों को कानूनी कारवाई करने के लिए कह रहा है। इस ल़ड़ाई के अखाड़े में हररोज शाम को हारजीत का फैसला होता है और अगले दिन दौगुणे दबाव के साथ अधिकारियों (पहलवानों) को अखाड़े में उतारा जाता है।

    ताजा मामले में ढिलवां रोड पर बन रही कांग्रेसी पार्षद मनदीप जस्सल की बिल्डिंग को लेकर अखाड़ा सजा हुआ है। इस इमारत की ऊपरी मंजिल पर ममटी बनाने तक का नक्शा पास है मगर बावजूद इसके जस्सल यहां पूरा एरिया करीब 600 स्केयर फुट कवर करने के लिए लैंटर डालने पर अड़े हैं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा ने निगम कमिशनर दीप शिखा को शहर में मुलाजिमों की लापरवाही से कोई भी अवैध निर्माण करवाने पर सख्त कारवाई करने के लिए कहा है। यहां बिल्डिंग विभाग के सहायक टाउन प्लानर रविंदर कुमार तथा बिल्डंग इंस्पैक्टर निर्मलजीत वर्मा ने तीन बार काम बंद करवाया मगर बात नहीं बनी तो निगम कमिशनर के आदेशों के बाद यहां निगम के 10 पुलिस मुलाजिम तैनात कर दिए गए। इसके बावजूद यहां देररात लैंटर डाल लिया गया।

    इस दंगल में कांग्रेस की जीत तथा आम आदमी पार्टी की हार देखने को मिल रही है। सूत्रों अनुसार बिल्डिंग विभाग आज इस इमारत को सील करने की तैयारी कर रहा है। चाहे इस इमारत का नक्शा पास है मगर एक्सट्रा कवरेज करने पर एफएआर काफी बढ़ गई है।

    जिसमें पार्किंग एरिया की कवरेज काफी कम हो गई है। जस्सल का कहना है कि पूरा शहर अवैध इमारतें बना रहा है तो वह क्यों न बनाए जो भी कंपाऊडिंग फीस होगी वह देने के लिए तैयार है। दूसरी ओर बिल्डिंग विभाग का कहना है कि बाईलाज के अनुसार ही बिल्डिंग का एक्सट्रा एरिया कंपाउंड किया जा सकता है। आज शाम तक इस मामले में कौन किस को पटखनी देता  है देखना दिलचस्प होगा।

  • पंजाब सरकार की बड़ी कार्यवाही, RTA अफसर Suspend

    पंजाब सरकार की बड़ी कार्यवाही, RTA अफसर Suspend

    बठिंडा: पंजाब मंत्रिमंडल हर दिन एक्शन में नजर आ रहा है। आज पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बड़ी कार्यवाही करते हुए बठिंडा के आर.टी.ए. अफ़सर बलविन्दर सिंह को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार पिछली सरकार के कार्यकाल में अधिक पर्मिट जारी करने के मामले में आर. टी. ए. अफ़सर बलविन्दर सिंह को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं।

    बता दें कि पूर्व ट्रांसपोर्ट मंत्री राजा वड़िंग के समय से ही बस पर्मिट का मुद्दा गर्माया हुआ है। ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने 16 मई को आर. टी. ए. दफ़्तर की अचानक चैकिंग की थी, जिस दौरान उनकी तरफ से परमिट और बस के टाईम -टेबल में कुछ कमिया पाई  गई थीं। उस समय उन्होंने प्रमुख सचिव (ट्रांसपोर्ट) विकास गर्ग को इस मामले की जांच करके एक हफ़्ते में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। रिपोर्ट के आधार पर यह कार्यवाही की गई है।

  • मंकीपॉक्स को लेकर अलर्ट जारी, ऐसे लोगों के लिए आइसोलेशन जरूरी

    मंकीपॉक्स को लेकर अलर्ट जारी, ऐसे लोगों के लिए आइसोलेशन जरूरी

    नई दिल्ली: अभी कोरोना वायरस खत्म भी नहीं हुआ था कि पूरी दुनिया की चिंता मंकीपॉक्स वायरस ने बढ़ा दी है. दुनिया भर में इसके मामले बढ़ते जा रहे हैं. इसके खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने अलर्ट जारी किया है. इसके तहत विदेश की यात्रा से लौटकर आए लोगों पर नजर रखने का फैसला किया गया है. इस बाबत यूपी सरकार ने संबंधित विभागों को आदेश दे दिए हैं.

    संक्रामक रोगों के निदेशक ने कहा, ‘अभी चकत्ते वाले लोगों (जरूरी नहीं की बीमारी हो) की निगरानी करने की जरूरत है, खासकर उन लोगों की जो हाल ही में किसी ऐसे देश से आए हों जहां मंकीपॉक्स के मरीज मिले हैं या वो मंकीपॉक्स मरीज के संपर्क में आए हैं. इन पर नजर रखने और इन्हें आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं.’ इसे लेकर विभाग ने गुरुवार शाम को एक एडवाइजरी भी जारी की है और कहा कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा के इतिहास वाले दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों पर भी ध्यान दिया जाए.

    सरकार ने स्वास्थ्य अधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन करने का निर्देश दिया है. एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि, “मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीजों को तब तक आइसोलेशन में रहने की जरूरत है जब तक कि रैशेज वाली जगह पर नई त्वचा न निकल जाए या डॉक्टर आइसोलेशन खत्म करने की सलाह न दें. राज्य के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को सरकार की तरफ से भेजे गए परामर्श में कहा गया है कि, ‘जो लोग किसी मरीज के संपर्क में आए हैं, उनकी 21 दिनों की अवधि तक जांच की जाए.’

    असोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल डॉक्टर्स के महासचिव डॉ अभिषेक शुक्ला ने बताया कि, ‘मंकीपॉक्स के अधिकांश रोगियों ने बुखार, चकत्ते और लिम्फ नोड्स में सूजन की सूचना दी है और यह संदेह है कि यह एक आदमी से दूसरे आदमी में बड़ी श्वसन बूंदों के माध्यम से संचारित होता है. हालांकि राहत की बात ये है कि 22 मई तक भारत में मंकीपॉक्स का कोई भी मामला नहीं आया है, लेकिन अभी सतर्क रहने की जरूरत है.’

    उन्होंने बताया कि मंकीपॉक्स एक स्व-सीमित बीमारी है और इसके लक्षण चार सप्ताह तक रह सकते हैं. अभी तक यूके, यूएस, यूरोप, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में इसके मरीज मिले हैं. यह संक्रमण 7 से 14 दिन तक रहता है, लेकिन कई केस में 21 दिनों तक भी रह सकता है.

  • 67 की उम्र में मशहूर एक्टर का निधन, रणवीर सिंह सहित कई सितारों ने दी श्रद्धांजलि

    67 की उम्र में मशहूर एक्टर का निधन, रणवीर सिंह सहित कई सितारों ने दी श्रद्धांजलि

    न्यूयार्क : हॉलीवुड स्टार रे लिओटा का 67 की उम्र में निधन हो गया है। उनके यूं अचानक चले जाने से उनके फैंस काफी हैरान हैं, वहीं हॉलीवुड के तमाम सितारे भी सदमें में हैं। इसके अलावा बॉलीवुड के एक्टर्स भी रे लिओटा के निधन से काफी दुखी हैं। ऐसे में हॉलीवुड के कई सितारों समेत बॉलीवुड के भी कई एक्टर्स ने रे लिओटा को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रियंका चोपड़ा ने इस दौरान रे लिओटा को नमन करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। प्रियंका ने एक स्टोरी पोस्ट की जिसमें उन्होंने एक्टर रे लिओटा की एक फोटो शेयर की थी। तस्वीर में उनके जीवन काल का समय मेंशन किया गया- 1954 से 2022 तक। इसी के साथ ही प्रियंका ने टूटे हुए दिल वाला इमोजी भी तस्वीर के साथ शेयर किया।

    वहीं रणवीर सिंह ने भी हॉलीवुड एक्टर रे लिओटा को श्रद्धांजलि दी। रणवीर ने भी अपने ऑफीशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से दिग्गज हॉलीवुड कलाकार के लिए एक पोस्ट किया था। पोस्ट में रणवीर ने भी प्रियंका की तरह ही रे की एक तस्वीर स्टोरी में शेयर की। रणवीर सिंह ने एक्टर रे की एक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो अपने इंस्टा स्टोरी से शेयर की। तस्वीर में उन्होंने भी रे लिओटा के जीवन काल का समय मेंशन किया और दिल टूटने वाला इमोजी शेयर किया।

    इसके अलावा जेनिफर लोपेज ने भी रे को श्रद्धांजलि अर्पित की। जेनिफर लोपेज ने तो एक्टर की ढेरों तस्वीरें शेयर कर एक इमोशनल नोट लिखा, तो वहीं रेन रेनॉल्ड्स ने भी अपने इंस्टाग्राम से एक पोस्ट किया। इमोशनल कर देने वाले इस पोस्ट में एक्टर ने रे के लिए लिखा-फनी ग्रंपी और चार्मिंग।

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डोमिनिकन गणराज्य में उन्होंने आखिरी सांस ली। खबरों के मुताबिक एक्टर यहां अपनी एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि एक्टर इस दौरान नींद की छपकी ले रहे थे. ऐसे में नींद में ही उनकी मौत हो गई। खबरों की मानें तो जेनिफर एलन ने बताया कि लिओटा ‘डेंजरस वॉटर्स’ की शूटिंग कर रहे थे। तभी नींद के दौरान उनकी मौत हो गई।

  • आज का राशिफल, 27 मई 2022

    आज का राशिफल, 27 मई 2022

    मेष राशिफल। आज का दिन आपके लिए निश्चित रूप से फलदायक रहने वाला है। आपके अंदर भोग विलास की भावना बढ़ेगी और आप कार्यक्षेत्र में कुछ नए परिवर्तन करेंगे,जिनका आगे चलकर आपको लाभ मिलेगा। धार्मिक व सामाजिक कार्यों में सहयोग करने से आज आपको मानसिक शांति मिलेगी। आपका आत्मविश्वास और बढेगा। आपको अपने  भविष्य के लिए भी कुछ धन संचय करके रखना बेहतर रहेगा,नहीं तो बाद में आपको परेशान होना पड़ सकता है। जो लोग किसी नए व्यवसाय को करना चाहते हैं,तो उनके लिए दिन उत्तम रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग व सानिध्य आपको भरपूर मात्रा में मिलता दिख रहा है।

    वृष राशिफल। आज आपको परिवार के किसी सदस्य की ओर से कोई शुभ सूचना सुनने को मिलेगी,लेकिन यदि आपके आस पड़ोस में कोई लड़ाई झगड़ा हो,तो आपको उसमें पड़ने से बचना होगा नहीं तो वह कानूनी विवाद का कारण हो सकता है। आपके कुछ नए कार्य में विघ्न आएंगे,जिन्हें आप परिवार के वरिष्ठ सदस्यों की मदद से दूर करने में सफल रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपको कड़वाहट को मिठास में बदलने की कला को सीखना होगा,तभी आप अपना काम निकलवाने में कामयाब रहेंगे। संतान द्वारा आज किसी ऐसे कार्य को अंजाम दिया जाएगा,जिसके कारण आपका मन प्रसन्न रहेगा।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए कुछ खर्चा भरा रहेगा। आप किसी कार्य में निवेश किया,तो उसमें भी आपको नुकसान हो सकता है। आपको रुके हुए कार्यों को पूरा करने के लिए मेहनत करेंगे व उन्हें पूरा करके ही दम लेंगे। परिवार में यदि किसी सदस्य से कोई मनमुटाव की स्थिति उत्पन्न हो,तो आपको उसमें वाणी की मधुरता को बनाए रखना होगा,नहीं तो वह आपसे नाराज हो सकते हैं। यदि कोई विपरीत परिस्थिति आपके सामने आए,तो आपको उसमें धैर्य बनाकर रखना होगा। सरकारी नौकरी में कार्यरत लोगों को किसी महिला मित्र के सहयोग से धन लाभ मिलता दिख रहा है।

    कर्क राशिफल। आज के दिन आपको व्यापार में छुटपुट लाभ के अवसर मिलते रहेंगे। आप अपने बुद्धि और विवेक से कुछ नए नए कार्यों की खोज भी करेंगे। आप अपने परिवार में छोटे बच्चों के लिए कुछ उपहार लेकर आ सकते हैं। राजनीति की दिशा में जो लोग कार्यरत हैं,उनको सावधान रहना होगा,नहीं तो उनके शत्रु उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। आपको दूसरों की कमी ढूंढने से अच्छा है कि आप अपने कार्यों की ओर ध्यान लगाएं,तभी आप लाभ कमा पाएंगे। जो लोग घर से दूर नौकरी में कार्यरत हैं,उन्हें अपने परिवार के सदस्यों की याद सता सकती है और वह उनसे मिलने आ सकते हैं।

    सिंह राशिफल। आज का दिन आपके लिए बहुमूल्य वस्तुओं की प्राप्ति का दिन रहेगा। आपकी दिल की इच्छाएं पूरी होगी। यदि आप किसी संपत्ति की खरीदारी करने की सोच रहे थे,तो  वह अच्छा पूरी होगी,लेकिन संतान के स्वास्थ्य में अक्समात गिरावट के कारण आप परेशान रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी कार्यकुशलता देखकर दूसरे व्यक्ति आपकी ओर आकृष्ट होंगे और अधिकारी भी आपकी प्रशंसा करते नजर आएंगे। आपको गरीबों की सहायता करने का मौका मिले,तो अवश्य करें। सायंकाल का समय आप किसी धार्मिक कार्य में भाग ले सकते हैं।

    कन्या राशिफल। आज का दिन आपके प्रभाव व प्रताप में वृद्धि लेकर आएगा। दोस्तों के साथ मुलाकात से आपको सुकून मिलेगा। सायंकाल से लेकर रात्रि तक आपको अपने अत्यधिक बढ़ते हुए खर्चों की ओर ध्यान लगाना होगा और बजट प्लान करके चलना बेहतर रहेगा। आप मित्रों के साथ घूमने फिरने की योजना बनाएंगे,लेकिन अविवाहित जातकों के जीवन  में नए मेहमान की दस्तक हो सकती है। जो लोग विदेश में जाकर शिक्षा ग्रहण करना चाहते हैं,उनको कोई खुशखबरी सुनने को मिलेगी। आपका अपनी माताजी से कोई वाद विवाद खड़ा हो सकता है।

    तुला राशिफल। आज आपका स्वास्थ्य कुछ नरम गरम रहेगा। यदि लोग नौकरी में कार्यरत हैं,तो उनके अधिकारों में वृद्धि होगी,जिसके कारण वह परेशान हो जाएंगे,लेकिन फिर भी आपको धैर्य बनाकर कार्य करना होगा,तभी आप सफलता हासिल कर सकेंगे। आपके चारों ओर के लोग आपके साहस व पराक्रम की प्रशंसा करते नजर आएंगे। परिवार में किसी सदस्य के विवाह की बात पक्की हो सकती है,जिससे परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहेगा। आपको किसी सरकारी योजना का लाभ मिलता दिख रहा है। ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से आपको धन उधार देने से बचना होगा,नहीं तो वह आपके रिश्तों को खराब करा सकता है।

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आपके लिए मध्यम रूप से फलदायक रहेगा। आपके सामने कुछ ऐसे खर्चे आएंगे,जिनको आपको मजबूरी में करना ही पड़ेगा। संतान पक्ष की ओर से कोई खुशखबरी मिलने से आपका उत्साह और बढ़ेगा। आपको रात्रि के समय किसी मांगलिक उत्सव में भी सम्मिलित होने का मौका मिलेगा,जहां आपकी कुछ रसूखदार लोगों से मुलाकात होगी। यदि आपको कोई नेत्र संबंधित समस्या हो,तो आपको उसमें डॉक्टरी परामर्श अवश्य लेना होगा। आपके मित्र आपको किसी निवेश संबंधी योजना की सलाह दें,तो आपको उसमें भाइयों से सलाह मशवरा करना बेहतर रहेगा।

    धनु राशिफल। आज का दिन आपके भौतिक सुख-सुविधाओं में कुछ कमी रहेगी,लेकिन व्यवसाय में आपको अपने मन की किसी भी बात को दूसरों के सामने उजागर नहीं करना है। यदि आपने ऐसा किया,तो दूसरे इसका फायदा उठा सकते हैं। आपका सामाजिक क्रियाकलापों में भी खूब मन लगेगा। व्यवसाय में आपको कुछ आपके रुके हुए धन की प्राप्ति होगी,जिसके कारण आप अपनी काफी धन संबंधित समस्याओं को हल कर पाएंगे। आपको संतान की किसी फरमाइश को पूरा करना होगा,नहीं तो वह आपसे नाराज हो सकती हैं। आपको अत्यधिक तले भुने भोजन से परहेज रखना बेहतर रहेगा नहीं तो आपका स्वास्थ्य खराब हो सकता है।

    मकर राशिफल। आज का दिन सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत लोगों के लिए उत्तम रहेगा,क्योंकि उन्हें कुछ नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आपको आपके निर्णय लेने की क्षमता का लाभ मिलेगा। आपको परिवार के किसी सदस्य के भविष्य से संबंधित कोई फैसला लेना पड़ सकता है,जिसमें आपको बड़े सदस्यों से सलाह मशवरा अवश्य करना होगा। व्यवसाय में यदि आपने किसी से उधार लिया,तो आपको उस धन को उतार पाना मुश्किल रहेगा,जिसके कारण आप परेशान रहेंगे। सायंकाल के समय आप देव दर्शन आदि की यात्रा पर जा सकते हैं। यदि आपका कोई कानूनी कार्य चल रहा है,तो उसमें आपको जीत मिल सकती है।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके लिए भविष्य की नवीन योजनाओं को लेकर आ रहा है। आपकी आध्यात्मिक कार्यों के लिए प्रति रुचि बढ़ेगी और आप दान पुण्य के कार्य में भी कुछ धन लगाएंगे। आपके अच्छे कार्यों को करने से आपके खानदान व कुल का नाम रोशन होगा,जिससे परिवार के सभी सदस्य प्रसन्न रहेंगे। सायंकाल के समय आपको माता पिता के आशीर्वाद से किसी कार्य में निवेश करना बेहतर रहेगा। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा में आ रही समस्याओं के लिए अपने गुरुजनों से सलाह मशवरा करना होगा।

    मीन राशिफल। आज का दिन आपके लिए करियर के दृष्टिकोण से उत्तम रहेगा,क्योंकि आपको कोई नौकरी का बेहतर अवसर आ सकता है,लेकिन परिवार में चल रही कलह के कारण आपके मन में अशांति बनी रहेगी। संतान व पत्नी के प्रति आपकी प्रेम भावना बढ़ेगी। आपको किसी दूसरों के मामले में सोच विचार कर बोलना होगा,नहीं तो वह मुद्दा आपके ही सिर पर आ सकता है। आपको अक्समात अपने किसी दूर रह रहे परिजन की चिंता सता सकती है। व्यापार में आपको मन मुताबिक ही लाभ मिलेगा,जिसके कारण आप अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने में सफल रहेंगे।

  • बददी के पत्रकार को वार्ड 9 निवासी ने दी जान से मारने की धमकी

    बददी के पत्रकार को वार्ड 9 निवासी ने दी जान से मारने की धमकी

    घरों में अवैध दुकानें बनाकर नियम तोडने की छापी थी खबर

    नगर परिषद व हिमुडा की लचर कार्यप्रणाली से हो रहा गोरखधंधा

    बददी/सचिन बैंसल: बददी के एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार को अवैध कार्य करने वाले व्यक्ति ने धमकाया वहीं उसको व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी  है। पत्रकार की गलती सिर्फ इतनी है कि उसने बुधवार को हाऊसिंग बोर्ड एक , दो व तीन में घरों में बनी अवैध दुकानों का मसला प्रमुखता से उठाया था। गौरतलब है कि हाऊसिंग कालोनियों में लोगों ने अपने घरों में ही दर्जनों दुकानें बना ली है जिससे जहां ट्रैफिक में बाधा पडती है वहीं घरेलू बिजली का भी व्यावसायिक प्रयोग होता है। 

    खबर प्रसारित होने के बाद उपरोक्त व्यक्ति अपने पुत्र के साथ पत्रकार सुरेंद्र शर्मा के चक्कां रोड स्थित समाचार पत्र के कार्यालय में पहुंचा और पूछा कि आपने मेरे मकानों व घरेलू परिसरों की फोटो क्यों खींची। जब नगर परिषद व हिमुडा को कोई आपत्ति नहीं है तो आप क्यों इस मामले को उठा रहे हो। इसके बाद पत्रकार ने पुलिस स्टेशन बददी में पूरे मामले की शिकायत दी और बददी के तमाम मीडीया कर्मी भी उनके साथ रहे।

    सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि उपरोक्त व्यक्ति ने मेरे परिवार व मेरी दुकान में आने वाले ग्राहकों के सामने जहां बदतमीजी की वहीं कहा कि मैं आपको गोली मार दूंगा। अगर आपने अपनी रिपोर्टिंग बंद नहीं की तो आपको बक्शा नहीं जाएगा और आपके साथ बहुत बुरा होगा। एक दर्जन से ज्यादा मीडीया कर्मियों ने पुलिस थाना प्रभारी बददी दयराम ठाकुर को दिए ज्ञापन में कहा हैए कि इस मामले में आरोपी के विरुद्व कडी कार्यवाही की जाए अन्यथा प्रेस संगठन संघर्ष करने व धरना देने पर मजबूर हो जाएंगे। वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी दयाराम ने कहा कि हमारे पास शिकायत आई है और हम आवश्यक कार्यवाही कर रहे हैं। इस अवसर पर हाऊसिंग बोर्ड फलेटस के सदस्य कुलवीर आर्य व हरिओम योगा सोसाईटी के अध्यक्ष डा श्रीकांत शर्मा सहित विभिन्न प्रेस संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • ट्रकों में हुई जोरदार टक्कर, एक चालक की मौके पर गई जान, 1 घायल

    ट्रकों में हुई जोरदार टक्कर, एक चालक की मौके पर गई जान, 1 घायल

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना के अम्ब-नैहरिया रोड पर पड़ते दोसड़का में ट्रकों में हुई भीषण टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दूसरा चालक मामूली रूप से घायल हुआ है। घायल चालक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल अम्ब में भर्ती करवाया गया है। 

    प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4.15 बजे दोसड़का में दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों चालकों को वाहनों से निकाल कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया, जहां पर जांच के दौरान डॉक्टर एक चालक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मौत का शिकार हुआ चालक कुलदीप सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी होशियारपुर पंजाब का रहने वाला है।

    घायल चालक संजय कुमार पुत्र स्व. हंसराज गांव गलूं तहसील बंगाणा का रहने वाला है। घायल का उपचार अम्ब अस्पताल में चल रहा है।  मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीन धीमान  ने बताया कि पुलिस ने मौके पर निरीक्षण करने के बाद दो वाहनों को कब्जे में ले लिया है। साथ ही हादसे के संबंध में केस दर्ज करके मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।