Blog
-

जिला ऊना में 1.48 लाख बच्चों को खिलाई गई कृमि मुक्ति दवाः राघव शर्मा
डीसी राघव शर्मा ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला कलोह से किया अभियान का शुभारंभऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना में आज लगभग 1.48 लाख बच्चों को कृमि मुक्ति दवा अल्बेंडाजोल खिलाई गई। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर आज जिला के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अल्बेंडाजोल की गोली 1-19 वर्ष के बच्चों को पेट में होने वाले कीड़ों (कृमि) से उपचार के लिए दी गई, जिसकी शुभारंभ उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला कलोह से किया। छूटे हुए बच्चों को 30 मई को दवा दी जाएगी।इस बारे उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि बच्चों के पेट में कृमि संक्रमण के कारण उनके शारीरिक और दिमागी विकास में बाधा आती है, जिससे कुपोषण और खून की कमी (एनीमिया) होती है। उन्होंने बताया कि पेट के कीड़े मारने के लिए कृमि नियंत्रण की दवा नियमित तौर पर लेने से जहां शरीर में पोषण का स्तर बेहतर होता है तो वहीं बच्चे की रोग प्रतिशोधक क्षमता को बढ़ाने में भी मदद मिलती है। इसके अतिरिक्त न केवल बच्चे की कार्य क्षमता में सुधार आता है, बल्कि वातावरण में कृमि की संख्या कम होने से इसका लाभ समुदाय के अन्य सदस्यों को भी मिलता है।उन्होंने बताया कि जिला के विभिन्न सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के बच्चों व युवाओं को यह दवा संस्थान के अध्यापकों, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग व निगरानी में खिलाई गई।राघव शर्मा ने कहा कि पेट के कीड़ों से बचाव के लिए बच्चों में साफ-सफाई की आदत डालना भी आवश्यक है। खाना खाने व शौच जाने के बाद अपने हाथों की साबुन से अच्छी तरह से साफ-सफाई बनाए रखने, नाखूनों को साफ-सुथरा व छोटा रखने, खुले में शौच न करने तथा शौचालय का ही प्रयोग करने एवं अपने आसपास सफाई रखना बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. मंजू बहल, उप-निदेशक प्रारंभिक शिक्षा देवेंद्र चंदेल भी उपस्थित रहे। -

लगभग एक करोड़ से होगा सनोली-मजारा के तलाबों का सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण: सत्ती
ऊना/सुशील पंडित: छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बुधवार देर सायं सनोली व मजारा के दो तालाबों के सुधारीकरण एवं सौदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्य पर लगभग एक करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।ग्राम पंचायत मजारा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते सतपाल सत्ती ने बताया कि अजोली, सनोली, मजारा सहित आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सनोली रामलीला ग्राउंड और मजारा मार्किट ग्राउंड को 11.31 लाख रुपये से पक्का किया गया है तो वहीं 19 लाख रुपये से पशु औषधालय मजारा का निर्माण किया गया है। सत्ती ने बताया कि सनोली में 42.39 लाख से स्वास्थ्य उपकेन्द्र जबकि 40.30 लाख से सनोली स्कूल में चार कमरों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अजोली सर्कुलर रोड, छतरपुर ढाडा सर्कुलर रोड, पूना बीनेवाल सर्कुलर रोड और संतोषगढ़-सनोली वाया मलूकपुर रोड के सुधारीकरण एवं चौड़ा करने के कार्य पर 5.12 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं जबकि 11.68 करोड़ रुपये से ऊना-संतोषगढ़ रोड को अपग्रेड किया गया है।उन्होंने बताया कि अजोली गांव के लिए संपर्क सड़क पर 11.28 लाख से पेवर ब्लॉक्स लगाए गए हैं। मजारा गांव में सिद्ध चानों मंदिर संपर्क मार्ग को 5 लाख रुपये खर्च करके सीमेंट-कंक्रीट से पक्का किया गया है। उन्होंने बताया कि सनोली-संतोषगढ़ रोड पर 3.50 लाख रुपये से नालियों का निर्माण किया जा रहा है। गौतम फिलिंग स्टेशन से मजारा सड़क की टारिंग पर 8.50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान 8 लाख से सनोली में लिंक रोड जनता को समर्पित किया गया है। सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि एक साल पांच काम के अंतर्गत 8.72 लाख से मेन रोड से पंजाब सीमा तक रास्ते के निर्माण का कार्य आरंभ हो चुका है। उन्होंने बताया कि सनोली में रामलीला मैदान को 8 लाख रुपये खर्च करके आरसीसी से पक्का किया गया है जबकि 18 लाख से मंच का निर्माण प्रगति पर है।सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि सनोली, मजारा सहित अन्य सीमांत गावों में पीएसीएल के कारण हो रहे प्रदूषण की समस्या के समाधान के लिए सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए एनजीटी द्वारा एक कमेटी का गठन किया गया है जिसमें उपायुक्त ऊना को भी सदस्य बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 31 मई को रोपड़ में इस कमेटी की बैठक आयोजित की जा रही है जिसमें मजबूती के साथ जिला का पक्ष रखा जाएगा।सत्ती ने बताया कि मलूकपुर से बीनेवाल संपर्क सड़क वाया रावमापा मजारा, पूना से सैंट सोल्जर स्कूल, बसदेहड़ा से पीरस्थान, आईपीएच स्कीम सनोली, शनिदेव मंदिर से पंजाब सीमा और फतेहवाल से बक्शी राम के घर तक की संपर्क सड़क के सुधारीकरण के लिए 3.47 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार करके सरकार को स्वीकृति के लिए भेजी गई है।इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्षा नीलम कुमारी, मंडलअध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, डॉ रामपाल सैनी, बीजेपी ऊना सचिव राजेश कौशल, प्रधान मजारा कुलदीप संधू, प्रधान सनोली जसवीर कौर, प्रधान बीनेवाल पूना सुखराज कौर, उपप्रधान मजारा सतवीर शोकर, उपप्रधान बीनेवाल पूना जीत सिंह, सेवानिवृत्त एक्सईएन बचित्तर सिह, शिशु कौशल, गुरदेव सिंह माहल, संतोख सिंह, मनजिंदर सिंह, हरदयाल सिंह, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष महेश मंगू, सिंह, दिलबाग सिंह, तरसेम हीर, पवन दीवान सहित अन्य उपस्थित रहे। -

नगनोली में 1.25 करोड़ से बनेगी सिंचाई परियोजना, प्रो. राम कुमार ने किया भूमिपूजन
ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने हरोली विस क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत नगनोली में 1.25 करोड़ की लागत से बनने जा रही सिंचाई योजना का आज भूमिपूजन किया। इस योजना के निर्माण से ग्राम पंचायत नगनोली के किसान लाभान्वित होंगे तथा लगभग 800 कनाल भूमि को सिंचाई की सुविधा प्राप्त होगी।
अपने संबोधन में प्रो. राम कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने टैक्स घटाकर पेट्रोल की कीमतें 9.50 रुपए, डीज़ल की कीमतें 7 रुपए तथा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए रसोई गैस की कीमतों में 200 रुपए की कटौती की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साथ-साथ मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी अपने जन कल्याणकारी फैसलों से आम आदमी को राहत देने का प्रयास कर रही है। 125 यूनिट तक बिजली का बिल माफ किया गया है तथा किसानों के लिए बिजली की दरें घटाकर 30 पैसे प्रति यूनिट की गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का बिल समाप्त किया गया है, बसों में महिलाओं के लिए किराया आधार कर दिया गया है। साठ वर्ष से अधिक की आयु से अधिक सभी व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के दायरे में लाया गया है और पेंशन की राशि भी बढ़ाई गई है। किसानों को सालाना 6000 रुपए किसान सम्मान निधि के रूप में दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सारे फैसले आम आदमी को राहत देने के लिए हैं।
इस मौके पर हरोली भाजपा मंडल अध्यक्ष गुलविंद्र गोल्डी, महामंत्री राजीव राणा, जिला परिषद सदस्य ओंकार नाथ, कमल सैनी, पंचायत समिति हरोली के उपाध्यक्ष सतीश राणा, प्रधान लोअर बढ़ेडा अजय लवली, राज कुमार पवार, चरण सिंह, अशोक, बीरबल, कुलविंदर, विक्की ठाकुर तथा चूड़ामणि सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
-

30 मई से 20 जून तक ऊना-संतोषगढ़ मार्ग वाहनों की आवाजाही हेतू बंद रहेगा
ऊना/सुशील पंडित: जिला दंडाधिकारी राघव शर्मा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि ऊना-संतोषगढ़ सड़क के दोनों ओर बारिश के पानी की निकासी हेतु बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए 30 मई से 20 जून तक ऊना-संतोषगढ़ सड़क मार्ग दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ से अंब, होशियारपुर, कांगड़ा, हमीरपुर बाया संतोषगढ़ होकर जाने वाले वाहन रामपुर ब्रिज से सलोह, घालूवाल व झलेड़ा या संतोषगढ़ से ऊना बाया मैहतपुर/रायपुर सहोड़ां होकर जाएंगे। इसके अलावा कांगड़ा, होशियारपुर और हमीरपुर से चंडीगढ़ बाया संतोषगढ़ होकर जाने वाले वाहन ऊना से नंगल बाया मैहतपुर होकर जाएंगे। -

सुविधा एपलाईंसिस कंपनी में लगा रक्त शिविर
बड़े भाई ने किया शिविर का उद्घाटन और छोटा भाई बना पहला रक्तदाता
सेवानिवृत सहायक निदेशक देवव्रत ने लगाया रक्तदान शिविर
बददी/सचिन बैंसल: भुड्ड- मोरपिन रोड पर स्थित सुविधा एपलाईंसिंस कंपनी में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के सहायक निदेशक देवव्रत यादव की ओर से रक्तदान शिविर में 70 लोगों ने रक्तदान किया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला संघ चालक महेश कौशल ने रक्त दान शिविर का शुभारंभ किया और उनके छोटे भाई लाज मोटर्स के एमडी रमन कौशल ने प्रथम डोनर के रूप में रक्तदान किया। रमन कौशल ने 19वीं रक्तदान किया। दीपक कुमार ने 15वीं बार रक्तदान किया। इसके अलावा अजय, सूरजभान, विशाल ठाकुर, नरायण सिंह समेत 70 लोगों ने रक्तदान किया।
कंपनी के हाल में आयोजित रक्तदान शिविर में भटोली कलां स्थित मल्होत्रा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की ब्लड बैंक की टीम ने रक्त एकत्रित किया। अस्पताल के एमडी मुकेश मल्होत्रा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। जिन लोगों ने दान किया है वह देश व समाज के लिए भलाई के बहुत बड़ा काम कर रहे है। उन्होंने उनकी तुलना हीरो से की है। इतने कम समय में शिविर का आयोजन करने के लिए उन्होंने देवव्रत यादव और कंपनी के प्रबंधक धीरज जी शैठी को बधाई दी।
कंपनी के प्रंबधक धीरज जी शैठी ने कहा कि उनकी कंपनी में यह पुण्य कार्य के लिए मौका मिला वह भविष्य में भी इस तरह से सामाजिक कार्यो में बढ़ चढ कर भाग लेंगे। शिविर के मुख्य अतिथि महेश कौशल ने कहा कि बीबीएन में लगे उद्योग जहां लोगो ंको रोजगार मुहैया करा रहे है वहीं लोगों की भलाई के लिए काम में जुटे है। अपनी व्यस्त दिनचर्या से इस पुनीत कार्य के लिए समय निकालने के लिए उन्होंने कंपनी संचालकों का अभार जताया। शिविर के आयोजक देवव्रत यादव ने कहा कि क्षेत्र के रोगियों के लिए खून की कमी न रहे और लोगों को खून के लिए चंडीगढ़ व बाहरी राज्यो में भटकना पड़े।
इसके लिए उन्होंने कम समय में ही शिविर लगा दिया लेकिन जिस तरह से रक्तदान करने वाले युवा आगे आए है वह काबिलेतारिफ है। रक्तदान देने वाले सभी रक्तदाताओं के लिए फल व दूध का प्रबंध कंपनी की ओर से किया गया। इस मौके पर अखिल भारतीय ईएसआईसी पैरामेडिकल एंपलाईज यूनियन के उपाध्यक्ष सुदीप कुमार, ईएसआईसी कर्मचारी यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सूरजभान, हेमराज राणा, लाल लैबपेथ की एमडी प्रीत पाल. डॉ. धीरज, वरिष्ठ तकनीशियन डॉ. हरबंस सिंह समेत गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
-

जालंधरः घा मंडी के पास व्यक्ति से तलवारें और पिस्तौल दिखाकर 80 हजार की लूट…
जालंधर (हर्ष)। महानगर जालंधर में लूटेरों के होसलें बुलंद हो गए है। आज दिनदिहाड़े एक व्यक्ति से 80 हजार रूपये लूट कर लुटेरे मौके से फरार हो गए है। जानकारी देते हुए प्रताप कुमार पुत्र ओमप्रकाश वासी खुलरा खिंगरा ने बताया कि वह एयरटेल की कंपनी में मार्केटिंग का काम करता है।

आज घा मंडी के पास अपनी पैमेंट जमा करवाने निजी बैंक में जा रहा था। इसी दौरान 3 मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने इन्हें रोककर पहले मारपीट की और पिस्तौल व तलवारें दिखाकर 80 हजार रूपये व 2 मोबाइल लूटकर फरार हो गए। जिस दौरान इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
-

सुप्रीम कोर्ट का फैसलाः सेक्स वर्क को माना पेशा, पुलिस और मीडिया को दी ये सख्त हिदायत
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने अपने अहम फैसले में सेक्स वर्क को बतौर प्रोफेशन स्वीकार किया है। कोर्ट ने कहा कि इस पेशे में शामिल लोगों को सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार है, उन्हें कानून के तहत समान सुरक्षा का अधिकार है। साथ ही कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया है कि उसे ना तो इस पेशे में शामिल लोगों के जीवन में हस्तक्षेप करना चाहिए और ना ही उनके खिलाफ कोई आपराधिक कार्रवाई करनी चाहिए अगर इस पेशे से जुड़े लोग वयस्क हैं और आपसी सहमति से संबंध बना रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि इस बात को कहने की कतई आवश्यकता नहीं है कि इस पेशे में होने के बावजूद हर व्यक्ति को संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत सम्मानजनक जीवन जीने का पूरा अधिकार है। सेक्स वर्कर्स को समान कानूनी सुरक्षा का अधिकार है, सभी मामलों में उम्र और आपसी सहमति के आधार पर क्रिमिनल लॉ समान रूप से लागू होना चाहिए। यह साफ है कि सेक्स वर्कर्स वयस्क हैं और सहमति से यौन संबंध बना रहे हैं तो पुलिस को उनसे दूर रहना चाहिए, उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच ने यह फैसला दिया है। बेंच के अध्यक्ष जस्टिस एल नागेश्वर राव हैं। कोर्ट ने यह आदेश आर्टिकल 142 के तहत विशेष अधिकारों के तहत दिया है।
सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने कहा कि जब भी कहीं पुलिस छापा मारे तो सेक्स वर्कर्स को ना तो गिरफ्तार किया जाना चाहिए, ना उन्हें सजा देनी चाहिए और उन्हें प्रताड़ित किया जाना चाहिए। चूंकि स्वयं से और सहमति से यौन संबंध गैर कानूनी नहीं है, सिर्फ वेश्यालय चलाना अपराध है। सेक्स वर्कर के बच्चे को उसकी मां से अलग नहीं किया जाना चाहिए, सिर्फ इसलिए कि वह वेश्यावृत्ति में लिप्त है। मौलिक सुरक्षा और सम्मानपूर्ण जीवन का अधिकार सेक्स वर्कर और उनके बच्चों को भी है। अगर नाबालिग को वेश्यालय में रहते हुए पाया जाता है, या सेक्स वर्कर के साथ रहते हुए पाया जाता है तो ऐसा नहीं माना जाना चाहिए कि बच्चा तस्करी करके लाया गया है।
-

फिल्म जगत से बुरी खबरः इस एक्ट्रेस ने की आत्महत्या, पंखे से लटका मिला शव
नई दिल्ली। सिनेमा इंडस्ट्री से पिछले कुछ दिनों से लगातार बुरी खबरें आ रही हैं। अब खबर है कि बंगाली एक्ट्रेस बिदिशा डे मजूमदार ने आत्महत्या कर ली है। 21 वर्षीय एक्ट्रेस का शव पुलिस को उनके फ्लैट में पंखे से लटका मिला। शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया और एक्ट्रेस के सुसाइड की खबर से बंगाली इंडस्ट्री सकते में आ गई है। बिदिशा बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस थी और साथ ही अच्छी मॉडल भी थी। उनकी मौत की खबर सुनकर उनके परिवार वाले पहुंच गए हैं और पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
बिदिशा डे मजूमदार नगर बाजार में रेंट पर एक फ्लैट में रहती थीं। बीते दिन पुलिस को उनके फ्लैट में पंखे से उनका शव लटका हुआ मिला। इसके बाद से पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जांच में मालूम हुआ है कि एक्ट्रेस कुछ महीने पहले ही नगर बाजार में रहने के लिए आई थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शव के पास पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में बिदिशा ने अपने आप को कैंसर से ग्रसित और परेशान बताया है। जबकि एक्ट्रेस के करीबी दोस्तों का कहना है कि बिदिशा का बॉयफ्रेंड उन्हें धोखा दे रहा था। इस बात से एक्ट्रेस काफी समय से डिप्रेशन में थीं। दोस्तों की मानें तो बिदिशा के कैंसर पीड़ित होने की बाद बिल्कुल झूठी है। बता दें, बिदिशा ने अनिरबाद चटोपाध्याय की शॉर्ट फिल्म ब्हार से डेब्यू किया था।
-

सभी सरकारी स्कूलों में 1 से 30 जून तक होंगी छुट्टियां
चंडीगढ़. हरियाणा प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा कर दी गई है. प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में 1 जून से 30 जून तक गर्मियों की छुट्टियां होगी. शिक्षा विभाग की ओर से ये आदेश जारी किए गए हैं. कोरोना के कारण बच्चों की पढ़ाई दो साल तक प्रभावित रही. ऐसे में गर्मियों की छुट्टियों में बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे.
10वीं और 12वीं के विद्यार्थी घर पर ही टैब से आनलाइन पढ़ाई करेंगे. सरकार ने इसे लेकर आदेश जारी कर दिए है. छुट्टियों में पढ़ाई से बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता में सुधार आएगा क्योंकि दो साल कोरोना में बच्चों की पढ़ाई खासी प्रभावित हुई थी. हालांकि पिछली बार वाट्सअप ग्रुप में शिक्षा सामग्री भेजी गई थी. लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो सकेगा. क्योंकि टैब में स्टूडेंट एप और टीचर एप से पढ़ाई करवाई जाएगी.
एप में पूरा डाटा रहेगा कि शिक्षक की ओर से कितना काम करवाया गया और विद्यार्थी ने कितना काम किया. टैब से पढ़ाई को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह है. छुट्टियों से पहले विभाग पूरे प्रदेश में सभी विद्यार्थियों को टैबलेट बांट देगा. ऑनलाइन पढ़ाई में कोई बाधा न आए, इसलिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को टैब वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं.
-

500 से 600 मीटर खाई में गिरी गाड़ी, 7 लोगों के मारे जाने की आशंका
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के जोजिला दर्रे के पास बड़ा हादसा हो गया। यहां एक गाड़ी सड़क से फिसलकर गहरे खाई में गिर गई। इस हादसे में 7 लोगों के मारे जाने की आशंका है। वहीं, एक शख्स घायल बताया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, जोजिला दर्रे पर एक वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरने से लगभग 7 लोगों के मारे जाने की आशंका है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
जानाकारी के अनुसार, हादसा श्रीनगर -लद्दाख हाइवे पर हुआ। यह गाड़ी कारगिर से सोनमर्ग जा रही थी। इस दौरान अचानक गाड़ी फिसलकर 500-600 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई। जबकि, एक घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी यह क्लीयर नहीं हो पाया है कि गाड़ी में कितने लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया।