Blog

  • मानसून की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की व्यापक समीक्षा, प्रदेशभर में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

    मानसून की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की व्यापक समीक्षा, प्रदेशभर में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

    चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानसून के मद्देनजर प्रदेशभर में जल निकासी व्यवस्था, जलभराव की रोकथाम तथा संभावित बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों की शुक्रवार देर रात व्यापक समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों, मंडलायुक्तों तथा सिंचाई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, शहरी स्थानीय निकाय, विकास एवं पंचायत, राजस्व, स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, प्रदेश में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

    मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि अपने-अपने जिलों में जल निकासी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करें तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिन क्षेत्रों में जलभराव की आशंका रहती है, उनकी पहले से पहचान कर वहां सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं। वर्षा के तुरंत बाद प्रभावित क्षेत्रों से पानी की शीघ्र निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि जनजीवन सामान्य बना रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, शहरी स्थानीय निकाय, विकास एवं पंचायत, राजस्व, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। जल निकासी के लिए आवश्यक पंप सेट, मोटर, पाइप तथा अन्य उपकरण पूरी तरह कार्यशील अवस्था में तैयार रखे जाएं। उपमंडल स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा की जाए।

    मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश से गुजरने वाली नदी सहित सभी ड्रेन की नियमित निगरानी की जाए तथा जहां कहीं भी बरसाती पानी के प्रवाह में अवरोध हो, उसे तत्काल हटाकर निर्बाध जल निकासी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यमुना नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश देते हुए कहा कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों की तत्काल तैनाती सुनिश्चित की जाए। राजस्व, सिंचाई, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभाग बाढ़ संभावित क्षेत्रों में समन्वित ढंग से कार्य करें, ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

    मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोग होने वाली मशीनरी, नावों, जनरेटर तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की नियमित जांच की जाए। सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण एवं जल निकासी से संबंधित कंट्रोल रूम चौबीस घंटे सक्रिय रखे जाएं तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह तैयार रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी न रहे।

    मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जिला मानसून के दौरान नागरिकों की सुविधा के लिए अपना टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करे, ताकि जलभराव, बाढ़ अथवा अन्य आपात स्थिति से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जलभराव की प्रत्येक घटना का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इसमें प्रभावित स्थान, पानी की निकासी में लगा समय तथा स्थिति सामान्य होने में लगे समय का समुचित विवरण दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर भविष्य के लिए स्थायी एवं दीर्घकालिक समाधान तैयार किए जाएंगे, ताकि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

     

  • Jalandhar News: Karma Fashion Studio के बाहर पुलिस तैनात, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Karma Fashion Studio के बाहर पुलिस तैनात, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: थाना 4 के अधीन आते फैशन डिजाइनिंग की मशहूर दुकान करमा फैशन चर्चा में आ गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार करमा फैशन के परिजनों द्वारा मामले को लेकर चुप्पी साधी हुई है। वहीं थाना 4 को सूचना मिलने पर फैशन की दुकान के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। घटना की वीडियो भी सामने आई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकान के बाहर पुलिस की गाड़ी लगी हुई है और महिला पुलिस कर्मी सहित अन्य कर्मी तैनात है। हालांकि इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।

    बता दें कि करमा फैशन के मालिक शेखर के पास कपड़े लेने के लिए कई पंजाबी सिंगर और कलाकार आते जाते रहते हैं। शेखर के पास पंजाबी सिंगर प्रेम ढिल्लों उनके शोरूम में कपड़े लेने के लिए आ चुके है। गौर हो कि 2 साल पहले भी दुकान मालिक को थ्रेट कॉल आ चुकी है। उस दौरान शोरूम के सिक्योरिटी गार्ड को एक पत्र और जिंदा रौंद बरामद हुआ था। जिसके बाद सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत मामले की जानकारी अपने मालिक को दी। लेटर में 2 नाम लिखे हुए थे। जिसमें एक लॉरेंस बिश्नोई (LB) और दूसरा गोल्डी बराड़ (GB) का था। लेटर हिंदी में लिखा गया था।

    2 साल पहले मिली धमकी भरे पत्र में लिखा था ”जय श्री राम लिखते हुए कहा ये रौंद तुम्हें बतौर गिफ्ट भेजा है। अगर, तू मेरे जितने मर्जी नंबर ब्लॉक कर दे, तूने कया सोचा मेरा नंबर ब्लॉक करके कितने दिन भागेगा, तू चाहे पुलिस को बता दें चाहे सिक्योरिटी रखे लें, लेकिन कितने दिन सिक्योरिटी रख लेगा, तेरा परिवार का कोई भी सदस्य मिल गया, उसका नुकसान करेंगे। तेरी दुकान भी बंद होगी और सुसायटी में भी बदनामी होगी। अगर हमने कोई कार्रवाई की तो,… नहीं तो चुपचाप निपटा लें, हम तेरे साथ हैं और तेरा साथ देंगे। हमने दोस्ती वाला हाथ आगे किया है। जो भी तेरा टेक्स है दे दे… अगर हमारे साथ दुश्मनी करनी है तो तेरी मर्जी है। तूझे 2-4 दिन में वह रिजल्ट मिल जाएगा। ये गोली तूझे गिफ्ट के तौर पर दे रहे हैं। नहीं तो हमारे साथ सेटलमेट कर लें, नहीं तो ये गोली तेरे किसी भूी परिवार के सदस्य पर चल सकती है।”

     

  • प्रदेश की चिकित्सा सुविधाओं में किया जा रहा है निरंतर विस्तार- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

    प्रदेश की चिकित्सा सुविधाओं में किया जा रहा है निरंतर विस्तार- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

    चंडीगढ़- प्रदेश की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने आज भिवानी में महम रोड पर स्थित जगन्नाथ सर्राफ वेलनेस सेंटर एवं हरियाणा योग प्राकृतिक चिकित्सालय परिसर में नवनिर्मित फिजियोथैरेपी सेंटर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार किया जा रहा है। आने वाले समय में प्रदेश को और अधिक बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से भिवानी और महेंद्रगढ़ जिला के कोरियावास को नए मेडिकल कॉलेज की सौगात देंगे, जो स्वास्थ्य सेवाओं में मील का पत्थर साबित होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्ष से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। यह योग दिवस स्वास्थ्य रहने के लिए प्रकृति की गोद में जाने का एक संदेश है। नियमित रूप से योगासन प्राणायाम कर हम स्वस्थ रह सकते हैं और बुजुर्ग अवस्था में आने वाली सामान्य बीमारियों से बचा जा सकता है।

    उन्होंने कहा कि पिछले करीब पौने दो साल के दौरान प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार किया है। प्रदेश में 1100 चिकित्सकों की भर्ती की गई है। उनका प्रयास है कि ग्रामीण अंचल में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सामान्य अस्पताल जैसी चिकित्सा सुविधा मिलें ताकि ग्रामीणों और विशेष कर महिलाओं को चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो। कार्यक्रम के दौरान भिवानी के विधायक श्री घनश्याम सर्राफ, बवानी खेड़ा के विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़, चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

     

  • पंडोह मार्ग पर भीषण लैंडस्लाइड से फंसे कई वाहन, देखें वीडियो

    पंडोह मार्ग पर भीषण लैंडस्लाइड से फंसे कई वाहन, देखें वीडियो

    मंडीः हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते प्रदेश में आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। खासकर ऊंचाई और मध्य ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश कहर बनकर बरस रही है। कई जगहों पर सड़कें टूट गई हैं, जबकि कई जगहों पर लैंडस्लाइड के चलते खासा नुकसान हो रहा है। वहीं मंडी जिले के गोहर पंडोह मार्ग पर लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। जहां लैंडस्लाइड के बाद सड़क मार्ग बाधित हो गया। इस दौरान दोनों और कई वाहन फंस गए। प्रशासन द्वारा राहत कार्य किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक प्रदेश में बारिश का दौर अभी जारी रहेगा।
    मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में 11 से 15 जुलाई तक भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेशभर में ज्यादातर जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। आज कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इसके अलावा 15 जुलाई तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लगातार तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 15 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।    
  • बड़ा हादसाः समुद्र में पलटी भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट, 15 की मौत, देखें वीडियो

    बड़ा हादसाः समुद्र में पलटी भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट, 15 की मौत, देखें वीडियो

    हनोई: दक्षिणी वियतनाम में फु क्वोक द्वीप के पास बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट पलट गई। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है। बोट पर कुल 4 क्रू मेंबर्स समेत 36 लोग सवार थे। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों द्वारा रेस्क्यू करके 21 लोगों को बचा लिया गया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक हादसा सुबह 10:30 बजे हुआ। अधिकारियों ने बताया कि नाव में कुलत 36 लोग सवार थे। नाव के पलटने के बाद 21 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया लेकिन 15 लोग डूब गए। इस घटना में ज्यादातर तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के पर्यटक थे। वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को हुई इस दुर्घटना पर दुख जताया है और पीड़ितों की सभी संभव मदद की बात कही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की वजह समुद्र की ऊंची लहरें हो सकती हैं। जो वीडियो सामने आए, उनमें लहरें उठती दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि टूरिस्ट लाइफ जैकेट नहीं पहने हुए थे। नाव जब पलटी तो टूरिस्ट नाव के नीचे फंस गए।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    दरअसल, हादसे का शिकार हुई स्पीडबोट होन मे रुट द्वीप से एन थोई बंदरगाह जा रही थी, तभी किनारे से लगभग 400 मीटर दूर वह पलट गई। उस समय समुद्र में हालात खराब थे। ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में राहतकर्मियों को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ा। सर्च ऑपरेशन के बाद 15 मौतों की पुष्टि की गई है। हादसे की वजह तुरंत साफ नहीं हो पाई है। फिलहाल इसके पीछे का कारण जानने के लिए जांच चल रही है। वियतनाम में भारतीय दूतावास ने शनिवार शाम को अपने बयान में कहा है कि एक दुखद घटना में, कुछ घंटे पहले वियतनाम में फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। घटना की सटीक जानकारी का पता लगाया जा रहा है क्योंकि स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है। दूतावास ने कहा कि उसने प्रभावित परिवारों की मदद करने और जानकारी देने के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम बनाए हैं। प्रभावित परिवारों को जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए, हो ची मिन्ह सिटी में भारत के वाणिज्य दूतावास में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। हनोई में भी एक और कंट्रोल रूम बनाया गया है। दूतवास ने हो ची मिन्ह सिटी में भारत के कॉन्सुलेट जनरल में जो कंट्रोल रूम बनाया गया है, उस पर इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414। वहीं हनोई में +84 91 308 9165 पर संपर्क कर जानकारी ली जा सकती है। भारतीय दूतावस ने सोशल मीडिया पर कहा है कि हम हादसे के पीड़ितों के लिए किसी भी तरह की मदद और घटना से जुड़े सवालों के लिए उपलब्ध हैं।  
  • मानसून के दौरान मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत समय पर कैशलेस इलाज का लाभ उठा सकते हैं परिवार : डॉ. बलबीर सिंह

    मानसून के दौरान मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत समय पर कैशलेस इलाज का लाभ उठा सकते हैं परिवार : डॉ. बलबीर सिंह

    चंडीगढ़: मानसून की पहली बारिश जहां गर्मी से राहत देती है, वहीं यह स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से भरे मौसम की शुरुआत भी होती है। हर वर्ष पूरे भारत में डेंगू, मलेरिया और बुखार से जुड़ी अन्य बीमारियों के मामलों में वृद्धि दर्ज की जाती है। इस वर्ष भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिल रही है।

    अमृतसर की 32 वर्षीय लाभार्थी बलविंदर कौर ने बताया, “मैंने हाल ही में मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 8,400 रुपये का कैशलेस इलाज कराया है।” तेज बुखार होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां अस्पताल के कर्मचारियों ने उनका मुख्यमंत्री सेहत योजना में पंजीकरण कराया। उन्होंने कहा, “मैं सिलाई का काम करके अपना परिवार चलाती हूं। इस योजना ने समय पर इलाज और आर्थिक सहायता देकर मेरा बोझ कम किया, जिससे मैं अपनी सेहत पर ध्यान दे सकी। मैं मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा शुरू की गई इस योजना की आभारी हूं, क्योंकि यह जरूरत के समय परिवारों का सच्चा सहारा बनती है।”

    वर्ष 2025 में किए गए एक भारतीय अस्पताल अध्ययन में पाया गया कि मानसून के दौरान भर्ती मरीजों में एक्यूट फेब्राइल इलनेस (तीव्र बुखार संबंधी बीमारी) का सबसे सामान्य कारण डेंगू था। यह अध्ययन इस बात पर बल देता है कि समय पर जांच और तत्काल उपचार अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि मानसून से जुड़ी अनेक बीमारियों के शुरुआती लक्षण एक जैसे होते हैं। डॉक्टर लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे लगातार बने रहने वाले बुखार को नजरअंदाज न करें। वहीं, पंजाब में मुख्यमंत्री सेहत योजना पात्र परिवारों को अस्पताल के खर्च की चिंता किए बिना कैशलेस इलाज उपलब्ध करा रही है।

    स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने मच्छरों और जलजनित मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए निगरानी व्यवस्था, अस्पतालों की तैयारियों तथा जांच सुविधाओं को और मजबूत किया है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास पानी जमा न होने देने तथा बुखार के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

    उन्होंने कहा, “जलजनित बीमारियों की रोकथाम घर से ही शुरू होती है। मच्छरों के प्रजनन को रोकने में प्रत्येक परिवार, स्कूल और समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। साथ ही हम लोगों को यह भी बताना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के पात्र लाभार्थी बिना किसी आर्थिक चिंता के समय पर इलाज करा सकते हैं।” सीनियर मेडिकल अधिकारी एवं एम.डी. मेडिसिन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वेरका (पंजाब) के डॉ. राज कुमार ने कहा कि मरीज अक्सर हर बुखार को सामान्य वायरल संक्रमण समझने की गलती कर बैठते हैं।

    डॉ. राज कुमार ने बताया कि शुरुआती अवस्था में इस प्रकार के बुखार का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में भी मुख्यमंत्री सेहत योजना के अंतर्गत सुरक्षित और प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। समय पर जांच और उपचार से जटिलताएं कम होती हैं तथा बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता भी घट जाती है।

    बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने मौसमी बुखार का इलाज कराया, वहीं मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत उसी दिन डायलिसिस, हृदय संबंधी उपचार, इंटेंसिव केयर तथा अन्य महंगे उपचारों का भी खर्च वहन किया गया। कुछ हजार रुपये वाले बुखार उपचार पैकेजों से लेकर जीवनरक्षक हृदय सेवाओं तक, यह योजना सामान्य बीमारियों से लेकर आपातकालीन परिस्थितियों तक परिवारों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच बनकर उभर रही है।

    डॉ. राज कुमार ने सलाह दी कि यदि बुखार दो दिन से अधिक बना रहे, विशेषकर उसके साथ तेज शरीर दर्द, लगातार उल्टियां, पेट दर्द, रक्तस्राव, सांस लेने में तकलीफ या अचानक अत्यधिक कमजोरी महसूस हो, तो उसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें। उन्होंने कूलरों, गमलों और अन्य स्थानों पर जमा पानी नियमित रूप से खाली करने, मच्छररोधी उत्पादों का उपयोग करने, पूरी बांह के कपड़े पहनने तथा मानसून के दौरान विशेष स्वच्छता बनाए रखने की भी सलाह दी।

  • सड़क हादसे में घायल बच्ची की मदद के लिए आगे आए राज्यसभा सांसद, देखें वीडियो

    सड़क हादसे में घायल बच्ची की मदद के लिए आगे आए राज्यसभा सांसद, देखें वीडियो

    पंचकूलाः चंडीमंदिर टोल के पास सड़क दुर्घटना में युवती घायल हो गई। इस दौरान सड़क पर लहूलुहान हालत में युवती पड़ी हुई थी। तभी राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा वहां से गुजर रहे थे और उन्होंने सड़क पर घायल युवती को देखा तो वह तुरंत उसकी मदद के लिए आगे आ गए। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने जनसेवा और मानवता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एवं लहूलुहान एक युवती की तत्काल मदद की। दरअसल, वह किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इस दौरान जैसे ही उन्होंने सड़क दुर्घटना देखी तो उन्होंने अपना काफिला तुरंत रुकवाया और घायल युवती को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    जिसके बाद सांसद कार्तिकेय शर्मा ने अस्पताल में डॉक्टरों से घायल युवती के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उसके समुचित उपचार एवं सभी आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने युवती के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि मुश्किल समय में जरूरतमंद की मदद करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि घायल बेटी जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच सुरक्षित लौटे।
  • पंजाब में मात्र 16 दिनों में S.I.R. के तहत 1 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण: अनिंदिता मित्रा

    पंजाब में मात्र 16 दिनों में S.I.R. के तहत 1 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण: अनिंदिता मित्रा

    चंडीगढ़: पंजाब भर में घर-घर जाकर गणना करने की विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) प्रक्रिया निरंतर तेज़ी से जारी है। 25 जून, 2026 को इसकी शुरुआत के मात्र 16 दिनों के भीतर राज्य में 1 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण कर लिया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य के सभी घरों में 99.34 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण पहले ही पूरा किया जा चुका है, जो यह दर्शाता है कि पूरे प्रदेश के मतदाताओं तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित की गई है।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी (सी.ई.ओ.) अनिंदिता मित्रा ने बताया कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार रखने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए गणना प्रपत्रों का संग्रहण और उनका डिजिटलीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.), पर्यवेक्षकों, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ए.ई.आर.ओ.) तथा निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ई.आर.ओ.) के निरंतर प्रयासों की विशेष सराहना की, जिनके सहयोग से राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तथा 24,453 मतदान केंद्रों पर गणना प्रपत्रों का समयबद्ध वितरण, संग्रहण और डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया गया है।

    उन्होंने बताया कि इस अभियान को और गति देने तथा जनसहभागिता को अधिकतम बढ़ावा देने के उद्देश्य से 11 एवं 12 जुलाई, 2026 को पंजाब के सभी मतदान केंद्रों पर प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के दौरान शेष गणना प्रपत्र भरे जाएंगे, एकत्र किए जाएंगे और उनका डिजिटलीकरण किया जाएगा।
    साथ ही मतदाता सूची की त्रुटियों एवं लिंकिंग संबंधी विसंगतियों को दूर किया जाएगा तथा नागरिकों को अपने मतदाता विवरणों के सत्यापन एवं अद्यतन कराने में सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 24,453 बी.एल.ओ. 25 जून से 24 जुलाई, 2026 के दौरान पूरे पंजाब में 2,14,61,043 मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित कर रहे हैं।

    उन्होंने आगे बताया कि मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) 24 जुलाई, 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद 3 अगस्त, 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दावे एवं आपत्तियां 3 अगस्त से 2 सितंबर, 2026 तक प्रस्तुत की जा सकेंगी, जबकि उनका निपटारा 3 अगस्त से 28 सितंबर, 2026 के बीच किया जाएगा। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित की जाएगी। अनिंदिता मित्रा ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे इन विशेष शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लें तथा यह सुनिश्चित करें कि उनके मतदाता संबंधी सभी विवरण पूर्ण, सही एवं अद्यतन हों, ताकि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

  • अस्पताल में मासूम बच्चों की ऑक्सीजन पाइप काट ले गए चोर, देखें CCTV

    अस्पताल में मासूम बच्चों की ऑक्सीजन पाइप काट ले गए चोर, देखें CCTV

    पंचकूलाः सेक्टर 6 के सामान्य अस्पताल में चोरों द्वारा अजीब घटना को अंजाम दिया गया। दरअसल, चोर अस्पताल में बच्चों की आक्सीजन पाइप काट लें गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें दोनों चोरों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर पहले फ्लोर से चले जाते है, जिसके बाद दोनों दोबारा वापिस आते है। अस्पताल में कमरे में उपचार करवा रहे मासूम बच्चों की ऑक्सीजन पाइप काटकर ले गए। घटना की सीसीटीवी तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों द्वारा मासूम बच्चों की सांसों पर हमला करने वाले चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मागं की जा रही और उन्हें पकड़कर जेल पहुंचाने की गुहार लगाई जा रही है।

  • नशा मुक्त हरियाणा के लिए जिला स्तर पर बनेगी टास्क फोर्स: मुख्यमंत्री

    नशा मुक्त हरियाणा के लिए जिला स्तर पर बनेगी टास्क फोर्स: मुख्यमंत्री

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशा केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि समाज, परिवार, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार कानून और पुलिस कार्रवाई के जरिए नशे के कारोबार पर अंकुश लगा सकती है, लेकिन इसका स्थायी समाधान तभी संभव है जब पूरा समाज जन-आंदोलन के रूप में इसके खिलाफ एकजुट हो। पंचकूला में ‘हरियाणा उदय’ अभियान के तहत आयोजित ‘नशा मुक्त हरियाणा के लिए एनजीओ एवं केमिस्ट एसोसिएशनों के साथ संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा केवल एक सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार, संस्कार और समाज को भी कमजोर करता है। भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और यदि युवा नशे की गिरफ्त में जाता है तो यह पूरे समाज की हार होगी। उन्होंने माता-पिता से बच्चों के साथ अधिक समय बिताने, संवाद बढ़ाने और उन्हें सकारात्मक वातावरण देने की अपील भी की।

    नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नशा बेचने वालों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि नशे की मांग को भी समाप्त करना है। इसके लिए जिला और स्थानीय स्तर पर एसडीएम, बीडीपीओ, सरपंचों और एनजीओ प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए टास्क फोर्स गठित की जाएगी, जो गांव-गांव और वार्ड स्तर तक जागरूकता अभियान चलाएगी। उन्होंने लोगों से नशे के कारोबार की सूचना पुलिस, एनसीबी हरियाणा हेल्पलाइन और मानस पोर्टल पर देने की अपील की।

    कार्यक्रम के दौरान केमिस्ट एसोसिएशन और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक के लिए सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि केवल दवा विक्रेताओं पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि दवाओं की पूरी सप्लाई चेन, ऑनलाइन प्रिस्क्रिप्शन व्यवस्था और अन्य संभावित स्रोतों पर भी कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने समाजसेवी संगठनों और केमिस्टों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही हरियाणा को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।