Blog
-

कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने व आगामी चुनावों की रणनीति पर हुई अहम मीटिंग
ऊना/सुशील पंडित: आज जिला कांग्रेस कमेटी ऊना की बैठक जिलाप्रधान ऊना कांग्रेस राणा रणजीत सिंह की अध्यक्षता में रायजादा रेसोर्ट ऊना में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर AICC के सचिव डॉ चन्दन यादव ने मुख्यतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर सदर ऊना विधायक सतपाल सिंह रायजादा, AICC के पूर्व सचिव राकेश कालिया व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी विशेष रूप से उपस्थित रहे और ऊना कांग्रेस के पांचो ब्लॉक अध्यक्ष एवम ऊना कांग्रेस के सभी फ्रंटल आर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष एवम कार्यकर्ता इस मीटिंग में शामिल हुए। इस मीटिंग में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने व आगामी चुनाव की रणनीति के बारे में विचार और विमर्श किया गया व सभी ने एकजुटता से आगामी चुनाव लड़ने का संकल्प किया। -

स्कूली बसों की जांच पर डीसी ने परिवहन विभाग से मांगी रिपोर्ट
ब्लाइंड स्पॉट्स को दूर करने के लिए डीसी ने विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
ऊना/सुशील पंडित: जिला स्तरीय रोड सेफ्टी समिति की बैठक आज उपायुक्त ऊना राघव शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें उन्होंने स्कूली बसों की जांच पर परिवहन विभाग से रिपोर्ट मांगी। बैठक में डीसी ने कहा कि विभाग स्कूली बसें चलाने के लिए जरूरी सभी मापदंडों की अनुपालना सुनिश्चित करे और औचक निरीक्षण भी करे। उन्होंने परिवहन विभाग को नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीसी ने यातायात नियमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी ज़ोर दिया।
राघव शर्मा ने कहा कि जिला ऊना में 21 ब्लाइंड स्पॉट्स चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें सुधारने के लिए संबंधित विभाग 15 दिन के भीतर कार्रवाई करें। आवश्यकता अनुसार क्रैश बैरियर तथा वाहनों की गति को कम करने के उद्देश्य से स्पीड ब्रेकर या रंबल स्ट्रिप लगाई जाएं। इसके अलावा मैहतपुर से झलेड़ा तक एनएच के बीच डिवाइडर में बने यू-टर्न के स्थानों को भी कम किया जाए, ताकि दुर्घटना की आंशका को टाला जा सके।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 में 292, वर्ष 2018-19 में 284, वर्ष 2019-20 में 267, वर्ष 2020-21 में 183, वर्ष 2021-22 में 215 में दुर्घटनाएं हुई। राघव शर्मा ने कहा कि यातायात नियमों की अवेहलना पर एक अप्रैल 2021 से 30 अप्रैल 2022 तक परिवहन विभाग ने 5823 चालान किए। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमैंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगाया जाएगा, जिससे ट्रैफिक नियमों की अवहेलना के चालान कैमरा स्वतः करेगा। उन्होंने परिवहन विभाग को अन्य स्थानों पर भी आईटीएमएस लगाने के प्रस्ताव विभाग के उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए।
राघव शर्मा ने कहा कि दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नेक व्यक्तियों (गुड समारिटन) की पहचान की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों को पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में एसडीएम ऊना डॉ निधि पटेल, आरटीओ राजेश कौशल, अधिशाषी अभियंता राजेश तथा डीएसपी कुलविंदर सिंह सहित समिति के अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
-

डीसी ने छेत्रां का किया दौरा, पीएसीएल पर अपशिष्ट की डंपिंग के आरोपों की जांच की
छेत्रां में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भरे सैंपल, एक सप्ताह बाद आएगी जांच रिपोर्टऊना/सुशील पंडित: पीएसीएल कंपनी पर हरोली के छेत्रां में अपशिष्ट की डंपिंग के आरोप के बाद उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने मौके का दौरा किया। इस दौरान एसडीएम हरोली विकास शर्मा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ प्रवीण धीमान तथा राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे। दरअसल जिलाधीश को एक शिकायत मिली थी, जिसमें कहा गया था कि पीएसीएल कंपनी ने छेत्रां में भी अपशिष्ट की डंपिंग की है तथा अपशिष्ट में कई खतरनाक कैमिकल शामिल हो सकते हैं, जिस पर उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने मौके पर निरीक्षण किया तथा विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस संबंध में उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि जिस स्थान पर अपशिष्ट की डंपिंग की गई है, वह निजी पाई गई है। इस मामले की जांच की जा रही है तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए क्षेत्रीय प्रयोगशाला धर्मशाला भेजा गया है। सैंपल की जांच से पता लगाया जाएगा, कि अपशिष्ट में हैवी कैमिकल्स हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि सैंपल की जांच की रिपोर्ट लगभग एक हफ्ते बाद आएगी, जिसके बाद आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। डीसी ने कहा कि इससे पहले भी सनोली, मजारा तथा बीनेवाल में पीएसीएल पर प्रदूषण फैलाने के आरोप लगे हैं, जिसका एनजीटी ने संज्ञान लिया है और इसमें एक कमेटी का गठन किया है। -

जिला ऊना के 1358 मेधावियों को मिलेंगे फ्री लैपटॉप
समूर कलां स्कूल में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, वीरेंद्र कंवर होंगे मुख्यतिथि
ऊना/सुशील पंडित: श्रीनिवासा रामानुजन छात्र डिजिटल योजना के तहत जिला ऊना के 1358 मेधावी विद्यार्थियों को 8 जून को प्रदेश सरकार की ओर से फ्री लैपटॉप प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समूर कलां में आयोजित किया जाएगा, जिसमें ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर मुख्यतिथि होंगे।
श्रीनिवासा रामानुजन छात्र डिजिटल योजना के तहत ऊना खंड के 238, बंगाणा खंड के 280, अंब खंड के 331, गगरेट खंड के 324 तथा हरोली खंड के 185 मेधावी छात्रों को फ्री लैपटॉप दिए जाएंगे। ऊना खंड का कार्यक्रम ऊना स्कूल में होगा, जिसमें छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती मुख्यतिथि होंगे। अंब खंड का कार्यक्रम चिंतपूर्णी में आयोजित किया जाएगा, जहां विधायक बलबीर सिंह छात्रों को फ्री लैपटॉप का वितरण करेंगे। वहीं गगरेट खंड का कार्यक्रम मुबारिकपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विधायक राजेश ठाकुर मुख्यतिथि होंगे। जबकि हरोली खंड का कार्यक्रम हरोली स्कूल में होगा, जहां पर एचपीएसआईडीसी उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और मेधावी छात्रों को निशुल्क लैपटॉप प्रदान करेंगे।
इस बारे में जानकारी देते हुए उपनिदेशक उच्च शिक्षा विभाग ऊना, जनक सिंह ने कहा कि समूर कलां स्कूल में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिसके माध्यम से मंडी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर मुख्यतिथि होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कुछ मेधावी छात्रों के साथ वर्चुअली संवाद करेंगे तथा ऊना से भी किसी एक मेधावी विद्यार्थी को जय राम ठाकुर से बात करने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
-

सोने के दामों में गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती, जाने नए रेट…
नई दिल्ली। मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 7 जून को सोने के भाव 205 रुपये की गिरावट के साथ 50,733 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए। पिछले कारोबारी सत्र में यह 50,938 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। मंगलवार को चांदी भी 964 रुपये की गिरावट के साथ 61,555 रुपय्र प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। पिछले सत्र में चांदी 62,519 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि दिल्ली में 24 कैरेट सोने के हाजिर भाव में 205 रुपये की कमी आई जो कमोडिटी एक्सचेंजों पर चल रही सोने की कीमतों को प्रतिबिंबित करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेजी देखी गई और यह 1844 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी गिरावट के साथ 22.01 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। पटेल ने कहा कि डॉलर में आई मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड की यील्ड बढ़ने से गोल्ड की कीमतों में नरमी आई है।
मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने के वायदा भाव में 56 रुपये की गिरावट देखी गई र्और यह 50,814 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता देखा गया। सटोरियों ने कम मांग को देखते हुए अपनी पोजीशन सोने में घटाई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अगस्त वायदा वाले सोने के अनुबंध का कारोबार 56 रुपये की कमी के साथ 50,814 रुपये प्रति 10 ग्राम पर होता देखा गया।
सोमवार को मजबूत हाजिर मांग की वजह से सोने के वायदा भाव में तेज बढ़त देखी गई। वायदा कारोबार में सोमवार को सोना 51 रुपये की तेजी के साथ 51,021 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता देखा गया था। सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अगस्त डिलीवरी के लिए सोने का अनुबंध 51 रुपये या 0.1 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,021 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार किया, जिसमें 14,371 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
-

दर्शकों ने सराहा दून वैली का अभिरक्षणम
दून वैली स्कूल ने मनाया पर्यावरण सप्ताह
नालागढ़/सचिन बैंसल: पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन जैसे गंभीर विषय को समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए दून वैली पब्लिक स्कूल नालागढ़ में छात्रों ने पूरा सप्ताह पर्यावरण संरक्षण सप्ताह के रूप में मनाया गया।
पर्यावरण विषय से संबंधित अनेक गतिविधियों में से पोस्टर मेकिंग, वृक्षारोपण अभियान, वृक्षों को सही ढंग से लगाने एवं उनकी देखभाल से संबंधित ट्रेनिंग सेशन, सफाई अभियान व नुक्कड़ नाटक आदि प्रमुख रूप से की गई।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अपनी कल्पना के रंगों से सजाया तो स्कूल के एनएसएस यूनिट के स्वयंसेवकों ने साथी विद्यार्थियों के साथ पौधारोपण व पौधों की सही देखभाल पर कार्यशाला में भाग लिया। नालागढ़ के हेरिटेज पार्क में एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाया ,वहीं शाम को हेरिटेज पार्क के एंफी थियेटर में स्कूल की तरफ से विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक अभिरक्षणम- सेविंग ह्यूमैनिटी के माध्यम से दर्शकों को पर्यावरण प्रदूषण पर एक गंभीर संदेश दिया।
इस कार्यक्रम में दर्शकों में साथ डीसी सोलन कृतिका कुल्हारी एवं एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के इस प्रयास की जमकर सराहना की। दून वैली पब्लिक स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव शर्मा ने कृतिका कुल्हारी, महेंद्र पाल गुर्जर एवं अन्य सभी गणमान्य अतिथियों एवं दर्शकों को विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए धन्यवाद दिया।
-

कर्मचारी बीमा निगम ने प्रदेश भर के उद्योगों में योग शिविर शुरू कराया
बद्दी के वर्धमान टैक्सटाईल मिल से कराई शुरूआतबददी/सचिन बैंसल: कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने मंगलवार से पूरे प्रदेश के उद्योग योग प्रशिक्षण शिविर शुरू किया। जिसकी शुरूआत निगम ने बद्दी के वर्धमान टैकसटाईल मिल से शुरू की। कार्यक्रम का शुभारंभ निगम के क्षत्रीय निदेशक संजीव कुमार ने दीप प्रज्जवलित कर की। इस मौके पर योग प्रशिक्षक मुकेश ने कंपनी के कर्मचारियों को योग और प्राणायाम भी कराया। जबकि मनोवैज्ञानिक सोनल कुमार ने लाफ्टिंग योग कराया।क्षेत्रीय निदेशक संजीव कुमार ने कहा कि योग की शुरूआत सृष्टि के शुरूआत से है। सबसे पहले भगवान शिव ने योग किया था उसके बाद उन्होंने अपने सात शिष्यों को योग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज की इस दौड़ भाग की जिंदगी में योग और प्राणायाम बहुत जरूरी है और मनुष्य को अपने स्वस्थ शरीर के लिए इसकी बहुत जरूरत है। 21 जून को पूरे देश में योग दिवस मनाया जाता है लेकिन निगम इससे पंद्रह दिन पहले से पूरे उद्योगों में शुरू करवा दिया है।वर्धमान कंपनी के प्रेजीडेंट और डायरेक्टर इंचार्ज आईएमजेएस सिधू ने कहा कि वर्तमान में लोगों को अपने व्यस्त समय से योग व व्यायाम के लिए समय निकालना जरूरी है। तभी मनुष्य स्वस्थ रह सकता है। वह अपने कंपनी के कामगारों को रूटीन में स्वास्थ्य जांच कराते है और उन्हें नियमित व्यायाम के लिए भी प्रेरित करते है। सेवानिवृत सहायक निदेशक देवब्रत यादव ने बताया कि किसी भी उद्योग में कार्यरत कर्मी की अंशदान अवधि छह माह या 71 दिन का समय होना जरूरी होता है लेकिन वर्धमान की एक महिला कामगार को अवधि पूरी नहीं थी।उसे पीजीआई में 3 लाख रुपये का एस्टीमेंट आपरेशन कराने के लिए चिकित्सकों ने दिया था जिससे उन्होंने निगम के निदेशक के सहयोग से उसकी परिमशन दिलाई और अब उस महिला का आपरेशन हो गया है। कंपनी के मुख्य प्रंबधक मोहन जांगटा ने सभी आए अधिकारियों को स्वागत किया और कंपनी की ओर से कराई जा रही गतिविधियो से अवगत कराया गया। इस मौके पर काठा अस्पताल के मेडिकल अधीक्षक एसडी शर्मा, मुख्य प्रंबधक मुकेश सकसेना, गुरमीत सिंह, रमन मारवाह, तरूण आरोड़ा, अतुल, हिमानी, दीपिका, रेखा और ऊषा समेत कंपनी का स्टाफ उपस्थित रहा। -

इनोसेंट हार्टस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में भारतीय मिठाई पर कार्यशाला आयोजित
जालंधर/विजयः इनोसेंट हार्टस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट द्वारा भारतीय मिठाइयों के व्यंजनों पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। शेफ गुलशन कुमार (एक उद्यमी) कार्यशाला में संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित हुए।
शेफ बनी बी अटवाल (सहायक प्रो.फेसर, एचएम) ने रिसोर्स पर्सन का स्वागत किया और कहा कि भारतीय मिठाइयों को इसकी शुद्धता के कारण दुनियाभर में पहचाना जाता है।

शेफ गुलशन कुमार ने छात्रों को भारतीय मिठाइयाँ बनाने की विभिन्न तकनीकों से अवगत कराया।उन्होंने कहा कि शादियों और त्योहारों के दौरान भारतीय मिठाइयों की हमेशा उच्च माँग रहती है।यहाँ तक कि भारतीय रेस्तरां भी विभिन्न प्रकार की मिठाइयाँ बनाकर दुनियाभर में कारोबार कर रहे हैं।सत्र के दौरान शेफ ने विद्यार्थियों को व्यंजन बनाने की विधि का लाइव प्रदर्शन प्रदान करने के लिए स्पंजी रसगुल्ला, रसमलाई, गुलाब जामुन और काला जामुन तैयार किए।यह वास्तव में शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के लिए एक अच्छा अनुभवथा।
स. हरमोहिंदर सिंह (प्रमुख, एचएम) ने शेफ गुलशन कुमार को अपनी रेसिपी के रहस्य को विद्यार्थियों के साथ साझा करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मिठाई की शुद्धता सभी के जीवन में प्यार, स्नेह और समृद्धि का प्रतीक है।
-

ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर घंडावल में रखेंगे बैंबू विलेज की आधारशिला
ऊना/सुशील पंडित: ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर 8 जून को प्रातः 11 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समूरकलां में मेधावी छात्रों को लैपटॉप वितरित करेंगे। साथ ही वह मॉडल प्राथमिक स्कूल सूमरकलां के नए भवन का शिलान्यास भी रखेंगे। इसके बाद वीरेंद्र कंवर दोपहर एक बजे घंडावल में बैंबू विलेज परियोजना की आधारशिला करेंगे।
9 जून को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर प्रातः 10 बजे बंगाणा विश्राम गृह में जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेले के संबंध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 12.30 बजे कंवर लठियाणी में रूरल इको टूरिज्म पार्क का शिलान्यास करेंगे। 10-12 जून तक वीरेंद्र कंवर पिपलू मेले में शामिल होंगे। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।
-

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई….
नई दिल्ली. पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. पंजाब पुलिस ने उन 8 लोगों की गिरफ्तारी की है जिन्होंने सिद्धू मूसेवाला को शूट करने वाले अपराधियों को लॉजिस्टिक सपोर्ट दी. इतना ही नहीं इन लोगों ने शूटरों को पनाह भी दी और उसके लिए रेकी भी की. जानकारी मुताबिक पंजाब के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने कहा है कि पुलिस ने मूसेवाला हत्या को अंजाम देने वाले शूटरों को पनाह देने, रेकी करने और उन्हें आवाजाही में मदद करने के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है.
पंजाब सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मुताबिक सिद्धू मूसेवाला के साथ फैन के रूप में सेल्फी लेने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है. इस व्यक्ति ने मूसेवाला हत्याकांड में शामिल शूटर के साथ भी जानकारी साझा की थी. मूसेवाला हत्याकांड पर बनी एसआईटी ने उन चार शूटरों की भी पहचान करने का दावा किया है जिन्होंने मूसेवाला पर गोलियां चलाई थी.