Blog

  • स्कूल बस और ट्रक में हुई भीषण टक्कर, कई बच्चे घायल

    स्कूल बस और ट्रक में हुई भीषण टक्कर, कई बच्चे घायल

    गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है। कोन्हवा एनएच 27 पर वीरवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक और स्कूल बस के बीच टक्कर हो गई है। इस घटना में बस ड्राइवर सहित नौ स्कूली छात्र घायल हो गए हैं। जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।दरअसल, घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि नगर थाना क्षेत्र के एक स्कूल का बस ड्राइवर सुबह बच्चों को थावे विदेशी टोला और कोन्हवा से बस पर बैठा कर ले जा रहा था। इसी बीच वह जैसे ही कोन्हवा के पास पहुंचकर सड़क के दूसरे तरफ जाने के लिए आगे बढ़ा तो तेज रफ्तार टर्क सामने से आने लग और ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।

    वहीं खतरा भांपते हुए बस ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाई, लेकिन बस रुकती इससे पहले ही अनियंत्रित ट्रक ने उसमे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार ड्राइवर और आठ बच्चे घायल हो गए। घायलों में थावे थाना क्षेत्र के विदेशी टोला गांव निवासी गौतम यादव के बेटे प्रीतम यादव, उपेंद्र शर्मा का बेटा आयुष शर्मा, जितेंद्र शर्मा का बेटा बिशु शर्मा, गौतम यादव का बेटा पीयूष यादव, सुनील गुप्ता की बेटी अंजलि कुमारी, भोला साह का बेटा हिमांशु गुप्ता, अनिल गुप्ता की बेटी दिव्या कुमारी और तिरबिरवा गांव निवासी बस ड्राइवर रामाधार यादव शामिल है।

    इस संदर्भ में डॉ. दानिश अहमद ने बताया कि “कुल 8 बच्चों का इलाज किया गया है, सभी बच्चे स्टेबल हैं।” वहीं नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि ट्रक और स्कूल बस में टक्कर हुई है। कुछ बच्चे जख्मी है उनका इलाज कराया गया है. ट्रक और बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। घटनास्थल से ट्रक और स्कूल बस को जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • Punjab News: Asia की सबसे बड़ी अनाज मंडी में सीवरेज सिस्टम की खुली पोल, पानी में डूबी सड़के, देखें वीडियो

    Punjab News: Asia की सबसे बड़ी अनाज मंडी में सीवरेज सिस्टम की खुली पोल, पानी में डूबी सड़के, देखें वीडियो

    लुधियानाः भारी बारिश ने एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना में सीवरेज सिस्टम की पोल खोल दी है। यहां पानी की निकासी का कोई इंतजाम दिखाई नहीं दे रहा है। रात भर की बारिश का पानी 12 घंटों के बाद भी अनाज मंडी में जमा है। मंडी ने छप्पड़ का रूप धारण किया हुआ है। सड़कें भी पानी में डूब चुकी थीं। मक्की की फसल पर इसका अधिक प्रभाव पड़ा है। आढ़तियों, किसानों व मजदूरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले 3-4 दिनों तक मंडी में बारिश का प्रभाव रहेगा और कामकाज ठप रहेगा।

    वहीं शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज व आढ़ती यादविंदर सिंह यादू ने कहा कि सीवरेज सिस्टम पूरी तरह से फेल है। मंडियों का जो विकास हुआ है वो अकाली सरकार में ही हुआ है। बाद में मंडीकरण तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया जिसका नतीजा है कि अनाज मंडी खन्ना में पानी की निकासी जीरो है और फसल खराब हो रही है।

    मार्केट कमेटी सचिव कमलदीप सिंह मान ने कहा कि मंडी में फसल बिल्कुल खराब नहीं हुई। फड़ ऊंचे हैं और सड़कें नीची हैं। पानी की निकासी के लिए प्रबंध मुकम्मल हैं लेकिन सीवरेज सिस्टम पुराना होने के कारण पूरे शहर में ही पानी की निकासी धीमी गति से होती है। मंडी में सुबह से मोटर चालू है और पानी की निकासी हो रही है।

  • सड़क पर जश्न मना रहे लोगों पर नौजवानों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, 12 की मौत, देखें वीडियो

    सड़क पर जश्न मना रहे लोगों पर नौजवानों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, 12 की मौत, देखें वीडियो

    नई दिल्ली: मेक्सिको के गुआनाजुआटो में समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। जहां अज्ञात लोगों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। घटना को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए। पुलिस के अनुसार इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस की जांच में पता चला है कि गोलीबारी उस वक्त शुरू हुई तब लोग सेंट जॉन द बैपटिस्ट के जश्न में सड़क पर नाच रहे थे और मस्ती कर रहे थे।

    मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने गोलीबारी पर दुख जताते हुए कहा कि जांच जारी है। मेक्सिको में हुई गोलीबारी का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि किस तरह जश्न के बीच गोलियां चलने लगीं, लोग चिल्लाने लगे और गोलियों से बचने के लिए भागने लगे। इरापुआटो के अधिकारी रोडोल्फो गोमेज सर्वेंट्स ने फायरिंग को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ितों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, लगभग 20 अन्य घायल हुए हैं।

    बता दें कि, मेक्सिको में गोलीबारी की यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले महीने, सैन बार्टोलो डे बेरियोस, गुआनाजुआटो में कैथोलिक चर्च की ओर से आयोजित एक पार्टी को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी में सात लोग मारे गए थे। मेक्सिको सिटी के उत्तर-पश्चिम में स्थित गुआनाजुआटो देश के सबसे हिंसक राज्यों में से है। यहां विभिन्न संगठित अपराध समूह नियंत्रण के लिए संघर्ष करते हैं। इस साल के शुरुआती पांच महीनों में राज्य में 1,435 हत्याएं हुई हैं, जो किसी भी अन्य राज्य से दोगुनी से भी अधिक हैं।

  • पिता के नशे के कारण घर में रोज होता था झगड़ा, आहत होकर बेटी ने निगला जहर

    पिता के नशे के कारण घर में रोज होता था झगड़ा, आहत होकर बेटी ने निगला जहर

    पालीः युवती द्वारा माता-पिता के रोज के झगड़ों से परेशान होकर जहर पीने का मामला सामने आया है। उसे पड़ोस में रहने वाली उसकी मौसी इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने युवती की गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत उसका उपचार शुरू किया।

    जानकारी मुताबिक, पाली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की 18 साल की युवती ने रोते हुए बताया कि उसने 10वीं पढ़ने के बाद पढ़ाई छोड़ दी और एक फैक्ट्री में काम करती है। पिता को नशे की आदत है। रोज शाम को नशा करने के बाद किसी न किसी बात पर वे मां से झगड़ा कर लेते है। कई बार मारपीट तक कर देते है। घर में रोज-रोज हो रहे इन झगड़ों से वह काफी परेशान हो चुकी थी।

    युवती ने बताया कि बुधवार शाम को भी पिता ने नशे में होने के कारण मां से झगड़ा करना शुरू कर दिया। दोनों फिर से झगड़ने लगे। उनके इस रोज-रोज के झगड़े से वह काफी परेशान हो गई। मां-पिता को समझाया, लेकिन कोई समझने को राजी नहीं था। ऐसे में घर में रखा कीटनाशक पी लिया ताकि उनके रोज-रोज हो रहे झगड़े न देख सकूं। युवती के जहरीला पदार्थ पीने की जानकारी मिलने पर पड़ोस में रहने वाली उसकी मौसी घर आई और इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन युवती के माता-पिता काफी देर बाद भी हॉस्पिटल नहीं पहुंचे। घटना को लेकर पीड़ित बहुत परेशान है और रो-रोकर उसने अपनी बात कही।

  • AAP पार्टी को बड़ा झटकाः MLA ने पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा

    AAP पार्टी को बड़ा झटकाः MLA ने पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा

    बोटादः गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है। जहां आप पार्टी के विधायक उमेश मकवाना ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में गुजरात में उपचुनाव में मिली जीत के बीच राज्य में पार्टी के एक बड़े नेता ने सभी पदों से इस्तीफा देना पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। बोटाद से विधायक उमेश मकवाना ने पार्टी के सभी पदों और जिम्मेदारियों को छोड़ने का ऐलान करते हुए खत पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को भेज दिया है।

    मकवाना ने यह कदम ऐसे समय पर उठाया है जब विसावदर सीट पर उपचुनाव में गोपाल इटालिया की जीत से पार्टी में जश्न का महौल है। एक दिन पहले ही अरविंद केजरीवाल ने गोपाल इटालिया का मुंह मीठा कराते हुए गुजरात में 2027 में सरकार बनाने का भरोसा जाहिर किया। मकवाना ने केजरीवाल को लिखे खत में वजह यह बताई है कि वह समाज सेवा कम कर पा रहे हैं। हालांकि, पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने खुलकर पार्टी से नाराजगी जाहिर की और आने वाले समय में अपनी विधायकी पर भी फैसला लेने की बात कही है। मकवाना ने इस्तीफे में लिखा, ‘मैं आम आदमी पार्टी में पिछले 2.5 साल से संयुक्त सचिव के पद पर हूं।

    इसके अलावा गुजरात विधानसभा में पार्टी दंडक के रूप में सेवा कर रहा हूं। फिलहाल मेरी समाजाकि सेवाएं कम होने से, मैं आम आदमी पार्टी के तमाम पद से इस्तीफा दे रहा हूं।’ मकवाना भाजपा छोड़कर 2020 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। उमेश मकवाना पार्टी से नाराज बताए जा रहे हैं और पिछले कुछ समय से पार्टी के कार्यक्रमों से दूरी बनाकर चल रहे हैं। उमेश मकवाना ने गांधीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करते हुए अपने कदम की जानकारी दी। मकवाना ने कहा कि वह फिलहाल आप कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहेंगे और विधायक पद को लेकर अपने लोगों से बात करके कोई फैसला लेंगे।

  • नदी में यात्रियों से भरी बस गिरने के बाद SDRF का रेस्क्यू जारी, घायलों को एयर एंबुलेंस से भेजा अस्पताल, देखें वीडियो

    नदी में यात्रियों से भरी बस गिरने के बाद SDRF का रेस्क्यू जारी, घायलों को एयर एंबुलेंस से भेजा अस्पताल, देखें वीडियो

    रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुद्रप्रयाग और गौचर के बीच घोलतीर गांव के पास आज सुबह तीर्थयात्रियों से भरी एक मिनी बस दुर्घटनाग्रस्त होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी, जिसमें 2 व्यक्तियों की मौत हो गई तथा 10 अन्य लापता हैं। इस घटना की सूचना मिलने पर जिला पुलिस, अग्निशमन इकाई, एसडीआरएफ सहित तमाम रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची। स्थानीय व्यक्तियों द्वारा भी रेस्क्यू कार्य में सहयोग दिया जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लगभग 8 लोगों को बचाया गया और उन्हें पास में स्थित अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। वहीं 3 घायल यात्रियों को एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

    पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, घटना में 8 लोग घायल हुए हैं। वाहन में राजस्थान के उदयपुर का एक परिवार भी था जो चारधाम यात्रा पर आया था। घटना की खबर मिलते ही पुलिस तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि कुल 31 यात्रियों की क्षमता वाली मिनी बस में हादसे के समय चालक समेत 20 श्रद्धालु सवार थे और वह बदरीनाथ धाम की ओर जा रही थी। बचाव दलों ने बताया कि हादसे के दौरान वाहन में सवार कुछ श्रद्धालु पहाड़ी पर ही छिटक कर घायल हो गए थे जिन्हें उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल भेजा गया है।

    उन्होंने बताया कि घटनास्थल से 2 व्यक्तियों के शव बरामद किए गए हैं जबकि 10 यात्री नदी में समा गई मिनी बस के साथ ही लापता हो गए। राहत एवं बचाव कार्यों में नदी का तेज बहाव चुनौती बना हुआ है लेकिन बचाव दल स्थानीय लोगों के साथ मिलकर लगातार श्रद्धालुओं की खोजबीन कर रहे हैं। राहत-बचाव कार्यों के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गई हैं।

     

  • ESIC Hospital को मिली बम से उड़ाने की धमकी, अजमल कसाब के नाम से आया Mail

    ESIC Hospital को मिली बम से उड़ाने की धमकी, अजमल कसाब के नाम से आया Mail

    जयपुरः ईएसआईसी हॉस्पिटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हॉस्पिटल को अजमल कसाब के नाम से मेल आया है। मेल मिलते ही अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम स्क्वॉड, सिविल डिफेंस और अन्य टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। अस्पताल को खाली कराया गया।

    पूरे अस्पताल परिसर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में यह किसी शरारती तत्व की हरकत मानी जा रही है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। मेल की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। सुरक्षा कारणों से अस्पताल में आवाजाही पर नियंत्रण रखा गया है।

    मेल में लिखा है कि तमिलनाडु के आईपीएस डेविडसन देवश्री बाथम ने अपनी पत्नी की ट्रैवल एजेंसी के जरिए पूर्व एलटीटीई सदस्यों को फर्जी पासपोर्ट जारी किए हैं। उन्हें पाकिस्तान द्वारा भर्ती किया गया था। उनके पास मोबाइल फोन, रासायनिक खतरे को ट्रिगर करने वाले फ्यूज हैं। फिलहाल, जिस कार में वे यात्रा कर रहे हैं, वह एक ‘बायो बबल’ है। वे चाहते हैं कि अस्पताल में अधिकतम लोगों पर इसका प्रभाव पड़े। अगर उन्हें संदेह हुआ कि योजना काम नहीं करेगी तो वे फ्यूज से विस्फोट कर देंगे। अस्पताल में सीधे नर्व गैस आईईडी को छोड़ देंगे। कृपया एटीएस को सूचित करें। क्योंकि मैं साजिश मेें शामिल था। डेविडसन देवश्री बाथम आईपीएस को फोन करें, उन्हें पता है कि नकली पासपोर्ट किसने जारी किए थे।

    कृपया इसे पिछली धोखाधड़ी न समझें। मदुरै के असिस्टेंट कमिश्नर इंटेलिजेंस के ठिकानों से फर्जी पासपोर्ट का पता आसानी से लगाया जा सकता है। कुछ ही मिनटों में इसकी पुष्टि की जा सकती है। फिर, जब आप नाम देखें, तो कृपया जल्दी से लेकिन सावधानी से काम करें। इसके बाद प्रशासन सतर्क हुआ और जांच शुरू की गई। फिलहाल डॉग स्क्वायड की टीम के साथ पुलिस जांच कर रही है।

  • Toll Plaza पर 2 दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने की गुंडागर्दी, जमकर की तोड़फोड़, देखें CCTV

    Toll Plaza पर 2 दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने की गुंडागर्दी, जमकर की तोड़फोड़, देखें CCTV

    सतनाः मध्य प्रदेश में सतना जिले के ओढ़की टोल प्लाजा पर नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। हमला टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद के बाद किया गया। जहां 2 दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक टोल प्लाजा पर धावा बोल दिया। कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर उनकी पिटाई करने लगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ लोग एक कार में सवार होकर टोल प्लाजा पहुंचे। वे टोल टैक्स देने से इनकार करने लगे।

    Watch Video:  https://x.com/Encounter_India/status/1938142246949556541

    कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर बहस हुई और फिर वे टैक्स देकर आगे बढ़ गए। लेकिन एक घंटे बाद 15 मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 24 से ज्यादा नकाबपोश हथियार लेकर लौटे। हमलावरों ने न केवल कर्मचारियों के साथ बर्बर मारपीट की, बल्कि केबिन, कार्यालय और कंप्यूटर समेत उपकरणों में जमकर तोड़फोड़ की। इस हमले में लगभग एक दर्जन कर्मचारियों को चोटें आई हैं। राहगीरों द्वारा पीछा किए जाने के बाद बदमाश बिना नंबर की बाइकों से भाग निकले।

    पूरा घटनाक्रम टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। टोल मैनेजर जितेंद्र सिंह ने रामपुर बाघेलान थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि कुछ संदिग्धों की पहचान हो चुकी है, जिनमें से कई त्योंधरी और अहिरगांव गांवों के बताए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। यह घटना टोल प्लाजा कर्मियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती है। कर्मचारी संघों और आम यात्रियों ने स्थायी पुलिस सुरक्षा की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।

  • मॉनसून की शुरुआत में बाढ़ का तांडव, 15 से 20 मजदूर बह गए, 2 की मौत, फंसे वाहन, देखें वीडियो

    मॉनसून की शुरुआत में बाढ़ का तांडव, 15 से 20 मजदूर बह गए, 2 की मौत, फंसे वाहन, देखें वीडियो

    धर्मशालाः हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की शुरुआत में ही तांडव देखने को मिला है। कुल्लू के बाद अब कांगड़ा में हाईड्रो प्रोजेक्ट के पास खड्ड में फ्लैश फ्लड आने से 15 से 20 मजदूर बह गए। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने इस बात की पुष्टि की है। फिलहाल, दो शव बरामद कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर कसोल में भारी बारिश होने से ग्राहण नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ ने कसोल में पार्किंग को भी आगोश में लिया और यहां पार्क वाहन फंस गए। लोगों और वाहन चालकों ने एक-दूसरे को सीटियों और फोन के माध्यम से अलर्ट किया और नाले से दूर हटने के लिए कहा। वहां काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

    गनीमत यह रही कि बाढ़ के बाद अचानक मौसम थम गया और पानी कम होने से वाहन बहने से बच गए। सूचना मिलते ही मणिकर्ण पुलिस थाना के एसएचओ और उनकी पूरी टीम, वन विभाग से आरओ, राजस्व विभाग की टीम, स्थानीय रेस्क्यू दल, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी और चालक समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। यही नहीं, जेसीबी के माध्यम से वाहनों को बाढ़ के बीच से सुरक्षित निकाला गया। जानकारी के अनुसार कसोल पार्किंग में 15 के करीब वाहन पार्क थे। एसएचओ मणिकर्ण ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि लोग दी-नालों की तरफ न जाएं।

    मिली जानकारी के अनुसार, धर्मशाला के पास धर्मशाला में इंदिरा प्रियदर्शनी हाइड्रल प्रोजेक्ट, सोकणी दा कोट (खनियारा) में मणुणी खड्ड में पानी का बहाव अचानक बढ़ने से लगभग 15 से 20 मज़दूर बह गए। ये सभी खड्ड किनारे बने शेड में रह रहे थे। चंबा के रहने वाले मजदूर धर्मेंद्र ने बताया कि पावर हाउस के ब्रिज नंबर एक के पास की यह घटना हुई है। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर एक बजे के करीब मौसम साफ हो गया था और फिर एकाएक फ्लड आ गया। वह प्रोजेक्ट में बैल्डर का काम करते हैं। हाईड्रो प्रोजेक्ट में काम करने वाले मजदूर परवेज मोहम्मद ने बताया कि एक दम से खड्ड में पानी बढ़ गया और शेड में लोग बह गए हैं। मजदूर ने बताया कि एक डेडबॉडी उन्होंने देखी है। इस घटना में एक गाड़ी भी बह गई है।

  • Punjab News: 10 रुपए की सवारी उठाने को लेकर गुंडागर्दी, तेजधार हथियारों से ई-रिक्शा चालक पर किया हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: 10 रुपए की सवारी उठाने को लेकर गुंडागर्दी, तेजधार हथियारों से ई-रिक्शा चालक पर किया हमला, देखें वीडियो

    पंजाब में एक सप्ताह में दूसरी घटना

    लुधियानाः समराला चौंक में सवारी उठाने को लेकर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला है। हैरानी की बात यह है कि 10 रुपए की सवारी को लेकर नौजवानों ने ई-रिक्शा चालक पर सरेआम तेजधार हथियार से हमला कर दिया। यह पहली घटना नहीं है कि जब सवारी उठाने को लेकर विवाद हुआ है। इससे कुछ दिन पहले बठिंडा में हैंडिकैप लड़के के साथ भी सवारी उठाने को लेकर कुछ ऑटो चालकों ने मारपीट की थी। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया था और 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं अब यह घटना समराला चौंक पर सवारी उठाने को लेकर हुई है, जहां ऑटो चालकों ने कुछ नौजवानों को बुलाकर ई-रिक्शा चालक पर सवारी उठाने को लेकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। पीड़ित सुनील वर्मा ने बताया टिब्बा रोड़ प्रेम विहार में फतेह 5 सवारियां लेकर चला गया। इस दौरान उसकी ई-रिक्शा में 3 सवारियां बैठी हुई थी और एक सवारी उसके साथ बात कर रही थी। इस दौरान प्रेम विहार में फतेह ने अपनी ई-रिक्शा रोकी और उसके पास आ गया। जिसके बाद वह धक्के से उसकी सवारी को ले गया और उसके साथ बहसबाजी करने लगे। इस दौरान पहले उसे प्रेम विहार में घेर लिया। जिसके बाद साहिल गोलगप्पे के पास उस पर दातर से हमला किया, लेकिन उसका बचाव हो गया। इस दौरान फतेह समराला चौक पर साथियों को लेकर आ गया और उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान हमलावार उसकी गाड़ी तोड़ गए, उस पर तेजधार हथियार से हमला कर गए और उसका फोन छीनकर फरार हो गए। हमलावारों ने सुनील के हाथ और गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला किया। इस घटना के बाद हमलावार मौके से फरार हो गए। वहीं घटना को लेकर महिला द्वारा काफी हंगामा किया गया। जिसके बाद महिला ने घायल व्यक्ति के हाथों में बह रहे खून पर कपड़ा बांधा और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गई। पीड़ित सुनील वर्मा ने बताया कि 10 रुपए की सवारी को लेकर 8 से 10 नौजवानों ने उस पर दातर से हमला किया। इस दौरान उसकी ई-रिक्शा का शीशा तोड़ दिया गया। पीड़ित ने बताया कि हमला करने वाला मुख्य आरोपी फतेह नामक व्यक्ति है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं मौके पर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। सरेआम कुछ ऑटो चालकों द्वारा सवारी उठाने को लेकर गुंडागर्दी करने के बढ़ रहे मामलों को लेकर पुलिस की कार्रगुजारी को सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है। सवारी उठाने को लेकर कुछ ऑटो चालक दूसरे ऑटो चालकों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने में लग गए है।