Blog

  • पांडवों द्वारा निर्मित ,सोलहसिंगी धार के चौमुखा मंदिर का दोबारा होगा जीर्णोद्वार: भुट्टो

    पांडवों द्वारा निर्मित ,सोलहसिंगी धार के चौमुखा मंदिर का दोबारा होगा जीर्णोद्वार: भुट्टो

    चौमुखा मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए भुट्टो ने दिए 51 हजार रुपये 

     भुट्टो ने इलाके के सनातनियों से की अपील ,पौराणिक मंदिर चौमुखा के जीर्णोद्वार के लिए बढ़चढ़ कर करें दान

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने कुटलैहड़ विस क्षेत्र के सोलह सिंगी धार के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाले चौमुखा महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने सोलह सिंगी धार स्थित चौमुखा गांव में मौजूद इस प्राचीन मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए अपनी ओर से 51,000 रुपये की धनराशि मंदिर कमेटी को प्रदान की। साथ ही मंदिर चमुखा में पहुंचकर उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से सभी सनातनी श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों से मंदिर के जीर्णोद्धार में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।

    भुट्टो ने कहा कि चौमुखा महादेव मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि कुटलैहड़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर भी है। मान्यता है कि इस मंदिर का निर्माण द्वापर युग में पाण्डवों ने अपने अज्ञात वास के दौरान निर्माण किया था। उन्होंने कहा कि यह मंदिर उसी प्राचीन स्वरूप में जीर्णोद्धार किया जाएगा, जैसा इसका मूल स्वरूप रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को जान सकें।

    दविंदर भुट्टो ने बताया कि चौमुखा मंदिर कमेटी द्वारा पहले भी मंदिर का बेहतर निर्माण और रख रखाव किया गया था, लेकिन बीते वर्ष आई प्राकृतिक आपदा के कारण मंदिर को भारी नुकसान हुआ। आपदा के चलते मंदिर में लगे डंगे, प्रांगण और मंदिर का एक हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था को भी गहरी ठेस पहुंची। ऐसे में अब मंदिर के जीर्णोद्धार की सख्त आवश्यकता है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई पूजा से विजय प्राप्त होती है और स्वयं भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों को साक्षात आशीर्वाद देते हैं। उन्होंने कहा कि पाण्डवों द्वारा स्थापित यह महादेव मंदिर सोलह सिंगी धार क्षेत्र की पहचान है और इसका संरक्षण हम सभी का नैतिक और धार्मिक दायित्व है।

    उन्होंने सभी भोलेनाथ के भक्तों, क्षेत्र के गणमान्य लोगों, युवाओं और  कुटलैहड़ वासियों से अपील की, कि वह चौमुखा मंदिर कमेटी द्वारा दिए गए बैंक खाते में अपनी सामर्थ्य के अनुसार कुछ न कुछ धनराशि अवश्य जमा करें, ताकि मंदिर का जीर्णोद्धार शीघ्र और भव्य रूप में किया जा सके। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,उपाध्यक्ष एवं वीडीसी सदस्य राज कुमार मनकोटिया भाजपा के विपिन पादा युवा मोर्चा के अभय सिंह राणा राजेंद्र ठाकुर रिशु वन्याल के अलावा कमेटी सदस्य एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

  • मुख्यमंत्री की पहल, बच्चों को मिले देश देखने का अवसर

    मुख्यमंत्री की पहल, बच्चों को मिले देश देखने का अवसर

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सुबह हिमाचल प्रदेश सचिवालय से मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत राज्य के चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूशंस (सीसीआई), सराहन, टूटीकंडी और मशोबरा में रहने वाले ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ को एक विशेष शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक भ्रमण पर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी बच्चों से संवाद किया और उनसे भ्रमण का भरपूर आनंद लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान उन्हें ज्ञान अर्जन और विभिन्न विषयों को जानने व समझने के बेहतरीन अवसर प्राप्त होंगे।

    इस भ्रमण में प्रदेश के इन तीन बाल देखभाल संस्थानों में रह रहे कुल 52 बच्चे भाग ले रहे हैं। यह भ्रमण कार्यक्रम 15 जनवरी, 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसके दौरान बच्चे देश के विभिन्न प्रमुख शहरों और ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत राज्य सरकार इन बच्चों को केवल संरक्षण ही नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक अवसर भी प्रदान कर रही है। इस यात्रा का उद्देश्य बच्चों को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक संस्थानों से परिचित करवाना है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

    यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चे चंडीगढ़-दिल्ली-आगरा-गोवा-चंडीगढ़ का भ्रमण करेंगे। इस दौरान बच्चों को विभिन्न आधुनिक परिवहन साधनों का अनुभव भी करवाया जाएगा, जिनमें वोल्वो बस, वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी, मेट्रो रेल सेवा, हवाई यात्रा, क्रूज यात्रा तथा हॉप-ऑन हॉप-ऑफ पर्यटन बस शामिल हैं। दिल्ली भ्रमण के दौरान बच्चे लाल किला, कुतुब मीनार, इंडिया गेट, राजघाट, शक्ति स्थल, वीर भूमि, हुमायूं का मकबरा, राष्ट्रीय प्राणी उद्यान, राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स, त्रिवेणी कला संगम तथा राष्ट्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा वे आगरा में ताजमहल का भ्रमण किया जाएगा।

    गोवा प्रवास के दौरान बच्चे उत्तर गोवा के कलंगुट, फोर्ट अगुआड़ा, अंजुना बीच, डोना पाउला, भारतीय समुद्र विज्ञान संस्थान एवं क्रूज यात्रा, जबकि दक्षिण गोवा में चर्च, मंगेशी मंदिर, वार्का बीच, पणजी शहर और स्पाइस गार्डन का भ्रमण करेंगे। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक भ्रमण बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा, देश के प्रति समझ और सामाजिक चेतना विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा, सुविधा और देखभाल में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।

    मुख्यमंत्री पद की शपथ के उपरान्त ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित टूटीकडी स्थित बालिका आश्रम में जाकर राज्य के निराश्रित बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सम्पूर्ण ज़िम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया। इन वर्गों के लिए क़ानून बनाने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बना। 28 फरवरी 2023 से ‘मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना’ के तहत 4000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया गया है। उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, जेब खर्च, करियर काउंसलिंग, देश-विदेश भ्रमण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। स्टार्ट-अप आरम्भ करने के लिए 2 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

    स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा.(कर्नल) धनी राम शांडिल विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, महापौर शिमला नगर निगम सुरेन्द्र चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्याम भगत नेगी, उपायुक्त अनुपम कश्यप, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ. पंकज ललित, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी और गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

     

  • Jalandhar News: फिर शुरू हुआ CNG प्लांट का काम, MLA सहित लोगों में रोष भारी पुलिस फोर्स तैनात, देखें Live

    Jalandhar News: फिर शुरू हुआ CNG प्लांट का काम, MLA सहित लोगों में रोष भारी पुलिस फोर्स तैनात, देखें Live

    जालंधर, ENS: शूगर मिल भोगपुर में लगाए जा रहे सीएनजी प्लांट को लेकर आज फिर से मामला गरमा गया है। दरअसल, आज फिर से मिल में सीएनजी प्लांट का काम शुरू किया गया है। इसके संबंध में आज भोगपुर के हर हिस्से में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। दूसरी ओर मिल में सीएनजी प्लांट का काम शुरू होने की सूचना मिलने पर विरोध करने के लिए कांग्रेस हल्का विधायक सुखविंदर सिंह कोटली सहित भोगपुर के दुकानदारों और अन्य भोगपुर निवासी पहुंचे, जहां उन्होेंने विरोध करना शुरू कर दिया।

    विरोध कर रहे विधायक सहित लोगों को पुलिस द्वारा भोगपुर टी-प्वाइंट पर ही रोक लिया गया और उन्हें मिल तक जाने नहीं दिया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हाईकोर्ट में चल रहे केस के बावजूद प्रशासन द्वारा भोगपुर सहकारी शूगर मिल में सीएनजी प्लांट का काम शुरू करा दिया गया है, जबकि एसडीएम जालंधर-2 द्वारा लिखित रूप में यह कहा गया था कि यह काम शुरू ना किया जाए।

    इस दौरान मौके पर भारी हंगामा देखने को मिला है। इसकी वीडियो भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि विधायक और पुलिस में सीएनजी प्लांट को लेकर बात की जा रही है। जबकि पुलिस का कहना है कि लोगों द्वारा चक्का जाम किया जा रहा है, जिसको लेकर माहौल खराब होने की आशंका के कारण उन्हें आगे जाने की परमिशन नहीं दी जा सकती।

  • Jalandhar News: सावधान ! नगर निगम के कर्मी बताकर दपंति से ठगे हजारों रुपए, देखें CCTV

    Jalandhar News: सावधान ! नगर निगम के कर्मी बताकर दपंति से ठगे हजारों रुपए, देखें CCTV

    जालंधर, ENS: वडाला चौक के पास फ्रैंड्स कालोनी में 2 बाइकों पर सवार 4 व्यक्तियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। जहां पहले बाइक सवार 2 व्यक्ति आए, जो खुद को नगर निगम अधिकारी बता रहे थे। इस दौरान घर के बाहर धूप सेंक रहे दंपति से 11 हजार की ठगी मारी गई। दरअसल, कपूर परिवार की महिला नीरू कपूर ने बताया कि वह पति के साथ घर के बाहर धूप सेंक रही थी। इस दौरान बाइक पर सवार 2 व्यक्ति आए और खुद को नगर निगम के कर्मी बता रहे थे। महिला ने बताया कि दोनों कर्मियों ने कहा कि उनसे घर में पानी की समस्या तो नहीं है। इस दौरान महिला ने मना कर दिया और उसके बाद कहने लगे वह सीवरेज की सफाई करने के लिए आए है और दपंति द्वारा मना करने पर दोनों आपस में बाते करने लगे। इस दौरान कुछ देर बाद 2 अन्य बाइक सवार कारपेट लेकर आ गए और दपंति से कारपेट खरीदने के लिए कहने लगे। महिला ने कहा कि उन्होंने कारपेट खरीदने से मना कर दिया। जिसके बाद नगर निगम के कर्मी और कारपेट बाइक सवार आपस में बातें करने लग गए। इस दौरान नगर निगम कर्मी ने उससे सारे कारपेट खरीदने के लिए कहा और उसके बदले में 11 हजार में दोनों में डील हो गई। महिला ने कहा कि वह पति के साथ धूप में बैठी हुई थी। इस दौरान नगर निगम कर्मी ने कहा कि उसके पास 2 हजार रुपए है और वह अभी पास में अपने घर से पैसे लेकर आता है। लेकिन कारपेट व्यापारी ने कहा कि उसे अभी पैसे चाहिए। जिसके बाद नगर निगम कर्मी महिला के पति के पास आया और उससे 11 हजार मांगने लगा। इस दौरान कर्मी ने कहा कि वह अभी पैसे उन्हें लौटा देंगा और बदले में वह कारपेट उन्हें पकड़ा गया और कहने लगा वह जल्द कारपेट ले जाएगा। जिसके बाद महिला ने घर से उसे 11 हजार लाकर दे दिए। महिला ने कहा कि जब कारपेट चैक किए तो देखा कि उसमें हलके कपड़े थे। इस दौरान महिला ने जब बाहर आकर नगर निगम कर्मियों कहने लगी कि उनके साथ धोखा हुआ है। इस दौरान जब बाहर आई तो देखा नगर निगम कर्मी और कारपेट बेचने वाले बाइक सवार चारों व्यक्ति 11 हजार रुपए लेकर फरार हो गए।
  • Punjab News: Oman में फंसी लड़की घर लौटी, निर्मल कुटिया पहुंचकर सुनाई दर्दनाक आपबीती, देखें वीडियो

    Punjab News: Oman में फंसी लड़की घर लौटी, निर्मल कुटिया पहुंचकर सुनाई दर्दनाक आपबीती, देखें वीडियो

    कपूरथलाः संत बलबीर सिंह सीचेवाल की विदेश में फंसे लोगों की सहायता लगातार जारी है। ताजा मामले में संत सीचेवाल ने ओमान में फंसी करीब 70 भारतीय लड़कियों के मामले में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप से 5 लड़कियों को सुरक्षित भारत वापस लाया जा चुका है। इन्हीं में से एक पीड़िता पंजाब के सुल्तानपुर लोधी स्थित निर्मल कुटिया पहुंची, जहां उसने मीडिया और संगत के सामने अपनी आपबीती साझा की।

    पीड़िता ने बताया कि उसे बेहतर नौकरी और खुशहाल जिंदगी के झूठे सपने दिखाकर विदेश भेजा गया था, लेकिन ओमान पहुंचने के बाद हालात बेहद भयावह निकले। उसने कहा कि वहां फंसी लड़कियों की स्थिति बेहद दयनीय है और वे गंभीर संकट का सामना कर रही हैं।

    पीड़िता ने बताया कि वहां लड़कियों को न तो वैसा काम दिया जाता है और न ही उन्हें स्वतंत्र रूप से रहने की इजाजत होती है। कई बार उन्हें जबरन काम कराया जाता है, पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में रख लिए जाते हैं, ताकि वे वापस न आ सकें। उसने कहा कि मानसिक और शारीरिक शोषण का डर हर वक्त बना रहता है और मदद मांगने का कोई रास्ता नहीं होता।

    पीड़िता के अनुसार, ओमान में अभी भी करीब 70 भारतीय लड़कियां अलग-अलग जगहों पर फंसी हुई हैं, जिनमें ज्यादातर पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के अन्य राज्यों से हैं। ये लड़कियां गरीब या मध्यमवर्गीय परिवारों से आती हैं, जो अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के सपने लेकर विदेश जाती हैं, लेकिन एजेंट और तस्कर इसी मजबूरी का फायदा उठाते हैं। पीड़िता ने यह भी बताया कि जब हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए, तब किसी तरह भारत में मौजूद सामाजिक संगठनों और विदेश मंत्रालय तक उनकी आवाज पहुंची। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने ओमान स्थित भारतीय दूतावास की मदद से कार्रवाई की और पांच लड़कियों को सुरक्षित वापस लाया गया।

    निर्मल कुटिया पहुंचकर पीड़िता ने पंजाब के लोगों, खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों से भावुक अपील की। उसने कहा कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह रिश्तेदार ही क्यों न हो, अगर विदेश में नौकरी या बसाने का लालच दे, तो पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। बिना सरकारी दस्तावेज, वीजा और अधिकृत एजेंसी के माध्यम से विदेश न जाएं।

    पीड़िता ने सरकार और प्रशासन से भी मांग की कि ऐसे फर्जी ट्रैवल एजेंटों और मानव तस्करी करने वाले गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इससे न केवल दोषियों पर कार्रवाई होगी, बल्कि कई मासूम लड़कियों को शोषण का शिकार होने से बचाया जा सकेगा।

  • IRCTC ने एडवांस टिकट बुकिंग सिस्टम में किया बड़ा बदलाव, इन लोगों को होगा फायदा

    IRCTC ने एडवांस टिकट बुकिंग सिस्टम में किया बड़ा बदलाव, इन लोगों को होगा फायदा

    नई दिल्ली: देश में रोज कई लोग ट्रेन से सफर करते हैं। यदि आप भी ट्रेन की ऑनलाइन टिकट बुकिंग करवाने की योजना बना रहे हैं तो अब सावधान हो जाएं क्योंकि आईआरसीटीसी ने एडवांस ट्रेन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव लागू कर दिया है। नए नियमों के अंतर्गत अब आधार वेरिफिकेशन करवाए बिना तय समय से पहले रिजर्व टिकट बुक करना मुश्किल हो जाएगा। यह बदलाव खासतौर पर 60 दिन से पहले खुलने वाली एडवांस रिजर्वेशन बुकिंग पर लागू किया गया है।

    5 जनवरी से लागू हो चुका है नियम

    आईआरसीटीसी के नए नियमों के अनुसार, 5 जनवरी से वही लोग सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक ही टिकट बुक कर पाएंगे जिनका आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से वेरिफाइड है। जिन यात्रियों का आधार अभी तक लिंक नहीं होगा वो इस समय के स्लॉट में टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। ऐसे यूजर्स को शाम 4 बजे के बाद ही रिजर्वेशन की परमिशन मिलेगी। वहीं पहले आधार वेरिफाइड यूजर्स को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक टिकट बुक करने का मौका मिलता था। बाद में यह समय बढ़ाकर 24 घंटे का कर दिया गया परंतु अब इसको 8 घंटे का कर दिया गया है। इसका अर्थ है कि आधार वेरिफाइड यात्रियों को कंफर्म टिकट पाने का ज्यादा मौका मिलेगा।

    तीन चरणों में किया गया लागू

    भारतीय रेलवे की ओर से यह नियम तीन चरणों में लागू किए गए हैं। इसमें पहला चरण 29 सितंबर 2025 से लागू हुआ है। जब बिना आधार लिंक अकाउंट वाले यूजर्स के लिए सुबह 8 बजे से 12 बजे तक बुकिंग बंद कर दी गई थी। इसके बाद दूसरा चरण 5 जनवरी से लागू हुआ है। जब यह समय बढ़ाकर सुबह 8 से शाम 4 बजे कर दिया गया है। इसके बाद तीसरा चरण 12 जनवरी से लागू होगा। इसमें बिना आधार लिंक अकाउंट वाले लोग सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक टिकट बुक नहीं कर पाएंगे।

    इस वजह से लिया गया फैसला

    रेलवे का यह कहना है कि इसका मकसद यही यात्रियों को कंफर्म टिकट देना और दलालों व फर्जी अकाउंट्स पर लगाम लगाना है। आधार वेरिफिकेशन से बुकिंग प्रक्रिया ज्यादा अच्छी होगी और ओपनिंग डे पर आम यात्रियों को टिकट मिलने की भी संभावना बढ़ेगी। इस बदलाव का असर सिर्फ ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर होगा। रेलवे काउंटर यानी की विंडो से टिकट बुकिंग के नियमों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है हालांकि काउंटर से टिकट लेते समय भी अब ओटीपी वेरिफिकेशन की जरुरत पड़ेगी। इसके लिए मोबाइल नंबर को आधार कार्ड से लिंक करवाना जरुरी होगा।

    इन लोगों को होगा फायदा

    इस नियम से उन यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जिन्होंने पहले ही अपना आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से लिंक करवा लिया है। एडवांस रिजर्वेशन पीरियड खुलते ही अब वही यूजर टिकट बुक कर पाएंगे जिनका आधार वेरिफिकेशन पूरा होगा। इससे कंफर्म टिकट मिलने की संभावना भी पहले से ज्यादा बढ़ेगी।
  • Punjab News: ANTF और BSF की बड़ी कार्रवाई, 19 किलो हेरोइन के साथ 4 तस्कर काबू

    Punjab News: ANTF और BSF की बड़ी कार्रवाई, 19 किलो हेरोइन के साथ 4 तस्कर काबू

    अमृतसरः ANTF और बीएसएफ ने अजनाला क्षेत्र के भिंडी औलख से बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), बॉर्डर रेंज ने सीमा सुरक्षा बल के सहयोग से एक सुनियोजित अभियान चलाया, जिसमें कुल 19.980 किलो हेरोइन को जब्त किया गया। इस कार्रवाई में 4 आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें मुख्य आपरेटर शामिल है, जो हेरोइन आपूर्ति श्रृंखला का संचालन कर रहा था।

    पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से जुड़े हुए हैं और सीमा पार से हेरोइन की डिलीवरी और वितरण का संचालन कर रहे थे। जांच अधिकारियों ने बताया कि आरोपी क्षेत्रीय डीलरों और स्थानीय नेटवर्क के साथ मिलकर नशीले पदार्थों की तस्करी को अंजाम दे रहा था।

    DGP गौरव यादव के अनुसार गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी ने हेरोइन की आपूर्ति और वितरण की पूरी व्यवस्था संभाली हुई थी। इसके अलावा, अन्य गिरफ्तार आरोपियों ने स्थानीय स्तर पर हेरोइन की तस्करी में मदद की। पुलिस ने NDPS अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

    जांच में मुख्य रूप से सीमा पार के हेंडलरों की पहचान, आपूर्ति मार्गों का पता लगाना और संपूर्ण तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना प्राथमिक उद्देश्य है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

  • Punjab News: Airbase के पास चली गोली, पुलिस ने किया खुलासा, देखें वीडियो

    Punjab News: Airbase के पास चली गोली, पुलिस ने किया खुलासा, देखें वीडियो

    पठानकोटः एयरबेस के पास साथ लगते गांव ताजपुर में सोमवार की रात करीब 11:30 बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर एक घर में लगे सीसीटीवी में ये घटना कैद हो गई। सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि एक गाड़ी जो रोड पर आकर रुकती है, तभी कुछ ही सेकेंड के बाद गोली की आवाज सुनाई देती है। जिसके बाद कार चालक वहां से चला जाता है। जिसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।

    गांव की महिला पंचायत सदस्य ने बताया कि जब फायरिंग हुई तो उन्होंने CCTV फुटेज चेक की, जिसमें कार सवार लोगों ने फायरिंग की थी। यह जानकारी पास के एयर बेस अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को भी दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।

    एसएसपी दलजिंदर ढिल्लों ने मामले में खुलासा करते बताया कि जांच में सामने आया है कि यह फायरिंग नौशहरा नलबंदा के सरपंच सुखजिंदर सिंह ने की है। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए खुद पुलिस को फायरिंग की सूचना दी है। उनके मुताबिक वह एयरबेस के पास ताजपुर रोड की फिरनी से निकल रहे थे, आसपास काफी जंगली एरिया है। जहां से अचानक जंगली सुअरों का झुंड निकल आया। सरपंच को डर था कि कहीं ये जंगली सुअर उन पर हमला न कर दें, जिससे बचाव के लिए उन्होंने हवाई फायर किया। जिसके बाद जंगली सुअर वहां से भाग गए। एसएसपी दलजिंदर ढिल्लों ने पठानकोट वासियों से अपील की है कि किसी भी तरह से घबराने की कोई चिंता नहीं है। किसी को कोई भी खतरा नहीं है।

  • All-Time High पर पहुंची चांदी, सोनी के दामों में भी 741 रुपए का उछाल, जानें नई कीमतें

    All-Time High पर पहुंची चांदी, सोनी के दामों में भी 741 रुपए का उछाल, जानें नई कीमतें

    नई दिल्लीः सोनी-चांदी के दामों में बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। चांदी आज यानी 6 जनवरी को अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 1 किलो चांदी की कीमत 7,725 रुपए बढ़कर 2,44,788 रुपए हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 2,37,063 रुपए किलो थी। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 741 रुपए बढ़कर 1,36,909 रुपए पहुंच गया है। इससे पहले यह 1,36,168 रुपए पर था। सोना 29 दिसंबर 2025 को 1,38,161 रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था।

    पिछले साल यानी 2025 में सोने की कीमत 57,033 रुपए (75%) बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो 31 दिसंबर 2025 को 1,33,195 रुपए हो गया। चांदी का भाव भी इस दौरान 1,44,403 रुपए (167%) बढ़ा। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो इस साल के आखिरी दिन 2,30,420 रुपए प्रति किलो हो गई।

    वहीं इस तेजी का सबसे बड़ा कारण अमेरिका के ब्याज दर घटाने से डॉलर कमजोर हुआ है और सोने की होल्डिंग कॉस्ट कम हुई जिस कारण लोग खरीदारी करने लगे। वहीं दूसरी ओर चीन जैसे देश अपने रिजर्व बैंक में सोना भर रहे हैं, ये सालभर में 900 टन से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं, इसलिए भी दाम ऊपर जा रहे हैं। चांदी के दामों में उछाल का मुख्य कारण सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और EV में चांदी का भारी इस्तेमाल करना है। चांदी अब सिर्फ ज्वेलरी नहीं, जरूरी कच्चा माल बन गई है। प्रोडक्शन रुकने के डर से सभी पहले से खरीद रहे हैं, इसी वजह से आने वाले महीनों में भी तेजी बनी रहेगी।

  • Punjab News: पतंग उड़ाते छत से गिरा 10 वर्षीय बच्चा, गंभीर घायल

    Punjab News: पतंग उड़ाते छत से गिरा 10 वर्षीय बच्चा, गंभीर घायल

    लुधियानाः जगराओं के गांव अगवाड़ लधाई स्थित रानी वाला खूह के नजदीक बड़ा हादसा हो गया। जहां मंगलवार सुबह पतंग उड़ाते समय 10 वर्षीय बच्चा छत से नीचे गिर गया। घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की पहचान अगम के रूप में हुई है। बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया। परिजनों के अनुसार स्कूल की छुट्टियां होने के कारण अगम सुबह खाना खाने के बाद अपने घर की छत पर अकेला पतंग उड़ा रहा था।

    पतंग पर ध्यान केंद्रित होने के कारण वह छत की पिछली साइड से नीचे गिर गया। गनीमत रही कि छत की ऊंचाई अधिक नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बच्चे के गिरने और रोने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। घायल बच्चे को तत्काल रायकोट रोड स्थित कल्याणी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके होंठ और नाक पर गंभीर चोटें आई थीं।

    जिसके चलते बच्चे के होंठ और नाक पर टांके लगे है। पार्षद रमेश कुमार मेषी ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण बच्चे अकेले ही छतों पर जाकर पतंग उड़ाने लगते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को अकेले छत पर न भेजें और जब भी बच्चे छत पर जाएं तो परिवार का एक सदस्य उनके साथ अवश्य होना चाहिए।