Blog

  • Punjab News: ट्रक और स्कूटी की टक्कर में लगी आग, जिंदा जलने से 2 की मौत

    Punjab News: ट्रक और स्कूटी की टक्कर में लगी आग, जिंदा जलने से 2 की मौत

    धड़ से अलग हुई युवती की गर्दन

    फतेहगढ़ साहिबः जिले में चंडीगढ़-सरहिंद मार्ग पर देर रात ट्रक और स्कूटी की टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार रात 11 बजे गांव पीर जैन के पास चंडीगढ़ की दिशा से आ रहे एक ट्रक ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी, जिससे अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और वे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस दुर्घटना में स्कूटी पर सवार दोनों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय मनदीप सिंह निवासी गांव कोटला बजवाड़ा और 25 वर्षीय पूजा निवासी गांव मानूपुर के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मनदीप सिंह पेशे से लकड़ी का कारीगर था। हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर के प्रचंड प्रभाव से युवती की गर्दन धड़ से अलग हो गई, जबकि व्यक्ति का शरीर भी बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस की सड़क सुरक्षा फोर्स और थाना बडाली आला सिंह की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और गांव निवासियों ने आग पर काबू पाने के साथ स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू कराया। मामले के संबंध में जानकारी देते हुए सहायक थानेदार राम सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब भेज दिया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
  • Punjab News: खुद को CIA स्टाफ बताकर दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में किडनैपिंग, देखें वीडियो

    Punjab News: खुद को CIA स्टाफ बताकर दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में किडनैपिंग, देखें वीडियो

    बैंक से जबरन निकलवाए 2 लाख

    लुधियानाः जिले में बेखौफ बदमाशों ने खाकी वर्दी का रौब दिखाकर दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने खुद को पुलिस का CIA स्टाफ बताया और युवक को जबरन एक कार में डालकर ले गए। अपहरण के बाद बदमाशों ने उसे बुरी तरह पीटा और डरा-धमका कर बैंक से 2 लाख रुपये निकलवा लिए। इस पूरी वारदात का एक राहगीर ने वीडियो बना लिया,जो अब सामने आया है। सामने आए वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि बीच सड़क पर चार लोग एक व्यक्ति को जबरन सफेद रंग की महिंद्रा कार में धकेल रहे हैं। इस पूरी वारदात में जिस कार का इस्तेमाल किया गया है, उस पर मोहाली का नंबर (PB65 T 8744) लगा हुआ है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि इन चार अपहरणकर्ताओं में से एक व्यक्ति ने बाकायदा पंजाब पुलिस की वर्दी पहन रखी थी, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह चंडीगढ़ रोड से गुजर रहा था, तभी इन बदमाशों ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक करके रोक लिया। उन्होंने गुरप्रीत से कहा कि वे सीआईए (CIA) स्टाफ से हैं और उन्हें किसी मामले में उससे पूछताछ करनी है। इसके बाद उन्होंने गुरप्रीत को जबरन मोहाली नंबर वाली उस सफेद कार में बैठा लिया। कार के अंदर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। किडनैप करने के बाद बदमाश गुरप्रीत को उसी के घर ले गए और जबरन उसकी चेकबुक मंगवाई। इसके बाद आरोपी उसे मोहाली नंबर की कार में ही बैठाकर गिल गांव स्थित एक बैंक में ले गए। वहां उन्होंने गुरप्रीत को जान से मारने की धमकी देकर जबरन बैंक से 2 लाख रुपये निकलवाए। इसके अलावा, बदमाशों ने गुरप्रीत की जेब में पड़े 22 हजार रुपये नकद भी छीन लिए। इस वारदात में बदमाशों ने पूरी प्लानिंग से काम किया। पीड़ित ने बताया कि जब उसे बैंक के अंदर पैसे निकालने के लिए भेजा गया, तब पुलिस की वर्दी पहना हुआ व्यक्ति (संदीप) बैंक के बाहर उस मोहाली नंबर की गाड़ी में ही बैठा रहा, ताकि बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी वर्दी कैद न हो और बाहर से वह पूरी स्थिति पर नजर रख सके। पैसे लूटने के बाद बदमाश गुरप्रीत को गिल्लां वाले पुल के पास सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। बदहवास हालत में पीड़ित ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस ने वीडियो और पीड़ित गुरप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस की वर्दी पहनने वाले संदीप नामक व्यक्ति और उसके 3 अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ अपहरण और ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वीडियो में दिख रही मोहाली नंबर की कार के रजिस्ट्रेशन की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
  • US-ईरान में बढ़ते तनाव के बीच हरे निशान पर खुले सेंसेक्स और निफ्टी

    US-ईरान में बढ़ते तनाव के बीच हरे निशान पर खुले सेंसेक्स और निफ्टी

    नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार में आज तेजी देखने को मिल रही है। शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टी दोनों हरे निशान पर खुले। सेंसेक्स 75.71 अंक बढ़कर 77,726.62 पर पहुंचा; निफ्टी 26.90 अंक चढ़कर 24,275.85 पर पहुंचा। मिली जानकारी के अनुसार US-ईरान के बीच बढ़ते तनाव, 7% उछलकर 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचे कच्चे तेल की कीमतों और US Fed द्वारा ब्याज दरें स्थिर रखने के फैसलों के बीच बाजार लाल निशान में खुला।

    एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स और जुनिपर ग्रीन एनर्जी का IPO आज से ओपन हो गए हैं। इनमें 3 अगस्त तक बोली लगा सकेंगे। एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स IPO के जरिए 290 करोड़ और जुनिपर ग्रीन एनर्जी 1,800 रुपए जुटाना चाहती है। इससे पहले कल यानी 29 जुलाई को शेयर बाजार में बढ़त रही थी। सेंसेक्स 889 अंक की बढ़त के साथ 77,655 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 265 अंक की बढ़त रही, ये 24,250 पर बंद हुआ था।

  • आज का राशिफल, 30 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 30 जुलाई 2026

    आज श्रवण नक्षत्र की ऊर्जा हर राशि में सुनने, सीखने और ज्ञान-अर्जन के लिए विशेष अनुकूलता लेकर आई है। जो भी आज ध्यान से सुनेंगे, वो लंबे समय तक काम आएगा। अफवाहों और अधूरी जानकारी पर भरोसा न करें, सत्यापित करके आगे बढ़ें। शनि वक्री होने के कारण दीर्घकालिक बड़े निर्णयों में सोच-विचार रखें। कर्क राशि वाले जीवनसाथी की बात को पूरा महत्व दें। मीन राशि वालों को दोस्तों की सलाह से लाभ मिलेगा। देखें अपना आज का राशिफल।

    मेष राशि: कम्युनिकेशन पर फोकस करें, लाभ मिलेगा। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन कम्युनिकेशन पर काम करने का है। नेटवर्क मैनेजिंग का काम करने वालों को लाभ मिलेगा। करियर और सम्मान के मामले में सीखने और ध्यान से सुनने का समय है। बॉस या किसी वरिष्ठ की बात आज बहुत ध्यान से सुनें क्योंकि उसमें कोई जरूरी और काम की बात छुपी हो सकती है, जो आगे बहुत काम आ सकती है। नाम और यश से जुड़ा कोई काम आज विशेष रूप से करना शुभ है। पिता से कुछ महत्वपूर्ण सीखने का मौका मिल सकता है। धन के मामले में लाभ मिल सकता है। हालांकि, अफवाहों और अधूरी जानकारी पर भरोसा न करें, जो भी सुनें उसे क्रॉस वैरीफाई जरूर करें।

    वृष राशि: भाग्य में आज ज्ञान-अर्जन शुभ है, किसी गुरू से कुछ खास सीखें। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन उच्च शिक्षा के लिहाज से शुभ साबित हो सकता है। किसी गुरू, मेंटर या बड़े की बात आज बहुत ध्यान से सुनें, उसमें एक ऐसा ज्ञान हो सकता है जो जीवन की दिशा बदले। उच्च शिक्षा से जुड़ा कोई नया ज्ञान आज आपकी प्रतिष्ठा बढ़ाएगा। किसी धार्मिक प्रवचन या सत्संग में जाने का मौका मिले तो जाएं। मंगलदेव व्यक्तित्व में एक स्थिर और भरोसेमंद ऊर्जा दे रहे हैं। परिवार में भी कोई शुभ समाचार सुनने को मिल सकती है। हालांकि, धन से जुड़े किसी मामले या जानकारी को बिना जांचे आगे न बढ़ाएं।

    मिथुन राशि: अधूरी जानकारी पर भरोसा न करें।‌ मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन कम्युनिकेशन के मामले में विशेष सावधानी रखने का है। करियर में कोई उतार-चढ़ाव की स्थिति बन सकती है। ऑफिस से जुड़े दस्तावेजों या कागजी कार्रवाई करने के दौरान उन्हें ठीक से चेक करें। बीमा, आयकर या फाइनेंस से जुड़ी कोई जरूरी बात आज सुनने को मिल सकती है, उसे ध्यान से सुनें और फिर सत्यापित करके आगे बढ़ें। ससुराल पक्ष से कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का मौका बन सकता है। दोस्तों का साथ मिलने से लोन या विरोधियों के मामले में सफलता मिल सकती है। किसी की अधूरी बात पर भरोसा करके कोई बड़ा कदम न उठाएं।

    कर्क राशि: जीवनसाथी की बात आज ध्यान से सुनें। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन अपने ज्ञान के साथ नेतृत्व करने का है। सूर्यदेव की कृपा से आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी। जीवनसाथी और साझेदारी के मामले में आज बोलने से ज्यादा सुनने पर फोकस करना चाहिए। आपको इस मामले में दबाव का सामना करना पड़ सकता है। कहीं बाहर जाने का मौका मिल सकता है। दोस्तों का साथ मिलेगा, लाभ भी हो सकता है। जीवनसाथी की बात आज बहुत ध्यान से और पूरे मन से सुनें, वह आपके रिश्ते को और मजबूत बनाएगी। गरिमामय व्यक्तित्व की वजह से लोग आपसे आकर्षित होंगे।

    सिंह राशि: अनासक्त होकर करेंगे काम, परचम लहराएंगे। सिंह राशि वालों के लिए आज का अलग तरह से काम करने का है। आपके काम का परचम लहराएगा, लेकिन आप उसमें बहुत हद तक तटस्त रहेंगे। आपको काम की या उससे होने वाले लाभ की आसक्ति नहीं रहेगी। पार्टनर के साथ चाहें जितनी गहमागहमी हो जाए, पर आप उसे छोड़ भी नहीं पाएंगे। सेहत के मामले में दूसरों की सलाह मानें। नौकरी के मामले में अपने वरिष्ठों की सला को सुनने और कुछ नया सीखें। योगकारक मंगलदेव करियर में स्थिर वृद्धि दे रहे हैं। शुक्रदेव व्यक्तित्व पर आकर्षण बनाए हुए हैं।

    कन्या राशि: सामाजिक प्रतिष्ठा में इजाफा होगा। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन प्रतिष्ठा और सम्मान लेकर आया है। दोस्तों से लाभ मिल सकता है, कोई इच्छापूर्ति होने के योग बन रहे हैं। शत्रु पक्ष हावी रहने का प्रयास कर सकता है। संतान, प्रेम और रचनात्मकता के मामले में सुनने और सीखने का है। बच्चों की बात आज बहुत ध्यान से सुनें। उनकी इच्छाओं को पूरा करने की कोशिश करें। शिक्षा से जुड़े काम में आज विशेष ध्यान दें। बुधदेव की तेज मार्गी गति से करियर में स्पष्टता आ रही है। मन में भावनाओं की हल्की गहराई होगी। सुनी-सुनाई बातों पर रिएक्ट करने से पहले सच्चाई का पता जरूर करें। पार्टनर की जिम्मेदारियों को पूरा करने का दबाव रहेगा।

    तुला राशि: करियर में स्टेबिलिटी के लिए घर में रखें शांति। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन करियर में स्थिरता के लिए घर में शांति बनाए रखने का है। लिहाजा, घर और परिवार के मामले में बोलने से ज्यादा सुनने का है। मां या घर के किसी बड़े की बात आज बहुत ध्यान से सुनें, उनके अनुभव में एक ऐसा ज्ञान हो सकता है जो लंबे समय तक काम आए। घर में आज एक सीखने और समझने वाला माहौल है। लग्नेश शुक्रदेव लाभ में एक आकर्षक और व्यावहारिक ऊर्जा दे रहे हैं। किसी की अधूरी बात को आगे न बढ़ाएं।

    वृश्चिक राशि: भाई-बहन की बात ध्यान से सुनें। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन भाई-बहन और बातचीत के मामले में सुनने और सीखने का है। भाई-बहन की बात आज बहुत ध्यान से सुनें, उनके पास कोई ऐसी जानकारी हो सकती है जो आपके काम आए। बातचीत में आज एक खास ज्ञान और गहराई आएगी जो दूसरों पर असर करेगी। पड़ोसी से भी कुछ गहरी बातचीत हो सकती है। लग्नेश की ऊर्जा जीवनसाथी के साथ रिश्ते में एक स्थिर और स्थायी एनर्जी दे रही है। कंधों का ध्यान रखें।

    धनु राशि: परिवार की बात ध्यान से सुनें। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन परिवार के मामले में सुनने और सीखने का है। परिवार के किसी सदस्य की बात आज बहुत ध्यान से सुनें। पैसों से जुड़ी कोई जानकारी या सलाह आज आपको मिल सकती है, उसे सत्यापित करके ही आगे बढ़ें। आवाज में आज एक खास ज्ञान और गहराई होगी जो दूसरों को प्रभावित करेगी। आंखों को थोड़ा आराम दें। खान-पान में हल्का भोजन करें। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में एक स्थिर और सीखने वाली ऊर्जा है। किसी अफवाह को आगे न बढ़ाएं। शनि की वक्री स्थिति के कारण बड़े वित्तीय फैसले सोचकर लें।

    मकर राशि: नाम और यश के लिए शुभ दिन। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन ज्ञान-अर्जन, सुनने की शक्ति और नाम-यश के लिहाज से बेहद शुभ है। श्रवण नक्षत्र की ऊर्जा आज आपकी राशि में है जिससे सुनने और सीखने की क्षमता आज चरम पर है। जो भी बात ध्यान से सुनेंगे वो लंबे समय तक याद रहेगी। नाम और यश से जुड़ा कोई काम आज विशेष रूप से शुभ है। मन में एक ताजगी रहेगी और ज्ञान से भरी ऊर्जा होगी। जीवनसाथी के साथ भी आज एक ज्ञानपूर्ण बातचीत हो सकती है। किसी अफवाह या अधूरी जानकारी पर भरोसा न करें।

    कुंभ राशि: पूर्व पुण्य फलित हो सकते हैं। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन किसी पूर्व पुण्य के फलित होने का है। आपको पुराने किसी काम का लाभ मिल सकता है। एकांत और ज्ञान-अर्जन के मामले में भी दिन बेहद शुभ है। एकांत में बैठकर आज कुछ नया और उपयोगी पढ़ें या सीखें, यह ज्ञान लंबे समय तक काम आएगा। कोई उपयोगी और ज्ञानवर्धक बात या जानकारी मिल सकती है। कोर्ट-कचहरी के किसी मामले में लाभ मिल सकता है। शत्रु पक्ष को नुकसान होगा। खर्चों पर नजर रखें। आज खाने को ठंडा खाना मिल सकता है। फूड हैबिट्स बिगड़ सकती है।

    मीन राशि: लाभ में आज ज्ञान से नई राह मिलेगी। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और मित्रों के मामले में सुनने और सीखने का है। किसी पुराने मित्र की बात आज बहुत ध्यान से सुनें, उनके पास कोई ऐसी जानकारी हो सकती है जो लाभ दिलाए। बड़े भाई-बहन से भी कुछ उपयोगी सीखने का मौका मिल सकता है। लग्नेश बृहस्पतिदेव प्रेम और रचनात्मकता में एक ज्ञानपूर्ण और गहरी ऊर्जा दे रहे हैं। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में भी एक सीखने वाली और गहरी बातचीत हो सकती है।

  • अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सात महीनों में 111 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की

    अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सात महीनों में 111 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की

    चंडीगढ़/अमृतसर:पंजाब पुलिस ने नशों, गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ बहुआयामी अभियान को लगातार जारी रखते हुए, पुलिस कमिश्नरेट, अमृतसर बल की खुफिया-आधारित पुलिसिंग को सबसे महत्वपूर्ण उदाहरणों में से एक के रूप में प्रस्तुत किया है। पिछले लगभग सात महीनों के दौरान सीमावर्ती जिले ने सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी, संगठित अपराध और सड़क अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलताएं हासिल की हैं, जिससे पंजाब के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में से एक इस क्षेत्र में जन सुरक्षा और मजबूत हुई है।

    इस वर्ष जनवरी से अब तक कमिश्नरेट पुलिस ने 111.5 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है, एनडीपीएस अधिनियम के तहत 1,137 मामले दर्ज किए हैं और विभिन्न कार्रवाइयों के दौरान 2,000 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीमा पार से चल रहे ड्रग कार्टेल का भी भंडाफोड़ किया है, सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत किया है और भगवंत मान सरकार द्वारा नशों, गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के तहत शहरी निगरानी प्रणाली को और मजबूत किया है।

    गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 63 मामले दर्ज कर 153 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस अभियान के दौरान 209 पिस्तौल/मौजर, दो रिवाल्वर, आठ राइफलें/बंदूकें, 221 मैगजीन, 536 जिंदा कारतूस और हवाला लेन-देन से जुड़ी 3.80 लाख रुपये की राशि बरामद की गई। गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी के अलावा पुलिस ने आपराधिक संगठनों से जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ सफलतापूर्वक कार्रवाई भी की।

    जांच और अपराधों की पहचान करने की क्षमता को और मजबूत बनाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने पारंपरिक पुलिसिंग के साथ-साथ आधुनिक प्रौद्योगिकी को भी शामिल किया है। पहचान की पुष्टि के लिए पंजाब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है, जबकि वाहन डेटाबेस के माध्यम से नाकों और तलाशी अभियानों के दौरान वाहनों की तुरंत जांच की जा रही है। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल सबूतों की जांच के लिए एक डिजिटल फोरेंसिक प्रयोगशाला भी स्थापित की गई है। सीसीटीवी निगरानी और प्रौद्योगिकी-आधारित खुफिया प्रणाली ने पुलिस की कार्यक्षमता और जांच क्षमता को और प्रभावशाली बनाया है।

    कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार पंजाब में हेरोइन की तस्करी करने वाले दुबई-आधारित नेटवर्क का भंडाफोड़ करके अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी को बड़ा झटका दिया है। अमृतसर पुलिस ने 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर दो नाबालिगों सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    इस संबंध में पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने कहा, “पंजाब पुलिस द्वारा राज्य भर में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों को बड़ी सफलता मिली है। सीमावर्ती जिला होने के कारण अमृतसर में अधिक निगरानी की आवश्यकता होती है और पंजाब पुलिस बल मानव संसाधनों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभावशाली उपयोग करते हुए अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रहा है।”

    पुलिस आयुक्त (अमृतसर) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा, “पिछले साल हमने पाकिस्तान और कनाडा से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़ किया था, जिसके परिणामस्वरूप राजस्थान के बाड़मेर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 60.302 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इस साल हमने दुबई-आधारित कार्टेल पर कार्रवाई की ओर विशेष ध्यान दिया है।”

    ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और उपयोग के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए एनडीपीएस अधिनियम के तहत 1,137 मामले दर्ज किए और 1,898 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जनवरी से अब तक पुलिस ने 111.559 किलोग्राम हेरोइन, 11.438 किलोग्राम आईईसी (मेथामफेटामाइन), 9.246 किलोग्राम अफीम, 2.245 किलोग्राम चरस, 238 ग्राम नारकोटिक पाउडर, एक किलोग्राम भुक्की और 26,945 नशीले कैप्सूल व गोलियाँ बरामद की हैं। इसके अलावा पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़ी 61.12 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की और तस्करी में उपयोग किए गए 38 वाहन भी जब्त किए हैं।

    पुलिस आयुक्त, अमृतसर ने कहा, “सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ नशा मुक्ति और पुनर्वास पर भी समान ध्यान दिया गया है। कमिश्नरेट पुलिस ने 1,553 व्यक्तियों को नशा मुक्ति केंद्रों में दाखिल करवाया, जबकि 2,443 व्यक्तियों को आउटपेशेंट ओपिओइड असिस्टेड ट्रीटमेंट केंद्रों में भेजा गया। इसके अलावा 281 व्यक्तियों को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 64-ए का लाभ भी प्रदान किया गया।”

    प्रभावशाली पुलिसिंग में लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण मानते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने पुलिस और समाज के बीच तालमेल को मजबूत करने और नशों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट संपर्क के तहत 162 बैठकें और 83 नशा विरोधी जागरूकता शिविर-सह-सेमिनार करवाए गए।

    पुलिस आयुक्त अमृतसर ने कहा, “अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने चौबीसों घंटे जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय और खुफिया-आधारित पुलिसिंग मॉडल अपनाया है। लगातार गश्त और तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए दो शिफ्टों में 181 पुलिस कर्मियों सहित 86 गश्ती वाहन और 25 पुलिस कर्मियों सहित 21 मोटरसाइकिल तैनात किए गए हैं। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सभी प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर 81 पुलिस कर्मियों के नेतृत्व में रात के समय 19 विशेष नाके लगाए गए हैं, जहां बैरिकेडिंग, हथियारों और वरिष्ठ अधिकारियों की नियमित निगरानी की उचित व्यवस्था की गई है।”

    इस लगातार चलाए गए अभियान के परिणामस्वरूप 82,274 ट्रैफिक चालान किए गए, 5,400 वाहन जब्त किए गए और मौके पर ही 24,002 चालान जारी किए गए, जिसके चलते 44.48 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, एहतियाती पुलिस कार्रवाई के तहत 1,609 निवारक कार्रवाइयां की गईं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए 2,950 व्यक्तियों को निवारक हिरासत में लिया गया।

     

  • Haryana News: Border इलाके से Tricity मे नशा सप्लाई करने वाला गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News: Border इलाके से Tricity मे नशा सप्लाई करने वाला गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला : एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने पंजाब के बॉर्डर इलाके से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह वासी फिरोजपुर के रूप मे हुई है। बरामद हेरोइन की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    इस मामले मे जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में हेरोइन की सप्लाई करता है। आरोपी सकेतड़ी स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पास पार्क में किसी ग्राहक को हेरोइन सप्लाई करने वाला है। सूचना के आधार पर इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंच आरोपी को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की जेब से 92 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एमडीसी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह फिरोजपुर (पंजाब) से हेरोइन लाकर ट्राईसिटी क्षेत्र में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। पुलिस आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स की छानबीन कर रही है। तांकि इस कारोबार मे संलिप्त अन्य आरोपियों का पता लगाया जा सके।
  • लोकसभा में मीत हेयर ने धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करने पर केंद्र सरकार को घेरा

    लोकसभा में मीत हेयर ने धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करने पर केंद्र सरकार को घेरा

    चंडीगढ़ : संगरूर से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर ने लोकसभा में प्रस्तुत जन सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक पर चर्चा करते हुए देश के युवाओं के संघर्ष की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की शक्ति ने पिछले 12 वर्षों से धर्म और जाति के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति करने वाली सरकार को आईना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि अब प्रचार के बजाय शिक्षा और बेरोजगारी जैसे वास्तविक मुद्दे मुख्यधारा में आ गए हैं।

    मीत हेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आधी रात को सेल्फी वीडियो जारी करना इस बात का प्रमाण है कि शिक्षा और बेरोजगारी ही देश के वास्तविक मुद्दे हैं, जिनसे भाजपा बचना चाहती है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर आंदोलन ने भाजपा सरकार का वास्तविक चेहरा उजागर कर दिया और उसकी नफरत की राजनीति को करारा झटका दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास शिक्षा के मुद्दे पर कोई ठोस जवाब नहीं है।

    लोकसभा सदस्य ने कहा कि प्रधानमंत्री का आधी रात को सेल्फी वीडियो के माध्यम से स्पष्टीकरण देना केंद्र सरकार की घबराहट और बेचैनी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संशोधन विधेयक को बड़े सुधार के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि जिन व्यवस्थाओं को सरकार नई उपलब्धि बता रही है, वे दुनिया के कई छोटे-छोटे देशों में पहले से लागू हैं।

    मीत हेयर ने कहा कि नए विधेयक में सजा बढ़ाने का प्रस्ताव है, जबकि सजा का प्रावधान पहले से ही मौजूद है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 से अब तक किसी भी दोषी को सजा नहीं मिली है। ऐसे में केवल सजा की अवधि बढ़ाने से कोई वास्तविक बदलाव नहीं आएगा।

  • भगवंत मान सरकार ने नहरी पानी खेतों तक पहुंचाकर पंजाब को बचाने का कार्य किया – Barinder Goyal

    भगवंत मान सरकार ने नहरी पानी खेतों तक पहुंचाकर पंजाब को बचाने का कार्य किया – Barinder Goyal

    जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल एवं विधायक गुरलाल घनौर ने 26.73 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नहरी सिंचाई परियोजनाओं का किया उद्घाटन

    चंडीगढ़/घनौर: पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल तथा विधायक गुरलाल घनौर ने आज गांव कोल्हेमाजरा में 26.73 करोड़ रुपये की लागत से तैयार लिफ्ट सिस्टम आधारित नहरी सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए विधानसभा क्षेत्र के 42 गांवों के किसानों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने इस क्षेत्र के किसानों की आजादी से पहले से चली आ रही लंबे समय की मांग को पूरा कर अपना वादा निभाया है। बरिंदर गोयल, जिनके पास खनन एवं भू-विज्ञान तथा भूमि एवं जल संरक्षण विभागों का भी प्रभार है, ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने पहली बार भूजल संरक्षण का संकल्प लेते हुए व्यर्थ बह जाने वाले नहरी पानी का बड़े स्तर पर सिंचाई के लिए उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि नहरी पानी को खेतों तक पहुंचाकर पंजाब के भूजल को बचाने के अभियान को मजबूती दी गई है। बरिंदर गोयल ने कहा कि पंजाब की समस्याओं के समाधान के लिए नहरी पानी को टेल एंड (अंतिम छोर) तक पहुंचाने का वादा किया गया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घनौर विधानसभा क्षेत्र के निकट नहर होने के बावजूद कई गांव नहरी पानी से वंचित थे, लेकिन भगवंत मान सरकार ने अब उन खेतों तक भी पानी पहुंचा दिया है। कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने बताया कि विधायक गुरलाल घनौर की पहल पर विधानसभा क्षेत्र घनौर में 22.23 करोड़ रुपये की लागत से वाटर लिफ्टिंग सिस्टम (पूर्व नाम राजखांट, बनूड़ कैनाल) के माध्यम से 36.39 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाकर 38 गांवों को नहरी पानी का लाभ पहुंचाया गया है। इससे 15,129 एकड़ भूमि पहली बार नहरी सिंचाई के दायरे में आई है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त घनौर विधानसभा क्षेत्र में स्थित घड़ाम रजबाहा के 2.44 किलोमीटर हिस्से को 4.50 करोड़ रुपये की लागत से कंक्रीट लाइनिंग कर पक्का किया गया है। इससे लाभान्वित होने वाले 4 गांवों की 1,803 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध होगा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री गोयल ने बताया कि पंजाब सरकार ने बाढ़ से बचाव के लिए पूरे राज्य में 450 करोड़ रुपये खर्च किए हैं तथा पिछले पचास वर्षों में पहली बार इतने बड़े स्तर पर कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि केवल घनौर विधानसभा क्षेत्र में ही घग्गर नदी पर बाढ़ से सुरक्षा के लिए 13 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल का स्वागत करते हुए विधायक गुरलाल घनौर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पंजाब सरकार ने घनौर विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए हैं। गुरलाल घनौर ने कहा कि लिफ्ट सिस्टम शुरू होने से जहां भूजल संरक्षण होगा, वहीं किसानों की खेती की लागत भी कम होगी। इस दौरान क्षेत्र के किसानों ने कैबिनेट मंत्री तथा विधायक गुरलाल घनौर का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी वर्षों पुरानी मांग केवल भगवंत मान सरकार ने ही पूरी की है। इससे अब उनके खेतों को सिंचाई के लिए नियमित रूप से नहरी पानी उपलब्ध होगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं विधायक का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर रमणदीप सिंह बैंस, ट्यूबवेल कॉर्पोरेशन के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर मनिंदर सिंह, कार्यकारी अभियंता गुरशरण सिंह विरक, एस.डी.ओ. कुमार धवन, जिला परिषद सदस्य गुरमेल सिंह, सहजपाल सिंह लाडा, कप्तान सिंह, नरेंद्र सिंह, ब्लॉक समिति शंभू के उपाध्यक्ष भूपिंदर सिंह, गुरताज सिंह, डी.एस.पी. दलजीत सिंह विरक, नायब तहसीलदार हरीश कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।  
  • पंजाब कर विभाग ने वैट बकाया वसूली अभियान में लाई तेजी: Harpal Singh Cheema

    पंजाब कर विभाग ने वैट बकाया वसूली अभियान में लाई तेजी: Harpal Singh Cheema

    संपत्ति की नीलामी से 1.21 करोड़ रुपये की वसूली

    चंडीगढ़: पंजाब कर विभाग ने पटियाला जिले में संपत्तियों की नीलामी के माध्यम से वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) के बकाया की वसूली अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1.21 करोड़ रुपये की वसूली की है। इसके साथ ही एकमुश्त निपटान (ओ.टी.एस.) योजना के तहत 18.46 लाख रुपये तत्काल जमा करवाए गए। इन हालिया उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए पंजाब के वित्त, कर एवं आबकारी मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज राज्यभर के सभी पात्र बकायेदार डीलरों से अपील की कि वे 31 जुलाई की अंतिम तिथि से पहले ओ.टी.एस. योजना के तहत अपने लंबे समय से लंबित बकाया का निपटारा कर लें, अन्यथा उन्हें संपत्ति कुर्की और सार्वजनिक नीलामी जैसी सख्त वसूली कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। जारी प्रेस बयान में सफल वसूली मामलों का विवरण देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया, “पटियाला जिले में मैसर्स गुरुजी फीड्स, राजपुरा, पर कुल 57.78 लाख रुपये का कर बकाया था। इसकी संपत्ति की नीलामी 27 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई थी। नीलामी प्रक्रिया शुरू होने के बाद डीलर ने ओ.टी.एस. योजना के लाभकारी प्रावधानों का लाभ उठाते हुए मामले के निपटारे के लिए 18.46 लाख रुपये जमा करवा दिए।” उन्होंने कहा कि यह मामला इस योजना के तहत पात्र बकायेदारों को मिलने वाली बड़ी राहत को दर्शाता है और यह साबित करता है कि समय पर निपटारा करने से कारोबारी अपनी संपत्तियों की कुर्की और जबरन बिक्री से बच सकते हैं। एक अन्य बड़ी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए आबकारी एवं कर मंत्री ने बताया कि विभाग ने मैसर्स समाना रोलर फ्लोर मिल लिमिटेड की संपत्ति की सफलतापूर्वक 1.21 करोड़ रुपये में नीलामी की, जो इसकी 74.31 लाख रुपये की आरक्षित कीमत से लगभग 46.69 लाख रुपये अधिक है। उन्होंने कहा, “नीलामी की निर्धारित प्रक्रिया का पूरी सख्ती से पालन करते हुए नीलामी वाले दिन ही सबसे अधिक बोली लगाने वाले से सफल बोली का 25 प्रतिशत अर्थात 30.25 लाख रुपये तत्काल वसूल कर लिए गए।” कर विभाग के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि ये दोनों मामले राज्य के सभी वैट बकायेदारों के लिए स्पष्ट संदेश हैं। उन्होंने कहा, “जहां ओ.टी.एस. योजना बेहद लाभकारी शर्तों पर बकाया निपटाने का सुनहरा अवसर प्रदान करती है, वहीं इस अवसर का लाभ नहीं उठाने वालों के खिलाफ सख्त वसूली कार्रवाई की जाएगी। नीलामी प्रक्रिया के दौरान मैसर्स गुरुजी फीड्स द्वारा किया गया निपटारा इस बात का प्रमाण है कि यह योजना व्यवहारिक समाधान उपलब्ध कराती है। पात्र डीलरों को सरकार की सख्त कार्रवाई का इंतजार करने के बजाय स्वयं आगे आना चाहिए।” आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 31 जुलाई 2026 को ओ.टी.एस. योजना की अवधि समाप्त होने से पहले सभी पात्र बकाया मामलों का निपटारा करने की जोरदार अपील की। उन्होंने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी प्रकार की कोई राहत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, “जो बकायेदार निर्धारित तिथि तक योजना के तहत अपना बकाया जमा नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध बिना किसी समझौते के कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें उनकी चल एवं अचल संपत्तियों की तत्काल कुर्की और नीलामी भी शामिल होगी।” वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दोहराया कि कर विभाग सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए पूरी पारदर्शिता, दृढ़ता और निष्पक्षता के साथ राज्यव्यापी वसूली अभियान जारी रखेगा।  
  • कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने गुरु दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

    कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने गुरु दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

    चंडीगढ़: हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य उनके विचारों को आत्मसात कर दिखाए गए रास्ते पर चलकर आगे बढ़ना है। युवा पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा मिलती है। महापुरुषों की जयंती के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को भी उनके जीवन के बारे में पता चलता है। वह संस्कृति-संस्कारों के साथ-साथ उनके विचारों से जुड़ती है। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा बुधवार को कुरुक्षेत्र स्थित गुरु दक्ष प्रजापति धर्मशाला में प्रजापति समाज की तरफ से आयोजित गुरु दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इससे पहले कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने ढांड रोड पर प्रजापति सभा द्वारा बनाए जाने वाले शिक्षण संस्थान का शिलान्यास किया और प्रजापति सभा कुरुक्षेत्र को 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। कुरुक्षेत्र प्रजापति धर्मशाला में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मेहनत करने के जज्बे को कम ना होने दें। जीवन में तभी आगे बढ़ा जा सकता है जब मेहनत के संस्कार होंगे। संस्कृति से जुडक़र परिश्रम करना है। तभी समाज खुशहाल बन सकता है। उन्होंने समाज में बेटियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की अपील की। शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। शिक्षण संस्थान बनने से क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से समाज सेवा के कार्य और मजबूत होंगे। उन्होंने प्रजापति समाज से आह्वान किया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता के क्षेत्र में आगे आएं।

    गुरु दक्ष प्रजापति ने समाज को कर्म, धर्म और सामाजिक समरसता का संदेश दिया

    कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि जब तक हम अपनी संस्कृति से जुडक़र परिश्रम नहीं करेंगे, तब तक हम एक खुशहाल और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण नहीं कर सकते। गुरु दक्ष प्रजापति जी ने भी अपने जीवन में कर्म और धर्म को सर्वोपरि रखा। हमें उनके आदर्शों को अपनाना होगा। गंगवा ने कहा कि गुरु दक्ष प्रजापति ने समाज को कर्म, धर्म और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि समाज के विकास के लिए शिक्षा और संस्कार दोनों जरूरी हैं। प्रजापति समाज ने हमेशा देश और प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कुम्हार कला से जुड़े इस समाज ने अपनी मेहनत से न केवल आजीविका कमाई बल्कि संस्कृति को भी जीवित रखा। सरकार महापुरुषों की जयंती को सरकारी स्तर पर मना कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व होता है। गुरु दक्ष प्रजापति सभा धर्मशाला के प्रधान पवन कुमार चौलिया ने कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और सभा की तरफ से मांगों को कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के सामने रखा। इस मौके पर चेयरमैन गुरनाम सैनी, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष साहिल सुधा, राजेश करड़वाल, दीपक कुमार उमरी सहित गणमान्य मौजूद थे।