Blog

  • Punjab News: टैंकर वर्कशॉप में हुआ धमाका, उड़ गई छत, फोरमैन की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: टैंकर वर्कशॉप में हुआ धमाका, उड़ गई छत, फोरमैन की मौत, देखें वीडियो

    पठानकोटः जिले के सरना स्थित छोटी नहर के पास एक टैंकर वर्कशॉप में वेल्डिंग के दौरान हुए भीषण धमाका हो गया। इस घटना में वर्कशॉप के मौजूद फोरमैन की मौत हो गई। वहीं हादसे में एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गांव बल्सुवा के 60 वर्षीय दौलत राम के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दौलत राम पिछले 20 सालों से वर्कशॉप में फोरमैन के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। धमाका इतना जबरदस्त था कि वर्कशॉप की टिन की छत उड़ गई और मरम्मत के अधीन टैंकर के परखच्चे उड़ गए।

    धमाके की आवाज़ दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हादसे के समय उनके साथ काम कर रहा दूसरा कर्मचारी भी धमाके की चपेट में आ गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत इस समय स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सूर्या टैंकर वर्कशॉप में एक टैंकर की मरम्मत के लिए वेल्डिंग की जा रही थी।

    शक जताया जा रहा है कि टैंकर के अंदर जमा हुई ज्वलनशील गैस और वेल्डिंग के दौरान पैदा हुई गर्मी के कारण अचानक भीषण धमाका हो गया। धमाके की तीव्रता के कारण वर्कशॉप को भी भारी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर सबूत इकट्ठा किए। पुलिस द्वारा हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।

  • Mehar Chand Polytechnic College में शुरु हुआ नया Session, Principal Dr. Jagroop Singh की देखरेख में हुआ हवन

    Mehar Chand Polytechnic College में शुरु हुआ नया Session, Principal Dr. Jagroop Singh की देखरेख में हुआ हवन

    जालंधर (Ens): मेहरचंद पॉलिटेक्निक कॉलेज जालंधर में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ पवित्र हवन यज्ञ और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इस दौरान सभी स्टाफ और बच्चों के द्वारा आहुतियां अर्पित गई। डी.ए.वी. सी.एम.सी के सदस्य कुंदन लाल अग्रवाल इस दौरान मुख्य यजमान के तौर पर उपस्थित रहे। इस मौके पर प्रिंसिपल एस.के. गौतम, प्रिंसिपल मैडम कवलजीत कौर, सुधीर शर्मा, ललित सिंगला तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी और उनके पेरेंट्स मौजूद रहे।

    उनके साथ सभी विभागाध्यक्ष और सेवानिवृत्त स्टाफ के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन महात्मा आनंद स्वामी ऑडिटोरियम भवन में आयोजित किया गया। इस दौरान नए विद्यार्थी भी शामिल हुए। हवन की संपूर्ण प्रक्रिया स्टाफ के सदस्य प्रभु दयाल के निर्देशन में खत्म हुई। कॉलेज के विद्यार्थियों ने खुद हवन संपन्न करवाया। प्रिंसिपल डॉ. जगरुप सिंह के द्वारा नवप्रवेशित विदयार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दी गई। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर विद्यार्थी जीवन में सर्वोच्च सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

    उन्होंने मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज की उल्लेखनीय उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विनम्रता, निष्ठा और निरंतर प्रयास से ही विद्यार्थियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाते हैं। अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के आपसी सहयोग एवं समन्वय से ही विद्यार्थी सफलता के उच्च शिखर तक पहुंच सकते हैं।

    उन्होंने बताया कि दो कार्यक्रमों में एन.बी.ए. मान्यता प्राप्त करने वाला तथा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित यह पंजाब का एकमात्र पॉलिटेक्निक कॉलेज है। मुख्य अतिथि कुंदन लाल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सभी विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करके उत्कृष्ट इंजीनियर बनना चाहिए तथा अपने कॉलेज का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी को अपना लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी।

    उन्होंने महर्षि दयानंद के जीवन से प्रेरणादायक प्रसंग सुनाए तथा कॉलेज के स्टाफ और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई दी। इस अवसर पर कॉलेज का नया Prospectus मुख्य यजमान कुंदन लाल अग्रवाल, प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह एवं विभागाध्यक्षों द्वारा जारी किया गया तथा इसकी एक-एक प्रति प्रत्येक विद्यार्थी को वितरित की गई। वर्ष 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ऑटोमोबाइल, फार्मेसी, इलेक्ट्रिकल एवं सिविल विभागों के स्टाफ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को कॉलेज परिसर का भ्रमण करवाया गया।

    प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल तथा फार्मेसी शाखाओं की सभी सीटें भर चुकी हैं। केवल कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं लेटरल एंट्री की कुछ सीटें शेष हैं। दसवीं उत्तीर्ण विद्यार्थी 14 अगस्त तक इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपना भविष्य संवार सकते हैं। अंत में विद्यार्थियों को प्रसाद स्वरूप लड्डू वितरित किए गए। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि 30 जुलाई से 7 अगस्त तक विद्यार्थियों का इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा तथा 10 अगस्त से नियमित कक्षाएं प्रारंभ होंगी।

  • Punjab News: 10वीं कक्षा का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, स्कूल से बैग बरामद

    Punjab News: 10वीं कक्षा का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, स्कूल से बैग बरामद

    गुरदासपुरः सीमावर्ती कस्बे डेरा बाबा नानक से 10वीं कक्षा के छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार छात्र 29 जुलाई को स्कूल के लिए घर से निकला था, लेकिन वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों द्वारा उसकी काफी तालाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। लापता छात्र की पहचान 14 वर्षीय जसकरण पुत्र गुरदीप सिंह निवासी मोहल्ला फतेह सिंह, डेरा बाबा नानक के रूप में हुई है।

    मामले की जानकारी देते हुए, लापता युवक की दादी अमरजीत कौर ने बताया कि जसकरण डेरा बाबा नानक के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल का छात्र है; वह कल हमेशा की तरह स्कूल गया था लेकिन घर नहीं लौटा। जसकरण का बैग स्कूल में ही मिला है। परिवार को शक है कि बच्चे को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया है। घटना की सूचना परिवार की ओर से पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही डेरा बाबा नानक पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

  • गंगा घाट पर स्नान करने गईं 4 युवतियां डूबीं, 3 का किया रेस्क्यू, देखें वीडियो

    गंगा घाट पर स्नान करने गईं 4 युवतियां डूबीं, 3 का किया रेस्क्यू, देखें वीडियो

    कानपुरः सावन के पहले दिन बिठूर के गुदारा घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक किशोरी गहरे पानी में डूब गई। हालांकि 3 छात्राओं को बचा लिया गया। दरअसल, स्नान के दौरान चार छात्राएं तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगीं। घाट पर कॉस्मेटिक की दुकान चलाने वाले दुकानदार ने जान जोखिम में डालकर गंगा में छलांग लगा दी। इस दौरान 3 को बचा लिया गया, जबकि 16 वर्षीय चौथी किशोरी डूब गई। घटना के बाद बिठूर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से जाल डालकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हालांकि किशोरी का अभी कुछ पता नहीं चला है।

    हादसे के बारे में छात्रा अनुष्का ने बताया कि वह मूल रूप से कन्नौज की रहने वाली है और कल्याणपुर के बारासिरोही में सहेलियों रिया कुशवाहा और रिया कश्यप के साथ किराए के कमरे में रहती है। छात्राओं ने बताया कि ममेरी बहन मुस्कान (16) आई थी, जिसके बाद सभी ने बिठूर घूमने की योजना बनाई। चारों ऑटो से गुदारा घाट पहुंची थीं, जहां नहाते समय गहराई की ओर चली गईं। नदी में बहाव तेज था और वे सभी डूबने लगीं।

    छात्राओं ने शोर मचाया तो लोगों का ध्यान उनकी ओर गया। उन्हें बहाव में बहते देख घाट पर कॉस्मेटिक दुकान चलाने वाले रामजी द्विवेदी ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी। उनके पीछे चार अन्य युवक भी कूद पड़े। रामजी द्विवेदी ने अनुष्का, रिया कुशवाहा और रिया कश्यप को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन मुस्कान तेज धारा में ओझल हो गई। नदी में उतरे चारों युवकों को लोगों ने नाव की मदद से बाहर निकाला, जिसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

    जानकारी देते हुए बिठूर के कार्यवाहक थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि तीन छात्राओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है और लापता किशोरी की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि गंगा का जलस्तर बढ़ा है और बहाव दोनों तेज होने के कारण लोगों को गहरे पानी में उतरने से रोका जा रहा है। घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी है।

     

  • PHC में SDM और प्रभारी तहसीलदार का औचक निरीक्षण, 5 कर्मचारी गैरहाजिर, देखें वीडियो

    PHC में SDM और प्रभारी तहसीलदार का औचक निरीक्षण, 5 कर्मचारी गैरहाजिर, देखें वीडियो

    उन्नावः पुरवा एसडीएम और प्रभारी तहसीलदार ने हिलौली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। आरोप है कि मरीजों को एक्सपायरी दवाएं वितरित की जा रही थीं। वहीं औचरक निरीक्षण के दौरान 5 कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। उप जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने की संस्तुति की है।

    निरीक्षण के समय प्रभारी तहसीलदार भी मौजूद रहे। उप जिलाधिकारी ने बताया कि पीएचसी हिलौली में कुल 26 अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें दो स्थायी और दो संविदा चिकित्सक शामिल हैं। जांच में स्वीपर संदीप, एआरओ अजीत कुमार, बेसिक हेल्थ वर्कर सुधांशु श्रीवास्तव, हेल्थ एजुकेशन ऑफिसर संदीप और अपर डिवीजन क्लर्क गुलाब सिंह बिना अवकाश आवेदन के अनुपस्थित मिले। इन सभी का वेतन रोकने की संस्तुति की गई है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दीपक वर्मा की मौजूदगी में दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया गया।

    जांच में पाया गया कि कुछ चिकित्सक मरीजों को सरकारी अस्पताल के बजाय बाहर की दवाएं लिख रहे थे, जो नियमों का उल्लंघन है। सबसे गंभीर लापरवाही एक्सपायरी दवाओं का वितरण था। उप जिलाधिकारी ने इसे मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बताते हुए फार्मासिस्ट राजेंद्र सिंह यादव के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की है। ओपीडी निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सक डॉ. साइन्दा जफर, जूनियर डॉक्टर डॉ. प्रतीक कुमार और सी.एल. वर्मा मरीजों का उपचार करते मिले। अधिकतर मरीज बुखार, डायरिया और प्लेटलेट्स की कमी जैसी समस्याओं से पीड़ित थे। उप जिलाधिकारी ने इसे क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रभावी न होने का संकेत मानते हुए हिलौली क्षेत्र में पुनः विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता जताई।

    निरीक्षण के दौरान दवा वितरण केंद्र के स्टॉक और वितरण रजिस्टर में भी अनियमितताएं पाई गईं, जिन्हें वित्तीय अनियमितता का संकेत माना जा रहा है। लेबर रूम में केवल स्टाफ नर्स निशा देवी तैनात मिलीं, जबकि वहां कोई स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ नियुक्त नहीं थी। वहीं लैब में केवल खून की जांच की सुविधा उपलब्ध मिली, जबकि अन्य आवश्यक जांचों की व्यवस्था नहीं थी। एसडीएम ने सभी कमियों की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

     

     

     

  • CJP संस्थापक अभिजीत दीपके का दावा, BJP से मिली धमकी, देखें वीडियो

    CJP संस्थापक अभिजीत दीपके का दावा, BJP से मिली धमकी, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भाजपा पर बड़े आरोप लगाए है। दरअसल, छत्रपति संभाजीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र सरकार और शिक्षा प्रणाली पर तीखे हमले किए। उन्होंने विरोध प्रदर्शन के दौरान अपनी जान को खतरा होने, भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाने और छात्रों के खिलाफ गंभीर हिंसा के आरोप लगाए। दीपके ने दो टूक कहा कि लोकतंत्र और शिक्षा के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। दीपके ने दावा किया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।

    उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें चेतावनी दी गई है कि अगर वे भाजपा में शामिल नहीं हुए, तो उनके परिवार को मुसीबत का सामना करना पड़ेगा। इन धमकियों की आलोचना करते हुए दीपके ने कहा कि उन्हें इस बात पर शर्म आती है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैसे उच्च पदों पर बैठे लोग एक छात्र को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे पदों पर बैठे लोगों को युवाओं को डराने की क्या जरूरत है? इसके अलावा युवाओं को गुमराह करने के आरोपों का जवाब देते हुए दीपके ने साफ कहा कि अगर सरकार से सवाल पूछना, लोकतंत्र की रक्षा करना और शिक्षा के अधिकारों के लिए लड़ना गलत है, तो वे अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

    भाजपा द्वारा फायरिंग की घटना से इनकार करने पर, दीपके ने दावा किया कि उन्होंने खुद बिहार के अस्पतालों का दौरा किया है और घायल छात्रों से मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ‘बेल्ट गन’ और एके-47 जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई छात्र घायल हुए और कुछ की आंखें भी चली गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आतंकवादियों से निपटने वाले हथियारों का इस्तेमाल छात्रों के खिलाफ किया गया। इसके साथ ही विपक्षी दलों के साथ हाथ मिलाने के मुद्दे पर दीपके ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए देश के सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों को एक साथ आना चाहिए।

     

     

     

  • मुख्यमंत्री ने ‘जाखू मन्दिर-संजीवनी बूटी का रहस्य’ पुस्तक का विमोचन किया

    मुख्यमंत्री ने ‘जाखू मन्दिर-संजीवनी बूटी का रहस्य’ पुस्तक का विमोचन किया

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कल सायं भाषा एवं संस्कृति विभाग के पूर्व सहायक निदेशक एवं हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता त्रिलोक सूर्यवंशी द्वारा लिखित पुस्तक ‘जाखू मन्दिर-संजीवनी बूटी का रहस्य’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक पर्यटन की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है।

    इस पुस्तक से श्रद्धालु और पर्यटकों को मन्दिर की जानकारी के साथ-साथ शिमला के इतिहास व संस्कृति के बारे में भी जानकारी प्राप्त होगी। इस पुस्तक में लेखक त्रिलोक सूर्यवंशी द्वारा विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जाखू मन्दिर के पौराणिक इतिहास, संजीवनी बूटी का रहस्य, मन्दिर से जुड़े रोचक तथ्यों, शिमला के विरासत भवनों, अन्य धार्मिक स्थलों तथा ऐतिहासिक स्थलों का वर्णन किया गया है। इस अवसर पर लेखक की धर्मपत्नी माया सूर्यवंशी, जगमोहन शर्मा, पूर्ण चन्द तथा अजय भारद्वाज उपस्थित थे।

  • मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया

    मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रामचंद भाटिया के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उनका निधन बुधवार को कांगड़ा जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में हुआ। वे 82 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामचंद भाटिया ने नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया तथा वह क्षेत्र के लोगों के कल्याण के लिए समर्पित रहते थे।

    उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से दिवंगत की आत्मा को शांति और परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

  • सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामाः बहू-सास में हाथापाई, एक सैकेंड में जड़े 3 थप्पड़, वीडियो वायरल

    सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामाः बहू-सास में हाथापाई, एक सैकेंड में जड़े 3 थप्पड़, वीडियो वायरल

    महाराजगंजः उत्तर प्रदेश के महराजगंज भरे बाजार में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। दरअसल, महराजगंज जिले में पारिवारिक विवाद सड़क पर उतर आया। सास और बहू के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दोनों महिलाओं को सड़क पर कहासुनी के बाद हाथापाई करते देखा जा सकता है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में सड़क पर सास और बहू के बीच हुई कहासुनी थप्पड़ों की मारपीट में बदल गई। दावा किया जा रहा है कि बहू ने अपनी सास पर एक के बाद एक करके एक सैकेंड में 3 थप्पड़ जड़ दिए।

    पूरा हाईवोल्टेज ड्रामा भरे बाजार में हुआ, जहां आसपास भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि, वायरल वीडियो में बहू द्वारा सास के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। इसमें आप देख सकते हैं कि, बहू घूंघट ओढ़े खड़ी है और अचानक सास की ओर बढ़कर थप्पड़ मारने लगती है। सास बचने की कोशिश करती नजर आती हैं, लेकिन बहू का गुस्सा थम नहीं रहा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग किया।

    हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही विवाद के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने आई है। श्यामदेउरवा पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि किसी पक्ष ने थाने में तहरीर दी है या नहीं। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने या जांच में कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

  • 1.75 करोड़ की साइबर ठगी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    1.75 करोड़ की साइबर ठगी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूलाः चर्चित 1.75 करोड़ की साइबर ठगी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। दरअसल, इस केस में पुलिस एक के बाद एक करके कई आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। वहीं अब साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गुजरात से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया है कि आरोपी भी साइबर ठगी में शामिल था। अब तक इस मामले में 18 आरोपी गिरफ्तार किया जा चुके हैं।

    साइबर क्राइम थाना पुलिस के द्वारा 1 करोड़ 75 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में आरोपी को कोर्ट में पेश किया। मामले के जांच अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि इस मामले में कुल 18 आरोपी गिरफ्तार किए गिए है। वहीं केस में कार्रवाई करते हुए उनकी टीम में आरोपी को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता से बैटिंग के नाम पर एक करोड़ 75 लाख रुपए की ट्रेडिंग के नाम पर ठगी की गई थी।

    गिरफ्तार किए गए आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खाते में ठगी के 9 लाख रुपए हजार रुपए आए थे। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 6 दिन का पुलिस रिमांड लिया है। 6 दिन के पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह सोशल मीडिया के जरिए लोगों को शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ता था और नकली ऐप के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी करता था।