Blog

  • बंगाणा के हटली स्कूल में संस्कृति और रचनात्मकता का संगम, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

    बंगाणा के हटली स्कूल में संस्कृति और रचनात्मकता का संगम, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

    ऊना,सुशील पंडित:  कुटलैहड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में गुरुवार को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, रचनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 60 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कल्पनाशीलता और कला कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा देशभक्ति जैसे विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिससे विद्यालय परिसर में रचनात्मक वातावरण देखने को मिला। प्रतियोगिता के परिणामों में याशिका और जसमीत ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कुहक शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि नैंसी और पंशुल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई दी गई तथा भविष्य में भी इसी प्रकार अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया गया।

    इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक सुनील शर्मा (प्रवक्ता जीव विज्ञान), सोमलता (प्रवक्ता), विवेकशील शर्मा, यशवंत परमार (डीपी) तथा अनुपमा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी रचनात्मक क्षमता को नई दिशा मिलती है। विद्यालय के प्रिंसीपल राजपाल सरोही ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला, साहित्य और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियां भी समान रूप से आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है ताकि विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके और वे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकें।

    कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया, विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी आने वाले समय में भी शिक्षा, कला, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

     

     

     

     

  • समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों विकास कार्य : विवेक शर्मा

    समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों विकास कार्य : विवेक शर्मा

    ऊना,सुशील पंडित: विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकास खंड ऊना की पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। वे गुरुवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) ऊना के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों, मनरेगा, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विकास कार्यों तथा अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

    बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि जनता को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी, सामुदायिक भवन, खेल मैदान, पार्क, श्मशान घाट तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं।

    विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए संपर्क मार्गों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाई गई है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिली है। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत लंबित सभी कार्यों को 31 मार्च, 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत ग्रामीण रास्तों का निर्माण, वर्षा जल संरक्षण, भूमि सुधार, जल निकासी व्यवस्था तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण सहित अनेक कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।

    विवेक शर्मा ने कहा कि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का साझा दायित्व है। उन्होंने विधायक निधि के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों को भी समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुख-आश्रय योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को मकान उपलब्ध करवाने तथा गरीब परिवारों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

    उन्होंने आपदा प्रबंधन के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को मकान, आर्थिक सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को पूरा करने के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

    बैठक के दौरान ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। खंड विकास अधिकारी राहुल धीमान ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से पंचायतवार विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर कुटलैहड़ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष विवेक मिंका, जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, संबंधित पंचायतों के प्रधान एवं उपप्रधान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • 6 से 8 अगस्त तक जिले में होंगी विशेष ग्राम सभाएं : उपायुक्त जतिन लाल

    6 से 8 अगस्त तक जिले में होंगी विशेष ग्राम सभाएं : उपायुक्त जतिन लाल

    ऊना,सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जिले में 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में चरण-I से चरण-VII तक चयनित बीपीएल परिवारों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। परिवारों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से उनकी वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी अभिसरण से उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

    उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चयनित बीपीएल परिवारों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके साथ सीधे संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया जा सके। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत प्रधान, पंचायत सचिव, वार्ड सदस्य तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से चयनित परिवारों को समय पर सूचना देने, बैठक स्थलों पर बैठने की व्यवस्था, आवश्यक अभिलेख, विभागीय समन्वय तथा अन्य सभी तैयारियां पूर्व से ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

    इस प्रकार रहेगा विशेष ग्राम सभाओं का कार्यक्रम

    विकास खंड अंब के अंतर्गत 6 अगस्त को ग्राम पंचायत डूहल बटवाला, घंघरेट, भगडा, ज्वाल, बेहड़ जस्वा, चरूड़, टकारला, बधमाना, सपौरी, छपरोह, धन्दड़ी, लोहारा लोअर, राजपुर जस्वां, सिद्ध चलेहड़, खरोह, धर्मशाला महंता, पोलीयां पुरोहितां, ठठल, मन्दौली, सेरी व कोहड़छन में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित होंगी । 7 अगस्त को अम्बटिल्ला, कटौहड़ कलां, घेवट बेहड़, बदाऊं, अंदौरा लोअर, लडोली, नन्दपुर, मैड़ी खास, त्याई, सारडा, भैरा, दिलवां, डूहल बंगवाला, अंदौरा अप्पर, गिंडपुर मलोन व कुठियाड़ी तथा  8 अगस्त को कुठेड़ा खैरला, कटौहड़ खुर्द, कलरूही, प्रंभ, शिवपुर, भटेड़, धर्मशाला महत्ता खास, मुबारिकपुर, लोहारा अप्पर, जबेहड़, चौआर, ज्वार, धुसाडा, नैहरी नौरंगा, दियाड़ा व नारी चिंतपूर्णी में विशेष ग्राम सभा की बैठकें  होंगी।

    वहीं, विकास खंड बंगाणा के तहत 6 अगस्त को ग्राम पंचायत हटली केसरू, रायपुर, पल्लियाँ, धतोल, अरलूखास, चंगर, बडूही, बल्ह, बैरियां, बोहरू, बुधान, बुढबार, खरयालता, डीहर, डोहगी, टकोली, सोहारी, दोबड़  में बैठकें आयोजित होंगी। 7 अगस्त को ग्राम पंचायत मोमन्यार, जसाणा, चौकी खास, लठियाणी, चमियाडी, टीहरा, कठोह, चुल्हड़ी, ढियुंगली, धुंधला, सिहाना, तनोह, करमाली, थानाकलां, जोल, पलाहटा, घुघन ककराना, टांडा व बौल तथा 8 अगस्त को मलांगड़, सुकड़ियाल, थहडा, पिपलू, छपरोह कलां, चौली, धनेत, मंदली, परोइयां कलां, बल्ह खालसा, अंबेहड़ा-धीरज व डोहक में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित होंगी।

    विकास खंड गगरेट की ग्राम पंचायत मरवाड़ी, गणु मन्दवाड़ा, सलोह बैरी, जोह, गुगलैहड़, बढ़ेडा राजपूतां, जाडला कोयडी, लोहारली, संघनई, दियोली, घनारी व नंगल जरियाला में 6 अगस्त को ग्राम सभाएं लगेंगी। ग्राम पंचायत डंगोह खुर्द, पीरथीपुर, डंगोह खास, अभयपुर, कुठेड़ा जसवालां, मवा सिंधिया, टटेहड़ा, ओयल, अम्बोआ, मवां कहोलां, चलेट, बबेहड़, रामनगर व नकड़ोह में 7 अगस्त को तथा भद्रकाली, रायपुर, गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर, ब्रह्मपुर, बड़ोह, कलोह, गगरेट अप्पर, अम्बोटा, मरवाड़ी, गणु मन्दवाड़ा, सलोह बैरी, जोह, अमलैहड़ व भंजाल अप्पर में 8 अगस्त को विशेष सभाएं आयोजित होंगी।

    इसके अतिरिक विकास खंड हरोली के तहत कुठारबीत, ललड़ी, पंडोगा निचला, लोअर ललड़ी, नगनोली, लोअर पंजावर, पंडोगा, भदसाली, पंजावर, बढेडा, सलोह, बढेड़ा लोअर, दुलेहड़, पबोवाल, छेत्रां व ईसापुर में 6 अगस्त को, ग्राम पंचायत सिंगा, हलेड़ा बिलना, बाथड़ी, धर्मपुर, हीरानगर, घालुवाल, कांगड़, गोन्दपुर बुल्ला, कुंगड़त, पालकवाह, हीरा, बीटन, सैंसोवाल, बटकलां, भंडियारा व चन्द्रपुर में 7 अगस्त को तथा ग्राम पंचायत भदसाली हार, भदौड़ी, रोडा, बाथू, पोलियां बीत, बालीबाल, हरोली, खड, समनल, भैणी खड, ईसपुर टांडा, नंगलखुर्द, गोन्दपुर जयचन्द, जखेवाल, मल्लूवाल, कर्मपुर में 8 अगस्त को ग्राम सभाएं आयोजित होंगी।

    विकास खंड ऊना के तहत ग्राम पंचायत चताड़ा, देहलां लोअर, देहलां अप्पर, जखेड़ा, अवादा बराना, बीनेवाल, फतेहपुर, जनकौर, डंगोली, झम्बर, कुरियाला, लमलैहड़ी, नंगल सलांगड़ी, नारी, पनोह, डंगेडा, बारसड़ा  में 6 अगस्त को, रायपुर सहोड़ा, टब्बा, मैहतपुर, उदयपुर, झुडोवाल, खानपुर, लमलैहड़ी, मजारा, भडोलियां कलां, छतपुर, भटोली, चड़तगढ़, बटुही, कमोला, डठवाड़ा, धमान्द्री व बसल निचला में 7 अगस्त को तथा सासन, अप्पर बड़डाला, बरनोह, बसोली, मलूकपुर, नंगडा, सनौली, सुनेहरा, अजौली, बडैहर, बनगढ़, बड़डाला, मदनपुर, समुरकलां, त्युडी, टक्का, ठाकुर द्वारा, बदौली, बडसाला, व बसल अप्पर में 8 अगस्त को विशेष ग्राम सभाएं लगेंगी।

  • Punjab News: एक ड्रग तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन, 2 देसी पिस्तौल व 5 जिंदा कारतूस बरामद, देखें वीडियो

    Punjab News: एक ड्रग तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन, 2 देसी पिस्तौल व 5 जिंदा कारतूस बरामद, देखें वीडियो

    लुधियानाः कमिश्नरेट पुलिस ने एक नशा तस्कर को नशीले पदार्थ और अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिट्टू कुमार उर्फ ​​बिट्टू (निवासी कैलाश नगर, मांगा ग्रोसरी स्टोर के पास रहने वाले के रूप में हुई है।

    इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा (IPS) के निर्देशों पर मोती नगर पुलिस स्टेशन के इंचार्ज इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह की टीम ने तस्करों के खिलाफ अभियान मे DCP जसकिरणजीत सिंह तेजा की  देखरेख में अंजाम दिया गया।

    गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी

    पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को टीम इलाके में गश्त और संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बिट्टू कुमार उर्फ ​​बिट्टू (निवासी कैलाश नगर, मांगा ग्रोसरी स्टोर के पास, लुधियाना), जो हेरोइन बेचने का काम करता है और जिसके पास अवैध हथियार भी हैं अपने कमरे में मौजूद है।

    पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर आरोपी को 100 ग्राम हेरोइन, 2 देसी पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मोती नगर प स्टेशन में NDPS एक्ट की धारा 21/61/85 और आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

     

  • सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

    सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

    ऊना,सुशील पंडित: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना इशांत जसवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला ऊना में उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य वस्तुओं के वितरण, पारदर्शिता तथा विभागीय निरीक्षणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

    एडीसी इशांत जसवाल ने कहा कि जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से पात्र परिवारों को नियमित एवं पारदर्शी तरीके से आवश्यक खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र उपभोक्ता को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो तथा व्यवस्था की पारदर्शिता और गुणवत्ता लगातार बनी रहे। उन्होंने बताया कि जिला में 326 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से 1,45,944 राशन कार्ड धारकों को लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें एपीएल श्रेणी के 3,04,998, बीपीएल के 72,095, अंत्योदय अन्न योजना के 37,449 तथा प्राथमिक गृहस्थियों के 1,26,533 उपभोक्ता शामिल हैं।

    उन्होंने बताया कि जनवरी से जून 2026 की अवधि के दौरान जिला में 43,282 क्विंटल आटा, 29,480 क्विंटल चावल, 13,025 क्विंटल चीनी, 1,720 क्विंटल नमक, 5,322 क्विंटल चना दाल, 2,331 क्विंटल मल्का दाल, 3,585 क्विंटल उड़द दाल, 6,62,598 लीटर सरसों का तेल तथा 22,810 लीटर रिफाइंड ऑयल का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि जनवरी से जून 2026 के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग ने 1,533 निरीक्षण किए। विभिन्न विभागीय आदेशों के तहत की गई कार्रवाई के माध्यम से 3,69,404 रुपये की राशि सरकारी कोष में जमा करवाई गई।

    उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश व्यापार लेख आदेश, 1981 के अंतर्गत 34 निरीक्षण किए गए तथा अनियमितता पाए जाने पर एक मामले में कार्रवाई करते हुए 4,424 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पॉलीथीन के उपयोग पर 182 दुकानदारों एवं व्यापारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 4,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

    द्रवित पेट्रोलियम गैस अधिनियम के अंतर्गत 44 निरीक्षण किए गए तथा 9 मामलों में कार्रवाई करते हुए 28,000 रुपये का जुर्माना किया गया। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश ब्रिक्स (कंट्रोल) ऑर्डर, 1970 के तहत 21 ईंट भट्ठों का निरीक्षण किया गया और दो मामलों में कार्रवाई करते हुए 21,597 रुपये का जुर्माना लगाया गया और दो मामलों में कार्रवाई करते हुए 21,597 रुपये का जुर्माना लगाया गया। आवश्यक वस्तु वितरण विनियमन के अंतर्गत 715 निरीक्षण किए गए तथा एक मामले में कार्रवाई करते हुए 8,000 रुपये का जुर्माना किया गया।

    जसवाल ने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण तथा सतत निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए।इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार, जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राजीव शर्मा, जिला ऑडिट अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

     

     

  • पंचकूला जोन की उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्यवाही 03, 10, 17 और 24 अगस्त को पंचकूला में की जाएगी

    पंचकूला जोन की उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्यवाही 03, 10, 17 और 24 अगस्त को पंचकूला में की जाएगी

    मंच एक से 3 लाख रुपये तक की राशि के वित्तीय विवादों से संबंधित शिकायतों की करेगा सुनवाई

    चंडीगढ़: उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, अच्छी वोल्टेज और निर्बाध बिजली की आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है। ‘पूर्ण उपभोक्ता संतुष्टि’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिजली निगम द्वारा अनेक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम प्रारंभ किये गए हैं ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं को त्वरित रूप में सुलझाया जा सके। बिजली निगम के प्रवक्ता ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच रेगुलेशन 2.8.2 के अनुसार प्रत्येक मामले में एक से 3 लाख रुपये तक की राशि के वित्तीय विवादों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करेगा। पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों नामतः कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, कैथल और यमुनानगर के उपभोक्ताओं की शिकायतों का निवारण 03, 10, 17 और 24 अगस्त को जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच, पंचकूला में उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों के उपभोक्ताओं के गलत बिलों, बिजली दरों से सम्बंधित मामलों, मीटर सिक्योरिटी से जुड़े मामलों, ख़राब हुए मीटर, वोल्टेज से जुड़े हुए मामलों का निपटान किया जाएगा।उपभोक्ता और निगम के बीच किसी भी विवाद के निपटान के लिए फोरम में वित्तिय विवादों से संबंधित शिकायत प्रस्तुत करने से पहले पिछले छह महीनों के दौरान उपभोक्ता द्वारा भुगतान किए गए बिजली के औसत शुल्क के आधार पर गणना की गई प्रत्येक माह के लिए दावा की गई राशि या उसके द्वारा देय बिजली शुल्क के बराबर राशि, जो कम है, उपभोक्ता को जमा करवानी होगी। इस दौरान उपभोक्ता को प्रमाणित करना होगा कि यह मामला अदालत, प्राधिकरण या फोरम के समक्ष लंबित नहीं है ।  
  • Punjab News: कार और स्कूटर की हुई आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: कार और स्कूटर की हुई आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः जिले के मान कौर सिंह गांव के पास HRA  स्कूल के बाहर पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में 30 साल के एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान गुरदासपुर की बरात वाली गली के रहने वाले रवि कुमार के तौर पर हुई है, जो धारोचक गांव में क्रॉकरी की दुकान चलाता था।

    जानकारी के मुताबिक, रवि कुमार अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर से किसी काम के लिए जा रहे थे,  तभी पठानकोट की तरफ से आ रही एक XUV  कार से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटर के पहिए निकल गए और कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

    वहीं, सूचना पाकर टिबर पुलिस स्टेशन के SHO  मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दिया है। साथ ही,  रोड सेफ्टी फोर्स ने मृतक और गाड़ियों को सड़क से हटाकर ट्रैफिक बहाल कर दिया है।

     

  • गीता ज्ञान को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : Nayab Singh Saini

    गीता ज्ञान को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : Nayab Singh Saini

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गीता ज्ञान संस्थानम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज से की भेंट

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार गीता को पाठ्यक्रम में और घर-घर गीता के संकल्प पर काम कर रही है। श्रीमद्भगवद्गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का संपूर्ण विज्ञान है। गीता में कर्म, धर्म, ज्ञान और भक्ति का जो समन्वय बताया गया है, वही आज के समय में समाज और देश को आगे बढ़ाने का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार संस्कृति और विकास को साथ लेकर चल रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को देर सायं गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गीता ज्ञान संस्थान, कुरुक्षेत्र के राधा कृष्ण मंदिर में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज से भेंट की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज से गुरु शिष्य परंपरा निभाते हुए शॉल उड़ाकर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने संस्थान के राधा कृष्ण मंदिर में मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का दिन गुरु-शिष्य परंपरा और भारतीय संस्कृति के गौरव का प्रतीक है। गीता की भूमि कुरुक्षेत्र से पूरे विश्व को जीवन जीने की कला मिली है। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज पिछले कई दशकों से गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनका जीवन और कार्य हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय गीता नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। ब्रह्मसरोवर, ज्योतिसर और गीता ज्ञान संस्थान जैसे केंद्रों के माध्यम से हम पूरे विश्व में गीता का संदेश पहुंचाना चाहते हैं। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आज विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक आयोजनों में से एक बन गया है। यह सब गीता मनीषी जैसे संतों के आशीर्वाद से ही संभव हुआ है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा हमें यह सिखाती है कि हम अपने गुरु, माता-पिता और समाज के प्रति कृतज्ञ रहें। हरियाणा सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम कर रही है। गरीब, किसान, महिला और युवा सभी के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। गीता हमें निष्काम कर्म की प्रेरणा देती है। इसी भाव से हम 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक कर्मयोगी हैं। उन्होंने बहुत कम समय में प्रदेश की ज्यादा सेवा की है और आगे भी ऐसे ही करते रहेंगे। सरकार जिस प्रकार से गीता को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है, वह सराहनीय है। गीता से व्यक्ति में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का भाव जागृत होता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की सरकार ने गीता के प्रचार-प्रसार के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मण्येवाधिकारस्ते का संदेश ही आज के प्रशासन और युवाओं के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, संपूर्णानंद महाराज, चेयरमैन गुरनाम सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व श्रद्धालुगण मौजूद रहे।
  • ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत 6, 7 व 8 अगस्त को ब्लॉक स्तर पर आयोजित होंगे जन-संवाद कार्यक्रम: CM Sukhu

    ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत 6, 7 व 8 अगस्त को ब्लॉक स्तर पर आयोजित होंगे जन-संवाद कार्यक्रम: CM Sukhu

    अति निर्धन परिवारों के साथ कार्यक्रम में विधायक करेंगे संवाद

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कल सायं यहां ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश सरकार 6, 7 व 8 अगस्त, 2026 को ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह कार्यक्रम ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे और इनकी अध्यक्षता विधायक करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए ग्राम पंचायतों के क्लस्टर बनाये जाएंगे और एक क्लस्टर में अधिकतम 10 ग्राम पंचायतें चिन्हित की जाएंगी। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जन-संवाद कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों से चिन्हित अति निर्धन परिवारों को आमंत्रित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में इन अति निर्धन परिवारों के विकास और कल्याण के लिए जरूरी विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की व्यापक स्तर पर चर्चा की जाएगी। इस चर्चा के फीडबैक के आधार पर प्रदेश सरकार द्वारा योजनाएं बनाई जाएंगी और उन्हें धरातल पर कार्यान्वित किया जाएगा। ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से लगभग 1.78 लाख अति निर्धन परिवार चिन्हित किए गए हैं। यह प्रक्रिया आठ चरणों के दौरान पूर्ण की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उस हर परिवार को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है जो अभी तक अपने हक से वंचित रहे हैं। अभी तक प्रदेश में 85 हजार परिवार ऐसे हैं जो अति निर्धन हैं लेकिन उन्हें कभी बीपीएल परिवार में शामिल ही नहीं किया गया और न ही उन्हें प्रदेश सरकार की किसी योजना का लाभ मिला। इस वित्त वर्ष के बजट में अपना परिवार सुखी परिवार योजना की घोषणा की गई थी, जिसे उद्देश्यों के अनुरूप अब कार्यान्वित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार चिन्हित किए गए इन अति निर्धन परिवारों का सहारा बनेंगी। इनकी आर्थिक स्थिति में परिवर्तन लाकर हम अर्थव्यवस्था में समृद्धि के साथ प्रदेश की समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। प्रदेश सरकार ने अति निर्धन परिवारों के चयन के सर्वेक्षण की प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और ईमानदारी से पूरा किया है। सम्बन्धित अधिकारियों को इस बारे में जवाबदेह बनाया गया है। बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव सी. पालरासु, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निदेशक राघव शर्मा, निदेशक डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस डॉ. निपुण जिंदल और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
  • Punjab बंद के दौरान दुकान से चीनी का बोरी उठाने का आरोप, CCTV आई सामने, देखें वीडियो

    Punjab बंद के दौरान दुकान से चीनी का बोरी उठाने का आरोप, CCTV आई सामने, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब बंद के आह्वान के दौरान अमृतसर के राम तीर्थ रोड स्थित गांव माहल में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब पावन वाल्मीकि तीर्थ एक्शन कमेटी के पंजाब अध्यक्ष शशि गिल के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी दुकानें बंद करवाने पहुंचे। इस दौरान एक किराने की दुकान से चीनी का बोरा उठाने के आरोप लगे हैं। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। घटना के बाद दुकानदार और शशि गिल दोनों ने मीडिया के सामने अपना-अपना पक्ष रखा। दुकानदार बचित्र सिंह कोटला ने कहा कि वह पहले ही दुकान बंद कर चुके थे और बंद का समर्थन भी कर रहे थे।

    उनका कहना है कि कुछ लोगों ने शटर उठाया और सीसीटीवी कैमरों के सामने चीनी का बोरा गाड़ी में रख लिया। उन्होंने कहा कि अगर चाय-पानी के लिए चीनी की जरूरत थी तो मांग लेते, लेकिन इस तरह सामान उठाना ठीक नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास मौजूद लाइसेंसी रिवॉल्वर केवल सुरक्षा के लिए है और किसी पर फायर नहीं किया गया। वहीं पावन वाल्मीकि तीर्थ एक्शन कमेटी के पंजाब अध्यक्ष शशि गिल ने कहा कि बरनाला घटना के विरोध में दिए गए पंजाब बंद के दौरान वे शांतिपूर्ण ढंग से दुकानें बंद कराने पहुंचे थे।

    उन्होंने कहा कि ज्यादातर दुकानदारों ने सहयोग दिया, लेकिन संबंधित दुकान पर उनके समाज के प्रति आपत्तिजनक शब्द कहे गए। शशि गिल ने यह भी आरोप लगाया कि कशमकश के दौरान दुकानदार के परिवार द्वारा पिस्टल दिखाकर धमकी दी गई। उनका कहना है कि चीनी का बोरा चोरी के लिए नहीं, बल्कि स्थिति के दौरान उठाया गया था और बाद में मामला शांत होने पर वहां से चले गए। फिलहाल पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और दोनों पक्षों ने अपने-अपने पक्ष रखे हैं।