Blog

  • Punjab News: फिर CM मान फोर्टिस अस्पताल में हुए भर्ती

    Punjab News: फिर CM मान फोर्टिस अस्पताल में हुए भर्ती

    चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मोगा में रैली में शामिल होने के बाद एक बार फिर बीमार पड़ गए। इसके बाद उन्हें शाम करीब साढ़े सात बजे फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती करवाया गया। इससे पहले भी उनकी तबीयत अचानक खराब होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के बाद उन्हें आज दोपहर में छुट्टी दे दी गई थी। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से मोगा में आयोजित नशा विरोधी रैली में शामिल होने पहुंचे थे।

    रैली में विरोधियों पर साधा निशाना
    रैली के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी सेहत को लेकर विरोधियों के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह कहीं जाने वाले नहीं हैं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल की जड़ों में बैठकर उनके खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब के खिलाड़ी दुनिया भर में मशहूर होते थे, लेकिन पिछली सरकारों ने पंजाब को नशे के लिए बदनाम कर दिया।

    अरविंद केजरीवाल ने लोगों से की ये अपील
    रैली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर लोगों को बताएं कि अकाली दल, बीजेपी और कांग्रेस की सरकारों के दौरान पंजाब में नशे की समस्या बढ़ी। उन्होंने दावा किया कि पहली बार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और लोगों से अपील की कि वे अन्य पार्टियों को वोट न दें।

    पहले भी अचानक बिगड़ी थी तबीयत
    गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की एक दिन पहले अचानक तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें मोहाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई थी, लेकिन रैली में शामिल होने के बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाना पड़ा।

  • Lovely professional University के Hostel में स्टूडेंट की मौत, देखें वीडियो

    Lovely professional University के Hostel में स्टूडेंट की मौत, देखें वीडियो

    फगवाड़ा: Lovely professional University के Hostel से एक छात्र ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गांव सलेमखुर्द फिल्लौर के रहने वाले निखिल के रूप में हुई हैं। फगवाड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला कि युवक पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। उसने आत्महत्या से पहले स्टेट्स डालकर फिर संदिग्ध परिस्थितियों में छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।

    डीएसपी फगवाड़ा भारत सिंह ने बताया कि उन्हें दोपहर को सूचना मिली थी कि यूनिवर्सिटी में किसी छात्र ने छत से कूद कर आत्महत्या की हैं।

    जिसके बाद टीम सहित मौके पर पहुँचे और उन्हें जाँच के दौरान पता चला कि छात्र सलेमखुर्द फिल्लौर के रहने वाला निखिल रोजाना की तरह सोमवार सुबह यूनिवर्सिटी में आया और उसने दोपहर को आत्महत्या करने से पहले स्टेटस में सुसाइड के बारे में जिक्र किया और फिर यूनिवर्सिटी की छत से छलांग लगाकर जान दे दी। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है और वह परिवारिक सदस्यों के बयानों पर बनती कार्रवाई करेंगे।

  • Harjot Singh Bains का अहम ऐलान, बोले- ‘शिक्षा व्यवस्था से नहीं होगा समझौता’

    Harjot Singh Bains का अहम ऐलान, बोले- ‘शिक्षा व्यवस्था से नहीं होगा समझौता’

    चंडीगढ़: राज्य की शिक्षा प्रणाली की पवित्रता और ईमानदारी को बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब सरकार ने लुधियाना के एक फर्जी स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, क्योंकि इस स्कूल में प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए सुविधाओं की कमी के बावजूद 12वीं की परीक्षाओं के लिए छात्रों को रजिस्टर किया गया था।

    इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पी.एस.ई.बी.) द्वारा दसमेश पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महिदूदां, लुधियाना (स्कूल कोड 3100187) के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिसमें मान्यता वापस लेना और फर्जी दस्तावेज जमा करने के लिए आपराधिक शिकायत दर्ज करना शामिल है। पी.एस.ई.बी. ने स्कूल द्वारा रजिस्टर किए गए सभी 27 छात्रों के रोल नंबर भी रद्द कर दिए हैं।

    फिजिकल जांच के दौरान इस स्कूल का कोई अस्तित्व सामने नहीं आया, इसकी इमारत किराए पर दी गई थी और कोई कक्षा नहीं चल रही थी। 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के लिए रजिस्टर्ड 27 छात्रों के रोल नंबर भी मौजूद नहीं थे, जिसके कारण पी.एस.ई.बी. ने उनके रोल नंबर रद्द कर दिए।  चार अन्य स्कूल जांच के अंतर्गत हैं क्योंकि पंजाब सरकार शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता करने वाली और परीक्षा में गड़बड़ियां करने वाली संस्थाओं पर शिकंजा कसने के लिए प्रतिबद्ध है।

    “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार मानक शिक्षा सुनिश्चित करने और छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। हम ‘गोस्ट स्कूल’ चलाने वाली और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे और कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।”

    शिक्षा मंत्री ने माता-पिता और छात्रों को भरोसा दिलाया कि छात्रों को अन्य स्कूल आवंटित करके और मार्गदर्शन देकर योग्य छात्रों के हितों की रक्षा की जाएगी और फर्जी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच टीमों को अन्य संदिग्ध स्कूलों की जांच में तेजी लाने और जल्द से जल्द रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।

     

  • Punjab News: Golden Temple से जुड़ा वायरल वीडियो निकला नकली, केस दर्ज, देखें वीडियो

    Punjab News: Golden Temple से जुड़ा वायरल वीडियो निकला नकली, केस दर्ज, देखें वीडियो

    पुलिस की अपील: भड़काऊ वीडियो शेयर न करें, इससे संगत की भावनाएं आहत होती हैं

    अमृतसर। गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा से जुड़े AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जनरेटेड 3 विवादित वीडियो बनाए गए। पहले वीडियो में एक लड़का जूते पहनकर गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा में खड़ा दिखाई देता है और फिर कार में बैठकर परिसर से बाहर जाता नजर आता है। वीडियो में आगे दिखाया गया है कि युवक एक काली स्कॉर्पियो में बैठता है और वहां से चला जाता है।

    पुलिस जांच में यह साफ हो गया है कि यह वीडियो पूरी तरह से AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) टेक्नोलॉजी से बनाया गया एक नकली वीडियो है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए SGPC ने तुरंत शिकायत दर्ज की, जिसके बाद साइबर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया।

    ACP सेंट्रल जसपाल सिंह ने कहा कि AI टेक्नोलॉजी के अच्छे और बुरे दोनों असर होते हैं, लेकिन धार्मिक जगहों से जुड़े नकली वीडियो बनाना और फैलाना कानूनी जुर्म है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो काफी पुराना है और इस संबंध में पहले ही केस दर्ज हो चुका है, लेकिन इसे बार-बार सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। पुलिस ने संगत और सोशल मीडिया यूज़र्स से अपील की है कि वे ऐसी भड़काऊ और गलत जानकारी आगे शेयर न करें, ताकि संगत की भावनाओं को ठेस न पहुंचे और समाज में तनाव न पैदा हो।

     

     

  • Punjab News: महिला पर किया एसिड अटैक, इमरजेंसी वार्ड में फोन हुआ चोरी, देखें वीडियो

    Punjab News: महिला पर किया एसिड अटैक, इमरजेंसी वार्ड में फोन हुआ चोरी, देखें वीडियो

    लुधियाऩा। जिले के दुगरी इलाके से एक महिला पर एसिड अटैक का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, हमले में घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे आगे इलाज के लिए राजिंदरा अस्पताल पटियाला रेफर कर दिया।

    पीड़िता की ये हुई पहचान
    मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला की पहचान सवित्री (40) के रूप में हुई है। वह मजदूरी का काम करती थी और मूल रूप से हरदोई, उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही है।

    कैसे हुआ हमला
    पीड़िता की बहन ने बताया कि सवित्री रोज की तरह दिहाड़ी मजदूरी करने गई थी। वह काम के दौरान लंच कर रही थी, तभी बाइक पर सवार कुछ लोग वहां आए और उसे अपने पास बुलाया। जैसे ही वह उनके पास गई, आरोपियों ने अचानक उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

    पुलिस जांच में जुटी
    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

    मोबाइल फोन हुआ चोरी
    पीड़िता की बहन ने अस्पताल प्रशासन पर भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने उनका मोबाइल फोन ले लिया और बाद में मांगने पर कहा कि फोन उनके पास नहीं है और वह चोरी हो गया है।

    पीड़ित परिवार ने की कार्रवाई की मांग
    पीड़िता के परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने और दोषियों को पकड़कर सख्त सजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

     

  • पीएनबी आरसेटी द्वारा हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण केंद्र ऊना में व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं वित्तीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित

    पीएनबी आरसेटी द्वारा हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण केंद्र ऊना में व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं वित्तीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित

    ऊना/ सुशील पंडित: पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (पीएनबी आरसेटी) द्वारा संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण केंद्र, ऊना में व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं वित्तीय जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं को स्वरोजगार के अवसरों, कौशल विकास तथा सुरक्षित वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।

    कार्यक्रम में पीएनबी आरसेटी के निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने केंद्र में चल रहे विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान के माध्यम से सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटीशियन, कंप्यूटर प्रशिक्षण सहित अन्य स्वरोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने और अपने कौशल को उद्यमिता में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया।

    भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के वित्तीय सलाहकार राज कुमार डोगरा ने वित्तीय प्रबंधन, बचत की आदत, बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल भुगतान के सुरक्षित उपयोग, ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध कॉल एवं लिंक से सतर्क रहने तथा साइबर अपराधों की शिकायत की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।

    इस अवसर पर हिमोत्कर्ष के विद्यार्थियों के लिए विशेष “टॉय मेकिंग” (खिलौना निर्माण) कोर्स आरंभ करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे छात्राएं रचनात्मक कौशल के माध्यम से स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त कर सकेंगी। यह कोर्स स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी सहायक सिद्ध होगा।

    कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर कंवर ने संस्थान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं महिलाओं के आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने पीएनबी आरसेटी एवं आरबीआई के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रंजू बाला, मीना ठाकुर, निशा, आरसेटी की संकाय सदस्य रजनी तथा केंद्र की छात्राएं उपस्थित रहीं।

  • Jalandhar News: गन प्वाइंट पर व्यक्ति से लूट, बेहरमी से पीटा, लोगों ने किया रोड जाम, देखें Live

    Jalandhar News: गन प्वाइंट पर व्यक्ति से लूट, बेहरमी से पीटा, लोगों ने किया रोड जाम, देखें Live

    जालंधरः  जिले में आये दिन लूटपाट की वारदात लगातार बढ़ती जा रही है। जिससे आये दिन लोगों के अंदर डर का माहौल बना रहता है। इसी बीच जिले के जिंदा पिंड से लूटपाट का एक नया मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति से बंदूक की नोक पर उसका मोबाइल फोन लूट लिया गया। बताया जा रहा है कि लूटपाट के दौरान आरोपी ने व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गया।

     

    घटना के विरोध में लोगों ने लगाया जाम
    इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए जिंदा पिंड रोड को जाम कर दिया। लोगों ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताई और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

    सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
    सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

    पुलिस के आश्वासन के बाद खुलवाया जा रहा जाम
    पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा देने के बाद लोगों को शांत किया गया और धीरे-धीरे सड़क से जाम हटवाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

     

  • स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पारितोषिक वितरण समारोह

    स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पारितोषिक वितरण समारोह

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना के स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अकादमिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा रहे। सुरेंद्र शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और उच्च लक्ष्य रखने की प्रेरणा दी।
    इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

    कक्षा नर्सरी रोज़ से आयूष सैणी को प्रथम पुरस्कार, नित्या सेखरी कक्षा नर्सरी लोटस से, कक्षा नर्सरी रोज़ से परनीत, निगम शर्मा, कविश ठाकुर और जसराज को द्वितीय स्थान का पुरस्कार, वहीं अनवी सिद्धू कक्षा नर्सरी लोटस से, नर्सरी रोज़ से रावी सेठी, अरमान ठाकुर, प्रीक्षा, प्रांजल धीमान और अवंतिका पुरी को तृतीय स्थान का पुरस्कार प्रदान किया गया। कक्षा एल०के०जी० से स्तव्य ठाकुर (कक्षा लोटस), ऋत्वी शर्मा (कक्षा लिली) को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। आद्विक ठाकुर (एल०के०जी० लिली) से द्वितीय स्थान तथा अनाया ठाकुर एल०के०जी० लिली को तृतीय स्थान का पुरस्कार दिया गया। माहिरा शर्मा, वेदांत शर्मा और वृंदा शर्मा कक्षा यू०के०जी० से प्रथम पुरस्कार तथा सक्षम वर्मा को द्वितीय पुरस्कार और नितन्या ठाकुर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

    कक्षा प्रथम से अवनी सैनी और गुरचरण प्रीत कौर को प्रथम पुरस्कार मिला। सानिध्य को द्वितीय पुरस्कार तथा रियांश बंसल, सूर्यांश डोगरा, आराध्या ठाकुर व रिवान ने तृतीय पुरस्कार हासिल किया। कक्षा द्वितीय से आद्विका कौशल, स्वास्तिक, दिव्यांश सैनी को प्रथम पुरस्कार, जैसमीन कौर को द्वितीय पुरस्कार तथा जसमीत कौर, मायरा, अमायरा तथा शुभांगी को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कक्षा तृतीय से यादन्या कौशिक को प्रथम पुरस्कार और रूहानी राणा, सुमित शर्मा, राघव अग्निहोत्री को द्वितीय पुरस्कार तथा अविका चेतल, प्रणवी जसवाल और आदित्य को तृतीय पुरस्कार मिला। कक्षा चतुर्थ से आरव कौशिक को प्रथम पुरस्कार तथा अखिलेश कौशल को द्वितीय पुरस्कार तथा हर्षिता बाली को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। आदित्य वशिष्ठ, मनन सैनी को कक्षा पाँचवी से प्रथम पुरस्कार, मन्नत शर्मा, रिद्धम वर्मा को द्वितीय पुरस्कार तथा वृंदा ठाकुर, तेजस भारद्वाज और अहान शांडिल को तृतीय पुरस्कार मिला। कक्षा छठी से कनिष्का ठाकुर और शिवी शर्मा को प्रथम पुरस्कार, वहीं ऋतिक राणा, आराध्या कौशल को द्वितीय पुरस्कार तथा रिद्धि सैनी, सोहम और अर्जुन को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

    कक्षा सातवीं से शाश्विता शर्मा, एशिता को प्रथम पुरस्कार और नित्या, लवनीश संधु, रिद्धिमा दुआ को द्वितीय पुरस्कार तथा अनवी शर्मा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कक्षा आठवीं से कृतिका चौहान, वृंदा शर्मा को प्रथम पुरस्कार तथा रीत को द्वितीय पुरस्कार और वंशिका शर्मा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कक्षा नवमी से अर्चना दयाल को प्रथम पुरस्कार तथा श्रेया धीमान को द्वितीय और आरुष शर्मा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। पूरे सत्र के दौरान प्रतिदिन विद्यालय आने वाले मेधावी एवं अनुशासित विद्यार्थियों में नायरा तथा काव्या कक्षा द्वितीय से , कक्षा तृतीय से सुमित व कार्तिक सैनी कक्षा चतुर्थ से अखिलेश कौशल, कक्षा छठी से प्रियांशी सैनी व विहान शर्मा और कक्षा सातवीं से युवराज को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

    विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि पूर्ण उपस्थिति न केवल विद्यार्थियों की लगन और जिम्मेदारी को दर्शाती है, बल्कि यह उनकी शैक्षणिक प्रगति का भी महत्वपूर्ण आधार है। कक्षा प्रथम से जैस्मिन विक्षिता, नक्ष सैनी, वृंदा को स्वर्ण पदक, कक्षा द्वितीय से एकाक्ष सैनी वन्य ठाकुर व आर्यन स्काॅयलर, कक्षा तृतीय से स्वास्तिक कौशल, कक्षा चतुर्थ से आरोही शर्मा, कक्षा पांचवी से सानवी, गुरकीरत सिंह, सीरत धीमान ,आरव कौशिक और कक्षा छठी से अग्रिमा शर्मा ,हरमन व मानित तथा कक्षा आठवीं से शाश्विता शर्मा को इंटरनेशनल इंग्लिश ओलिंपियाड में स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। साथ ही साथ इंटरनेशनल जनरल नॉलेज जनरल ओलंपियाड में एकाक्ष सैनी कक्षा द्वितीय से, अविका चेतल कक्षा चतुर्थ से ,आरव कौशिक कक्षा पांचवी से, प्रियांशी कक्षा छठी को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को मेहनत,अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे देश का भविष्य हैं और ऐसी प्रतिभाएं समाज को नई दिशा देती हैं।प्रधानाचार्य धीरज शर्मा ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति ने बच्चों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। विद्यालय प्रबंधन ने यह भी बताया कि स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमेशा से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा है, और आगे भी शिक्षा, खेल, कला तथा विभिन्न सहगामी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सर्वश्रेष्ठ मंच प्रदान करता रहेगा।

  • 26 फरवरी से सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षा का आयोजन

    26 फरवरी से सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षा का आयोजन

    चंडीगढ़: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा सैकेण्डरी व सीनियर सैकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) नियमित/स्वयंपाठी वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 के लिए प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) कल से बोर्ड वेबसाइट www.bseh.org.in पर जारी होंगे। सैकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) नियमित/स्वयंपाठी की वार्षिक परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च, 2026 तक तथा सीनियर सैकेण्डरी की परीक्षाएं 25 फरवरी से 01 अप्रैल, 2026 तक संचालित करवाई जाएंगी। इन परीक्षाओं में प्रदेशभर में 1421 परीक्षा केन्द्रों पर करीब 566400 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे। परीक्षाओं का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक रहेगा।

    इस आशय की विस्तृत जानकारी देते हुए बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि सैकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) वार्षिक परीक्षाओं के प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) कल से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर लाईव होंगे। सभी विद्यालय मुखिया बोर्ड वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपने यूजर आई.डी. व पासवर्ड से लॉगिन करके आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विद्यालय में अध्ययनरत परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आऊट ए-4 साईज पेपर पर डाउनलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि यदि परीक्षार्थी के विवरणों में कोई त्रुटि है तो तुरंत बोर्ड कार्यालय में सम्पर्क करते हुए शुद्धि से सम्बंधित मूल दस्तावेज एवं वांछित शुद्धि शुल्क सहित बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर शुद्धि करवा सकते हैं। सभी परीक्षार्थी प्रवेश पत्र पर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करना सुनिश्चित करें।

    उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त स्वयंपाठी परीक्षार्थी जिन द्वारा कम्पार्टमेंट (E.I.O.P.), अतिरिक्त विषय एवं पूर्ण विषय अंक सुधार/आंशिक अंक सुधार की परीक्षा दी जानी है वे अपना प्रवेश-पत्र बोर्ड वेबसाइट पर दिये गये लिंक से पिछला अनुक्रमांक/नाम, पिता का नाम, माता का नाम भरते हुए प्रवेश पत्र का रंगीन प्रिंट आऊट ए-4 साईज पेपर पर डाउनलोड कर सकते हैं।

    इसी प्रकार मुक्त विद्यालय परीक्षा (फ्रेस, रि-अपीयर,अतिरिक्त विषय, सी.टी.पी., ओ.सी.टी.पी., मर्सी चांस, पूर्ण विषय अंक सुधार व आंशिक अंक सुधार श्रेणी) के लिए परीक्षार्थी अपना पिछला अनुक्रमांक/नाम, पिता का नाम, माता का नाम /रजिस्ट्रेशन नं0 भरते हुए प्रवेश पत्र का रंगीन प्रिंट आऊट ए-4 साईज पेपर डाउनलोड करें। यदि विवरणों में कोई अशुद्धि है तो शुद्धि हेतु परीक्षार्थी 20 फरवरी, 2026 तक मूल दस्तावेजों व शुद्धि शुल्क सहित बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत तौर पर उपस्थित होकर शुद्धि करवा सकते हैं। परीक्षा समाप्ति उपरांत फोटो व हस्ताक्षर में परिवर्तन की अनुमति किसी भी परीक्षार्थी को नहीं होगी। यदि किसी विद्यालयी/स्वयंपाठी या मुक्त विद्यालय परीक्षार्थी का अनुक्रमांक किसी कारण से रोका गया है तो ऐसे विद्यालय/परीक्षार्थी बोर्ड कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस में व्यक्तिगत तौर पर वांछित साक्ष्यों/दस्तावेज सहित उपस्थित होकर अपना प्रवेश-पत्र जारी करवा सकते हैं।

    यदि किसी दिव्यांग परीक्षार्थी को लेखक की सुविधा लेनी है तो परीक्षा केन्द्र के मुख्य केन्द्र अधीक्षक/केन्द्र अधीक्षक द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से प्रामाणिक दिव्यांग प्रमाण पत्र/UDID Card की जांच करने उपरान्त दिव्यांग परीक्षार्थी को परीक्षा आरंभ होने से एक घण्टा पूर्व लेखक उपलब्ध करवाया जाएगा, इसके अतिरिक्त बोर्ड कार्यालय में सहायक सचिव द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से प्रामाणिक दिव्यांग प्रमाण पत्र/ UDID Card की जांच करने उपरान्त दिव्यांग परीक्षार्थी को परीक्षा आरंभ होने से एक दिन पूर्व लेखक उपलब्ध करवाया जाएगा।

    किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर बोर्ड वेबसाइट पर जारी हैल्पलाइन नं० 01664-254309, सैकेण्डरी शाखा की ई-मेल assec@bseh.org.in सीनियर सैकेण्डरी शाखा की ई-मेल assrs@bseh.org.in व adhos@bseh.org.in पर तुरन्त संपर्क करते हुए समाधान करवाना सुनिश्चित करें।

     

  • सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए Online Pass जरुरी

    सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए Online Pass जरुरी

    चण्डीगढ़: हरियाणा के महाधिवक्ता तथा उच्च न्यायालय कार्यालय में प्रवेश को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन विज़िटिंग पास प्रणाली लागू की जा रही है।

    एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अब हरियाणा के महाधिवक्ता तथा उच्च न्यायालय के कार्यालय में कार्यालयों से संबंधित किसी भी आधिकारिक कार्य अथवा किसी केस या सुनवाई के लिए आने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों एवं संबंधित व्यक्तियों को एलएमएस पोर्टल (https://lmshry.gov.in) के माध्यम से पूर्व में ऑनलाइन विज़िटिंग पास बनवाना अनिवार्य होगा।

    उन्होंने बताया कि ऑनलाइन विजिटिंग पास के संबंध में आवेदक के पास अपना एम्प्लॉई आईडी कार्ड अनिवार्य होना चाहिए, गेट पास के प्रिंटआउट को अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता से सत्यापित करवाना होगा तथा पास जारी होने के उपरांत संबंधित कार्यालय से उसका सत्यापन करवाना आवश्यक होगा।

    प्रवक्ता ने बताया कि इस नई प्रणाली के माध्यम से कार्यालय में प्रवेश प्रक्रिया को अधिक संगठित, सुरक्षित एवं डिजिटल बनाया गया है, ताकि कार्य निष्पादन में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित की जा सकेगी। यह व्यवस्था 09 फरवरी, 2026 से प्रभावी हो चुकी है।