Blog

  • भारी बारिश से मचा कोहराम, निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरी, संपर्क मार्ग हुआ बंद, कई घरों पर मंडराया खतरा

    भारी बारिश से मचा कोहराम, निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरी, संपर्क मार्ग हुआ बंद, कई घरों पर मंडराया खतरा

    कसौली: हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की बारिश जमकर कहर बरपा रही है। हिमाचल के सोलन जिले में शनिवार को मूसलाधार बारिश से नुकसान हुआ है। यहां पर भारी बारिश के चलते दोची में सड़क मार्ग धंस गया है। वहीं, एक निर्माणधीन बिल्डिंग गर गई है। इसके अलावा, 3 मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। सोलन जिले के कसौली में लगातार बारिश हो रही है। वहीं, कालका शिमला हाईवे पर सफर करना भी खतरनाक है। यहां पर लगातार हाईवे से लगती पहाड़ियों से पत्थर गिर रहे हैं।

    कसौली के एसडीएम के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि दोची में सड़क धंस गई है और साथ ही एक निर्माणाधीन मकान भी गिरा है। बता दें कि बीते 12 घंटे में कसौली में 26 एमएम और सोलन के धर्मपुर में 33 एमएम बारिश हुई है। इसके अलावा, सोलन से सटे शिमला जिले में शहर में 46 एमएम पानी बरसा है। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

    बताया जा रहा है कि कसौली में भूस्खलन के चलते किम्मूघाट-चक्की मोड़ सड़क भी बंद हो गई है। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर भी बारिश की वजह से पत्थर और मलबा गिरा है। कुछ जगह पर हाईवे को सिंगल लेन किया गया है। हिमाचल के सोलन जिले में शुक्रवार को कालका शिमला हाईवे पर दत्यार का एक भंयकर वीडियो सामने आया था। इस दौरान लैंडस्लाइड के बीच दो कारें बाल बाल बच गई थी। अचानक लैंडस्लाइड हुई थी और इस बीच कार के बोनट के आगे से एक बड़ा पत्थर निकला। एक सेंकड के फर्क के चलते कार सवार बच गए।

  • घर के बाहर खड़ी कार पर गिरा पेड़

    घर के बाहर खड़ी कार पर गिरा पेड़

    चंडीगढ़ : शहर में एक घर के बाहर खड़ी कार पर पेड़ गिरने का मामला सामने आया है। हालाँकि गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जिसकी जानकारी देते हुए कार के मालिक अमित कुमार ने बताया कि वह मकान नंबर 3227 सेक्टर 19 डी चंडीगढ़ के रहने वाले हैं रोज की तरह अपनी कार अपने घर के बाहर खड़ी करते हैं। शुक्रवार रात भी उन्होंने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की। उन्होंने कहा कि हमारे घर के सामने एक पेड़ भी है जो काफी पुराना हो चुका है।

    आज सुबह उन्होंने घर के बाहर बहुत तेज आवाज सुनी जैसे ही वह बाहर आये तो देखा कि पेड़ का एक बहुत बड़ा हिस्सा उनके कार के ऊपर गिरा हुआ था। इस घटना से उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अमित कुमार ने बताया कि अगर कुछ देर बाद यह गिरता तो कोई जानी नुकसान भी हो सकता था क्योंकि बारिश की वजह से गली में आवाजाही बहुत कम थी। प्रशासन को चाहिए कि मानसून के दिनों में पुराने पेड़ों पर खास ध्यान दिया जाए ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

  • होशियारपुरः पुलिस और बदमाशों में चली गोलियां

    होशियारपुरः पुलिस और बदमाशों में चली गोलियां

    होशियारपुरः जिले के चब्बेवाल से बड़ी खबर सामने आई है। जहां गांव पीडोवाल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि सीआईए स्टाफ, थाना मालपुर और डीएसपी गढ़शंकर पुलिस गांव में स्थित एक हवेली के पास बदमाशों को पकड़ने के लिए पहुंची थी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। इस दौरान 3 बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

    वहीं पुलिस ने बदमाशों और गैंगस्टरों को सख्त संदेश दिया है। पुलिस ने कहा कि सुधर जाओ नहीं तो इसे तरह गोलियां मारी जाएगी। पुलिस द्वारा अभी तक मीडिया को वहां तक जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। कहा जा रहा है कि इन बदमाशों में कई जगह पहले भी फायरिंग की थी। जिसको लेकर पुलिस ने इन बदमाशों की तालाश थी। अब सिविल अस्पताल में काबू किए गए बदमाशों का मेडिकल करवाया जा रहा है। जल्द ही पुलिस इस मामले को लेकर प्रेस वार्ता करके खुलासा कर सकती है।

  • पंजाबः पुलिस की वर्दी हुई दागदार, चिट्टे का सेवन करने की कर्मी की वीडियो वायरल, हुआ सस्पेंड

    पंजाबः पुलिस की वर्दी हुई दागदार, चिट्टे का सेवन करने की कर्मी की वीडियो वायरल, हुआ सस्पेंड

    फिरोजपुर: पंजाब सरकार और पुलिस नशे को रोकने के प्रयास कर रही है। वहीं कुछ पुलिस कर्मी वर्दी को दागदार कर रहे है। ऐसी ही एक मामला फिरोजपुर से सामने आया है। एसपी इन्वेस्टिगेशन रणधीर कुमार ने बताया कि उक्त पुलिस कर्मी का नाम सतपाल है और वह इस समय थाना मुखु में तैनात है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। देखा जा रहा हैकि वीडियो कितने दिन पुराना है। वहीं पुलिस अधिकारी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सतपाल को सस्पेंड कर दिया है और उसे इलाज के लिए नशा छुड़ाओ केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्होंने पहली कार्रवाई करते हुए इस कर्मचारी को लाइन हाजिर करके सस्पेंड कर दिया गया हैऔर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे सरेआम पुलिस चिट्टे का सेवन कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

  • जालंधर के युवक की कनाडा में हुई मौत, दो दिन पहले था जन्मदिन

    जालंधर के युवक की कनाडा में हुई मौत, दो दिन पहले था जन्मदिन

    जालंधर, ENS: विदेशों से रोजाना पंजाबी युवाओं की मौत की खबरें सामने आ रही हैं। वहीं ताजा मामला कनाडा से सामने आया है, जहां एक पंजाबी युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अमन सैनी निवासी गोराया, जालंधर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक का दो दिन पहले जन्मदिन था। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमन सैनी कुछ वर्षों से अपने भाई, मां, पत्नी और बेटे के साथ कनाडा में रह रहा था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

  • पंजाबः महिला कांग्रेस का पुनर्गठन, 34 सदस्यीय नई टीम का किया ऐलान

    पंजाबः महिला कांग्रेस का पुनर्गठन, 34 सदस्यीय नई टीम का किया ऐलान

    चंडीगढ़ः पंजाब महिला कांग्रेस का आज पुनर्गठन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नीता डिसूजा ने 34 सदस्यों की नई टीम का ऐलान कर दिया है। पंजाब अध्यक्ष गुरशरण कौर रंधावा और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वाड़िंग को भेजी गई सूची के मुताबिक नई टीम में 6 उपाध्यक्ष, 12 महासचिव और 16 सचिव नियुक्त किए गए हैं।

    जिसमें लुधियाना की लीना टपारिया, मोगा की जगदर्शन कौर, संगरूर की मलकीत कौर सहोता, बठिंडा की सिमरत धालीवाल, गुरदर्शन कौर और फतेहगढ़ साहिब की नीलम रानी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। महासचिवों में रीना चोपड़ा, सुरजीत कौर, वंदना सैनी, सुखजीत कौर, संतोष रानी, ​​भूपिंदर कौर गिल, मीनाक्षी वर्मा, हरसिमरत कौर, हरमंदिर कौर, गुरदीप कौर, शमी निश्चल और अमनदीप कौर के नाम शामिल हैं।

  • पंजाबः तेज बरसात से मिली गर्मी से राहत, जलभराव से लोग हुए परेशान

    पंजाबः तेज बरसात से मिली गर्मी से राहत, जलभराव से लोग हुए परेशान

    चंडीगढ़ः पंजाब में मौसम विभाग ने शनिवार-रविवार को पंजाब में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया हुआ था। पंजाब के माझा व दोआबा क्षेत्रों के आठ जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, कपूरथला व जालंधर के लिए शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ था। 10 व 11 जुलाई को सूबे के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं शनिवार सुबह तेज बरसात हो रही है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कई इलाकों में आधी रात के बाद हुई झमाझम बरसात से पारा गिर गया। वहीं निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।कपूरथला में आधी रात को बारिश शुरू हुई जो सुबह तक जारी रही। वहीं लुधियाना, गुरदासपुर, अमृतसर, जलालाबाद और जालंधर में भी सुबह से बरसात हो रही है।

    अमृतसर में सुबह से हो रही बारिश के चलते सड़कों पर एक बार फिर पानी जमा हो गया है। जिसके चलते सब से अधिक मुश्किल वाहन चालकों को आ रही है। दोपहिया वाहन चालकों के वाहन पानी में बंद हो गए। बारिश के कारण अमृतसर के बस स्टैंड, खालसा कॉलेज, रेसकोर्स रोड, लारेंस रोड, एनम सिनेमा रोड, रंजीत एवेन्यू, पाश इलाका रानी का बाग, बटाला रोड, मजीठा रोड, रत्न सिंह का चौक, पुतलीघर और सुल्तानविंड रोड में भी बारिश का पानी सड़कों पर जमा हुआ है। दूसरी तरफ कृषि विशेषज्ञ इस बारिश को धान के लिए लाभदायक बता रहे हैं। इस बारिश के कारण सब्जियों की फसल पूरी तरह खराब हो गई है। खेतों में जमा पानी के करण काफी क्षेत्र में सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है। 

  • शर्मसार! ऑफिस खाली होते ही महिला सफाई कर्मचारी के साथ बाबू साहब को सूझी आशिकी, सामने आया CCTV फुटेज

    शर्मसार! ऑफिस खाली होते ही महिला सफाई कर्मचारी के साथ बाबू साहब को सूझी आशिकी, सामने आया CCTV फुटेज

    शाहजहांपुर: वैसे तो सरकारी कार्यालय सरकारी कामकाज के लिए होता है, लेकिन कुछ ऐसे कर्मचारी होते हैं जो यहां कुर्सी तोड़ने आते हैं। वहीं, कुछ ऐसे भी कर्मचारी होते हैं जो महिला कर्मचारियों को ताड़ने पहुंचते हैं। ऐसा ही एक मामला जलालाबाद नगर पालिका कार्यालय से सामने आया है, जहां पदस्थ बाबू महिला सफाई कर्मचारी के साथ अश्लील हरकत करते देखा गया है। बाबू की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और ये वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद निगम के चेयरमैन ने दोनों से स्पष्टीकरण मांगा है।

    मिली जानकारी के अनुसार वायरल हो रहा वीडियो कार्यालय में लगे सीसीटीवी का है। इसमें बाबू शफीक उर्फ गफ्फार अपनी कुर्सी पर बैठा है और महिला कर्मचारी उसके बुलाने पर पास आती है। इसके बाद बाबू महिला कर्मचारी से अश्लील हरकतें शुरू कर देता है। वीडियो देखने से ऐसा लग रहा है कि शुरुआत में महिला कर्मचारी बाबू की हरकतों का विरोध भी करती है। वह हाथ पकड़ने की कोशिश करता है। वीडियो नगर पालिका जलालाबाद कार्यालय के अंदर का होने की जानकारी मिलते ही खलबली मच गई। हालांकि आरोपी बाबू ने वीडियो को फर्जी बता रहा है।

    बताया जा रहा है कि बाबू पिछले काफी दिनों से सफाई कर्मचारी महिला से गंदी हरकतें कर रहा था। इसके बाद कार्यालय में तैनात कर्मचारी ने बाबू की हरकतों का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। नगर पालिका के चेयरमैन ने वीडियो में दिख रहे दोनों कर्मचारियों को स्पष्टीकरण का नोटिस जारी किया है। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। सोशल मीडिया पर बाबू की अश्लील हरकतों का वीडियो वायरल होने और बाबू के मुस्लिम होने से हिन्दूवादी संगठन हरकत में आ गए हैं। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का कहना है कि शाहजहांपुर में कई जगहों पर जिहादी लोग हिंदू महिलाओं और लड़कियों को शिकार बना रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की भी चेतावनी दी।

  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने की धान की रोपाई, चलाया ट्रैक्टर, देखें वीडियो

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने की धान की रोपाई, चलाया ट्रैक्टर, देखें वीडियो

    सोनीपतः कांग्रेस नेता राहुल गांधी अलग-अलग अवतारों में इन दिनों दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले वो ट्रक ड्राइवर के साथ घूमते नजर आए थे। कुछ दिनों पहले ही वो एक मैकेनिक के साथ एक बाइक की दुकान में देखे गए थे। इसी कड़ी में अब राहुल गांधी धान की रोपाई करते देखे गए हैं। दरअसल राहुल गांधी शनिवार को हरियाणा स्थित सोनीपत जिले के बरोदा हल्के के एक गांव में पहुंचे थे। यहां उन्होंने खेतों में काम कर रहे किसानों के साथ काम किया और किसानों के साथ मिलकर धान की रोपाई की। 

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे रास्ते में उतरकर मदीना गांव के खेतों में जा पहुंचे। यहां किसान धान की रोपाई कर रहे थे। इस कारण खेत में पानी भरा हुआ था। तभी राहुल गांधी कार से उतरे और खेत में जा पहुंचे। यहां उन्होंने ट्रैक्टर से जुताई की और मजदूरों के साथ मिलकर धान की रोपाई भी की। राहुल ने वहां मौजूद किसानों का हाल जाना और खेती संबंधित बातचीत भी की। राहुल गांधी इस दौरान सफेद टीशर्ट और लोअर में दिखाई दिए। इससे पहले भी राहुल गांधी कई अवतारों में दिख चुके हैं।

    बीते दिनों राहुल गांधी एक बाइक मैकेनिक की दुकान पर बाइक को ठीक करते दिखाई दिए थे। इस दौरान दिल्ली स्थित करोल बाग के साइकिल मार्केट पहुंचे राहुल गांधी ने साइकिल व्यापारियों से बात की थी। उन्होंने मैकेनिक से बाइक ठीक करने की कला सीखी। कांग्रेस पार्टी ने करोल बाग की साइकिल मार्केट पहुंचे राहुल गांधी की तस्वीर को शेयर करेत हुए कहा कि यही हाथ हिंदुस्तान बनाते हैं। इन कपड़ों पर लगी कालिख हमारी खुद्दारी है। ऐसे हाथों को हौसला देने का काम एक ही करता है। 

  • बड़ा हादसाः सरकारी बस और क्रूजर के बीच भयानक टक्कर, 8 की मौत

    बड़ा हादसाः सरकारी बस और क्रूजर के बीच भयानक टक्कर, 8 की मौत

    जींदः आज सुबह जींद के भिवानी रोड पर एक भीषण हादसे का मामला सामने आया है। हादसा इतना भयानक था कि इस घटना दौरान 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। हादसा गांव बीबीपुर के पास हरियाणा रोडवेज की बस और क्रूजर गाड़ी के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ। हादसे की शुरुआती वजह बारिश बताई जा रही है। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में 6 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। वहीं, सिविल अस्पताल में स्टाफ को अलर्ट करते हुए डॉक्टरों को इमरजेंसी में पहुंचने के निर्देश दिए। डीएसपी रोहताश ढुल भी मौके पर हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. क्रूजर में अभी भी शव फंसे हुए हैं।

    बताया गया है कि भिवानी रोडवेज डिपो की एक बस सुबह 9.30 बजे जींद बस स्टैंड से रवाना हुई। जब वह भिवानी रोड पर बीबीपुर गांव के पास पहुंची तो मुंढाल से सवारी लेकर आ रही क्रूजर जीप से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इस हादसे में क्रूजर जीप के परखच्चे उड़ गए। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां 2 लोगों की मौत हो गई।

    जींद में हुए इस भीषण हादसे में 3 महिलाएं, 1 बच्चा और 6 अन्य समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया है। सिविल अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि सभी डॉक्टरों को तुरंत सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचने के लिए कहा गया है। घायलों का इलाज किया जा रहा है। फिलहाल हादसे की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण सामने कुछ दिखाई नहीं देने के कारण यह हादसा हुआ।