Blog

  • कांगड़ा-कुल्लू में तेज बारिश, पागल नाला में बाढ़, Highway closed

    कांगड़ा-कुल्लू में तेज बारिश, पागल नाला में बाढ़, Highway closed

    शिमलाः हिमाचल के कुल्लू और कांगड़ा में सुबह से तेज बारिश हो रही है। इस दौरान पागल नाला में बाढ़ आ गई, जिससे हाईवे बंद हो गया। आपकों बता दें हिमाचल में मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में बारिश का दौर 11 जुलाई तक जारी रहेगा।

    मौसम विभाग ने कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिला में कुछेक स्थानों पर आज भारी बारिश होने की संभावना जताई है। चंबा, मंडी और शिमला जिलों में भी आज कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं शिमला में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए है। सवा 10 बजे कुछ देर को हल्की धूप भी खिली।

    इस दौरान निचले इलाकों में जलभराव और धुंध के कारण कम विजिबिलिटी का भी अलर्ट जारी किया गया है। टूरिस्ट समेत लोकल लोगों को नदी-नालों, लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों व अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में न जाने तथा यातायात संबंधी एडवाइजरी का पालन करने को कहा है।

    हिमाचल में मानसून की एंट्री के बाद से अब तक सामान्य से 63 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। अगले छह दिन भी बारिश से राहत के आसार नहीं है।

     

  • महिला अधिकारी ने Jail में बनाए प्रेम संबंध, Canada में पंजाबी कैदी के पैसे से करवाई कॉस्मेटिक सर्जरी

    महिला अधिकारी ने Jail में बनाए प्रेम संबंध, Canada में पंजाबी कैदी के पैसे से करवाई कॉस्मेटिक सर्जरी

    कनाडाः कनाडा की जेल में तैनात जालंधर मूल की एक महिला अधिकारी पर पंजाबी कैदी से रिश्ते को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। जांच के मुताबिक उसने अपनी ड्यूटी उसी ब्लॉक में लगवाई, जहां कैदी बंद था। वह ज्यादातर समय उसकी सेल के आसपास बिताती थी और जेल के आधिकारिक फोन सिस्टम के अलावा कथित तौर पर अवैध मोबाइल के जरिए भी उसके संपर्क में रहती थी। बदले में कैदी उस पर महंगे गिफ्ट लुटाता रहा। जांच दस्तावेजों के मुताबिक उसने महिला अधिकारी की कॉस्मेटिक सर्जरी और विदेश यात्राओं का खर्च भी उठाया।

    पूरा मामला तब सामने आया, जब एक वरिष्ठ जेल अधिकारी के घर पर जानलेवा हमले की साजिश की जांच शुरू हुई। जांच एजेंसियों का आरोप है कि जालंधर मूल की महिला अधिकारी ने ही उस अधिकारी की कार की नंबर प्लेट की फोटो कैदी तक पहुंचाई थी। इसके बाद कथित तौर पर उसी जानकारी के आधार पर अधिकारी की पहचान कर पूरी साजिश रची गई। ये मामला बाद में कनाडा पुलिस की प्रोजेक्ट साउथ जांच का अहम हिस्सा बना।

    3 जुलाई को ऑन्टारियो सुपीरियर कोर्ट की अनुमति के बाद 563 पन्नों वाले ITO (इन्फॉर्मेशन टू ऑब्टेन) के कुछ हिस्से सार्वजनिक किए गए, जिनसे पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। महिला अधिकारी पेड लीव पर हैं, जबकि कैदी अब भी जेल में बंद है। जांच एजेंसियों ने उसका नाम अमेरिका के वांटेड ड्रग तस्कर रॉयन वेडिंग के कथित ड्रग नेटवर्क से भी जोड़ा है।

    कनाडा पुलिस के मुताबिक निशवंत कौर दोसांझ का परिवार पंजाब के जालंधर के दोसांझ कलां गांव से जुड़ा बताया जाता है। वह ब्रिटिश कोलंबिया के ऐबट्सफोर्ड में रहती हैं और टोरंटो साउथ डिटेंशन सेंटर में कॉर्पोरल थी। (32) गुरप्रीत सिंह पंजाब से ट्रक ड्राइवर के रूप में कनाडा गया था। बाद में जांच एजेंसियों ने उसका नाम अमेरिका के वांछित ड्रग तस्कर रायन वेडिंग के कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क से जोड़ा। अक्टूबर 2024 से वह टोरंटो जेल में बंद है और अमेरिका प्रत्यर्पण की प्रक्रिया का सामना कर रहा है।

    गुरप्रीत के अक्टूबर 2024 में टोरंटो साउथ डिटेंशन सेंटर पहुंचने से पहले से ही दोनों के बीच लंबे समय से निजी संबंध थे। गुरप्रीत के जेल पहुंचने के बाद निशवंत को पता चला तो उनके बीच का यह रिश्ता फिर से सक्रिय हो गया।

    जांच दस्तावेजों में दावा किया गया है कि निशवंत ने एक सहकर्मी को बताया था कि गुरप्रीत ने उन्हें महंगे गिफ्ट दिए, कॉस्मेटिक सर्जरी के लिए पैसे दिए और विदेश यात्राओं का खर्च भी उठाया। जांच अधिकारी डिटेक्टिव कांस्टेबल एंटोनियो डी ओनोफ्रियो ने लिखा कि गुरप्रीत का निशवंत पर इतना प्रभाव था कि यह एक जेल अधिकारी और कैदी के रिश्ते के लिहाज से बेहद असामान्य था।

     

  • Punjab News: मस्जिद के पास दुकान में युवकों ने लगाई आग, पवित्र कुरान अग्नि भेंट होने पर गरमाया मामला, केस दर्ज, देखें वीडियो

    Punjab News: मस्जिद के पास दुकान में युवकों ने लगाई आग, पवित्र कुरान अग्नि भेंट होने पर गरमाया मामला, केस दर्ज, देखें वीडियो

    लुधियानाः शिवपुरी में सुन्नी नूरी जामा मस्जिद के पास किताबों की दुकान में युवकों द्वारा आग लगा दी गई। इस घटना में पवित्र कुरान और अन्य इस्लामी किताबों के जलने को लेकर मामला गरमा गया। मुस्लिम समुदाय ने घटना को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए दोषियों के खिलाफ़ तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन युवक बाइक पर सवार होकर आत दिखे। इसमें से एक युवक ने बाइक से उतर कर दुकान के बाहर पेट्रोल छिड़का, इसके बाद आग लगा दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वहां पर कोई मौजूद नहीं था।

    थाना दरेसी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अब्दुल रज्जाक, जो केंद्रीय सुन्नी नूरी जामा मस्जिद, गली नंबर-4, संतोख नगर, न्यू शिवपुरी में किरायेदार और मस्जिद के सेवादार हैं, ने बताया कि मस्जिद की ओर से उन्हें एक दुकान दी गई थी। इस दुकान में वह मुस्लिम धर्म से जुड़ी किताबें और मस्जिद में इस्तेमाल होने वाला सामान बेचते थे।

    शिकायत के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की रात उन्हें गली से शोर सुनाई दिया। बाहर निकलकर देखा तो उनकी दुकान में आग लगी हुई थी। आसपास के लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तब तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। अब्दुल रज्जाक ने बताया कि आग में धार्मिक पुस्तकें और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ और उनकी धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंची। घटना के बाद मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। शिकायत के मुताबिक, फुटेज में तीन युवक एक बाइक पर आते दिखाई दिए।

    आरोप है कि उन्होंने दुकान पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाई और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298, 299, 326(एफ), 326(जी), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। थाना दरेसी पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

     

  • पैराग्लाइडर के बीच सड़क पर लैंडिंग में गिरा व्यक्ति, देखें वीडियो

    पैराग्लाइडर के बीच सड़क पर लैंडिंग में गिरा व्यक्ति, देखें वीडियो

    कुल्लूः जिले के रायसन क्षेत्र में एक पैराग्लाइडर की बीच सड़क पर लैंडिंग होने की घटना सामनेे आई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान मौसम और हवा की दिशा में अचानक बदलाव के कारण पैराग्लाइडर निर्धारित लैंडिंग स्थल तक नहीं पहुंच सका और उसे सड़क पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। वीडियो में देखा जा सकता हैकि बीच सड़क पर लैंडिंग के दौरान व्यक्ति गिर गया। हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई है। व्यक्ति के सड़क पर गिरते ही उसे बचाने के लिए लोग भाग कर आ गए। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। घटना के दौरान सड़क से वाहन गुजर रहे थे। ऐसे में वाहन के ऊपर अगर व्यक्ति गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

    बता दें कि कुल्लू में आज सुबह से हो रही बारिश के बाद आज पागल नाला में बाढ़ आ गई। इससे सारा मलबा हाईवे पर आ गया। इसके बाद लारजी को सैंज से जोड़ने वाला हाईवे वाहनों के लिए बंद हो गया है। कांगड़ा में भी सुबह पांच बजे से निरंतर बारिश हो रही है। कांगड़ा में सुबह दो घंटे तक भारी बारिश हुई। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी कर कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिला में कुछेक स्थानों पर आज बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। चंबा, मंडी और शिमला जिलों में भी आज कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।

    हमीरपुर, ऊना व सोलन के कुछेक क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो रही है। वहीं शिमला में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। सवा 10 बजे कुछ देर को हल्की धूप भी खिली। इस दौरान निचले इलाकों में जलभराव और धुंध के कारण कम विजिबिलिटी का भी अलर्ट जारी किया गया है। IMD टूरिस्ट समेत लोकल लोगों को नदी-नालों, लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों व अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में नहीं जाने तथा यातायात संबंधी एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। कल (7 जुलाई को) कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में बारिश का दौर 11 जुलाई तक जारी रहेगा।

     

     

  • Punjab News: घरेलु विवाद रोकने गई पुलिस पर हमला, ASI सहित पुलिस कर्मी घायल

    Punjab News: घरेलु विवाद रोकने गई पुलिस पर हमला, ASI सहित पुलिस कर्मी घायल

    तरनतारनः जिले के गांव सोहल में घरेलू विवाद रोकने गई पुलिस पार्टी पर हमला हो गया। मिली जानकारी के अनुसार घटना के दौरान परिवार के मुखिया ने नशे की हालत में पुलिस पर हमला कर दिया। इस घटना में एएसआई प्रगट सिंह और कॉंस्टेबल कुलदीप सिंह घायल हो गए। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी लिए पुलिस पार्टी ने छापामारी शुरू कर दी है।

    इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। गांव सोहल निवासी प्रभजीत सिंह की बेटी सिमरन ने पुलिस को ऑनलाईन शिकायत करते हुए कहा कि नशे की हालत में उसके पिता सभी को गाली गलौज कर रहे है और सभी को कमरे में बंद कर दिया गया। उक्त शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना झब्बाल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह बाजवा ने एएसआई प्रगट सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी को मौके पर भेजा।

    जिस दौरान आरोपी प्रभजीत सिंह अपने परिवार के साथ हाथपाई कर रहा था। पुलिस पार्टी ने जब उसको रोकना चाहा तो उग्र रूप धारण करते हुए एसएआई प्रगट सिंह पर हमला करके वर्दी फाड़ डाली और एएसआई की पगड़ी भी उतार दी। पुलिस पार्टी में शामिल कास्टेबल कुलदीप सिंह पर भी हमला करके उसके हाथ की एक अंगुली तोड़ डाली। घटना की सूचना मिलते ही सब डिवीजन तरन तारन के डीएसपी सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह बाजवा, ड्यूटी अधिकारी सब इंस्पेक्टर करनदीप मौके पर पहुंचे। जिसके बाद आरोपी प्रभजीत सिंह भागने में सफल रहा।

  • Punjab News: Gym Trainer ने युवक को लगवाईं ओवरवेट Leg Press, नस दबने से मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: Gym Trainer ने युवक को लगवाईं ओवरवेट Leg Press, नस दबने से मौत, देखें वीडियो

    लुधियानाः टिब्बा रोड स्थित गोपाल नगर चौक इलाके में फिटनेस के नाम पर एक बड़ी लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। यहां सिद्धू जिम में 21 वर्षीय ट्रेनर द्वारा लेग प्रेस मशीन पर ओवरवेट डलवाने के कारण शिवम नाम के युवक की रीढ़ की हड्डी की नस दब गई थी। 22 दिन पहले हुई घटना के बाद से ही शिवम इलाज करवा रहा था, लेकिन अब इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया है। घटना के बाद से जिम का मालिक और आरोपी ट्रेनर दोनों फरार बताए जा रहे हैं।

    पारिवारिक सदस्यों के अनुसार शिवम सिद्धू जिम में जाता था। उन्होंने बताया कि 22 दिन पहले रूटीन वर्कआउट के दौरान 21 साल के ट्रेनर ने शिवम को लेग प्रेस लगाने को कहा। आरोप है कि इसी दौरान ट्रेनर ने मशीन में अचानक बहुत ज्यादा वजन (ओवरवेट) डाल दिया। जैसे ही शिवम ने वजन उठाने का प्रयास किया, उसकी कमर और रीढ़ की हड्डी में असहनीय दर्द हुआ और वह वहीं गिरकर तड़पने लगा।

    भारी वजन के दबाव के कारण शिवम की रीढ़ की हड्डी की नस बुरी तरह से दब गई थी। हादसे के तुरंत बाद उसे अस्पताल ले जाया गया था और पिछले 22 दिनों से उसका लगातार इलाज चल रहा था। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई भी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज दौरान शिवम की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने सिद्धू जिम के बाहर इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

    शिवम के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां, एक भाई और एक बहन है। मां एक हाउसवाइफ हैं। घर का गुजारा चलाने के लिए शिवम एक कंपनी में चेकिंग और पैकिंग का काम करता था। उसकी मौत से परिवार ने अपना सहारा खो दिया है।

    उधर, सूचना मिलते ही गोपाल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद से ही जिम का मालिक और 21 वर्षीय आरोपी ट्रेनर मौके से फरार है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को शांत करने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

     

     

  • OTT Platform ZEE5 से फिल्म हटने के बाद Diljit का आया बयान, देखें वीडियो

    OTT Platform ZEE5 से फिल्म हटने के बाद Diljit का आया बयान, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः पंजाब 95 नाम बदलकर ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज की गई दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज को दो दिन बाद प्लेटफॉर्म से अचानक हटा दिया गया। इस पर दिलजीत अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइव हुए। फिल्म को हटाए जाने पर दिलजीत ने कहा कि मैं लोगों के मुंह की तरफ देखता हूं। एक इंसानियत होती है, लेकिन ऐसा लगता है कि इंसानियत मर गई है। फिल्म इंटरनेट से हट गई, इसलिए मैं उदास नहीं हूं।

    फिल्म तो लोगों तक पहुंच ही गई। अब वह कहीं नहीं जाने वाली। एक प्यार, इत्तेफाक और इंसानियत होती है, लेकिन लोगों का रवैया कमाल का है। बस इसी बात का थोड़ा दुख है। वहीं, ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए, अगले आदेश तक ‘सतलुज’ उपलब्ध नहीं रहेगी। कानूनी प्रक्रिया के तहत हर उचित विकल्प तलाशने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि जल्द से जल्द इस फिल्म को फिर से दर्शकों के लिए उपलब्ध कराया जा सके। इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है। मुझे पहले से ही पता था कि ऐसा होना है।

    दिलजीत ने सोचा था कि अगर फिल्म दो-तीन दिन भी चल जाए तो हमारा काम हो जाएगा। इंटरनेट पर एक बार कोई चीज आ जाए, तो उसे पूरी तरह हटाना आसान नहीं होता। इनके सलाहकार ठीक नहीं हैं। वहीं एक प्रशंसक ने जब दिलजीत से उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट के बारे में पूछा, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘एक प्रोजेक्ट आया था, जो अब बैन हो गया है।’ इसके बाद अब यूरोप टूर पर जाएंगे। पहला शो बर्लिन में होगा।

    दरअसल, 3 साल के लंबे संघर्ष के बाद पंजाब 95 फिल्म को सतलुज नाम से रिलीज किया गया था। फिल्म चली, इस बीच अचानक इसे हटा दिया गया। कंपनी की तरफ से कहा गया, “सतलुज” को दर्शकों से बहुत प्यार और अच्छा रिस्पॉन्स मिला। फिल्म देखने और समर्थन करने वाले सभी लोगों का हम दिल से धन्यवाद करते हैं।

    दर्शकों का प्यार और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। ZEE5 को “सतलुज” और इसे बनाने वाली टीम पर पूरा भरोसा है। अच्छी कहानियां लोगों पर गहरा असर छोड़ती हैं। इसलिए आगे भी ऐसी बेहतरीन कहानियां लाते रहेंगे। फिलहाल कुछ परिस्थितियों के कारण “सतलुज” ZEE5 पर उपलब्ध नहीं होगी। इसे दोबारा जल्द से जल्द वापस लाने के लिए सभी जरूरी कानूनी और अन्य प्रयास कर रहे हैं।  अच्छी और सच्ची कहानियों के साथ हमेशा मजबूती से खड़े रहेंगे।

  • फौजी ग्राउंड में चाकू मारकर व्यक्ति का कत्ल, आखिरी कॉल में कहा- मुझे चाकू मार दिया…’

    फौजी ग्राउंड में चाकू मारकर व्यक्ति का कत्ल, आखिरी कॉल में कहा- मुझे चाकू मार दिया…’

    चंडीगढ़ः कलाग्राम लाइट प्वाइंट के साथ लगते फौजी ग्राउंड से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां फौजी ग्राउंड में 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मरने से कुछ मिनट पहले घायल युवक ने अपने साले को फोन कर सिर्फ इतना कहा कि “मुझे चाकू मार दिया है”। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    मृतक की पहचान रायपुर कलां निवासी आशीष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रात करीब 8:50 बजे आशीष ने अपने 16 वर्षीय साले अरुण को फोन कर बताया कि वह कलाग्राम लाइट प्वाइंट के पास फौजी ग्राउंड में है और किसी ने उसे चाकू मार दिया है। हालांकि उसने हमलावरों के नाम नहीं बताए। फोन मिलते ही अरुण मौके पर पहुंचा। उसने अपने भाई सोनू और दोस्तों की मदद से गंभीर रूप से घायल आशीष को ऑटो में बैठाकर मनीमाजरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। परंतु अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।

    घटना की सूचना मिलने पर मौली जागरण थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जस्करण सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पुलिस शिकायतकर्ता को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पता चला कि वारदात कलाग्राम लाइट प्वाइंट के पास दीवार के अंदर करीब 60 से 70 मीटर अंदर फौजी ग्राउंड में हुई थी। मौके का निरीक्षण करने पर स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल जीआरपी थाना क्षेत्राधिकार में आता है। इसके बाद मौली जागरण पुलिस ने तुरंत कंट्रोल रूम और जीआरपी थाना प्रभारी को सूचना दी।

    जीआरपी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल तथा शिकायतकर्ता को आगे की जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों, हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

  • डबल मर्डरः कोर्ट के चपरासी का मिला शव, बेटे की इंटरकास्ट मैरिज के बाद मिल रही थी धमकियां

    डबल मर्डरः कोर्ट के चपरासी का मिला शव, बेटे की इंटरकास्ट मैरिज के बाद मिल रही थी धमकियां

    झज्जरः झज्जर-गुरुग्राम रोड पर सोमवार सुबह सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास सड़क किनारे दो व्यक्तियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो शव पड़े है, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव कब्जे में लिए और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों शव अर्धनग्न थे। दोनों के मुंह-सिर पर चोट के निशान हैं। पास में एक पाइप, नीला ड्रम और लोहे का पाना भी मिला है।

    पुलिस ने एक शव की पहचान कर बताया कि मृतक जिला कोर्ट में चपरासी है। वहीं परिजनों ने कहा कि मृतक के बेटे की सात महीने पहले हुई इंटरकास्ट लव मैरिज हुई थी। लड़की पक्ष की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही थी। उसे लगातार कहा जा रहा था कि शादी उनकी मर्जी के खिलाफ की गई है।

    मृतक की पहचान कुरुक्षेत्र जिला कोर्ट के चपरासी गुरमेल सिंह (40) के रूप में हुई है। एसएचओ परमजीत ने बताया कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि दोनों युवकों की हत्या कर उनके शव यहां लाकर फेंके गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

    उधर, डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि कलानौर चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि कैत मंडी निवासी गुरमेल नामक व्यक्ति लापता है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके दौरान ओल्ड सहारनपुर रोड किनारे झाड़ियों में उसका शव बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि मौके पर शव के पास खून के निशान और एक जोड़ी चप्पल मिली। वहीं आसपास किसी वाहन के टायरों के निशान भी पाए गए। मृतक के शरीर पर भी चोट के निशान मिले हैं।

     

  • Punjab News: ब्यास से आ रही बस और बाइक की टक्कर में महिला की मौत, चालक फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: ब्यास से आ रही बस और बाइक की टक्कर में महिला की मौत, चालक फरार, देखें वीडियो

    फिरोज़पुरः मल्लां वाला रोड पर भीषण सड़क हादसा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार ब्यास से आ रही एक प्राइवेट कंपनी की बस ने एक महिला को कुचल दिया। सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण उसे सिविल अस्पताल फिरोज़पुर ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि निजी कंपनी की बस, जो यात्री लेकर ब्यास से फिरोज़पुर की ओर आ रही थी, जब फिरोज़पुर के मल्लां रोड के मखू गेट के पास पहुँची तो बस और मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई।

    टक्कर के दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी महिला वीरपाल कौर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं और उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल फिरोज़पुर ले जाया गया, जहाँ उनकी मौत हो गयी। परिवार ने बताया कि मृतक महिला गर्भवती थीं। उन्होंने बताया कि टक्कर के समय बस का टायर महिला के सिर पर चढ़ गया। बस ड्राइवर रुकने के बजाय बस लेकर भाग गया।

    मौके पर मौजूद लोगों ने बस का पीछा कर रास्ते में रोक लिया, लेकिन ड्राइवर फिर भी फरार हो गया। परिवार ने न्याय की मांग की है और बस ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सिविल अस्पताल के डॉक्टर ने भी पुष्टि की कि वीरपाल कौर की मौत हो चुकी है; उनका शव मोर्चरी में रखा गया है और पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।