Punjab News: मस्जिद के पास दुकान में युवकों ने लगाई आग, पवित्र कुरान अग्नि भेंट होने पर गरमाया मामला, केस दर्ज, देखें वीडियो

Written by

in

लुधियानाः शिवपुरी में सुन्नी नूरी जामा मस्जिद के पास किताबों की दुकान में युवकों द्वारा आग लगा दी गई। इस घटना में पवित्र कुरान और अन्य इस्लामी किताबों के जलने को लेकर मामला गरमा गया। मुस्लिम समुदाय ने घटना को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए दोषियों के खिलाफ़ तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन युवक बाइक पर सवार होकर आत दिखे। इसमें से एक युवक ने बाइक से उतर कर दुकान के बाहर पेट्रोल छिड़का, इसके बाद आग लगा दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वहां पर कोई मौजूद नहीं था।

थाना दरेसी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अब्दुल रज्जाक, जो केंद्रीय सुन्नी नूरी जामा मस्जिद, गली नंबर-4, संतोख नगर, न्यू शिवपुरी में किरायेदार और मस्जिद के सेवादार हैं, ने बताया कि मस्जिद की ओर से उन्हें एक दुकान दी गई थी। इस दुकान में वह मुस्लिम धर्म से जुड़ी किताबें और मस्जिद में इस्तेमाल होने वाला सामान बेचते थे।

शिकायत के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की रात उन्हें गली से शोर सुनाई दिया। बाहर निकलकर देखा तो उनकी दुकान में आग लगी हुई थी। आसपास के लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तब तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। अब्दुल रज्जाक ने बताया कि आग में धार्मिक पुस्तकें और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ और उनकी धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंची। घटना के बाद मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। शिकायत के मुताबिक, फुटेज में तीन युवक एक बाइक पर आते दिखाई दिए।

आरोप है कि उन्होंने दुकान पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाई और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298, 299, 326(एफ), 326(जी), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। थाना दरेसी पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *