Blog

  • लुधियाना : एक्सीडेंट में मरी महिला के केस में हुआ खुलासा

    लुधियाना : एक्सीडेंट में मरी महिला के केस में हुआ खुलासा

    लुधियाना: 10 मई की सुबह GYM में एक्सरसाइज करने जा रही एक युवती को तेज रफ़्तार गाड़ी द्वारा कुचलने का मामला सामने आया था। पुलिस इस मामले को एक्सीडेंट के पहलु से देख रही थी। लेकिन पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि उक्त युवती को सोची समझी साजिश के तहत मौत के घाट उतारा गया है।

    इस मामले मे जानकारी देते हुए ADCP जगबिंदर सिंह ने बताया कि मृतक स्वीटी आरोड़ा सूफिया चौक जिम के बाहर सैर कर रही थी। इस दौरान XYLO गाड़ी के चालक ने उसे टक्कर मारी और वह सड़क के बीच डिवाइडर में जाकर टकराई। इसके बाद गाड़ी का ड्राइवर उतरकर आया और महिला की नब्ज चेक कर मौके से फरार हो गया। जिसके बाद इलाज के लिए दिल्ली जाते समय रास्ते में स्वीटी की मौत हो गई।

    पुलिस को जांच मे पता चला कि स्वीटी लखविंदर की मोबाइल कंपनी में काम करती थी। स्वीटी और आरोपी लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा के साथ प्रेम संबंध थे। इसलिए वह उसे शादी करने के लिए  दबाव बना रही थी। जिससे तंग आकर लक्खा ने अपने दो साथियों कुलविंदर सिंह और ड्राइवर अजमेर सिंह की मदद से पहले स्वीटी की  रेकी करवाई। जिसके बाद मौका मिलते ही आरोपियों  ने 10 मई को स्वीटी को कार से कुचल दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

  • मोदी सरकार की हर गारंटी की गारंटी ,कांग्रेस की हर गारंटी झूठ का पुलिंदा: चैतन्य शर्मा

    मोदी सरकार की हर गारंटी की गारंटी ,कांग्रेस की हर गारंटी झूठ का पुलिंदा: चैतन्य शर्मा

    चैतन्य शर्मा ने तपती दोपहरी में चलाया डोर टू डोर अभियान 

    ऊना/ सुशील पंडित : गगरेट विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव हेतु भाजपा प्रत्याशी चैतन्य शर्मा ने मंगलवार को डंगोह खुर्द, पिरथीपुर, डंगोह खास, मुबारिकपुर, मवा कोहलां में नुक्कड सभाएँ आयोजित कर कांग्रेस सरकार पर महिलाओं के साथ विश्वासघात का आरोप लगाया। चैतन्य शर्मा ने कहा कि गगरेट विधानसभा क्षेत्र  में जब तक हर परिवार की महिला को प्रति माह 15 सौ रुपए के हिसाब से 17 माह का 25500 रुपए न मिले। तब तक कांग्रेस पार्टी को वोट मांगने का कोई अधिकार नहीं है। क्योंकि डेढ़ वर्ष पूर्व भी कांग्रेस पार्टी ने 15 सौ रुपए प्रति माह की झूठी गारंटी देकर वोट  हासिल कर सरकार बनाई थी, तब से लेकर अब तक महिला शक्ति 1500 रूपये हासिल करने में नजरें गढ़ाये बैठी है लेकिन कांग्रेस मात्र कोरे आश्वासन ही उन्हें दे रही है।

    चैतन्य शर्मा ने कहा कि  भाजपा की हर गारंटी की गारंटी है। लेकिन कांग्रेस की गारंटी मात्र झूठ का पुलिंदा है। क्योंकि डेढ़ वर्ष राज्य सरकार का पूरा हो गया लेकिन  अभी तक राज्य सरकार ने कोई गारंटी पूरी नहीं की है। चैतन्य शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार झूठी गारंटी देकर  कांग्रेस पार्टी ने सत्ता की कुर्सी हासिल की थी अब उसी झूठ का खामियाजा  चार जून को कांग्रेस  सरकार को चुकाना पड़ेगा।उन्होंने कहा कि देश हो या फिर प्रदेश कांग्रेस पार्टी का कहीं कोई बजूद  नहीं है। और न ही कोई विजन और न ही कोई नीति है। आज देश से कांग्रेस पार्टी लुप्त होने की कगार पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि श्री राम जी का सहारा भी उन्हें ही मिलता है। जो श्री राम जी के प्यारे होते है। जिन्होंने 500 वर्ष प्रभु श्री राम जी को  टेंट में रखा। उन्हे प्रभु श्री राम जी का  आशीर्वाद कभी नहीं मिलेगा।

    उन्होंने  कहा कि गगरेट  की जनता ने अब भाजपा के पक्ष में जाने का मन बना लिया हैं। क्योंकि राज्य सरकार के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में न कोई उपलब्धि है। और न ही जनता की समस्याओं का समाधान हुआ है। जबकि चैतन्य शर्मा  निःशुल्क  स्कालरशिप योजना, एम्बुलेंस योजना, सोलर लाइट्स, निशुल्क दवाइयां इत्यादि योजनाओं को चलाकर जनता का मुश्किल समय में. सहारा बने है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता चाहे जितने मर्जी झूठे आरोप उन पर लगा लें, जनता उन पर विश्वास नहीं करेगी, अपितु 01 जून को कमल के फूल का पहले नंबर वाला  बटन दो अलग अलग मशीनों पर दो बार  दबाकर केन्द्र एवम प्रदेश में डबल इंजन वाली भाजपा सरकार बनाएगी ताकि देश एवम प्रदेश का एक  समान विकास हो सके।
  • एसडीएम हरोली ने घालूवाल आग दुर्घटना स्थल का किया दौरा

    एसडीएम हरोली ने घालूवाल आग दुर्घटना स्थल का किया दौरा

    ऊना/ सुशील पंडित : आज मंगलवार को दोपहर 1 बजे के करीब घालूवाल में प्रवासी बस्ती में झुग्गियों में आग लग गई। एसडीएम हरोली राजीव ठाकुर ने घालूवाल में हुए दुर्घटना स्थल का दौरा किया। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था समेत अन्य सभी आवश्यक सेवाओं के प्रबंध प्रसाशन ने कर दिये हैं। इसके अलावा आग दुर्घटना में घायल हुए चार लोगों को ईलाज के लिये ऊना हॉस्पिटल ले जाया गया और उपचार के उपरांत छूटी दे दी गई है।सूचना मिलते ही अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में करीब 40 झुग्गियां जलकर राख होने की सूचना है।
  • निगरानी टीमों ने और सघन किया जांच अभियान

    निगरानी टीमों ने और सघन किया जांच अभियान

    ऊना/ सुशील पंडित : ऊना जिले में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी जतिन लाल के निर्देशानुसार निर्वाचन व्यय निगरानी टीमों ने जांच अभियान को और अधिक सघन कर दिया है। वीडियो निगरानी दल, स्थैतिक निगरानी दल व उड़न दस्ते हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रहे हैं। वहीं, जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले एवं जिले से बाहर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों की सघन जांच कर पचास हजार से ज्यादा की नकद राशि, शराब, नशीले पदार्थ, मादक द्रव्य एवं हथियार तथा अन्य प्रतिबंधित चीजों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

    जिले में मंगलवार को एफएसटी, एसएसटी, वीडियो अवलोकन टीमों के साथ साथ पुलिस, कर एवं आबकारी तथा सेंट्रल जीएसटी की टीमों ने भी लगातार फील्ड में मोर्चा संभाला। बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए नगदी, अवैध शराब, संदेहास्पद वस्तु या शस्त्रों इत्यादि को लेकर कड़ी निगरानी तथा दोपहिया और चार पहिया वाहनों की सघन जांच की गई।

    जतिन लाल ने बताया कि जिला में चुनाव के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में 3-3 उड़न दस्ते और स्थैतिक निगरानी टीमें, एक वीडियो सर्विलांस टीम और 1-1 वीडियो अवलोकन टीम, सहायक व्यय पर्यवेक्षक टीमें व अकाउंटिंग टीमें तैनात हैं। ये टीमें औचक निरीक्षण तथा चेकिंग का कार्य कर रही हैं। इसके अलावा चुनावों के चलते निगरानी के लिए 25 इंटर स्टेट नाके और 121 राज्यांतरिक नाके लगाए गए हैं ।

    उन्होंने सभी निरागनी टीमों को निर्देश दिए कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि में त्वरित कार्रवाई करें और साथ ही उसकी सूचना प्रशासन से तुरंत साझा करें ताकि चुनावों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराया जा सके।
  • ट्रैक्टर की चपेट में आने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत

    ऊना/ सुशील पंडित  :पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत आते गांव घालूवाल में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई जबकि भाई ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। मृतक की पहचान कृष्ण कुमार पुत्र कुशो विंद निवासी ऐकानिया खुटियां, जिला खगडिय़ा बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरज कुमार निवासी बिहार अपने छोटे भाई कृष्ण कुमार के साथ घालूवाल में सड़क किनारे साइकिल की चेन ठीक कर रहा था। इसी दौरान घालूवाल की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर ने कृष्ण कुमार को टक्कर मार दी। जबकि बड़े भाई सूरज ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। हादसे में कृष्ण कुमार घायल हो गया। सूचना मिलते ही कृष्ण कुमार के पिता मौके पर पहुंचे और बेटे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया।  

    डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। साथ ही ट्रैक्टर चालक देवजी विंद निवासी बिहार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • कांग्रेस सरकार मतलब भ्रष्टाचार, मोदी सरकार हर गारंटी दमदार:अनुराग ठाकुर

    कांग्रेस सरकार मतलब भ्रष्टाचार, मोदी सरकार हर गारंटी दमदार:अनुराग ठाकुर

    कुटलैहड़ प्रवास के बुधान ,तनोह ,धुंधला ,हटली पीपलू कोट में कांग्रेस पर बरसे अनुराग

    कहा, मोदी सरकार तीसरी बार ,और मिशन 400 पार करने के लिए बूथ स्तर पर प्रचार जरूरी

    ऊना/सुशील पंडित : देश में कांग्रेस का हाथ,बाहरी ताकतों के साथ, तभी हर समय देश में टुकड़े टुकड़े करने और जनता को विभाजित करने में कांग्रेस तुली रहती है। देश में कांग्रेस के चाहे राहुल गांधी हों या फिर अन्य कांग्रेस के बड़े नेता। सत्ता की कुर्सी को पाने के लिए बाहरी ताकतों का सहारा लेकर जनता को भड़काने का काम करने पर लगी रहती है। इसलिए पहली जून को भाजपा के कमल का बटन दबाएं। और देश में सनातन धर्म की रक्षा करने बाली भारत सरकार का नेतृत्व कर रहे देश के प्रधान मंत्री को जिताकर इतिहास बनाए। यह शब्द केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कुटलैहड़ प्रवास पर आधा दर्जन जनसभाओं को  संबोधित करते हुए कहे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2014 में भाजपा ने देश की जनता के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में पांच वर्ष का समय मांगा था। और देश की जनता ने 282 सीटे भाजपा को देकर प्रचंड और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई थी। 2019 में दोबारा देश की जनता से पांच वर्ष का समय भाजपा ने मांगा था। और देश की जनता ने 303 सीटे देकर प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई। और अब मिशन 400 पार करना है। 

    अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के दस वर्ष के कार्यकाल में 31000 किमी रेल लाइन विस्तार,41बंदे भारत एक्सप्रेस, 17 एम्स  नए बनाकर संख्या को 24 पहुंचाया , जिसमें राज्य के बिलासपुर में 1700 करोड़ की लागत से एम्स निर्माण करवाया,500 करोड़ का उना में पीजीआई सैट लाइट अस्पताल निर्माण करवाना,देश में 12 नई ट्रिपल आईटी निर्माण करवाना,500 करोड़ की देहरा में सेंट्रल यूनिवर्सिटी निर्माण होना,उना हमीरपुर बिलासपुर में जच्चा बच्चा अस्पताल एवम मैडिकल कॉलेज का निर्माण होना,उना से अब इंदौरा रेल लाइन विस्तार एवम हर धार्मिक स्थल के लिए 12 ट्रेन चलाना, दस वर्षो में कुटलैहड़ विस क्षेत्र की सड़को के लिए 938 करोड़ स्वीकृत होना बही हिमाचल प्रदेश में बहुचर्चित लठियानी मंदली पुल के लिए 900 करोड़ का प्रावधान करवा कर शिलान्यास एवम टेंडर प्रतिक्रिया के बाद जल्द कार्य शुरू करवाना मुख्य कार्य है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यह सभी तव संभव हो पाया है। जब आपका एक एक मत भाजपा के पक्ष में गया हैं। इसलिए फिर एक बार मोदी सरकार के नाम पर अपने अपने बूथ पर घर घर जाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करवाना है। इस मौके पर कुटलैहड़ भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुमार भुट्टो, पूर्व मंत्री बिरेंद्र कंवर, सह प्रभारी संजीव कटवाल,जिला पार्षद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा,महामंत्री राजेंद्र मलांगड़,सुरेंद्र हटली भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

    यूपीए सरकार के दस वर्ष भ्रष्टाचार और मोदी के दस वर्षो में हुआ केवल विकास
    अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि देश की सत्ता जब यूपीए सरकार के हाथो में थी। तो हर दिन भ्रष्टाचार को अंजाम दिया जाता है। और इतना बड़े बड़े घोटाले होते रहे कि मीडिया भी कितनी जीरो लगाई जाए। उनके लिए गूगल सर्च करते थे। लेकिन जब आपने 2014 में देश की बागडोर एक चायवाले के हाथ में दी। तव से दस वर्ष मोदी सरकार में केवल बिकास को गति देकर हर वर्ग को लाभ पहुंचाने का काम किया हैं। और विपक्ष मोदी सरकार के एक भी मंत्री नेता पर भ्रष्टाचार का आरोप तो क्या लगाएगा। किसे नेता पर भ्रष्टाचार को उंगली नहीं उठा सके। यह मोदी सरकार की कारगुजारी रही हैं। 

    अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि 80 करोड़ परिवारों को फ्री राशन,12 करोड़ परिवारों को किसान सम्मान निधि का छः हजार,5 करोड़ परिवारों को पक्के मकान, 16 करोड़ परिवारों को फ्री शौचालय बनाकर दिए है। यही मोदी सरकार की गारंटी हैं। ठाकुर ने कहा कि राज्य में सुक्खू सरकार की गारंटियों की क्या गारंटी होगी। अब तो यह भी पता नहीं है। कि सुक्खू सरकार चार जून के बाद कब अलविदा कह दे। क्योंकि सुक्खू सरकार अपनी की गारंटियों के तले दबी हुई है। इसलिए पहली जून को कमल का दो बार बटन दबाएं। एक मुझे और दूसरा देवेंद्र भुट्टो के पक्ष में मतदान करके हमें अपना समर्थन दें।
  • गठबंधन के साथी प्रदेश में चुनाव की गति को मजबूत करेंगे: मुकेश

    गठबंधन के साथी प्रदेश में चुनाव की गति को मजबूत करेंगे: मुकेश

    सीपीएम व आप के नेताओं के साथ हुई बैठक

    प्रदेश में कांग्रेस के प्रत्याशी बड़े मार्जन के साथ जीतेंगे, भाजपा को दिन में तारे नजर आएंगे: मुकेश

    ऊना/सुशील पंडित : हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना मुख्यालय पर इंडिया गठबंधन के साथियों के साथ बैठक की। इस बैठक में सीपीएम व आम आदमी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। तीनों दलों ने अपना समर्थन कांग्रेस के लोकसभा व विधानसभा के उप चुनाव के प्रत्याशियों को देने का ऐलान किया। मुकेश अग्निहोत्री ने गठबंधन के साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जिस प्रकार से पूंजीपतियों को लाभ देने का काम किया है, चंद लोगों को अमीर बनने का काम किया है, कर्ज माफी की है, किसानों के साथ धक्का शाही की है। उन्होंने कहा कि उस सब में आज समय की जरूरत है कि कांग्रेस की सरकार को गठबंधन के तहत लाया जाए, जो देश को खुशहाल करेगी।

    उन्होंने कहा कि गठबंधन के साथी आगे बढ़कर के समर्थन सहयोग कर रहे हैं, यह कांग्रेस को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के साथियों को भी पूरा सम्मान दिया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नोटबंदी हो, जीएसटी हो सब में देश को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की सरकार ने अपने वायदों को पूरा किया है, कर्मचारी, मजदूर को मेहनतकशों को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों  की पेंशन कांग्रेस सरकार ने शुरू की है। उन्होंने कहा कि मजदूर के लिए काम किया हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा को तो बताना चाहिए कि गरीबों के लिए क्या किया है? महंगाई के लिए क्या किया है ?रोजगार के लिए क्या किया है? मुकेश में लोकसभा का विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सपने चकनाचूर होंगे। 

    उन्होंने कहा कि भाजपा की हवाइयां उड़ गई है और ना ही हिमाचल में चार में से चार का सपना पूरा होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से हिमाचल के हितों की रक्षा करेगी, हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाएगी। उन्होंने कहा कि हम रोजगार भी देंगे, आत्मनिर्भर हिमाचल भी बनाएंगे और कार्यकर्ताओं को जनता को सम्मान देते हुए हर वर्ग का कल्याण भी करेंगे।इस अवसर पर ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद बिट्टू, कामरेड गुरनाम सिंह, विजय, केके राणा आप के नेता रविंद्र मान सहित अन्य उपस्थित रहे।
  • जनता करें अनुराग से सवाल, हमीरपुर को आने वाली ट्रेन कहां है: सुक्खू

    जनता करें अनुराग से सवाल, हमीरपुर को आने वाली ट्रेन कहां है: सुक्खू

    कहा, रायजादा मेरा छोटा भाई, मैंने ही उतारा चुनाव मैदान में, ठोक बजा कर डालो वोट

    ऊना/सुशील पंडित : हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार 4 बार सांसद बनकर दिल्ली जा चुके अनुराग ठाकुर को पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने क्षेत्र के लिए क्या किया है। हमीरपुर को आने वाली ट्रेन कहां है। क्यों हमीरपुर की जनता को ट्रेन के नाम पर भ्रमित करके वोटें बटोरकर जीत हासिल करने के बाद पूरे 5 साल गायब रहे। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेसी प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा के पक्ष में हमीरपुर के विभिन्न विस क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जनसभाओं के दौरान कही। 

    सीएम सुक्खू ने कहा कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए अनुराग कहते फिर रहे हैं कि प्रदेश सरकार ने रुपए नहीं दिए, लेकिन वह यह भूल किए कि मेरी सरकार को महज 15 माह हुए हैं। उससे पहले वह केंद्र की मोदी और प्रदेश की जयराम सरकार को डबल इंजन की सरकार कहते फिरते थे। अनुराग यह डबल इंजन दौड़ा नहीं पाए और खुद भी हांफ गए हैं। सुक्खू ने कहा कि मेडिकल कॉलेज मैं लेकर आया, लेकिन हर बार की तरह दूसरों के कार्यों का श्रेय लेने की दौड़ लगाने में माहिर अनुराग कहने लगे कि वह स्वयं मैडिकल कॉलेज लाए हैं। यदि यह अनुराग लाए होते तो उस कॉलेज का नाम डा. राधा कृष्ण मैडिकल कॉलेज नहीं रखा जाता।

    अनुराग सबसे अधिक झूठ बोलने वाले व्यक्ति हैं। जनता को उनसे 4 बार सांसद रहने का रिपोर्ट कार्ड मांगना चाहिए, जोकि वह इस चुनाव में जनता के सामने नहीं रख पा रहे हैं। दूसरों के कार्यों को अपना बताकर अनुराग इस बार जीत नहीं हासिल कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि सतपाल रायजादा मेरा छोटा भाई है और मैंने ही चुनाव मैदान में उतारा है। यह साधारण व्यक्ति है, जहां भी मिलेगा वहीं आपके साथ बैठ जाएगा। दूसरी ओर सांसद अपने कपड़ों में दाग न लग जाए ऐसा ख्याल रखते हैं, लेकिन रायजादा को कपड़ों की नहीं जनता की फिक्र रहती है। जनता से अनुरोध है कि ठोक बजाकर रायजादा को वोट करें। 

    जब केंद्र ने दिए महज 1000 तब भी अनुराग नहीं खोल पाए मुंह: रायजादा
    कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर ने हमेशा हर बात पर चुप्पी साध रखी है। न केंद्र में वह आपदा के समय बोल पाए और न ही एनपीएस का रुपया वापिस लाने को लेकर बात कर पाए हैं व न ही अग्रिवीर योजना के खिलाफ मुंह खोला। वह संसदीय क्षेत्र को अपना नहीं मानते हैं। अनुराग ठाकुर ने हर बार संसदीय क्षेत्र में रेल का ड्रामा किया है। रेल लाइन हमीरपुर तक पहुंचाने को ड्रीम प्रोजेक्ट बताते रहे, लेकिन एक इंच भी रेल लाइन ऊना से हमीरपुर की ओर नहीं बिछ पाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इसके लिए महज 1000 रुपए दिए और अनुराग अपनी ही केंद्र सरकार में इसके लिए नहीं बोल पाए। रायजादा ने कहा कि जनता आशीर्वाद देती है, तो वह हमीरपुर तक रेल लाइन पहुंचाएंगें। न केवल जनता की पुरानी मांग को पूरा किया जाएगा बल्कि अनुराग के ड्रीम प्रोजेक्ट को भी मैं पूरा करूंगा।

    कामों का झूठा श्रेय लेकर अनुराग इस बार नहीं पहुंच पाएंगे संसद: मुकेश
    उधर, ऊना में आम आदमी पार्टी और विभिन्न ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली और सतपाल रायजादा को मजबूत उम्मीदवार बताया। इस मौका पर अग्रिहोत्री ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर ने कभी संसदीय क्षेत्र की बात दिल्ली में नहीं की। संसदीय क्षेत्र तो छोड़ो वह अपने गृह जिला हमीरपुर तक के लिए कुछ नहीं कर पाए। न वहां के लिए ट्रेन चला पाए और न ही रेल लाइन बिछा पाए। दूसरों की उपलब्धियों को अपना बताने में लगे हुए हैं। अग्रिहोत्री ने कहा कि सलोह की ट्रिपल आईटी को अनुराग अपना बता कर झूठ का ढिंढोरा पीट रहे हैं लेकिन इसमें उनका कोई योगदान नहीं है बल्कि वह इसके यहां स्थापित होने के विरोध में थे। इस बार झूठ के सहारे अनुराग की नैया पार नहीं लग पाएगी और जीत कांग्रेस के प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा की ही होगी।
  • व्यय पर्यवेक्षक ने बंगाणा में राजनीतिक उम्मीदवारों और अधिकारियों के साथ की बैठक

    व्यय पर्यवेक्षक ने बंगाणा में राजनीतिक उम्मीदवारों और अधिकारियों के साथ की बैठक

    चुनावी व्यय की निगरानी को लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश


    ऊना/ सुशील पंडित : भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा ऊना जिले के गगरेट और कुटलैहड़ विधानसभा उप चुनावों के लिए नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक आईआरएस अधिकारी मीनू सिंह बिष्ट ने मंगलवार को बंगाणा में प्रशासनिक अधिकारियों एवं राजनितिक दलों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को चुनावी व्यय की निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी को निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों का पूरा पालन तय बनाने को कहा। बैठक में निर्वाचन अधिकारी एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल तथा व्यय निगरानी के लिए गठित दलों के सदस्य उपस्थित रहे।

    व्यय निगरानी दल पूरी सजगता से करें कार्य
    मीनू विष्ट ने  निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के लिए सभी अधिकारियों से अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा। उन्होंने किसी भी पार्टी द्वारा या निर्दलीय उम्मीदवार के द्वारा खर्च का पूरा ब्यौरा कैश रजिस्टर में चढ़ाना अनिवार्य होगा। किसी भी पार्टी या निर्दलीय उम्मीदवार का खर्चा निर्वाचन आयोग की शर्तों और लिमिट के अनुसार ही होगा। चुनाव का खर्च रजिस्टर अकाउंट से ही होगा अन्य किसी भी अकाउंट से नहीं होगा। कैश रजिस्टर डे टू डे रजिस्टर और बैंक रजिस्टर को हर दिन अपडेट करना होगा। व्यय पर्यवेक्षक मीनू सिंह बिष्ट ने कहा कि सभी प्रत्याशी चुनाव पर होने वाले खर्च को व्यय रजिस्टर में दर्शाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए कोई भी प्रत्याशी 40 लाख से अधिक की राशि खर्च नहीं कर सकता है।

    वहीं, सोनू गोयल ने बताया कि कुटलैहड़ विधानसभा उपनिर्वाचन के तहत विभिन्न क्षे़त्रों में निगरानी टीमें तैनात की गई हैं तथा इस दौरान वाहनों की चेकिंग भी की जा रही है ताकि चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार आदर्श आचार संहिता की अनुपालना की जा सके। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार चुनाव प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों तथा प्रत्याशियों द्वारा प्रचार के खर्चे का सही तौर आकलन सुनिश्चित किया जा रहा है तथा इसे शैडो रजिस्टर में दर्शाया जा रहा है।

    व्यय पर्यवेक्षक से कर सकते हैं चुनावी व्यय संबंधी शिकायत
    बता दें, ऊना जिले के गगरेट और कुटलैहड़ विधानसभा के उप चुनावों में मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग ने भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) की अधिकारी मीनू सिंह बिष्ट को व्यय पर्यवेक्षक  नियुक्त किया है। मीनू सिंह बिष्ट 2011 बैच की आईआरएस अधिकारी हैं। उपचुनावों में व्यय से संबंधित किसी शिकायत अथवा सुझाव को लेकर कोई भी व्यक्ति व्यय पर्यवेक्षक मीनू सिंह बिष्ट के मोबाइल नम्बर 9317644760 अथवा लैंडलाइन नंबर 01975-292371 पर उनसे संपर्क कर सकता है।
  • रंग लाए ऊना जिला प्रशासन के प्रयास

    रंग लाए ऊना जिला प्रशासन के प्रयास

    जलग्रां टब्बा वासियों ने खत्म किया धरना प्रदर्शन, वापिस ली चुनावों के बहिष्कार की बात


    लोगों का ऐलान…बढ़चढ़ कर करेंगे मतदान


    ऊनासुशील पंडित: ऊना जिले के जलग्रां टब्बा के वार्ड 5 के निवासियों में रेलवे ओवर ब्रिज की अटकी मांग को लेकर व्याप्त रोष को समाप्त करने तथा उन्हें मतदान में सक्रियता से भाग लेने के लिए प्रेरित करने को लेकर जिला प्रशासन के प्रयास रंग लाए हैं। प्रशासन की पहल पर वहां लोगों ने लोकसभा चुनावों के बहिष्कार का धरना प्रदर्शन आज मंगलवार को समाप्त कर दिया तथा मतदान में बढ़चढ़ कर भाग लेने का ऐलान किया।


    जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त ऊना जतिन लाल के निर्देश पर प्रशासन की ओर से एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की टीम के साथ मंगलवार को ग्राम पंचायत जलग्रां टब्बा के वार्ड 5 का दौरा किया। उन्होंने मौके पर जाकर स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और उन्हें समाधन को लेकर आश्वसत किया। इस दौरान रेलवे के सीनियर अभियंता व लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता उनके साथ रहे।


    एसडीएम ने रेलवे के सीनियर इंजीनियर को ओवर ब्रिज का प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को अवगत कराया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा अप्रोच रोड़ का कार्य पहले ही अवार्ड किया जा चुका है। एसडीएम ने पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि वे रेलवे ओवर ब्रिज के समीप जिन लोगों की जमीन लगती है, उनकी एनओसी लेना सुनिश्चित बनाए।


    प्रशासन के सकारात्मक कदमों से बना विश्वास
    वहीं, जलग्रां टब्बा वार्ड 5 के निवासी यशपाल ने बताया कि रेलवे ओवर ब्रिज के अभाव में उन्हें बहुत समस्याएं झेलनी पड़ रही थीं, ओवर ब्रिज की समस्या के चलते ही ग्रामवासियों ने धरना प्रदर्शन पर बैठकर लोकसभा चुनावों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया था। लेकिन प्रशासन के सकारात्मक कदमों से उनका विश्वास बना है तथा आशा बढ़ी है । उन्होंने स्पष्ट किया कि अब यहां के सभी लोगों ने लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेने के लिए आम सहमति से फैसला लिया है।


    यशपाल ने बताया कि स्थानीय लोगों की बहुत लम्बे समय से ओवर ब्रिज की मांग थी, जिसके पूरा न होने से उन्हें बहुत सी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ओवर ब्रिज के अभाव में लोगों को जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करके आना पड़ता था। उन्होंने बताया कि बच्चों को स्कूल आने-जाने, मरीजों को अस्पताल आने-जाने, पंचायत घर जाने सहित अन्य कार्य करने के लिए रेलवे पटरी से होकर गुजरना पड़ता है, जिसके चलते हर समय किसी भी अप्रिय घटना होने का डर रहता है।


     यशपाल ने कहा कि प्रशासन द्वारा स्थानीय लोगों की दिक्कतों को सुनने और आश्वसत करने के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त किया है। उन्होंने कहा  कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए लोकसभा चुनावों में स्थानीय लोग बढ़चढ़ भाग लेंगे ताकि लोकतंत्र की आवाज़ को बुलंद किया जा सके। इस अवसर पर समस्त स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।


    वहीं, एसडीएम विश्व मोहन देव चौहान ने लोगों के मतदान में भाग लेने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में हर एक वोट कीमती है । संबंधित विभागों को ओवर ब्रिज के काम को समयबद्ध करने को कहा गया है। जलग्रां टब्बा वासी इससे आश्वस्त हैं तथा लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी को लेकर उत्साहित हैं।