Blog

  • पंजाबः सीएम मान पर भड़की नवजोत कौर सिद्धू, दी चेतावनी

    पंजाबः सीएम मान पर भड़की नवजोत कौर सिद्धू, दी चेतावनी

    चंडीगढ़:  कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की सुरक्षा कम किए जाने को लेकर उनकी पत्नी डॉ. नवजोत कौर ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। नवजोत कौर ने सीएम भगवंत मान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उनके पति को कुछ हो जाता है तो इसके लिए वो सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। नवजोत कौर ट्वीट कर अपना गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि माननीय मुख्यमंत्री, पंजाब, मेरे पति एक ऐसे नेता हैं जिनके बहुत सारे समर्थक हैं। पंजाब के प्रति अपने प्रेम के कारण वह दिन-रात यात्रा कर रहे हैं। लॉरेंस बिश्नोई के एक भाषण में उनका जिक्र होने के बावजूद आपने उनकी सुरक्षा में कटौती की है। आप किसी भी नुकसान के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।

    ‘अपने परिवार की बढ़ाई सुरक्षा’

    नवजोत कौर ने अपने दूसरे ट्वीट में सीएम मान पर आरोप लगाते हुए लिखा कि आपने अपने प्रियजनों की सुरक्षा बढ़ा दी है लेकिन आप दूसरों के प्रति भी जिम्मेदार हैं जो राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं और सच्चाई के मार्ग पर चलते हैं। अपने अहंकार को अपने दिमाग पर हावी न होने दें और गलत कार्य करने के लिए मजबूर न करें। वर्तमान स्थिति उनके लिए मुख्यमंत्री पंजाब के अनुकूल नहीं है।

    जेड प्लस से घटाकर वाई की गई है सुरक्षा

    आपकों बता दें कि रोडरेज मामले में करीब 10 महीने की सजा काटने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई हुई है। जेल से रिहाई के साथ ही उनकी सुरक्षा में पंजाब सरकार ने कटौती कर दी थी, जिसको लेकर नवजोत सिंह सिद्धू ने भी पंजाब सरकार पर निशाना साधा था, उन्होंने कहा था कि वो अपनी सुरक्षा में कटौती के बाद भी बोलना बंद नहीं करेंगे, एक बुलेटप्रूफ वाहन को हटाकर आप सच की आवाज को नहीं दबा सकते। सिद्धू ने कहा था कि मूसेवाला के साथ जो हुआ वहीं उनके साथ हो रहा है।

  • बैंक में चली अंधाधुंध गोलियां, 5 की मौत, 9 घायल

    बैंक में चली अंधाधुंध गोलियां, 5 की मौत, 9 घायल

    लुइसविलेः अमेरिका के लुइसविले में गोलीबारी की घटना सामने आई है। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना लुइसविले शहर में एक बैंक की इमारत में हुई है, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और अन्य आठ लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी रायटर ने यह जानकारी दी है। रायटर ने पुलिस के हवाले से बताया कि हमले के तुरंत बाद हमलावर को मार गिराया गया।

    घायलों में दो पुलिस अधिकारी शामिल

    पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में आठ लोग घायल हो गए हैं, जिसमें कम से कम दो पुलिस अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती एक अधिकारी सहित दो की हालत गंभीर है। लुइसविले मेट्रो पुलिस विभाग के उप प्रमुख पॉल हम्फ्रे ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस जांच कर रही है कि शूटर ने खुद को गोली मारी या पुलिस की गोली से उसकी मौत हुई है।

    ओल्ड नेशनल बैंक की एक शाखा में हुई गोलीबारी

    पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना शहर के डाउनटाउन में स्लगर फील्ड बेसबॉल स्टेडियम के पास ओल्ड नेशनल बैंक की एक शाखा में स्थानीय समय के अनुसार करीब 8:30 बजे हुई। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, लुइसविल मेट्रो पुलिस विभाग ने सोमवार को ट्विटर पर बताया कि इलाके में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और लोगों को घटना स्थल वाले इलाके से दूर रहने के लिए कहा गया है।

    मौके पर पुलिस के कई वाहन मौजूद

    इमारत से बाहर निकलने वाले प्रत्यक्षदर्शियों ने एक स्थानीय टेलीविजन डब्ल्यूएचएएस-टीवी को बताया कि उन्होंने इमारत के भीतर गोलियों की आवाज सुनी। समाचार एजेंसी एपी ने बताया कि WHAS-TV फुटेज में घटना स्थल पर कई पुलिस वाहन देखे गए। WHAS के पत्रकारों ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल से एंबुलेंस में लोगों को जाते देखा है। केंटुकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने कहा कि वह घटनास्थल की ओर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह हमले में पीड़ितों को जानते हैं। एक ब्रीफिंग में बेशियार ने कहा कि मेरा एक बहुत करीबी दोस्त है जो आज नहीं आया और जो अस्पताल में है मुझे आशा है कि वह जल्द ठीक हो जाएगा।

  • पंजाबः एक्टिवा पर जा रहे कारोबारी की तेजधार हथियार से हत्या

    पंजाबः एक्टिवा पर जा रहे कारोबारी की तेजधार हथियार से हत्या

    लुधियानाः शहर के कोचर मार्केट से बड़ी ख़बर सामने आई है। जहां क्षेत्र में एक कारोबारी की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मंजीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कारोबारी मंजीत सिंह सोमवार रात एक्टिवा पर अपने घर जा रहा था। तभी दो हथियारबंद लुटेरों ने उसे रोक लिया और तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। मंजीत सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जहां वारदात हुई वह जगह पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू के कार्यालय के पास है। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। प्राथमिक जांच में अभी सामने आया है कि बदमाशों ने मनजीत सिंह का उनकी दुकान से पीछा किया है। बदमाशों ने कुछ दिन पहले मनजीत की रेकी की है। इसके बाद इन्होंने मौका देख वारदात को अंजाम दिया।

  • पंजाबः भारत के पहले संगीत कलाकार बने सिद्धू मूसेवाला, जिसे मिली ये खास उपलब्धि

    पंजाबः भारत के पहले संगीत कलाकार बने सिद्धू मूसेवाला, जिसे मिली ये खास उपलब्धि

    चंडीगढ़ः पंजाब के दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है। मूसेवाला के यूट्यूब अकाउंट के सब्सक्राइबर की संख्या 20 मिलियन हो गई है। इसके बाद से मूसेवाला की टीम काफी उत्साहित है। टीम की तरफ से बाकायदा सिद्धू के सभी हिट गानों के पोस्टर का कोलाज बनाकर सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया गया है। साथ ही इस कामयाबी का भी इसमें जिक्र किया गया है। टीम का दावा है कि सिद्धू भारत के सबसे अधिक सब्सक्राइब किए गए व्यक्तिगत कलाकार बन गए हैं। साथ ही वे यूट्यूब पर सबसे अधिक सब्सक्राइबर वाले एकमात्र पंजाबी कलाकार भी हैं। उनके कुल यूट्यूब व्यूज अब तक 5.7 बिलियन से ज्यादा हैं। 

    सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद उनके पिता बलकौर सिह की तरफ से उनके पुराने रिकॉर्ड गानों को रिलीज किया जा रहा है। सिद्धू की मौत के बाद से अब तक तीन गानों को रिलीज किया जा चुका है। सभी गानों के व्यूज लाखों में रहे हैं। हालांकि उसमें से एक गाने एसवाईएल को यूट्यूब पर प्रतिबंधित कर दिया गया था। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह का कहना है कि वे बेहद खुश हैं कि अभी भी सिद्धू को चाहने वालों में कमी नहीं आई है। वे भी चाहते हैं कि सिद्धू को इंसाफ मिले।

  • पंजाबः जूस कॉर्नर को चोरों ने बनाया निशाना, कैश सहित मशीन लेकर हुए फरार, देखें CCTV

    पंजाबः जूस कॉर्नर को चोरों ने बनाया निशाना, कैश सहित मशीन लेकर हुए फरार, देखें CCTV

    लुधियानाः शहर में आए दिन लूटपाट के मामले सामने आ रहे है। वहीं ताजा मामला विश्वकर्मा चौक के पास से सामने आया है। जहां चोरों ने अरोड़ा जूस कॉर्नर की दुकान को निशाना बनाया है। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। चोरों ने दुकान से जूस निकालने वाली मशीन, एलईडी और कैश चुराकर फरार हो गए। वहीं घटना की जानकारी देते हुए जूस कॉर्नर के मालिक रोहित अरोड़ा ने बताया कि वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके चला गया था। सुबह जब वह पहुंचा तो दुकान पर ताले नहीं लगे थे।

    जब उसने दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा हुआ था। चोर दुकान से जूस निकालने वाली मशीनों सहित अन्य सामान ले गए। रोहित ने बताया कि उसने दुकान में एक प्लास्टिक का गल्ला रखा हुआ था। उसमें से 19 हजार रुपए भी गायब है। साथ ही एलईडी भी उतारकर ले गए। जब सीसीटीवी चेक किए तो चोरी का खुलासा हुआ। पहले चोरों ने दुकान से सामान पर हाथ साफ किया। उसके बाद बाहर खड़ी कार में सामान ले जाते हुए दिखाई दिए। दुकान मालिक ने चोरी की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

  • जालंधरः जुआरियों पर लुटेरों ने हमला कर चलाई गोलियां, देखें CCTV

    जालंधरः जुआरियों पर लुटेरों ने हमला कर चलाई गोलियां, देखें CCTV

    जालंधर, वरुण/हर्ष: महानगर में लूट की वारदाते थमने का नाम नहीं ले रही। अब तो लुटेरे जुआ खेल रहे जुआरियों को भी निशाना बनाने लगे है। ऐसा ही एक मामला पटेल चौक के निकट स्थित साईं दास स्कूल की बैक साइड पर लगती गली से सामने आया है। जहां नकाबपोश लुटेरों ने हथियार के बल पर स्कूल की बैक साइड पर जुआ खेलते जुआरियों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि लुटेरों ने जुआरियों का पीछा करने के दौरान हवा में फायर भी किया। वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दरअसल, बीती रात पटेल चौक के साथ लगते साईं दास सीनीयर सैकेंडरी स्कूल की बैक साइड पर गली में कुछ जुआरी जुआ खेल रहे थे।

    इसी दौरान दोपहिया वाहन सवार लुटेरे वहां पहुंच गए। लुटेरों ने मुंह बांधे हुए थे और उनके हाथ में दातर और तेजधार हथियार सीसीटीवी फुटेज मे देखे गए हैं। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक लुटेरों ने जुआरियों को लूटा और भगाने के लिए फायर भी किया। सीसीटीवी फुटेज में फायर की आवाज भी सुनी जा रही है। जिसमें लुटेरों को साफ देखा जा रहा है। जुआरियों से क्या लूटा गया फिलहाल पता नहीं चल पाया है। बड़ी बात ये है कि पुलिस के पास भी इस वारदात की सूचना नहीं है।

  • आज का राशिफल, 11 अप्रैल 2023

    आज का राशिफल, 11 अप्रैल 2023

    आज का राशिफल, 11 अप्रैल 2023

    मेष: विद्यार्थी वर्ग सफलता अर्जित करेगा। पठन-पाठन में मन लगेगा। दूर यात्रा की योजना बन सकती है। मनपसंद भोजन का आनंद प्राप्त होगा। वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। बेचैनी रहेगी। धनार्जन सुगम होगा।

    वृष :
    वाणी पर नियंत्रण रखें। किसी के व्यवहार से क्लेश हो सकता है। पुराना रोग उभर सकता है। दु:खद समाचार मिल सकता है, धैर्य रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। प्रतिद्वंद्विता बढ़ेगी। पारिवारिक चिंता में वृद्धि होगी। आवश्यक वस्तु समय पर नहीं मिलेगी। तनाव रहेगा।

    मिथुन: आज धन का निवेश न करें। शत्रु नतमस्तक होंगे। विवाद को बढ़ावा न दें। प्रयास सफल रहेंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। आय के स्रोतों में वृद्धि हो सकती है। व्यवसाय ठीक चलेगा। चोट व रोग से बाधा संभव है। फालतू खर्च होगा। मातहतों का सहयोग प्राप्त होगा। प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी न करें।

    कर्क: लेन-देन में सावधानी रखें। शारीरिक कष्ट संभव है। परिवार में तनाव रह सकता है। शुभ समाचार मिलेंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा। परिवार के साथ मनोरंजन का कार्यक्रम बन सकता है। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रमाद न करें।

    सिंह: रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। सट्टे व लॉटरी से दूर रहें। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। कोई बड़ी समस्या से छुटकारा मिल सकता है। आय में वृद्धि होगी। प्रसन्नता में वृद्धि होगी। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी।

    कन्या: अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। किसी विवाद में उलझ सकते हैं। चिंता तथा तनाव रहेंगे। जोखिम न उठाएं। घर-बाहर असहयोग मिलेगा। अपेक्षाकृत कार्यों में विलंब होगा। आय में कमी हो सकती है।

    तुला: बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। व्यापार-व्यवसाय में लाभ होगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। बेचैनी रहेगी। थकान महसूस होगी। वरिष्ठजन सहयोग करेंगे।

    वृश्चिक: नई आर्थिक नीति बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। कारोबारी अनुबंधों में वृद्धि हो सकती है। समय का लाभ लें। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। नेत्र पीड़ा हो सकती है। कानूनी बाधा आ सकती है। विवाद न करें।

    धनु: बेचैनी रहेगी। चोट व रोग से बचें। काम का विरोध होगा। तनाव रहेगा। कोर्ट व कचहरी के काम अनुकूल होंगे। पूजा-पाठ में मन लगेगा। तीर्थयात्रा की योजना बनेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। सुख के साधनों पर व्यय हो सकता है। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। प्रमाद न करें।

    मकर: आज धन का निवेश न करें। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। विवाद से क्लेश संभव है। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें। अपेक्षित कार्यों में अप्रत्याशित बाधा आ सकती है। तनाव रहेगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें। राज्य के प्रतिनिधि सहयोग करेंगे।

    कुंभ: कष्ट, भय, चिता व बेचैनी का वातावरण बन सकता है। कोर्ट व कचहरी के काम मनोनुकूल रहेंगे। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी। मातहतों से संबंध सुधरेंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। धन प्राप्ति सुगम होगी। ऐश्वर्य के साधनों पर बड़ा खर्च हो सकता है। जल्दबाजी न करें।

    मीन: भूमि, भवन, दुकान व फैक्टरी आदि के खरीदने की योजना बनेगी। रोजगार में वृद्धि होगी। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। अपरिचितों पर अतिविश्वास न करें। प्रमाद न करें। कुबुद्धि हावी रहेगी। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। कोर्ट व कचहरी के काम अनुकूल होंगे।
  • बड़ी खबर : छात्रों से भरी स्कूल बस में लगी भीषण आग

    बड़ी खबर : छात्रों से भरी स्कूल बस में लगी भीषण आग

    पलवल: हरियाणा के पलवल में छात्रों से भरी निजी स्कूल की बस में अचानक चलते समय आग लग गई। आसपास के लोगों ने अंदर बैठे सभी छात्रों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में बस आग का गोला बन गई। बाद में सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। बस में बैठे सभी बच्चों के स्कूल बैग जलकर राख हो गए।

    जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पुराने GT रोड पर शहर थाना के पास चलती बस में आग लग गई। लोग तुरंत बस की तरफ दौड़े और अंदर बैठे बच्चों को बाहर निकाल लिया। कुछ देर में आग बढ़ती ही चली गई और दुकानों के साइन बोर्ड को भी अपनी चपेट में ले लिया।

    तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। स्कूल बस में लगी आग से बच्चों को तो कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन उनके बैग जलकर राख हो गए। बताया गया है कि जिस स्कूल में बच्चे पढ़ते हैं, उसकी अपनी कोई स्कूल बस नहीं है। बच्चों को लाने ले जाने के लिए उनके पेरेंट्स ने ही उस बस को हायर किया हुआ था। आग किन कारणों से लगी अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉट सर्किट की वजह से ही बस में आग लगी है।

  • पंजाब : डिब्रूगढ़ जेल जाने से पहले मीडिया के सामने आया पप्पलप्रीत सिंह, जाने क्या कहा, देखें वीडियो

    पंजाब : डिब्रूगढ़ जेल जाने से पहले मीडिया के सामने आया पप्पलप्रीत सिंह, जाने क्या कहा, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ : भगोड़े अमृतपाल सिंह के साथ काफी समय तक साया बनकर चल रहे पप्पलप्रीत सिंह को एक ज्वाइंट ऑपरेशन में पंजाब के कथुनंगल से गिरफ्तार कर लिया गया है । अब पप्पलप्रीत को पुलिस अमृतसर लेकर आ चुकी है। गिरफ्तारी के बाद पप्पलप्रीत ने मीडिया से कहा ‘मैं एकदम सही सलामत हूं। मुझे सोमवार (10 अप्रैल) को कथुनंगल में गिरफ्तार किया गया था’। आज पप्पलप्रीत को भी असम के डिब्रूगढ़ जेल भेजने के लिए रवाना कर दिया गया है। पप्पलप्रीत की गिरफ्तारी के बाद अब पंजाब पुलिस को अमृतपाल से जुड़े कई राज पता लगाने में मदद मिलेगी। उसके फरार होने में भी पप्पलप्रीत का ही हाथ था। फरार होने के बाद कई दिनों तक खालिस्तानी समर्थक के लिए नए-नए ठिकानों की तलाश भी की थी।

    पप्पलप्रीत की गिरफ्तारी एक सीसीटीवी फुटेज के सोशल मीडिया पर वायरल होने के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें उसे होशियारपुर के एक गांव में एक ‘डेरा’ (धार्मिक जमाव के लिए जगह) में देखा गया था। यह फुटेज 29 मार्च का बताया जा रहा है, जिसके एक दिन बाद काउंटर इंटेलिजेंस विंग की एक टीम ने फगवाड़ा से होशियारपुर तक एक इनोवा कार का पीछा किया था, जब पुलिस को संदेह था कि भगोड़ा और उसके सहयोगी उस गाड़ी में हो सकते हैं।

    बता दें कि खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह 18 मार्च को जालंधर जिले में पुलिस की गिरफ्त से बच निकला था। उसने फरार होने के बाद ही अपनी गाड़ी और लुक दोनों बदल लिए थे।‌इसके बाद उसके कई वीडियो और ऑडियो भी सामने आए थे। कई वीडियो में पप्पलप्रीत को भी उसके साथ देखा गया था। एक फुटेज में दोनों को मास्क पहने दिल्ली की एक गली में घूमते हुए भी देखा गया था। माना जा रहा है कि जब पुलिस ने होशियारपुर तक दोनों की गाड़ी का पीछा किया तब वह अलग हो गए थे। अब पुलिस पप्पलप्रीत से अमृतपाल को लेकर पूछताछ करेगी।

  • पंजाब : पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा को लेकर आया कोर्ट का बड़ा फैसला

    पंजाब : पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा को लेकर आया कोर्ट का बड़ा फैसला

    चंडीगढ़ : पंजाब के पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा की मोहाली जिला अदालत ने नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। अरोड़ा ने अपने वकील के माध्यम से प्लॉट घोटाले में जमानत याचिका दायर की थी। विजिलेंस ने पूर्व मंत्री समेत कुल 10 सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इस मामले की सुनवाई के दौरान अरोड़ा के वकील ने तर्क दिया कि पूछताछ हो चुकी है और अब और कुछ रिकवर भी नहीं करना है इसलिए उनके मुवक्किल को जमानत दी जाए। वहीं विजिलेंस ने तर्क दिया कि आरोपी बड़ा मंत्री रह चुका है। उसे कानूनी दांव पेच पता है। अगर उसे जमानत दी जाती है तो वह गवाहों और केस को प्रभावित कर सकता है। अदालत ने तर्क सुनने के बाद जमानत याचिका खारिज कर दी।

    गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने साल 1987 में आनंद लैंप्स लिमिटेड कंपनी को सेल डीड के माध्यम से 25 एकड़ जमीन अलॉट की थी, जो बाद में सिगनीफाई इनोवेशन नामक फर्म में तब्दील हो गई। सिगनीफाई इनोवेशन कंपनी ने पीएसआईडीसी से एनओसी लेकर इस प्लॉट को गुलमोहर टाउनशिप को बेच दिया था। तत्कालीन उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने गुलमोहर टाउनशिप के उक्त प्लॉट को कई हिस्सों में बांटने के पत्र को एमडी पीएसआईडीसी को भेज दिया था और पीएसआईडीसी के अधिकारियों ने फाइलों को देखे बिना यहां पर टाउनशिप बसाने की मंजूरी दे दी थी।