Blog

  • IIIT Una में पीएम श्री स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के लिए फेज़-1 इनोवेशन, डिज़ाइन और उद्यमिता (IDE) बूटकैंप का आयोजन

    IIIT Una में पीएम श्री स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के लिए फेज़-1 इनोवेशन, डिज़ाइन और उद्यमिता (IDE) बूटकैंप का आयोजन

    ऊना /सुशील पंडित:  पीएम श्री स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के लिए इनोवेशन, डिज़ाइन और उद्यमिता (IDE) बूटकैंप का फेज़-1 17 से 19 दिसंबर 2025 तक भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना, हिमाचल प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है।

    यह तीन दिवसीय बूटकैंप स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग (DoSEL), अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) तथा शिक्षा मंत्रालय की इनोवेशन सेल (MIC) द्वारा वाधवानी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। वाधवानी फाउंडेशन उद्यमिता शिक्षा के क्षेत्र में अपने महत्वपूर्ण योगदान के लिए व्यापक रूप से जाना जाता है।

    IDE बूटकैंप का उद्देश्य स्कूल शिक्षकों और प्रधानाचार्यों—जिन्हें नवाचार एंबेसडर के रूप में चिन्हित किया गया है—के बीच नवाचार, डिज़ाइन थिंकिंग और उद्यमशीलता कौशल को विकसित करना है। समूह गतिविधियों, गहन कार्य सत्रों और हैंड्स-ऑन कार्यशालाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को मानव-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने, अवसरों की पहचान करने, डिज़ाइन थिंकिंग टूल्स का उपयोग करने तथा ग्राहक-केंद्रित उत्पाद और सेवाएँ विकसित करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। कार्यक्रम में बिज़नेस मॉडल विकास की मूल अवधारणाओं और प्राथमिक वित्तीय आकलन का परिचय भी दिया जा रहा है, जिससे प्रतिभागियों को नवाचार के “क्यों, क्या और कैसे” को समझने में सहायता मिलती है और इसका व्यावहारिक उपयोग कक्षा एवं स्कूल परिवेश में किया जा सके।

    IDE बूटकैंप का फेज़-1 राज्य-वार कार्यान्वयन मॉडल के तहत 13 राज्यों में आयोजित किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में फेज़-1 का आयोजन विशेष रूप से आईआईआईटी ऊना में किया जा रहा है, जिससे यह इस चरण में IDE बूटकैंप की मेज़बानी करने वाला राज्य का एकमात्र उच्च शिक्षण संस्थान बन गया है। हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों से लगभग 190 प्रधानाचार्य एवं शिक्षक इस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।

    बूटकैंप का राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त रूप से उद्घाटन प्रो. सीताराम टी.जी., अध्यक्ष, AICTE; धीरज साहू, अतिरिक्त सचिव, स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग; तथा डॉ. अभय जेरे, उपाध्यक्ष, AICTE द्वारा किया गया। आईआईआईटी ऊना में आयोजित राज्य-स्तरीय उद्घाटन समारोह में प्रो. मनीष गौर, निदेशक, आईआईआईटी ऊना ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा विधिकर विशाल, AICTE के प्रतिनिधि, ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

    17 दिसंबर को वाधवानी फाउंडेशन से डॉ. सचिन गुप्ता और गौरी गोपीनाथ द्वारा विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए, जिनमें स्कूल शिक्षा के संदर्भ में नवाचार सोच, डिज़ाइन थिंकिंग फ्रेमवर्क और उद्यमशील समस्या-समाधान पर आधारित संवादात्मक चर्चाएँ और गतिविधियाँ कराई गईं। IDE बूटकैंप की मेज़बानी के माध्यम से आईआईआईटी ऊना राष्ट्रीय शिक्षा सुधारों को समर्थन देने, स्कूल स्तर पर नवाचार क्षमता को सुदृढ़ करने तथा डिज़ाइन और उद्यमशील सोच से लैस भविष्य-उन्मुख शिक्षकों के विकास में अपना योगदान सुदृढ़ करता है।

  • Himachal News: 7.19 ग्राम चिट्टे सहित दो काबू

    Himachal News: 7.19 ग्राम चिट्टे सहित दो काबू

    ऊना /सुशील पंडित: जिला में एसआईयू पुलिस टीम ने 7.19 ग्राम चिट्टे सहित दो लोगों को काबू किया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती शाम के समय त्रिलोचन सिंह पुलिस अधिकारी थाना एसआईयू ऊना पर आधारित पुलिस टीम ने कुलदीप सिंह सुपुत्र दुर्गा दास निवासी संतोषगढ़ जिला ऊना के मकान की गुप्त सूचना के आधार पर तलाशी तो जांच के दौरान 7.19 ग्राम चिट्टा/हैरोईन बरामद हुआ।

    वहीं पुलिस ने कमरे में मौजूद सुखविन्द्र सिंह निवासी संतोषगढ़ व प्रवीण कुमार निवासी संतोषगढ़, ऊना के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत पुलिस थाना सदर ऊना में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

     

  • Punjab News: कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचोरिया कत्ल मामले में पुलिस ने शूटर का किया Encounter, 2 पुलिस कर्मी घायल

    Punjab News: कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचोरिया कत्ल मामले में पुलिस ने शूटर का किया Encounter, 2 पुलिस कर्मी घायल

    मोहालीः गांव सोहाना के सेक्टर-82 के मैदान में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और वैदवान स्पोर्ट्स क्लब द्वारा कबड्डी कप में कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर राणा बलाचोरिया की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लालड़ू हाईवे पर खंडर जगह को घेर लिया है। दरअसल, एजीटीएफ की टीम और डीएसपी बिक्रम बराड़ सहित मोहाली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी।

    जहां 2 आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में एक आरोपी का एनकाउंटर हो गया है। सूत्रों के अनुसार एक शूटर के मारे जाने की खबर है, वहीं घटना में 2 पुलिस कर्मी भी घायल हुए है। हालांकि आरोपी के मरने को लेकर पुलिस ने अधिकारी पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि आरोपी डॉनी बल का साथी है और गोपी घनश्यामपुरिया का खास गुर्गा डॉनी बल है। सूत्रों के अनुसार पुलिस आरोपी शूटर मक्खन और उसके साथी का पीछा करते हुए इस खंडर इलाके में पहुंची है। जहां पुलिस ने खंडर इमारत को घेर लिया है। पुलिस की ओर से मुठभेड़ जारी है।

    अभी कोई भी पुलिस अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। इस इमारत को पुलिस ने सील कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ऑटोमेटिक पिस्टल भी बरामद की है। वहीं घटना स्थल पर एबुलेंस मौके पर पहुंच गई है। वहीं जांच में सामने आया है कि कबड्डी प्रमोटर की हत्या के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए थे, जिसके बाद वह कुछ दूरी पर बाइक को छोड़कर कार में सवार होकर फरार हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस घटना में मास्टर माइंड को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। तरनतारन के रहने वाले आरोपी इशविंदर को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। जिसके बाद पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस मामले को लेकर जल्द पुलिस अधिकारी बड़ा खुलासा कर सकते है।

  • व्यापारी को उजाड़ने और ग्राहक को भगाने की सुनियोजित साजिश : विनय शर्मा

    व्यापारी को उजाड़ने और ग्राहक को भगाने की सुनियोजित साजिश : विनय शर्मा

    कांग्रेस सरकार का “चालान राज” और प्रशासनिक तानाशाही बेनकाब

    ऊना/सुशील पंडित:भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता विनय शर्मा ने ऊना के कोर बाजार में व्यापारियों के साथ हो रहे लगातार अन्याय को लेकर कांग्रेस सरकार, जिला प्रशासन और नगर परिषद पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऊना में आज हालात इतने बदतर कर दिए गए हैं कि न व्यापारी चैन से दुकान चला पा रहा है और न ग्राहक निडर होकर खरीदारी करने आ पा रहा है। यह स्थिति संयोग नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार की व्यापारी-विरोधी और जन-विरोधी नीतियों का नतीजा है। विनय शर्मा ने कहा कि एक तरफ वर्षों से स्थापित दुकानों को अवैध बताकर उजाड़ने की तैयारी की जा रही है और दूसरी तरफ बाजार में आने वाले ग्राहकों पर चालानों की ऐसी दहशत फैलाई गई है कि लोग ऊना बाजार का रुख करने से ही डरने लगे हैं। दुकानों के बाहर ग्राहक अपनी गाड़ी खड़ी नहीं कर सकते, कुछ मिनट भी वाहन खड़ा हुआ तो तुरंत चालान थमा दिया जाता है। परिणामस्वरूप ग्राहक चालान के डर से बिना खरीदी किए लौट जाता है या बाजार आना ही छोड़ देता है।

    उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में ऊना सदर विधायक सतपाल सिंह सत्ती द्वारा ही ऊना शहर में सरकारी पार्किंग का निर्माण करवाया ओर कांग्रेस सरकार एक ईंट भी नहीं लगा सकी फिर भी यह समझ से परे है कि जब कांग्रेस सरकार ओर प्रशासन ने आज तक न तो पर्याप्त पार्किंग बनाई, न वैकल्पिक व्यवस्था की, तो फिर ग्राहक और व्यापारी कहां जाएं? क्या कांग्रेस सरकार चाहती है कि बाजार खाली हो जाएं और व्यापारी बेरोजगार हो जाएं? क्या यही उनका तथाकथित व्यवस्था परिवर्तन का मॉडल है भाजपा जिला प्रवक्ता विनय शर्मा ने आरोप लगाया कि ऊना में “कानून व्यवस्था” के नाम पर सिर्फ ईमानदार व्यापारियों और आम जनता को ही निशाना बनाया जा रहा है। अवैध धंधे, नशा माफिया, खनन माफिया और बड़े रसूखदारों पर कार्रवाई करने का साहस प्रशासन में नहीं है, लेकिन छोटे दुकानदार और ग्राहक प्रशासन के लिए सबसे आसान शिकार बन गए हैं।

    विनय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ऊना को विकास नहीं, बल्कि अव्यवस्था, डर और अराजकता दी है। चालान काटना ही अगर समाधान होता, तो आज ऊना देश का सबसे विकसित शहर होता। लेकिन सच्चाई यह है कि चालान राज ने बाजार को सुनसान कर दिया है, व्यापार चौपट हो रहा है और सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी खतरे में डाल दी गई है। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि जब व्यापारी अपनी पीड़ा लेकर सड़कों पर उतरता है, तो सरकार उसे दोषी ठहराती है। लोकतंत्र में संवाद की जगह दमन और धमकी ने ले ली है। कांग्रेस सरकार को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि व्यापारी और जनता यह सब चुपचाप सहती रहेगी। भाजपा जिला प्रवक्ता ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तुरंत बाजार क्षेत्र में पर्याप्त और व्यावहारिक पार्किंग व्यवस्था नहीं की गई

    दुकानों के बाहर सीमित समय के लिए ग्राहक वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं दी गई।अनावश्यक, डर पैदा करने वाले चालान अभियान पर रोक नहीं लगी।लोडिंग अनलोडिंग को सही समय न दिया गया तो भारतीय जनता पार्टी ऊना में व्यापारियों के सहयोग से ऐसा व्यापक जन-आंदोलन खड़ा करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस सरकार, जिला प्रशासन और नगर परिषद की होगी। अंत में विनय शर्मा ने कहा कि ऊना का व्यापारी भी इस शहर का नागरिक है, अपराधी नहीं। ग्राहक बाजार में खरीदारी करने आता है, चालान कटवाने नहीं। भाजपा व्यापारियों और आम जनता के सम्मान, अधिकार और रोजगार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी—चाहे सड़क हो, सदन हो या न्यायालय।

    मांगें स्पष्ट हैं कि कोर बाजार में तुरंत अस्थायी व स्थायी पार्किंग की ठोस व्यवस्था हो। दुकानों के सामने सीमित समय के लिए ग्राहक पार्किंग की अनुमति प्रदान की जाए ।चालान राज पर तत्काल रोक लगा दी जाए। व्यापारियों से संवाद कर व्यावहारिक समाधान प्रदान हो। विनय शर्मा ने कहा कि ऊना का बाजार उजड़ने नहीं दिया जाएगा और भाजपा इस लड़ाई को अंतिम परिणाम तक ले जाएगी।

  • Overtake के चक्कर में डंपर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दादा की मौत, पोता गंभीर घायल

    Overtake के चक्कर में डंपर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दादा की मौत, पोता गंभीर घायल

    झुंझुनूंः बाइक सवार दादा पोते को डंपर द्वारा कुचलने का मामला सामने आया है। ओवरटेक करने के चक्कर में पीछे से आए डंपर ने इतनी जोर से दोनों को टक्कर मारी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट आने से दादा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पोते को इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। वहीं इंसानियत की मिसाल देखने को मिली जब रास्ते से गुजर रहे एक जीप ड्राइवर ने अपनी गाड़ी में भरा सामान सड़क पर फेंक कर पोते को अस्पताल पहुंचाया।

    जानकारी देते प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ओला की ढाणी निवासी सुलतान ओला (55) अपने पोते कपिल के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बजरी कांटे के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की। डंपर चालक ने अचानक वाहन को बाइक की तरफ घुमा दिया, जिससे बाइक डंपर की चपेट में आ गई।

    टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुलतान ओला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार पोता कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गुढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। घायल कपिल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। सुलतान ओला के शव को गुढ़ा सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

  • Punjab News: रंगदारी मामले में पुलिस और बदमाश में चली गोलियां, एक घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: रंगदारी मामले में पुलिस और बदमाश में चली गोलियां, एक घायल, देखें वीडियो

    अमृतसरः पुलिस कमिश्नरेट के तहत थाना सदर क्षेत्र में आज पुलिस और बदमाश में मुठभेड़ हो गई। मिली जानकारी के अनुसार रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस और बदमाश में अमृतसर-वेरका बाईपास पर मुठभेड़ हुई। दरअसल, पुलिस को आरोपी की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए टीम ने कार्रवाई की। वेरका बाईपास पर पुलिस आरोपी को घेरने में कामयाब रही।

    इसी दौरान बदमाश ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने की कोशिश की, जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह जख्मी हो गया। बदमाश को पुलिस ने काबू करके उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी एक कारोबारी से लगातार रंगदारी की मांग कर रहा था और विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नाम पर उसे डरा-धमकाकर धमकियां दे रहा था।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद रंगदारी नेटवर्क और गैंगस्टरों से उसके संबंधों को लेकर अहम खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल मामले से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • कबड्डी प्लेयर की हत्या में शामिल लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 5 शूटर अरेस्ट

    कबड्डी प्लेयर की हत्या में शामिल लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 5 शूटर अरेस्ट

    नई दिल्लीः पंजाब में कबड्डी प्लेयर की हत्या के केस से जुड़े लॉरेंस विश्नोई गैंग के 5 शूटर्स को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई और आरजू बिश्नोई गैंग के इशारे पर काम करने वाले 5 शूटर गिरफ्तार किए गए हैं। पकड़ में आए शूटर्स के नाम अंकुश, पीयूष पिपलानी, कुँवर बीर, लवप्रीत और कपिल खत्री हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी हत्याकांड के एक्ज़ीक्यूटर भी पकड़े गए हैं। गिरफ्तार आरोपी कॉन्ट्रैक्ट किलर हैं और कई सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम दे चुके हैं।

    ये आरोपी राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा और लायन बार एंड रेस्टोरेंट मालिक आशु महाजन की हत्या में शामिल थे। इन लोगों ने चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में 3 बड़े हत्याकांड को अंजाम दिए थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे। जून में पंचकूला में कबड्डी प्लेयर सोनू नालटा की हत्या की थी। गिरफ्तार शूटर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहे थे और इन तीनों हत्याओं में लॉजिस्टिक सपोर्ट, रेकी और एग्जीक्यूशन में शामिल थे। जांच एजेंसियों का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।

    मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल सीपी स्पेशल प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि चंडीगढ़ में इंद्रजीत की हत्या की जांच में काउंटर इंटेलीजेंस ने 5 शूटर्स को गिरफ्तार किया है। एक दिसम्बर को पैरी की हत्या में हैरी बॉक्सर के लड़कों को पकड़ा गया है। जब इनसे पूछताछ हुई तो इन्होंने जून में सोनू की हत्या में भी पीयूष नाम के शूटर ने अपने साथियों का साथ इस हत्या में कबूला। तीसरी हत्या आशु महाजन की थी जिसकी हत्या में संतोख उर्फ कपिल के लड़के शामिल थे। इनके पास से हथियार बरामद हुए हैं। इनसे हैरी बॉक्सर और आरजू विश्नोई गैंग्स के कई नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पहले 3 शूटर्स गिरफ्तार किए गए। उसके बाद इनसे हुई पूछताछ में पीयूष और अंकुश की गिरफ्तारी भी हुई।

  • अस्पताल के बाहर खड़ी कार को लगी आग, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    अस्पताल के बाहर खड़ी कार को लगी आग, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    बद्दीः सिविल अस्पताल बद्दी के बाहर एक खड़ी गाड़ी को अचानक आग लगने का मामला सामने आया है। आग इतनी भयानक लगी कि गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि किसी भी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। वहीं मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी मुताबिक, मंगलवार की सुबह हरियाणा में पढ़ते गांव नवानगर के अजीत सिंह अपनी मौसी को लेकर बद्दी अस्पताल में दवाई लेने पहुंचे थे। गाड़ी को रोड के साइड पर खड़ा करके वह अस्पताल के अंदर दवाई लेने चले गए, लेकिन थोड़ी देर बाद बाहर से शोर की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने जाकर देखा तो गाड़ी के चारों ओर आग की लपटे निकल रही थी। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की काफी मशक्कत की लेकिन आग बढ़ती ही गई।

    इस बीच लोगों ने दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग ने आकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह से जल चुकी थी। गणीमत यह रही कि कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • Punjab News: इस इलाके से अकाली दल की जीत का कार्यकर्त्ताओं ने मनाया जश्न, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके से अकाली दल की जीत का कार्यकर्त्ताओं ने मनाया जश्न, देखें वीडियो

    बिक्रम सिंह मजीठिया के सिर बांधा जीत का सेहरा

    अमृतसरः पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों को लेकर ज्यादातर इलाकों में परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसी के साथ कई उम्मीदवारों को विजेता भी घोषित कर दिया गया है। वहीं पंचायत समिति चुनाव के नतीजों के दौरान शिरोमणि अकाली दल ने मजीठा विधानसभा क्षेत्र में अपना खाता खोल लिया है। अकाली दल के उम्मीदवारों ने विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग जोन से जीत दर्ज की है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया है। चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद जीतने वाले उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के साथ जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी। इस मौके पर जीतने वाले अकाली दल के पंचायत समिति सदस्यों ने कहा कि यह जीत बिक्रम सिंह मजीठिया की लोकप्रियता का सीधा नतीजा है। उन्होंने दावा किया कि अगर बिक्रम सिंह मजीठिया खुलकर मैदान में होते, तो मजीठा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के नतीजे अकाली दल के पक्ष में एकतरफा होते और ज्यादातर सीटों पर अकाली उम्मीदवार जीतते। जीतने वाले उम्मीदवारों ने कहा कि लोग अभी भी अकाली दल की नीतियों और पिछले विकास कार्यों पर भरोसा करते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि पंजाब के लोग 2027 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को सत्ता वापस दिलाएंगे और पंजाब में अकाली दल की सरकार बनेगी। विजेता उम्मीदवारों ने कहा कि यह उनका सैमीफाइनल था, अब वह 2027 में भी बड़े अंतर के साथ जीत हासिल करेंगे। इसी के साथ उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से भी धन्यावाद किया और कहा कि उनकी मेहनत से भी बड़ा फर्क पड़ा है और इसी मेहनत के चलते शिरोमणि अकाली दल ने बड़ी जीत हासिल की है।
  • Oscar के लिए Shortlist हुई करण जौहर की फिल्म HomeBound, डायरेक्टर ने जाहिर की खुशी

    Oscar के लिए Shortlist हुई करण जौहर की फिल्म HomeBound, डायरेक्टर ने जाहिर की खुशी

    मनोरंजन: 98वें ऑस्कर एकेडमी अवॉर्ड्स में करण जौहर की फिल्म ‘होमबाउंड’ छा गई है। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर में बनी इस मूवी को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। फिल्म को मिली इस सक्सेस से करण जौहर काफी खुश हैं। करण इस मोमेंट को सेलिब्रेट करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे। ‘होमबाउंड’ फिल्म को नीरज घेवान ने डायरेक्ट किया है। इसमें विशाल जेठला, ईशान खट्टर और जाह्नवी कपूर लीड रोल में नजर आए थे।

    ‘होमबाउंड’ को मिलेगा ऑस्कर

    16 दिसंबर को एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर्स ऑर्ट्स एंड साइंस ने ‘होमबाउंड’ के शॉर्टलिस्ट होने की जानकारी दी है। बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में दुनियाभर से 86 फिल्मों में से 15 फिल्में शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें से होमबाउंड भी एक है। इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटिगरी में शॉर्टलिस्ट हुए ये फिल्में दुनिया भर के सिनेमा की अलग झलक दिखाती हैं। होमबाउंड की इस कैटेगरी में अर्जेंटीना की ‘बेलेन’, ब्राजील की ‘द सीक्रेट एजेंट’, फ्रांस की ‘इट वॉज जस्ट ऐन एक्सीडेंट’, जर्मनी की ‘साउंड ऑफ फॉलिंग’, इराक की ‘द प्रेसिडेंट केक’, जॉर्डन की ‘ऑल डेट्स लेफ्ट ऑफ यू’, जापान की ‘कोकुहो’, साउथ कोरिया की ‘नो अदर चॉइस’, नॉर्वे की ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’, स्पेन की ‘सिराट’, स्विटजरलैंड की ‘लेट शिफ्ट’ समेत बाकी फिल्मों के साथ टक्कर होगी।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Karan Johar (@karanjohar)

    करण जौहर ने लिखा इमोशनल पोस्ट

    होमबाउंड के ऑस्कर्स में शॉर्टलिस्ट होने पर करण ने इमोशनल पोस्ट शेयर की है। उन्होंने लिखा कि – ‘मैं बता नहीं सकता इस समय मुझे कितना गर्व महसूस हो रहा है। मैं सातवें आसमान पर हूं मैंने होमबाउंड की जर्नी देखी है। धर्मा मूवीज और मैं होमबाउंड जैसी मूवी को अपनी फिल्मोग्राफी में पाकर प्राउड हूं। थैंक्यू नीरज घेवान हमारे कई सारे सपनों को सच करने के लिए कान्स से लेकर ऑस्कर में शॉर्टलिस्ट होने की ये जर्नी बहुत ही खास रही है। पूरे कास्ट, क्रू और इस खास फिल्म की सभी टीमों को ढेर सारा प्यार आगे बढ़ते रहो’।

    दो दोस्तों की कहानी पर आधारित है फिल्म

    इस फिल्म में दो बचपन के दोस्तों (विशाल जेठवा और ईशान खट्टर) की दोस्ती दिखाई गई है। विशाल मूवी में दलित लड़के चंदन कुमार के किरदार में हैं। वहीं ईशान मुस्लिम लड़के शोएब मोहम्मद का किरदार निभा रहे हैं। बचपन में उन्होंने समाज के तिरस्कार और भेदभाव का सामना किया है। बचपन से ही दोनों दोस्त गरीबी की मार झेल रहे हैं। चंदन और शोएब के सपने बड़े होते हैं और वो अपनी जिंदगी अच्छे से जीना चाहते हैं इसलिए वो अपनी जिंदगी को संवारने के लिए पुलिस सेवा में भर्ती होने का सपना देखते हैं लेकिन जैसे ही वो अपने गोल के पास पहुंचते हैं उनकी दोस्ती में दरार आने लगती है।