जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों सपना, परमजीत कौर, चीनू , हैप्पी, अजय उर्फ काशी, निक्का और विष्णु निवासी मोहल्ला संतपुरा, मिलरगंज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 351(2), 191(3) और 190 के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मिलरगंज के मोहल्ला संतपुरा निवासी संजू कुमार ने बताया कि 19 जून 2026 को वह अपनी भाभी तमन्ना को दवा दिलाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मोहल्ले की रहने वाली सपना, परमजीत कौर, चीनू, हैप्पी, अजय उर्फ काशी और उनके दो साथी निक्का तथा विष्णु ने उन्हें घेर लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने मिलकर उसकी भाभी के साथ मारपीट की। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर भी तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। शोर सुनकर उसे बचाने के लिए उसका चाचा मोंटी मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। संजू कुमार ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।View this post on Instagram