जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 9:30 बजे की है। नीरज चोपड़ा और स्थानीय लोगों ने बताया कि गली नंबर 4 में लगे इस ट्रांसफार्मर से काफी समय से तेल रिस रहा था। इसी रिसाव के कारण अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर इलाके में दहशत फैल गई। आनन-फानन में लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को दी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन ट्रांसफार्मर पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण ग्रेवाल कॉलोनी और उससे सटे इलाके में पिछले 13 घंटों से पूर्ण रूप से ब्लैकआउट है। बिजली न होने का सबसे बड़ा और सीधा असर पानी की सप्लाई पर पड़ा है। घरों में पानी की मोटरें न चलने के कारण टंकियां खाली हो चुकी हैं। लोग पीने के पानी से लेकर रोजमर्रा के इस्तेमाल के पानी की एक-एक बूंद को मोहताज हो गए हैं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बिना पंखे और कूलर के इस भीषण गर्मी में बेहाल हैं। इलाका निवासियों में पावरकॉम की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ट्रांसफार्मर से हो रहे तेल के रिसाव पर ध्यान दिया गया होता और उसे ठीक कर लिया जाता, तो आज इतना बड़ा हादसा नहीं होता। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि तुरंत मौके पर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए या कोई वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली सप्लाई बहाल की जाए, ताकि पानी की किल्लत दूर हो सके और लोगों को राहत मिले।View this post on Instagram