Home Punjab>Ludhiana Punjab News: वकील को कार सवार महिला ने मारी टक्कर, मौत, देखें वीडियो

Punjab News: वकील को कार सवार महिला ने मारी टक्कर, मौत, देखें वीडियो

0
Punjab News: वकील को कार सवार महिला ने मारी टक्कर, मौत, देखें वीडियो

एक्टिवा सवार वकील को 20 फीट तक घसीटती ले गई कार चालक

लुधियानाः पीएयू के नजदीक लज विकास क्लब के कट (सागू चौक) के पास दर्दनाक सड़क हादसे में 33 वर्षीय महिला वकील शिवानी वाधवा की जान चली गई। शिवानी अपने घर की इकलौती कमाने वाली सदस्य थी और भविष्य में जज बनने की तैयारी कर रही थी। यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब वह जिला कचहरी से काम खत्म कर अपनी सफेद रंग की एक्टिवा से घर लौट रही थी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक तेज रफ्तार ग्रे रंग की होंडा अमेज कार (नंबर PB-91-E-9666) ने लापरवाही से मुड़ते हुए शिवानी की एक्टिवा (नंबर PB-08-DR-2652) को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि शिवानी सड़क पर गिर गईं और करीब 20 फीट तक घसीटते हुए चली गई। इस पूरी घटना के चश्मदीद मृतका के जीजा सुमित बवेजा हैं। सुमित अपने किसी काम से फिरोज गांधी मार्केट गए थे और वापस लौटते समय शिवानी के पीछे ही थे। सुमित ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद कार चला रही महिला और एक अन्य व्यक्ति बाहर उतरे। सुमित ने उन्हें रोककर घायल शिवानी को उसी कार से तुरंत डीएमसी (DMC) अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचने के बाद आरोपी कार चालक महिला ने अपना नाम प्रगति धीर बताया और मौका पाकर अस्पताल से खिसक गई। मृतका की मां ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उनके पति शिव चंद्र ब्रेन हेमरेज के कारण कोमा में हैं। घर में दो बेटियां थीं, जिनमें से बड़ी बेटी शादीशुदा है। छोटी बेटी शिवानी जिला कचहरी में वकील काम करती थी। उसी की कमाई से पूरे घर का गुजारा चलता था। रोजाना की तरह गुरुवार सुबह 9:30 बजे शिवानी कचहरी गई थी और आम तौर पर शाम 5 बजे तक घर लौट आती थी। जब वह समय पर नहीं लौटी, तो शाम करीब 5:15 बजे मां ने उसे फोन किया। फोन किसी अनजान व्यक्ति ने उठाया और बताया कि उनकी बेटी का एक्सीडेंट हो गया है और उसे डीएमसी अस्पताल ले जाया गया है। जब मां अपने भाई के साथ बदहवास हालत में अस्पताल पहुंची, तो वहां उन्हें बेटी की मौत की खबर मिली। इस घटना से पूरे इलाके और वकील भाईचारे में भारी शोक की लहर है। एक होनहार वकील, जो अपने परिवार का एकमात्र सहारा थी और जज बनने के सपने देख रही थी, किसी की लापरवाही की भेंट चढ़ गई। मृतका की मां और परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि बिना हॉर्न दिए, तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाकर उनकी बेटी की जान लेने वाली कार चालक महिला के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here