Blog

  • राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की

    राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की

    चंडीगढ़– हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आज आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

    राज्यपाल ने 26 जून, 1975 को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताते हुए कहा कि आपातकाल की घोषणा के साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों पर अभूतपूर्व हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि उस दौर में नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया, प्रेस की स्वतंत्रता को कुचला गया, विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल दिया गया तथा नागरिक स्वतंत्रताओं पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए।

    राज्यपाल ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के आंदोलन के प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक बनकर उभरे, जबकि लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अटूट प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्थायी स्रोत है। उन्होंने कहा कि उन विषम परिस्थितियों में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले अनगिनत लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

    असीम कुमार घोष ने कहा कि देश उन वीर लोकतंत्र सेनानियों का सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा और संविधान की मर्यादा बनाए रखने के लिए कारावास, उत्पीड़न और अनेक कठिनाइयों का साहसपूर्वक सामना किया। उन्होंने कहा कि उनका साहस, त्याग और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति अटूट समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

  • हरियाणा में नशे के खिलाफ बनेगी ज्वाइंट टास्क फोर्स, नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश: सीएम नायब सैनी

    हरियाणा में नशे के खिलाफ बनेगी ज्वाइंट टास्क फोर्स, नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश: सीएम नायब सैनी

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में नशे की रोकथाम के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में ज्वाइंट टास्क फोर्स गठित करने की घोषणा की है। हरियाणा विजन-2047 के तहत ‘सेवा’ विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि इन टास्क फोर्स में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। ये टीमें नशे की बिक्री वाले स्थानों की पहचान कर नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएंगी, ताकि प्रदेश में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा पीड़ितों के पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिक नशा मुक्ति एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर स्थापित करने, इलाज के बाद तीन माह तक नशा पीड़ितों की निगरानी करने तथा उन्हें कौशल प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में वर्तमान में 119 नशा मुक्ति केंद्र, 29 रिहैबिलिटेशन सेंटर और दो मनोरोग अस्पताल संचालित हैं, जबकि कुरुक्षेत्र में पीपीपी मॉडल पर नया रिहैबिलिटेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। साथ ही नशा मुक्ति के बाद निगरानी के लिए ड्रग एडिक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम भी लागू किया गया है।

    बैठक में मुख्यमंत्री ने पेंशन, छात्रवृत्ति, दिव्यांगजन कल्याण, वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रत्येक जिले में सीनियर सिटीजन क्लब, लाडो लक्ष्मी योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाने, छात्रावासों की स्थापना, लंबित छात्रवृत्तियों के वितरण तथा सिरसा, डबवाली और ऐलनाबाद में नए एवं विस्तारित नशा मुक्ति केंद्रों सहित विभिन्न परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

  • सस्पेंड तहसीलदार के घर से 12 लाख कैश और 1.20 करोड़ के गहने जब्त, जानें मामले का कैसा हुआ खुलासा

    सस्पेंड तहसीलदार के घर से 12 लाख कैश और 1.20 करोड़ के गहने जब्त, जानें मामले का कैसा हुआ खुलासा

    तेलंगाना एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB)  ने सस्पेंड की गई शमीरपेट की तहसीलदार और जॉइंट सब-रजिस्ट्रार थुम्माकोम्मा सुचरिता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने सरकारी नौकरी के दौरान भ्रष्ट और संदिग्ध तरीकों से बड़ी मात्रा में संपत्ति बनाई।

    कई ठिकानों पर एक साथ हुई छापेमारी
    ACB  अधिकारियों ने सुचरिता के घर के अलावा उनके रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों से जुड़े तीन अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े सबूत मिले।

    जांच में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
    तलाशी के दौरान ACB को सिद्दिपेट जिले के डामराकुंटा गांव में 2 एकड़ 17 गुंटा जमीन मिली। इसके अलावा हैदराबाद के अलग-अलग इलाकों में तीन फ्लैट और कीसारा तथा खानामेट गांवों में दो प्लॉट भी मिले। इतना ही नहीं, अधिकारियों ने करीब 12 लाख रुपये नकद, दो कारें, लगभग 1.20 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के गहने तथा करीब 38 लाख रुपये का बैंक बैलेंस भी बरामद किया।

    संपत्तियों की बाजार कीमत 20 करोड़ रुपये तक होने का अनुमान
    ACB के अनुसार अब तक मिली संपत्तियों की सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार कीमत 5.05 करोड़ रुपये से अधिक है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इन अचल संपत्तियों की वास्तविक बाजार कीमत इससे कहीं ज्यादा हो सकती है।

    जांच के दौरान 12 एकड़ कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का अनुमान है कि इन सभी संपत्तियों की बाजार कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। फिलहाल ACB अन्य संपत्तियों और निवेश की भी जांच कर रही है।

    रिश्वत मामले में पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी
    थुम्माकोम्मा सुचरिता को इससे पहले 26 मई को रिश्वत लेने के एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक सरकारी काम कराने के बदले एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी और उसमें से 2 लाख रुपये ले भी लिए थे।

    गिरफ्तारी के बाद उन्हें SPE और ACB  मामलों की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल वह जेल में हैं। इसके बाद 24 जून को तेलंगाना सरकार ने उन्हें सरकारी सेवा से सस्पेंड कर दिया।

    भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
    एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार में शामिल है, तो उसकी जानकारी तुरंत ACB के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दें।

    ACB का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए आम नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। शिकायत करने वाले लोगों की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

     

     

  • एंटी चिट्टा दिवस पर ऊना पुलिस का जागरूकता अभियान, युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

    एंटी चिट्टा दिवस पर ऊना पुलिस का जागरूकता अभियान, युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

    ऊना सुशील पंडित : “एंटी चिट्टा दिवस” के अवसर पर जिला पुलिस ऊना द्वारा जिले भर में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और नगर निगम कार्यालय ऊना सहित कई स्थानों पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। जिला पुलिस ऊना के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यार्थियों, अध्यापकों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम जनता को चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर नुकसान के बारे में जानकारी दी। इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

    कार्यक्रमों में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” भी दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प करवाया गया।
    जिला पुलिस ऊना ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी आमजन विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। पुलिस का मानना है कि नशे जैसी सामाजिक बुराई पर नियंत्रण केवल जन-जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

     

  • किराना दुकान से अवैध शराब बरामद, आरोपी पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

    किराना दुकान से अवैध शराब बरामद, आरोपी पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

    ऊना सुशील पंडित : पुलिस थाना टाहलीवाल की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव सेरी के पास एक किराना दुकान से अवैध शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार एसआई राजमल के नेतृत्व में टीम ने गुलाम अली निवासी बाथू की किराना दुकान की तलाशी ली, जहां से देसी शराब ‘मोटा संतरा’ की 8 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • रायपुर सहोड़ा में दड़ा-सट्टा लगाते व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा

    रायपुर सहोड़ा में दड़ा-सट्टा लगाते व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा

    ऊना : पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रायपुर सहोड़ा के रेलवे फाटक के पास कार्रवाई करते हुए सागर मलिक निवासी नंगल (रूपनगर, पंजाब) को दड़ा-सट्टा लगाते हुए पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,010 रुपये की नकदी और सट्टा पर्चियां बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
     
  • एसडीएम कोर्ट के बाहर मारपीट, तीन लोगों पर मामला दर्ज

    एसडीएम कोर्ट के बाहर मारपीट, तीन लोगों पर मामला दर्ज

    ऊना सुशील पंडित : पुलिस थाना अम्ब में एसडीएम कोर्ट परिसर के बाहर मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता प्रकाश चंद निवासी पोलियां पुरोहितां ने आरोप लगाया कि 25 जून को कोर्ट में केस की सुनवाई के बाद बाहर निकलते समय नरेंद्र कुमार, उसकी पत्नी सुषमा शर्मा और बेटे रिधम शर्मा ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

     

  • अवैध निर्माण को लेकर विवाद, महिला की शिकायत पर मामला दर्ज

    अवैध निर्माण को लेकर विवाद, महिला की शिकायत पर मामला दर्ज

    ऊना सुशील पंडित : पुलिस थाना अम्ब में अवैध निर्माण को लेकर मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। सुषमा शर्मा निवासी पोलियां पुरोहितां ने शिकायत दी कि 20 जून की शाम प्रकाश चंद शर्मा निवासी तलमेहड़ा अपने कर्मचारियों के साथ कथित अवैध निर्माण कर रहा था। विरोध करने पर उसने अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • हरियाणा में नशे के खिलाफ बनेगी ज्वाइंट टास्क फोर्स, CM नायब सैनी का बड़ा ऐलान

    हरियाणा में नशे के खिलाफ बनेगी ज्वाइंट टास्क फोर्स, CM नायब सैनी का बड़ा ऐलान

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में नशे की रोकथाम के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में ज्वाइंट टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा विजन-2047 के तहत ‘सेवा’ विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि इन टास्क फोर्स में ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच, वार्ड सदस्य, बीडीपीओ, एसएचओ और एनजीओ प्रतिनिधि, जबकि शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय अधिकारी, वार्ड पार्षद, एसएचओ और एनजीओ शामिल होंगे। ये टीमें नशे की बिक्री वाले स्थानों की पहचान कर नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगी ताकि प्रदेश में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जा सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा पीड़ितों के उपचार और पुनर्वास पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में अधिक नशा मुक्ति एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर खोलने, इलाज के बाद कम से कम तीन महीने तक नशा पीड़ितों की निगरानी करने तथा उन्हें कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि हरियाणा में वर्तमान में 119 नशा मुक्ति केंद्र, 29 रिहैबिलिटेशन सेंटर और दो मनोरोग अस्पताल संचालित हैं तथा नशा मुक्ति के बाद मरीजों की निगरानी के लिए ड्रग एडिक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम भी विकसित किया गया है।

    बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पेंशन योजनाओं, दिव्यांग कल्याण, वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रत्येक जिले में सीनियर सिटीजन क्लब, छात्रवृत्ति योजनाओं और लाडो लक्ष्मी योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं की अन्य सुविधाओं पर लाडो लक्ष्मी योजना का कोई असर नहीं पड़ेगा और इसके लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है। इसके अलावा सिरसा, डबवाली और ऐलनाबाद में नशा मुक्ति केंद्रों के विस्तार सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

     

  • सिद्धचानो मंदिर की मूर्ति खंडित, धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज

    सिद्धचानो मंदिर की मूर्ति खंडित, धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज

    ऊना : हरोली क्षेत्र के अपर बढ़ेड़ा स्थित बाबा श्री सिद्धचानो मंदिर में मूर्ति खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता राज कुमार ने पुलिस को बताया कि 25 जून की सुबह मंदिर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि रवि कुमार निवासी अपर बढ़ेड़ा ने मंदिर में स्थापित बाबा श्री सिद्धचानो की मूर्ति को नुकसान पहुंचाकर खंडित कर दिया। पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।