Blog
-

घालुवाल में ढाबा जलकर राख ,फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
ऊना/सुशील पंडित: ऊना के निकटवर्ती गांव घालूवाल में आग लगने से खडपोश ढाबा जल कर राख हो गया । सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड के दल बल ने मौका पर पहुंचकर आग को बुझाया । आग से पीड़ित रोशन लाल निवासी भढ़ोलिया कलां का हजारों का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने घालूवाल पुल के समीप ढाबा खोल रखा था।आग मंगलवार को ढाबा में अचानक भड़क उठी। आग की लपटों को देखते ही लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन बेबस रहे।आग से पीड़ित का काउंटर , खाद्य सामग्री , वर्तन आदि सब सामान जल कर राख हो गया। आग की सूचना फायर ब्रिगेड ऊना को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौका पर पहुंचकर ढाबा में लगी आग पर काबू पाया। और बिजली ट्रांसफार्मर को जलने से सुरक्षित बचा लिया गया। अग्निशमन केंद्र ऊना के प्रभारी नितिन धीमान ने बताया कि घालूवाल पुल के समीप खडपोश ढाबा में लगी आग को पूर्णत बुझा दिया गया है। -

पंजाबः 24 घंटे के अल्टीमेटम पर सीएम मान ने जत्थेदार को दिया जवाब, कही ये बड़ी बात
चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार द्वारा दिए गए भाषण का जवाब दिया है। उन्होंने कहा, जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब जी। सभी जानते हैं कि आप और एसजीपीसी बादलों का पक्ष लेते रहे हैं। इतिहास देखें, कई जत्थेदारों को बादलों ने अपने स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया है। यह अच्छा होता यदि आप बेअदबी और गायब हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों के लिए अल्टीमेटम जारी करते ना कि लोगों को भड़काने के लिए। आपको बता दें कि जत्थेदार ने अपने भाषण में कहा था कि हम गिरफ्तार युवकों के साथ हैं, सरकार को गिरफ्तार युवकों को 24 घंटे के अंदर छोड़ने का अल्टीमेटम दिया जाता है।

बता दें कि बीते दिन श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने पंजाब के हालातों को लेकर बड़े स्तर पर मीटिंग बुलाई थी। इस बैठक में 60 से 70 सिख संगठनों को बातचीत का न्योता दिया गया था। काफी समय तक चली इस मीटिंग के बाद सिख सगंठनों ने बड़ा ऐलान किया था। बैठक के बाद बाहर निकले सिख संगठनों ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया था। उन्होंने कहा कि अगर पकड़े गए युवा सिखों को रिहा ना किया गया तो बड़ा एक्शन लिया जा सकता है। खास बात है कि ज्ञानी हरप्रीत सिंह की तरफ से बुलाई गई इस बैठक में इस बार किसी भी राजनीतिक पार्टी को नहीं बुलाया गया था। सिर्फ बुद्धिजीवी, सिख धार्मिक संगठनों को इसका न्योता दिया गया था।
-

रामायण जीना, भागवत मरना और गीता करना सिखाती है -डां सम्पूर्णा
पूरी तरह भक्ति रस में डूब चुका है न्य नालागढ़ शहर
पटियाल परिवार की ओर से श्रीमदभागवत कथा में प्रवचन सुनने उमड रही जमकर भीड
श्रीकृष्ण जन्म में पूरी रात कृष्ण कन्हैया के प्यार में डूबी रही संगत
बददी/ सचिन बैंसल : न्यू नालागढ़ में आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह चतुर्थ दिवस व्यासपूजन और हनुमानचालीसा के साथ प्रारंभ हुई कथा। श्रीकृष्ण जन्म के पूर्व संक्षिप्त रामायण को सगीतमय दोहा, सोरठा और चौपाइयों के साथ महाराज दशरथ के आयु के चौथेपन में प्राप्त चार पुत्र राम,लक्ष्मण,भरत,शतुघ्न जिनका जीवन दर्शन हमें जीने की कला सिखाता है। कथा वाचक डॉ साध्वी सम्पूर्णा ने संक्षिप्त श्रीराम कथा श्रवण कराते हुए कहा कि राम चरित मानस हमें जीना सिखाती है परिवार, समाज, राष्ट्र के लिए कर्तव्य और श्रीमदभागवत जी हमें मरने की तैयारी करना और गीता जी हमें कर्म करना सिखाती है। ये मूल सनातनी ग्रन्थ कथा श्रवण के साथ साथ परम्परा-संस्कार, संस्कृति और हमारी गौरवशाली विरासत का दर्शन भी कराती है ।
भगवान श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य कथा का रसास्वादन कराते हुए डॉ सम्पूर्णा ने कहा कि प्रभु का अवतार सृष्टि के कल्याण और दुष्टो के संहार मोक्ष के लिए ही होता है । श्रीकृष्ण जन्म के उत्सव पर संगत खूब झूमी नृत्य कर आनंद मनाया बधाइयां बांटी । वसुदेव , यशोदा,नंदबाबा और कन्हैया की झांकियों के दर्शन से श्रोताओं को परमानंद हुआ । संगीत मण्डली बेंजो पर अरुण की बोर्ड पर राकेश, तबले पर राकेश, पेड पर मुकेश और झांकिया-सांस्कृतिक तैयारियां वृंदावन से धर्मेन्द्र ,गुरुप्रीत द्वारा कराइ जा रही है ।
मंच संचालन साध्वी शिरोमणि द्वारा किया जा रहा है। विशिष्ट अतिथियों का स्वागत सत्कार शकुन्तला पटियाला व हरबंस पटियाल द्वारा चुनरी और माला पहना कर किया गया । कथा में विशेष रूप से पूज्या साध्वी निर्मला माता महाराज का आगमन हुआ । ट्रक एसोशिएशन के अध्यक्ष विद्यारतन , मास्टर सुरेंद्र शर्मा, आर जी अग्रवाल सिद्वार्था, आरुणि पाठक, सेवा भारती के संरक्षक आर.पी चंदेल, एनयूजे इंडिया के प्रदेशाध्यक्ष रणेश राणा, दीपक वर्मा, पंचायत प्रधान एसोसिएशन के अध्यक्ष पुनीत कौशल, भाुन वर्मा, नालागढ़ उद्योग संघ की सह सचिव आशिमा जैन, संदीप कुमार, जितेंद्र शारदा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कथा के बाद रोजाना भंडारा हो रहा है और 30 मार्च को कथा समापन के दिन विशेष तौर पर हिमाचली धाम का आयोजन हो रहा है।
-

मंदली लठियाणी पुल के लिए पैसों का मिला आश्वासन
ऊना /सुशील पंडित : लंबे समय से कुटलैहड़ वालों की एक मांग थी कि मंदली से लठियाणी के लिए गोबिंद सागर झील के ऊपर एक पुल बने। इस पुल के बनने से कुटलैहड़ के हजारों लोगों को लाभ मिल सकता है। हिमाचल के पूर्व कैबिनेट मंत्री विरेंद्र कंवर पिछले दिनों केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर लौटे हैं। कंवर ने मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हम पुल की डीपीआर (रिपोर्ट) बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद करके आए हैं। उन्होंने जल्द इस पुल निर्माण के लिए जरूरी धनराशि भेजने का आश्वासन दिया है।
-

पंजाबः Amritpal-Singh के फाइनेंसर Daljeet के मामले में हाईकोर्ट में केंद्र और राज्य सरकार को जारी किया नोटिस
चंडीगढ़ः अमृतपाल सिंह के फाइनेंसर दलजीत कलसी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, दलजीत कलसी की पत्नी नरिंदर कौर के द्वारा पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में पटीशन दाखिल की गई थी। जिसके बाद आज हाईकोर्ट ने पत्नी के वकील की बात सुनने के बाद केंद्र व राज्य दोनों सरकारों को नोटिस जारी कर इस सुनवाई को बुधवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
नरिंदर कौर ने NSA के तहत पंजाब सरकार के कहने पर जिला मजिस्ट्रेट द्वारा पारित हिरासत आदेश को रद्द करने की मांग कर रखी है। दलजीत कलसी, अमृतपाल सिंह के करीबी सहयोगियों में से एक है, जिसे वारिस पंजाब दे प्रमुख के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया था। नरिंदर कौर ने अपने वकील सिमरनजीत सिंह और बृजिंदर सिंह के माध्यम से कहा कि उनके पति को कानून और उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना असम के डिब्रूगढ़ में “अवैध हिरासत” में रखा गया है।
“दलजीत कलसी को रविवार 19 मार्च को दोपहर करीब 1.15 बजे गुड़गांव में उनके आवास से पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसकी सूचना परिवार को भी नहीं दी गई। याचिकाकर्ता, पत्नी नरिंदर कौर को गिरफ्तारी के बारे में बाद में सोशल मीडिया और अखबार के माध्यम से पता चला था। सरकार की तरफ से परिवार को इसकी सूचना भी नहीं दी गई। बिना परिवार को बताए, पंजाब सरकार ने उसके पति को NSA के तहत गिरफ्तार कर असम के डिब्रूगढ़ भेज दिया था।
-

विधायक देवेन्द्र भुट्टो ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को किया सम्मानित
सीएम सूक्खू के जन्म दिवस उपलक्ष्य पर रखे कार्यक्रम में पहनाया चांदी का मुकुट
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र भुट्टो ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू को जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर कुटलैहड़ की समस्त जनता की तरफ से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए चांदी का मुकुट पहनाया। देवेंद्र भुट्टो ने बताया कि सीएम द्वारा रखे गए भोज में हमने कुटलैहड़ की समस्त जनता की तरफ से यह सम्मान मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता के लिए हमने सीएम से जो भी मांग की उन्होंने तुरंत उंसे पूरा किया है। फिर चाहे पानी की समस्या को खत्म करने के लिए कुटलैहड़ की जनता के लिए 60 करोड़ की पेयजल योजना हो। या फिर बहुचर्चित लाठियानी मंदली पुल निर्माण व अप्रोच सड़क निर्माण के लिए 900 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सूक्खू के 100 दिनों के कार्यकाल में लिए गए जन हित फैसलों से जहां राज्य के गरीब परिवारों को राहत देने वाले फैसले है। वहीं बिपक्ष भी दबी जुबान से सीएम की कारगुजारी की प्रशंसा कर रहा है।
-

तबादले कर कर्मचारियों को प्रताड़ित कर रही सरकार :सत्ती
सत्ती ने करोड़ों के विकास कार्यों को लेकर आवाज बुलंद की
ऊना/ सुशील पंडित : ऊना सदर के भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने विधानसभा में क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को लेकर आवाज बुलंद की है। इसके साथ ही सतपाल सिंह सत्ती ने कर्मचारियों के तबादले कर उन्हें प्रताड़ित करने और लोगों को दिक्कतों में धकेलने के लिए भी सरकार को जमकर घेरा। विधायक सतपाल सत्ती ने जिला मुख्यालय की ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लंबित चल रहे काम के लिए प्रदेश सरकार से 19 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध करवाने की मांग की। विधानसभा सत्र के दौरान इन मुद्दों को उठाते हुए सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि जिला मुख्यालय के साथ ग्राम पंचायत लालसिंगी, कोटला कलां अप्पर और लोअर, अरनियाला अप्पर और लोअर, मलाहत, भड़ोलियां खुर्द, रामपुर, कुठार कलां, कुठार खुर्द में भी शहर के साथ-साथ ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करना है।जिसके लिए नाबार्ड को 48 करोड़ रुपए की डीपीआर भेजी गई है प्रदेश सरकार उसे भी मंजूर करवाना सुनिश्चित करे। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने ऐतिहासिक भबौर साहिब सिंचाई योजना के जीर्णोद्धार के लिए भी 65 करोड़ रुपये का एस्टीमेट सरकार के ध्यान में लाया और इसकी भी मंजूरी की मांग उठाई। ताकि विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध करवाया जा सके। इसके साथ ही विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने संतोषगढ़ नगर परिषद सीवरेज व्यवस्था के लिए विभाग द्वारा पिछले 4 महीने से डीआई पाइप नहीं खरीदे जाने का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि विभाग की इस लचर कार्यप्रणाली के चलते संतोषगढ़ कि सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह लटक कर रह गई है। इसके साथ ही सतपाल सिंह सत्ती ने विधानसभा में अपने क्षेत्र के पंजाब से सटे गांव सनौली, मजारा, बिनेवाल, मलूकपुर, पूना और अजोली के घरेलू और बरसाती पानी का मुद्दा भी उठाया।सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि यह सारा पानी सड़कों पर जमा रहता है, जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, उन्होंने इस पानी को सोमभद्रा नदी में फेंके जाने के लिए नाले बनाने की मांग उठाई। इस दौरान सतपाल सिंह सत्ती ने जिला के ठेकेदारों के विभिन्न विभागों द्वारा पैसे रोके जाने का मामला भी विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि इस सरकार की कार्यप्रणाली इतनी लचर हो चुकी है की अवार्ड हो चुके काम शुरू नहीं किए जा रहे और करवाए जाने वाले काम अवार्ड नहीं हो पा रहे। उन्होंने कहा कि पंप ऑपरेटर और छोटे कर्मचारियों की बदलियां करके एक तरफ उन्हें परेशान किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में इन्हीं तबादलों के चलते पेयजल आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है। कई ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति की स्कीम चलाने वाले कर्मचारी ही नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि इन तमाम मांगों पर सरकार को विकास और कर्मचारियों की भलाई की दृष्टि से विचार करते हुए सकारात्मक कार्रवाई करनी होगी। अन्यथा जनता को साथ लेकर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर मोर्चा खोले से भी गुरेज नहीं किया जाएगा। -

महंगाई का बड़ा झटका: 1 अप्रैल से एंटीबायोटिक समेत इन जरूरी दवाओं के बढ़ेंगे दाम
नई दिल्लीः आम लोगों को 1 अप्रैल के एक और झटका लगने वाला है। दरअसल, अब दवाओं के रेट में बढ़ौतरी होने के कारण जरूरी दवाओं के लिए लोगों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। एक अप्रैल से पेनकिलर्स से लेकर एंटीबायोटिक समेत कई जरूरी दवाओं के दाम बढ़ने वाले हैं। सरकार एनुअल होलसेल प्राइज इंडेक्स (WPI) में बदलाव के अनुरूप दवा कंपनियों को बढ़ोतरी की अनुमति देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
12 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं दवाओं की कीमतें
महंगाई से जूझ रहे आम लोगों के लिए यह बड़ा झटका है, क्योंकि दवा मूल्य नियामक नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने कहा कि सरकार द्वारा अधिसूचित एनुअल होलसेल प्राइज इंडेक्स (WPI) में वार्षिक परिवर्तन 2022 के आधार पर दाम 12.12% तक बढ़ाए जा सकते हैं. बता दें कि फार्मा कंपनियां काफी समय से बढ़ती महंगाई को देखते हुए दवाओं की कीमत बढ़ाने की मांग कर रही हैं।
900 दवाओं की कीमतों में हो सकता है इजाफा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पेनकिलर्स, ऐंटी-इन्फेक्टिव्स, ऐंटीबायोटिक्स और दिल की दवाओं समेत करीब 900 दवाओं की कीमत में 12% से ज्यादा का इजाफा हो सकता है। यह लगातार दूसरा साल है, जब गैर-अनुसूचित दवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी की अनुमत वृद्धि से अधिक है। बता दें कि शेड्यूल्ड ड्रग्स वो दवाएं होती हैं, जिनकी कीमतों पर नियंत्रण होता है। जबकि बाकी अन्य दवाएं नॉन-शेड्यूल्ड ड्रग्स की कैटेगरी में आती हैं और इनकी कीमतों में 10 फीसदी तक इजाफा किया जा सकता है। हालांकि, नियमों के अनुसार नॉन-शेड्यूल दवाओं के दाम बिना सरकार की अनुमति के नहीं बढ़ाए जा सकते।
इस आधार पर बढ़ाई जाती हैं कीमतें
दवा मूल्य नियामक नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी को हर साल 1 अप्रैल या उससे पहले पिछले कैलेंडर वर्ष के एनुअल होलसेल प्राइज इंडेक्स (WPI) के अनुसार अनुसूचित फॉर्मूलेशन की अधिकतम कीमत को संशोधित करने की अनुमति है। इसको लेकर ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर 2013 के क्लॉज 16 में नियम बना हुआ है। इसी आधार पर एनपीपीए हर साल दवाओं की कीमतों में संशोधन करता है और नई कीमतें 1 अप्रैल से लागू होती हैं।
-

राष्ट्रीय एकता मंच द्वारा बसदेहडा में जागरूकता शिविर का आयोजन
ऊना/ सुशील पंडित : राष्ट्रीय एकता मंच द्वारा संचालित एन आर एस टी केंद्र बसदेहडा 1,2,3 में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।इसमें केन्दों के बच्चों और उनके अभिभावकों को प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूकम्प, आग लगना आदि के बारे में बताया गया।इसमें मुख्यातिथि के रूप में आपदा प्रबंधन विभाग से मैडम सुमन ओर अग्नि विभाग से नितिन धीमान ने शिरकत की। इसमें समाजसेवी अनिल भारद्वाज, नरेश वाली व अमन भारद्वाज ने भी हिस्सा लिया। इसमें आयोजन में 25 अभिभावकों के साथ लगभग 110 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। संस्था राष्ट्रीय एकता मंच के अध्यक्ष सुरिदर रात्रा के साथ केंद्रों की प्रभारी रीता ,रीना सुषमा व ज्योति भी उपस्थित रहीं। -

बड़ी ख़बरः लगातार दूसरे दिन दीवारों पर लिखे मिले खालिस्तानी नारे, मचा हड़कंप
चंडीगढ़ः शहर में आज एक बार फिर से ‘मार्कर’ से खालिस्तानी नारा लिखने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक 9/10 की डिवाइडिंग रोड पर सेक्टर 9डी के बस स्टाप के पास पोल पर यह स्लोगन लिखा हुआ था। स्लोगन में लिखा था कि ‘2030 तक खालिस्तान बना है (2030 तक खालिस्तान बनाना है)। इसकी जानकारी मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा गया और तुरंत पुलिस ने दीवारों पर लिखे इस स्लोगन को स्प्रे पेंट के साथ मिटा दिया।
बता दें कि बीते सोमवार को सेक्टर 33/45 की डिवाइडिंग रोड पर दीवार पर ‘फ्री अमृतपाल’ लिखा गया था। चंडीगढ़ युवा दल के प्रेसिडेंट विनायक बंगिया ने ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। गौर हो कि चंडीगढ़ में G20 मीटिंग व मौजूदा हालातों को लेकर सुरक्षा के लिहाज से चंडीगढ़ पुलिस की संवेदनशील जगहों पर सर्च जारी है। इसके बावजूद शहर में इस प्रकार अमृतपाल सिंह और खालिस्तान के समर्थन में स्लोगन लिखे जा रहे हैं।