Blog

  • पंजाबः भाजपा सांसद किरन खेर कोरोना पॉजिटिव

    पंजाबः भाजपा सांसद किरन खेर कोरोना पॉजिटिव

    चंडीगढ़ः भाजपा सांसद और अभिनेत्री किरण खेर कोरोना पॉजिटिव हैं। उन्‍होंने इसकी जानकारी ट्वीट के माध्‍यम से दी। उन्‍होंने कहा कि मेरी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरे संपर्क में आने वाले लोग कृपया अपनी जांच करवाएं। बता दें कि देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस के मामले तेजी से पैर पसार रहे हैं। इसके पीछे कोरोना का नया वैरिएंट XBB 1.16 जिम्मेदार माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस नए वैरिएंट के सबसे ज्यादा मामले भारत से सामने आए हैं। 

    भारतीय SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) के आंकड़ों के अनुसार, कोरोना के इस वैरिएंट के चलते नई लहर की आशंका बढ़ सकती है। भारतीय SARS- CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) डेटा के आंकड़ों के मुताबिक, XBB 1.16 वैरिएंट पहली बार जनवरी में पाया गया था। जब दो सैंपल इस वैरिएंट के लिए पॉजिटिव पाए गए थे, जबकि फरवरी में कुल 59 सैंपल पॉजिटिव पाए गए थे। मार्च में अब तक XBB 1.16 के 15 केस पाए गए हैं।

  • जालंधरः ब्यास दरिया पर बनेगा पंजाब का पहला केबल ब्रिज

    जालंधरः ब्यास दरिया पर बनेगा पंजाब का पहला केबल ब्रिज

    जालंधर/वरुणः पंजाब में भारत का पहला 800 मीटर लंबा केबल ब्रिज ब्यास दरिया बनने जा रहा है। इस ब्रिज से सिक्स लेन गुजरेगी। ये गोइंदवाल साहिब के धुंधा गांव के पास बनेगा। केबल ब्रिज के जो पिल्लर बनेंगे, इनमें रेस्तरां की गैलरी होगी। निर्माण में 2 साल लगेंगे यानी की श्री दरबार साहिब के दर्शन के लिए जाने वाले देशभर के यात्री इस नए टूरिस्ट स्पॉट का आनंद भी ले सकेंगे। ब्रिज में 7 पिल्लर हैं। तारों के साथ ब्रिज की स्लैब को सहारा मिलेगा। इन पिलरों में लिफ्टें फिट की जाएंगी, जिनके जरिये ऊपर जाकर यात्री दरिया का मनोरम नजारा देख सकेंगे। यहां पर हाइवे के किनारे वे-साइड सुविधा भी रहेगी। केबल ब्रिज निर्माण की वजह इस दरिया में रहने वाली मीठे-ताजे पानी की इंडस वैली डॉल्फिन है। दिल्ली-अमृतसर-जम्मू-कटरा एक्सप्रेस वे प्रोजेक्ट के तहत इसका निर्माण होगा, जिसकी मंजूरी मिल चुकी है।

    बता दें कि एक्सप्रेस वे प्रोजेक्ट के पहले बायो डायवर्सिटी पर होने वाले असर की स्टडी दिल्ली की फर्म नेबकोंस से करवाई गई थी। पाया गया कि दिल्ली से शुरू होने वाले एक्सप्रेस-वे का 262.456 किमी का रूट पंजाब में आएगा। इसके तहत अमृतसर-कपूरथला के बीच ब्यास दरिया और काली बेईं आती है। ब्यास दरिया की स्टडी के बाद बताया गया ये असंख्य जीव-जंतुओं व पेड़-पौधों का एरिया है। फैसला किया गया है कि दरिया के अंदर न्यूनतम निर्माण करने वाली केबल ब्रिज टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाए। दरिया में डाॅल्फिन की मौजूदगी है।

  • लालसिंगी में विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य पर जिला स्तरीय जागरूकता शिविर

    लालसिंगी में विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य पर जिला स्तरीय जागरूकता शिविर

    स्लम एरिया के बच्चों को मुख से संबंधित बीमारियों बारे किया जागरूक

    ऊना/ सुशील पंडित : क्षेत्रीय अस्पताल ऊना द्वारा स्लम एरिया के राजकीय प्राथमिक पाठशाला लालसिंगी ऊना में विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य पर जिला स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस बारे जानकारी देते हुए सीएमओ ऊना डाॅ मंजू बहल ने बताया कि इस दिन को मनाने के पीछे खास मकसद होता है लोगों में ओरल हाइजीन और ओरल हेल्थ के महत्व को समझाना तथा इससे संबंधित समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है। 

    डेंटल चिकित्सक डॉ कपिल भरवाल ने बताया कि जिस तरह पेट, ह्रदय, आंख, कान, नाक संबंधी बीमारियों के प्रति लोग जागरूकता रखते हैं, अब समय है कि लोग मौखिक स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक हो जाएं। उन्होंने बताया कि आज भी कई सारे लोग ऐसे हैं जो अपने मुंह की सफाई नहीं करते हैं, चिकित्सक के पास नहीं जाते हैं और दिन-ब-दिन अपने मौखिक स्वास्थ्य को खराब कर लेते हैं। मुंह से आने वाली दुर्गंध के प्रति भी लोग जागरूक नहीं हैं। मौखिक सेहत के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ही इस दिन की शुरुआत की गई। 

    जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी शारदा सारस्वत ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस का इस वर्ष का विषय ‘बी प्राइड ऑफ योर माउथ है।’ अर्थात आपको अपने मुंह पर गर्व होना चाहिए जिसका आशय यह है कि आपको अपने मौखिक स्वास्थ्य को हर परिस्थिति में बेहतर रखना है क्योंकि मौखिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के अन्य अंग भी प्रभावित होते हैं। इसलिए समय-समय पर चिकित्सक के पास चेकअप के लिए जाना बहुत जरूरी है। मौखिक स्वास्थ्य यदि ठीक नहीं है तो इससे कई सारी बीमारियां हो सकती हैं। अच्छे मौखिक स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार लेना भी जरूरी है।

    जिला स्वास्थ्य शिक्षक गोपाल कृष्ण ने बताया कि सभी को दिन में डॉ बार दांतों को ब्रश करना चाहिए। दांतों में सड़न, कीड़े लगना जैसी समस्या मुंह में मौजूद एसिड के कारण होती है। इस वजह से दांतों के इनेमल खोखले होने लगते हैं और यही कारण है कि कैविटी का निर्माण होता है। इसके अलावा मुंह में मौजूद बैक्टीरिया दांतों को खराब करने लगते हैं। समय पर ध्यान न देने पर मुंह का कैंसर भी हो सकता है। 

    इस मौके पर सभी बच्चों को टूथ ब्रश करने की सही तकनीक के बारे में जानकारी दी तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी बच्चों को टूथ ब्रश, टूथ पेस्ट तथा फल बांटे गये। जागरूकता शिविर में स्कूल की मुख्याध्यापिका अविनाश कुमारी, समस्त स्कूल स्टाफ, डॉ शगुन दन्त चिकित्सक, बीसीसी समन्वयक कंचन माला, स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता अनुराधा, एनजीओं एएनएम सविता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मंजू, नीलम, राज कुमारी तथा आशा वर्कर सहित अन्य उपस्थित रहे। 

  • होशियारपुरः 8 लाख रुपए गबन के आरोप में पूर्व सरपंच गिरफ्तार

    होशियारपुरः 8 लाख रुपए गबन के आरोप में पूर्व सरपंच गिरफ्तार

    चंडीगढ़: पंजाब विजीलैंस ब्यूरो (वीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम में सोमवार को ग्राम पंचायत चबेवाल, जिला होशियारपुर के पूर्व सरपंच शिवरंजन सिंह को पंचायत की दुकानों और कियोस्क से 8,04,000 किराया वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया है। फर्जी रसीदों के माध्यम से जो पंचायत के बैंक खाते में जमा नहीं किए गए थे।  जिला पुलिस द्वारा दर्ज गबन के इस मामले में वह तीन माह से अधिक समय से फरार चल रहा था।

    यह जानकारी देते हुए विजीलैंस ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि हरमिंदर सिंह निवासी चबेवाल, जिला होशियारपुर के द्वारा 31.12.2018 को सरपंच बनने के पद संभालने पर पाया गया कि उक्त गांव पंचायत चबेवाल की दुकानों और खोखे आदि के बहुत सारे किराये दुकानदारों की ओर पेडिंग पड़े है। पूर्व सरपंच शिवरंजन सिंह की ओर से इन दुकानों का किराया वसूल करते समय पंचायत की मूल किराया रसीद दुकानदारों की असल रसीद जारी नहीं की बल्कि फर्जी रसीद थमा दी गई। पंचायत के रिकॉर्ड में वसूले गए किराये को प्रविष्टि नहीं किया गया। प्रखंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, होशियारपुर-2 की ओर से इस घोटाले की पड़ताल करने दौरान मौके पर पाया गया कि उक्त दोषी शिवरंजन सिंह की ओर से दुकानदारों और खोखे वालों से किराये के 8,04,000 रुपए की वसूली करके पचांयत के खातों में जमा नहीं करवाए गए और किराये की फर्जी रसीदे तैयार करके दुकानदारों को दी गई।

    उन्होंने बताया कि इस संबंध में उक्त आरोपी शिवरंजन सिंह के विरुद्ध मुकद्दमा नंबर 125 दिनांक 13.10.2022 को आईपीसी की धारा 409, 420, 465, 466, 467, 468, 471 एवं धारा 13(1), 13(1) के तहत थाना चबेवाल में दर्ज किया गया था। प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान आदेश के तहत इस मुकद्दमेे की आगे की कार्रवाई विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर को सौंप दी गई। विजिलेंस ब्यूरो ने उपरोक्त मामले के भगोड़े आरोपी पूर्व सरपंच शिवरंजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कल दिनांक 21.03.2023 को स्थानीय अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जायेगा। इस मामले की आगे की जांच जारी है।

  • जी20 की बैठक में भाजपा सांसद और राहुल गांधी की हुई बहस

    जी20 की बैठक में भाजपा सांसद और राहुल गांधी की हुई बहस

    नई दिल्लीः जी-20 के एजेंडे सहित अन्य विदेशी मामलों को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अध्यक्षता में आज सलाहकार समिति की बैठक बुलाई गई थी। बैठक के दौरान भाजपा सांसद और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर को दोनों के बीच दखल देना पड़ गया। केंद्रीय मंत्री की दखल के बाद ही दोनों के बीच बहस शांत हुई। मिली जानकारी के भाजपा सांसद महेश जेठमलानी ने इस मीटिंग में गौतम अडानी पर आई हिंडनबर्ग रिपोर्ट, जॉर्ज सोरोस के भारतीय लोकतंत्र पर बयान और पीएम नरेंद्र मोदी पर बीबीसी की डॉक्युमेंट्री का मुद्दा उठाया।

    यही नहीं राहुल गांधी का नाम लिए बिना ही नरसिम्हा राव ने कहा कि कुछ लोग कुछ चीजें बोलते हैं… लेकिन भारतीय लोकतंत्र पर असली धब्बा तो आपातकाल था। इस पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र जितना मजबूत था, उतना ही है। किसी के कुछ कहने या फिर डॉक्युमेंट्री से उसे प्रभावित नहीं होना चाहिए। इस बीच राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सांसदों के सवालों का मैं जवाब देना चाहता हूं। वह जवाब देने के लिए व्यग्र नजर आए। हालांकि मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे एस. जयशंकर ने कहा कि आप अपने बयान को संसद के लिए रखें। वहीं राहुल गांधी कहते रहे कि मुझे यहां भी बोलने का मौका मिलना चाहिए।

    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने मीटिंग के दौरान कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, यह बात सही है। लेकिन मैंने इस मामले में विदेशी हस्तक्षेप की मांग नहीं की है। उन्होंने यह भी कहा कि क्या यह सच नहीं है कि ईडी की ओर से विपक्ष के नेताओं को टारगेट किया जा रहा है। इस बहस के बीच भाजपा के नामित सांसद महेश जेठमलानी ने दखल दिया और राहुल गांधी से कहा कि यह मीटिंग तो जी-20 के एजेंडे के लिए है। ऐसे में इसे मुद्दे से भटकाना नहीं चाहिए। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि मैंने नहीं बल्कि भाजपा के सांसदों ने ही दूसरा मुद्दा इस मीटिंग में छेड़ दिया।

  • बड़ी ख़बरः बीते 24 घंटों में कोरोना के 66 हजार नए मरीज आए सामने

    बड़ी ख़बरः बीते 24 घंटों में कोरोना के 66 हजार नए मरीज आए सामने

    नई दिल्ली : जैसे-जैसे गर्मी नजदीक आ रही है वैसे-वैसे भारत समेत दुनिया के कई देशों में एक बार फिर से कोरोना अपने पैर पसारने लगा है। भारत में दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात समेत तमाम प्रदेशों में एक बार फिर कोरोना संक्रमण फैलना शुरू हो गया है। पूरे देश की बात करें तो पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के करीब 66000 मरीज अभी तक सामने आ चुके हैं। वहीं अब मेडिकल एक्सपर्ट की चिंता भी बढ़ती जा रही है। एक बार फिर से लोगों को सचेत रहने की हिदायत दी गई है। भीड़भाड़ वाले इलाके में लोगों को अपने को सुरक्षित रखना होगा।

    राजधानी दिल्ली में 24 घंटे के अंदर कोविड के 72 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही पॉजिटिविटी रेट 3.95 फीसदी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक एक ओर जहां दिल्ली में H3N2 एंटीवायरस के साथ ही कोरोना के केसों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं शनिवार को कोरोना कि पॉजिटिविटी रेट 3.52 फीसदी, जबकि शुक्रवार को 3.13 फीसदी थी। महाराष्ट्र में रविवार को 236 नए केस सामने आए हैं। मुंबई में 52 मामले सामने आए हैं, इसके अलावा मुंबई के ठाणे में 33, मुंबई सर्कल में 109, पुणे में 69, नासिक में 21 और कोल्हापुर और अकोला में 13-13 नए मामले आए हैं।

    भारत में करीब चार महीने बाद कोरोना के केस बढ़ने लगे हैं, वैज्ञानिकों का मानना है कि पिछले कुछ दिनों में भारत में कोरोना वायरस के मामलों में हालिया उछाल के पीछे कोविड-19 XBB वैरिएंट का वंशज XBB 1.16 हो सकता है। भारत के अलावा चीन, सिंगापुर, संयुक्त राज्य अमेरिका और अन्य सहित विभिन्न देशों में भी यह वैरिएंट तेजी से फैला है। एक रिपोर्ट के अनुसार, कोविड-19 के इस वैरिएंट से नई लहर की आशंका बढ़ सकती है। कोविड वैरिएंट्स पर नजर रखने वाले एक इंटरनेशनल प्लेटफफॉर्म के मुताबिक, भारत में अभी कोरोना के XBB 1.16 वैरिएंट मामलों के मामलों की सबसे अधिक संख्या दर्ज की है।

  • बड़ी ख़बरः चपरासी के मोबाइल से विज्ञान का पेपर लीक, केंद्राध्यक्ष समेत 6 कर्मचारियों पर गिरी गाज

    बड़ी ख़बरः चपरासी के मोबाइल से विज्ञान का पेपर लीक, केंद्राध्यक्ष समेत 6 कर्मचारियों पर गिरी गाज

    दमोहः जिले के तेंदूखेड़ा विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल सेलवाड़ा में सोमवार सुबह कक्षा दसवीं के विज्ञान विषय का पेपर लीक आउट हो गया। इस मामले को लेकर कलेक्टर ने एक बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर ने मामले में 6 लोगों पर निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं पुलिस में भी इन लोगों पर एफआईआर कराई जा रही है। बता दें कि सोमवार को कक्षा दसवीं का अंतिम विज्ञान विषय का पेपर सुबह नौ बजे से शुरू था।

    दमोह के तेंदूखेड़ा ब्लॉक के शासकीय हाईस्कूल सेलवाड़ा में सोमवार सुबह पेपर के पेज की फोटो सुबह 8 बजकर 47 मिनट पर वायरल हो गई। इस बात की जानकारी भोपाल में माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड के अधिकारियों को लगी तो उन्होंने दमोह कलेक्टर एसकृष्ण चैतन्य को सूचित किया। कलेक्टर ने तत्काल ही इस मामले में तेंदूखेड़ा एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों को निर्देशित करते हुए स्वयं एसपी के साथ स्कूल पहुंचकर जांच शुरू की। बहरहाल कलेक्टर ने इस मामले में केंद्राध्यक्ष समेत 6 कर्मचारी को निलंबित कर दिया है।

  • चिकित्सकों और पुलिसकर्मियों में झड़प दौरान लाठीचार्ज, फटे कपड़े, देखें वीडियो

    चिकित्सकों और पुलिसकर्मियों में झड़प दौरान लाठीचार्ज, फटे कपड़े, देखें वीडियो

    जयपुरः राजस्थान सरकार की ओर से लाए जा रहे “स्वास्थ्य का अधिकार विधेयक” के विरोध में चिकित्सकों ने राजधानी जयपुर में मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। विधानसभा का घेराव करने जा रहे चिकित्सकों को पुलिसकर्मियों ने पहले तो रोकने की कोशिश की, लेकिन जब चिकित्सक बेकाबू हो गए तो पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान निजी अस्पतालों के मालिक और चिकित्सकों की पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की भी हुई, जिसमें चिकित्सकों के कपड़े फट गए और सड़क पर गिर गए। कई चिकित्सक पुलिस के लाठीचार्ज और सड़क पर गिरने से लहूलुहान हो गए। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महिला चिकित्सकों के साथ बदसलूकी की है।

    निजी चिकित्सक संघ के आह्वान पर करीब ढ़ाई हजार निजी अस्पतालों के संचालक और चिकित्सक सोमवार को सड़कों पर उतरे। चिकित्सक जयपुर के एसएमएस अस्पताल परिसर में बने मेडिकल एसोसिएशन के सभागार में जुटे और फिर वहां से मार्च करते हुए जेएलएन मार्ग होते हुए त्रिमूर्ति सर्किल गए। यहां से नारायण सिंह सर्किल होते हुए सेंट्रल पार्क के सामने से स्टैच्यू सर्किल पहुंचे।

    स्टैच्यू सर्किल पर पुलिस ने चिकित्सकों को विधानसभा की तरफ जाने से रोका तो दोनों पक्षों में धक्कामुक्की हुई। चिकित्सक वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान सरकार के विरूद्ध नारेबाजी कर रहे चिकित्सकों की पुलिसकर्मियों के साथ झड़क हो गई। चिकित्सकों को काबू में करने के लिए पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज किया। निजी अस्पताल एवं नर्सिंग सोसायटी के सचिव डॉ. विजय कपूर ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने महिला चिकित्सकों के साथ बदसलूकी की उनके कपड़े फाड़ दिए।

    निजी अस्पताल संचालकों एवं चिकित्सकों का कहना है कि विधेयक में आपातकालीन उपचारको परिभाषित नहीं किया गया है। यह नहीं उल्लेख किया गया कि मरीज के नि:शुल्क इलाज के खर्च का पुनर्भारण कौन करेगा। साथ ही एक निजी अस्पताल से दूसर किसी भी अस्पताल से मरीज को भेजने के लिए एंबुलेंस का खर्चा किसे वहन करना होगा। इस बात का उल्लेख नहीं है।

    सरकार मरीजों को नि:शुल्क उपचार और सुविधाएं देने की बात कह रही है। लेकिन इस खर्च का पुर्नभरण सरकार करेगी या नहीं यह बात अधिकारिक तौर पर नहीं कही जा रही है। चिकित्सकों की मांग है कि प्रदेश एवं जिला स्तर पर बनने वाली राज्य स्वास्थ्य प्राधिकारण में निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। विधेयक में प्रावधान है कि महामारी के दौरान स्वास्थ्य का अधिकार लोगों को सुरक्षा कवच देगा।लेकिन इसके लिए निजी अस्पतालों की भूमिका का उल्लेख नहीं किया गया है। दो दिन से निजी अस्पतालों में उपचार पूरी तरह से बंद है। चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि सरकार के लिए आम आदमी का स्वास्थ्य आवश्यक है। विधानसभा की प्रवर समिति में चर्चा और निजी अस्पतालों के मालिकों से बातचीत के बाद विधेयक में संशोधन किया गया है। उन्होंने कहा कि विधेयक मंगलवार को विधानसभा में पेश होगा ।

  • पंजाबः अमृतपाल सिंह को लेकर निहंग सिंहो का एयरपोर्ट रोड पर प्रदर्शन, देखें वीडियो

    पंजाबः अमृतपाल सिंह को लेकर निहंग सिंहो का एयरपोर्ट रोड पर प्रदर्शन, देखें वीडियो

    मोहालीः खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह को लेकर निहंग सिंह द्वारा एयरपोर्ट रोड पर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान निहंग सिंह धरने पर बैठ गए है। वहीं निहंग सिंहो के बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मौके पर पुलिस अधिकारी के साथ निहंग सिंहों की बात भी हुई है। बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास पुलिस बल का इंतजाम किया गया। 

  • 21 वर्षीय छात्र पर अज्ञात लोगों ने किया हमला, बालों से खींचकर सड़क पर फेंका

    21 वर्षीय छात्र पर अज्ञात लोगों ने किया हमला, बालों से खींचकर सड़क पर फेंका

    टोरंटो: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में नफरतपूर्ण हमले में 21 वर्षीय सिख छात्र पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर उसकी पगड़ी उतार दी और उसे बालों से खींचते हुए सड़क के किनारे ले गए। मीडिया की खबरों में यह जानकारी दी गई है। ‘सीटीवी’ की खबर के अनुसार, गगनदीप सिंह पर देर रात उस समय हमला किया गया, जब वह अपने घर लौट रहा था। 

    मामले में काउंसलर ने क्या कहा

    काउंसलर मोहिनी सिंह ने बताया कि उन्हें हमले के तुरंत बाद ही इसकी जानकारी मिली और वह गगनदीप से मिलने पहुंची। उन्होंने समाचार चैनल से कहा, ‘‘मैं उसे देखकर हैरान रह गई। वह अपना मुंह भी नहीं खोल पा रहा था।’’ सिंह ने बताया कि गगनदीवप की आंखे सूजी हुई थी और वह काफी दर्द में था। 

    क्या है पूरा मामला

    काउंसलर ने आगे बताया कि गगनदीप रात करीब साढ़े 10 बजे किराने की खरीदारी के बाद घर जा रहा था, तभी बस में उसका 12 से 15 युवकों से सामना हुआ था। उन्होंने कहा, ‘‘वे उसे परेशान करने लगे और उसकी ओर एक ‘विग’ फेंक दी। छात्र ने उनसे कहा कि उसे परेशान न करें, नहीं तो वह पुलिस को फोन कर देगा। हालांकि वे रुके नहीं और उसे परेशान करते रहे।’’ इसके बाद गगनदीप बस से उतर गया था। इस पर बोलते हुए उन्होंने आगे कहा है कि ‘‘वे भी उसके पीछे-पीछे उतर गए और बस के जाने का इंतजार करने लगे । इसके बाद उन्होंने उस पर हमला कर दिया उसके मुंह, पेट, हाथ और पैरों पर वार किया…उसकी पगड़ी उतार दी और उसे बालों से खींचकर सड़क किनारे गंदी बर्फ पर फेंक दिया।’’ बता दें कि हमला करने वाले लोग उसकी पगड़ी अपने साथ ले गए । 

    हमले से अंतरराष्ट्रीय साथी छात्र डरे हुए है

    ऐसे में गगनदीप ने होश में आने के बाद अपने एक दोस्त को फोन किया था। मोहिनी सिंह ने कहा कि गगनदीप के दोस्त और अंतरराष्ट्रीय साथी छात्र हमले से काफी परेशान और डरे हुए हैं। बस स्टॉप पर एक बैठक की गई जिसमें उन्होंने एक-दूसरे से अपनी सुरक्षा से जुड़े मुद्दे साझा किए। 

    जांच में जुटी है पुलिस

    सिंह ने कहा कि गगनदीप का सिख और भारतीय होना यकीनन उस पर हमले की वजह था। कलोना रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने एक बयान में मामले की जांच करने की पुष्टि की है। काउंस्टेबल माइक डेला-पाउलेर ने कहा, ‘‘कलोना आरसीएमपी इसे बेहद गंभीरता से ले रही है और शहर में हो रहे इस तरह के अपराधों को लेकर चिंतित है।’’