Blog

  • पंजाबः Fssai ने फूड सप्लाई विभाग को जारी की हिदायतें, नहीं मानें तो होगी कार्रवाई

    पंजाबः Fssai ने फूड सप्लाई विभाग को जारी की हिदायतें, नहीं मानें तो होगी कार्रवाई

    चंडीगढ़ः भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा पंजाब के खाद्य आपूर्ति विभाग को जारी किए गए। निर्देशों के बाद अब हर दुकानदार और रेहड़ी वाले के लिए खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्राप्त करना आवश्यक कर दिया गया है। बता दें कि एफएसएसएआई की ओर से जारी निर्देश में अब दुकानदार के लिए एक सर्टिफिकेट रखना अनिवार्य होगा, जिसके तहत वह अपना सामान बेच सकेगा।

    इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए लुधियाना खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि एफएसएसआई द्वारा जारी निर्देशों पर पंजाब सरकार को एक अधिसूचना जारी की गई है, जारी हुए निर्देशों के अनुसार पूरे पंजाब में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभागों को आदेश जारी हो गए है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दुकानों के लिए ही नहीं बल्कि खाने-पीने की रेहड़ी वालों के लिए भी जरूरी है।

    उन्होंने कहा कि एक गुरदासपुर कंपनी को ठेका दिया गया है जो वहां जाकर दुकानदारों सहित लोगों को जागरूक करेगी और इस संबंध में एक प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा और इसका उल्लंघन करने या इसका पालन नहीं करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इस बीच उन्होंने लोगों से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

  • पंजाब से बड़ी ख़बरः लंपी की बीमारी से एक दिन में 25 पशुओं की मौत

    पंजाब से बड़ी ख़बरः लंपी की बीमारी से एक दिन में 25 पशुओं की मौत

    रूपनगर : जिले में लगातार लंपी की बीमारी का कहर बरपा रहा है। जिले के विभिन्न कस्बों में एक दिन में 25 लंपी रोगीग्रस्त पशुओं की मौत की खबर सामने आई है। पशुपालन विभाग के सहायक निदेशक डॉ. बहादुर सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आज जिले में 25 पशुओं की लंपी की बीमारी से मौत हुई है, जिनमें से रूपनगर में 8, श्री चमकौर साहिब में 8, श्री आनंदपुर साहिब, 9 पशुओं की लंपी की बीमारी से मौत हो चुकी है।

    इसके अलावा लंपी की बीमारी की चपेट में 45 पशु आ चुके हैं, जिनमें से रूपनगर में 21, श्री चमकौर साहिब में 14, श्री आनंदपुर साहिब में 10 नए पशु लंपी की बीमारी की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि आज रूपनगर में 21, श्री चमकौर साहिब में 81 और श्री आनंदपुर साहिब में 35 पशुओं का पशुपालन चिकित्सकों द्वारा इलाज किया गया।

    जिससे रूपनगर में 32, श्री चमकौर साहिब में 11 और श्री आनंदपुर साहिब में 9 पशु स्वस्थ हो गए हैं। उन्होंने कहा कि लंपी की बीमारी से बचाव के लिए विभाग द्वारा स्वस्थ पशुओं का लगातार टीकाकरण किया जा रहा है। रूपनगर में 33, श्री चमकौर साहिब में 858 सहित 891 पशुओं का आज टीकाकरण किया गया।

  • कपूरथला के BDPO ऑफिस में मंत्री कुलदीप धालीवाल ने की छापेमारी, देखें वीडियो

    कपूरथला के BDPO ऑफिस में मंत्री कुलदीप धालीवाल ने की छापेमारी, देखें वीडियो

    कपूरथला/वरुणः पंजाब में मान सरकार लगातार एक्शन के मूड में दिखाई दे रही है। वहीं सरकारी दफ्तरों में कामकाज को लेकर आप सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री कुलदीप धालीवाल ने कपूरथला के बीडीपीओ ऑफिस में छापेमारी की। इस दौरान पंचायत अफसर और बीडीपीओ समेत कई अफसर और क्लर्क गैरहाजिर मिले। मंत्री ने सबके नाम नोट कर कार्रवाई के आदेश दे दिए। मंत्री को सोशल मीडिया पर यहां अफसरों के न होने की शिकायतें मिल रहीं थी।

    पंचायत अफसर नहीं थे मौजूद 

    मंत्री कुलदीप धालीवाल बीडीपीओ के ऑफिस पहुंचे। वहां पंचायत सेक्रेटरी संदीप सिंह मिले। पंचायत अफसर वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद मंत्री दूसरे कर्मचारियों से मिले। वहां एक क्लर्क भी गैरहाजिर मिला। मंत्री को कहा गया कि पंचायत अफसर की डीडीपीओ ऑफिस में ड्यूटी है। बीडीपीओ की तारीख है इसलिए वह कोर्ट में गए हैं।

    मंत्री धालीवाल को सोशल मीडिया पर मिली थी शिकायतें

    ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री कुलदीप धालीवाल ने कहा कि उन्हें फेसबुक और ट्विटर पर कई बार शिकायत मिली थी। जिसके बाद वह कपूरथला जिले के पंचायत ऑफिस और बीडीपीओ ऑफिस गए। वहां जाकर पता चला कि लोगों की शिकायत बिल्कुल सही है। वहां कोई भी काम नहीं कर रहा। अफसर भी वहां ड्यूटी पर हाजिर नहीं थे। उनके नाम नोट कर कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं।

  • डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के लॉकर की जांच करने बैंक पहुंची सीबीआई, देखें वीडियो

    डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के लॉकर की जांच करने बैंक पहुंची सीबीआई, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के वसुंधरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लॉकर की जांच करने केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) की टीम पहुंच गई है।  सीबीआई की टीम से पहले मनीष सिसोदिया अपनी पत्नी के साथ अपने लॉकर की चाबी लेकर वसुंधरा चार स्थित मेवाड़ कॉलेज के अंदर पीएनबी की शाखा में पहुंच गए थे। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बैंक के अंदर अभी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। वह कुछ ही देर में बाहर आकर मीडिया से बात कर सकते हैं। बैंक के बाहर पुलिस फोर्स के साथ मीडिया का जमावड़ा भी लगा।

    दिल्ली में शराब नीति में गड़बड़ी के मामले में सीबीआई जांच कर रही है। सीबीआई ने इससे पहले अगस्त में ही दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर छापामारी की थी।  गौरतलब हैकि पिछले दिनों दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने शराब नीति में गड़बड़ी के मामले को लेकर सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। एलजी सक्सेना ने मुख्य सचिव की रिपोर्ट के बाद सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। मुख्य सचिव की रिपोर्ट में सिसोदिया की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे। आपको बता दें कि दिल्ली में एक्साइज विभाग मनीष सिसोदिया के पास है।

    इससे पहले, सोमवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि मंगलवार को सीबीआई उनका बैंक लॉकर देखने आने वाली है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, सीबीआी हमारा बैंक लॉकर देखने आ रही है। 19 अगस्त को मेरे घर पर 14 घंटे की रेड में कुछ नहीं मिला था। लॉकर में भी कुछ नहीं मिलेगा। सीबीआई का स्वागत है, जांच में मेरा और मेरे परिवार का पूरा सहयोग रहेगा।

  • पंजाबः नियमों की धज्जियां उड़ा रहे आप नेता, एक्टिवा सवार विधायक का बेटा हूटर बजाकर भागा, पुलिस ने पकड़ा

    पंजाबः नियमों की धज्जियां उड़ा रहे आप नेता, एक्टिवा सवार विधायक का बेटा हूटर बजाकर भागा, पुलिस ने पकड़ा

    फाजिल्का : पंजाब में वीआईपी कल्चर के खात्मे को लेकर भले ही सैकड़ों दावे किए जा रहे हों, लेकिन ऐसा कहीं देखने को नहीं मिल रहा। मंत्री तो दूर विधायकों के बच्चे भी इस वीआईपी ट्रेंड को नहीं छोड़ रहे हैं। मामला फाजिल्का से सामने आया है, जहां विधायक का बेटा खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाता नजर आया।

    फाजिल्का के शास्त्री चौक में एक युवक स्कूटर पर हूटर लगाकर लेकर नाके के पास से भाग रहा था, जिसे पुलिस ने रोक लिया और पूछताछ करने पर पता चला कि यह युवक बलुआना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमनदीप सिंह गोल्डी का बेटा है, जो एक एक्टिवा पर हूटर बजाकर और निडर होकर नाके से निकल रहा था।

    लेकिन पुलिस ने उसे रोका और काफी लताड़ा। पुलिस ने पहले तो युवक को सख्ती दिखाई और फिर विधायक साहब से बातचीत की, लेकिन विधायक ने फोन पर कहा कि उनके पास इस सब के लिए समय नहीं है, जिसके बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी ने सिर्फ चेतावनी देकर युवक को वहां से भेज दिया।

  • पंजाबः विधायक हरमीत पठानमाजरा की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

    पंजाबः विधायक हरमीत पठानमाजरा की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

    चंडीगढ़ : पटियाला जिले की सनौर विधानसभा सीट से आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा (आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा) की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। दूसरी पत्नी की ओर से दायर याचिका पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने हरमीत पठान माजरा और पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर दूसरी पत्नी को सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने शिकायत की स्थिति रिपोर्ट भी मांगी है।

    बता दें कि विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा की दूसरी पत्नी गुरप्रीत कौर ने उन पर मारपीट, शारीरिक एवं मानसिक शोषण और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। पीड़ित गुरप्रीत कौर ने जीरकपुर थाने में अपनी शिकायत में कहा है कि पठानमाजरा ने अपनी पहली पत्नी को तलाक दिए बिना मुझसे झूठ बोल कर शादी की।

  • जालंधरः शहर के आधे से ज्यादा इलाकों में मंडराया पानी का खतरा

    जालंधरः शहर के आधे से ज्यादा इलाकों में मंडराया पानी का खतरा

    जालंधर/अनिल : नगर निगम की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। दरअसल, 10 माह से टेंडर प्रोसेस और मंजूरी को लेकर विवाद में फंसे इन ट्यूबवेलों को संभावित ठेकेदार ने ठेके पर लेने से इनकार कर दिया है। इसके लिए ठेकेदार सुधीर ने अपनी कंपनी एसकेई इंजीनियर के लेटर पैड पर निगम कमिश्नर को पत्र लिखकर टेंडर लेने से इनकार किया है और अर्नेस्ट मनी वापस मांगी है। ऐसे में अब इन टेंडरों को दोबारा लगाना पड़ेगा और इसमें कम से कम दो से तीन महीने निकल जाएंगे। हालांकि फिलहाल ठेकेदार ने यह कह दिया है कि वह इन ट्यूबवेल को नए टेंडर के होने तक आपरेट और मेंटेन करता रहेगा। ऐसे में शहर के आधे से ज्यादा इलाकों में पानी की आपूर्ति पर खतरा मंडरा रहा है। चार जोन के तहत 349 ट्यूबवेल के चार टेंडरों को रद्द किया जा सकता है। 

    आठ माह पहले खत्म हो चुका ठेका

    गौरतलब है कि इन टयूबवेलों का पिछला ठेका भी ठेकेदार सुधीर के पास ही था। अब नए सिरे से टेंडर करना पड़ सकता है। इसके लिए शर्तें भी दोबारा तय करनी होंगी। पुरानी शर्तों को लेकर विवाद चल रहा है जिस वजह से पुराना ठेका खत्म होने के बाद भी नया ठेका देने पर सहमति नहीं बन रही। ठेकेदार सुधीर ने कहा कि वह निगम के सभी टयूबवेलों को अस्थाई तौर पर चलाते रहेंगे। ठेकेदार सुधीर के पास जोन नंबर सात के 56 ट्यूबवेल के आपरेयान एंड मेंटीनेंस का ठेका है। यह ठेका भी आठ महीने पहले खत्म हो चुका है और दो महीने पहले इसकी एक्सटेंशन भी खत्म हो चुकी है।

    ट्यूबवेल चलाने के लिए मैन पावर रखने की शर्त को लेकर फंसा पेच  

    आठ महीने पहले टेंडर लगाए जाने के बाद भी पहले विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण और अधिकारियों के चुनावी कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण टेंडर प्रोसेस रुका रहा और जब चुनाव खत्म हुए तो उसके बाद ट्यूबवेल चलाने के लिए मैन पावर रखने की शर्त को लेकर पेच फंस गया। ठेकेदार ने इस पर सहमति दे दी थी लेकिन निगम की वाटर सप्लाई एंड सीवरेज एडहाक कमेटी के चेयरमैन पवन कुमार ने इस पर एतराज जता दिया। कई अन्य पार्षदों ने भी इस पर एतराज दाखिल किया तो मेयर ने भी टेंडर रोक लिए। इससे विवाद बढ़ गया और ठेकेदार ने जोन नंबर सात का काम बंद किया। इस वजह से दो दिन तक कई इलाकों में पानी की सप्लाई रुक गई और हाहाकार मच गया।

    लोगों के प्रदर्शन के बार निगम ने शुरू करवाया ठेका

    लोगों ने धरना प्रदर्शन किया तो नगर निगम ने ठेकेदार को अपील करके काम शुरू करवाया। अगर अब भी इन टेंडरों को रद्द करके नया टेंडर लगाया जाता है तो अगले दो से तीन महीने तक नगर निगम पूरी तरह से ठेकेदार पर ही निर्भर रहेगा। ठेकेदार को इसमें फायदा रहेगा कि उसे हर महीने ट्यूबवेल चलाने के पैसे मिलते रहेंगे। चार जोन के टेंडर को निगम की वित्त एवं ठेका कमेटी भी रखा गया लेकिन सहमति नहीं बनी थी। मेंबरों के एतराज के बाद एडहाक कमेटी से लिखित में एतराज और मैन पावर रखने से होने वाले वित्तीय नुकसान पर रिपोर्ट मांगी थी लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली है।

  • पंजाबः नॉवल्टी स्वीट्स पर एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग की RAID, विभाग ने जब्त किए रिकॉर्ड

    पंजाबः नॉवल्टी स्वीट्स पर एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग की RAID, विभाग ने जब्त किए रिकॉर्ड

    अमृतसरः पंजाब के एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग ने देर रात शहर में नॉवल्टी स्वीट्स पर रेड की। मिली जानकारी के अनुसार, रेड देर रात शुरू हुई और करीब 1 बजे तक चली। विभाग को नॉवल्टी स्वीट्स के खिलाफ जीएसटी में हेरफेर की शिकायत मिली थी। देर रात एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग की टीमें नॉवल्टी चौक स्थित नॉवल्टी स्वीट्स पर सर्वे के लिए पहुंची।

    विभाग को शक है कि नॉवल्टी स्वीट्स पर जीएसटी की चोरी की जा रही है। फिलहाल टीमों ने नॉवल्टी स्वीट्स का रिकॉर्ड कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी कार्रवाई जारी रहेगी। जैसे ही कुछ स्पष्ट होगा, इसकी जानकारी दी जाएगी।

  • नोएडा के बाद अब गुरुग्राम में थप्पड़ कांड, 39 साल के शख्स ने सिक्योरिटी गार्ड को जड़े थप्पड़, देखें वीडियो

    नोएडा के बाद अब गुरुग्राम में थप्पड़ कांड, 39 साल के शख्स ने सिक्योरिटी गार्ड को जड़े थप्पड़, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः नोएडा के बाद अब गुरुग्राम में भी थप्पड़ कांड सामने आया है। गुरुग्राम की एक सोसायटी में 39 साल के शख्स पर सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस मामले में गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी को फिलहाल जमानत मिल गई है। 

    ये मामला गुरुग्राम के सेक्टर 50 में स्थित द क्लाउज नॉर्थ सोसायटी का है। गार्ड के साथ मारपीट करने का आरोप वरुण नाथ पर लगा है। वरुण नाथ बिजनेसमैन हैं। जानकारी के मुताबिक, वरुण लिफ्ट से 14वें फ्लोर से नीचे आ रहे थे। इस दौरान लिफ्ट बंद हो गई और वो फंस गए। वरुण ने लिफ्ट में लगे इंटरकॉम के जरिए सिक्योरिटी गार्ड अशोक कुमार को सूचना दी। अशोक लिफ्टमैन को लेकर पहुंचे। लिफ्ट से वरुण को निकालने में 5 मिनट का समय लग गया, जिससे वो गुस्सा हो गए। लिफ्ट से बाहर आते ही वरुण ने अशोक को पीटना शुरू कर दिया।

    अशोक कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ओरैया जिले के रहने वाले हैं। वो अभी गुरुग्राम में सेक्टर 57 में रहते हैं। अशोक ने अपनी शिकायत में बताया है कि लिफ्ट से बाहर आने के बाद वरुण ने उन्हें गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। इस पूरे मामले में पुलिस ने इंडियन पीनल कोड (IPC) की धारा 323 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

    बता दें कि गुरुग्राम का मामला सामने आने से कुछ दिन पहले ही नोएडा की एक सोसायटी में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। नोएडा के सेक्टर 126 स्थित जेपी विशटाउन सोसायटी में भव्या रॉय नाम की महिला ने सिक्योरिटी गार्ड से बदसलूकी की थी। भव्या ने गार्ड के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उसकी वर्दी भी फाड़ी थी और भद्दी-भद्दी गालियां भी दी थीं। इस मामले में पुलिस ने भव्या के खिलाफ 5 धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें धारा 323 और 506 के अलावा धारा 153-A, 504 और 505 (2) शामिल हैं।

  • एयरपोर्ट पर उतरते ही बॉलीवुड एक्टर KRK गिरफ्तार

    एयरपोर्ट पर उतरते ही बॉलीवुड एक्टर KRK गिरफ्तार

    मुबंईः एक्टर और फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान (KRK) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। केआरके को मलाड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विवादों में रहने वाले केआरके के खिलाफ मलाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद उन्हें पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। कमाल आर खान अपने एक ट्वीट की वजह से मुश्किलों में फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि केआरके के खिलाफ कार्रवाई एक विवादित ट्वीट के चलते हुई है। मलाड पुलिस ने कमाल आर खान को एयरपोर्ट से डिटेन किया और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

    कमाल आर खान को साल 2020 में दर्ज हुए एक केस में मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। केआरके पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर धर्म को लेकर विवादित ट्वीट किए। केआरके के खिलाफ शिकायत युवा सेना के सदस्य राहुल कनाल ने की थी। उसे आज बोरिवली कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, कमाल आर खान के खिलाफ 2020 में एक FIR दर्ज होने के बाद लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। केआरके पर ये भी आरोप है कि उन्होंने दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर और इरफान खान पर अपमानजनक ट्वीट पोस्ट किए थे। कमाल आर खान को मलाड पुलिस ने आईपीसी 153A, 294,500,501,505, 67/98 एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। आज सुबह 11 बजे कमाल आर खान को बोरिवली कोर्ट में पेश किया जाएगा।

    राहुल कनाल ने कहा- मेरी शिकायत पर कमाल आर खान को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस के इस एक्शन का मैं वेलकम करता हूं। वह सोशल मीडिया पर अपमानजनक कमेंट्स करता है और अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल करता है। इस तरह का बर्ताव समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता है। उसे गिरफ्तार करके मुंबई पुलिस ने ऐसे लोगों को एक स्ट्रॉन्ग मैसेज दिया है।