Home Punjab>Ludhiana Punjab News: चोरों ने एक साथ कई दुकानों में बोला धावा, कैश चुरा हुए फरार, देखें वीडियो

Punjab News: चोरों ने एक साथ कई दुकानों में बोला धावा, कैश चुरा हुए फरार, देखें वीडियो

0
Punjab News: चोरों ने एक साथ कई दुकानों में बोला धावा, कैश चुरा हुए फरार, देखें वीडियो

लुधियाना। चंडीगढ़ रोड पर स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल के सामने आज एक साथ कई चोरी की बड़ी वारदातें सामने आई। जहां, अज्ञात चोरों ने एक साथ चार दुकानों में सेंध लगाने की कोशिश की। इनमें से दो दुकानों से चोर नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि दो दुकानों में सामान बिखरा मिला लेकिन वहां से कुछ चोरी नहीं हुआ।

दुकान खोलने पहुंचे मालिक तो दिखा टूटा गल्ला
घटना की जानकारी देते हुए दुकान मालिक संजय कुमार ने बताया कि जब वह सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो बाहर का शटर बिल्कुल सही था। लेकिन जैसे ही वह अंदर गए, वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था और गल्ला टूटा हुआ मिला।

संजय कुमार ने बताया कि जब उन्होंने स्टोर रूम की जांच की तो वहां लगा सीसीटीवी का डीवीआर भी गायब था। इससे साफ हो गया कि दुकान में चोरी की गई है। इसके बाद कुमार ने पास की दुकानों के मालिकों को सूचना दी। जांच करने पर पता चला कि आसपास की तीन और दुकानों में भी चोरी की कोशिश हुई थी। कुल मिलाकर चार दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया।

दो दुकानों से उड़ाई नकदी
चोरों ने सिटी मेडिकल स्टोर से करीब 5,000 रुपये नकद चोरी कर लिए, जबकि लकी स्वीट शॉप से लगभग 12,000 रुपये कैश लेकर फरार हो गए। बाकी दो दुकानों में चोरों को कुछ खास हाथ नहीं लगा।

छत के रास्ते दाखिल होने की आशंका
चारों दुकानों के शटर सही सलामत पाए गए हैं। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि चोर दुकानों के पीछे की ओर से दीवार फांदकर या फिर छत के रास्ते अंदर घुसे होंगे।

जांच में जुटी पुलिस
घटना की शिकायत जीवन नगर चौकी में दर्ज करवा दी गई है। सूचना मिलते ही जीवन नगर चौकी पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here