Blog
-

गोविंद एनक्लेव से सरिया और सिलेंडर चोरी
ऊना/सुशील पंडित:रक्कड़ कॉलोनी से सटे गोविंद एनक्लेव में चोरों ने एक प्लाट से सरिया और सिलेंडर चोरी कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित परिवार की ओर से सपना कुमारी पत्नी राजीव कुमार ने कहा है कि गोविंद एनक्लेव के प्लॉट नंबर 216 में उनके घर का निर्माण कार्य चल रहा है। 14 फरवरी को उन्होंने पाया कि प्लाट में रखा 40 किग्रा टीएमटी सरिया और एक बर्नर लगा सिलेंडर गायब है। थाना सदर में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। -
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं बाल विकास परियोजना अधिकारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया
ऊना सुशील पंडित :सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश के अंतर्गत समेकित बाल विकास परियोजना ऊना के तहत पंचायत घर फतेहपुर में “सशक्त महिला योजना ” के अंतर्गत खंड स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह दयाल ने की । इस शिविर में उपमंडल अधिकारी ऊना विश्वमोहन देव चौहान बतौर मुख्य अतिथि तथा ज़िला कार्यक्रम अधिकारी नरेंदर कुमार व अध्यक्ष ब्लाक समिति ऊना जशपाल सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित हुए |
शनिवार को आयोजित शिविर में ज़िला कार्यक्रम अधिकारी नरेंदर कुमार ने महिलाओं को वित्तीय साक्षरता के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि आजकल ऑनलाइन फ्रॉड बहुत ज्यादा हो रहा है इसलिए कभी भी अपने बैंक के खाते से संबंधित जानकारी को किसी से भी शेयर न करें I पुलिस विभाग से कांस्टेबल दविंदर जसवाल ने बताया कि अगर किसी महिला के साथ किसी प्रकार की हिंसा अथवा दुर्व्यवहार किया जाता है तो पीड़ित महिला पुलिस स्टेशन में फोन पर जानकारी दे सकती है या महिला पुलिस थाना में आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है I
इसके अतिरिक्त उन्होने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 भी जारी किया है जिस पर महिलाएं फोन करके भी शिकायत कर सकती हैं I वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश ऐरी ने सशक्त महिला केंद्र से आई महिलाओं को बताया कि महिलाओं का शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान है इससे पहले महिलाओं को घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं थी लेकिन वर्तमान में महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है I अगर किसी भी महिला के साथ कोई हिंसा या दुर्व्यवहार होता है तो वह मुफ़्त कानूनी सहायता ले सकती हैं I उन्होंने कहा कि सशक्त महिला योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जाता है l
उपमंडल अधिकारी ऊना विश्वमोहन देव चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि समय-समय पर गर्भवती, धात्री एवं नवजात शिशु का हेल्थ चेकअप करवाना अति आवश्यक है तथा उनका समय पर वैक्सीनेशन व टीकाकरण भी करवाया जाना आवश्यक है । इन लाभार्थियों को संतुलित पौष्टिक आहार लेना चाहिए, आयरन फोलिक एसिड की टेबलेट के साथ-साथ मिनरल्स युक्त, कैल्शियम, आयरन युक्त आहार लेना चाहिए तथा कुपोषित और अल्प कुपोषित बच्चों की ओर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए और उन्हें किसी विशेषज्ञ डॉक्टर व डाइटिशियन से परामर्श करके उचित उपचार करवाने के साथ-साथ पौष्टिक आहार देकर उसके स्वास्थ्य में सुधार किया जा सकता है | उन्होंने महिलायों को उनके अधिकारों के बारे में भी जागरूक करवाया | रोल प्ले में रीटा एंड टीम ने महिलायों को महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनायो तथा महिलायो को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया I
बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप दयाल ने घरेलू हिंसा अधिनियम,पोषण अभियान ,बेटी है अनमोल योजना, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना ,मुख्यमंत्री कन्यादान योजना ,मुख्यमंत्री शगुन योजना ,मदर टेरेसा असहाय मातृ संबल योजना , प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना , बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर आदि योजनाओं बारे में महिलाओं को जागरूक किया I शिविर में ऊना ब्लाक की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्तायो को पोषण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये सम्मानित किया गया I इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत नरिन्द्रा देवी , उपप्रधान कुलविंदर सिंह , ब्लाक समिति सदस्य महेन्द्र छिब्बर , महिला मंडल के सदस्य, सांख्यिकीय सहायक संजय कुमार, पर्यवेक्षक मीनू वाला, कुलबीर कौर, सुमन लता, सुमन बाला, नानकी देवी, नरेश देवी, कंचन देवी, आशा देवी, वीना रानी, संतोष कुमारी पोषण ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गुरमुख सिंह , आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व अन्य महिलाएं उपस्थित रही |
-

आयुर्वेद फार्मासिस्ट 25 तक करवाएं रोज़गार कार्यालय में पंजीकरण
ऊनासुशील पंडित :निदेशक आयुर्वेद हिमाचल प्रदेश द्वारा आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के पांच पदो के लिए बैचवाइज़ भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। इन पांच पदों में एक पद अनारक्षित भूतपूर्व सैनिक, दो पद अनुसूचित जाति भूतपूर्व सैनिक, एक पद अनुसूचित जनजाति भूतपूर्व सैनिक तथा एक अन्य पिछड़ा वर्ग भूतपूर्व सैनिक श्रेणी के लिए हैं।यह जानकारी देते हुए ज़िला रोज़गार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि ज़िला ऊना के उक्त श्रेणी के लिए पात्र आयुर्वेद फार्मासिस्ट ने यदि अपना नाम ज़िला रोज़गार कार्यालय में पंजीकृत नहीं करवाया है, वह 25 फरवरी से पहले अपना नाम सम्बन्धित रोज़गार कार्यालय की सम्बन्धित वैवसाइट https://eemis.hp.nic.in में दर्ज करवा लें। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए ज़िला रोज़गार कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01975226063 पर भी सम्पर्क कर सकते हैं। -
काम दिलाने के बहाने 55 साल की महिला के साथ किया गैंगरेप
गुजरात: वडोदरा में 55 साल की एक महिला के साथ हैवानियत का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि घर में काम दिलाने के बहाने तीन लोगों ने उसके साथ रेप किया. पीड़िता ने इस बारे में बेटी को बताया तो उसके होश उड़ गए. उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है.
इंसानियत को शर्मसार और दिल को झकझोर देने वाली ये घटना वडोदरा के खोडियारनगर इलाके की है. शुक्रवार को 55 साल की एक महिला घरों में काम की तलाश कर रही थी. जिस वक़्त वो लोगों से पूछ रही थी. तभी उसके पास खड़े रिक्शा चालक वकील पठान ने महिला का मोबाइल नंबर लिया. इसके आधे घंटे बाद रिक्शा चालक ने महिला को कॉल की और एक बंगले में काम दिलाने के बहाने बुलाया. वो महिला को रिक्शे में बैठाकर छानी इलाके में एक सुनसान जगह पर ले गया. वहां उसके दो दोस्त शकील अहमद पठान और चमन पठान पहले से ही मौजूद थे.
महिला ने गड़बड़ी महसूस होने पर विरोध किया तो तीनों उसे खींचकर पास की एक सुनसान जगह पर ले गए. वहां बारी-बारी से महिला के साथ रेप किया. इसके बाद महिला ने अपने साथ हुई दरिंदगी के बारे में बेटी को बताया. उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने तुरंत चार टीमें गठित की और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए.
-

पंचायत उपचुनाव में मतदान केन्द्र के सीमित दायरे में सशस्त्र प्रवेश प्रतिबन्धित रहेगा
ऊनासुशील पंडित :ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि ज़िला ऊना में 25 फरवरी को पंचायती राज संस्थाओं के पदो के लिए होने वाले उप-चुनाव में मतदान केन्द्र व सुरक्षा की दृष्टि से सीमित दायरे के भीतर तैनात सुरक्षा कर्मियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के लिए सशस्त प्रवेश पर पूर्णतया प्रतिबन्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति इसका उलंघन करता पाया जाता है, तो वह दो वर्ष का कारावास अथवा जुर्माना या दोनों सजाओं से दण्डनीय होगा। -
वशिष्ट पब्लिक स्कूल जेईई मेंस का परिणाम शानदार रहा
ऊना/सुशील पंडित :वशिष्ट पब्लिक स्कूल का जेईई मेंस का परिणाम शानदार रहा। जिसमें ऋत्विक सैनी ने 96.4, रिद्धि प्रभाकर ने 91,अयाना जसवाल ने 90 परसेंटाइल प्राप्त किए। यह बच्चे एनआईटी के कॉलेजो में प्रवेश के लिए और आईआईटी में एडमिशन के लिए होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा के लिए योग्य हैं । इसके अलावा वशिष्ट पब्लिक स्कूल के 27 बच्चों ने जेईई मेंस की परीक्षा उत्तीर्ण की।ऐसा शानदार परिणाम सुनकर अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी ।उन्होंने इसका श्रेय स्टॉफ, मैनेजमेंट तथा स्कूल के सौहार्दपूर्ण वातावरण को दिया। स्कूल के निदेशक अनुज वशिष्ठ जी ने कहा कि यह बच्चों की मेहनत और लगन का परिणाम है और कहा कि वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऐसे परिणाम देने के लिए हमेशा अग्रसर रहेगा। स्कूल के प्रधानाचार्य श्री दीपक कौशल ने बच्चों और शिक्षकों को बधाई दी। -
21 आवारा कुत्तों पर बदमाशों ने बरसाई गोलियां
तेलंगाना: महबूबनगर जिले के पोन्नाकल में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. जहां कुछ अज्ञात बदमाशों ने 21 आवारा कुत्तों की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी. हथियारों से लैस अपराधियों ने इस हत्या को अंजाम दिया. इसके बाद गांव में एक भी कुत्ते नहीं बचे जिससे गांव वाले सदमे में हैं. बदमाशों की इस गोलीबारी से कई अन्य कुत्ते घायल भी हो गए. बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस गांव में गोलीबारी के बाद एक भी कुत्ते नहीं बचे.
पशुपालन विभाग ने शवों का पोस्टमार्टम किया जिसके बाद अडाकल के पुलिस उप-निरीक्षक श्रीनिवास ने संदेह जताया कि कुत्तों को पहले जहर दिया गया और उसके बाद बंदूक से उन्हें करीब से गोली मारी गई .गांव और हाइवे पर सीसीटीवी कैमरा नहीं होने की वजह से पुलिस को आरोपियों की पहचान में दिक्कत हो रही है. हालांकि अधिकारियों ने अब सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए कदम उठाए हैं. शस्त्र अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. हालांकि अभी तक किसी भी संदिग्ध की पहचान नहीं की गई है. इस क्रूरता के पीछे का मकसद क्या था ये अभ साफ नहीं हो पाया है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद वहां मिले खाली कारतूसों की पहचान करने के साथ ही साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है. पुलिस ने खुलासा किया कि दो कुत्तों के शव पर बंदूक की गोली के घाव पाए गए हैं. बताया जा रहा है कि पहले उन्हें जहर दिया गया और उसके बाद उन्हें गोली भी मारी गई.
-
पंजाबः धमकी देकर फिरौती मांगने वाले गिरोह का सदस्य काबू, देखें वीडियो
बठिंडाः जिले में लोगों को धमकी देकर फिरौती मांगने वाले गिरोह के सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर की देसी पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस और एक फोन बरामद किया है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी डी राजेश कुमार ने बताया कि सीआईए स्टाफ-1 की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि करणदीप सिंह उर्फ कन्नू पुत्र लखविंदर सिंह निवासी मोड़ मंडी का रहने वाला है। जो कि भट्टी रोड़ पर फिरौती ना मिलने पर कारोबारी पर फायरिंग करने आ रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी को काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकद्दमा 18 तारीख 16/2/2024 अ/ध 25/54/59 अस्ला एख्ट थाना सिविल लाइन में दर्ज करके हथियार और फोन बरामद किए है।
-
जालंधरः अभिषेक शर्मा को मिला रीजनल पासपोर्ट ऑफिस का एडिशनल चार्ज
जालंधर, ENS: महानगर में बीतें दिन सीबीआई ने रीजनल पासपोर्ट ऑफिसर अनूप सिंह, एआरपीओ हरिओम और संजय श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद आज विदेश मंत्रालय ने जालंधर रीजनल ऑफिस का चार्ज अमृतसर के आरपीओ अभिषेक शर्मा को दे दिया है। अभिषेक शर्मा के पास जालंधर रीजनल पासपोर्ट ऑफिस का एडिशनल चार्ज है। नई नियुक्ति होने तक अभिषेक शर्मा ही जालंधर का सारा कारभार संभालेंगे। हर हफ्ते वह कुछ दिन जालंधर और कुछ दिन अमृतसर में बैठेंगे।
-
‘घातक’ और ‘घायल’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के प्रोड्यूसर को 2 साल की सजा, लगा 2 करोड़ रुपए का जुर्माना
मुबंईः ‘घातक’ और ‘घायल’ जैसी सुपरहिट फिल्में बनाने वाले बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म प्रोड्यूसर राजकुमार संतोषी को जामनगर की अदालत ने शनिवार को दो साल की जेल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उनपर दो करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। दरअसल, कोर्ट ने यह सजा चेक बाउंस मामले में सुनाई है। साथ ही कोर्ट ने प्रोड्यूसर को चेक के अमाउंट की दोगुनी रकम यानी 2 करोड़ रुपए जमा करने का आदेश भी दिया है।

बता दें कि यह पूरा मामला साल 2015 का है। साल 2019 में जामनगर कोर्ट ने राजकुमार संतोषी को सुनवाई के लिए पेश होने का आदेश दिया था। आदेश को मानते हुए प्रोड्यूसर कोर्ट में पेश भी हुए थे। इसके बाद अशोकलाल के वकील ने बताया था कि राजकुमार संतोषी और अशोकलाल काफी अच्छे दोस्त हैं। 2015 में अशोकलाल ने संतोषी को एक करोड़ रुपए उधार दिए थे। इस कर्ज को वापस करने के लिए संतोषी ने उन्हें 10 लाख रुपए के 10 चेक दिए थे लेकिन दिसंबर 2016 में यह चेक बाउंस हो गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, वकील ने आगे बताया कि चेक बाउंस होने के बाद जब अशोकलाल ने संतोषी से कॉन्टेक्ट किया तो बात नहीं हो पाई।
इसके बाद ही अशोकलाल ने संतोषी के खिलाफ जामनगर की अदालत में मामला दर्ज कराया था। वकील ने आगे बताया था कि इस मामले के दर्ज होने के बाद 18 सुनवाईयों में राजकुमार संतोषी कोर्ट नहीं पहुंचे। चेक बाउंस होने पर जामनगर कोर्ट ने राजकुमार संतोषी को पहले पीड़ित को 15 हजार रुपए देने का आदेश दिया था लेकिन अब कोर्ट ने गंभीर फैसला सुनाते हुए उन्हें अपने लिए उधार की दोगुनी रकम अशोकलाल को चुकाने का आदेश दिया है। गौरतलब है कि राजकुमार संतोषी बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने दामिनी, अजब प्रेम की गजब कहानी, खाकी, घातक और घायल समेत कई सुपरहिट फिल्में बनाई हैं।