Blog

  • आज का राशिफल, 27 मई 2022

    आज का राशिफल, 27 मई 2022

    मेष राशिफल। आज का दिन आपके लिए निश्चित रूप से फलदायक रहने वाला है। आपके अंदर भोग विलास की भावना बढ़ेगी और आप कार्यक्षेत्र में कुछ नए परिवर्तन करेंगे,जिनका आगे चलकर आपको लाभ मिलेगा। धार्मिक व सामाजिक कार्यों में सहयोग करने से आज आपको मानसिक शांति मिलेगी। आपका आत्मविश्वास और बढेगा। आपको अपने  भविष्य के लिए भी कुछ धन संचय करके रखना बेहतर रहेगा,नहीं तो बाद में आपको परेशान होना पड़ सकता है। जो लोग किसी नए व्यवसाय को करना चाहते हैं,तो उनके लिए दिन उत्तम रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग व सानिध्य आपको भरपूर मात्रा में मिलता दिख रहा है।

    वृष राशिफल। आज आपको परिवार के किसी सदस्य की ओर से कोई शुभ सूचना सुनने को मिलेगी,लेकिन यदि आपके आस पड़ोस में कोई लड़ाई झगड़ा हो,तो आपको उसमें पड़ने से बचना होगा नहीं तो वह कानूनी विवाद का कारण हो सकता है। आपके कुछ नए कार्य में विघ्न आएंगे,जिन्हें आप परिवार के वरिष्ठ सदस्यों की मदद से दूर करने में सफल रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपको कड़वाहट को मिठास में बदलने की कला को सीखना होगा,तभी आप अपना काम निकलवाने में कामयाब रहेंगे। संतान द्वारा आज किसी ऐसे कार्य को अंजाम दिया जाएगा,जिसके कारण आपका मन प्रसन्न रहेगा।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए कुछ खर्चा भरा रहेगा। आप किसी कार्य में निवेश किया,तो उसमें भी आपको नुकसान हो सकता है। आपको रुके हुए कार्यों को पूरा करने के लिए मेहनत करेंगे व उन्हें पूरा करके ही दम लेंगे। परिवार में यदि किसी सदस्य से कोई मनमुटाव की स्थिति उत्पन्न हो,तो आपको उसमें वाणी की मधुरता को बनाए रखना होगा,नहीं तो वह आपसे नाराज हो सकते हैं। यदि कोई विपरीत परिस्थिति आपके सामने आए,तो आपको उसमें धैर्य बनाकर रखना होगा। सरकारी नौकरी में कार्यरत लोगों को किसी महिला मित्र के सहयोग से धन लाभ मिलता दिख रहा है।

    कर्क राशिफल। आज के दिन आपको व्यापार में छुटपुट लाभ के अवसर मिलते रहेंगे। आप अपने बुद्धि और विवेक से कुछ नए नए कार्यों की खोज भी करेंगे। आप अपने परिवार में छोटे बच्चों के लिए कुछ उपहार लेकर आ सकते हैं। राजनीति की दिशा में जो लोग कार्यरत हैं,उनको सावधान रहना होगा,नहीं तो उनके शत्रु उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। आपको दूसरों की कमी ढूंढने से अच्छा है कि आप अपने कार्यों की ओर ध्यान लगाएं,तभी आप लाभ कमा पाएंगे। जो लोग घर से दूर नौकरी में कार्यरत हैं,उन्हें अपने परिवार के सदस्यों की याद सता सकती है और वह उनसे मिलने आ सकते हैं।

    सिंह राशिफल। आज का दिन आपके लिए बहुमूल्य वस्तुओं की प्राप्ति का दिन रहेगा। आपकी दिल की इच्छाएं पूरी होगी। यदि आप किसी संपत्ति की खरीदारी करने की सोच रहे थे,तो  वह अच्छा पूरी होगी,लेकिन संतान के स्वास्थ्य में अक्समात गिरावट के कारण आप परेशान रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी कार्यकुशलता देखकर दूसरे व्यक्ति आपकी ओर आकृष्ट होंगे और अधिकारी भी आपकी प्रशंसा करते नजर आएंगे। आपको गरीबों की सहायता करने का मौका मिले,तो अवश्य करें। सायंकाल का समय आप किसी धार्मिक कार्य में भाग ले सकते हैं।

    कन्या राशिफल। आज का दिन आपके प्रभाव व प्रताप में वृद्धि लेकर आएगा। दोस्तों के साथ मुलाकात से आपको सुकून मिलेगा। सायंकाल से लेकर रात्रि तक आपको अपने अत्यधिक बढ़ते हुए खर्चों की ओर ध्यान लगाना होगा और बजट प्लान करके चलना बेहतर रहेगा। आप मित्रों के साथ घूमने फिरने की योजना बनाएंगे,लेकिन अविवाहित जातकों के जीवन  में नए मेहमान की दस्तक हो सकती है। जो लोग विदेश में जाकर शिक्षा ग्रहण करना चाहते हैं,उनको कोई खुशखबरी सुनने को मिलेगी। आपका अपनी माताजी से कोई वाद विवाद खड़ा हो सकता है।

    तुला राशिफल। आज आपका स्वास्थ्य कुछ नरम गरम रहेगा। यदि लोग नौकरी में कार्यरत हैं,तो उनके अधिकारों में वृद्धि होगी,जिसके कारण वह परेशान हो जाएंगे,लेकिन फिर भी आपको धैर्य बनाकर कार्य करना होगा,तभी आप सफलता हासिल कर सकेंगे। आपके चारों ओर के लोग आपके साहस व पराक्रम की प्रशंसा करते नजर आएंगे। परिवार में किसी सदस्य के विवाह की बात पक्की हो सकती है,जिससे परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहेगा। आपको किसी सरकारी योजना का लाभ मिलता दिख रहा है। ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से आपको धन उधार देने से बचना होगा,नहीं तो वह आपके रिश्तों को खराब करा सकता है।

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आपके लिए मध्यम रूप से फलदायक रहेगा। आपके सामने कुछ ऐसे खर्चे आएंगे,जिनको आपको मजबूरी में करना ही पड़ेगा। संतान पक्ष की ओर से कोई खुशखबरी मिलने से आपका उत्साह और बढ़ेगा। आपको रात्रि के समय किसी मांगलिक उत्सव में भी सम्मिलित होने का मौका मिलेगा,जहां आपकी कुछ रसूखदार लोगों से मुलाकात होगी। यदि आपको कोई नेत्र संबंधित समस्या हो,तो आपको उसमें डॉक्टरी परामर्श अवश्य लेना होगा। आपके मित्र आपको किसी निवेश संबंधी योजना की सलाह दें,तो आपको उसमें भाइयों से सलाह मशवरा करना बेहतर रहेगा।

    धनु राशिफल। आज का दिन आपके भौतिक सुख-सुविधाओं में कुछ कमी रहेगी,लेकिन व्यवसाय में आपको अपने मन की किसी भी बात को दूसरों के सामने उजागर नहीं करना है। यदि आपने ऐसा किया,तो दूसरे इसका फायदा उठा सकते हैं। आपका सामाजिक क्रियाकलापों में भी खूब मन लगेगा। व्यवसाय में आपको कुछ आपके रुके हुए धन की प्राप्ति होगी,जिसके कारण आप अपनी काफी धन संबंधित समस्याओं को हल कर पाएंगे। आपको संतान की किसी फरमाइश को पूरा करना होगा,नहीं तो वह आपसे नाराज हो सकती हैं। आपको अत्यधिक तले भुने भोजन से परहेज रखना बेहतर रहेगा नहीं तो आपका स्वास्थ्य खराब हो सकता है।

    मकर राशिफल। आज का दिन सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत लोगों के लिए उत्तम रहेगा,क्योंकि उन्हें कुछ नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आपको आपके निर्णय लेने की क्षमता का लाभ मिलेगा। आपको परिवार के किसी सदस्य के भविष्य से संबंधित कोई फैसला लेना पड़ सकता है,जिसमें आपको बड़े सदस्यों से सलाह मशवरा अवश्य करना होगा। व्यवसाय में यदि आपने किसी से उधार लिया,तो आपको उस धन को उतार पाना मुश्किल रहेगा,जिसके कारण आप परेशान रहेंगे। सायंकाल के समय आप देव दर्शन आदि की यात्रा पर जा सकते हैं। यदि आपका कोई कानूनी कार्य चल रहा है,तो उसमें आपको जीत मिल सकती है।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके लिए भविष्य की नवीन योजनाओं को लेकर आ रहा है। आपकी आध्यात्मिक कार्यों के लिए प्रति रुचि बढ़ेगी और आप दान पुण्य के कार्य में भी कुछ धन लगाएंगे। आपके अच्छे कार्यों को करने से आपके खानदान व कुल का नाम रोशन होगा,जिससे परिवार के सभी सदस्य प्रसन्न रहेंगे। सायंकाल के समय आपको माता पिता के आशीर्वाद से किसी कार्य में निवेश करना बेहतर रहेगा। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा में आ रही समस्याओं के लिए अपने गुरुजनों से सलाह मशवरा करना होगा।

    मीन राशिफल। आज का दिन आपके लिए करियर के दृष्टिकोण से उत्तम रहेगा,क्योंकि आपको कोई नौकरी का बेहतर अवसर आ सकता है,लेकिन परिवार में चल रही कलह के कारण आपके मन में अशांति बनी रहेगी। संतान व पत्नी के प्रति आपकी प्रेम भावना बढ़ेगी। आपको किसी दूसरों के मामले में सोच विचार कर बोलना होगा,नहीं तो वह मुद्दा आपके ही सिर पर आ सकता है। आपको अक्समात अपने किसी दूर रह रहे परिजन की चिंता सता सकती है। व्यापार में आपको मन मुताबिक ही लाभ मिलेगा,जिसके कारण आप अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने में सफल रहेंगे।

  • बददी के पत्रकार को वार्ड 9 निवासी ने दी जान से मारने की धमकी

    बददी के पत्रकार को वार्ड 9 निवासी ने दी जान से मारने की धमकी

    घरों में अवैध दुकानें बनाकर नियम तोडने की छापी थी खबर

    नगर परिषद व हिमुडा की लचर कार्यप्रणाली से हो रहा गोरखधंधा

    बददी/सचिन बैंसल: बददी के एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार को अवैध कार्य करने वाले व्यक्ति ने धमकाया वहीं उसको व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी  है। पत्रकार की गलती सिर्फ इतनी है कि उसने बुधवार को हाऊसिंग बोर्ड एक , दो व तीन में घरों में बनी अवैध दुकानों का मसला प्रमुखता से उठाया था। गौरतलब है कि हाऊसिंग कालोनियों में लोगों ने अपने घरों में ही दर्जनों दुकानें बना ली है जिससे जहां ट्रैफिक में बाधा पडती है वहीं घरेलू बिजली का भी व्यावसायिक प्रयोग होता है। 

    खबर प्रसारित होने के बाद उपरोक्त व्यक्ति अपने पुत्र के साथ पत्रकार सुरेंद्र शर्मा के चक्कां रोड स्थित समाचार पत्र के कार्यालय में पहुंचा और पूछा कि आपने मेरे मकानों व घरेलू परिसरों की फोटो क्यों खींची। जब नगर परिषद व हिमुडा को कोई आपत्ति नहीं है तो आप क्यों इस मामले को उठा रहे हो। इसके बाद पत्रकार ने पुलिस स्टेशन बददी में पूरे मामले की शिकायत दी और बददी के तमाम मीडीया कर्मी भी उनके साथ रहे।

    सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि उपरोक्त व्यक्ति ने मेरे परिवार व मेरी दुकान में आने वाले ग्राहकों के सामने जहां बदतमीजी की वहीं कहा कि मैं आपको गोली मार दूंगा। अगर आपने अपनी रिपोर्टिंग बंद नहीं की तो आपको बक्शा नहीं जाएगा और आपके साथ बहुत बुरा होगा। एक दर्जन से ज्यादा मीडीया कर्मियों ने पुलिस थाना प्रभारी बददी दयराम ठाकुर को दिए ज्ञापन में कहा हैए कि इस मामले में आरोपी के विरुद्व कडी कार्यवाही की जाए अन्यथा प्रेस संगठन संघर्ष करने व धरना देने पर मजबूर हो जाएंगे। वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी दयाराम ने कहा कि हमारे पास शिकायत आई है और हम आवश्यक कार्यवाही कर रहे हैं। इस अवसर पर हाऊसिंग बोर्ड फलेटस के सदस्य कुलवीर आर्य व हरिओम योगा सोसाईटी के अध्यक्ष डा श्रीकांत शर्मा सहित विभिन्न प्रेस संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • ट्रकों में हुई जोरदार टक्कर, एक चालक की मौके पर गई जान, 1 घायल

    ट्रकों में हुई जोरदार टक्कर, एक चालक की मौके पर गई जान, 1 घायल

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना के अम्ब-नैहरिया रोड पर पड़ते दोसड़का में ट्रकों में हुई भीषण टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दूसरा चालक मामूली रूप से घायल हुआ है। घायल चालक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल अम्ब में भर्ती करवाया गया है। 

    प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4.15 बजे दोसड़का में दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों चालकों को वाहनों से निकाल कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया, जहां पर जांच के दौरान डॉक्टर एक चालक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मौत का शिकार हुआ चालक कुलदीप सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी होशियारपुर पंजाब का रहने वाला है।

    घायल चालक संजय कुमार पुत्र स्व. हंसराज गांव गलूं तहसील बंगाणा का रहने वाला है। घायल का उपचार अम्ब अस्पताल में चल रहा है।  मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीन धीमान  ने बताया कि पुलिस ने मौके पर निरीक्षण करने के बाद दो वाहनों को कब्जे में ले लिया है। साथ ही हादसे के संबंध में केस दर्ज करके मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • हथियारों की अवैध फैक्टरियों का भंडाफोड़, 25 आरोपी गिरफ्तार, 73 हथियार बरामद

    हथियारों की अवैध फैक्टरियों का भंडाफोड़, 25 आरोपी गिरफ्तार, 73 हथियार बरामद

    नई दिल्ली। गाजियाबाद में पुलिस ने ऑपरेशन पाताल के तहत कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जिले में अवैध हथियारों की दो फैक्टरियों का भंडाफोड़ करते हुए 73 निर्मित और अर्द्धनिर्मित हथियार बरामद किए हैं।

    पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद के एसएसपी के निर्देशन में ऑपरेशन पाताल के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 73 अवैध शस्त्रों के साथ-साथ शस्त्र बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्र से 11 अभियुक्त गिरफ्तार हुए हैं। 59 अवैध शस्त्र बरामद हुए हैं।

    उन्होंने बताया कि यह फैक्टरी कुछ ही समय से संचालित थी। पुलिस ने पिछले साल भी कार्रवाई करते हुए जिले में सात अवैध शस्त्र फैक्टरी पकड़ी थीं। इसके बाद ऑपरेशन पाताल शुरू होने के बाद इसके अंतर्गत फिर से अवैध फैक्टरियां चिह्नित की गई थीं। जिला के सीमावर्ती क्षेत्रों में और भी संदिग्ध लोग और अवैध फैक्टरियां हमारे राडार पर हैं। हम जल्द ही इन पर कार्रवाई करेंगे।

  • मानसून से पहले इन इलाकों में मंडरा रहा बड़ा खतरा, जारी हुआ अलर्ट…

    मानसून से पहले इन इलाकों में मंडरा रहा बड़ा खतरा, जारी हुआ अलर्ट…

    नई दिल्ली। मुंबई के नागरिक निकाय बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने शहर के भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों के लिए एक नई चेतावनी जारी की है. नगर निकाय ने अपनी चेतावनी में एस-वार्ड के ढलान वाले इलाकों में रहने वालों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है. मौसम अधिकारियों द्वारा मानसून के पूर्वानुमान के मद्देनजर नगर निकाय की यह चेतावनी आई है.

    बीएमसी ने अपने नोटिस में कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण कोई दुर्घटना या जान-माल का नुकसान होने पर वह जिम्मेदार नहीं होगा. एस वार्ड के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की गई है – विक्रोली पश्चिम में सूर्य नगर, पवई में इंदिरानगर, गौतम नगर, पासपोली, जयभीम नगर, गौतम नगर, भांडुप पश्चिम में रमाबाई अंबेडकर नगर 1 और 2, नारदास नगर, गाओंदेवी हिल, गावदेवी मार्ग, तेम्बीपाड़ा, रावते कंपाउंड, खिंडीपाड़ा, रामनगर, हनुमान नगर, अशोक हिल, नवजीवन सोसाइटी, तानाजी वाडी, दरगाह रोड. मानसून के मौसम में भारी बारिश से भूस्खलन और मकान ढहने और जान-माल के नुकसान की संभावना बढ़ जाती है. पिछले साल विक्रोली के सूर्य नगर झुग्गी बस्ती में भूस्खलन में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी.

    इससे पहले मुंबई में स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (एसआरए) ने भी अपने सभी डेवलपर्स को मानसून बाढ़ को लेकर एहतियाती कदम उठाने के लिए नोटिस जारी किया है. डेवलपर्स और आर्किटेक्ट्स को निर्माण स्थलों पर पड़े मलबे को साफ करने और नालियों से कचरा साफ करने के लिए कहा गया है. एसआरए के अनुसार मुंबई में लगभग 380 रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं. उन सभी को अलर्ट कर दिया गया है. एसआरए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश लोखंडे ने कहा कि सामान्य तौर पर निर्देश संबंधित वार्ड इंजीनियरों को दिए जाते हैं.

    बाढ़, भूस्खलन, संरचना के ढहने जैसी किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए समय पर अनुपालन सुनिश्चित किया जाता है. इसके अलावा, संबंधित डेवलपर्स साइट पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी जिम्मेदार हैं, ताकि कोई पानी का ठहराव न हो; यह मलेरिया, डेंगू और अन्य जल जनित बीमारियों का कारण बनने वाले मच्छरों के प्रजनन स्थल बन सकते हैं. एसआरए ने जोर देकर कहा कि सफाई के सख्त उपायों का पालन करते हुए साइट पर मजदूरों की उचित देखभाल की जानी चाहिए.

  • सत्ती ने महिलाओं का किराया आधा, ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का बिल माफ करने का किया स्वागत

    सत्ती ने महिलाओं का किराया आधा, ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का बिल माफ करने का किया स्वागत

    ऊना/सुशील पंडित: छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने मंत्रिमंडल की बैठक में महिलाओं का आधा किराया माफ करने के फैसले का स्वागत किया है। सत्ती ने कहा कि अब महिलाओं का एचआरटीसी की बस में आधा किराया ही लगेगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की ओर से हिमाचल दिवस के अवसर पर 15 अप्रैल, 2022 को चंबा में घोषणा की गई थी, जिसे सरकार ने पूरा कर दिया है। सत्ती ने कहा कि कैबिनेट ने मुख्‍यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत महिलाओं को दो फ्री सिलेंडर देने का फैसला भी किया है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की बिल पूरी तरह से माफ कर दिया है। इन सभी फैसलों के लिए सतपाल सिंह सत्ती ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार व्यक्त किया। 

    सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार आम आदमी की चिंता करती है, इसीलिए राहत प्रदान करने के लिए निरंतर निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने एसएमसी के तहत शिक्षकों का मानदेय अप्रैल माह से एक हजार रुपये बढ़ाने के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी पेट्रोल, डीज़ल तथा रसोई गैस के दामों में कमी की है, जिससे आम आदमी को राहत मिली है।

  • फोक मीडिया से किया हिमकेयर व आयुष्मान योजनओं बारे किया जागरूक

    फोक मीडिया से किया हिमकेयर व आयुष्मान योजनओं बारे किया जागरूक

    ऊना/सुशील पंडित: प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेकों जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं जिसके अंतर्गत राज्य के हजारों लोग लाभान्वित हुए हैं। यह जानकारी सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत आरके कलामंच चिंतपूर्णी के कलाकारों ने लाल सिंगी व बसोली तथा पूर्वी कलामंच जलग्रां के कलाकारों ने ज्वाल व खरोह पंचायतों में आयोजित फोक मीडिया कार्यक्रमों में दी।

    कार्यक्रम में सांस्कृतिक दलों ने स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में चलाई जा रही हिमकेयर व आयुष्मान योजनाओं बारे विस्तारपूर्वक जानकारी मुहैया करवाई। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 1 जनवरी, 2022 को हिम केयर योजना आरंभ की थी। इस योजना के तहत अस्पताल में दाखिल होने पर पांच लाख रूपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिला ऊना में 24 अस्पताल इस योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध हैं। हिमकेयर के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने की सुविधा जिला के समस्त लोकमित्र केन्द्रों एवं कॉमन सर्विस सेंटर में उपलब्ध है। योजना के अंतर्गत लोक मित्र केन्द्र में नामांकन करने और निर्धारित दस्तावेजों को उपलोड करने के लिए लाभार्थी से प्रीमियम के अतिरिक्त 50 रूपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।

    फोक मीडिया दलों ने इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा गरीब तथा पिछड़ें परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए संचालित की गई आयुष्मान योजना बारे भी अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नाम से भी जाना जाता है। जन अयोग्य योजना में कम से कम 10 करोड़ गरीब परिवारों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के अन्तर्गत सरकारी अस्पताल और निजी अस्पताल (सूचीबद्ध) में होने वाले खर्चों का वहन केंद्र सरकार करेगी। 

    इस अवसर पर प्रधान शशि देवी, रीता देवी व जोगिंदर सिंह, उप प्रधान वलदेव चंद, अमृत लाल शर्मा व अनिल कुमार, वार्ड पंच रोहित राणा, मनोरमा देवी, सुषमा देवी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

  • नशों के कुप्रभावों व यौन अपराधों के प्रति सचेत रहने बारे स्कूली बच्चों को किया जागरूक

    नशों के कुप्रभावों व यौन अपराधों के प्रति सचेत रहने बारे स्कूली बच्चों को किया जागरूक

    ऊना/सुशील पंडित: सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश, राज्य बाल अधिकार आयोग के सौजन्य से रावमापा मुबारिकपुर व रावमापा गोंदपुर बनेड़ा खंड गगरेट में जिला बाल संरक्षण ईकाई ऊना ने बाल सुरक्षा के तहत युवाओं को बढ़ते नशों के कुप्रभावों, यौन अपराधों से बच्चों की सुरक्षा अधिनियम 2012 व स्वापक औषधि व मनोदैहिक पदार्थ अधिनियम 1985 व साइबर क्राइम बारे स्कूली बच्चों को सचेत करने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला बाल सरंक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह ने बच्चों व अध्यापकों का आहवान किया कि वह समाज के हर व्यक्ति को नशों  के दुश प्रभावों व यौन अपराधों के प्रति जागरूक करने में अपनी सहभागिता दर्ज करें ताकि इन बुराईयों से समाज को बचाया जा सके। कार्यक्रम में 577 बच्चों ने भाग लिया।

    इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुशील कुमार, प्रधानाचार्य सतीश परमार, कानूनी परिवीक्षा अधिकारी अरूण कुमार शर्मा सहित स्कूलों के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

  • जिला रोजगार कार्यालय ऊना में कैंपस इंटरव्यू 27 मई को

    जिला रोजगार कार्यालय ऊना में कैंपस इंटरव्यू 27 मई को

    ऊना/सुशील पंडित: मैसर्ज़ एचसीएल टेक्नोलोज़ी द्वारा जिला रोजगार कार्यालय ऊना में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इस बारे जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी अनीता गौतम ने बताया कि एचसीएल टैक्बी कार्यक्रम के तहत कक्षा 12वीं के छात्रों को कुशल बनाया जाएगा जिसके लिए एचसीएल टेक्नोलोज़ी की ओर से टेªनी, आईटी इंजीनियर व एसोसिएटस के पदों को भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण अवधि 6 से 12 महीने की होगी तथा 10 हज़ार रूपये स्टाईपंड प्रतिमाह दिया जाएगा। इसके उपरांत चयनित युवाओं को 1.7 से 2.2 लाख प्रति वर्ष वेतन दिया जाएगा।

    अनीता गौतम ने 12वीं में गणित विषय में 60 प्रतिशत अंकों के साथ वर्ष 2021 व 2022 में उत्तीर्ण हुए या जिन अभ्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा दी है और रिजल्ट आने वाला है वह अभ्यार्थी भी 27 मई को प्रातः 10.30 बजे जिला रोजगार कार्यालय ऊना में आयोजित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यार्थियों की आॅनलाईन परीक्षा होगी जिसमें गुणात्मक तर्क, निबंध लेखन, सामान्य अंग्रेजी आदि के प्रश्न पूछे जाएंगे।

    उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यार्थी अपने शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साईज़ फोटो सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। साक्षात्कार में आने के लिए किसी प्रकार का कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए 7018257223 नंबर पर सम्पर्क कर सकते हैं।

  • ‘इनोसेंट हार्टस ग्रुप को शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह हेयर ने ‘एक्सीलेंस इन एजुकेशन अवार्ड’ से किया सम्मानित’

    ‘इनोसेंट हार्टस ग्रुप को शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह हेयर ने ‘एक्सीलेंस इन एजुकेशन अवार्ड’ से किया सम्मानित’

    जालन्धर/विजयः शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे परिवर्तनों और आवश्यक सुधारों पर ध्यान केंद्रित करते हुए द ताज, चंडीगढ़ में ‘ज़ी मीडिया द एजुकेशन कॉन्क्लेव शिक्षा पे संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पंजाब के शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह हेयर द्वारा इनोसेंट हार्टस ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अनूप बौरी, जो कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करके समाज को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं, को सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में डॉ. पलक बौरी (डायरेक्टर – सीएसआर, इनोसेंट हार्टस) ने इनोसेंट हार्टस के चेयरमैन डॉ. अनूप बौरी की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर पैनल डिस्कशन भी करवाया गया, जिसमें डॉ. धीरज बनाती (डिप्टी डायरेक्टर – एक्सपेंशंस) ने इनोसेंट हार्टस ग्रुप की तरफ से भाग लिया। इस पैनल डिस्कशन में वर्तमान शिक्षा नीतियाँ, न्यू एजुकेशन पॉलिसी, शिक्षा क्षेत्र में अवसर और चुनौतियाँ, प्रतिभाशाली, शिक्षित युवा वर्ग का अपने देश को छोड़ दूसरे देशों की तरफ उन्मुख होना आदि चर्चा के विषय रहे।