Blog

  • क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी के खिलाफ बहन का हल्ला बोल

    क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी के खिलाफ बहन का हल्ला बोल

    गुजरातः विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने आश्चर्यजनक कदम उठाते हुए जामनगर उत्तर से भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा को मैदान में उतारा है, जिन्हें राजनीति या चुनाव लड़ने का कोई अनुभव नहीं है। सत्तारूढ़ दल ने इस सीट से मौजूदा विधायक धर्मेंद्र सिंह जडेजा को टिकट नहीं दिया है। रविंद्र जडेजा ने लोगों से चुनाव में अपनी पत्नी को जिताने की अपील की है, लेकिन हैरानी की बात है कि भाभी रिवाबा के खिलाफ रविंद्र जडेजा की बहन नैना बा जडेजा कांग्रेस की ओर से प्रचार में उतरी हैं।

    कुल 182 विधानसभा सीटों में से पहले चरण में 89 सीटों पर मतदान होगा और प्रमुख राजनीतिक दल लगभग इन सभी सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुके हैं। वह कांग्रेस की ओर से चुनावी अखाड़े में उतरे बिपेंद्र सिंह जडेजा के लिए वोट मांगती नजर आईं। बीजेपी पर आरोप लगाते हुए नैना बा ने कहा कि आम लोगों की महंगाई ने कमर तोड़ दी है। हम लोग दो दिन से पदयात्रा कर रहे हैं। आम लोगों का समर्थन कांग्रेस के लिए है। जनता चाहती है कि सत्ता में कांग्रेस आए। बीजेपी के विकास के दावों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कोई विकास नहीं हुआ है। रुपया निचले स्तर पर है। पहले पीएम मोदी कहते थे कि जिस देश का पीएम गिरा हुआ हो, उसी का रुपया गिरता है। ये कैसा विकास है।

    भाई से अलग होने का दुख भी नैना बा की बातों में झलकता नजर आया। उन्होंने कहा कि वैचारिक रूप से मैं उन लोगों से काफी पहले जुदा हो चुकी हूं। राजनीतिक रूप से मुझे ऐसा नहीं लगता। हमारे घर में जितने भी सदस्य हैं, हम तीन भाई-बहन हैं। दिमागी रूप से हम सभी काफी मजबूत हैं। ये बातें मैं दिमाग पर नहीं लेती हूं। दिल से उनसे काफी पहले जुदा हो चुकी हूं और अपने सिद्धांतों पर चलती हूं। नैना बा ने यह भी कहा कि वह 4 साल से कांग्रेस से जुड़ी हुई हैं। इस वजह से न तो रविंद्र ना ही रिवाबा मुझे प्रचार करने से मना कर सकते हैं और ना ही मैं उनसे। मैं पार्टी की जिला प्रमुख थी। इसी वजह से पार्टी उम्मीदवार के लिए वोट मांग रही हूं।

  • क्रिकेट के इस फॉर्मेट से संन्यास लेने जा रहा ये धाकड़ बल्लेबाज

    क्रिकेट के इस फॉर्मेट से संन्यास लेने जा रहा ये धाकड़ बल्लेबाज

    नई दिल्लीः टी20 वर्ल्ड कप 2022 क्रिकेट फैंस के लिए काफी यादगार रहा। इस बार टूर्नामेंट में कई बड़े उलटफेर भी देखने को मिले। वहीं फाइनल मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया। टी20 वर्ल्ड कप 2022 के खत्म होते ही क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इस टूर्नामेंट में फ्लॉप रहा एक खिलाड़ी जल्द ही संन्यास का ऐलान कर सकता है।

    ये खिलाड़ी कर सकता है संन्यास का ऐलान 

    ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने अगले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के संकेत दिए है, लेकिन वह सीमित ओवरों के फॉर्मेट में खेलना जारी रख सकते हैं। वॉर्नर ने यह टिप्पणी ऑस्ट्रेलिया के टी20 वर्ल्ड कप से पहले दौर में ही बाहर हो जाने के बाद की है। वॉर्नर ने एक कार्यक्रम में कहा, ‘टेस्ट क्रिकेट वह पहला फॉर्मेट होगा जिसे मैं छोड़ सकता हूं। शायद टेस्ट क्रिकेट में यह मेरे आखिरी 12 महीने हो सकते हैं।’ ऑस्ट्रेलिया का 2023 का टेस्ट क्रिकेट का कार्यक्रम काफी व्यस्त है जिसमें भारत में फरवरी-मार्च में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी शामिल है।

    टेस्ट क्रिकेट में काफी शानदार रिकॉर्ड

    इस 36 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने 2011 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 96 टेस्ट मैचों में 46.52 की औसत से 7817 रन बनाए हैं, इसमें 24 शतक और 34 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 138 वनडे में 44.60 के औसत से 5799 रन और 99 टी20 मैचों में 32.88 के औसत से 2894 रन बनाए हैं। 

    अगले साल भारत में होगा वर्ल्ड कप

    भारत में अगले साल अक्टूबर-नवंबर में 50 ओवरों का वर्ल्ड कप खेला जाएगा, जबकि टी20 वर्ल्ड कप 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में होगा। वॉर्नर ने हालांकि साफ किया कि वह इन दोनों प्रतियोगिताओं में खेलना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘लेकिन मुझे सीमित ओवरों की क्रिकेट काफी पसंद है, यह शानदार है। मुझे टी20 क्रिकेट में खेलना पसंद है और मैं 2024 के वर्ल्ड कप में खेलना चाहता हूं।’

  • अनोखी शादी: हिंदू रीति रिवाज से ‘शेरू’ की हुई ‘स्वीटी’

    अनोखी शादी: हिंदू रीति रिवाज से ‘शेरू’ की हुई ‘स्वीटी’

    नई दिल्लीः शादियों का सीजन शुरू हो चुका है। इसके लिए घरों में तैयारियां चल रही हैं। कहीं बाजारों में खरीदारी हो रही है तो कहीं सूट और शेरवानी के माप दिए जा रहे हैं। लेकिन इसी बीच हम एक ऐसी शादी का जिक्र करने जा रहे हैं, जिसे पढ़ कर या सुनकर आप चौंक जाएंगे। शायद कसक भी पैदा हो कि इस अनोखी शादी में आप क्यों नहीं थे। इस अनोखी शादी में सौ से अधिक बारातियों ने बैंड बाजे के साथ हिस्सा लिया। इस शादी में मंडप बना, हल्दी लगी, लेडीज संगीत का भी आयोजन हुआ। इन परंपरागत रस्मों-रिवाज के साथ शेरू ने स्वीटी के साथ फेरे लिए।

    पूरे रीति-रिवाज के साथ की शादी 

    शेरू पालम विहार एक्सटेंशन गुरुग्राम के जिले सिंह कालोनी में रहने वाले एक डॉग लवर का पालतू कुत्ता है। जबकि स्वीटी पड़ोसी की कुतिया है। स्वीटी की मालकिन सविता उर्फ रानी ने बताया कि उन्होंने सभी रीति रिवाजों को पूरा करते हुए स्वीटी को उसके पति शेरु के साथ विदा कर दिया। सविता ने बताया कि शुरू से ही उन्हें कुत्तों से बहुत प्यार है। वह अक्सर पति साथ मंदिर के बाहर जाकर उन्हें खाना देती हैं। करीब तीन साल पहले अचानक स्वीटी उनके पीछे आ गई। चूंकि उन्हें कोई बच्चा नहीं था, इसलिए उन्होंने स्वीटी को ही बच्चे की तरह पाला और उम्र होने पर पूरे रीति रिवाज के साथ उसकी शादी रचाई है।

    आठ साल का है शेरू

    उधर, शेरू की मालकिन मनिता ने बताया कि आठ साल से शेरू उनके साथ है। उनके गोंद में ही वह बड़ा हुआ। उन्होंने हमेशा उसे अपना बच्चा ही माना है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उसकी शादी की बात आई तो हमने सबसे चर्चा की और चार दिन पहले ही उसकी शादी के लिए दिन तारीख तय कर यह आयोजन किया है।

    सौ से अधिक लोग बने बाराती

    मनिता और सविता ने बताया कि इस शादी में सौ से अधिक लोग बाराती बने। उन्होंने बताया कि सौ कार्ड तो विधिवत प्रिंट कराए गए थे। वहीं इससे कहीं अधिक लोगों को ऑनलाइन भी कार्ड भेजा गया था। उन्होंने बताया कि सौ से अधिक बारातियों की मौजूदगी में शेरू और स्वीटी का विधिवत हल्दी और लेडीज संगीत सेरेमनी हुई। बैंड बाजे के साथ बारात निकली और मंगल गीतों के बीच दोनों ने सात फेरे लिए। इस दौरान बारातियों के लिए नाश्ते पानी का भी इंतजाम था।

  • पंजाबः स्कूल बस को बचाने के कारण पलटी सवारियों से भरी बस

    पंजाबः स्कूल बस को बचाने के कारण पलटी सवारियों से भरी बस

    गुरदासपुरः जम्मू-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग के सिंधवा मोड़ पर एक निजी कंपनी की बस स्कूल बस को बचाने के प्रयास में सड़क के किनारे पलट गई। बस में करीब 45 यात्री बैठे थे, लेकिन गनीमत रही कि ये यात्री बाल-बाल बच गए। इनमें से 3 सवार घायल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर पहुंचे स्वास्थ्य अधिकारी और पंजाब पुलिस के अधिकारी घायलों को सिविल अस्पताल गुरदासपुर ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है।

    मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. रोमी राजा महाराजन और पंजाब पुलिस के जवानों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक प्राइवेट बस जो तलवाड़ा से अमृतसर जा रही थी, वह सिंधवा मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही वे घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत गुरदासपुर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। सिविल अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है।

    उन्होंने बताया कि इस हादसे के दौरान 3 सवारियां घायल हो गई है। इनमें से दो को मामूली चोटें आई है, और एक महिला को ज्यादा चोटें लगी है। घायलों का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि बस चालक के अनुसार यह हादसा एक स्कूल बस को बचाने के दौरान हुआ और अब एक अन्य निजी बस को मौके पर बुलाया गया है और बाकी यात्रियों को अमृतसर में उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए रवाना कर दिया गया है।

  • पंजाब: कमरे में सो रहे परिवार पर गिरी छत, एक की मौत

    पंजाब: कमरे में सो रहे परिवार पर गिरी छत, एक की मौत

    बटालाः उमरपुरा इलाके में एक घर की कच्ची छत गिरने से परिवार के मुखिया की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए अमृतसर भेजा गया है। रविवाद देर रात परिवार के चार सदस्य एक ही कमरे में सोए है थे।

    जानकारी के मुताबिक रात करीब दो बजे मां सुनीता 45 वर्षीय को लगा कि छत गिरने वाली है तो उसने अपनी छोटी बेटी प्राची 11 वर्षीय को पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाने भेज दिया। जैसे ही प्राची पड़ोसियों के घर का दरवाजा खटखटाने लगी तो कमरे की छत जोरदार आवाज के साथ गिर गई। जब तक पड़ोसी और मोहल्ले के लोग वहां पहुंचे तो छत कमरे में सोए परिवारिक सदस्यों पर गिर चुकी थी।

    लोगों ने बड़ी मुशकत के साथ मलबा हटा कर उसमें से मां सुनीता और बेटे जतिन 14 वर्षीय लड़के को गंभीर हालत में निकाल कर अस्पताल भेजा। लेकिन जब तक प्राची के पिता डिंपल उर्फ लाड्डा 50 वर्षीय को लोगों ने मलबे से निकला तब तक दबने से उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं सिविल अस्पताल इलाज के लिए लाए घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया है।

  • पंजाबः चिल्ड्रन-डे के दिन परिवार पर छाया मातम, चाइना डोर से 13 वर्षीय बच्चे की मौत

    पंजाबः चिल्ड्रन-डे के दिन परिवार पर छाया मातम, चाइना डोर से 13 वर्षीय बच्चे की मौत

    रूपनगर: देशभर में आज चिल्ड्रन डे मनाया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ रूपनगर के पास गांव कोटला निहंग में एक 13 वर्षीय बच्चे की चाइना डोर से गला कटने के बाद मौत हो जाने के कारण उसके परिवार में मातम का माहौल है। जानकारी के मुताबिक गांव कोटला निहंग का 13 वर्षीय गुलशन जो आठवीं कक्षा का छात्र था कल शाम के वक्त चाइना डोर से गला कटने के कारण घायल हो गया।

    वह रेलवे स्टेशन के पास फ्लाईओवर के नजदीक साइकिल पर अपने घर जा रहा था। घायल होने के बाद वह किसी तरह अपने रुमाल से गले को बांधकर घर पहुंच गया लेकिन घर जाते ही अपने परिजनों को सूचित करते ही वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसको निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

    जहां हालत ज्यादा गंभीर होने के चलते पीजीआई में भर्ती करवाया गया था, लेकिन वहां पर बच्चे की मौत हो गई। वहीं इस घटना को लेकर परिजनों ने चाइना डोर को पूरी तरह प्रतिबंध करने की मांग की है तथा इसी के साथ ही परिजनों ने पतंगों पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग कर दी है।

  • पंजाबः मूसेवाला मर्डर केस में पिता ने बिना नाम लिए इस सिंगर पर साधा निशाना

    पंजाबः मूसेवाला मर्डर केस में पिता ने बिना नाम लिए इस सिंगर पर साधा निशाना

    मानसा: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस को लेकर पिता बलकौर सिंह ने बीते दिन ही एक नई मुहिम शुरू की थी। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने इंसाफ के लिए सिग्नेचर कैंपेन मुहिम शुरू की थी। गांव मूसा में घर के अंदर एक रजिस्ट रखा गया, जिसमें मूसेवाला के फैंस इस मुहिम में हिस्सा ले रहे हैं। रजिस्टर पर मूसेवाला के फैंस अपने हस्ताक्षर कर रहे हैं और अपने विचार लिख रहे हैं। वहीं आज एक बार फिर पिता ने मूसेवाला मर्डर केस को लेकर निशाना साधा है।

    इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए मनकीरत औलख पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उनके पास चैट मौजूद है। पिता बलकौर ने सरकार से गैंगस्टर लॉरेंस को भाई कहने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि पंजाबी गायक मनकीरत औलख की एक बार फिर से 2014 की एक चैट सामने आई है। जिसे लेकर मूसेवाला के पिता ने सवाल खड़े किए हैं और इल्जाम लगाए हैं। हालांकि इसके बारे में वह पहले भी कई बार चर्चा कर चुके हैं। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि क्योंकि पिता बलकौर सिंह ने जो बयान दिए हैं वह मनकीरत की पोस्ट से मेल खा रहे हैं। 

    गौर हो कि मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह पहले भी कई बार बड़े-बड़े गायकों पर निशाना साध चुके हैं। कई बार उन्होंने मोहाली के होमलैंड का जिक्र भी किया है जहां वे लोग रहते हैं जो साजिश के पीछे हैं, उन पर भी वह कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर के करीबियों को सरकार पहचान करें। मूसेवाला के पिता एक तरह से सरकार को चुनौती देते हुए भी नजर आए।

    उन्होंने सीएम भगवंत मान से निवेदन किया है कि वह उन्हें चैट देंगे जिनमें लिखा है कि वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथियों को मिलकर आ रहे हैं। क्या सरकार उन्हें पकड़ेगी? अगर सरकार पकड़ती है वह उनका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि जो कलाकार लॉरेंस से चैट करते हैं क्या सरकार उन पर कार्रवाई करेगी। पिता बलकौर ने कहा कि उन्होंने जो नाम पुलिस को दिए हैं उन पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

  • ED ने AAP के कम्युनिकेशन इंचार्ज विजय नायर सहित 2 को लिया हिरासत में 

    ED ने AAP के कम्युनिकेशन इंचार्ज विजय नायर सहित 2 को लिया हिरासत में 

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने आम आदमी पार्टी के कम्युनिकेशन इंचार्ज विजय नायर और हैदराबाद के बिजनेसमैन अभिषेक बोइनपल्ली को कस्टडी में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। इन्हें रविवार रात ही गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई वाले मामले में दोनों की जमानत पर आज शाम 4 बजे सुनवाई होगी। इस याचिका पर सुनवाई से पहले ही ईडी ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।

    पहले उन्हें सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। वर्तमान में दोनों तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। सीबीआई वाले मामले में दोनों की जमानत अर्जी पर आज शाम 4 बजे सुनवाई होनी थी, लेकिन जमानत की सुनवाई से पहले ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अभिषेक बोइनपल्ली को कथित तौर पर हैदराबाद के एक शीर्ष राजनीतिक परिवार का करीबी बताया जाता है।

    इस मामले में 10 नवंबर को ही ईडी ने अरबिंदो फार्मा के प्रबंध निदेशक (MD) शरथ रेड्डी को गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही ईडी ने पेरनोड रिकार्ड के अधिकारी विनय बाबू को भी गिरफ्तार किया था। इस मामले में अबतक 4 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इसमें आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और ऑनली मच लाउडर के पूर्व सीईओ विजय नायर, हैदराबाद के कारोबारी अभिषेक बोइनपल्ली, अरबिंदो फार्मा के प्रबंध निदेशक (MD) शरथ रेड्डी और पेरनोड रिकार्ड के अधिकारी विनय बाबू शामिल हैं।

    16 सितंबर को 40 ठिकानों पर रेड

    इससे पहले बीते 16 सितंबर को ईडी ने 40 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसमें केवल हैदराबाद में 25 ठिकानों पर रेड की थी। इसके अलावा शराब नीति घोटाले में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन से भी ईडी पूछताछ कर चुकी है।

    6 सितंबर को 35 जगहों पर छापेमारी

    इससे पहले बीते 6 सितंबर को ईडी ने दिल्ली समेत कई राज्यों में 35 ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी ने दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, लखनऊ, हैदराबाद, मुंबई, बेंगलुरु और पंजाब के शहरों में भी रेड की थी। जांच एजेंसी के निशाने पर शराब कारोबारी थे। ईडी की छापेमारी में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का घर शामिल नहीं था।

    घोटाले के मुख्य किरदार कौन?

    दिल्ली की शराब नीति में कथित घोटाले के मामले में सीबीआई ने अगस्त में FIR दर्ज की थी। इस मामले में मनीष सिसोदिया, तीन पूर्व सरकारी अफसर, 9 कारोबारी और दो कंपनियों को आरोपी बनाया गया है। सीबीआई ने आरोपियों पर आपराधिक साजिश रचने और भ्रष्टाचार से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इनमें तीन पूर्व सरकारी अफसर एजी कृष्णा (पूर्व एक्साइज कमिश्नर), आनंद तिवारी (पूर्व डिप्टी एक्साइज कमिश्नर) और पंकज भटनागर (पूर्व असिस्टेंट एक्साइज कमिश्नर) शामिल हैं।

    इसके अलावा अमित अरोड़ा (बडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर), दिनेश अरोड़ा और अर्जुन पांडे को भी आरोपी बनाया गया है। इन तीनों को सिसोदिया का करीबी माना जाता है। आरोप है कि तीनों ने आरोपी सरकारी अफसरों की मदद से शराब कारोबारियों से पैसा इकट्ठा किया और उसे दूसरी जगह डायवर्ट किया।

  • अब नहीं लगेंगे स्मार्ट बिजली मीटर, जाने मामला 

    अब नहीं लगेंगे स्मार्ट बिजली मीटर, जाने मामला 

    चंडीगढ़ः यूटी में स्मार्ट ग्रिड प्रोजेक्ट के तहत 28 करोड़ रुपये खर्च कर शहर के कई इलाकों में पायलट प्रोजेक्ट चलाया गया। कई सेक्टरों और गांवों में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाए गए। इसके बाद 241 करोड़ रुपये से पूरे शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना थी लेकिन केंद्र सरकार ने इस पर रोक लगा दी है।

    केंद्र के फैसले पर कोई भी अधिकारी बोलने को नहीं तैयार 

    पायलट प्रोजेक्ट को पूरा करने के बाद यूटी प्रशासन ने पूरे शहर में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने के लिए प्रशासन ने केंद्र सरकार को फाइल भेजी थी। इसके जवाब में प्रशासन को कहा गया कि इस योजना पर आगे काम न किया जाए। बिजली विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर अनिल धमीजा ने बताया कि एक बैठक में स्मार्ट ग्रिड प्रोजेक्ट को ड्राप करने की जानकारी दी गई है। केंद्र ने ऐसा क्यों किया, इस पर कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। हालांकि बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ बिजली विभाग के निजीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है इसलिए केंद्र सरकार व प्रशासन नहीं चाहते कि 241 करोड़ रुपये खर्च किए जाएं। 

    2021 को प्रशासन ने खोली थी वित्तीय बोली 

    ज्वाइंट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (जेईआरसी) को भी इस संबंध में जानकारी दे दी गई है। बता दें कि 175 करोड़ के चंडीगढ़ बिजली विभाग को खरीदने के लिए एमीनेंट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड ने लगभग 870 करोड़ की बोली लगाई थी, जिसे जनवरी 2022 को केंद्रीय कैबिनेट की ओर से आखिरी मंजूरी दे दी गई थी। यूटी प्रशासन पिछले साढ़े तीन साल से बिजली विभाग को निजी हाथों में देने का प्रयास कर रहा था। चार अगस्त 2021 को प्रशासन ने वित्तीय बोली खोली थी।

    जाने कहां लगाए गए बिजली के स्मार्ट मीटर

    पायलट प्रोजेक्ट के तहत सब डिवीजन नंबर-5 के अंदर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इस डिवीजन के अंदर जो सेक्टर और गांवों आते हैं, उनमें इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1, 2, सेक्टर-29, 31, 47, 48, रामदरबार, गांव फैदां, हल्लोमाजरा, बहलाना, रायपुर कलां, मखनमाजरा और दड़वा आदि गांव शामिल हैं। इसे एडवांस्ड मीटरिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर नाम दिया गया है।

    स्मार्ट ग्रिड प्रोजेक्ट के तहत सेक्टर-18 में स्काडा बनाया सेंटर 

    इस पायलट प्रोजेक्ट का कंट्रोल बिजली विभाग में सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डाटा एक्यूजेशन (स्काडा) से किया जा रहा है। चंडीगढ़ प्रशासन ने स्मार्ट ग्रिड प्रोजेक्ट के तहत सेक्टर-18 में स्काडा सेंटर बनाया है। स्काडा के कंट्रोल रूम में बैठा कर्मचारी किसी भी कंज्यूमर की कंजप्शन ज्यादा होने पर बिजली कट लगा देगा। साथ ही उसे मैसेज भी देगा। वहीं इसमें लाइन टूटने या फॉल्ट का भी पता लगता रहेगा। इसमें एरिया के उपभोक्ता की बिजली चली जाने पर दूसरे सब स्टेशन से स्काडा के कंप्यूटराइज्ड सिस्टम से ऑटोमेटिक जोड़ी जाएगी।

  • जालंधरः सुबह हल्की बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, बढ़ी ठिठुरन

    जालंधरः सुबह हल्की बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, बढ़ी ठिठुरन

    जालंधर/वरुणः मौसम में एक बार फिर से करवट बदल ली है और ठंडक का एहसास भी तेजी से बढ़ने लगा है। क्योंकि सोमवार सुबह से ही हल्की बारिश जो शुरू हो गई है। इसके साथ-साथ ठंडी हवाएं भी चलेंगी और ठंडक भी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन भर में एक या दो स्पेल में बारिश होने के आसार बने हुए हैं। जिस वजह से मौसम में भी परिवर्तन देखा जाएगा। हालांकि रविवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 26.9 डिग्री तक पहुंच चुका है।

    अगर दिन भर बारिश यूं ही बरसती रही तो तापमान में और ज्यादा गिरावट देखी जा सकेगी। मौसम विभाग की तरफ से ऐसा ही पूर्व अनुमान जताया गया था जो अब तक सही ही रहा है। मौसम वैज्ञानिक डा. दलजीत सिंह ने कहा कि यह बारिश होना बेहद जरूरी हो गया था और इससे अब मौसम में परिवर्तन भी तेजी से देखा जा सकेगा। जिस वजह से सुबह से ही ठंडा का एहसास भी तेजी से बढ़ गया है। अब आने वाले दिनों में भी तापमान में भारी अंतर देखा जा सकेगा।

    डा. शशांक शर्मा ने कहा कि पिछले दिनों मौसम प्रदूषण की वजह से बेहद खराब चल रहा था। जिस वजह से दूषित हवा के कारण गला खराब फेफड़ों में दर्द आदि जैसे मरीजों की संख्या में भी इजाफा होने लग पड़ा था। ऐसे में अब शहर की आबोहवा सुधरने लगी है और बारिश का होना भी बेहद लाजमी हो गया था। जिससे अब दूषित हुई हवा में सुधार आएगा। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां आने पर खुद ही दवा लेने के बजाय पहले डॉक्टरी चेकअप व परामर्श के उपरांत ही दवा लेनी चाहिए।