Home Punjab>Moga Punjab News: पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत

Punjab News: पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत

0
Punjab News: पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत

मोगाः जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां, जिले के गांव राऊके के रहने वाले दो युवकों की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा गांव मानूके के पास नहर के किनारे हुआ, जहां दोनों युवक एक पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारें पेड़ के संपर्क में आ गई थीं, जिससे पूरे पेड़ में करंट फैल गया। इसी दौरान दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। करंट इतना तेज था कि पेड़ भी बुरी तरह झुलस गया।

फीडर चलाने गए थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 27 वर्षीय अमृतपाल सिंह और 32 वर्षीय सुखप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों गांव राऊके के रहने वाले थे। गांव के प्रधान बूटा सिंह ने बताया कि दोनों युवक नहर के पास लगे बिजली के फीडर को चलाने के लिए गए थे। काम पूरा करने के बाद गर्मी से राहत पाने के लिए वे पास में मौजूद पेड़ के नीचे बैठ गए। इसी दौरान पेड़ में करंट उतर आया और दोनों उसकी चपेट में आ गए।

हाल ही में हुई थी अमृतपाल सिंह की शादी
इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि अमृतपाल सिंह की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, सुखप्रीत सिंह के परिवार का भी रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे से बेहद दुखी हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना निहाल सिंह वाला के प्रभारी इंस्पेक्टर जतिंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिवार के हवाले कर दिया जाएगा। मामले की आगे की जांच सहायक थानेदार वरिंद्र कुमार कर रहे हैं।

परिजनों के लिए मुआवजे की मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव के लोगों ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि दोनों मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवक काम के सिलसिले में वहां गए थे और हादसे का शिकार हो गए। ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करनी चाहिए, ताकि उनके परिवारों को आर्थिक सहारा मिल सके।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here