पठानकोटः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने अफीम सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार सुजानपुर पुलिस ने 262 ग्राम अफीम के साथ एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना सुजानपुर के एसएचओ अरुण कुमार ने बताया कि एएसआई बोध राज ने टीम के साथ पठानकोट-सुजानपुर रोड पर चेक पोस्ट लगाया हुआ था। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार आई और पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगी, जब पुलिस पार्टी ने कार को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके डैशबोर्ड पर एक लिफाफा मिला।
जब उस लिफाफे की जांच की गई तो उसमें 6 छोटे लिफाफे थे। जिनमें से 262 ग्राम अफीम बरामद हुई। उन्होंने बताया कि कार में सवार एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान विवेक भारद्वाज पुत्र रविकांत भारद्वाज निवासी गांधी नगर जम्मू, फिलहाल निवासी फूल प्यारा जिला पठानकोट और अनीता कुमारी उर्फ बेबी पत्नी तिलक राज निवासी गांव फूल प्यारा जिला पठानकोट के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ NDPC एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, और आगे की जांच जारी है।