जिसके बाद कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। इस घटना के बाद राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया, जहां दोनों के बीच समझौते को लेकर बात चली। पुलिस का कहना है कि अगर दोनों पक्षों में समझौता हो जाता है तो ठीक है, नहीं तो दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।
Blog
-

Jalandhar News: सुबह-सुबह हुआ हादसा, कार और ट्रक में हुई टक्कर, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: कपूरथला चौक के पास सुबह-सुबह सड़क हादसा हो गया। जहां कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक चालक की टक्कर से कार का एक हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त कार बीच सड़क पर ही खड़ी हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान दोनों पक्षों में काफी देर तक विवाद चलता रहा। -

शेयर बाजार में भारी गिरावट से मची आहाकार, क्रूड ऑयल संकट से घबराए निवेशक
नई दिल्लीः नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में संकट के गहराने के कारण दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट आई है। इसका असर घरेलू शेयर बाजार में भी देखने को मिल रहा है। लगातार पांचवें दिन आज शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 500 अंक से ज्यादा गिरावट आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 23,700 के करीब पहुंच गया। सुबह 9.20 बजे सेंसेक्स 502.78 अंक यानी 0.66% गिरावट के साथ 75,888.61 अंक पर ट्रेड कर रहा था।
निफ्टी भी 124.75 अंक यानी 0.52% फिसलकर 23,744.85 अंक पर आ गया। इस बीच डॉलर के मुकाबले आज रुपया 0.06% कमजोर होकर 96.63 पर खुला। पिछले सत्र में यह 96.5725 पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर गिरावट के साथ खुले। इन्फोसिस में सबसे ज्यादा गिरावट रही। इसके अलावा भारती एयरटेल, इटरनल, इंडिगो, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, एशियन बैंक, मारुति, लार्सन एंड टुब्रो, ट्रेंट और अडानी पोर्ट्स में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। दूसरी ओर केवल एचसीएल टेक का शेयर तेजी के साथ खुला।
आज एशियाई बाजारों में भारी गिरावट देखी जा रही है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण निवेशकों में महंगाई बढ़ने का डर हावी है। इसके चलते सभी प्रमुख एशियाई बाजार आज लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे हैं। सुबह के शुरुआती कारोबार में जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 3% तक टूट चुका है। वहीं, सबसे बड़ी गिरावट दक्षिण कोरिया के कोस्पी में देखी जा रही है। यह 3.4% तक नीचे आ गया है। हांगकांग का हैंगसेंग भी दबाव में है। इसमें 1.1% की गिरावट देखी जा रही है। चीन का शंघाई कम्पोजिट भी 0.07% नीचे है।
वीरवार रात अमेरिकी शेयर बाजार में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। टेक शेयरों में मंदी के चलते नैस्डैक कम्पोजिट 553 अंक लुढ़ककर 25137 पर बंद हुआ। डाऊ जोन्स भी 506 अंकों की गिरावट के साथ 51711 के स्तर पर बंद हुआ। S&P 500 भी 1.21% के नुकसान के साथ 7408 के स्तर पर आ गया। कल कारोबार के दौरान गूगल की पेरेंट कंपनी Alphabet के शेयरों में 7% तक की बड़ी गिरावट देखी गई। कंपनी के तिमाही नतीजे बेहतर रहे, लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर खर्च बढ़ाने की बात ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। कल Tesla के शेयर भी 14% तक क्रैश हो गए। इस तेज बिकवाली के चलते अमेरिका की 7 सबसे बड़ी टेक कंपनियों- Magnificient Seven की मार्केट वैल्यू से 889 बिलियन डॉलर स्वाहा हो गए।
-

आज का राशिफल, 24 जुलाई 2026
आज 24 जुलाई का राशिफल बता रहा है कि, आज सबसे बड़ा बदलाव यह है कि बुधदेव वक्री से मार्गी हो गए हैं जिससे पिछले हफ्तों की सभी अटकी हुई बातें, निर्णय और काम आगे बढ़ने लगेंगे। चंद्र नीच राशि वृश्चिक में हैं लेकिन अनुराधा नक्षत्र की मित्रता और सहयोग की ऊर्जा से भावनात्मक राहत मिलेगी। गुरू अभी अस्त हैं, इसलिए बड़े निर्णयों में धैर्य रखें। आज कर्क, धनु और मीन राशि वालों की इच्छाएं पूरी होंगी, धार्मिक यात्रा के योग बनेंगे।
मेष राशि: आज भावनात्मक तीव्रता को संभालें। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन भावनाओं को संभालने का है। किसी विषय को लेकर मन में आज कुछ गहरी भावनात्मक तीव्रता हो सकती है। इससे थोड़ी बेचैनी, तनाव, चिंता जैसी स्थिति बन सकती है। लिहाजा मन को शांत रखते हुए काम करें। मेडिटेशन का सहारा लेना कारगर साबित होगा। अनुराधा नक्षत्र का मित्रता और सहयोग वाला भाव आज काम आएगा। छुपे मामलों और दस्तावेज के लिहाज से दिन बेहद अनुकूल है। बुधदेव के आज मार्गी होने से बातचीत और निर्णय में एक ताजी स्पष्टता आई है। बीमा, आयकर या कोई पुराना दस्तावेज जो हफ्तों से अटका हो उसे आज आगे बढ़ाएं। ससुराल पक्ष से कोई सुखद बात हो सकती है। पैसों में स्थिर वृद्धि जारी है। घर में सूर्यदेव और गुरू का विलंबित शुभ साथ बना है।
वृष राशि: जीवनसाथी के साथ खुलकर मन की बात करें। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन जीवनसाथी के साथ उन विषयों पर बात करने का है, जो आप किसी दूसरों के साथ नहीं कर सकते हैं। जीवनसाथी के साथ धैर्य रखें। अनावश्यक गुस्सा दिखाने से मामला उलझ सकता है। साझेदारी के मामले में दिन बेहद महत्वपूर्ण है। बुधदेव के मार्गी होने से जीवनसाथी के साथ जो बातचीत हफ्तों से अटकी थी वो आज स्पष्टता के साथ आगे बढ़ेगी। व्यापारिक साझेदारी में भी आज कोई पुराना मामले में निर्णय लेने का अनुकूल समय है। मंगलदेव व्यक्तित्व में स्थिर और मजबूत ऊर्जा दे रहे हैं। मन में आज कुछ भावनात्मक उतार-चढ़ाव हो सकता है, मित्रता और सहयोग से सुलझाएं। साझेदारी में कोई नया बड़ा कदम आज उठा सकते हैं क्योंकि बुध मार्गी हो गए हैं।
मिथुन राशि: नौकरी के काम में आज नई स्पष्टता आएगी। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत और नौकरी के लिहाज से महत्वपूर्ण है क्योंकि लग्नेश बुधदेव आज मार्गी हो गए हैं। पिछले हफ्तों की अटकन के बाद अब सेहत और काम दोनों में एक ताजी और स्पष्ट ऊर्जा आएगी। नौकरी से जुड़ा कोई पुराना अटका काम आज आगे बढ़ाएं। बिगड़ी हुई दिनचर्या की व्यवस्था को संभालने का समय है। मन में भावनात्मक गहराई हो सकती है, उसे सहयोग और मित्रता से संभालें। सेहत का खास ध्यान रखें। नौकरी में नया कदम अब उठा सकते हैं।
कर्क राशि: बच्चों के साथ खास वक्त बिताएं। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन कुछ नया सीखने का है। आय में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मन में आज गहरी भावनात्मक संवेदनशीलता हो सकती है, मित्रों के साथ समय बिताएं। प्रेम, रचनात्मकता और संतान के लिहाज से महत्वपूर्ण है। बुधदेव के मार्गी होने से प्रेम और रचनात्मकता में पिछले हफ्तों की जो उलझन चल रही थी, वह आज खुलने लगेगी। बच्चों के साथ आज कुछ खास और यादगार वक्त बिताएं। किसी रचनात्मक काम की नई शुरुआत आज से करना शुभ है। व्यक्तित्व पर गुरू और सूर्यदेव का गरिमामय साथ बना हुआ है। लाभ में स्थिर वृद्धि जारी है। बड़े भावनात्मक फैसले जल्दी में न लें।
सिंह राशि: घर से जुड़ा पुराना अटका काम आज आगे बढ़ाएं। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन घर और परिवार के लिहाज से महत्वपूर्ण है। बुधदेव के मार्गी होने से घर से जुड़ी जो बातचीत या काम पिछले हफ्तों से अटका हुआ था वो आज आगे बढ़ेगा। मां के साथ कोई जरूरी बात आज स्पष्टता से करें। जमीन या संपत्ति का कोई काम आज शुरू करना शुभ है। वाहन चलाने में विशेष सावधानी बरतें। योगकारक मंगलदेव करियर में आपकी स्थिति को मजबूत बनाए रखेंगे। शुक्रदेव व्यक्तित्व पर आकर्षण बनाए हुए हैं। मन में आज गहरी भावनात्मक तीव्रता हो सकती है, घर में ही शांति खोजें। बड़े फैसले धैर्य से लें।
कन्या राशि: छोटी यात्रा के लिए अनुकूल समय है। कन्या राशि वालों के लिए छोटी यात्रा के लिए आज से बेहतर समय नहीं। आज का दिन भाई-बहन और बातचीत के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। लग्नेश बुधदेव के आज मार्गी होने से भाई-बहन के साथ जो बात पिछले हफ्तों से अटकी थी, वो आज स्पष्टता के साथ सुलझेगी। पड़ोसी से कोई पुराने विवाद को आज सुलझाएं। बातचीत में आज एक ताजी और स्पष्ट ऊर्जा आई है। लाभ में गुरू का विलंबित शुभ साथ बना है। मन में भावनात्मक गहराई परेशान कर सकती है। कंधों को आज आराम दें। करियर में अब नए कदम उठा सकते हैं। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में अनुशासित स्थिरता है।
तुला राशि : पैसों का पुराना अटका काम आज आगे बढ़ाएं। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन धन और परिवार के लिहाज से महत्वपूर्ण है। बुधदेव के मार्गी होने से पैसों और परिवार से जुड़ी जो बातें पिछले हफ्तों से उलझी थीं, वो आज एक ताजी स्पष्टता के साथ आगे बढ़ेंगी। कोई पुराना वित्तीय निर्णय जो टाला जा रहा था, वो आज लेना अनुकूल है। परिवार के साथ आज बैठकर कोई जरूरी बात करें। आवाज में आज एक ताजी और प्रभावी ऊर्जा आएगी। मन में भावनात्मक गहराई हो सकती है, अनुराधा नक्षत्र का मित्रता भाव काम आएगा। आंखों का ध्यान रखें। नई खरीदारी के लिए आज शुभ समय है।
वृश्चिक राशि: आज मन में गहरी भावनाएं उठेंगी। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। चंद्र आज आपकी राशि में है जिससे भावनाओं में एक गहरी तीव्रता आ सकती है, लेकिन मंगलदेव की ऊर्जा इस तीव्रता को संभालने में मदद करती है। मित्रों का साथ आज विशेष रूप से फायदेमंद रहेगा। बुधदेव के मार्गी होने से आज कोई भी नई शुरुआत, नया एग्रीमेंट या बड़ा निर्णय लेना शुभ है। सिर में हल्का भारीपन हो सकता है, थोड़ा आराम करें। जीवनसाथी के साथ अनुशासन और सहयोग से रिश्ता मजबूत करें। बड़े भावनात्मक फैसले जल्दी में न लें।
धनु राशि: पुरानी उलझनें आज सुलझेंगी। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन पुरानी उलझनों को सुलझाने का है। बुधदेव के मार्गी होने से पुरानी मानसिक उलझनें थीं, वो आज ताजी स्पष्टता के साथ सुलझने लगेंगी। विदेश से कोई शुभ समाचार मिल सकता है और उपयोगी संपर्क हो सकता है। कोर्ट-कचहरी के किसी मामले में आज सफलता मिल सकती है। मन में भावनात्मक गहराई हो सकती है, भक्ति और सहयोग भाव काम आएगा। खर्चों पर नजर रखें। शत्रु हावी होने की कोशिश करेंगे। लग्नेश का विलंबित शुभ साथ भाग्य में बना है। नींद आज गहरी और अच्छी आएगी। जीवनसाथी के साथ वक्त बिताएं।
मकर राशि: इच्छापूर्ति होने से मन खुश रहेगा। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और इच्छापूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। मनवांछित फल मिलने से प्रसन्नता बनी रहेगी। बुधदेव के मार्गी होने से लाभ और मित्रों से जुड़ी जो बातें पिछले हफ्तों से अटकी थीं वो आज नई राहें लेकर आएंगी। कोई पुरानी इच्छा जो लंबे समय से मन में थी वो आज पूरी हो सकती है। किसी पुराने मित्र से बात या मुलाकात हो सकती है। लग्नेश शनिदेव बातचीत में एक अनुशासित और स्थिर ऊर्जा दे रहे हैं। भाग्य में गुरू का विलंबित शुभ साथ है। मन में भावनात्मक गहराई हो सकती है, मित्रों के साथ समय बिताएं। नया एग्रीमेंट आज कर सकते हैं।
कुंभ राशि: करियर में अटका हुआ काम आज आगे बढ़ाएं। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन करियर में किसी अटके काम को आगे बढ़ाने का है। बुधदेव के मार्गी होने से करियर में जो बाधाएं आ रही थीं, वो अब दूर होंगी। काम या बातचीत पिछले हफ्तों से अटकी थी वो आज एक ताजी स्पष्टता के साथ आगे बढ़ेगी। बॉस या किसी वरिष्ठ से आज स्पष्ट और सीधी बात करने का अनुकूल समय है। सरकारी काम में लाभ मिलेगा। पिता का पूरी तरह से साथ मिलेगा। लग्नेश शनिदेव धन में एक अनुशासित और स्थिर ऊर्जा दे रहे हैं। मन में भावनात्मक गहराई हो सकती है, अनुराधा का अनुशासन काम आएगा।
मीन राशि: भाग्य का साथ मिलेगा, धर्म-कर्म में जुटे रहें। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और धर्म के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। बुधदेव के मार्गी होने से भाग्य और लंबी यात्रा से जुड़ी जो कार्यक्रम पिछले हफ्तों से अटके थे, वो आज नई राहें लेकर आएंगी। किसी तीर्थ यात्रा का प्लान आज पक्का करना बेहद शुभ है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। गुरू या किसी बड़े से मिलना हो तो आज अनुकूल समय है। लग्नेश बृहस्पतिदेव प्रेम और रचनात्मकता में एक गहरी और भावनात्मक ऊर्जा दे रहे हैं। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में भावनात्मक गहराई के साथ मित्रता का भाव रखें।
-

जल संसाधन मंत्री द्वारा गांव संधू कलां और भगतपुरा में 82 करोड़ रुपये की लागत वाली नहरी परियोजनाओं का उद्घाटन
23 अन्य गांवों को मिलेगा नहरी पानी, 13,461 एकड़ अतिरिक्त क्षेत्र को होगा बड़ा लाभ : बरिंदर कुमार गोयल
चंडीगढ़/तपा/भदौड़: मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य के गांवों को 7,200 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं की सौगात दी है, ताकि किसानों को पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध हो सके और पंजाब की कृषि को अधिक समृद्ध बनाया जा सके।
यह बात पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने विधानसभा क्षेत्र भदौड़ के गांव संधू कलां में ढपाली सिस्टम के तहत 37 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजना के उद्घाटन अवसर पर कही।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से विधाता, चुंगा, दीना साहिब, भदौड़, पट्टी दीप सिंह, सहेणा, बल्लोके, संधू कलां, नैणेवाल, संधू खुर्द और फूलेवाला सहित 11 गांवों को लाभ मिलेगा तथा 3,854 एकड़ अतिरिक्त भूमि तक नहरी पानी पहुंचेगा। पहले इस प्रणाली से 5,418 एकड़ क्षेत्र की सिंचाई होती थी, जो अब बढ़कर 9,272 एकड़ हो जाएगी।
इसके बाद मंत्री गोयल ने गांव भगतपुरा में 45.46 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कंक्रीट लाइनिंग एवं नहरों के आधुनिकीकरण परियोजना का उद्घाटन किया। इस परियोजना के अंतर्गत सहेणा डिस्ट्रीब्यूटरी, दराज माइनर, ढिल्लवां माइनर और सहणा माइनर की कंक्रीट लाइनिंग की गई है, जिससे पट्टी खट्टर, जैमल सिंह वाला, ढिल्लवां पटियाला, ढिल्लवां नाभा, मौड़ पटियाला, मौड़ नाभा, उगोके, दराज, सहणा, बुर्ज फतेहगढ़, पट्टी दराका और भगतपुरा सहित 12 गांवों को लाभ मिलेगा।
इस परियोजना के तहत सिंचाई का क्षेत्र 16,112.86 एकड़ से बढ़कर 25,720.12 एकड़ हो गया है। इस प्रकार 9,607.26 एकड़ अतिरिक्त भूमि विश्वसनीय नहरी सिंचाई के दायरे में आ गई है।
इस अवसर पर विधायक स लाभ सिंह ऊगोके ने मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान और जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा क्षेत्र भदौड़ को करोड़ों रुपये की नहरी परियोजनाओं की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से दर्जनों गांवों में पहली बार नहरी पानी पहुंचा है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
गांव संधू कलां और भगतपुरा के लोगों ने खेतों तक नहरी पानी पहुंचने की खुशी में लड्डू बांटे। ग्रामीणों ने बताया कि ढिल्लवां के सभी नौ मोगे चालू हो चुके हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशहाली का नया दौर शुरू होगा। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद भी किया।
इस अवसर पर चेयरमैन तरसेम सिंह काहनेके, अमृत ढिल्लवां, निर्भय धौला, नगर परिषद भदौड़ के अध्यक्ष जगदीप जग्गी, एसडीएम तपा आयुष गोयल, जल संसाधन विभाग के एसई अंकित धीर, एक्सईएन जगमीत सिंह, एक्सईएन हर्षांत वर्मा, पार्टी नेता भोला सिंह मास्टर, विभिन्न गांवों के सरपंच, पंचायत सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-

Punjab News: चलती स्कॉर्पियो में युवक ने खुद को मारी गोली, मौत
मुल्लांपुर दाखा: जिले के गांव दाखा के एक युवक ने चलती स्कॉर्पियो में अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। गोली लगने के बाद गाड़ी बेकाबू होकर जीटी रोड पर लगे दिशा-सूचक बोर्ड के पोल से जा टकराई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा, पुत्र हरविंदर सिंह, निवासी गांव दाखा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने अपनी मर्जी से विवाह किया था और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद रहता था।
घटना के समय जसप्रीत सिंह अपने गांव दाखा से लुधियाना जा रहा था। जीटी रोड स्थित हवेली के पास उसने चलती स्कॉर्पियो में अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से सिर में गोली मार ली। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे दिशा-सूचक बोर्ड के पोल से टकरा गया, जिससे स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान गाड़ी के दोनों एयरबैग भी खुल गए।
घटना के बाद राहगीरों की मदद से जसप्रीत सिंह को लुधियाना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय वह वाहन में अकेला था और स्वयं गाड़ी चला रहा था।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी दाखा करण सिंह संधू ने बताया कि जांच और परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-

आयकर रिटर्न दाखिल करने को लेकर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित
ऊना,सुशील पंडित: आयकर कार्यालय, ऊना द्वारा गुरुवार को करदाताओं में कर संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रिंसिपल कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स चंडीगढ़ शालिनी भार्गव कौशल के दिशा-निर्देशों तथा शिमला रेंज के आयकर संयुक्त आयुक्त केशव कुमार आनंद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य करदाताओं को सही आयकर रिटर्न (आईटीआर) फॉर्म का चयन करने, समय पर एवं त्रुटिरहित आयकर रिटर्न दाखिल करने तथा आयकर नियमों, प्रावधानों, करदाताओं के अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को अग्रिम कर का समय पर भुगतान करने, स्व-मूल्यांकन कर की अपेक्षा अग्रिम कर को प्राथमिकता देने, गलत कटौतियों एवं छूट का दावा करने से बचने तथा आयकर रिटर्न भरते समय होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही शिकायत निवारण तंत्र और करदाताओं के अधिकारों एवं जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।
आयकर अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष के दौरान लगभग 250 करदाताओं ने समय पर अग्रिम कर जमा नहीं किया, जिसके कारण उन्हें स्व-मूल्यांकन कर के साथ अतिरिक्त ब्याज का भुगतान करना पड़ा। उन्होंने सभी करदाताओं से समय पर अग्रिम कर जमा कर अनावश्यक ब्याज से बचने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने म्यूचुअल फंड एवं शेयरों की खरीद-बिक्री से होने वाले शॉर्ट टर्म एवं लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन को आयकर रिटर्न में सही तरीके से दर्शाने तथा उपयुक्त आईटीआर फॉर्म के चयन को लेकर विशेष रुचि दिखाई। इस पर विनोद कुमार ने करदाताओं को सलाह दी कि आयकर रिटर्न दाखिल करने से पहले एआईएस एवं फॉर्म 26 एएस में प्रदर्शित आय का सावधानीपूर्वक मिलान करें तथा उसी के अनुरूप सही आईटीआर फॉर्म का चयन कर रिटर्न दाखिल करें।
इस जागरूकता कार्यक्रम में जियो इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. के क्षेत्रीय कार्यालय, परवाणू अर्बन कोऑपरेटिव बैंक, रक्षा पेंशन भुगतान कार्यालय के कर्मचारियों सहित व्यापारियों, कारोबारियों एवं टैक्स प्रोफेशनल्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभाग की पहल की सराहना करते हुए समय पर एवं सही तरीके से आयकर रिटर्न दाखिल करने का संकल्प लिया। विभाग ने कहा कि समय पर सही आयकर विवरणी दाखिल करना न केवल प्रत्येक नागरिक का कानूनी दायित्व है, बल्कि देश के विकास में उसकी महत्वपूर्ण भागीदारी भी सुनिश्चित करता है।
कार्यक्रम में आयकर निरीक्षक राज कुमार ठाकुर, नमन शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे। -

भोपाल में राष्ट्रीय सम्मेलन में पीएसएफसी के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने न्यूट्रिशन गार्डन, पोषण वाटिकाओं और अंतर-विभागीय समन्वय को किया उजागर
चंडीगढ़: पंजाब राज्य खाद्य आयोग (पीएसएफसी) के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने मध्य प्रदेश खाद्य आयोग द्वारा भोपाल में आयोजित 2-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘एनएफएसए-2013: प्रगति, चुनौतियाँ और आगे का रास्ता’ में आयोग की गतिविधियों और उपलब्धियों को साझा किया। खाद्य सुरक्षा से पोषण सुरक्षा की ओर बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बाल मुकंद शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा और शिक्षा विभागों में बेहतर समन्वय आवश्यक है ताकि सरकार की जन-हितैषी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच सके।

अध्यक्ष ने बताया कि पीएसएफसी द्वारा अप्रैल 2025 में पोषण सुरक्षा पर एक उच्च स्तरीय वर्कशॉप आयोजित की गई थी। इसमें कृषि, वानिकी और आयुर्वेद सहित विभिन्न क्षेत्रों के 39 विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस वर्कशॉप की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय खाद्य सचिव बी.सी. गुप्ता ने की, जिनके कार्यकाल के दौरान ही एनएफएसए-2013 लागू किया गया था। इस कार्य में स्कूलों और आंगनवाड़ियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। पीएसएफसी की सिफारिशों के बाद शिक्षा विभाग ने मई 2025 में स्कूलों को न्यूट्रिशन गार्डन बनाने के निर्देश जारी किए थे। ये गार्डन पीएयू लुधियाना और बागवानी विभाग द्वारा तैयार किए गए डिज़ाइन के अनुसार बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक गार्डन में 21 प्रकार के फलदार पौधों के साथ-साथ जड़ी-बूटियों और सब्जियों के बाग भी होंगे।

इसी प्रकार 1000 वर्ग फुट या उससे अधिक क्षेत्र वाली आंगनवाड़ियों में पोषण वाटिकाएँ स्थापित की जा रही हैं। मॉडल अभ्यासों को बढ़ावा देने के लिए आयोग के 4 सदस्यों को प्रत्येक को 6 जिले सौंपे गए हैं और उन्हें प्रत्येक जिले में एक स्कूल गोद लेकर मॉडल गार्डन विकसित करने के लिए कहा गया है। आयोग एनआरआई से सीएसआर के माध्यम से स्कूलों में स्टील के वॉशबेसन और डेस्क लगवाने के लिए भी सहयोग माँग रहा है।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पीएसएफसी स्कूली बच्चों के लिए दंत और सामान्य स्वास्थ्य देखभाल पर भी ध्यान दे रहा है। मिड-डे-मील के रसोइयों और सहायकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लोगों को पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक करने के लिए ‘ईट राइट मेले’ भी लगाए जा रहे हैं। इस अवसर पर बाल मुकंद शर्मा ने नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. रमेश चंद को पंजाब राज्य खाद्य आयोग की पहलों और उपलब्धियों से संबंधित कॉफी टेबल बुक भेंट की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश खाद्य आयोग के चेयरमैन प्रो. वी.के. मल्होत्रा भी उपस्थित थे।
-

महाविद्यालय बंगाणा में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
ऊना,सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में आज विद्यार्थियों को विभिन्न पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता महाविद्यालय के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी डॉ. राम सिंह ने की।
अपने संबोधन में डॉ. राम सिंह ने कहा कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृति योजनाओं का लाभ उठाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित ऑनलाइन आवेदन करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि आवेदन भरते समय सही जानकारी उपलब्ध कराना और समय पर सत्यापन करवाना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यशाला के दौरान योजना प्रभारी डॉ. रीना ने विभिन्न पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा महत्वपूर्ण तिथियों की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. किरण ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज अपलोड करने की विधि तथा आवेदन के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचने के बारे में विस्तार से बताया। प्रो. कमलेश ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति श्रेणियों, आवेदन सत्यापन तथा समयबद्ध प्रक्रिया के महत्व से अवगत कराया। वहीं प्रो. निकिता ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें छात्रवृति योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा नियमित रूप से पोर्टल पर अपनी आवेदन स्थिति की जांच करते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा छात्रवृत्ति योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे समय-सीमा के भीतर अपने आवेदन पूर्ण कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी को छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहना पड़े। महाविद्यालय प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
-

जमाखोरी और मुनाफाखोरी पर रोक के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों की नई दरें निर्धारित
ऊना,सुशील पंडित:जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल ने जिले में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए डोर-डिलीवरी एवं फोकल प्वाइंट पर लागू होने वाली अतिरिक्त परिवहन एवं मजदूरी दरों की अधिसूचना जारी की है। यह अधिसूचना हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी उन्मूलन आदेश, 1977 तथा घरेलू द्रवित गैस आपूर्ति (विनियमन एवं वितरण) आदेश, 2000 के प्रावधानों के तहत जारी की गई है।
जिला दंडाधिकारी ने बताया कि दरें निर्धारित करने का उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी पर प्रभावी रोक लगाना तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर गैस उपलब्ध कराना है।
ये रहेंगी अतिरिक्त डोर डिलीवरी एवं फोकल प्वाईंट की दरें
उपायुक्त ने बताया कि मैसर्ज कमल गैस एजेंसी ऊना में कम्पनी द्वारा 14.2 किलो ग्राम प्रति सिलेंडर का मूल 975.50 रूपये निर्धारित है, जबकि गैस एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 31.50, 29, 35 और 39 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम गैस अम्ब में प्रति सिलेंडर का मूल्य 982.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 29, 24.50, 29.50 और 33.50 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।पंजावर गैस एजेंसी, पंजावर में प्रति सिलेंडर का मूल्य 974.50 रूपये रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 27, 29.50, 35.50 और 38.50 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित रहेंगी।
शहीद सुनील गैस एजेंसी गगरेट में में प्रति सिलेंडर का मूल्य तेल कम्पनी द्वरा प्रति सिलेंडर 974.50 किया है। जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 30 और 29.50 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।
हिमाचल प्रदेश राज्य आपूर्ति निगम गैस मैहतपुर में कम्पनी द्वारा सिलेंडर का मूल्य 971.77 निर्धारित है, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 30.50, 28, 35 और 39 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित कीं है।
दीपक गैस सर्विस संतोषगढ़ में प्रति सिलेंडर का मूल्य 970.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 29.50, 30 और 34 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।
बंगाणा गैस सर्विस एजेंसी में तेल कम्पनी ने प्रति सिलेंडर का मूल्य 984 रूपये निर्धारित किया है। जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 30, 29.50, 35.50, 42.50 और 49.50 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।
मैसर्ज सुगम इंडेन गैस सर्विस ऊना में कम्पी की ओर से प्रति सिलेंडर का मूल्य 975.50 रूपये निर्धारित है। जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 31.50 और 29 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।
मैसर्ज चिंतपूर्णी गैस एजेंसी दौलतपुर चैक में प्रति सिलेंडर का मूल्य 976.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 29.50, 26.50 और 28 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।
मैसर्ज आर्यन गैस एजेंसी बडूही में तेल कम्पनी की ओर से प्रति सिलेंडर का मूल्य 975.50 रूपये निर्धारित है। जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर के 25 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक निर्धारित है।
मैसर्ज बाबा बड़भाग सिंह भारत गैस, गामीण वितरक मैड़ी खास में प्रति सिलेंडर का मूल्य 982.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 25 और 27 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक अलग-अलग दरें निर्धारित है।
इसके अतिरिक्त मैसर्ज माता श्री चिंतपूर्णी इंडेन में प्रति सिलेंडर का मूल्य 982.50 रहेगा, जबकि एजेंसी से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों में डोर डिलीवरी और फोकल प्वाईंट तक अतिरिक्त परिवहन भाड़ा तथा मजदूरी प्रति सिलेंडर 25 रूपये आपूर्ति क्षेत्र के मुताबिक निर्धारित है। उन्होंने बताया कि जीएसटी अतिरिक्त रूप से लागू होगा। गोदाम से सिलेंडर प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं पर परिवहन भाड़ा दरों पर छूट रहेगी। गैस विक्रेता उपभोक्ताओं से निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूल नहीं करेगा। द्रवित गैस विक्रेता उपभोक्ताओं की गैस लीकेज से संबंधित शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करेंगे। अभाव के दिनों द्रवित गैस विक्रेता उपभोक्ता को पंजीकृत क्रम अनुसार प्राथमिकता पर भरे सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। साथ ही, गैस विक्रेता उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेंडरों की आपूर्ति करेंगे जो उनसे संबंधित गैस एजेंसी से पंजीकृत है।
-

राज्य में सड़क सुरक्षा ऑडिट नीति लागू की जाएगी
सड़क सुरक्षा के प्रति सक्रिय एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपना रही है राज्य सरकारः मुख्यमंत्री
शिमला: वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2024 में सड़क दुर्घटनाओं में 6.48 प्रतिशत की कमी आने के बावजूद, हिमाचल प्रदेश सरकार ने सड़क सुरक्षा को और अधिक सदृढ़ करने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से एक और महत्त्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाली सड़कों के लिए सड़क सुरक्षा ऑडिट नीति लागू करने को मंजूरी प्रदान की है, ताकि सड़क सुरक्षा को राज्य में सड़कों की योजना, डिज़ाइन, निर्माण, संचालन और रखरखाव का अभिन्न हिस्सा बनाया जा सके। विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश जैसे पर्वतीय राज्य में दुर्गम भू-भाग, तीखे मोड़ और प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियां अतिरिक्त जोखिम उत्पन्न करती हैं, सड़क सुरक्षा एक गंभीर सार्वजनिक चिंता का विषय बन चुकी है। सड़क सुरक्षा संबंधी कमियों की व्यवस्थित पहचान और उनके प्रभावी समाधान की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने भारतीय सड़क कांग्रेस के दिशा-निर्देशों एवं सिफारिशों के अनुरूप एक व्यापक सड़क सुरक्षा ऑडिट ढांचा अपनाया है। इस नीति का उद्देश्य सड़क अवसंरचना में सुधार करना, दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना तथा सभी सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक सुरक्षित सड़क नेटवर्क विकसित करना है। इस नीति के अंतर्गत किसी भी सड़क परियोजना के पांच महत्त्वपूर्ण चरणों में सड़क सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा। इनमें व्यवहार्यता अथवा प्रारंभिक डिज़ाइन चरण, विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) चरण, निर्माण चरण, सड़क को यातायात के लिए खोलने से पूर्व का चरण तथा पहले से निर्मित सड़कों का ऑडिट शामिल है। व्यवहार्यता चरण में ऑडिटर मार्ग चयन, सड़क की संरेखण (अलाइनमेंट), चौराहों, क्रॉस-सेक्शन तथा मौजूदा सड़क नेटवर्क से संपर्क का परीक्षण करेंगे। विस्तृत डिज़ाइन चरण में ज्यामितीय डिज़ाइन, सड़क संकेतक, सड़क चिह्नांकन, प्रकाश व्यवस्था, संवेदनशील सड़क उपयोगकर्ताओं (जैसे पैदल यात्री एवं साइकिल चालक) के लिए सुविधाएं तथा सड़क किनारे सुरक्षा प्रावधानों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। निर्माण चरण के दौरान ऑडिट में कार्यस्थल सुरक्षा, यातायात प्रबंधन योजना, श्रमिकों की सुरक्षा तथा पूर्व में दिए गए ऑडिट सुझावों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी। सड़क को यातायात के लिए खोलने से पूर्व दिन एवं रात्रि दोनों समय विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पहले से निर्मित सड़कों का भी समय-समय पर ऑडिट किया जाएगा ताकि उभरते हुए जोखिमों और सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान कर उनका समय पर समाधान किया जा सके। नीति के अनुसार सड़क सुरक्षा ऑडिट केवल भारतीय सड़क कांग्रेस द्वारा प्रमाणित ‘रोड सेफ्टी ऑडिटर’ अथवा ऐसे विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी करेंगे जिन्होंने 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा ऑडिट प्रमाणन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया हो तथा पर्वतीय सड़कों के निर्माण का कम से कम 10 वर्ष का अनुभव रखते हों। साथ ही यह भी अनिवार्य किया गया है कि ऑडिटर स्वतंत्र हों और जिस परियोजना का ऑडिट कर रहे हों, उसके निर्माण, क्रियान्वयन या संचालन से उनका कोई प्रत्यक्ष संबंध न हो। संस्थागत व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग मुख्यालय में एक समर्पित ‘रोड सेफ्टी सेल’ स्थापित किया जाएगा। यह सेल सड़क सुरक्षा ऑडिट कार्यक्रम के क्रियान्वयन की निगरानी करेगा, प्रगति का आकलन करेगा, योग्य ऑडिटरों का पैनल तैयार करेगा, अनुपालन रिपोर्टों की समीक्षा करेगा तथा अभियंताओं और अन्य हितधारकों के लिए प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। नीति में यह भी प्रावधान किया गया है कि विभाग के अभियंता-प्रमुख द्वारा प्रत्येक तिमाही में कार्यक्रम की समीक्षा की जाएगी, ताकि इसकी प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सके और आवश्यक सुधार किए जा सकें। नीति का एक महत्त्वपूर्ण प्रावधान यह है कि एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली प्रत्येक सड़क परियोजना में सड़क सुरक्षा ऑडिट के लिए परियोजना लागत का एक प्रतिशत अनिवार्य रूप से निर्धारित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सड़क संकेतकों, सड़क चिह्नांकन, यातायात शांत करने के उपायों, कार्यस्थल प्रबंधन, पैदल यात्री सुविधाओं, साइकिल ट्रैक, पर्वतीय सड़कों, सुरक्षा अवरोधकों, चौराहों तथा ज्यामितीय डिज़ाइन संबंधी भारतीय सड़क कांग्रेस के विभिन्न मानकों एवं मैनुअलों का पालन करना भी अनिवार्य होगा। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हिमाचल प्रदेश में निर्मित सड़कें सर्वाेच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप हों और सभी सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराएं। ‘राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के सड़क नेटवर्क को अधिक सुरक्षित, अधिक सक्षम और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक सड़क परियोजना में मानव जीवन और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सड़क सुरक्षा ऑडिट नीति विकास के प्रत्येक चरण में संभावित जोखिमों की पहचान कर समय रहते आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करेगी। सुरक्षित सड़कें न केवल दुर्घटनाओं को रोकती हैं और लोगों का जीवन बचाती हैं, बल्कि राज्य में आर्थिक विकास तथा बेहतर संपर्क व्यवस्था को भी बढ़ावा देती हैं। राज्य सरकार स्वतंत्र सड़क सुरक्षा ऑडिट को संस्थागत रूप देकर तथा सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित करके सड़क सुरक्षा के प्रति सक्रिय और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपना रही है। उन्होंने दोहराया कि मानव जीवन की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और प्रदेश में सुरक्षित एवं टिकाऊ सड़क अवसंरचना विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। राज्य सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2024 में हिमाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में 6.48 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई थी। वर्ष 2023 में जहां कुल 2,253 सड़क दुर्घटनाए दर्ज की गई थीं, वहीं वर्ष 2024 में यह संख्या घटकर 2,107 रह गई। इसी प्रकार, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु संख्या में भी उल्लेखनीय कमी आई है। वर्ष 2023 में 892 लोगों की मृत्यु हुई थी, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या घटकर 806 रह गई। इसके अतिरिक्त, सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वालों की संख्या भी वर्ष 2023 के 3,449 से घटकर वर्ष 2024 में 3,290 हो गई।