Blog

  • कपूरथलाः ट्रेवल एजेंट सकतर सिंह और पत्नी मनदीप ने ASI के बेटे को विदेश भेजने के नाम पर ठगे 24 लाख रुपए, केस दर्ज

    कपूरथलाः ट्रेवल एजेंट सकतर सिंह और पत्नी मनदीप ने ASI के बेटे को विदेश भेजने के नाम पर ठगे 24 लाख रुपए, केस दर्ज

    सुल्तानपुर लोधीः पंजाब में फैले कबूरतरबाजों ने पंजाब पुलिस को भी अपने चंगुल में फंसा लिया। थाना सुल्तानपुर लोधी में तैनात एएसआई(थानेदार) के बेटे को अमेरिका भेजने के नाम 24 लाख रुपये ऐंठ लिए और उसे मै​क्सिको के जरिये डोंकी बनाकर जेल पहुंचा दिया। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने आरोपी फर्जी ट्रैवल एजेंट दंपति के ​खिलाफ पंजाब ट्रैवल्स प्रोफेशन रेगुलेशन एक्ट-2014(पीटीपीआर) व धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

    एसएसपी कपूरथला को दी ​शिकायत में एएसआई लखवीर सिंह निवासी गांव गोसल कपूरथला ने बताया कि उसका बेटा जसकीरत सिंह सुल्तानपुर लोधी ​स्थित गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में सेवा करने के लिए आता था। प्रतिदिन गुरुद्वारा साहिब आने के कारण उसके बेटे की जान-पहचान ट्रेवल एजेंट सकतर सिंह और उसकी पत्नी मनदीप कौर निवासी हरनामपुर थाना सुल्तानपुर लोधी से हो गई। जो अक्सर गुरुद्वारा साहिब में सेवा करने के लिए आते समय मिलते थे। सकतर सिंह ने उसके बेटे से बात की कि यदि वह अमेरिका जाना चाहता है तो वह उसे वर्क परमिट पर अमेरिका भेज सकता है। इस जसकीरत सिंह अपने मामा के बेटे मनमीत सिंह, गुरमीत सिंह और गांव गोसल के सरपंच सतनाम सिंह के साथ ट्रैवल एजेंट सकतर सिंह के तलवंडी चौक सुल्तानपुर लोधी के समीप फतेह इंटरप्राइजिज के दफ्तर गए तो वहां पर सकतर सिंह व उसकी पत्नी मनदीप कौर मिले। जिन्हाेंने उन्हें विश्वास दिलाया कि 2 लाख रुपये लगेंगे और बाकी पैसे अमेरिका पहुंचने पर लेंगे और दिल्ली से सीधी फ्लाइट अमेरिका की होगी।

    इस पर दोनों ने जसकीरत सिंह का पासपोर्ट 01 मार्च 2019 को ले लिया। फिर उसके बाद 07 मई 2019 को ट्रैवल एजेंट ने जसकीरत सिंह की फ्लाइट अमेरिका की बजाय यूरोप की लगवा दी। यूरोप से बाद में इसने 11 मई 2019 को ट्रैवल एजेंट ने उसके बेटे को मै​क्सिको के जंगलों में छोड़ दिया, वहां पर मै​क्सिको माफिया ने उसके बेटे को कमरे में बंदी बना लिया और डरा-धमकाकर परिवार को फोन करके यह कहने के लिए मजबूर किया कि वह अमेरिका पहुंच गया और एजेंट को 24 लाख रुपये दे दो। इस पर उसने सकतर सिंह व उसकी पत्नी के विभिन्न बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा दिए।

    पैसे मिलने के बाद सकतर सिंह डोंकरों के जरिये उसके बेटे को मै​क्सिको की दीवार पार करवा दी। जहां पर मै​क्सिको पुलिस ने उसे पकड़ लिया और करीब तीन माह जेल में रखने के बाद उसे भारत डिपोर्ट कर दिया। एसएसपी ने ​शिकायत की जांच का जिम्मा डीएसपी पीबीआई, होमीसाइड व फोरेंसिक को सौंपी, जिन्होंने जांच के बाद डीए लीगल से राय लेने के बाद केस दर्ज करने की संस्तुति की। थाना सुल्तानपुर लोधी में ट्रेवल एजेंट दंपति के ​खिलाफ पीटीपीआर एक्ट-2014, धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है।

  • पंजाबः बाढ़ प्रभावित लोगों का जायजा लेने पहुंचे आप विधायक के बाद भाजपा प्रधान का हुआ विरोध

    पंजाबः बाढ़ प्रभावित लोगों का जायजा लेने पहुंचे आप विधायक के बाद भाजपा प्रधान का हुआ विरोध

    फिरोजपुर: पंजाब में अब बाढ़ पीड़ित लोगों का लीडरों पर गुस्सा फूटना शुरू हो गया है। हाल ही में आप विधायक देव मान की एक वीडियो वायरल हुई थी। जिसमें बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने के लिए वह पहुंचे थे। लेकिन लोगों ने उनका विरोध किया, जिसके बाद उनके सुरक्षा कर्मी उन्हें वहां से वापिस लेकर चले गए। वहीं आज पंजाब के भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने फिरोजपुर के बाढ़ प्रभावित गावों का दौरा किया। जैसे ही वह गांव में पहुंचे तो वह लोगो से मिले बिना ही मीडिया से बात करने लगे, जिसका ग्रामीणों ने विरोध जताया। मिली जानकारी के अनुसार पंजाब बीजेपी प्रधान सुनील जाखड़ फिरोजपुर के बाढ़ प्रभावित गांव गट्टी राजोके में जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उनका जमकर विरोध किया गया।

    पीड़ित लोगों ने समय पर राहत सामग्री न मिलने पर अपने गुस्सा दिखाया। विरोध होने पर सुनील जाखड़ को वापस लौटना पड़ा। इस दौरान सुनील जाखड़ ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रभावित इलाकों में जाकर पानी में खड़े होकर तस्वीरें खींचवाना जरूरी नहीं है। पीड़ित लोगों के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब सरकार किश्तियों में बैठकर तस्वीरें खींचवा रही हैं, सरकार को चाहिए कि बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने पहले ही आरेंज अलर्ट जारी कर दिया था, इसके बावजूद सरकार ने कोई कदम हीं उठाया।

    भाजपा प्रधान ने सीएम मान पर निशाना साधते हुए कहा कि जो काम सरकार को पहले ही कर लेना चाहिए था वह अब करने की बजाय भी मात्र दावों तक सीमित है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने पहले ही बारिशों का अलर्ट जारी कर दिया था। उसके बावजूद भी सरकार ने पानी से निपटने के लिए कोई भी पुख्ता प्रबंध नहीं किए थे। जाखड़ ने कहा कि उनके द्वारा पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया जा रहा है और इसकी पूरी रिपोर्ट केंद्र सरकार को बनाकर भेजेंगे। सुनील जाखड़ ने कहा केंद्र सरकार द्वारा 218.40 करोड़ रुपये पंजाब के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा इतनी बड़ी मदद करने के बावजूद मुख्यमंत्री बयान दे रहे हैं कि वह केंद्र से कोई भी मदद नहीं मांगेंगे।

    सुनील जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के प्रति दरिया दिल दिखाते हुए सरकार से अभी तक कोई भी पेंटिंग फंडों की सूची नहीं मांगी गई बल्कि पंजाब के लोगों का भला करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी तरफ से मदद कर दी है अब राज्य सरकार द्वारा इस पैसे को कहां पर लगाती है यह तो समय ही बताएगा।

    बता दें कि कुछ दिन पहले नाभा से आप विधायक देव मान बाढ़ से प्रभावित लोगों का हाल जानने के लिए हलका समाना में पहुंचे थे। जहां आप विधायक के आने पर जनता में भारी रोष पाया गया। इस दौरान लोगों ने आप विधायक के खिलाफ नारे लगाकर सख्ती से विरोध किया। हंगामा ज्यादा होने पर आप विधायक के सुरक्षा कर्मी उन्हें हो रहे विरोध के बीच से लेकर निकल गए। इस घटना की वीडियो भी सामने आई थी।

  • बेखौफ चोरों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम, घटना CCTV में कैद

    बेखौफ चोरों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम, घटना CCTV में कैद

    कोरबा : जिले के पोंड़ी बहार स्थित जनरल स्टोर में चोरों ने सेंधमारी की है। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर नगदी और खाद्य सामग्री ले उड़े। चोरी की सारी करतूत घटनास्थल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि चोर वारदात से पहले आसपास मौजूद घरों के दरवाजों को बाहर से बंद करते नजर आ रहे हैं। वे कुत्तों को भगाते, झोला और बोरी में सामान भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। यह मामला सिविल लाइन के रामपुर थाना क्षेत्र का है।

    जानकारी के अनुसार, रामपुर थानांतर्गत पोंड़ीबहार बस्ती निवासी सचिन कुमार अग्रवाल मकान के सामने में ही गणेश जनरल स्टोर का संचालन करते हैं। सचिन अग्रवाल प्रतिदिन की तरह रात दुकान बंद कर घर के भीतर चले गए। वे रात करीब 11 बजे बाहर निकले तो दुकान में लगा ताला सही सलामत था। जब सुबह नींद खुली तो मकान का दरवाजा बाहर से बंद मिला। जिसकी जानकारी उन्होंने छत पर चढ़कर आसपास के लोगों को दी। वे दरवाजा खुलने पर बाहर निकले। उन्होंने दुकान में जाकर देखा तो ताला टूटा मिला। शातिर चोरों ने दुकान के गल्ले से लगभग 5 हजार नगदी के अलावा सामान को पार कर दिया था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। जब व्यवसायी ने बस्तीवासियों के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू किया तो एक कैमरे में चोरों की करतूत कैद मिली। वायरल वीडियों में तीन चोरों की करतूत साफ दिखाई दे रहीं है।

    चोरों को मार्ग में आवाजाही करने वालों का जरा भी परवाह नही है। वे बेख़ौफ़ होकर एक दुकान में ताक छांक करने के बाद जनरल स्टोर की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। चोरों ने चोरी को अंजाम देने से पहले आसपास स्थित घरों के दरवाजे को बाहर कर बंद कर दिया। अंजान लोगों को मंडराते देख कुत्ते भौंक रहे हैं, जिन्हें भगाया जा रहा है। इसके अलावा चोर झोला और बोरी में सामान उठाकर ले जाते दिख रहे हैं। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस विवेचना में जुट गई है।

  • दर्दनाक घटनाः 7 वर्षीय बच्चे की काटी जीभ, आंखें निकालकर तेजाब से नहलाया, गड्ढे में फेंका शव

    दर्दनाक घटनाः 7 वर्षीय बच्चे की काटी जीभ, आंखें निकालकर तेजाब से नहलाया, गड्ढे में फेंका शव

    रांची: झारखंड के गढ़वा जिले में सात साल के मासूम बच्चे को ऐसी दरिंदगी के साथ मौत के घाट उतारा गया है कि किसी का भी दिल दहल जाए। उसे तेजाब से नहलाया गया, उसकी जीभ काट ली गई, आंखें निकाल ली गईं, उसके सारे दांत तोड़ दिए गए और इसके बाद उसका शव उसके चाचा के घर के पास ही शौचालय के लिए खोदे गए गड्ढे में फेंक दिया गया। वारदात गढ़वा के डंडई थाना क्षेत्र के बौलिया गांव की है। अवधेश साह का सात वर्षीय पुत्र संतन कुमार दो दिन पहले पास की दुकान से मिठाई लेने निकला था, लेकिन वह घर नहीं लौटा। घर के लोगों ने कई जगहों पर तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।


    गांव में स्कूल जा रहे बच्चों ने संतन का शव अवधेश साह के भाई सुरेश सुरेश साह के घर के पीछे शौचालय के लिए खोदे गए गढ्ढे में तैरता हुआ देखा। बच्चे का शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव घर वालों को सौंपा गया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि यह वारदात या तो किसी पारिवारिक रंजिश की वजह से अंजाम दी गई है या फिर यह तंत्र-मंत्र का मामला हो सकता है। डंडई थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घरवालों से पूछताछ की गई है।

  • पंजाबः प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे सीएम मान से गले मिलकर रोया बुजुर्ग, देखें वीडियो

    पंजाबः प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे सीएम मान से गले मिलकर रोया बुजुर्ग, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज फिरोजपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान सीएम मान ने बचाव कार्यों का जायजा लिया। जहां वह खुद बाढ़ के पानी में उतरे, लोगों से गले मिले, बोट में इलाके का दौरा भी किया। सीएम मान ने कहा कि पुराने समय में धान की फसल 15 जुलाई के बाद लगाई जाती थी। इस बार भी ऐसा ही होगा। फसल दोबारा बीजने का समय है। धान की पनीरी भिजवाने में कमी नहीं होगी।

    इस बार पंजाब में स्पेशल गिरदावरी करवाई जाएगी। जिसमें सिर्फ जमीन ही नहीं, घरों के नुकसान, मवेशियों के नुकसान को भी दर्ज किया जाएगा। उसी अनुसार परिवारों को मुआवजा मिलेगा। यह गिरदावरी घर-घर में की जाएगी। इसी बीच मौसम विभाग ने पंजाब के 2 जिलों में बारिश का अलर्ट दे दिया है। बठिंडा और मानसा में अगले तीन घंटों में बारिश का अलर्ट है। बारिश के साथ यहां 30 से 40 KM/प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।

  • जालंधरः Deputation पर भेजे गए ATP सुखदेव वशिष्ठ, अवैध निर्माणों कर चुके ताबड़तोड़ कार्रवाई

    जालंधरः Deputation पर भेजे गए ATP सुखदेव वशिष्ठ, अवैध निर्माणों कर चुके ताबड़तोड़ कार्रवाई

    जालंधर,ENS: नगर निगम के हैड ड्राफ्ट्समैन कम एटीपी सुखदेव वशिष्ठ ने शहर में डिच मशीन चलाकर ताबड़तोड़ अवैध निर्माण गिराए। वहीं आज सरकार ने पत्र जारी कर उन्हें Deputation पर भेज दिया है। उन्हें Deputation पर अल्पसंख्यक आयोग में चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा के साथ लगाया गया है। सुखदेव वशिष्ठ को अल्पसंख्यक आयोग में भेजे जाने वाले देश में लिखा है कि उन्हें एक साल लिए Deputation पर भेजा जा रहा है। बता दें कि सुखदेव वशिष्ठ को जब नगर निगम के नए आए कमिश्नर अभिजीत कपलिश ने हैड ड्राफ्ट्समैन के साथ-साथ एटीपी का भी चार्ज दिया था तो उन्होंने शहर में कई रसूखदारों की अवैध इमारतों के साथ-साथ अवैध कालोनियों पर मशीनें चला दी थीं।

    कई बार उन्हें कॉलोनाइजरों, नेताओं और रसूखदारों से धमकियां भी मिली लेकिन वह पीछे नहीं हटे। उन्होंने मौजूदा और पूर्व विधायकों मंत्रियों के खासमखास भी नहीं बख्शे थे। जब हैड ड्राफ्ट्समैन कम एटीपी सुखदेव वशिष्ठ शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाए हुए थे तो उन्हें धमकियों के अलावा सरकारी तंत्र से भी डराने की कोशिश की गई थी। लेकिन वह डरे नहीं और अपने काम में लगे रहे। उनके खिलाफ विजिलैंस में झुूठी शिकायतें भी की गईं। विजिलैंस ने उनकी जांच भी की लेकिन जांच में कुछ भी नहीं निकला। 

  • पंजाबः 30 घंटे से नौकरी बहाली को लेकर टॉवर पर चढ़े व्यक्ति, मौके पर पहुंचे अधिकारी, देखें वीडियो

    पंजाबः 30 घंटे से नौकरी बहाली को लेकर टॉवर पर चढ़े व्यक्ति, मौके पर पहुंचे अधिकारी, देखें वीडियो

    पठानकोटः 32 कर्मचारियों को नौकरियों पर बहाल करवाने के लिए 2 पारिवारिक सदस्य बीते दिन से 70 फीट ऊंचे बिजली के टॉवर पर चढ़े हुए है। टॉवर पर चढ़ने वालों की पहचान तेग अली (65) और सुरिंदर सिंह (60) के तौर पर हुई है। पीड़ितों का का आरोप है कि मुख्य अभियंता कार्यालय शाहपुरकंडी के बाहर की जा रही भूख हड़ताल के 72 दिन बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा। जिसके कारण हमें मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा। वहीं दो व्यक्तियों के टॉवर पर चढ़ने की ख़बर मिलते ही आज थाना शाहपुर कंडी थाना के प्रभारी सुरिंदर पाल मौके पर पहुंचे ओर उन्होंने टॉवर पर चढ़े लोगों को समझाने का प्रयास किया।

    इस दौरान 30 घंटे की मशक्त के बाद दोनों बजुर्गो को क्रेन की सहायता से टॉवर से नीचे उतार लिया गया। जिसके बाद एम्बुलेंस की सहायता से उनको रणजीत सागर डैम के अस्पताल में चेकआप के लिए ले जाया गया। मामले की जानकारी देते हुए डॉ अत्रि ने बताया कि इन दोनों बजुर्गो की हालत ठीक है। वहीं कमेटी सदस्यो की ओर से रंजीत सागर बांध परियोजना के एस सी एडमिन विक्रांत आनंद को एक मांग पत्र दिया गया है। प्रशासन ने उनको अश्ववासन दिया कि बहुत जल्द जो कमेटी गठित की गई है उनकी ओर से जो फैसला होगा उसी आधर पर निकले गए 32 कार्यकारियों का फैसला होगा।

  • पंजाब: आइलेट्स सेंटरों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 11 किए बंद

    पंजाब: आइलेट्स सेंटरों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 11 किए बंद

    बरनालाः जिले में प्रशासन ने 50 आइलेट्स सेंटरों पर दबिश दी। यह कार्रवाई शुक्रवार को एडीसी सुखपाल सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ की। इस दौरान एडीसी ने 16 एकड़ में बने आइलेट्स सेंटरों पर दस्तक दी। जिसके बाद आइलेट्स सेंटर चलाने वाले प्रबंधकों के हाथ पांव फूल गए और वह ईधर-उधर एक दूसरे की तरफ देखने लगे। जिला प्रशासन के द्वारा की गई कार्रवाई दौरान एक भी आइलेट्स सेंटर ऐसा नहीं था, जिसके कागजातों की छानबीन ना की हो। इस दौरान जिनके कागजात प्रशासन को अधूरे लगे उन पर नोटिस लगाकर उनको बंद करवा दिया गया। 

    इस संबंध में जानकारी देते डीएसपी हैडक्वाट स्वर्ण सिंह ने बताया कि एडीसी सुखपाल सिंह के साथ उनकी तरफ से 16 एकड़ में स्थित आइलेट्स सेंटरों की चैंकिंग की गई है। जिसमें 11 आइलेट्स सेंटरों पर नोटिस लगाए गए हैं व उनको बंद किया गया है। जबकि पचास के करीब आइलेटस सेंटरों में कागजातों की चैकिंग की गई है।

    बता दें कि 16 एकड़ में स्थित जिन 11 आइलेट्स सेंटरों पर जिला प्रशासन की तरफ से नोटिस चिपकाए गए हैं, जिसमें साफ-साफ लिखा है कि यह सेंटर जिला प्रशासन बरनाला के निर्देशों अनुसार सील किया गया है। संबंधित मालिक अपना लाइसेंस व जरुरी दस्तावेज 17-7-2023 को कमरा नंबर 82 दफ्तर डिप्टी कमिशनर बरनाला में चैक करवाने के बाद ही खोलेगा। इन निर्देशों की उल्लंघना करने वाले व्यक्तियों खिलाफ कानूनी कार्यवाई की जाएगी।

  • जालंधरः 260 ग्राम हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार

    जालंधरः 260 ग्राम हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार

    जालंधर,ENS: थाना रामांमडी की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन बरामद की हैं। गिरफ़्तार व्यक्ति की पहचान धानकीया मोहल्ला निवासी सौरव नरेश उर्फ नेशा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम के एसआई जसवीर सिंह पुलिस पार्टी सहित गांधी नगर के सूर्य एन्क्लेव के पास मौजूद थे, जहां एक्टिवा सवार युवक आता दिखाई दिया जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। जिसे नाके पर मौजूद एसआई जसवीर सिंह ने अपनी टीम सहित दबोच कर जब उसकी तलाशी ली तो उसकी जेब से 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि वह कहां से लेकर आया था और कहां देने जा रहा था।

  • अंतरिक्ष की दुनिया में भारत ने रचा इतिहास, तीसरा मून मिशन चंद्रयान-3 लॉन्च, देखें वीडियो

    अंतरिक्ष की दुनिया में भारत ने रचा इतिहास, तीसरा मून मिशन चंद्रयान-3 लॉन्च, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः भारत का तीसरा मून मिशन ‘चंद्रयान-3’ लॉन्च हो चुका है। इसे दोपहर 2:35 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से रवाना किया गया। यदि इस बार इस मिशन में सफलता मिलती है तो भारत ऐसी उपलब्धि हासिल कर चुके अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ जैसे देशों के क्लब में शामिल हो जाएगा। 615 करोड़ की लागत से तैयार ये मून मिशन करीब 42 दिन की यात्रा के बाद चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास लैंड करेगा। ‘चंद्रयान-3’ को भेजने के लिए LVM-3 लॉन्चर का इस्तेमाल किया गया है। इसे पहले GSLV MK-III के नाम से जाना जाता था।

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का तीसरा मून मिशन चंद्रयान- 3 श्रीहरिकोटा से लॉन्च हो चुका है। आज यानी 14 जुलाई शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर चंद्रयान 3 को लॉन्‍च किया गया। चंद्रयान 3 मिशन की सफलता के बाद भारत, अमेरिका, चीन और तत्कालीन सोवियत संघ के बाद चंद्रमा पर साफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन जाएगा। वहीं चंद्रयान 3 की लॉन्चिंग से पहले इसकी सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दीं। चंद्रयान-3 अपने सफर पर रवाना हुआ। चंद्रयान-3 के लॉन्च के साथ ही भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने तीसरा चंद्रयान मिशन शुरू हो गया।

    चंद्रयान-3 को ले जा रहे 642 टन वजनी, 43.5 मीटर ऊंचे रॉकेट LVM3-M4 ने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरी। चंद्रयान-3 को कक्षा बढ़ाने की प्रक्रिया के बाद लूनर ट्रांसफर ट्रेजेक्टरी में डाला जाएगा। अगले 42 दिनों में 30,00,00 किमी से अधिक की दूरी तय करते हुए यह चंद्रमा तक पहुंच जाएगा। लॉन्च से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘भारतीय अंतरिक्ष के क्षेत्र में 14 जुलाई 2023 का दिन हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा तथा यह राष्ट्र की आशाओं और सपनों को आगे बढ़ाएगा।’ श्रीहरिकोटा से चंद्रयान-3 के लॉन्च का हर अपडेट देखिए।