Blog

  • पंजाबः हरसिमरत कौर ने आप विधायक को बिठाकर चलाया बुलेट, देखें वीडियो

    पंजाबः हरसिमरत कौर ने आप विधायक को बिठाकर चलाया बुलेट, देखें वीडियो

    बठिंडाः जिले में आज मालवा हेरिटेज एंड कल्चर फेडरेशन की ओर से 16वां हेरिटेज मेला शुरू हो गया है। इस मौके पर सांसद बीबी हरसिमरत कौर बादल व जगरूप सिंह गिल बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। विरासत काफिले को बीबी हरसिमरत कौर बादल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

    इस विरासत कारवें के दौरान सांसद बीबी हरसिमरत कौर बादल शिरोमणि अकाली दल बादल बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार नजर आईं और बठिंडा शहर विधायक जगरूप सिंह गिल आम आदमी पार्टी भी बीबा हरसिमरत कौर बादल के पीछे बुलेट मोटरसाइकिल पर बैठी नजर आ रही हैं। इस मामले की शहर में काफी चर्चा हो रही है।

  • पंजाब: आप विधायक के करीबी ने अफसरों को कपड़े उतार कर पीटने की दी धमकी, देखें वीडियो

    पंजाब: आप विधायक के करीबी ने अफसरों को कपड़े उतार कर पीटने की दी धमकी, देखें वीडियो

    खेमकरण: आप विधायक के करीबी की सरेआम अफसरों को धमकी देने की वायरल वीडियो सामने आई है। वीडियो में आप विधायक सरवन धुन के करीबी गुरुसाहिब राजोके ने अफसरों को कपड़े उतार कर पीटने की धमकी दी है। गुरुसाहिब राजोके ने खुद को इलाके का एमएलए बताया है।

    उसने अफसरों को कहा कि अगर उसका काम नहीं किया तो वह खेमकरण के अफसरों को भिखीपिंड के तहसील के बीच कपड़े उतार कर पीटेगा। उसने अफसरों को एक हफ्ते का अल्टीमेटम दिया है। बता दें कि उक्त बात पर विवाद बढ़ता देख राजोके ने सोशल मीडिया से वीडियो डिलीट कर दी है लेकिन वायरल वीडियो में अधिकारियों को चेतावनी देना बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

  • पंजाब: नशेड़ी पति से दुखी होकर पत्नी ने तीसरी मंजिल से मारी छलांग, CCTV आई सामने

    पंजाब: नशेड़ी पति से दुखी होकर पत्नी ने तीसरी मंजिल से मारी छलांग, CCTV आई सामने

    अमृतसर: जिले में नशेड़ी पति से दुखी होकर पत्नी ने छत से छलांग लगा दी। मिली जानकारी के मुताबिक पत्नी ने अपने नशेड़ी पति से काफी दुखी थी। जिसके चलते महिला ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। स्थीनय लोगों ने बताया कि महिला का पति काफी समय से नशे का आदी थी और वह रोज नशा करके उसके साथ मारपीट करता था। जिससे दुखी होकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया और तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। महिला की दोनों टांगे टूट गईं जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसकी एक सीसीटीवी भी सामने आई है।

  • दर्दनाक सड़क हादसा : खाई में कार गिरने से चार लोगों की मौत

    दर्दनाक सड़क हादसा : खाई में कार गिरने से चार लोगों की मौत

    बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर में बड़ा हादसा हुआ है। यह दुर्घटना गुरूवार की शाम की है, जब रमाड़ी से शामा की ओर आ रही एक कार लगभग 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई वहीं दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि 3 दिसंबर को ही मटेला काफलीगैर के एक परिवार के चार लोग धौलछीना नौंगांव में हुई कार दुर्घटना में मारे गए थे वहीं गुरूवार की शाम भी रमाड़ी से शामा की ओर आ रही कार लगभग तीन सौ मीटर खाई में जा गिरी, जिसमें छह लोग सवार बताए जा रहे हैं।

    इस हादसे में दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है जबकि चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई. मरने वालों में तीन महिलाएं और एक पुरुष हैं। रमाड़ी में हुई घटना के बाद घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर दुर्घटना हुई वहां पर सड़क बरसात में ध्वस्त हुई थी तथा स्थानीय लोगों ने उस स्थान के एक किनारे पर पत्थर लगाए थे। ग्रामीणों का मानना है कि दुर्घटना का कारण क्षतिग्रस्त सड़क हो सकती है।

    गुरुवार की शाम हुई कार दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण वहां पहुंच गए परंतु दुर्गम मार्ग होने के कारण पुलिस व अग्निशमन दल को वहां पहुंचने में वक्त लगा तथा तब तक घनघोर अंधेरा हो गया। शवों के कार में फंस जाने के कारण उन्हें निकालने के लिए कार को काटना पड़ा। दुर्घटना में मारे गए वाहन मालिक दरपान सिंह कई साल पूर्व गांव को छोड़कर बिंदुखत्ता में बस चुके थे। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने वाहन खरीदा और कई सालों बाद घर आए थे लेकिन गुरूवार को दुर्घटना में मारे गए, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया।

  • शादियों के सीजन में लगातार बढ़ रहे रेट, चेक करें सोने-चांदी का भाव

    शादियों के सीजन में लगातार बढ़ रहे रेट, चेक करें सोने-चांदी का भाव

    नई दिल्‍लीः अंतराष्‍ट्रीय बाजार और भारतीय वायदा बाजार में आज, शुक्रवार 9 दिसंबर को सोने और चांदी के भावों में तेजी देखी जा रही है। मल्‍टी कमोडिटी एक्‍सचेंज पर सोने का भाव शुरुआती कारोबार में 0.14 फीसदी तेजी लिए हुए है। वहीं, वायदा बाजार में आज चांदी 0.68 फीसदी तेज हुई है। कल यानी गुरुवार को सर्राफा बाजार में सोना और चांदी तेजी के साथ बंद हुए थे।

    शुक्रवार को वायदा बाजार में 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने का भाव सुबह तक कल के बंद भाव से 73 रुपए उछलकर 54,060 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। आज सोने का भाव 53,999 रुपए पर खुला था। एक बार भाव 54,201 रुपए पर चला गया। लेकिन, जल्‍द ही भाव थोड़ा गिरकर 54,060 रुपए हो गया।

    मल्‍टी कमोडिटी एक्‍सचेंज पर आज चांदी में तेजी आई है। चांदी का भाव आज कल के बंद भाव से 456 रुपए बढ़कर 67,490 रुपए पर कारोबार कर रहा था। चांदी का रेट आज 67,362 रुपए पर खुला हुआ था। खुलते ही एक बार भाव 67,546 रुपए तक चला गया। थोड़ी देर बाद यह गिरकर 67,490 रुपए हो गया।

    अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में सोना और चांदी के भाव आज भी तेज हैं। सोने का हाजिर भाव शुक्रवार को 0.71 फीसदी चढ़कर 1,793.79 डॉलर प्रति औंस हो गया है। वहीं, अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में चांदी का भाव भी आज 2.36 फीसदी उछलकर 23.26 डॉलर प्रति औंस हो गया है। पिछले एक महीने में सोने का भाव 4.79 फीसदी चढ़ गया है। इसी तरह चांदी का रेट भी 30 दिनों में 8.12 फीसदी तक बढ़ गया है।

  • रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, ग्राहक की जलकर मौत, 2 कर्मचारी झुलसे

    रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, ग्राहक की जलकर मौत, 2 कर्मचारी झुलसे

    लखनऊ: लखनऊ के हुसैनगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में गुरुवार देर रात लगी भीषण आग में एक ग्राहक की जलकर मौत हो गई, जबकि दो कर्मचारी बुरी तरह से झुलस गए। जिनका इलाज चल रहा है। आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि कुकिंग गैस में लीकेज की वजह से आग लगी।

    जानकारी के मुताबिक जिस वक्त रेस्टोरेंट में आग लगी उस वक्त वहां कर्मचारी और एक ग्राहक भी मौजूद था। आग की चपेट में आने से ग्राहक सुधाकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे आनन-फानन में  अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस अग्निकांड में रेस्टोरेंट के दो कर्मचारी भी झुलस गए, जिनका इलाज चल रहा है। आस-पास के लोगों ने बताया कि बेस्ट बिरयानी रेस्टोरेंट से कुकिंग गैस के लीक होने की बात उन्होंने मालिक से की थी, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया. जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। फ़िलहाल फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

  • जालंधरः Kullad Pizza Couple का पड़ोसियों से विवाद का मामला, पुलिस ने दिया इतने दिनों का समय

    जालंधरः Kullad Pizza Couple का पड़ोसियों से विवाद का मामला, पुलिस ने दिया इतने दिनों का समय

    जालंधर/वरुण: महानगर में Kullad Pizza Couple कई बार फिर से विवादों में आ चुका है। वहीं हाल ही में Kullad Pizza Couple सहस और नूर का पड़ोसी विकास बत्तरा के साथ मलबे को लेकर काफी विवाद हुआ था। इस दौरान Kullad Pizza Couple की एक वीडियो वायरल हुई थी जिसमें सहज और नूर गाली-गालौच करते हुए दिखाई दे रहे थे। इस विवाद को लेकर पड़ोसियों ने थाना 4 की पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी।

    जिसके बाद थाना थाना डिवीजन 4 के एसएचओ मुकेश कुमार ने दोनों पार्टियों को इस विवाद को लेकर थाने में बुलाया था। इस दौरान थाने में भी दोनों पार्टियों ने एक दूसरे पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। थाना 4 के एसएचओ ने बताया फिलहाल दोनों पार्टियों में लिखित रजामंदी हो गई है।

    इस विवाद के बाद उन्होंने कुल्लड़ पिज्जा के मालिक सहज अरोड़ा को सिक्योरिटी गार्ड रखने के लिए कहा है और दोनों पार्टियों को इस मामले संबंधी 20 दिनों का समय दिया गया है। अगर फिर भी आने वाले 20 दिनों में इसका कोई हल नहीं निकलता, तो कानून मुताबिक बनती कार्रवाई की जाएगी।

  • पंजाबः 3 दिन के नवजात को बेचने की आरोपी गिरफ्तार, हैरान करने वाला हुआ खुलासा

    पंजाबः 3 दिन के नवजात को बेचने की आरोपी गिरफ्तार, हैरान करने वाला हुआ खुलासा

    पटियालाः जिले में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह से बरामद तीन दिन के मासूम को उसकी मां ने ही बेचा था। बेचने वाली उसकी मां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने 50 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने गिरोह के साथ चार लाख रुपये में अपने बच्चे का सौदा तय किया था। इसमें से ढाई लाख रुपये गिरोह ने महिला को दे भी दिए थे, बाकी के पैसे जल्द देने की बात हुई थी।

    इस ढाई लाख रुपये में से ही फिलहाल 50 हजार की बरामदगी पुलिस ने कर ली है। पुलिस की ओर से महिला को अदालत में पेश करके उसका दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है। इसमें और अहम खुलासे होने की उम्मीद है। आरोपी महिला की पहचान हरप्रीत कौर पत्नी मोनू निवासी संत नगर नाभा के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक महिला का परिवार आर्थिक तौर से परेशान था। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने मजबूरी में पैसों के लिए बच्चा बेचने की बात कबूली है। 

    पुलिस की ओर से मामले में पहले गिरफ्तार सातों आरोपियों को दो दिन का रिमांड खत्म होने पर दोबारा अदालत में पेश किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी ललित कुमार निवासी सुनाम जिला संगरूर, हरप्रीत सिंह निवासी गांव संगेड़ा फेरोपती जिला बरनाला, भूपिंदर कौर निवासी त्रिपड़ी पटियाला और सजीता मूल रूप से निवासी मधेपुर बिहार और हाल निवासी सुनाम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि पुलिस की मांग पर बाकी आरोपियों अमनदीप कौर निवासी आनंद नगर पटियाला, बलजिंदर सिंह निवासी गांव आलोवाल जिला पटियाला व सुखविंदर सिंह उर्फ दीप निवासी कच्ची कालोनी धनास चंडीगढ़ को दोबारा से दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

  • अब बार-बार रिजेक्‍ट नहीं होगा पीएफ क्‍लेम! पढिए नया नियम

    अब बार-बार रिजेक्‍ट नहीं होगा पीएफ क्‍लेम! पढिए नया नियम

    नई दिल्‍ली : ईपीएफ सब्‍सक्राइबर्स की एक ही शिकायत रहती है कि उन्‍हें ईपीएफ का अपना पैसे लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। उनका ईपीएफ क्‍लेम कई-कई बार रिजेक्‍ट कर दिया जाता है।  कर्मचारियों की इन्‍हीं शिकायतों को देखते हुए अब ईपीएफओ (EPFO) ने जल्‍द क्‍लेम दिलाने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इस गाइडलाइन का सभी स्‍थानीय ईपीएफओ कार्यालयों को कड़ाई से पालन करना होगा।

    ईपीएफओ की गाइडलाइन्‍स में कहा गया है कि स्‍थानीय ऑफिस ईपीएफ क्‍लेम पर जल्‍द कार्यवाही करें और समय पर क्‍लेम सदस्‍यों को दें। साथ ही वे बार-बार क्‍लेम को रिजेक्‍ट न करें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना वजह क्‍लेम को न अटकाएं. अक्सर देखने में आया है कि कर्मचारियों का कई बार पीएफ क्लेम किसी न किसी कारणवश कैंसिल हो जाता है। कर्मचारी को पैसे की जरूरत होती है, लेकिन समय पर पैसा नहीं मिल पाता और उसे परेशानी झेलनी पड़ती है। रिपोर्ट के अनुसार, ईपीएफओ ने कहा है कि जब क्‍लेम फाइल किया जाए तो उस क्‍लेम की शुरुआत में ही पूरी जांच होनी चाहिए। क्‍लेम फाइल करते वक्‍त अगर कुछ कमियां रह गई हैं तो उसे सदस्‍य को पहली बार में ही क्‍लेम रिजेक्‍ट करते वक्‍त बता देना चाहिए। अब तक होता यह है कि एक क्‍लेम कई बार अलग-अलग कारण बताकर रिजेक्‍ट कर दिया जाता है। इससे क्‍लेम मिलने में देरी तो होती ही है, साथ ही कर्मचारी को परेशानी भी होती है.तय समय में हो क्‍लेम प्रोसेस।

    ईपीएफओ की नई गाइडलाइन्‍स में कहा गया है कि फील्‍ड कार्यालय एक ही कारण से रिजेक्‍ट किए गए सभी क्‍लेम जोनल ऑफिस को समीक्षा के लिए भेजेंगे. तय समय में ही क्‍लेम को प्रोसेस किया जाएगा। अगर कोई क्‍लेम एक बार रिजेक्‍ट होने के बाद दोबारा फाइल किया जाता है तो उसे कोई और कारण बताकर रिजेक्‍ट नहीं किया जाएगा। क्‍लेम की सभी कमियां एक बार में ही क्‍लेम फाइल करने वाले कर्मचारी को अब बतानी होगी। क्‍लेम मिलने में देरी होने की लंबे समय से शिकायतें आ रही हैं. कर्मचारियों का कहना है कि ईपीएफओ के स्‍थानीय और जोनल ऑफिस क्‍लेम को प्रोसेस करने में बहुत समय लेते हैं।

  • आज का राशिफल, 9 दिसंबर 2022

    आज का राशिफल, 9 दिसंबर 2022

    मेष: नई योजना बनेगी। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। किसी विशेष क्षेत्र में सामाजिक कार्य करने की इच्छा रहेगी। प्रभाव क्षेत्र में वृद्धि होगी। निवेश शुभ रहेगा। कोई पुरानी व्याधि परेशानी का कारण बनेगी। विरोधी सक्रिय रहेंगे। कोई बड़ी समस्या से सामना हो सकता है।

    वृष: निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में तरक्की के योग हैं। व्यापार की गति बढ़ेगी। लाभ में वृद्धि होगी। प्रमाद न करें। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा मनोनुकूल लाभ देगी। लाभ के मौके बार-बार प्राप्त होंगे। विवेक का प्रयोग करें। बेकार बातों में समय नष्ट न करें।

    मिथुन: व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। निवेश शुभ रहेगा। दूसरों के काम में हस्तक्षेप न करें। चोट व रोग से बचें। सेहत का ध्यान रखें। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। लाभ में वृद्धि होगी। प्रसन्नता रहेगी। धर्म-कर्म में रुचि बढ़ेगी। कोर्ट व कचहरी के अटके कामों में अनुकूलता आएगी।

    कर्क: कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे बाद में पछताना पड़े। जोखिम न लें। बोलचाल में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। प्रतिद्वंद्विता कम होगी। शत्रु सक्रिय रहेंगे। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें।

    सिंह: हल्की हंसी-मजाक किसी से भी न करें। नकारात्मकता रहेगी। अकारण क्रोध होगा। फालतू खर्च होगा। चिंता तथा तनाव रहेंगे। बेवजह कहासुनी हो सकती है। जोखिम न लें। आंखों को चोट व रोग से बचाएं।

    कन्या: नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। शेयर मार्केट में सोच-समझ्कर निवेश करें। संपत्ति के कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं। झंझटों से दूर रहें। घर-बाहर प्रसन्नता बनी रहेगी। रोजगार में वृद्धि तथा बेरोजगारी दूर होगी। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। संचित कोष में वृद्धि होगी।

    तुला: विद्यार्थी वर्ग सफलता प्राप्त करेगा। व्यापार मनोनुकूल रहेगा। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। व्यस्तता के चलते स्वास्थ्य खराब हो सकता है। प्रमाद न करें। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। यात्रा लाभदायक रहेगी।

    वृश्चिक: घर-बाहर सहयोग प्राप्त होगा। भेंट व उपहार की प्राप्ति संभव है। बेरोजगारी दूर होगी। अचानक कहीं से लाभ के आसार नजर आ सकते हैं। किसी बड़ी समस्या से निजात मिलेगी। निवेश व नौकरी मनोनुकूल लाभ देंगे। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। मस्तिष्क पीड़ा हो सकती है।

    धनु: जल्दबाजी में कोई काम न करें। पुराना रोग परेशानी का कारण बन सकता है। कोई आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है। चिंता तथा तनाव रहेंगे। कुंआरों को वैवाहिक प्रस्ताव मिल सकता है। प्रयास सफल रहेंगे। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में उन्नति होगी। व्यापार लाभदायक रहेगा। प्रमाद न करें।

    मकर: व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। कारोबार में मनोनुकूल लाभ होगा। प्रमाद न करें। किसी भी निर्णय को लेने में जल्दबाजी न करें। भ्रम की स्थिति बन सकती है। लेन-देन में सावधानी रखें। थकान व कमजोरी महसूस होगी।

    कुंभ: प्रयास अधिक करना पड़ेंगे। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में कमी रह सकती है। दु:खद समाचार की प्राप्ति संभव है। व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा। बेवजह विवाद की स्थिति बन सकती है। दूसरों के उकसाने में न आकर महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं लें, लाभ होगा।

    मीन: जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल रहेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। शेयर मार्केट से लाभ होगा। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे। भाग्य का साथ रहेगा। सभी काम पूर्ण होंगे। जल्दबाजी न करें। कोर्ट व कचहरी में लंबित कार्य पूरे होंगे।कीमती वस्तु गुम हो सकती है। पुराना रोग उभर सकता है। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें।