Blog

  • ढह गया 600 साल पुराना किला, देखें वीडियो

    ढह गया 600 साल पुराना किला, देखें वीडियो

    सोलनः 15वीं शताब्दी में राजा बिक्रम चंद द्वारा हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के नालागढ़ में निर्मित किले का एक हिस्सा इस क्षेत्र में भारी बारिश के चलते धराशायी हो गया। बारिश से किले के पिछले हिस्से के चार कमरों को भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र में भारी बारिश होने के कारण किले के एक हिस्से के नीचे की जमीन धंस गई और इसका मलबा नीचे सडक़ पर आ गिरा। 

    गनीमत यह रही कि मलबे और पत्थरों की चपेट में कोई वाहन या व्यक्ति नहीं आया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। भूमि कटाव होने के कारण अब समूचे किले को ही बड़ा खतरा पैदा हो गया है। हादसे में किले को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हेरिटेज किले रिजॉर्ट के प्रबंधकों के अनुसार घटना 11 बजे तेज बारिश के बाद घटी, जिसमें देखते ही देखते चार कमरे ढह गए। होटल प्रबंधकों को कमरों से सामान निकालने का भी मौका नहीं मिला।

    गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त इन में कमरों में कोई नहीं ठहरा हुआ था। उल्लेखनीय है कि इस किले का निर्माण 1421 में किया गया था। इसे अब एक हेरिटेज होटल में परिवर्तित किया जा चुका है, जहां देश विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं और यहां ठहरते भी हैं। छह सौ साल से अधिक पुराने इस किले में अंतिम शासक राजा सुरेंद्र सिंह रहे। उनके बेटे विजेंद्र सिंह ने गद्दी नहीं संभाली, लेकिन वह नालागढ़ के पांच बार विधायक निर्वाचित हुए और राज्य सरकार में एक बार मंत्री भी रहे। वर्तमान में यह किला एक हरिटेज रिजार्ट है।

  • 2 दिनों तक जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया बारिश का ‘रेड’ अलर्ट

    2 दिनों तक जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया बारिश का ‘रेड’ अलर्ट

    हरिद्वार: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को उत्तराखंड के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, 13 और 14 अगस्त को उत्तराखंड में भारी बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है और संभावना जताई है कि अगले दो दिनों तक राज्य में भारी बारिश के साथ आंधी तूफान आने का खतरा है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वह घरों में ही रहे और बाहर कम से कम निकले।

    गौरतलब है कि बारिश के कारण राज्य में बाढ़ और भूस्खलन भी हो सकता है। मालूम हो कि पिछले कई दिनों से राज्य में बारिश हो रही है। कई जिले लगातार बारिश के कारण जलजमाव और बाढ़ से प्रभावित है। वहीं, आज रुद्रप्रयाग में भूस्खलन के कारण पांच तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को कहा कि उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के चौकी फाटा के अंतर्गत तारसाली में भूस्खलन के मलबे के नीचे दब गए।

    अधिकारियों के अनुसार, जब यह घटना घटी तो मारे गए लोग, जिनमें एक गुजरात का भी था, केदारनाथ जा रहे थे। अधिकारियों ने कहा कि इस घटना के कारण शुक्रवार को केदारनाथ धाम की ओर जाने वाला गुप्तकाशी-गौरीकुंड राजमार्ग भी यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया, जबकि लगभग 60 मीटर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बह गई। जानकारी के मुताबिक, राज्य के कई जिले रुद्रप्रयाग समेत पूरे प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। 

    वहीं, मौसम विभाग की ओर से राज्य के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि आईएमडी ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि आज राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

  • स्कूल गैस लीक मामले में अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज

    स्कूल गैस लीक मामले में अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज

    नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के नारायणा इलाके में बीते दिन इंद्रपुरी के निगम प्रतिभा विद्यालय के 28 छात्र स्कूल की कुछ क्लासों में ‘दुर्गंध’ से भर जाने के बाद बीमार हो गए। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के नारायणा इलाके में गैस रिसाव की संदिग्ध घटना के बाद कथित तौर पर हानिकारक दुर्गंध में सांस लेने के कारण बीमार पड़े नगर निगम स्कूल के 28 छात्रों को शुक्रवार को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। दिल्ली की मेयर शैली ओबरॉय ने कहा कि राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखी गई दो लड़कियां और अन्य छात्र ठीक हैं।

    पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 284 (जहरीले पदार्थ के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण), 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य) और 337 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्य से चोट पहुंचाना) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

    अस्पताल में बीमार छात्रों से मुलाकात करने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि ऐसा दावा किया जा रहा है कि पास में रेलवे ट्रैक से गुजर रही एक ट्रेन से गैस लीक हुई। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने एक बयान में कहा, “गैस रिसाव पास में रेलवे की पटरी पर हुआ।” एमसीडी ने कहा कि आचार्य भिक्षुक अस्पताल में भर्ती कराए गए सभी नौ छात्रों को छुट्टी दे दी गई है। वहीं, आरएमएल में भर्ती 19 छात्रों में से 15 को सुबह 11 बजकर 28 मिनट पर, जबकि चार अन्य को दोपहर 3 बजे लाया गया था।

    इससे पहले, पुलिस ने बताया कि उसे इंद्रपुरी स्थित निगम प्रतिभा विद्यालय के कुछ विद्यार्थियों के बीमार पड़ने और उन्हें उल्टी होने की सूचना मिली थी। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि शुरुआती जांच के मुताबिक,”गैस की दुर्गंध कुछ क्लास रूम में फैल गई, जिससे बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। गैस की दुर्गंध कम हो गई है, लेकिन एहतियातन सभी क्लास रूम खाली करा दिए गए हैं।” 

    ‘आप’ के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने आरएमएल अस्पताल में पीड़ित छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और कहा कि वे सभी ठीक हैं। उन्होंने बताया, डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की संभावना से इनकार किया गया है। यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि यह गैस कहां से आई, क्योंकि स्कूल में ऐसा कुछ भी नहीं था, जिससे रिसाव होता। पाठक ने कहा, ”लोग कह रहे हैं कि एक ट्रेन गुजर रही थी और संभवत: यह गैस की दुर्गंध वहीं से आई। एमसीडी की एक टीम इसकी जांच कर रही है। हमने डॉक्टरों से बात की है। बच्चों को देर शाम तक छुट्टी दे दी जाएगी।”

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरएमएल अस्पताल में पीड़ित छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि न तो छात्र-छात्राएं और न ही शिक्षक बता पा रहे हैं कि यह घटना किस कारण से हुई। सचदेवा के अनुसार, एमसीडी को इस मामले की जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में 16 विद्यार्थी थे और वे सभी ठीक हैं। भाजपा नेता के मुताबिक, छात्रों ने बताया कि वे अपनी क्लास में बैठे थे, तभी बहुत तेज दुर्गंध आई, जिससे उन्हें उल्टी हुई और वे बेहोश हो गए।

  • बड़ी राहतः अब रेलवे स्टेशनों पर भी मिलेंगी सस्ती दवाएं

    बड़ी राहतः अब रेलवे स्टेशनों पर भी मिलेंगी सस्ती दवाएं

    नई दिल्लीः केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार आम जनता को सस्ती गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए गली-मोहल्लों के बाद अब देशभर के रेलवे स्टेशनों पर भी ‘जन औषधि केंद्र’ खोलने जा रही है। प्रथम चरण में विभिन्न राज्यों के 50 रेलवे स्टेशनों को इसके लिए चुना गया है। इसके बाद सभी बड़े-प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे। जन औषधि केंद्रों पर रेल यात्री सहित आम नागरिक सस्ती दवाइयां खरीद सकेंगे। वहीं, इस कदम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। रेलवे बोर्ड ने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र (पीएमबीजेके) के तहत रेलवे स्टेशेनों पर केंद्र खोलने संबंधी नीति लागू कर दी है।

    एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेलवे स्टेशनों के परिसर में यह जन औषधि केंद्र ऐसे स्थानों पर खोले जाएंगे, जहां रेल यात्री सहित आम जनता का आवागमन हो। देशभर में 50 रेलवे स्टेशनों पर ऐसे केंद्र खोलने के लिए विशेष प्रकार के स्टॉल बनाए जाएंगे। इसकी डिजाइन राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (एनआईडी) तैयार करेगा। औषधि केंद्र ऑनलाइन टेंडर के जरिए आवंटित किए जाएंगे, जहां पर जेनेरिक दवाइयां बेची व स्टोर की जा सकेंगी। इसके पूर्व केंद्र को चलाने वाले को रसायन और उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइस ब्यूरो (पीएमबीआई) के साथ समझौता करना होगा। अधिकारी ने बताया कि केंद्रों के आवंटन में व्यक्तिगत उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

  • चिंतपूर्णी में श्रावण अष्टमी मेला के दौरान 17 से 25 अगस्त तक लागू रहेगी धारा 144 – उपायुक्त

    चिंतपूर्णी में श्रावण अष्टमी मेला के दौरान 17 से 25 अगस्त तक लागू रहेगी धारा 144 – उपायुक्त

    ऊना/सुशील पंडित :  जिला दंडाधिकारी ऊना राघव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में श्रावण अष्टमी मेला के दृष्टिगत कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला ऊना में 17 से 25 अगस्त तक धारा 144 लागू रहेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कानून एवं व्यवस्था में तैनात जवानों को छोडकर किसी भी व्यक्ति द्वारा हथियार लेकर चलने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि श्रावण अष्टमी मेला के दौरान ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए मंदिर न्यास को छोडकर अन्यों द्वारा लाऊड स्पीकर के इस्तेमाल करने पर पूर्ण मनाही रहेगी। इसके अतिरिक्त ब्रॉस बैंड़, ड्रम, लंबे चिम्टे इत्यादि के लाने पर भी पूर्ण पाबंदी रहेगी। यदि कोई व्यक्ति इन वस्तुओं को अपने साथ लाता है तो उन्हें पुलिस द्वारा स्थापित बैरियर पर ही जमा करवाना होगा। साथ ही इस दौरान पॉलीथीन के इस्तेमाल पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। खुले में और सडक किनारे लंगर लगाने पर भी प्रतिबंध रहेगा और आतिशबाजी इत्यादि की भी अनुमति नहीं होगी।उपायुक्त ने कहा कि मेलावधि के दौरान चिंतपूर्णी में तीर्थयात्री दर्शनार्थ हेतू पर्ची काउंटर पर अपना पंजीकरण करवाना अवश्य सुनिश्चित करें। बिना पंजीकरण के दर्शनों की अनुमति नहीं होगी।
  • नियमों की अवहेलना करने पर कटे 143 चालान

    नियमों की अवहेलना करने पर कटे 143 चालान

    अवैध खनन करते हुए 5 जेसीबी मशीन, एक पोकलेन से 4,25000 जुर्माना वसूला 

    ऊना/ सुशील पंडित  :  जिला पुलिस ऊना द्वारा यातायात नियमों की   अवहेलना करने पर 143 चालान काटे गए । जिनमें से 03 चालानों का मौके पर ही निपटारा करके जुर्माने के रूप में 1500/- रूपये वसूल किए गए। वहीं सार्वजनिक स्थान पर धुम्रपान करने पर 13 व्यक्तियों के चालान धुम्रपान निषेध अधिनियम के अंतर्गत किए गए व जुर्माने के रूप में 1100/- रूपये वसूल किए गए हैं।  इसी कड़ी में अवैध खनन अधिनियम के तहत अवैध खनन करने पर 05 वाहनों के चालान  कर जुर्माने के रूप में 4,25,000/- रूपये वसूल किए गए है। 
  • 1.48 ग्राम चिट्टे सहित एक काबू

    1.48 ग्राम चिट्टे सहित एक काबू

    ऊना/सुशील पंडित :  पुलिस थाना अम्ब के मुलाजमों ने 1.48 ग्राम चिट्टे सहित एक व्यक्ति को काबू किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना अम्व के मुलाजिम यातायात चैंकिग के लिए शिवपुर मुबारिकपुर में मौजूद थे तो गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी लेने पर 1.48 ग्रांम हैरोईन/चिटटा बरामद किया गया। आरोपित व्यक्ति की पहचान अफताव हुसैन पुत्र सगली अली निवासी कुठेड़ा खैरला, तहसील अम्ब जिला ऊना के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत थाना अम्व में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
  • 5.07 ग्राम चिट्टे सहित दो काबू

    5.07 ग्राम चिट्टे सहित दो काबू

    ऊना/सुशील पंडित :  जिला पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर के दिशा निर्देशों पर नशे में संलिप्त लोगों पर जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्रवाई की जा रही है। उप पुलिस अधीक्षक मोहन रावत की अगुवाई में एसएचओ हरोली सुनील संख्यान के नेतृत्व में पुलिस मुलाजमों ने 5.07 ग्राम चिट्टे सहित दो युवकों को काबू कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार यातायात चैंकिग के लिए पुलिस हिमाचल पंजाब के बॉर्डर पर गांव पंडोगा वनखंडी में मौजूद थे तो गुप्त सूचना के आधार पर एक मोटर साईकल संख्या (एचपी 23ए -9059) को जांच के लिए रोका गया। मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर 5.07 ग्रांम हैरोईन/चिटटा बरामद किया गया।  आरोपित युवकों को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपित युवकों की पहचान अशीष कुमार पुत्र रमेश चन्द निवासी कठलग डटवाड़, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर व योगराज पुत्र बृज लाल निवासी वगेटु वटवाड़ा, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि आरोपित युवकों के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत थाना हरोली में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
  • नए प्रस्तावित कानून के अनुसार फेक न्यूज फैलाने पर होगी इतने साल की सजा 

    नए प्रस्तावित कानून के अनुसार फेक न्यूज फैलाने पर होगी इतने साल की सजा 

    नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार, 11 अगस्त को लोकसभा में भारतीय न्याय संहिता विधेयक, 2023 पेश किया। प्रस्तावित विधेयक को फिलहाल  समीक्षा के लिए स्थायी समिति को भेजा गया है। इसमें कुछ ऐसे अपरधों के लिए भी सजा का प्रावधान किया गया है जिनके लिए पहले कोई विशेष कानून नहीं था। ऐसा ही एक अपराध है फेक न्यूज फैलाना।

    अब भारतीय न्याय संहिता विधेयक, 2023 के प्रस्तावों के अनुसार धारा 195 के तहत भारत की संप्रभुता और सुरक्षा को खतरे में डालने वाली ‘फर्जी खबर या भ्रामक जानकारी’ फैलाने वालों से के लिए खास प्रावधानों का जिक्र किया गया है। ऐसा करने वाले को तीन साल तक की कैद की सजा दी जाएगी। 

    धारा 195 (1) डी में लिखा है, “यदि कोई भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता या सुरक्षा को खतरे में डालने वाली झूठी या भ्रामक जानकारी फैलाता है या प्रकाशित करता है, तो उसे कारावास से दंडित किया जाएगा।  जिसे तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है। सिर्फ जुर्माना या जुर्माना या जेल दोनों की सजा हो सकती है।”

    यह अनुभाग नए प्रस्तावित बिल के अध्याय 11 के तहत ‘सार्वजनिक शांति के खिलाफ अपराधों’ के तहत ‘राष्ट्रीय एकता के लिए प्रतिकूल आरोप, दावे’ विषय के तहत शामिल है। गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लोकसभा में तीन विधेयक पेश किए जिनका उद्देश्य भारतीय नागरिकों को न्याय देना और संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों की रक्षा करना है। विधेयक पेश करते हुए शाह ने कहा कि इन तीन नए कानूनों की आत्मा नागरिकों को संविधान द्वारा दिए गए सभी अधिकारों की रक्षा करना होगा।

  • पंजाबः रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों से शव बरामद, मचा हड़कंप

    पंजाबः रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों से शव बरामद, मचा हड़कंप

    लुधियाना: लाडोवाल-लुधियाना से बड़ी खबर सामने आई है। जहां आज रेलवे ट्रैक के निकट झाड़ियों से गला सड़ा शव बरामद हुआ। लाश मिलने के कारण आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना जीआरपी की पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने रेलवे ट्रैक के निकट झाडियों से गला सड़ा शव बरामद कर कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया। हालांकि मृतक की पहचान नहीं हो पाई।

    मामले की कार्रवाई कर रहे जांच अधिकारी ने बताया कि सुबह उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक नंबर 377 किलोमीटर के निकट झाडियों से शव बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि शव चार से पांच दिन पुराना लग रहा है। पुलिस को मृतक के पास से कोई दस्तावेज या मोबाइल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आस पास के इलाकों में उसकी पहचान कोई लेकर जांच की जा रही है।